Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 252 -
होम ब्लॉग पेज 252

शिअद के कद्दावर नेता एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का निधन

मोहाली। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के कद्दावर नेता एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार रात यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

बादल ने 8.20 बजे आखिरी सांस ली। वह 95 वर्ष के थे। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने पर लगभग एक हफ्ता पहले यहां फाेर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे।

बादल की पत्नी सुरिंदर कौर का 75 वर्ष की उम्र में 24 मई 2011 को निधन हो गया था। वह कैंसर से पीड़ित थीं। बादल का जन्म आठ दिसम्बर 1927 को पंजाब के छोटे से गांव अबुल खुराना के जाट सिख परिवार में हुआ था। शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल उनके बेटे हैं। वह पंजाब के उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं। बादल की बहू एवं सुखबीर बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के पिछले कार्यकाल में मंत्री भी रह चुकी हैं।

बादल ने देश की आजादी के समय 1947 से राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने सबसे पहले सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उस समय वह सबसे कम उम्र के सरपंच बने थे। वर्ष 1957 में उन्होंने पहला विधानसभा चुनाव जीता था। वर्ष 1969 में वह दोबारा विधायक बने और 1969-70 में पंचायतीराज, पशु पालन, डेयरी आदि मंत्रालयों के मंत्री रहे।

वह 1970-71, 1977-80 और 1997-2002 में तथा इसके बाद एक मार्च 2007 से 2017(दो बार) यानि कुल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। वह वर्ष 1972, 1980 और 2002 में विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे थे। बादल केंद्र में प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई सरकार में सांसद एवं मंत्री भी रहे।

बादल 2022 में विधानसभा का चुनाव हार गए थे। यह उनके राजनीतिक जीवन की पहली हार थी। वह अधिक उम्र के कारण चुनाव लड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन बेटे सुखबीर बादल के आग्रह और पंजाब में शिअद की कमजोर स्थिति को देखते हुए वह चुनाव मैदान में उतरे। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ने वाले वह सबसे अधिक उम्र के उम्मीदवार थे। इसके बाद वह राजनीतिक तौर पर निष्क्रय हो गए थे।

प्रकाश सिंह बादल का निधन मेरे लिए ‘व्यक्तिगत क्षति: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल के संस्थापक नेता प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताते हुए इसे ‘व्यक्तिगत क्षति’ बताया और कहा कि उन्होंने ना सिर्फ पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किए, बल्कि देश के विकास में भी बहुत योगदान दिया।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि प्रकाश सिंह बादल के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति के एक विशाल व्यक्तित्व और एक उल्लेखनीय राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास में बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया और महत्वपूर्ण समय के दौरान राज्य को नेतृत्व दिया।

बादल के निधन को ‘व्यक्तिगत क्षति’ बताते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने कई दशकों तक उनके साथ निकटता से बातचीत की है और उनसे बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि मुझे हमारी कई बातचीत याद है, जिसमें उनकी बुद्धिमत्ता हमेशा स्पष्ट रूप से झलकती थी। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।

सोमनाथ मंदिर में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने किए दर्शन

सोमनाथ। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को गुजरात के विश्वविख्यात सोमनाथ मंदिर में सपत्नीक दर्शन किए। उन्होंने कहा कि दर्शन का अलौकिक पुण्य प्राप्त कर मन शिवमय है। मान्यता है कि भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में यहां प्रथम ज्योतिर्लिंग स्थापित हैं, जिनके दर्शन मात्र से सारे पाप नष्ट हो जाते हैं। शेखावत ने कहा कि देवाधिदेव सभी प्राणियों को शिवत्व प्रदान करें।

‘सौराष्ट्र-तमिल संगमम’ में हुए शामिल

केंद्रीय मंत्री शेखावत ‘सौराष्ट्र-तमिल संगमम’ के अंतर्गत “इंटरेक्शन विद लीडर्स” नामक कार्यक्रम में शामिल हुए और केंद्र सरकार की क्रांतिकारी नीतियों से आ रहे सुंदर परिवर्तन पर विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के कांसेप्ट की महत्ता को समझाने का प्रयास किया। शेखावत ने कहा कि सोमनाथ में इस अनूठे सांस्कृतिक मेलजोल के कार्यक्रम में शामिल होकर हार्दिक प्रसन्नता हुई। एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करता यह आयोजन विविधता में एकता की भावना का प्रसार करता है।

इससे पहले, शेखावत ने तमिलनाडु से आए सांस्कृतिक-सामाजिक प्रतिनिधियों का वेरावल रेलवे स्टेशन पर स्वागत भी किया। ये अतिविशेष अतिथि एक स्पेशल ट्रेन से आए थे।

