Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 279 -
होम ब्लॉग पेज 279

धार्मिक कार्यक्रम में भजन गायक का राजनीतिक बयान, ट्रोल होने लगे भजनी प्रकाश माली

भजन गायक प्रकाश माली के द्वारा सिरोही में भजन के दौरान राजनीतिक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर वायरल की गई भाजपा और आरएसएस नेता के साथ प्रकाश माली की चरण वंदन करने की फोटो

सबगुरु न्यूज – सिरोही। भजन गायक प्रकाश माली पिछले दो-तीन दिनों से सिरोही में जबरदस्त ट्रोल किए जा रहे हैं। वजह है भजन के लिए दिए गए धार्मिक मंच को नेता की तरह इस्तेमाल करने के लिए।

सिरोही में कालका तालाब पर उनके राजनीति से प्रेरित बयानों की निंदा करते हुए सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। भजन गायक प्रकाश माली की इस राजनीति प्रेरित बयानबाजी ने आयोजक के द्वारा सिरोही में पिछले करीब डेढ़ दशक के सबसे शानदार भजन गायकों को एक मंच पर लाने के प्रयास पर पानी फेर दिया।

कालका तालाब पर वीर भंवरसिंह राठौड़ के सालाना कार्यक्रम में आयोजक ने ख्यातनाम भजन गायकों को बुलवाया। इन्हें सुनने के लिए सिरोही कालका जी तालाब की पाल पर उमड़ पड़ा था। लोगों में इन भजन गायकों को लेकर इतना उत्साह था कि इनके आयोजन स्थल पर पहुंचने के लिए पर लोगो के मोबाइलों की फ्लैश लाइटें चमक गई। लेकिन, इतने नामचीन गायकों और सैंकड़ों लोगों की उपस्थिति ने स्थानीय भजन गायक प्रकाश माली को अपने हित साधने का माध्यम बना लिया। जिसकी वजह से वो ट्रोल हो गए।

सिरोही में संयम लोढ़ा पर टिप्पणी करने के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोल करते हुए लोगों द्वारा वायरल की गई प्रकाश माली की भाजपा नेताओं के चरण वंदन करने की तस्वीर।

– विधायक संयम लोढ़ा पर टिप्पणी

इस आयोजन में सिरोही के विधायक संयम लोढ़ा भी पहुंचे थे। उनके साथ उनसे प्रतिद्वंद्वता रखने वाले स्थानीय भाजपा के नवागंतुक नेता भी पहुंचे थे। इस धार्मिक आयोजन का राजनीतीकरण इन्हीं ने शुरू कर दिया। लोढ़ा पहले आ गए। वो आगे बैठ गए। भाजपा के उच्छशृंखल नेताओं को ये बात नागवार गुजरी। आगे बैठने की होड़ में वे महिलाओं के लिए निर्धारित स्थान पर जाकर बैठ गए। इस पर आयोजकों ने उन्हें उठाकर फिर से पुरुषों के लिए निर्धारित स्थान पर बैठने को कहा।

वहां कुछ लोगों को संयम लोढ़ा के पीछे बैठना पड़ा। कुछ होड़ा होड़ी में पीछे से गद्दे लाकर एक किनारे पर आगे बैठ गए। इन भाजपा नेताओं में कोई बड़ी उम्र का और कद्दावर नेता नहीं था। विधायक संयम लोढ़ा के जाने के बाद भजन गायक प्रकाश माली ने संयम लोढ़ा पर टिप्पणी करते हुए वहां बैठे लोगों से कहा कि संयम लोढ़ा जी हमारे बीच में थे अब वो जा चुके हैं, इसलिए भयग्रस्त होने की आवश्यकता नहीं है।

इतना ही नहीं अपने भजन गाते हुए उन्होंने कहा कि भगवान को गाली देकर चंदा देने वालों का देश बन गया है ये। तो ऐसा चंदा हमें चाहिए नहीं होता है। हमें तो भाव वाला चंदा चाहिए होता है, साहब तुम्हारे पैसे तुम्हारे पास में रखो। पहले तो भाव से हमारे साथ जुड़ जाओ उसके बाद सारी चीजें अच्छी हो जाएगी।

इसे लोगों ने हाल ही में विश्व हिन्दू परिषद के द्वारा रामनवमी के आयोजन के दौरान समिति के द्वारा संयम लोढ़ा के चंदा देने और उसे लौटाने पर कटाक्ष माना। सबसे महत्वपूर्ण बात ये कि संयम लोढ़ा के जाने के बाद भयग्रस्त नहीं होने की नसीहत देने वाले प्रकाश माली ने भी ये सबकुछ संयम लोढ़ा के जाने के बाद ही कहा। शायद उनकी मौजूदगी में वो भी ऐसा बोलने में भयग्रस्त महसूस कर रहे थे।

