Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 298 -
होम ब्लॉग पेज 298

सीपी जोशी ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का संभाला पदभार

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने आज यहां अपना पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने पार्टी प्रदेश कार्यालय में जोशी को पदभार सौंपा।

पदभार ग्रहण करने के बाद जोशी को प्रदेश कार्यालय मंच से प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, सांसद कनकमल कटारा, राजेन्द्र गहलोत, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने बधाईयां देते हुए सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।

पदभार ग्रहण करने के बाद जोशी ने कहा कि उन्हें विश्वास है 2023 के विधानसभा चुनाव में राजस्थान के कार्यकर्ता निरंकुश कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया अब आने वाले छह माह हमे कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करना है और उस कांग्रेस सरकार को हमेशा के लिए राजस्थान से विदा करना है, जिसके शासन में किसानों को रोना पड़े।

इस अवसर पर डॉ. पूनियां ने कहा कि मुझ जैसे छोटे गांव के किसान परिवार से आए कार्यकर्ता को प्रदेश संगठन में अध्यक्ष पद पर कार्य करने का मौका दिया, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि इन सवा तीन साल के कार्यकाल में उन्होंने सेवा ही संगठन में कार्य किया, साथ ही देश पर आई कोरोना जैसी महामारी को केन्द्रीय योजना के अंतर्गत जीतकर बाहर आए। उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को दंडवत प्रणाम किया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने वीडियों संदेश के माध्यम से सीपी जोशी को पदभार ग्रहण करने की शुभाकामनाएं दी।  प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद प्रसिद्ध मोती डूंगरी स्थित श्री गणेश मंदिर पर दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया एवं प्रदेश में खुशहाली की कामना की। उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिशंकर भाभडा के आवास पर भेंटकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और आशीर्वाद प्राप्त किया।

सस्ती लोकप्रियता के लिए आनन-फानन में लाया गया राइट टू हेल्थ बिल : शेखावत

जयपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्राइवेट डॉक्टरों के प्रति सरकार के रवैये की कड़ी आलोचना की। शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार राइट टू हेल्थ बिल आनन-फानन में केवल सस्ती लोकप्रियता के लिए लाई है। इससे सारा चिकित्सा ढांचा चरमरा जाएगा।

सोमवार को शेखावत ने राइट टू बिल और डॉक्टरों की हड़ताल को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस बिल के कारण से पूरा चिकित्सा समुदाय और प्राइवेट हॉस्पिटल्स के सारे डॉक्टर उद्वेलित हैं। सरकार यह बिल आनन-फानन में केवल सस्ती लोकप्रियता के लिए लेकर आई है। इससे सारा चिकित्सा ढांचा चरमरा जाएगा, क्योंकि राजस्थान सरकार का खुद का चिकित्सा ढांचा तो पहले से ही चरमराया हुआ है। अब तक राजस्थान चिकित्सा सेवाएं इन प्राइवेट डॉक्टर्स के भरोसे चल ही रही थीं, उसको भी इस सरकार ने तोड़ने-मरोड़ने का काम किया है।

गहलोत सरकार की चिरंजीवी योजना का जिक्र करते हुए केंद्रीय शेखावत ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के चलते चिरंजीवी योजना को 25 लाख रुपए किया गया है, लेकिन इसमें सारे पैकेजों को इस तरह कर दिया गया है, जो किसी भी तरीके से लाभप्रद नहीं होंगे। मुफ्त दवा योजना की भी यही स्थिति है। अधिकांश सरकारी अस्पतालों में दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की भारी कमी है। ग्रामीण क्षेत्र के प्राथमिक और सामुदायिक केंद्रों की हालत जर्जर है, लेकिन मुख्यमंत्री केवल प्राइवेट डॉक्टरों पर जबरन कानून लाद कर उन्हें दबाव में लेना चाहते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक तरफ अशोक गहलोत मेडिकल टूरिज्म और निरोगी राजस्थान की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, दूसरी तरफ शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने विधानसभा आ रहे डॉक्टर्स पर लाठियां बरसाई जाती हैं। शेखावत ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के चलते राजस्थान के लाखों लोग बिना इलाज दर-दर भटकने को मजबूर हैं। जान बचाने वाले डॉक्टर सड़कों पर रैली निकालने को विवश हैं। सरकार को तत्काल डॉक्टरों की बात सुननी चाहिए और उनकी जायज मांगों के अनुरूप इस बिल पर पुनर्विचार करना चाहिए।

