Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 265 -
होम ब्लॉग पेज 265

2nd ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक मामले में RPSC सदस्य कटारा सहित 3 अरेस्ट

अजमेर/जयपुर। प्रदेश में सैकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा-2022 में पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस की एसोजी ने मंगलवार को राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर के सदस्य बाबूलाल कटारा, वाहन चालक गोपालसिंह एवं कटारा के भांजे को गिरफ्तार किया। आरोप है कि बाबूलाल कटारा ने ही आरोपी शेरसिंह को परीक्षा प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाया था।

एसओजी महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि टीम ने आरोपी सदस्य कटारा और वाहन चालक गोपालसिंह को उनके अजमेर स्थित निवास से गिरफ्तार किया और घर की तलाशी ली जा रही है। वहीं कटारा के भांजे विजय कटारा को डूंगरपुर के रामपुरा से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि एसओजी टीम द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि आरपीएससी सदस्य ने किस प्रकार परीक्षा प्रश्न पत्र अभियुक्त शेरसिंह तक पहुंचाया था।

सरकार सख्त सजा दिलवाना सुनिश्चित करेगी : गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सरकार युवाओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्ति को सख्त सजा दिलवाना सुनिश्चित करेगी। गहलोत ने एसओजी द्वारा सेकंड ग्रेड टीचर पेपर लीक के मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के सदस्य बाबूलाल कटारा सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद आज यह बात कही।

उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों से खिलवाड़ करने वाला किसी भी स्तर का व्यक्ति हो, सरकार उसे सख्त से सख्त सजा दिलवाना सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि सेकंड ग्रेड टीचर पेपर लीक के मामले में आरपीएससी के सदस्य बाबूलाल कटारा एवं अन्य दो आरोपियों को एसओजी ने हिरासत में लिया है।

उल्लेखनीय है कि एसओजी ने उदयपुर के बेकरिया थाने में दर्ज अभियोग के तहत आरपीएससी के सदस्य बाबूलाल कटारा, आरपीएससी में चालक गोपाल सिंह तथा बाबू लाल कटारा के भांजे विजय कटारा को निरुद्ध किया गया है। तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इनसे प्रश्न पत्र आरपीएससी सदस्य द्वारा किस तरह अभियुक्त शेर सिंह को दिया गया, इस बारे में पूछताछ की जा रही है।

संगठन में एक व्यक्ति नहीं, अपितु संगठन मिलकर करता है काम : सीपी जोशी

बीकानेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की बीकानेर संभाग की संगठनात्मक संभाग स्तरीय बैठक बीकानेर में होटल पार्क पैराडाइज में आयोजित की गई।

इस बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, महामंत्री संगठन चन्द्रशेखर, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी माधोराम चौधरी रहे। बैठक में अब तक संगठन द्वारा किए गये कार्यो के बारे में चर्चा की गई। इसके पश्चात् पन्ना प्रमुख नियुक्त करने एवं शक्ति केन्द्र को संगठन का मूल आधार मानते हुए कार्यक्रम बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन सर्वाेपरि है। संगठन में एक व्यक्ति नहीं, अपितु संगठन मिलकर काम करता है। परिश्रम और योजनाबद्ध तरीके से काम करने का वक्त है। भाजपा के पास नीति भी है और नियति भी है। भाजपा की सर्व समाज के साथ समरसता बढ़ती जा रही है, समाज भी महत्व दे रहा है। आज भाजपा व्यापक हैं, विशाल हैं, हमारी पार्टी का समर्थन बढ़ा है और समर्पण भी बढ़ा है। भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी चेहरा बनी है। भाजपा के पास सर्वाधिक नीतियां, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, लोकतंत्र और राजनीतिक मूल्यों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण तत्व है। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह का रूट चार्ट बनाकर उसे प्रभावी रूप से लागू करें।