– दो लाख लेकर भजन गाने वाला दे रहा चंदे पर ज्ञान

प्रकाश माली का ये बयान भजन संध्या के दूसरे दिन दोपहर तक तो वायरल होने लगा। भजन गायक के इस बयान पर संयम लोढ़ा समर्थकों के साथ आम सिरोहीवासी भी भडक़ गए। व्हाट्स एप समूहों पर प्रकाश माली के धार्मिक आयोजन की शुचिता भंग करने पर लोग टिप्पणी करने लगे। किसी ने लिख कि दो लाख रुपए लेकर भजन गाने वाला भगवान से भावना की बात कर रहा है तो किसी ने लिखा कि पैसे लेकर भजन गाने वाला चंदे पर प्रवचन दे रहा है। कुछ लोगों ने तो प्रकाश माली के सिरोही से चुनाव लडऩे के कारण इस तरह धार्मिक अयोजन की शुचिता भंग करने का आरोप लगाया। कुछ और आगे बढक़र प्रकाश माली के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पहुंच गए। वहां पर आरएसएस और भाजपा के नेताओं के चरण स्पर्श करते हुए के फोटो उठाकर वायरल कर दिए।

– उमड़ पड़ा था शहर

जिला मुख्यालय पर अर्से के बाद ऐसी भजन संध्या हुई जिसमें लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। बुधवार रात को जब ये भजन संध्या हुई थी तो कालका तालाब की पाल पर पांव रखने की जगह नहीं थी।  इसमें गुजरात और महाराष्ट्र की मशहूर गायिकाएं आशा वैष्णव, किंजल दवे, फरीदा मीर के लिए लोगों का उत्साह देखने को ही बन रहा था। पिछले ड़ेढ़ दशक में एक ही मंच पर इतने सारे गायकों की भजन संध्या का आयोजन हुआ शायद ही जिला मुख्यालय पर हुआ हो।

 

सबगुरु राशिफल : 9 अप्रेल रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। बैसाख मास , कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार रविवार, सम्वत 2080, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 09.35 बजे बाद चतुर्थी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कामकाज में सफलता मिलेगी। आज आपको प्रतियोगिता में आशाजनक परिणाम प्राप्त होंगे। बेवजह किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकते है। नवीन लोगों के साथ मित्रता होगी। नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा रहेगा। आज आपको भूमि, रिअल-एस्टेट या सांस्कृतिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित करने की जरूरत है। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेंगी। पिछले दिनों से चल रही लेन-देन की कोई बडी डील तय हो जाने की खुशी होगी। आज अगर आप किसी की गोपनीय बातें जान गए हो तो वे बातें किसी को भी न बताएं।

वृषभ :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुंचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

मिथुन :- आज का दिन आपके लिए लाभदायी रहेगा। खानपान का ध्यान रखें। समस्याओं का निराकरण होगा। व्यापार में प्रगति होगी। राजकाज से लाभ होगा। कार्य में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार को लेकर चल रही बातचीत एक नाजुक दौर में है, धैर्य रखें, और बहुत सोच-समझकर ही कदम आगे बढ़ाएं। जो चीज आपके लिए शौक भर थी, वह भी धनोपार्जन का मार्ग बन सकती है, लेकिन वहीं धन आने का कोई पुराना और भरोसेमंद जरिया धीरे-धीरे अपना ठिकाना बदल लेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है।

कर्क :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करना पड सकता है। मित्रों व अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। रोजी व रोजगार में किया गया निवेश लाभप्रद रहेगा। कुछ लोगों के जीवन में नए अवसर आएंगे जिन्हे नजरअंदाज न करें अन्यथा बाद में आत्मग्लानि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। आज दूसरों की बातों को इधर से उधर करने से बचें। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। परिजनों का सहयोग करना पडेगा। मन चलायमान रहेगा।

सिंह :- आज नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। सम्बन्धों के प्रति त्याग से ही मधुरता आएगी। परिवार में माहौद सुखद रहेगा। मन परेशान रहेगा, परन्तु कोई गलत निर्णय नहीं हो पायेगा। किसी अच्छे व्यक्ति की सलाह प्राप्त होगी। समस्या का निराकरण होगा। घर परिवार में वैचारिक मतभेद कम होने से जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। पहले की अपेक्षा आर्थिक स्थिति में मजबूती आयेगी। महिलाएं सन्तान के प्रति अति संवेदनशीलता न रखें।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाए रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जाएगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा।

तुला :- आज परिवार में किसी से चल रहा मन-मुटाव खत्म हो जाएगा। संतान पक्ष की सफलता आज आपकी खुशियों को दोगुना कर देगी। किसी कीमती वस्तु की खरीददारी हो सकती है। घरेलू समस्याओं का निराकरण होगा। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहेगा। आज आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। आज आपको मन में आए नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं। आज का दिन बढ़िया रहेगा। मान-सम्मान और पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। किसी नए कार्य की शुरूआत हो सकती है।

वृश्चिक :- आज आप अपने नये काम में किसी करीबी जानकार की मदद ले सकते हैं, आपको फायदा जरूर होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा होगा। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। राजकाज में सफलता मिलेगी। मुकदमे में विजय के प्रबल योग हैं। काफी दिनों से चली आ रही किसी समस्या का समाधान होगा। आप जिस काम को काफी दिनों से टाल रहे हैं, उस अधूरे काम को आज पूरा करने के लिये भी दिन ठीक है। उगाही के लिए अच्छा दिन है। मित्रों और परिवारजनों के साथ आनंद प्राप्त होगा। शारीरिक और मानसिक लाभ के लिए ध्यान व योग फायदेमंद साबित होंगे।

