Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 223 -
होम ब्लॉग पेज 223

IPL 2023 : वानखेड़े में चमका सूर्य, मुंबई इंडियन्स सात विकेट से जीती

मुंबई। मुंबई इंडियन्स ने सूर्यकुमार यादव (35 गेंद, 83 रन) और नेहाल वढेरा (34 गेंद, 52 रन) के आतिशी अर्द्धशतकों से मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को छह विकेट से रौंद दिया।

आरसीबी ने फाफ डु प्लेसिस (41 गेंद, 65 रन) और ग्लेन मैक्सवेल (33 गेंद, 68 रन) के अर्द्धशतकों की मदद से मुंबई के सामने 200 रन का विशाल लक्ष्य रखा, लेकिन सूर्यकुमार और वढेरा की जोड़ी ने 16.3 ओवर में ही मुंबई को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

मैक्सवेल-डु प्लेसिस ने आपस में 120 रन जोड़कर आरसीबी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था, लेकिन 15वें ओवर तक दोनों के आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक (18 गेंद, 30 रन) भी टीम को 200 रन के पार नहीं ले जा सके।

सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने 21 गेंद पर 42 रन की पारी खेलकर मुंबई को विस्फोटक शुरुआत दिलाई जिसने आने वाले बल्लेबाजों के लिए काम आसान कर दिया। किशन का विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए वढेरा के साथ 140 रन की नाबाद साझेदारी कर मुंबई को जीत के करीब पहुंचा दिया। मुंबई जब जीत से आठ रन दूर थी तब सूर्यकुमार और टिम डेविड लगातार गेंदों पर आउट हो गये, लेकिन वढेरा ने 17वें ओवर में छक्का जड़कर अपना अर्द्धशतक भी पूरा किया और मुंबई को जीत भी दिलाई।

मुंबई (12 अंक) इस जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गई है, जबकि इस बड़ी हार के बाद आरसीबी (10 अंक) सातवें स्थान पर चली गई है। आरसीबी ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली और अनुज रावत के विकेट 16 रन पर ही गंवा दिये। डु प्लेसिस को पहले ओवर में जीवनदान मिला और उन्होंने इसका फायदा उठाकर मैक्सवेल के साथ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में 56 रन जोड़ लिए। मैक्सवेल ने इस साझेदारी में अग्रणी भूमिका निभाते हुए 25 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया, जबकि डु प्लेसिस ने भी 30 गेंद पर पचासा जड़कर कुछ देर में गति पकड़ ली।

इस साझेदारी के आगे मुंबई के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज पीयूष चावला भी बेअसर नज़र आए और उन्होंने अपने चार ओवर 41 रन देकर बिना किसी विकेट के समाप्त किए। मैक्सवेल-डु प्लेसिस ने तीसरे विकेट के लिए कुल 120 रन की साझेदारी की, जिसे जेसन बेहरेनडॉर्फ ने 13वें ओवर में मैक्सवेल को आउट करके तोड़ा।

मैक्सवेल ने 33 गेंद पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन बनाकर आरसीबी को मजबूत स्थिति में डाल दिया, हालांकि अगले दो ओवरों में महिपाल लोमरोर और डु प्लेसिस के विकेट गिरने से पारी धीमी पड़ गई। डु प्लेसिस 41 गेंद पर पांच चौकों और तीन छक्कों के साथ 65 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पिछले मैच के अर्द्धशतक-वीर लोमरोर एक रन का योगदान ही दे सके।

एक समय पर लग रहा था कि आरसीबी मुंबई के सामने 210-220 रन का लक्ष्य रखेगी। कार्तिक ने 18वें ओवर में कुमार कार्तिकेय के खिलाफ 15 रन भी जोड़े, लेकिन जॉर्डन ने 19वें ओवर में मात्र आठ रन देते हुए कार्तिक का बहुमूल्य विकेट लिया। युवा गेंदबाद आकाश मधवल ने आखिरी ओवर में सिर्फ छह रन देते हुए आरसीबी को 199/6 के स्कोर पर रोक दिया। बेहरेनडॉर्फ ने चार ओवर में 36 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट चटकाये, जबकि कैमरन ग्रीन (दो ओवर, 15 रन) और कार्तिकेय (चार ओवर, 35 रन) को एक-एक सफलता हासिल हुई।