राज्य की कांग्रेस सरकार राहत शिविरों की नौटंकी कर रही है : सीपी जोशी

अजमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने आज कहा कि राज्य की वर्तमान कांग्रेस सरकार राहत शिविरों की नौटंकी कर रही है।

अजमेर में भाजपा की ओर से जन आक्रोश महाघेराव सभा को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि झूठे वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस अब चुनावी मौके पर राहत शिविर की नौटंकी के जरिए एकबार फिर सत्ता हथियाने के मूड में है, लेकिन प्रदेश की जनता कांग्रेस के मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने साढ़े चार साल के दौरान किसानों का कर्जा माफ नहीं होने, बेरोजगारों को भत्ता नहीं मिलने तथा अन्य चुनावी वादे पूरे नहीं करने के आरोप लगाते हुए कहा कि साढ़े चार साल तक सोने वाली यह सरकार अब वोटों के लिए जाग रही है।

उन्होंने अजमेर के संदर्भ में केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी के पैसों का सरकारी दफ्तरों के निर्माण का आरोप लगाया और कहा कि अजमेर की जनता पेयजल समस्या से ग्रसित है। कांग्रेस के राज में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिला अत्याचार के मुद्दे सिर उठाते रहे और इस गूंगी भैरी सरकार को कुछ दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने तक चौन की नींद नहीं सोएगी और जनहित में उन्हें भी नहीं सोने देगी।

जोशी ने कलेक्टर अंशदीप को राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम का ज्ञापन दिया। उसके बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मैने अपने जीवन में राजस्थान लोकसेवा आयोग में पहली बार भ्रष्टाचार देखा है जो कि सभी के लिए दुखदाई है।

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की रीट पेपर लीक परीक्षा के बाद बोर्ड अध्यक्ष डीपी जारोली के टिप्पणी जिसमें उन्होंने कहा कि मैं तो मोहरा हूं इसकी कमान ऊपर तक जाती है, से स्पष्ट है कि सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है।

इससे पहले सूचना केंद्र से जन आक्रोश सभा कर महाघेराव के तहत कलेक्ट्रेट पहुंची रैली को कलेक्ट्रेट पर बेरिकैडस लगाकर रोका गया तो भाजपा कार्यकर्ता खासकर युवा मोर्चा आक्रोशित हो गया और कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए।

पुलिस ने कार्यकर्ताओं द्वारा धक्का मुक्की एवं बैरिकेडिंग गिराने के बाद कुछ को साथ ले गई। आज के जन आक्रोश महाघेराव में सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, सुरेश सिंह रावत, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, ओंकार सिंह लखावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, संभाग प्रभारी प्रसन्नचंद मेहता सहित अनेक भाजपाई उपस्थित रहे।

भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ जबरदस्त जन आक्रोश : राठौड

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने भाजपा के जन आक्रोश महाघेराव को फ्लॉप शो करार देते हुए कहा कि देश में भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ जबरदस्त जन आक्रोश है।

अजमेर में आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए राठौड़ ने भाजपा की केंद्र सरकार पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया और कहा कि पूरा देश कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के खिलाफ विरोधी लहर पैदा करने की कोशिश नाकामयाब होगी और आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी मामलों में देश में राजस्थान पहले नंबर पर है और वर्तमान में महंगाई राहत शिविर के जरिए दस जनकल्याणकारी योजना के माध्यम से गरीब वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है जिससे भारतीय जनता पार्टी हैरान व परेशान हैं। उन्होंने भाजपा पर अंतर कलह का भी आरोप जड़ा और कहा कि वहां मुख्यमंत्री के अनेक नेता दावेदार है।

महंगाई से राहत दिलाने का संकल्प होने लगा साकार : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश में चल रहे महंगाई राहत शिविरों के माध्यम से लोगों को महंगाई से राहत मिलने लगी है और इससे उनका महंगाई से राहत दिलाने का संकल्प साकार होने लगा है।

गहलोत मंगलवार को जयपुर ग्रामीण क्षेत्र का दौरा कर महंगाई राहत कैंपों का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने ग्राम पंचायत कालाडेरा,पचकोड़िया, भोजपुरा कलां एवं कालवाड़ में महंगाई राहत कैंपों का अवलोकन कर कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने पात्रता अनुसार योजनाओं में लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन करवाकर मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड सौंपे। इस दौरान लोगों ने जनहितैषी योजनाओं से मिल रही राहत के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कैंप में प्रशासन गांवों के संग अभियान और योजनाओं पर आधारित स्टॉल्स का भी अवलोकन किया। वहां उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर महंगाई राहत कैंपों में अधिकाधिक पंजीकरण करवाकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपील की। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि 500 रुपए में गैस सिलेंडर तथा 100 और 2000 यूनिट तक निःशुल्क बिजली से राहत मिलेगी।