मुंबई में हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से सोए हुए दो लोगों की मौत

मुंबई। मुंबई के अंधेरी इलाके में बिजली और हार्डवेयर की एक दुकान में भीषण आग लगने से दुकान में सोए हुए दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गईहै। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) आपदा नियंत्रण ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रिर्पोटों के अनुसारयह घटना साकी नाका मेट्रो स्टेशन के पास राजश्री इलेक्ट्रिक एवं हार्डवेयर स्टोर में घटी। दमकल की पांच गाड़ियां और पानी टैंकरों को घटनास्थल पर भेजा गया और पुलिस इस राहत-बचाव की निगरानी कर रही है।

आग की लपटें 200 वर्ग फुट की बिजली की दुकान तक ही सीमित रहीं लेकिन दुकान में दो मचान भी बने हुए थे और वहां पर ज्यादा सामान रखा हुआ था। दमकलकर्मियों ने दो शव बरामद किए। बीएमसी आपदा नियंत्रण के अनुसार उनकी पहचान राकेश गुप्ता (22) और गणेश देवाशी (23) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि कम से कम दो से तीन लोग, कथित रूप से श्रमिक, अब भी दुकान में फंसे हो सकते हैं।

अधिकारियों ने कहा कि आग के कारण दोनों मचान पूरी तरह जलकर खाक हो गए और नीचे गिर गए, जिससे बचाव दल को दुकान में प्रवेश करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगभग नौ घंटे के बाद भी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और इसकी जांच की जा रही है।

गहलोत, रंधावा एवं डोडासरा 31 मार्च को अजमेर में करेंगे कार्यकर्ताओं से संवाद

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में 31 मार्च को संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, तथा प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा शिरकत करेंगे और प्रमुख कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे।

अजमेर में राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने संभाग स्तरीय इस सम्मेलन के स्थान चयन को लेकर स्थानीय नेताओं के साथ कायड़ विश्राम स्थली तथा पटेल मैदान का जायजा लिया और संभाग के अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, नागौर से आने वाले कांग्रेसजनों को सुविधा रहे इस दृष्टि से स्थान पर कल अंतिम निर्णय होगा।

अजमेर शहर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन ने बताया कि संगठन में कार्यकर्ता सम्मेलन की कड़ी मे ही यह सम्मेलन भी किया जा रहा है जो कि अजमेर संभाग के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें आने वाले विधानसभा चुनाव 2023 की रणनीति के लिए तीनों बड़े नेता कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर राज्य में कांग्रेस सरकार को रिपीट करने की दिशा में मंथन करेंगे तथा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

आज के तैयारी दौरे में प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती व राजकुमार जयपाल सहित अनेक स्थानीय नेता मौजूद रहे। उनके साथ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि पटेल मैदान को ही अंतिम रूप से सम्मेलन के लिए चयनित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री गहलोत के 31 तारीख को अजमेर आने की सूचना के बाद तेलंगाना गेस्ट हाउस विरोध मंच, दूसरा नगर निगम में प्रतिपक्ष नेता की नियुक्ति का कांग्रेस के 16 पार्षद द्वारा विरोध तथा राइट टू हेल्थ बिल के मामले में स्थानीय निजी चिकित्सकों का विरोध करने वाले लोग सक्रिय हो गए हैं।

नवविवाहिता से रेप में असफल रहने पर प्राइवेट पार्ट में डाला डंडा

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर क्षेत्र में नवविवाहिता के साथ दुष्कर्म करने में असफल रहने पर आरोपी ने हैवानियत की हदें पार करते हुए उसे लहूलुहान कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता से दुष्कर्म करने पर विफल रहने से झल्लाए हैवान ने न उसे जमकर पीटा बल्कि उसके निजी अंग पर डंडे से चोट पहुंचाई। हैवानियत की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पीड़िता के पति की तहरीर पर पुलिस नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। तहरीर के मुताबिक 24 वर्षीय पीडिता रविवार शाम घर से कुछ दूर खेत में शौच के लिए गई थी कि कुंवर चौहान ने उसे दबोच लिया और दुष्कर्म करने की कोशिश की। नवविवाहिता ने विरोध किया तो मारने-पीटने लगा। शोर मचाने पर उसके प्राइवेट पार्ट में डंडा डाल दिया।