किशन ने पहली गेंद से ही आक्रामकता दिखाते हुए मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाई। कप्तान रोहित शर्मा की असफलता के बावजूद किशन ने उनके साथ पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। रोहित आठ गेंदों पर सात रन ही बना सके, लेकिन किशन ने 21 गेंद पर चार चौकों और चार छक्कों के साथ 42 रन बनाये। वानिंदू हसरंगा ने पांचवें ओवर में दोनों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।

किशन का विकेट लेकर हालांकि आरसीबी को क्षणिक राहत ही मिल सकी। वढेरा ने अगले ही ओवर में छक्का जड़कर अपने हाथ खोले, जबकि सूर्यकुमार ने अगले ओवर में चौका लगाया। साझेदारी पनपती देख कप्तान डु प्लेसिस ने गेंद हसरंगा को सौंपी लेकिन सूर्यकुमार और वढेरा ने उन्हें भी एक-एक छक्का जड़कर 11वें ओवर में 15 रन जोड़ लिए।

इस जोड़ी के पिच पर पांव जमा लेन के बाद मुंबई की पारी कहीं नहीं रुकी। सूर्यकुमार ने 26 गेंद पर अपना अर्द्धशतक पूरा करने के बाद पारी की रफ्तार बढ़ा दी और आउट होने से पहले 35 गेंद पर सात चौकों और छह छक्कों के साथ 83 रन बनाये। सूर्यकुमार ने वढेरा के साथ 70 गेंद पर 140 रन की साझेदारी की जिसने आरसीबी की जीत की सभी उम्मीदें समाप्त कर दीं।

पारी के 16वें ओवर में सूर्यकुमार और टिम डेविड लगातार गेंदों पर आउट हो गये, लेकिन वढेरा ने अगले ओवर में छक्का लगाकर मुंबई को जीत दिलाई। वह 34 गेंद पर चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 52 रन बनाकर नाबाद रहे।

अल-कादिर ट्रस्ट मामले में इमरान खान की गिरफ्तारी कानूनी : हाईकोर्ट

इस्लामाबाद। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने मंगलवार को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी को कानूनी करार दिया हैं।

उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आमेर फारूक ने इमरान खान को अदालत के परिसर से दिन में गिरफ्तार करने के लिए रेंजर्स के कदम पर उठाए गए सवाल के जवाब में यह बात कही। न्यायालय ने अदालत की अवमानना ​​को लेकर इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक और गृह सचिव को भी नोटिस जारी किया है।

मुख्य न्यायाधीश ने उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार को पूर्व प्रधानमंत्री की गिरफ्तारी की परिस्थितियों के दौरान मौजूद वकीलों के साथ मारपीट और अदालत की इमारत को क्षति पहुंचाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। उन्होंने रजिस्ट्रार को जांच कर 16 मई तक रिपोर्ट देने का भी निर्देश दिया।

जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार इमरान खान को अल कादिर ट्रस्ट मामले में मंगलवार को उच्च न्यायालय के परिसर के अंदर गिरफ्तार किया गया था जब वह दो मामलों में अदालत में पेश हुए थे।

रिपोर्ट के अनुसार इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पीटीआई समर्थकों ने राजधानी इस्लामाबाद, लाहौर, पेशावर और कराची सहित देश भर के शहरों में सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया हैं।

पाकिस्तान में हिंसा के मद्देनजर फेसबुक, ट्वीटर और यूट्यूब पर रोक

इस्लामाबाद। पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (पीटीए) ने गृहमंत्रालय की सिफारिश पर देश भर में हो रहे हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब सहित लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आज सुबह हुई गिरफ्तारी के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। इमरान खान की गिरफ्तारी ने पूरे देश में व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं कानून व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर गृह मंत्रालय चिंतित है।