चन्द्रशेखर ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने वर्षों से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए जा रहे नारों को साकार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। आज भाजपा रूपी पौधा वटवृक्ष बनकर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गया है, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने के साथ-साथ चुनौतियां और जिम्मेदारी भी बढ़ी है। सकारात्मक सोच के साथ पार्टी के काम को निरंतर आगे बढ़ाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार मन की बात में राजस्थान के गौरव पर चर्चा कर राजस्थान का मान बढ़ाया है। कांग्रेस सरकार अपराधियों के प्रति गंभीर नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार और क्षेत्र से ऊपर उठकर सर्वव्यापी बनी है। भाजपा का मिशन विजय की राह पर चल पड़ा है। आगामी दिवसों में आने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेते हुए सभी कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 100वें लाइव प्रसारण को राजस्थान की एक करोड़ जनता तक पहुंचाने की योजना बनानी है। जनविश्वास बढ़ाना व सर्वस्पर्शी बन बनना है और स्ट्रक्चर और संस्कृति को बनाए रखना है।

नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पाटी बनी है। आजादी के बाद पूर्ण बहुमत वाली पार्टी भाजपा की बनी है। पहले भाजपा को शहर वाली पार्टी बोला जाता था। भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं है बल्कि सेवा कार्य करना भाजपा का उद्धेश्य है।

दूसरे दिन भी कांग्रेस विधायकों से वन-टू-वन संवाद, लिया फीडबैक

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मंगलवार को यहां लगातार दूसरे दिन कांग्रेस एवं उसके समर्थक विधायकों से वन-टू-वन संवाद कर चर्चा की और उनसे फीडबैक एवं सुझाव लिए गए।

इस दौरान उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाईमाधोपुर जिलों के पार्टी विधायकों से फीडबैक लिया गया।

इसके बाद गहलोत ने कहा कि विधायकों की ये गर्मजोशी, उत्साह और सेवाभाव साफ दिखा रहा है कि महंगाई से राहत और प्रदेश को नम्बर वन बनाने का संकल्प तेज़ी से सही दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज पीपल्दा विधायक राम नारायण मीणा, किशनगंज विधायक निर्मला सहरिया, बारां विधायक पानाचंद मेघवाल व बायतु विधायक हरीश चौधरी से सार्थक वार्ता हुई।

उन्होंने कहा कि बसेड़ी विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा, धौलपुर से गिरिराज सिंह मलिंगा, टोडाभीम से पृथ्वीराज मीणा व हिंडौन से भरोसी लाल जाटव से उनके इलाके की जरूरतों और अपेक्षाओं को समझा। विधायकों से हर कोने तक महंगाई राहत को ले जाने की ये चर्चाएं मिशन 2030 के प्रमुख पड़ाव हैं। उन्होंने कहा कि हर ग्राम, हर ढाणी तक सामाजिक सुरक्षा से ही राजस्थान अव्वल प्रदेश बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकारी योजनाओं के प्रसार सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना व विधायक सुदर्शन सिंह रावत, राजेन्द्र सिंह बिधूड़ी, रमीला खड़िया एवं रामलाल मीणा के मिले अहम विचारों से निश्चित ही इस मुहिम को रफ्तार मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान को अव्वल प्रदेश बनाने के लिए मंहगाई राहत कैंप एक मील का पत्थर बनेगा। आज इस मुहिम के रोडमैप निर्माण में विधायक दयाराम परमार, गणेश घोघरा एवं प्रीति शक्तावत ने अपना वैचारिक योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने इनके सुझावों का अभिवादन किया और कहा कि

मिशन 2030 एवं महंगाई राहत कैंप नम्बर वन राजस्थान की पटकथा के सुनहरे अध्याय साबित होंगे। उन्होंने कहा कि आज इस मुहिम को मजबूत करने के लिए जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालविया, राज्य मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया एवं विधायक नागराज मीणा के भी महत्वपूर्ण विचार प्राप्त हुए।

चर्चा के बाद विधायक रामनारायण मीणा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कुछ मंत्री भ्रषटाचार में आगे बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मजबूरी है या कमजोरी कि उनको हटा नहीं पा रहे है। यह माईनस प्वाइंट है। मीणा ने कहा कि हालांकि कांग्रेस मजबूत है और प्रदेश के लोग इसे चाहते हैं।