पचकोडिया में संवाद के दौरान एक बुजुर्ग लाभार्थी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि ‘अब मानहें खुशी मिली है। वहीं मुख्यमंत्री ने दिव्यांग सोहन लाल वर्मा की स्थिति देखते हुए नियमानुसार डेयरी बूथ आवंटन और योजनाओं से आमजन को तुरंत लाभ पहुंचाकर राहत प्रदान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

गहलोत ने कालाडेरा में जनसभा को संबोधित किया और कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी सोच और निर्णयों से राजस्थान में अभूतपूर्व विकास हुआ है। सरकार की ‘आपका पैसा आपके लिए’ की सोच के साथ संचालित योजनाओं से हर वर्ग को राहत मिल रही है। महंगाई के दौर में राहत का दायरा बढ़ाकर योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से ‘महंगाई राहत कैंप’ लगाए जा रहे हैं। कैंपों में पंजीयन से आमजन को लम्बे समय तक राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई राहत कैंपों के माध्यम से लगभग एक करोड़ लोगों को न्यूनतम एक हजार रुपए प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसानों को दो हजार यूनिट, घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देकर महंगाई से राहत दी जा रही है। साथ ही निरोगी राजस्थान के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख रुपए का निःशुल्क ईलाज, 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा, महात्मा गांधी नरेगा योजना में 25 दिन का अतिरिक्त रोजगार तथा कथौड़ी, सहरिया और विशेष योग्यजन को 100 दिवस का अतिरिक्त रोजगार और इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में 125 दिन रोजगार मिलने से आमजन का संबल मिलेगा।

गहलोत ने कहा कि पशुपालकों को लम्पी रोग से मृत दुधारू पशुओं के लिए प्रति गाय 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना के तहत प्रति पशुपालक अधिकतम 2 दुधारू पशुओं का 40-40 हजार रुपए का बीमा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के दायरे में आने वाले लाभार्थियों को हर माह निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट मिलेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में राजस्थान मॉडल स्टेट बना है।

गहलोत ने कहा कि महंगाई से राहत देने वाली योजनाओं से आमजन को आर्थिक संबल मिला है, उनकी बचत में बढ़ोतरी हुई है। इस बचत का उपयोग अपने बच्चों का भविष्य निखारने तथा उनके अच्छे पालन-पोषण में कर सकेंगे। बढ़ी पेंशन से बुजुर्गों को सम्मान मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि केंद्र सरकार को भी राजस्थान की तरह योजनाओं को पूरे देश में लागू करना चाहिए, जिससे हर जरूरतमंद को 25 लाख रुपए का चिकित्सा बीमा, एक समान सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त हो सकें। इस प्रकार की योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक नागरिक को मिलना चाहिए।

नारद सम्मान : विश्व संवाद केंद्र ने पत्रकारों से आमंत्रित की प्रविष्टियां

0

जयपुर। पत्रकार जगत में देवर्षि नारद को आदि पत्रकार माना जाता है। पूरे भारत के विश्व संवाद केन्द्र नारद जयंती को पत्रकार दिवस के रूप में मनाते हैं। इस दिन पत्रकारिता के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे पत्रकारों को ‘नारद सम्मान’ से सम्मानित किया जाता है। विश्व संवाद केन्द्र जयपुर ने 2011 में इसकी शुरुआत की। इस बार यह कार्यक्रम 7 मई को अलवर में आयोजित होगा।

विश्व संवाद केन्द्र के डॉ. ईश्वर बैरागी ने बताया कि नारद सम्मान के लिए उन सभी पत्रकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं, जो जयपुर प्रांत में पत्रकारिता करते हुए राष्ट्रीयता, सामाजिक जीवन, समरसता या पर्यावरण जैसे विषयों को प्रभावी रूप से उठाते रहे हैं।

पत्रकारिता का क्षेत्र प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक चैनल, न्यू मीडिया हो सकता है। विद्यार्थी पत्रकार भी इसके लिए अपनी प्रविष्टिया भेज सकते है। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट पत्रकारिता से अपनी पहचान बनाने वाले पत्रकार का नाम किसी अन्य के द्वारा उसके कार्य बताते हुए सुझाया भी जा सकता है।