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि भड़काऊ संदेशों, अफवाहों और आगजनी को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बंद करने का निर्णय लिया गया है। सोशल मीडिया संदेश तनावपूर्ण स्थिति को बढ़ा सकते है। अधिकारियों को उम्मीद है कि फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर अस्थायी रोक से गलत सूचना के प्रसार नहीं हो सकेगा।

सबगुरु राशिफल : 10 मई बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। ज्येष्ठ मास, कृष्ण पक्ष, पंचमी तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2080, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 01.49 बजे बाद षष्ठी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज का दिन सब तरह से सुखमय बीतेगा। परिवारजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे। शारीरिक स्वस्थता तथा मानसिक प्रफुल्लितता का अनुभव होगा। नौकरी करने वालों को साथी कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। मायके से आपको अच्छे समाचार मिलेंगे। धनलाभ होगा। अधूरे कार्य आज पूरे होंगे।

वृषभ राशि :- आज का दिन आपके लिए शुभ है। परिवारजन, स्नेहीजन तथा मित्रों के साथ स्नेहमिलन समारोह में उपस्थित रह सकते हैं। नए कार्य का प्रारंभ करने के लिए उत्साह रहेगा, लेकिन अति उत्साह से हानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। शारीरिक तथा मानसिक स्वस्थता का भी ध्यान रखिएगा। आज धन प्राप्ति का योग बन रहा है।

मिथुन राशि :- व्यापारी वर्ग के लिए आज का दिन शुभफलदायी है। व्यापार में तथा आय में वृद्धि होगी। मित्रों से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारियों की कृपादृष्टि से आपके लिए पदोन्नति भी संभव है। विवाह इच्छुक व्यक्तियों को जीवनसाथी मिलने का योग है। परिवार में पत्नी और पुत्र से अच्छे समाचार मिलेंगे।

कर्क राशि :- इस राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ है। व्यापारियों के अपर अधिकारी खुश रहेंगे। नौकरी करने वालों के लिए पदोन्नति का योग है। परिवार में मैत्रीपूर्ण वातावरण बना रहेगा। नई साज-सजावट से घर की शोभा में अभिवृद्धि करेंगे। माता से भी लाभ मिलेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रसन्न रहेंगे। धन और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- आज का दिन आलस्य तथा थकान में बीतेगा। उग्र स्वभाव में मानसिक रूप से व्यग्रता रहेगी। पेट से सम्बंधित दर्द से परेशानी होगी। सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम अधिक करना पड़ेगा। संकटजनक विचार, वर्तन और आयोजन से दूर रहिएगा। धार्मिक यात्रा या प्रवास की योजना टलेगी। क्रोध पर संयम बरतिएगा।

कन्या राशि :- आपको आज अपने खान-पान पर विशेष रूप से ध्यान रखना होगा, वरना स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आवेश और क्रोध की मात्रा अधिक रहेगी, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दीजिएगा। साथ में वाणी पर भी संयम बरतिएगा। अनैतिक कृत्यों से दूर रहिएगा। सरकार-विरोधी प्रवृत्तियों के कारण परेशानी खड़ी न हो इसका ध्यान रखिएगा। खर्च की मात्रा बढ़ेगी।

तुला राशि :- आज व्यापारीगण व्यापार में वृद्धि कर सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में आपको सफलता और यश-कीर्ति मिलने का भी योग है। आकस्मिक धन लाभ की संभावना है। क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पुराने विवाद का हल निकालने के लिए किसी का अहसान लेना पड़ेगा।

वृश्चिक राशि :- शारीरिक तथा मानसिक रूप से आज आप व्यग्र रहेंगे। चिंताओं के कारण मानसिक भार रह सकता है, जो कि आपको मानसिक रूप से अस्वस्थ रख सकता है। परिवारजनों के साथ भी मनमुटाव होने का प्रसंग बन सकता है, जिससे घर का वातावरण बिगड़ सकता है। परिश्रम की अपेक्षा सफलता की प्राप्ति कम होने से आर्थिक संकट की चिंता रहेगी। बिना सोचे-समझे निर्णय न लें, ऐसा करना आपके लिए नुकसानदायक रहेगा।