धनु :- आज आप कम समय में काम को पूरा करने की कोशिश में कामयाब होंगे। आज बड़ा लाभ होगा। दुष्ट जन हानि पहुंचा सकते हैं। दिन की शुरुआत में थोडा समय धर्म में दें। आज किसी असहाय की मदद जरूर करें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें, अन्यथा उलझ सकते हैं। जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पडेगा। कठिन परिश्रम से लाभ होगा। स्वास्थ्य में हीनता रहेगी। स्वजनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पायेगा। नौकरी में संभलकर रहें। साथियों का सहयोग कम मिलेगा। ननिहाल पक्ष की तरफ से चिंताजनक समाचार आएगा।

मकर :- आज आपकी आकर्षक छवि मनचाहा परिणाम देगी। परिजनों के साथ होने वाली गलतफहमी से बचें। व्यर्थ में धन खर्च होगा। दिन सामान्य रहेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। राजपक्ष से संतुष्टि होगी। मानसिक उचाट और दुविधा के कारण महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे। रोमानी नजरिए से वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा दिन है। आत्मसम्मान में वृद्धि होगी। संतान से शुभ समाचार मिलेंगे। परिवारिक कार्य में भागदौड़ रहेगी। जरुरत से ज्यादा जज्बाती होना आपका दिन बिगाड़ सकता है।

कुंभ :- आज आपको काफी आरक्षित और सावधान रहने की जरूरत है। क्योकि कुछ लोग आपके रास्ते में बाधा बनने की कोशिश कर सकते हैं। रूके हुए कार्य में प्रगति होगी। व्यापार से लाभ होगा। नये मित्र बनेंगे। प्रसन्नता का समाचार मिलने का योग है। वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त होगा। आज आपको अपनी विशेषता के लिए खूब तारीफ मिलेगी। आपकी ऊँची बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। व्यक्तिगत संबंध संवेदनशील और नाजुक रहेंगे। ऐसे लोगों से साथ जुड़ें जो स्थापित हैं और भविष्य के रुझानों को समझने में आपकी मदद कर सकते हैं। मानसिक तनाव का शिकार हो सकते हैं।

मीन :- आज प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। दिनचर्या अच्छी रहेगी। धन का लाभ होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा हो सकता है। प्रियजन से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आज आपके कामकाज में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती है। घर में किसी को स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कते हो सकती है। घर में उल्लास का माहौल आपके तनावों को कम कर देगा। जीवनसाथी का बिगड़ता स्वास्थ्य आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

हम विश्व मंगल साधना के मौन पुजारी हैं : मोहनराव भागवत

0

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत ने कहा कि संगठित कार्य शक्ति हमेशा विजयी रहती है। हम विश्व मंगल साधना के मौन पुजारी हैं। इसके लिए सामर्थ्य-सम्पन्न संघ शक्ति चाहिए, क्योंकि अच्छा कार्य भी बिना शक्ति के कोई मानता नहीं है, कोई देखता नहीं है। यह विश्व का स्वभाव है।

डॉ. भागवत शनिवार को जयपुर के जामडोली स्थित केशव विद्यापीठ में चल रहे सेवा संगम के दूसरे दिन देशभर से आए सेवा भारती के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संघ की प्रार्थना में “विजेत्री च नः संहता कार्यशक्तिर् विधायास्य धर्मस्य संरक्षणम्। परं वैभवं नेतुमेतत् स्वराष्ट्रं ” ऐसा कहा गया है। संगठित कार्य शक्ति हमेशा विजयी रहती है। धर्म का सरंक्षण करते हुए हम राष्ट्र को परम वैभव सम्पन्न बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि संघ की प्रेरणा से स्वयंसेवकों ने सेवा कार्य किए। इनसे ही सेवा भारती का जन्म हुआ। सेवा का कार्य सात्विक होता है। फल की इच्छा नहीं रखकर किए जाने वाले कार्य सात्विक होते हैं। जो कार्य स्वार्थवश किए जाते हैं वे राजसी कार्य होते हैं। तामसिक कार्य भी होते हैं, ऐसा करने वाले अपना भी भला नहीं करते और दूसरों का भी नुकसान करते हैं।

सेवा का लाभ सेवित और सेवक दोनों को होता है। सेवक निस्वार्थ बुद्धि से सेवा करते हैं। उन्होंने निस्वार्थ सेवा पर बल देते हुए कहा कि कार्यकर्ता कार्य के स्वभाव के साथ तन्मय होता है, तब कार्य होता है। कार्य के अनुरूप कार्यकर्ता हो, ऐसी समझ हमें विकसित करनी है। सेवा कार्य मन की तड़पन से होते हैं। हमें विश्व मंगल के लिए काम करना है। इसलिए काम करने वालों का बड़ा समूह खड़ा करना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का प्रबोधन करते हुए कहा कि कार्य करने के लिए कार्यकर्ता में रुचि, ज्ञान और भान होना आवश्यक है। हमें जय-जय नहीं करनी है और ना ही करानी है। जो सबने मिलकर तय किया उसको मानना और असहमत होते हुए भी कार्य सफल करना कार्यकर्ता का स्वभाव होना चाहिए। सेवा कार्य में जोश से ज्यादा होश की आवश्यकता रहती है।