वह बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ी और दर्द से कराहती चीखी चिल्लायी। आरोपी मौके से फरार हो गया। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वो घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में जंगल की ओर गए और अचेतावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर लाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालात होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के संबंध में पीड़िता के पति ने गांव निवासी कुंवर चौहान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ बदलापुर शुभम तोदी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

श्रीराम की नगरी अयोध्या में भव्य रूप से मनेगा रामलला का जन्मोत्सव

अयोध्या। श्रीराम की नगरी अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का जन्मोत्सव इस बार भव्य रूप से मनाया जाएगा।

श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने सोमवार को बताया कि भगवान श्रीराम का जन्म चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी को पुनवर्सु नक्षत्र और कर्क लग्र में दोपहर 12 बजे हुआ था। इस वर्ष यह मुहूर्त 30 मार्च को पड़ रहा है। जन्मोत्सव को लेकर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव पर रामलला को इस बार छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा, साथ ही प्रसाद में तीन तरह की पंजीरी, पंचामृत का भोग लगेगा। प्रसाद के रूप में दो कुंतल पंजीरी तैयार की जाएगी, जिसका भोग लगाकर रामभक्तों को वितरित किया जाए। कुट्टू व सिंघाड़े का आटा व रामलला की पंजीरी का भोग रामलला को लगेगा।

दास ने बताया कि नौ दिन रामलला को विभिन्न प्रकार के वस्त्र पहनाए गएहैं लेकिन जन्मोत्सव के दिन पीला वस्त्र रामलला को धारण कराया जाएगा। कलश की स्थापना हो गई है। फल, पेड़ा सहित अन्य सामाग्रियों का भोग लगेगा जो प्रसाद के रूप में भक्तों को वितरण कराया जाएगा।

जन्मोत्सव मनाए जाने के बाद यह प्रसाद रामजन्मभूमि में लगे सुरक्षा कर्मियों सहित मंदिर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों, इंजीनियरों के साथ रामलला के दर्शनार्थियों को बांटा जाएगा। उन्होंने बताया कि रामलला का विधि विधान पूर्ण अभिषेक पूजन किया जाएगा। पांच कुंतल दूध से रामलला का अभिषेक होगा। इत्र से उन्हें स्नान कराया जाएगा।

जन्मोत्सव पर रामलला रत्न जडि़त वस्त्र धारण करेंगे। जन्मोत्सव के उल्लास में अयोध्या झूम रही है। राम मंदिर निर्माण की खुशी बयां हो रही है। पूरी अयोध्या जन्मोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए अयोध्या के संत धर्माचार्य तैयारियों में जुट गए हैं। रामजन्मोत्सव पर पूरी अयोध्या को राममय बनाने की तैयारी है। इस बार घर-घर उत्सव मनाया जाएगा।

रामलला के मुख्य पुजारी ने बताया कि श्रीरामजन्मभूमि परिसर में श्रीरामजन्मोत्सव की तैयारी की भव्यता देखनेे लायक होगी क्योंकि पूरे अयोध्या को सजाने का काम शुरू हो गया है। जन्मोत्सव के दिन सुबह रामलला का पांच कुंतल दूध से अभिषेक तो किया ही जाएगा। साथ ही साथ उन्हें खास वस्त्र श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से तैयार कराया गया वस्त्र उन्हें पहनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पांच सौ एक किलो चरनामृत प्रसाद भी तैयार किया गया है। श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन भक्तों को मिल सके इसके लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन करने वाले श्रद्धालु की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है तो श्रद्धालु रामलला का दर्शन तो करेंगे ही मगर उसको देखना नहीं भूलेंगे, इसलिए भगवान राम की नगरी में भक्तों की अपार भीड़ होने की संभावना है।

आकांक्षा दुबे की मां ने भोजपुरी गायक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

वाराणसी। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां ने यहां सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि आकांक्षा की हत्या हुई है।

बेटी की मृत्यु की सूचना पर सोमवार सुबह मुबंई से वाराणसी पहुंची मधु दुबे ने कहा कि उनकी पुत्री बहादुर थी और वह आत्महत्या जैसा कायरना कृत्य नहीं कर सकती। उन्होने सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ बेटी को प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया।

गौरतलब है कि भोजपुरी अभिनेत्री का शव एक होटल में फांसी के फंदे से लटका मिला था। वह एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में 22 मार्च को वाराणसी पहुंची थी। अपर पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने आरोप लगाया कि भोजपुरी गायक समर सिंह उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। अपर पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी।