धरियावाद से कांग्रेस विधायक नगराज मीणा ने कहा कि अशोक गहलोत चौथी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और उन्हें कोई नहीं रोक सकता। इसी तरह विधायक रामलाल मीणा ने कहा कि गहलोत को चौथी बार मुख्यमंत्री बना कर दम लेंगे। कांग्रेस समर्थक निर्दलीय विधायक रमिला खड़िया ने कहा कि वह गहलोत के साथ है और रहेंगी। एक सवाल पर विधायक गणेश घोघरा ने कहा कि गहलोत इतनी सारी योजनाएं धरातल पर ले कर आए हैं तो उनके समर्थन में ही रहेंगे।

IPL 2023 : ग्रीन, गेंदबाजों के दम पर मुंबई इंडियन्स ने लगाई जीत की हैट्रिक

हैदराबाद। ऑस्ट्रेलियाई हरफनमौला कैमरन ग्रीन (64 नाबाद) के आतिशी अर्द्धशतक और गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सनराइजर्स हैदराबाद को 14 रन से मात दी। मुंबई ने सनराइजर्स के सामने 193 रन का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में मेज़बान टीम 178 रन पर ऑलआउट हो गई।

ग्रीन ने आईपीएल में अपना पहला अर्द्धशतक जमाते हुए 40 गेंद पर छह चौकों और दो छक्कों की सहायता से नाबाद 64 रन बनाए। उन्होंने मध्य ओवरों में तिलक वर्मा (17 गेंद, 37 रन) के साथ विस्फोटक अर्द्धशतकीय साझेदारी की, जिसने मुंबई को 192 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

सनराइजर्स 193 रन के स्कोर की ओर तेज़ी से बढ़ रही थी लेकिन पीयूष चावला और राइली मेरेडिथ ने मध्य ओवरों में चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। सनराइजर्स को आखिरी ओवर में 20 रन की जरूरत थी। अर्जुन तेंदुलकर ने इस ओवर में मात्र पांच रन दिए और अपना पहला आईपीएल विकेट चटकाकर मुंबई को जीत दिलाई।

मुंबई ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक शुरुआत की, जिसका श्रेय कप्तान रोहित शर्मा को जाता है। रोहित ने 18 गेंद पर छह चौके लगाकर 28 रन बनाए, हालांकि वह एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और पांचवें ओवर में टी नटराजन का शिकार हो गए।

रोहित के आउट होने के बाद मुंबई की रनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। ग्रीन ने स्पिनरों के आगे कुछ देर संघर्ष करने के बाद वाशिंगटन सुंदर को छक्का जड़कर अपने हाथ खोले। ईशान किशन ने भी 10वें ओवर में मयंक मारकांडे को दो चौके जड़े, हालांकि वह 31 गेंद पर 38 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

किशन का विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव भी सात रन बनाकर आउट हो गए, हालांकि इसके बाद मुंबई की ओर से आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिली। अंतिम ओवरों की ओर बढ़ते हुए तिलक वर्मा और ग्रीन ने 26 गेंद पर 56 रन की साझेदारी की। तिलक ने 17 गेंद पर दो चौकों और चार छक्कों के साथ 37 रन के ताबड़तोड़ योगदान के साथ मुंबई की पारी का रुख बदल दिया।

तिलक का विकेट गिरने पर ग्रीन 30 गेंद पर 39 रन बनाकर खेल रहे थे लेकिन आखिरी तीन ओवरों में उन्होंने सनराइजर्स के गेंदबाजों को निशाना बनाया। ग्रीन ने 33 गेंद पर अपना पहला आईपीएल अर्द्धशतक पूरा किया। उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे जबकि मुंबई ने अंतिम पांच ओवर में 62 रन जोड़ते हुए 192/5 का स्कोर खड़ा किया।

अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में सिर्फ 31 रन देकर एक विकेट हासिल किया। नटराजन ने रोहित का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया, हालांकि उन्होंने अपने चार ओवर में 50 रन भी दिये। मार्को जैनसेन ने चार ओवर में 43 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं।

जेसन बेहरेनडॉर्फ ने दूसरी पारी में मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाते हुए हैरी ब्रूक और राहुल त्रिपाठी को पावरप्ले में चलता किया। पिछले मैच के शतकवीर ब्रूक सात गेंद पर नौ रन बना सके, जबकि त्रिपाठी ने पांच गेंद पर सात रन बनाए।

सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने पावरप्ले में शांत रहने के बाद आक्रामकता दिखाई। एडेन मार्करम ने सातवें ओवर में ऋतिक शौकीन को छक्का जड़ा, जबकि अग्रवाल ने अगले ओवर में पीयूष चावला को चौका लगाया। मार्करम ने 17 गेंद पर 22 रन बनाकर अग्रवाल के साथ 46 रन जोड़े लेकिन मुंबई ने तीन गेंद के अंतराल में मार्करम और अभिषेक शर्मा को आउट करके मैच को बराबरी पर ला खड़ा किया।

इस बीच अग्रवाल विकेट पर जमे रहे और 10वें ओवर में उन्हें हाइनरिक क्लासेन का साथ मिला। क्लासेन हर ओवर में एक-दो बाउंड्री लगाकर सनराइजर्स से दबाव हटाते रहे। कप्तान रोहित शर्मा ने विकेट की खोच में पीयूष को गेंद सौंपी। क्लासेन ने इस ओवर में दो छक्के और दो चौके जड़े, हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर उनके आउट होने से मुंबई ने मुकाबले में वापसी कर ली।

रनों के दबाव में अग्रवाल भी पांच गेंद बाद पवेलियन लौट गये और मुंबई ने मैच पर अपना शिकंजा कस लिया। राइली मेरेडिथ ने अग्रवाल को आउट करने के बाद मार्को जैनसेन (छह गेंद, 13 रन) का भी विकेट निकाला। मैच का एक और रोमांचक पल 18वें ओवर में देखने को मिला जब सनराइजर्स ने छह गेंद में 19 रन जोड़े, लेकिन वाशिंगटन सुंदर (छह गेंद, 10 रन) दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट भी हो गए।

सनराइजर्स को दो ओवर में 24 रन की दरकार थी और 19वें ओवर में ग्रीन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए मात्र चार रन दिए। आखिरी ओवर में 20 रन बचाने की जिम्मेदारी अर्जुन को सौंपी गई। उन्होंने पहली दो गेंदों पर सिर्फ एक रन दिया और अब्दुल समद को रनआउट भी करवाया। अब्दुल 12 गेंद पर सिर्फ नौ रन बना सके और उनके आउट होने के बाद सनराइजर्स की जीत की सभी संभावनाएं समाप्त हो गईं।अर्जुन ने औपचारिकताओं को पूरा करते हुए ओवर की पांचवीं गेंद पर भुवनेश्वर का विकेट चटकाया और सनराइजर्स 178 पर ऑलआउट हो गई।

सिरोही : सरकार सड़क बनवाती नहीं, ग्रामीण खुद श्रमदान पर उतरे तो रोक दिया


आबूरोड(सिरोही)।
राजस्थान के सिरोही जिले में आबूरोड तहसील अंतर्गत जांबूडी ग्राम पंचायत के बोसा गांव की खादरा फली में अब तक सड़क की सुविधा नहीं है। सप्ताह भर से वहां के ग्रामीणों ने श्रमदान का संकल्प लेकर अपने घरों तक जाने के लिए पगडंडीनुमा कच्ची राह बनाने की ठानी और गेंती फावड़ा लेकर तपती दोपहर में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे जुटे गए।

इस इलाके में वर्षों से रह रहे इन आदिवासी परिवारों द्वारा कच्ची पगडंडी नुमा सडक बनाने की खबर लगते ही रविवार को बोसा गांव की खादरा फली में वन विभाग के तीन कार्मिक आ धमके और श्रमदान कर रहे 2 दर्जन से अधिक महिला, पुरुष एवं बच्चों को पगडंडी बनाने से रोक दिया।

मौके पर पगडंडी की राह बना रहे पुना पुत्र गुला ने बताया कि तीनों वन कार्मिकों ने चेतावनी दी कि तुम्हारी खादरा फली के सभी घरों को खाली कर देना, तुम सबको खादरा फली में रहने का कोई हक नहीं है। यदि 1 सप्ताह के भीतर तुमने खादरा फली से अपने घर नहीं खाली नहीं किए तो हम लोग पुलिस लवाजमे के साथ आएंगे और तुम्हारे घर को खाली करा देंगे। सभी को जेल में बंद कर देंगे तथा घर को जला भी देंगे।