धनु राशि :- आज आपको अपने क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पेट सम्बंधित बीमारियों की समस्या रहेगी। किसी भी कार्य में सफलता न मिलने से निराशा आने की संभावना है। साहित्य या अन्य किसी सृजनात्मक कला के प्रति रुचि रहेगी। संतानों के प्रति चिंता रहने से मन में व्यग्रता रहेगी। प्रवास को संभव हो तो टालिएगा।

मकर राशि :- आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहेगा। आज आप में स्फूर्ति का अभाव रहेगा। परिवारजनों के साथ झगड़े-टंटे के अथवा तो निरर्थक चर्चा के प्रसंग बनेंगे। इससे आप का मन व्यथित रह सकता है। अपकीर्ति, अपयश मिलने की संभावना है। निद्रा संपूर्ण न मिलने से आपका स्वास्थ्य बिगड़ेगा।

कुंभ राशि :- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके मन से चिंता का भार हल्का हो जाएगा और आप मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। साथ में शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। पारिवारिक वातावरण आनंदित रहेगा। विशेषकर भाई-बहनों के साथ संबंधों में मधुरता का अनुभव करेंगे। अविवाहित के लिए रिश्ता बनने की संभावना है।

मीन राशि :- नकारात्मक विचारों को अपने मन से हटाइएगा। क्रोध और वाणी पर संयम बरतना होगा। किसी से वाद-विवाद या झगडे-टंटे को संभव हो तो टाल दीजिएगा। खान-पान पर संयम रखिएगा। शारीरिक स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। रुका हुआ धन पाने के लिए किए गए प्रयास रंग लाएंगे। कला से धनार्जन करने की सोच रहे हैं तो निश्चित ही लाभ होगा। किसी पर आसानी से विश्वास न करें।

तखतगढ़ में बाइक शोरूम से तीन लाख की नकदी एवं डीवीआर चोरी

तखतगढ़ (पाली)। तखतगढ़ चौराहे के जालोर पर जेएम ब्रदर्स पेटोल पंप के समीप सोमवार रात को अज्ञात चोर एक बाइक शोरूम से तीन लाख की नकदी एवं डीवीआर चोरी कर ले गया। घटना के बाद तखतगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।

थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरियों की घटना का ग्राफ दिनोंदिन बढ़ रहा है। दरअसल, सुमेरपुर उपखंड के पोमावा निवासी छोगाराम पुत्र रूपीराम देवासी ने पुलिस को बताया कि तखतगढ़ चैराहे पर मेरी भाग्यलक्ष्मी मोटर्स का शो रूम संचालित है।

सोमवार शाम को शोरूम बंद करके चला गया। मंगलवार को सुबह शो रूम पर आया तो शो रूम का सामान बिखरा पड़ा। सीसीटीवी कैमरें एवं ताला टूटा पड़ा मिला। मौके से सीसीटीवी का डीवीआर भी नदारद था। तिजोरी के टूट हुए थे। बैग में 2 लाख 98 हजार रूपए भी चोरी कर ले गया। पुलिस तलाश में जुट गई है। उक्त राशि एक एग्रीमेंट के चलते रखी हुई थी।

रात पौने एक बजे प्रवेश किया

पडोसी के मकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे में रात 12 बजकर 44 मिनट पर शो रूम की तरफ आया। चोरी करके 2 बजकर 3 मिनट पर वापस चला गया। बीएसएनएल कार्यालय के पीछे की गली में एक खुले पड़े मकान से की दीवार फांदकर से शो रूम में प्रवेश किया।

कोसेलाव के मामा धणी मंदिर से 11 चांदी के छत्र चोरी

थाना क्षेत्र के कोसेलाव गांव के पीपलिया ढ़ाणी मार्ग पर दुर्गा माता एवं मामा धणी मंदिर पर छह दिन पूर्व चांदी के डेढ़ किग्रा. छत्र चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस मामले को लेकर चोरों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। कोसेलाव निवासी किरणकुमार पुत्र उमाराम माली ने रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि 2 मई को अज्ञात चोर मंदिर से 11 चांदी के चांदी के छत्र चुराकर ले गए। पुलिस तलाश कर रही है।