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने फांसी लगाकर की सुसाइड

अडानी समूह में सरकारी निवेश की जांच क्यों नहीं होती : राहुल-प्रियंका

नई दिल्ली। कांग्रेसी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि एलआईसी, भारतीय स्टेट बैंक एवं कर्मचारी भविष्य निधि जैसे संगठनों में जमा आम जनता का पैसा अडानी समूह की कंपनियों में सरकार ने क्यों लगाया है और जब इसकी जांच की मांग की जा रही है तो सरकार चुप्पी क्यों साध रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मामले में भ्रष्टाचार हुआ है और जब इस घोटाले की जेपीसी से जांच की मांग की जा रही है तो सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है और घोटाले की जांच भी नहीं कराई जा रही है।

गांधी ने कहा कि एलआईसी की पूंजी, अडानी को। एसबीआई की पूंजी, अडानी को। ईपीएफओ की पूंजी भी अडानी को। ‘मोडानी’ के खुलासे के बाद भी, जनता के रिटायरमेंट का पैसा अडानी की कंपनियों में निवेश क्यों किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी, न जांच, न जवाब। आख़िर इतना डर क्यों।

प्रियंका वाड्रा ने कहा कि मोदी जी की निगरानी में एसबीआई का पैसा अडानी को, एलआईसी में लगा जनता का पैसा अडानी को, भविष्य निधि में जमा कर्मचारियों की मेहनत का पैसा अडानी को, लेकिन भ्रष्टाचार और अडानी की फर्जी कंपनियों की जांच नहीं कराएंगे। प्रधानमंत्री जी दोस्त बचाओ मिशन पर हैं, हमें एकजुट होकर देश बचाना है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जो पैसा अडानी समूह की कंपनियों में गलत तरीके से डाला गया है उसको लेकर सरकार से सवाल पूछे जा रहे हैं लेकिन न सवालों के जवाब दिए जा रहे हैं और ना आरोपों की जांच का काम किया जा रहा है।

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने भी सवाल किया कि आखिर अडानी की संपत्ति कुछ ही साल में 12 लाख करोड़ रुपए कैसे पहुंची है और जब इस बारे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सवाल किया तो उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मिला बंगला खाली कराने का नोटिस

पुष्कर के वरिष्ठ पत्रकार नाथू शर्मा का निधन

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के निकटवर्ती तीर्थराज पुष्कर के लोकप्रिय वरिष्ठ पत्रकार नाथू शर्मा का आज सुबह निधन हो गया।

72 वर्षीय दिवंगत नाथू शर्मा लंबे समय से पुष्कर की पत्रकारिता में न केवल लोकप्रिय रहे बल्कि तीर्थ पुरोहितों, साधु संतों, राजनीतिज्ञों के साथ साथ सार्वजनिक जीवन के लोगों में अपनी पत्रकारिता की छाप छोड़े रहे। उन्होंने चालीस वर्षों तक दैनिक नवज्योति को पत्रकारिता की सेवाएं दी और वे पुष्कर प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी रहे।

शर्मा के निधन से पत्रकार जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। वे अस्पताल में भर्ती थे और आज सुबह उनका निधन हो गया। बड़ी बस्ती पुष्कर श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। ब्रह्मा मंदिर के निकट उनके व्यवसायिक प्रतिष्ठान से ही वे पत्रकारिता को संचालित किया करते थे। उनके पुत्र नितिन शर्मा अब उनकी पत्रकारिता को आगे बढ़ाएंगे।

खुद को लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं से ऊपर समझते हैं राहुल गांधी : शेखावत

नई दिल्ली। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी व उनका परिवार स्वयं को इस देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं से ऊपर समझने लगे हैं। इसलिए वे न्यायपालिका के फैसले का भी सम्मान नहीं कर रहे। गांधी और कांग्रेस में उनके नेताओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजाक उड़ाने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र में विश्व जल सम्मेलन से लौटने के बाद सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को जब से मानहानि के प्रकरण में सजा मिली है और उसके बाद जनप्रतिनिधि कानून के प्रावधानों के चलते लोकसभा से उनकी सदस्यता समाप्त हुई, वे और उनकी पार्टी के नेता अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। यहां तक कि कई नेता न्यायपालिका और संसद पर ही टिप्पणियां करके ऐसा जता रहे हैं, मानो गांधी परिवार इस देश के संविधान, न्यापालिका और अन्य सभी व्यवस्थाओं से ऊपर है।