गोद में बच्चा थामे मसरू राम ने बताया कि वन कर्मियों ने उनकी महिलाओं और बच्चों को भी भला बुरा कहा और जातिसूचक टिप्पणी की। खादरा फली की पगडंडी के जरिए कच्ची सडक बनाने में रोके जाने पर दुखी मन से पोपट पुत्र बदरू ने कहा कि हमारे खादरा फुली में पुना पुत्र गुला का विद्युत कृषि कनेक्शन स्वीकृत हुआ है। जिसके कुए तक हम विद्युत पोल ले जाने के लिए भी सब गांव वाले सहयोग कर रहे हैं।

हमारे खादरा फली में पानी की बहुत समस्या है। हाल ही में कृषि कनेक्शन की डिमांड आई हुई है। सडक बिना पोल ना लगने से कृषि कुएं का कनेक्शन अटका हुआ है। अगर कच्चा रास्ता नहीं बनेगा तो हमें पानी की सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा। इस समय गर्मी में हम भयंकर जल संकट से जूझ रहे हैं।

यह सब गुहार लगाने पर भी वनकर्मी नहीं माने और धमकाते हुए कहा कि यह बिजली का डिमांड नोटिस फाड देना। तुम्हारा बिजली कनेक्शन कैंसिल करवा देंगे। कच्ची सड़क भी नसीब में नहीं होने से खादरा फली के जयंती पुत्र बदरू वादा पुत्र वदरू तथा कई महिला एवं बच्चों के आंसू निकल पड़े।

एम्बुलेंस चालक मनमाना किराया वसूले तो डायल करें टोल फ्री नम्बर 181

0

अजमेर। एम्बूलेंस का किराया मनमाने तरीके से वसूलने ही स्थिति में परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्यवाही की जाएगी।

प्रादेशिक परिवहन अधिकारी सुमन भाटी ने बताया कि एम्बूलेंस को परिवहन यान श्रेणी में रखा गया है। एम्बूलेंस यान को मोटर यान अधिनियम 1988 के प्रावधानों के अन्तर्गत कर देयता से मुक्त रखा गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि एम्बूलेंस श्रेणी को व्यवसायिक श्रेणी में नहीं माना जाकर सामाजिक सेवा यान माना गया है।

आमजन को सुलभ एवं सस्ती एम्बूलेंस सेवा उपलब्ध कराने एवं सम्पूर्ण राज्य में एम्बूलेंसों की दरों में एकरूपता लाने के लिए प्रादेशिक परिवहन अधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारियों द्वारा जारी आदेशों को अतिक्रमित करते हुए राज्य में एम्बूलेंस तथा शव वाहन का किराया निर्धारित किया गया है। इसमें आना-जाना सम्मिलित होगा।

प्रथम 10 किमी तक 500 रूपए तथा 10 किमी के बाद वाहन मारूति वेन, मार्शल, मैक्स आदि के लिए 12.50 रूपए, टवेरा, इनोवा, बोलेरो, कूर्जर, रायना आदि के 14.50 रूपए तथा अन्य बडे एम्बूलेंस एवं शव वाहन के लिए 17.50 रूपए प्रति किलोमीटर किराया होगा। एसी वाहन होने पर एक रूपए प्रति किमी अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कोविड के मरीज एवं शव को ले जाने के लिए एम्बूलेंस चालक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीपीई किट एवं सेनेटाइजेशन का व्यय प्रति चक्कर 350 रूपए अतिरिक्त वसूल किया जा सकेगा। ये वाहन वापसी यात्रा में उपयोग में नहीं लिए जा सकते हैं। इस कारण एम्बूलेंस तथा शव वाहनों का किराया दोनों तरफ का देय होगा।

अतः 10 किमी अधिक चलने पर वाहनों को प्रथम 10 किमी के अतिरिक्त चलने वाली दूरी को दोगुना (आने व जाने) करने के पश्चात कुल किमी की गणना की जाएगी। इन प्रस्तावित दरों की गणना 91 रूपए प्रति लीटर डीजल की दर मानकर की गई है। ये डीजल की दर 91 रूपए प्रति लीटर होने तक देय रहेगी।

91 रूपए के पश्चात होने वाली प्रति लीटर डीजल की वृद्धि दर में 20 पैसे प्रति रूपए की दर से इस किराये मेें वृद्धि की जा सकेगी। किसी भी वाहन का रात्रि का अतिरिक्त किराया देय नहीं होगा। संचालक एम्बूलेंस व शव वाहन उपयोगकर्ता से धुलाई करने का कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लेगा।