पिचावा के माताजी मंदिर को चोरों की गैंग पुलिस गिरफ्त से दूर

थाना क्षेत्र के पिचावा के स्थित चामुंडा माता के मंदिर के दानपात्र तोड़कर नकदी चुराने के मामले में चोरों की गैंग पुलिस की गिरफ्त से दूर है। एक सप्ताह से पुलिस साढ़े पांच साल में तीसरी बार निशाना बनाने वाली चोरों की गैंग को कर रही है। इधर, जेठाराम चौधरी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस थाना प्रभारी प्रकाश जीनगर मय दल तलाश मे जुटे हैं।

राजस्थान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की किस हरकत से अनमने हुए राहुल गांधी

माउन्ट आबू। संस्कार सिंचन के कैंप में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को कैंप के बाहर अदभुत अनुशासन हीनता देखने को मिली। उनके चेहरे के हावभाव दिखा रहे थे कि उन्हें ये अनुशासन हीनता बिलकुल पसंद नहीं आई।

राजीव गांधी पंचायत राज संस्थान की तरफ से अयोजित सर्वोदय संगम कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए कॉन्ग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी माउन्ट आबू पहुंचे। यहां पोलो ग्राउंड में करीब सुबह करीब साढ़े दस भी वे हेलीकॉप्टर से पहुंचे। यहां उतरने के बाद उन्हें कतारबद्ध कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओ मिलना था। वे उतरते ही कतार लगाए कांग्रेसियों की तरफ बढ़े।

जैसे ही राहुल गांधी कटारबद्ध कांग्रेसी नेताओं के करीब पहुंचे वैसे ही उन्हें माला पहनाने को लेकर कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं में होड़ मच गई और इस होड में कई कांग्रेसी नेता माला हाथ में लेकर उनके गले पर ही टूट पड़े। राहुल गांधी ने अपने हाथ और चेहरे की भाव भंगिमाओं के साथ उनसे कहा ऐसा मत करिए। लेकिन, एक दो लोगों को टोकने के बाद भी कतार बद्ध लोगों का यही हाल रहा।

खैर इसके बाद वे सीधे ही ग्राउंड में दूर खड़े वाहन में बैठ गए, शीशे बंद कर दिए। आगे निकलने ही वाले थे कि उनके साथ बैठे सुरक्षाकर्मियों ने जानकारी दी कि ग्राउंड के बांई तरफ भी कुछ लोग मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। जिस पर गाड़ी मुड़वाकर वेरिकेटिंग के बीच से दूर से ही बंद गाड़ी में बैठे हुए हाथ हिलाकर लोगों का अभिभादन स्वीकार किया। वे सर्वोदय प्रशिक्षण स्थल पहुंचे। वहां करीब दो तीन घण्टे वे रुके।

उनके प्रस्तावित कार्यक्रम में गहलोत सरकार के मंहगाई राहत शिविर का अवलोकन करना भी था। ऐसे में देलवाड़ा में शिविर लगाकर वहां व्यवस्थाएं की गई थीं। वहां काफी महिलाएं भी उपस्थित थीं। काफी संख्या में कार्मिक भी लगाए। लेकिन, राहुल गांधी वहां नहीं गए। पूर्व निर्धारित शाम 5.20 के टेकऑफ टाइम से तीन घण्टे पहले सवा दो बजे माउन्ट आबू से प्रस्थान कर गए।

इससे पूर्व गांधी के माउंट आबू पहुंचने पर जिला प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह चौधरी, राजस्व मंत्री सुखराम विश्नोई, जन अभाव अभियोजन समिति अध्यक्ष पुखराज पाराशर, विधानसभा पूर्व मुख्य उपसचेतक रतन देवासी, जिलाध्यक्ष जीवाराम आर्य, पूर्व विधायक लालाराम गरासिया, गंगाबेन गरासिया, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष अन्नाराम बोराणा सहित कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद वे पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित किए गए आठ दिवसीय सर्वाेदय संकल्प चिंतन शिविर के समापन समारोह स्थल पहुंचे।

सीपी जोशी ने टैक्सी ड्राइवर, कुली, वेंडर एवं नागरिकों को सभा में आने का दिया आमंत्रण

