Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 326 -
होम ब्लॉग पेज 326

मुख्तार अंसारी की 26 लाख रूपए की बेनामी संपत्ति जब्त

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में माफिया सरगना मुख्तार अंसारी 26 लाख रूपये की बेनामी संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मोहम्मदाबाद क्षेत्र के युसुफपुर बाजार में मुख्तार की अवैध क्रियाकलापों से अर्जित की गई 18 दुकानों को पुलिस ने शनिवार को जब्त किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि मुख्तार अंसारी एक गिरोह बनाकर लोक व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करने के इरादे से स्वयं के तथा अपने गैंग के सदस्यों के लिए आपराधिक क्रियाकलापों में लिप्त रहता था और उसी के जरिये उसने यह संपत्ति अर्जित की है।

उन्होने बताया कि इस सिलसिले में जिला मजिस्ट्रेट ने पिछली छह मार्च को कुर्की के आदेश दिए है और इसके अनुपालन में कुर्की की कार्यवाही को अंजाम दिया गया। कुर्क की गई संपत्ति की कुल कीमत 26 लाख 18 हजार 25 रुपए आंकी गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में चुनाव प्रचार का किया शंखनाद

मांड्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के मांड्या में रविवार को रोड शो करके भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। रोड शोके के दौरा लोगों में काफी उत्साह देखा गया। लोगों ने मोदी-मोदी के नारों के साथ प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन पर फूलों की वर्षा की। इस दौरान इलाके में पांच हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

मोदी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने वाले हैं। साथ ही कर्नाटक में लगभग 16,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। मोदी करीब 4,130 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले चार लेन मैसूरु-कुशलनगर राजमार्ग की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना से गंतव्यों के बीच यात्रा के समय को पांच घंटे से घटाकर केवल 2.5 घंटे करने की उम्मीद है।

वह बाद में कर्नाटक के उत्तरी हिस्से का भी दौरा करेंगे और 850 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित आईआईटी धारवाड़ का उद्घाटन करेंगे। मोदी हुबली रेलवे स्टेशन पर सिद्धारूढ़ स्वामी मंच राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में मान्यता दी गई है। मंच करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से बना है।

प्रधानमंत्री धारवाड़ बहु-ग्राम जल आपूर्ति योजना की आधारशिला भी रखेंगे, जिसे 1040 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जाएगा। वह हुबली-धारवाड़ स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएमओ के एक बयान में कहा गया है कि इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 520 करोड़ रुपए है।

बडगाम में युवती की हत्या कर शव के टुकडे कर दफनाने वाला अरेस्ट

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में एक युवती की हत्या कर उसके शरीर के टुकड़ों को विभिन्न स्थानों पर दफनाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आज यहां जारी बयान में बताया है कि आठ मार्च को सोइबग बडगाम के तनवीर अहमद खान ने शिकायत दर्ज कराई की कि उसकी 30 वर्षीय बहन सात मार्च को कोचिंग लिए निकली गई थी लेकिन घर वापस नहीं लौटी।

पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की इस दौरान मोहनपोरा बडगाम निवासी शब्बीर अहमद सहित कई संदिग्धों को पकड़ा गया। लगातार पूछताछ के बाद शब्बीर ने लापता युवती की हत्या करने और अपना अपराध छिपाने की बात कबूल की।

पुलिस ने बताया कि अपराधी ने शव के टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग जगहों पर दफना दिया था। उन्होंने बताया कि शब्बीर की निशानदेही पर जिले के विभिन्न स्थानों से शव के टुकड़े बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मामले की जांच जारी हैं।

कानपुर देहात में एक परिवार के 5 सदस्यों की जिंदा जलकर मौत

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात जिले के रूरा क्षेत्र में एक झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग की चपेट में आने से एक परिवार के पांच सदस्यों की जल कर मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार और रविवार की रात करीब दो बजे हारामऊ गांव में यह हादसा उस समय हुआ जब बंजारा डेरा में एक झोपड़ी में आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। जब तक ग्रामीण आग को बुझा पाते, तब तक झोपड़ी के अंदर मौजूद दंपती और उनके तीन मासूम बच्चों की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स के साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पहुंच गए।

उन्होने बताया कि रूरा के हारामऊ गांव में एक बंजारा डेरा है। डेरा में सैकड़ों परिवार झोपड़ी बनाकर रहते हैं। इस डेरे में प्रकाश अपनी पत्नी रेशम, पुत्र सतीश, बहु काजल व दो नाती,एक नातिन के साथ झोपड़ी में रहते हैं। प्रकाश व सतीश मजदूरी करते थे। रोज की तरह खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने के लिए झोपड़ी के अंदर चला गया था।

रविवार भोर सुबह अचानक झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें देख गांव में हो-हल्ला मचने लगा। जब तक डेरे में रहने वाले लोग आग बुझाने की कोशिश करते तब तक झोपड़ी के अंदर सो रहे प्रकाश का पुत्र सतीश (30), काजल (26) व सनी (6), संदीप (5) और बेटी गुड़िया (3) के ऊपर छप्पर के नीचे दबकर जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं आग बुझाने के प्रयास में संदीप की मां रेशम भी आग की चपेट में आकर झुलस गई है। जिन्हें तत्काल पुलिस की मदद से ग्रामीणों ने जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति और जिलाधिकारी नेहा जैन भी पहुंच गए। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि थाना रूरा क्षेत्र के ग्राम हारामऊ स्थित बंजारा डेरा में एक झोपडी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस फोर्स सहित, फायर ब्रिगेड, फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचकर घटना का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