एम्बूलेंस में आवश्यक चिकित्सीय यंत्र, उपकरणों एवं सुविधाओं के सम्बन्ध में चिकित्सालय प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णय की अनुपालना एम्बूलेंस वाहन स्वामियों के लिए बाध्यकारी होगी। एम्बूलेंस संचालक आपात स्थिति में आवश्यकता होने पर जिला प्रशासन को वाहन उपलब्ध कराने के लिए पाबन्द रहेंगे।

उन्होंने बताया कि एम्बूलेंस चालकों द्वारा निर्धारित गाईड लाईन्स की पालना नहीं करने पर अतिरिक्त प्रादेशक परिवहन एवं सडक सुरक्षा अधिकारी अजमेर डॉ. विरेन्द्र सिंह राठौड के मार्ग दर्शन में समस्त उडनदस्तों की सख्त कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है। गाईडलाईन्स का उल्लंघन होने पर आम जन प्रादेशिक परिवहन कार्यालय को सूचित करने के साथ टोल फ्री नम्बर 181 पर थी सम्बन्धित के विरूद्ध परिवाद दर्ज करा सकते हैं।

ईआरसीपी पर कांग्रेस ने अपनी गंदी राजनीति का किया खुलासा : शेखावत

जयपुर। ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) को लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गहलोत सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस विधायकों के फीडबैक पेपर में ईआरसीपी को लेकर पूछे सवाल पर शेखावत ने कहा कि ईआरसीपी पर खुद कांग्रेस ने ही अपनी गंदी राजनीति का खुलासा किया।

मंगलवार को शेखावत ने फीडबैक पेपर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं शुरुआत से कहता आ रहा हूं कि गहलोत जी ईआरसीपी की आड़ में घृणित राजनीति कर रहे हैं। अब इन्होंने अपने फीडबैक पेपर से इसका खुलासा भी कर दिया है। कांग्रेस के लिए ईआरसीपी योजना नहीं चुनावी मुद्दा है। शेखावत ने कहा कि गहलोत जी बस किसी तरह से मोदीजी और केंद्र सरकार को बदनाम करने में लगे हैं। ये वो चिकने घड़े हैं, जिन पर पानी नहीं ठहरता।

दरअसल, शेखावत शुरू से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर ईआरसीपी को लेकर लगातार भ्रम फैलाने का आरोप लगाते रहे हैं। शेखावत कहते रहे हैं कि गहलोत सरकार ईआरसीपी को राजनीतिक हथियार के रूप में काम में लेना चाहती है। इन 13 जिलों नहीं, अपितु पूरे राजस्थान में जिस तरह की भ्रांति पैदा करने का प्रयास गहलोत सरकार ने किया, खुद गहलोत साहब ने खुद किया। पूर्वी राजस्थान में राज्य की करीब 40 प्रतिशत आबादी रहती है। इतनी बड़ी आबादी के हिसाब से ईआरसीपी परियोजना बहुत अधिक महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार परियोजना पर राज्य सरकार को हर संभव मदद देने को तैयार है, लेकिन राज्य सरकार अर्नगल बातें बनाकर परियोजना को आगे बढ़ाना नहीं चाहती है।

ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने के प्रावधानों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि पहले चरण में सीडब्ल्यूसी द्वारा तकनीकी स्वीकृति तभी दी जाती है, जब परियोजना को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार 75 प्रतिशत निर्भरता पर नियोजित किया गया हो, जो सुनिश्चित करता है कि चार वर्षों में से कम से कम तीन वर्षों के दौरान हेडवर्क्स पर नियोजित पानी उपलब्ध हो, लेकिन गहलोत सरकार महज 50 प्रतिशत पर नियोजन करना चाहती है। इसे लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने कई बार आपत्ति दर्ज कराई है, पर गहलोत सरकार इस मानक को पूरा करने के बजाय केंद्र को बदनाम करते हुए पूर्वी राजस्थान के साथ ही मध्यप्रदेश के लोगों के हितों पर भी कुठाराघात करने का काम कर रही है।