डॉ. भागवत ने प्रसिद्धि से दूर रहकर सेवा कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि सेवा करते हैं तो अपने आप प्रसिद्धि मिलती है, लेकिन उस ओर ध्यान नहीं देना है। सात्विक सेवा के पीछे अहंकार नहीं होता है। कई बार छोटी- छोटी बातों से बड़ी बातें बनती हैं। सात्विक प्रकृति का हमारा कार्य है, इसलिए सात्विक कार्यकर्ता बनाने पड़ेंगे। ऐसा करने में अहंकार आड़े नहीं आने देना है। पूरे उत्साह से कार्य करते हुए मन, वाणी और शरीर का तप हमें करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सेवा में उग्रता नहीं सौम्यता चाहिए। ज्यादा बड़बोलापन काम का नहीं है। इसलिए सौ काम हो जाएं, तब एक बताने का हमारा स्वभाव होना चाहिए। भावों की निरंतर शुद्धि करते रहना चाहिए। हम अपनों की सेवा कर रहे हैं, इसमें मनुष्यता की अभिव्यक्ति है। हम कोई बड़ा काम नहीं कर रहे हैं। यह हमारा सामाजिक दायित्व है। ऐसे मन को रखना, इसे ही मानस-तप कहते हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा का कार्यकर्ता बनना बहुत आसान बात नहीं है। अपना जैसा रीति रिवाज है, वैसा अन्य किसी संस्था में नहीं है। हम अपनी- अपनी जगह खूब सेवा कार्य करते हैं। सेवा का काम डॉ. हेडगेवार की जन्म शती से नहीं, उनके जन्म से शुरू हुआ। संघ की स्थापना तक डॉ. हेडगेवार ने भी बहुत सेवा कार्य किए। आपदा प्रबंधन भी किया। पीड़ितों की सेवा भी की। इसी का प्रतिबिंब संघ के कार्यक्रमों में आया और जगह जगह होने वाले सेवा कार्यों को सेवा भारती के रूप में व्यवस्थित रूप दिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा के लिए उपयुक्त एवं उत्कृष्टतापूर्ण कार्यकर्ता बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

लोगों को अपनी बात कहने से रोक रही है केन्द्र सरकार : सचिन पायलट

जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार पर लोगों को अपनी बात कहने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी ने देश के अंदर ऐसा माहौल बना दिया है जहां लोगों को अपनी बात कहने से रोका जा रहा है ।

पायलट यूथ कांग्रेस के द्धारा शनिवार को जयपुर में आयोजित लोकतंत्र बचाओ मशाल जुलूस में शामिल होने के दौरान मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद में बोलने की कोशिश की लेकिन जिस तरह घटनाक्रम को अंजाम दिया गया, उसमें लोअर कोर्ट से लेकर उनका लोकसभा की सदस्यता से निष्कासन और लगातार सदन को न चलने देना इस बात का प्रतीक है कि केन्द्र सरकार सच्चाई को सुनना नहीं चाहती।

इस कारण विपक्ष के सब लोग इकट्ठे होकर अपनी आवाज जनता तक पहुंचा रहे हैं और आज जयपुर में मशाल जुलूस निकाला गया और अहंकार में डूबी केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज सड़कों पर लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की है और इसके विरोध में पहली बार पूरा विपक्ष इकट्ठा है और वह सड़कों पर उतर आया है।

पायलट ने कहा कि विपक्ष के लोगों को टारगेट किया जा रहा है और ईडी आदि के नोटिस दिए गये उनमें 95 प्रतिशत विपक्ष के लोग शामिल है। इससे पहले पायलट मशाल जुलूस में शामिल हुए। मशाल जुलूस अल्बर्ट हॉल से गांधी सर्किल तक निकाला गया। इस दौरान राज्य के खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, युथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, विधायक मुकेश भाकर एवं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।

अर्जुन अवार्डी सविता पूनियां विवाह बंधन में बंधी

0

सिरसा। हरियाणा में सिरसा के गांव जोधकां की बेटी भारतीय हॉकी टीम (महिला) की कप्तान व अर्जुन अवार्डी सविता पूनियां विवाह बंधन में बंध गई है। पड़ोसी प्रांत पंजाब के जीरकपुर स्थित एक निजी पैलेस में विवाह समारोह आयोजित हुआ। जिसमें मूलत: सोनीपत व फिलहाल कनाडा में रह रहे अंकित बल्हारा के साथ सविता ने सात फेरे लिए।

अंकित कनाडा में बैंक में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। इसके साथ ही हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री में प्ले बैक सिंगर भी हैं। अंकित के पिता भाल सिंह बल्हारा मशहूर हरियाणवी फिल्म चंद्रावल के निदेशक और कलाकार हैं।

शादी समारोह से लौटे सविता पूनियां के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि सविता पूनिया का बीते वर्ष अप्रैल में रिश्ता तय हुआ था, रिश्ता तय होने के बाद सविता पूनिया व अंकित ने वीडियो कॉल कर बातचीत शुरू की। जिसके बाद दोनों परिवारों ने मिलना शुरू किया।