पहली गलती से नहीं लिया सबक

शेखावत ने कहा कि राहुल गांधी आदतन अपराधी की तरह काम कर रहे हैं। जब 2018 में सुप्रीम कोर्ट से फटकार लगी उसके बाद भी वे अनर्गल आरोप लगाते रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में माफी मंगाने के बाद उन्होंने अपने आपको बचाया था, लेकिन उन्हें याद करना होगा कि सुप्रीम कोर्ट ने उस समय कहा था कि वे भविष्य में इस तरह की गलती नहीं करें। ऐसा यदि एक ही बार हुआ होता तो शायद देश उन्हें माफ कर सकता था, लेकिन हर बार वे बड़ी गलती करते हैं।

अदालत ने दिया था माफी मांगने का मौका

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि इस मामले में न्यायालय ने सजा सुनाने से पहले उन्हें माफी मांगने का मौका दिया था, लेकिन वे अहंकार में इतना डूबे थे कि उन्होंने माफी मांगना भी अपना अपमान समझा। न्यायालय द्वारा माफी मांगने के लिए दिए गए मौके का उन्होंने अनादर किया। अब सजा सुनाए जाने के बाद कांग्रेस नेता न्यायपालिका और न्यायाधीश की क्षमता पर ही प्रश्न चिन्ह खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता अदालत को लेकर जिस तरह से अनर्गल बयान दे रहे हैं, इससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का न संविधान में न ही संविधान की संस्थाओं में विश्वास रह गया है।

राहुल ने किया ओबीसी वर्ग का अपमान

उन्होंने कहा कि राहुल ने देश के प्रधानमंत्री को जाति सूचक अपमान भरे शब्दों से संबोधित किया। साथ ही, पूरे समाज को लेकर टिप्पणी की, जिससे देश का पूरा ओबीसी वर्ग आहत हुआ है। इसी आहत भावना के चलते जो वाद दायर किया था, उसका भाजपा और भाजपा सरकार से कोई लेना-देना नहीं था। मामला 2018 से चल रहा था, लेकिन मामले में राहुल गांधी ने अपना पक्ष ठीक से नहीं रखा। अदालत ने माफी का अवसर दिया था, वह भी नहीं मांगी।

इससे लगता है कि वे और गांधी परिवार अपने आप को देश के न्यायालयों और अन्य व्यवस्थाओं से भी ऊपर मानते हैं। इससे न्यायपालिका उनके खिलाफ कोई निर्णय नहीं करेगा, यह अहंकार राहुल गांधी में था। इसके चलते उन अवसरों को गंवा दिया। इसके बाद सजा मिलने पर जो कानून अपना काम करता है, जिस कानून को सुप्रीम कोर्ट ने मोहर लगाई है कि किसी भी सांसद को दो साल या इससे अधिक की सजा मिलने पर उसकी सदस्यता स्वत: ही खत्म हो जाएगी। इस कानून के तहत लोकसभा अध्यक्ष के पास किसी भी प्रकार का विवेकाधीन अधिकार नहीं है कि वे किसी सांसद को उसके निलंबन पर कोई फैसला करें।

लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का अपमान कर रही कांग्रेस

शेखावत ने कहा कि अब इस फैसले के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अमर्यादित बातें कही जा रही है। इससे स्पष्ट होता है कि गांधी परिवार अहंकार में है और अपने आपको व्यवस्थाओं से ऊपर समझता है।

वीर सावरकर को समझने के लिए अंडमान जाएं राहुल

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने वीर सावरकर का नाम अप्रासंगिक रूप से घसीटा है। इससे उनके करोड़ों समर्थकों को ठेस पहुंची है। राहुल यदि सावरकर को जानना चाहते हैं तो एक बार अंडमान की कालकोठरी में जाकर बैठिए। वे दीवारें आज भी सावरकर की यातनाओं की साक्षी है। शेखावत ने कहा कि राहुल गांधी देश के बाहर जाकर देश का अपमान करते हैं। प्रधानमंत्री को हटाने में सहयोग मांगते हैं। सेना का मनोबल गिराते हैं। न्यायापालिका के निर्णय में संदेह जताकर उसकी अवमानना करते हैं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडियाकर्मियों की खिल्ली उड़ाते हैं। चीन से अपनी पार्टी के लिए चंदा हासिल करते हैं। ऐसे लोग लोकतंत्र के लिए खतरा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मिला बंगला खाली कराने का नोटिस