शेखावत ने यह भी कहा था कि ईआरसीपी को उन्होंने उन टॉप 5 प्राथमिकता वाले राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स की सूची में शामिल किया, जिन पर भारत सरकार प्राथमिकता के साथ इंटरलिंकिंग ऑफ रिवर्स की योजना में काम करेगी।

अजमेर : विधवा की बेटी के विवाह में जैन समाज ने किया सहयोग

0

अजमेर। श्री दिगंबर जैन महासमिति, श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग अजमेर की सरावगी मोहल्ला इकाई के तत्वावधान में पहाड़गंज निवासी एक विधवा की बेटी के विवाह में सहयोग प्रदान किया गया।

समिति की सदस्यों ने बताया कि महिला की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। वह मेहनत मजदूरी करके कठिनाई से तीन पुत्रियों व एक छोटे पुत्र का भरण पोषण कर रही है। बड़ी पुत्री कविता सुपुत्री स्वर्गीय मदन लाल का विवाह आगामी 27 अप्रैल को होना तय हुआ। विवाह में सहयोग के रूप में आज समिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी के निवास स्थान पर सहयोग स्वरूप विवाह में उपयोगी सामान प्रदान किया गया। इस मौके पर अहिंसा व्रत का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैसा व सरावगी मोहल्ला इकाई अध्यक्ष किरण गोधा ने बताया कि जरूरतमंद विधवा महिला ने संपर्क करके बालिका के विवाह में सहयोग का आग्रह किया था। इसी के तहत विवाह उपरांत गृहस्थ जीवन के कार्य में आने वाली सामग्री जिसमें दो बेस, 17 साड़ियां, पायल, बिछिया, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, स्टील के सभी प्रकार के बर्तन, सेलो के आइटम, श्रंगार का सामान, ब्लैंकेट, बेड शीट, ओवन कुकर, प्रेस मिक्सी, गैस चूल्हा, शाल, परिवारजन के कपड़े आदि देकर सहयोग किया गया।

श्री दिगंबर जैन महासमिति अजमेर के अध्यक्ष अतुल पाटनी ने बताया कि सामाजिक सरोकार के अंतर्गत 100वीं बालिका के विवाह में समिति संरक्षक राकेश पालीवाल, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी, सरावगी मोहल्ला इकाई की मंत्री हिना काला, अलका कासलीवाल, अनिता पाटनी, रिंकू कासलीवाल, मंजू गंगवाल, ममता कासलीवाल आदि के सहयोग से सेवाकार्य सम्पन्न कराया गया।

इस अवसर पर समिति कोषाध्यक्ष श्रेयांस पाटनी, निर्मल गंगवाल, संजय जैन आदि मोजूद रहे, अंत में समिति कोषाध्यक्ष सुषमा पाटनी ने सभी सेवा सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया।

सिरोही पुलिस ने खोली नई हिस्ट्रीशीट्स, संयम लोढ़ा ने इसलिए जताई आपत्ति, ये लोग शमिल

0
सिरोही विधायक संयम लोढ़ा और सिरोही पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता

सबगुरु न्यूज- सिरोही। सिरोही विधायक संयम लोढ़ा ने पुलिस महा निदेशक को पत्र लिखकर सिरोही जिले में नई हिस्ट्रीशीटर खोलने को लेकर आपत्ति जताई है। सिरोही विधायक संयम लोढ़ा ने मंगलवार को पुलिस महा निदेशक को पत्र लिखकर सिरोही पुलिस द्वारा एक ही दिन में 45 हिस्ट्रीशीटर खोलने को लेकर आपत्ति जताई है।

सबगुरु राशिफल : 18 अप्रेल मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। बैसाख मास, कृष्ण पक्ष, त्रयोदशी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2080, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 01.27 बजे बाद चतुर्दशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आज व्यापार आदि संबंधित कार्यों के लिए भी लाभदायक दिन सिद्ध होगा। घर में कोई शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। निवेश से आर्थिक लाभ होने की पूरी संभावना है। दोपहर बाद स्वास्थ्य केे प्रति सजग रहें।

वृषभ :- आज का दिन मिला-जुला असर वाला रहेगा। कार्यक्षेत्र में आज आप किसी नई कार्य-योजना पर काम कर सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। व्यापारियों को फिलहाल यात्रा करने का लाभ नहीं होगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति हो सकती है।