पिता महेंद्र पूनियां का कहना है कि उनके दामाद अंकित बल्हारा ने दहेज के रूप में एक रुपया व नारियल शगुन लिया है। उन्होंने कहा कि उनकी जो सामाजिक जिम्मेदारी थी उसे उन्होंने निभा दिया। उन्होंने बताया कि शादी समारोह बिल्कुल बगैर दिखावा के किया गया था। समारोह में भारतीय हॉकी एसोसिएशन के प्रधान डा.दलीप टीवीटी, पूर्व प्रधान डा.नरेंद्र ध्रुव बत्रा, हॉकी खिलाड़ी वंदना,रजनी ने भी भाग लिया।

पिता महेंद्र सिंह पूनियां ने बताया कि शादी के बाद अभी सविता भारत में ही रहेगी। सविता का लक्ष्य ओलंपिक 2024 है, इसलिए वह अपना खेल जारी रखेगी। सविता 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक चीन में प्रस्तावित खेलों में हिस्सा लेंगी। वह 12 अप्रैल को बेंगलूरु पुन:अभ्यास करने जाएंगी।

हॉकी खिलाड़ी सविता पूनियां को बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए अर्जुन अवार्ड मिल चुका है। टोक्यो ओलिंपिक में आस्ट्रेलिया के खिलाफ आठ पेनल्टी कॉर्र्नर बचाकर ‘द ग्रेट वॉल ऑफ इंडिया’ बनी थीं। तब से सविता पूनियां को द ग्रेट वॉल ऑफ इंडिया नाम से पुकारा जाता है।

IPL 2023 : चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियन्स को 7 विकेट से हराया

मुंबई। चेन्नई सुपरकिंग्स ने रवींद्र जडेजा (20/3) की बेजोड़ गेंदबाजी और अजिंक्या रहाणे (61) के तूफानी अर्द्धशतक की बदौलत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शनिवार को मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से मात दी। मुंबई ने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम पर सीज़न का पहला मैच खेलते हुए 20 ओवर में 157 रन बनाये। चेन्नई ने यह लक्ष्य आसानी के साथ 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।

मुंबई के लिए निराशाजनक रहे मैच में ईशान किशन ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने 31 रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा मुंबई का कोई बल्लेबाज महत्वपूर्ण योगदान नहीं दे सका और मेजबान टीम चेन्नई की फिरकी के आगे ढेर हो गई।

चेन्नई के लिए पदार्पण कर रहे रहाणे ने मात्र 27 गेंद पर सात चौके और तीन छक्के लगाकर 61 रन बनाए। वह चेन्नई को दमदार शुरुआत दिलाने के बाद पारी के आठवें ओवर में आउट हो गए जिसके बाद अंबाती रायडू (16 गेंद, 20 रन) ने विजयी चौका जड़कर चेन्नई को तीन मैचों में दूसरी जीत दिलाई।

चेन्नई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे का विकेट पहले ही ओवर में गंवा दिया, लेकिन इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद लोगों को रहाणे का आक्रामक रूप देखने को मिला। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रहाणे ने पहली ही गेंद पर दो रन लेकर खाता खोला। इसके बाद उन्होंने कॉनवे का विकेट लेने वाले जेसन बेहरेनडॉफ को छक्का जड़कर पारी की रफ्तार बढ़ाई, जबकि अगले ही ओवर में अरशद खान के खिलाफ एक छक्का और चार चौके जमा डाले।

चेन्नई ने पावरप्ले में 68 रन बनाए, जबकि रहाणे ने 19 गेंद में इस आईपीएल सीज़न का सबसे तेज अर्द्धशतक पूरा किया। रहाणे मैच को जल्दी खत्म करके चेन्नई के नेट रनरेट में बड़ा इज़ाफ़ा कर सकते थे लेकिन पीयूष चावला ने उन्हें 61 रन पर पवेलियन लौटा दिया। रहाणे का विकेट गिरने के बाद चेन्नई की पारी की रफ्तार धीमी बड़ गयी, हालांकि रुतुराज गायकवाड़ और शिवम दूबे विकेट पर जमे रहे। गायकवाड़-दूबे ने मध्य ओवरों में स्पिनरों का सूझबूझ से सामना करते हुए तीसरे विकेट के लिये 43 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

कुमार कार्तिकेय (चार ओवर, 24 रन, एक विकेट) अपने आखिरी ओवर में दूबे का विकेट लेने में कामयाब रहे, जिसके बाद रुतुराज और अंबाती रायडू ने चेन्नई को जीत की दहलीज़ के पार पहुंचाया। गायकवाड़ ने 36 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 40 रन बनाये, जबकि रायडू ने 16 गेंद पर तीन चौकों सहित 20 रन बनाये, जिसमें चेन्नई को जीत दिलाने वाला चौका शामिल रहा।