आबूरोड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को आबूरोड आ रहे हैं। पीएम मोदी के आबूरोड आगमन से पहले बीजेपी ने शहर में स्वच्छता अभियान का आगाज किया है। शहर के बस स्टैंड पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लेकर साफ सफाई की साथ ही बीजेपी नेताओं ने लोगों को स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन देश भर में व्यापक तौर पर राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में शुरू किया गया था। धूल-मिट्टी को साफ़ करने के लिए झाडू उठाकर स्वच्छ भारत अभियान को पूरे राष्ट्र के लिए एक जन-आंदोलन का रूप दिया और कहा कि लोगों को न तो स्वयं गंदगी फैलानी चाहिए और न ही किसी और को फैलाने देना चाहिए। उन्होंने न गंदगी करेंगे, न करने देंगे का मंत्र भी दिया। प्रधान मंत्री अपने प्रोग्राम मन की बात के तहत अपनी बातों और अपने कामों से स्वच्छ भारत के संदेश को लोगों का प्रयोग करके पूरे भारत और पूरी दुनिया में फैला दिया है।

जोशी ने आम जन को संदेश देते हुए कहा की स्वच्छ भारत एक ‘जन-आंदोलन’ का रूप ले चुका है क्योंकि इसे जनता का अपार समर्थन मिला है। बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी आगे आकर साफ-सुथरा भारत बनाने का प्रण किया है। स्वच्छ भारत अभियान के आरंभ के बाद गलियों की सफाई के लिए झाड़ू उठाना, कूड़े-करकट की सफाई, स्वच्छता पर ध्यान केन्द्रित करना और अपने चारों ओर स्वास्थ्यवर्धक वातावरण बनाना अब जनता की प्रकृति बन गई है। जनता ‘स्वच्छता ईश्वरत्व के निकट है’ के संदेश को फैलाने में मदद दे रही है और इस काम में शामिल हो रही है।

साथ ही आबूरोड रेलवे स्टेशन पर चाय पर चर्चा कार्यक्रम रखा गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आबू रोड में होने वाली आम सभा को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के चाय पर चर्चा हुई। चाय पर चर्चा कार्यक्रम में रेलवे स्टेशन के कुली, टैक्सी ड्राइवर, वेंडर लोकल दुकानदार, आसपास के कामगार लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

जिले के आमजन के बीच उत्साह के माहौल है। चर्चा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने जबरदस्त लोकप्रियता का परिचय दिया। विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों ने बताया कि कॉलोनियों और मोहल्लों में टोलियां बनाकर के आम जनों को आमंत्रित किया जा रहा है। चाय पर चर्चा के माध्यम से हम लोगों ने साढ़े 4 सालों के अशोक गहलोत के कुशासन पर भी बात की। आमजन में यह बात सामान्य हो चुकी है कि प्रदेश में अशोक गहलोत सरकार की विदाई तय है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार देश में चौमुखी विकास हो रहा है उसी प्रकार 2023 में राजस्थान में भाजपा सरकार बनेगी और प्रदेश का सर्वांगीण विकास होगा।

इस परिचर्चा कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी व भाजपा के साथ प्रदेश पदाधिकारी आमजन से सीधे संवाद के माध्यम से संपर्क कर रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आम सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे। इस अवसर पर प्रदेश,जिला एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

राजेन्द्र राठौड़ ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट पर साधा निशाना

आबूरोड। सचिन पायलट की प्रेस कांफ्रेंस ने मंगलवार को राजस्थान की राजनीति में हड़कंप मचा दिया। सत्ता के साथ साथ विपक्ष भी इसे लेकर सक्रिय हो गया। राजस्थान विधनसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने आबूरोड में पत्रकार वार्ता में अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों पर निशाना साधा।

राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट की मंगलवार को हुई पत्रकार वार्ता पर टिप्पणी करते हुए नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि पिछले साढ़े 4 सालों से राजस्थान में जो सरकार चल रही है उसका अंतर्विरोध खुलकर अब सड़क पर आ गया है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सचिन पायलट 11 मई से राजस्थान लोक सेवा आयोग के सामने से अपनी जन संघर्ष यात्रा की शुरुआत करने की आज घोषणा की है। राठौड़ ने कहा कि इस संघर्ष यात्रा का नाम और कांग्रेस संघर्ष यात्रा रखा जाए तो ज्यादा अच्छा है।

उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति दोनों के बीच में लगातार चलती रहे है। लेकिन भाषाई मर्यादा लांघने की ऐसी स्थिति राजस्थान के संसदीय इतिहास में कभी सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि तक सरकार के मुखिया आरोपित कर रहे हैं कि मंत्रिमंडल के लोगों और विधायकों को खरीदा गया वहीं पूर्व उप मुख्यमंत्री आरोपित कर रहे हैं कि सरकार में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस नूरा कुश्ती में राजस्थान में सिर्फ खोया है खोया है।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर सचिन पायलट के द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के संदर्भ में राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि सचिन पायलट डेढ़ साल तक मुख्यमंत्री रहे और आज भी विधानसभा के सदस्य हैं। वे कई बैठकों में भी मौजूद रहे। उन्होंने कहीं पर भी इस बात को नहीं उठाया। अब उनको याद आया कि पिछली सरकार में भ्रष्टाचार था जिसकी जांच कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने नहीं की। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार भी कांग्रेस की है और भ्रष्टाचार की जांच भी कांग्रेस को करवानी है।

उन्होंने कहा कि माथुर आयोग का हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया। खान आवंटन के मामले पर उन्होंने कहा कि उसकी जांच भाजपा सरकार ने ही करवा दी थी। इनमें से कुछ को वैध माना गया उन्हें यथावत रखा जो गलत थीं उन्हें निरस्त कर दिया गया। सचिन पायलट के द्वारा सोनिया गांधी की बजाय वसुंधरा राजे अशोक गहलोत की नेता बताने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सोच सचिन पायलट की है। इसके संबंध में उनसे ही जानकारी ली जा सकती है। वसुंधरा राजे हमारी नेता हैं। हमारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उनका और उनके परिवार का भारतीय जनता पार्टी में बहुत योगदान रहा है।

भाजपा महामंत्री भजनलाल शर्मा ने आबूरोड में पत्रकार वार्ता करके बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर काफी उत्साह से ज्यादा ज्यादा संख्या आने की हमें आशा है। उन्होंने बताया कि 130 गुना 650 फीट के तीन पांडाल बनाए हैं। लेकिन इससे भी स्थान कम लगा तो हमने खाली जगह पर 5 अतिरिक्त पांडाल भी लगाए हैं। 40 बाय 60 का 8 फुट ऊंचा मंच है। अत्यधिक गर्मी को देखते हुए वहां कूलर और पानी के फव्वारे की व्यवस्था भी की है।

उन्होंने कहा कि हमारे तीनों जिलों के पदाधिकारी सांसद, विधायक, जन प्रतिनिधि इसके लिए काफी तैयारी कर रहे हैं। जनता का प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर काफी आकर्षण हैं। उन्होंने कहा कि आबूरोड की धरती पर दूसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।

तखतगढ़ : बुजुर्ग ने नगरपालिका कर्मचारी की मिलीभगत से फर्जी पट्टा बनाने का लगाया आरोप

तखतगढ़(पाली)। कस्बे के महावीर बस्ती हाल जालोर के हरजी निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग ने नगरपालिका के एक कार्मिक की मिलीभगत कर स्वामित्व के भूखंड का फर्जी कागजातों से पट्टा बनाने का आरोप लगाया है।

सुमेरपुर न्यायालय मे इस्तगासे पालिका कर्मी समेंत सात सदस्यों ने खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि महावीर बस्ती हाल हरजी निवासी पूनाराम चेनाराम कालबेलिया ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसने अपने काका के बेटे भाई का लडके जसाराम पुत्र प्रतापराम जाति कालबेलिया निवासी तखतगढ़ को रहने के लिए दिया था। जिस समय से उक्त मकान में जसाराम ही निवास कर रहा था।