मिथुन :- आज नकारात्मक विचारों को मन से दूर रखना हितकर रहेगा। खान-पान का ध्यान रखिएगा। इसके अलावा कोई अकारण का खर्च भी आज करना पड़ सकता है। किसी जरूरी काम से बाहर भी जाना पड़ सकता है। फिलहाल आपका धन का खर्च अधिक न हो, इसका ध्यान रखने की खास जरूरत है।

कर्क :- आज आपको अपने मन के सारे काम करने के पूरे अवसर प्राप्त होंगे। वहीं आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आज अचानक धन खर्च करना पड़ सकता है। नौकरी- व्यवसाय में परिस्थिति अनुकूल बनी रहेगी। अपने गुस्से को काबू में रखने का लाभ मिलेगा। फिलहाल किसी नए काम की शुरुआत मत करिए।

सिंह :- आज व्यापार विस्तार के लिए नई योजनाओं को अमल में ला सकते हैं। आज किसी अच्छे काम के लिए धन खर्च होगा। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। फिलहाल प्रबल लाभ के योग बन रहे हैं। आकस्मिक धन खर्च होगा। भागीदारों के साथ आंतरिक मतभेद हो सकते हैं। किसी नए कार्य की शुरुआत आज करने से बचें।

कन्या :- आज का दिन सुख व शांतिपूर्वक बीतेगा। श्रम के साथ-साथ कला के प्रति भी अभिरुचि बनी रहेगी। व्यापार के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। व्यवसाय व कार्यक्षेत्र में स्थिति आपके अनुकूल बनेगी और साथी कर्मचारियों का सहयोग भी प्राप्त होगा।

तुला :- आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। आपका स्वास्थ्य कुछ नरम बना रहेगा। परिवार या कार्यक्षेत्र में किसी से बड़ा वाद-विवाद हो सकता है। परंतु दोपहर बाद से आपकी स्थिति में सुधार आता जाएगा। वहीं आज आप किसी कलात्मक विधा के प्रति आर्कषित हो सकते हैं।

वृश्चिक :- आज संपत्ति संबंधित कार्यों में पूर्णतः सफलता प्राप्त होगी। भाई-बंधुओं का पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं सभी प्रतिस्पर्धी परास्त होंगे। परंतु दोपहर बाद से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्यावहारिक जीवन में अपयश मिलने की संभावना भी बनी हुई है। आज दिन खत्म होने तक कोई भारी धन हानि का भी योग बन रहा है।

धनु :- आज किसी करीबी की बात से मन दुख सकता है। वहीं स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। आज का दिन आध्यात्मिक प्रवृत्तियों के लिए बहुत अच्छा है। व्यवसाय में आर्थिक लाभ भी होगा। दोपहर बाद से सभी अधूरे काम पूरे होते नजर आएंगे। आज आपके शत्रु कमजोर रहेंगे। ईश्वर का ध्यान करें।

मकर :- आज धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में आज वृद्धि होगी। व्यापार में भी वातावरण अनुकूल बना रहेगा। आज आपके हर कार्य सरलता से पूर्ण होंगे। फिर भी दोपहर बाद से आपके विचारों में नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं। इससे हताशा बढ़ेगी। शेयर में निवेश का अच्छा लाभ मिलेगा।

कुंभ :- आज मिला-जुला दिन है। धार्मिक और सामाजिक कार्यों के पीछे अधिक धन खर्च होगा। करीबी लोगों के साथ वाद-विवाद से मन अशांत रहेगा। दोपहर बाद आज सभी कार्य सरलतापूर्वक पूरे होते नजर आएंगे। वहीं दफ्तर में आपके प्रभाव क्षेत्र में भी वृद्धि होगी। उच्च अधिकारियों की कृपादृष्टि आप पर बनी रहेगी।

मीन :- व्यावसायिक तथा अन्य क्षेत्रों में आज का दिन आप के लिए लाभप्रद रहेगा। किसी शुभ कार्य के आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। आस-पास के क्षेत्रों की यात्रा तथा मित्रों से उपहार आदि मिल सकते हैं। दोपहर बाद हर कार्य में कुछ सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यावसायिक कार्यों में सरकारी प्रभाव से काम बनते नजर आएंगे।