इससे पूर्व, मुंबई ने टॉस हारकर दमदार शुरुआत की और किशन के साथ-साथ कप्तान रोहित शर्मा भी लय में नज़र आए। रोहित ने दीपक चाहर को चौका मारकर अपना खाता खोला, जबकि किशन ने भी तीसरे ओवर में सिसांदा मगाला को तीन चौके जमाते हुए 14 रन बटोरे। रोहित 13 गेंद पर तीन चौकों और एक छक्के के साथ 21 रन बनाकर चौथे ओवर में आउट हो गये, लेकिन किशन ने प्रहार जारी रखा और पावरप्ले में मुंबई को 61/1 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

इस समय तक मुंबई अच्छी स्थिति में थी लेकिन धोनी ने एक बार फिर स्पिनरों का प्रयोग करके बल्लेबाजों पर दबाव बनाया, जिसका फल उन्हें विकेटों के रूप में मिला। किशन (21 गेंद, पांच चौके, 32 रन) पावरप्ले खत्म होते ही लॉन्ग ऑन को कैच देकर पवेलियन लौट गये, जबकि मिचेल सैंटनर ने सूर्यकुमार यादव को एक रन के स्कोर पर विकेटकीपर धोनी के हाथों कैचआउट करवाया।

अचानक तीन झटके लगने के बाद मुंबई की उम्मीदें कैमरन ग्रीन से बंधी थीं लेकिन वह जडेजी की गेंद पर उन्हें ही कैच दे बैठे। सैंटनर ने 10 ओवर समाप्त होने से पहले अरशद खान को आउट करके मुंबई की आधी टीम को पवेलियन लौटा दिया।

तिलक वर्मा (18 गेंद, 22 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (10 गेंद, पांच रन) बड़ा योगदान दिये बिना आउट हो गये, लेकिन टिम डेविड ने 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। डेविड ने 22 गेंद की पारी में एक चौका और दो छक्के जड़े, जबकि उनके साथ ऋतिक शौकीन ने 13 गेंद पर तीन चौकों सहित 18 रन का योगदान दिया।

चेन्नई के लिए जडेजा ने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर तीन विकेट लिये, जबकि मिचेल सैंटनर ने चार ओवर में 28 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं। तुषार देशपांडे (तीन ओवर, 31 रन) को दो जबकि मगाला (चार ओवर, 37 रन) को एक विकेट प्राप्त हुआ।

राजस्थान में शनिवार को कोरोना के 137 नए मामले सामने आए

जयपुर। राजस्थान में कोरोना के मामलों में और वृद्धि दर्ज की गई और शनिवार को इसके 137 नए मामले सामने आने से सक्रिय मरीजों की संख्या पांच सौ के पास पहुंच गई ।

चिकित्सा विभाग के अनुसार जयपुर में सर्वाधिक 46 नए मामले सामने आए । इसी तरह जोधपुर जिले में 17, उदयपुर एवं अजमेर में 15-15, अलवर मेंं 11, झालावाड़ में नौ, सिरोही में सात, बीकानेर में पांच, चूरु में चार, टोंक में तीन, चित्तौड़गढ़ में दो एवं बूंदी, दौसा एवं कोटा में एक-एक नए मामले सामने आए। इससे राज्य में नए मामलों की संख्या बढ़कर 13 लाख 16 हजार 612 हो गई।

नए मामलों के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 496 पहुंच गई। इनमें सर्वाधिक 129 सक्रिय मरीज जयपुर में है जबकि जोधपुर में 58, उदयपुर में 56, बीकानेर में 37, राजसमंद में 33, अजमेर में 32, अलवर में 29, झालावाड़ में 21 एवं सिरोही में 18 जबकि एक दर्जन से अधिक जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज है।

कोरोना के 23 मरीजों के और स्वस्थ होने से राज्य में इससे अब तक ठीक होने वाले लोगों की संख्या 13 लाख छह हजार 450 हो गई। राज्य में अब तक कोरोना से 9666 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में आज 1781 लोगों के कोरोना जांच के लिए नमूने लिए गए । अब तक राज्य में दो करोड़ 16 लाख 92 हजार 651 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं।

ब्राइटर माइंड बच्चों ने आंखों पर बांधी पट्टी, सूंघ कर बताए नोटों के नंबर


अजमेर।
तीन दिवसीय योग महोत्सव में दूसरे दिन शनिवार को ब्राइटर माइंड के प्रशिक्षित बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांध सूंघ कर बताए नोटों के नंबर बताए तथा एकरंग की गिलास जमाईं।

इस मौके पर सांसद भागीरथ चौधरी ने हर दिन ध्यान, हर दिल ध्यान को अंगीकार करने का आह्वान करते हुए कहा कि धार्मिक नगरी अजमेर में तीन दिवसीय योग महोत्सव का आयोजन होना एक अच्छी शुरुआत है। वर्तमान में व्यक्ति का जीवन एक मशीन की तरह से संचालित हो रहा है। इससे बचने के लिए योग, प्राणायाम और ध्यान आवश्यक है।

व्यक्ति बाहरी भौतिक वस्तुओं से सुख प्राप्त करने की चाह रखता है। जबकि शांति का निवास हृदय के अंदर है। इस संबंध में प्रत्येक व्यक्ति को विचार करना चाहिए। हर दिन ध्यान, हर दिल ध्यान के भावों को जीवन में अंगीकार करने की आवश्यकता है। कोरोना महामारी के कारण मानव सभ्यता पर अस्तित्व का संकट आ गया था। इसका समाधान योग के माध्यम से किया जा सकता है। योग महोत्सव से प्रत्येक व्यक्ति जुड़कर अपना दिन सुखमय बना सकता है।