प्रविष्टियां 3 मई तक ली जाएंगी। आवेदनकर्ता अपना आवेदन गुगल फार्म द्वारा कर सकते है। गुगल फार्म का लिंक एवं विश्व संवाद केंद्र जयपुर की वेबसाइट www.vskjaipur.org एवं विश्व संवाद केंद्र के ट्विटर हैंडल एवं फेसबुक पेज पर उपलब्ध है।

रेलवे ने दी ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ योजना के नियमों में लाभदायक छूट

अजमेर। स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा और लघु उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई एक स्टेशन एक उत्पाद योजना को और लाभदायक बनाने के लिए रेल प्रशासन द्वारा इसकी स्थापना व आवंटन के नियमों मे शिथिलता प्रदान की है।

पूर्व में सभी स्टेशनों पर स्टाल आवंटन के लिए 15 दिन के 1000 रुपए लाइसेंस फीस ली जा रही थी। अब बड़े स्टेशनों पर लाइसेंस फीस वही रखी गई है लेकिन छोटे स्टेशनों पर इसे घटाकर 500 रुपए प्रति 15 दिन कर दिया गया है। वर्तमान में यह स्टाल 15 दिनों के लिए आवंटित की जा रही थी जिसे अब 3 माह के लिए आवंटित किया जा सकेगा। सभी स्टेशनों हेतु उत्पाद निर्धारित किए गए हैं। यदि इन उत्पादों से संबंधित स्टॉल संचालक उपलब्ध नहीं होते हैं तो इन उत्पादों को बदलकर अन्य उत्पाद की स्टॉल का भी आवंटन किया जा सकेगा। स्टॉल रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। आवंटन हेतु संबंधित स्टेशन अधीक्षक से संपर्क करना होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विवेक रावत के अनुसार नियमों मे यह शिथिलता स्टॉल संचालकों की सुविधा व लाभ के मद्देनजर की गई है ताकि वे इस योजना के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों की बिक्री कर सकें। मण्डल के रेलवे स्टेशनों पर लगाई गई एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल दूरदराज से आने वाले रेलयात्रियों को लगातार आकर्षित कर रही हैं। जहां यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर संबंधित क्षेत्र के प्रसिद्ध उत्पाद यात्रा के दौरान ही आसानी से मिलने लगे हैं, वहीं उत्पादकों की भी बिक्री होने लगी है।

रेल प्रशासन द्वारा स्थानीय स्वदेशी उत्पादकों को बाजार उपलब्ध करवाने की दृष्टि से यह योजना शुरू की गई है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों लोकल उत्पादों की बिक्री हेतु आउटलेट/स्टॉल, क्योस्क का आवंटन संबंधित रेलवे स्टेशन पर किया गया है। ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत प्रत्येक स्टॉल पर संबंधित स्टेशन के लोकल उत्पाद जैसे हस्तशिल्प कलाकृतियां, निर्माण व कपड़ा संबंधित उत्पाद, हैंडीक्राफ्ट व खाद्य उत्पाद इन स्टॉल्स पर उपलब्ध कराए गए है।

अजमेर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर निर्धारित किए गए उत्पादों में गुलाब जल, गुलकंद, पिछोई चित्रकारी मेहंदी, मिठाई चॉकलेट, मिर्ची का अचार, हस्तकला के आइटम्स, बर-बांस उत्पाद/मिर्चीबड़ा, लकड़ी के खिलौने, कचोरी, मिट्टी के बर्तन, कपड़ा उत्पाद, पापड़, फास्ट फूड आइटम्स, कढ़ाई आइटम, मार्बल उत्पाद, छाते, कृत्रिम आभूषण, सजावटी आइटम, आम का अचार, बेकरी उत्पाद, पापड़ भुजिया, हस्तशिल्प/लकड़ी के खिलौने, चमड़े की जूतियां, पेंटिंग आदि शामिल है।

अशोक गहलोत की सोच समाज को आगे बढ़ाने की है : मुमताज मसीह

अजमेर। राजस्थान स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केंद्र के अध्यक्ष मुमताज मसीह ने कहा है कि समाज के लिए कार्य करने वाले संगठन अथवा व्यक्ति के प्रति सरकार का सदैव आदरभाव रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सोच समाज को आगे बढ़ाने की है।

मसीह आज यहां जवाहर रंगमंच पर दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम के शुभारंभ पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केंद्र का लक्ष्य समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वालों को एक मंच प्रदान करना है और उसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करना है।

राजस्थान समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष अर्चना शर्मा ने कहा कि स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केंद्र का गठन होने से समाज के लिए कार्य करने वालों को भविष्य में व्यवस्थित क्षेत्र मिलेगा जिसका लाभ संस्थाओं के साथ साथ आमजन को भी मिलेगा।