जसाराम के मन में खोट आ जाने से उक्त मकान का पट्टा स्वयं के नाम से बनाने के लिए एक फर्जी पट्टा बनाने की पत्रावली तैयार कर स्टाम्प वगैरा खरीद कर नोटेरी से तस्दीक करवा कर दिनांक 12 सितबंर को नगरपालिका तखतगढ़ में जमा करवाई गई। उक्त पत्रावली के साथ फर्जी स्टाम्प पेपर, फर्जी सहमति पत्र, फर्जी मकान का फोटो, फर्जी विद्युत बिल व अन्य समस्त फर्जी दस्तावेज के साथ में पत्रावली नगरपालिका में जमा करवाई गई।

उसके बाद में नगरपालिका तखतगढ़ द्वारा प्रशासन शहरों के संग अभियान में पट्टा क्रमांक/न.पा.त/ प्र.श.सं.अ. /69-ए/ 2022-23/1559 दिनांक 10 अप्रेल का 1333 वर्गफीट का पट्टा जसाराम पुत्र प्रतापराम ने अपने नाम से जारी करवाया। जिस पट्टे पर अधिशाषी अधिकारी व अध्यक्ष नगरपालिका तखतगढ़ के हस्ताक्षर हैं। अर्थात जसाराम ने नगरपालिका तखतगढ़ में कार्यरत कर्मचारी रमेशनाथ के साथ में मिली भगत कर सांठ-गांठ कर परिवादी के मकान को स्वयं का मकान बताकर फर्जी दस्तावेज पत्रावली के साथ पेश कर जसाराम पुत्र प्रतापरा, सादगीदेवी, लच्छाराम, कालुराम, पप्पु, जगमाल कुमार ने अपना पुश्तैनी प्लॉट बताते हुऐं गलत तरीके से सहमति पत्र जसाराम के पक्ष में जारी किए।

पालिकाकर्मी रमेशनाथ ने नगरपालिका तखतगढ़ के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर परिवादी के मकान को हड़प करने की नियती से फर्जी तरीके से पट्टा बनाया गया। रिपोर्ट मे बताया कि नगरपालिका तखतगढ़ में पट्टा नहीं बनाने का प्रार्थना पत्र दिनांक 17 अप्रेल को पेश किया था। उसके बावजूद परिवार के सदस्यों व नगरपालिका तखतगढ़ के कर्मचारी रमेशनाथ द्वारा मिलीभगती कर परिवादी के आवासीय मकान का पट्टा पिछली तारीख का जारी करवा दिया।

जबकि पट्टा जारी करने से पूर्व भी आपत्ति परिवादी द्वारा फरवरी 2023 में दी थी। रिपोर्ट में बताया कि आवासीय मकान मय भूखण्ड का फर्जी तरीके से पट्टा बनाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कवराड़ा में गुलाबदास महाराज के जीवित समाधी स्थल पर दो दिवसीय समारोह 11 से

तखतगढ़ (पाली)। समीपवर्ती कवराड़ा में गुलाबदास महाराज के जीवित समाधी स्थल पर दो दिवसीय समारोह का 11मई से आगाज होगा।

मिनी रूणेचा के नाम से विख्यात कवराड़ा के बाबा रामदेव मंदिर के प्रागंण में गुरूवार की शाम को भजन संध्या में सुमेरपुर के कलाकार दलपत चौहान एण्ड पार्टी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। मारू कुम्हार समाज सिलावटी सोताला मारवाड़ के तत्वावधान में 12 मई को वरघोड़ा निकाला जाएगा। तत्पश्चात मेला एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा।

इस मौके पर थावला मठ (मादा भाखरी) के सुखदेवभारती महाराज एवं कंवला मठ के हेमशाही के हरीपुरी एवं कवराड़ा के लक्ष्मण गिरी एवं गजेन्द्रसिंह,सरपंच जैसाराम मीना, लादूसिंह सिंदल सहित अन्य अतिथियों का सान्निध्य रहेगा। दो दिवसीय आयोजन को लेकर तखतगढ़ सहित आस-पास के परगने में पत्रिका से न्यौता देने के लिए आयोजक कुमावत समाज सेवा मंडल कवराड़ा के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। इस मौके पर महाआरती का आयोजन होगा।