उन्होंने कहा कि ब्राइटर माइंड के प्रशिक्षित बच्चों की आंखों पर दोहोरी रुई से भरी हुई पट्टी बांधी गई थी। बच्चों ने स्पर्श के माध्यम से तथा सूंघकर रंग एवं कार्ड पहचाने। यह एक अदभुत योग्यता है। मानव सबसे बुद्धिमान प्राणी है। इसकी बुद्धि की सीमा अनंत है। योग प्रशिक्षण से बुद्धि को नई ऊंचाइयों तक विकसित किया जा सकता है। बच्चों ने अपने भीतर झांककर यह योग्यता प्राप्त की है। इससे बच्चों ने बाहरी नकारात्मकता पर नियंत्रण करना सीख लिया है।

योग महोत्सव के आयोजन समन्वयक केके शर्मा आईएएस (सेनि) ने बताया कि तीन दिवसीय योग महोत्सव संस्कृति मंत्रालय, श्री रामचंद्र मिशन हार्टफुलनेस संस्थान, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं नगर निगम के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। योग महोत्सव में दूसरे दिन शनिवार को मोटापा तथा वजन प्रबंधन से संबंधित आसन, प्राणायाम एवं मुद्राओं का अभ्यास करवाया गया।

महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के योग विभाग के लारा शर्मा के दल ने योग तथा आसनों के अभ्यास कराए। इनसे शरीर की अनावश्यक वसा को हटाकर स्थूल शरीर के सवार्ंग संतुलित किए जा सकते हैं। कृश काय व्यक्तियों के वजन का प्रबंधन भी वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकता है। योग इंस्ट्रक्टर नितेंद्र उपाध्याय ने शंख मुद्रा और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इनसे शरीर का ऊर्जा प्रवाह संतुलित रहता है। हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. विकास सक्सेना तथा हृदय आधारित ध्यान अंकुर गहलोत ने कराया।

शनिवार को पूरे दिन विद्यार्थियों के लिए विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया। सायंकालीन सत्र में भी अभ्यास करवाया गया। इस दिन विभिन्न सत्रों में 2 हजार 702 व्यक्तियों ने योग, प्राणायाम, ध्यान, ब्राइटर माइंड तथा पॉलेरिटी का अनुभव किया। रविवार को प्रातः कालीन सत्र सुबह 6 बजे से आरंभ होगा। इस दिन की गतिविधियां थायराइड तथा मधुमेह डायबिटीज पर केंद्रित रहेगी।

ब्राइटर माइंड्स प्रशिक्षक नेहा कपूर ने बताया कि प्रशिक्षित बच्चों ने शनिवार को भी अतिंद्रीय कार्य किए। गतिक वर्मा में सुनने की क्षमता तथा मनन को स्पर्श क्षमता को विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया था। उन्होंने भारतीय मुद्रा की पहचान की। नोटों की राशि तथा नंबर की सही पहचान करके बताई। नंदिनी मेंघानी को गणमान्य द्वारा वस्तुओं की टोकरी में से एक चीज पकड़ाई गई। उसने लिपस्टिक की पहचान कर सही रंग भी बता दिया।

होनिषा पारीक को विभिन्न रंगों की एक आकार की गेंदों से भरा हुआ एक थैला पकड़ाया गया। उसमें से एक गेंद निकालकर रंग बता दिया। होनिषा में फीलिंग की क्षमता विकसित की गई है। इसी प्रकार मनन के सामने एक जैसे दिखने वाले अलग-अलग रंगों के गिलास रखे गए। उसने हाथों से स्पर्श कर समान रंग के गिलास एक दूसरे में रखे।

उन्होंने बताया कि सुदर्शन को स्पर्श तथा सुनने का प्रशिक्षण दिया गया है। उसके समक्ष विजिटिंग कार्ड रखा गया था। बच्चे ने विजिटिंग कार्ड के रंग, डॉ. प्रेमसुख सुराणा का नाम उस पर लिखा गीता में डिप्लोमा तथा स्वास्तिक के निशान की सटीक पहचान की।

इस अवसर पर पोक्सो कोर्ट के जिला न्यायाधीश बन्ना लाल जाट, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महा निरीक्षक एके सिंह, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त गजेंद्र सिंह राठौड़, आयुर्वेद विभाग के निदेशक आनंद शर्मा, जेके शर्मा, उद्यमी सुगन चंद गहलोत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर निकलेगी ऐतिहासिक वाहन रैली, रक्तदान रविवार को

अजमेर। महात्मा ज्योतिबा फुले की 196वीं जयंती को भव्य रूप से मनाए जाने के लिए माली सैनी समाज ने पूरी ताकत झोंक दी है। शनिवार को मनुहार गार्डन में जयंती को लेकर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय जागृति मंच के बैनर तले दिनभर होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। वाहन रैली के संयोजक दिलावर चौहान व नवीन कछावा ने बताया कि इस बार ऐतिहासिक रैली होगी तथा समाज के 1500 से अधिक युवा, मातृशक्ति समेत समाजबंधु इसमें शिरकत करेंगे। रैली का करीब 50 स्थानों पर पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा। रैली में आने का निमंत्रण देने के लिए पीले चावल बांटे जा रहे हैं।