केंद्र के विशेष सलाहकार संजय गौड़ ने कहा कि राजस्थान में काम कर रही समस्त संस्थाओं को वीएसडीसी पोर्टल पर अपना पंजीयन कराना आवश्यक है। साथ ही इन संस्थाओं को राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रमाणीकरण भी कराना होगा। इस सबका मकसद सरकार की योजनाओं को सही हाथों के जरिए अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। संवाद कार्यक्रम का कल समापन होगा।

भरतपुर में आंदोलनकारी युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में आरक्षण के लिए चल रहे सैनी-माली समाज के आंदोलन के पांचवें दिन आज एक आंदोलनकारी द्वारा पेड़ पर फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर लेने से सनसनी फैल जाने की जानकारी प्राप्त हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आंदोलनस्थल अरोदा गांव के पास चह गांव में नेशनल हाईवे-21 के किनारे सैनी समाज के एक आंदोलनकारी ने पेड़ से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान नजदीकी गांव ललिता मुड़िया निवासी मोहन सिंह के रूप में हुई है। शव को एंबुलेंस से पहले नदबई हॉस्पिटल ले जाया गया जहां से उसे जिला मुख्यालय के आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

बताया जा रहा है कि मोहन सिंह सैनी समाज से था और आंदोलन में शामिल था। उसकी जेब से मिले पर्चे पर लिखा था ..ज्योतिबा फुले अमर रहे, 12 प्रतिशत आरक्षण लेकर रहेंगे।

बैंक में आग लगने से मची अफरा तफरी

भरतपुर में शहर में लछमण मन्दिर चौराहे पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में आज सुबह अचानक आग लग गई जिससे बैंक के आसपास अफरातफरी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंक से धुआं निकलता देखकर राहगीरों ने पुलिस एवं फायरब्रिगेड के साथ बैंककर्मियों को इसकी जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंककर्मियों के बैंक पहुंचने से पहले ही पुलिस एवं दमकलकर्मियों ने बंद बैंक की खिड़कियों के जरिये पानी फेंक आग पर नियंत्रण पा लिया था।

हालांकि बैंक में आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नही हुआ है लेकिन प्रारंभिक तौर पर विजली के शार्टसर्किट की बजह से बैंक में आग लगने को मुख्य बजह माना जा रहा है।

महंगाई राहत कैम्प में पहुंचकर अपना पंजीयन जरूर करवाये- संयम लोढा

0

 

मंहगाई राहत शिविर में लाभार्थियों को लाभार्थी पंजीयन प्रमाण पत्र देते सिरोही विधायक संयम लोढ़ा।

सबगुरु न्यूज- सिरोही।विधायक संयम लोढा ने कहां कि आमजन और वंचित वर्ग को महंगाई से राहत देने के लिए उनकी दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान रखते हुए राज्य सरकार ने महंगाई राहत कैम्प शुरू किया है। सभी आमजन इस महंगाई राहत कैम्प में पहुंचकर अपना पंजीयन जरूर करवाये ताकि सरकार की योजनाओं का सीधे तौर पर लाभ मिले। विधायक लोढा जावाल में आयोजित महंगाई राहत कैम्प में उपस्थित आमजन को संबोधित कर रहे थे।

शिमला में बंदरों के हमले से युवती की मौत, मंत्री ने किया शोक व्यक्त

शिमला। प्रदेश की राजधानी शिमला में ढांडा में बंदर के काटने से युवती की मौत हो गई थी। युवती हिमांशी शर्मा तीसरी मंजिल पर कपडे सुखाने के लिए जा रही इसी दौरान बंदरों के झुंड ने हमला ने कर दिया। खुद को बचाने में युवती का संतुलन बिगड़ा और वह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरी। नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजन उसे आईजीएमसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। हादसा शिमला के उपनगर टूटू के ढांढा गांव में पेश आई। पुलिस ने मृतक की पहचान हिमांशी शर्मा (19) पुत्री अशोक शर्मा के रूप में की है।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ढांडा में छत से गिरकर कॉलेज की छात्रा हिमांशी शर्मा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भगवान से करते हुए कहा कि उन्हें इस हादसे से मन में बहुत ही पीड़ा हुई हैं।

सिंह ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि शिमला में बढ़ते बंदरो का आतंक चिंता की बात हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बंदरो के बढ़ते आंतक को रोकने के लिए वन विभाग से कोई कारगर उपाय खोजने को कहेगी। उन्होंने लोगों से बंदरों के किसी भी सम्भावित आक्रमण के प्रति सचेत रहने का आग्रह किया है।