मंच के अध्यक्ष पूनमचंद मारोठिया ने कहा कि फुले जयंती के दिन सुबह 10 बजे से महात्मा ज्योतिबा फुले स्मारक पर पुष्पांजलि का आयोजन होगा। सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय जागृति मंच की अध्यक्ष एवं पार्षद सुनीता चौहान के नेतृत्व में समाज की मातृशक्ति की ओर से शाम को 1100 दीपकों से स्मारक को जगमग ​किया जाएगाा।

आतिशबाजी और महाआरती होगी आकर्षण का केन्द्र

ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर शाम को ज्येतिबा फुले सर्किल पर भव्य आातिशबाजी की जाएगी। इसके बाद महाआरती की जाएगी। मंगल गीत गाए जाएंगे। इस मौके पर समाज के विशिष्टजनों, भामाशाहों का सम्मान कियाा जाएगा।

समाज के वरिष्ठजनों ने किया युवाओं का मार्गदर्शन

जयंती के कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान युवावर्ग के जोश को देखते हुए समाज के भामाशाह त्रिलोक इंदौरा, अजमेर माली महासभा के अध्यक्ष धर्मेन्द्र गहलोत, समाजसेवी महेश चौहान, चेतन सैनी, घीसू गढवाल, सेवाराम चौहान ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया साथ ही समाजबंधुओं से दिनभर होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।

समाज की समस्त संस्थाओं के अध्यक्ष रहे मौजूद

बैठक में माली सैनी समाज की समस्त संस्थाओं के अध्यक्षों व प्रतिनिधियों ने वाहन रैली को भरपूर समर्थन देते हुए इसमें विभिन्न प्रकार की झाकियां, गाजे बाजे समेत अन्य व्यवस्था के लिए संस्थाओं के सदस्यों का आहवान किया। इस मौके पर हेमराज सिसोदिया, पार्षद बीना टांक, सुषमा चौहान, आशा सांखला, पूर्व पार्षद बीना टांक, माकनलाल मारोठिया, गौरव टांक, सतीश सैनी, ओम ढलवाल, रमेश गढवाल, धर्मेन्द्र चौहान, पूर्व पार्षद गोपाल चौहान, हेमराज खारोलिया, गणेश टांक, राजू सांखला, पूर्व पार्षद विजय सिंह गहलोत, हरिसिंह गढवाल, शंकर टांक समेत बडी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शहर के इन मार्गों से गुजरेगी वाहन रैली

महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के मौक पर होने वाली वाहन रैली के लिए सभी गुलाबबाडी स्थित राधारानी गार्डन में एकत्र होंगे। रैली ठीक 4 बजे रवाना होगी। मेयोलिंक रोड, 9 नंबर पेट्रोंल पंप, प्रकाश रोड नगरा, अलवर गेट, मार्टिंडल ब्रिज, जीसीए चौराहा, केसरगंज गोल चक्कर, पडाव, कवंडसपुरा, कस्बूरबा अस्पताल, मदारगेट चौराहा, चूडी बाजार, पुरानी मंडी, गोल प्याउ, नया बाजार चौपड, आगरा गेट सब्जी मंडी, जयपुर रोड, डाक बंगला, बस स्टेंड चौराहा होते हुए ज्याोतिबा फुले सर्किल पहुंचेगी। समूचे मार्ग में विभिन्न समाजों, जनप्रतिनिधियों की ओर से जगह जगह स्वागत किया जाएगा।

रक्तदान शिविर रविवार को

माली सैनी संस्थान के अध्यक्ष राजेश भाटी ने बताया कि ज्योतिबा फुले जयंती के उपलक्ष्य में गुलाबबाडी स्थित आनंद पैलेस में रविवार सुबह 9 बजे से अपराहन 3 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान की अपील की है।

कवि एवं शिक्षक के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा : तीन नाबालिग डिटेन

झालावाड़। राजस्थान में झालावाड जिले के ख्यातनाम कवि एवं शिक्षक के ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है।

पुलिस ने लूटी गई शिक्षक की बाइक और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है। स्कूल में सबके सामने डांटने और टीसी काट देने से नाराज होकर नाबालिग ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर यह वारदात की थी।

जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि गिरधरपुरा के सरकारी स्कूल में व्याख्याता शिव चरण सेन की 4 मार्च को स्कूल से घर के लौटते समय रास्ते पर बगदर खान के पास अज्ञात द्वारा धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर बाइक लूट ली गई थी। घटना के संबंध में 100 पुलिसकर्मियों ने 10 किलोमीटर रेंज में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, हजारों मोबाइल नंबर का एनालिसिस किया। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुलाया जाकर साक्ष्य संकलित किए गए।

मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में तीनों नाबालिगों ने हत्या की घटना करना कबूल किया है। इनकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक और वारदात में प्रयुक्त चाकू, गुप्ती और हाथ का लोहे का पंच बरामद किया गया है।