झोपडी में रहने वाले दंपती व उनके तीन मासूम बच्चों की आग में झुलस जाने के कारण मृत्यु हो गई है। वही दंपती के परिवार को बचाने के प्रयास में एक महिला घायल हो गई है। जिनको उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही झोपड़ी में आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।

इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली एक्ट्रेस बनीं उर्वशी रौतेला

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली अभिनेत्री बन गई हैं। उर्वशी रौतेला सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली अभिनेत्री में शामिल हो गई हैं।

उर्वशी रौतेला ने 62.8 मिलियन फॉलोअर्स के साथ इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली सेलिब्रिटी बन चुकी है। और उन्होंने अनुष्का शर्मा और सलमान खान जैसे दिग्गज कलाकारों को पछाड़ दिया है। अनुष्का शर्मा के इंस्टाग्राम पर करीब 62.6 मिलियन फॉलोवर्स है।

अभिनेत्रियों में कृति सेनन के 52.9 मिलियन, दिशा पटानी के 56.9 मिलियन, सारा अली खान के 41.7 मिलियन, कियारा आडवाणी के 29 मिलियन, अनन्या पांडे 24.3 मिलियन और जाह्नवी कपूर के 21.2 मिलियन फॉलोवर्स है।

वहीं अभिनेताओ में सलमान खान के इंस्टाग्राम पर 59 मिलियन फॉलोवर्स है। इसके अलावा ऋतिक रोशन के 45 मिलियन फॉलोअर्स, वरुण धवन के 45.4 मिलियन फॉलोअर्स, रणवीर सिंह के 43.2 मिलियन फॉलोअर्स और कार्तिक आर्यन के 28.3 मिलियन फॉलोअर्स है।

गहलोत ने दी सिरोही में पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय खोलने की स्वीकृति

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरोही में पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय खोलने की स्वीकृति दी है।

गहलोत ने महाविद्यालय के संचालन तथा शैक्षणिक गतिविधियों के लिए 58 नवीन पदों के सृजन और 10.16 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार स्वीकृत 58 नवीन पदों में डीन का एक पद, प्रोफेसर के 5 पद, एसोसिएट प्रोफेसर के 4 पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के 19 पद, तकनीकी स्टाफ के 10 पदों सहित सहायक स्टाफ के 19 पद शामिल हैं।

इससे अब सिरोही के विद्यार्थियों को पशु चिकित्सा विज्ञान में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि गहलोत द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में सिरोही जिले में पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा की गई थी।

सबगुरु राशिफल : 12 मार्च रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, पंचमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 10.01 बजे बाद षष्ठी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज का दिन सब तरह से सुखमय बीतेगा। परिवारजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे। शारीरिक स्वस्थता तथा मानसिक प्रफुल्लितता का अनुभव होगा। नौकरी करने वालों को साथी कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। मायके से आपको अच्छे समाचार मिलेंगे। धनलाभ होगा। अधूरे कार्य आज पूरे होंगे।

वृषभ राशि :- आज का दिन आपके लिए शुभ है। परिवारजन, स्नेहीजन तथा मित्रों के साथ स्नेहमिलन समारोह में उपस्थित रह सकते हैं। नए कार्य का प्रारंभ करने के लिए उत्साह रहेगा, लेकिन अति उत्साह से हानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। शारीरिक तथा मानसिक स्वस्थता का भी ध्यान रखिएगा। आज धन प्राप्ति का योग बन रहा है।

मिथुन राशि :- व्यापारी वर्ग के लिए आज का दिन शुभफलदायी है। व्यापार में तथा आय में वृद्धि होगी। मित्रों से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारियों की कृपादृष्टि से आपके लिए पदोन्नति भी संभव है। विवाह इच्छुक व्यक्तियों को जीवनसाथी मिलने का योग है। परिवार में पत्नी और पुत्र से अच्छे समाचार मिलेंगे।

कर्क राशि :- इस राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ है। व्यापारियों के अपर अधिकारी खुश रहेंगे। नौकरी करने वालों के लिए पदोन्नति का योग है। परिवार में मैत्रीपूर्ण वातावरण बना रहेगा। नई साज-सजावट से घर की शोभा में अभिवृद्धि करेंगे। माता से भी लाभ मिलेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रसन्न रहेंगे। धन और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- आज का दिन आलस्य तथा थकान में बीतेगा। उग्र स्वभाव में मानसिक रूप से व्यग्रता रहेगी। पेट से सम्बंधित दर्द से परेशानी होगी। सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम अधिक करना पड़ेगा। संकटजनक विचार, वर्तन और आयोजन से दूर रहिएगा। धार्मिक यात्रा या प्रवास की योजना टलेगी। क्रोध पर संयम बरतिएगा।

कन्या राशि :- आपको आज अपने खान-पान पर विशेष रूप से ध्यान रखना होगा, वरना स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आवेश और क्रोध की मात्रा अधिक रहेगी, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दीजिएगा। साथ में वाणी पर भी संयम बरतिएगा। अनैतिक कृत्यों से दूर रहिएगा। सरकार-विरोधी प्रवृत्तियों के कारण परेशानी खड़ी न हो इसका ध्यान रखिएगा। खर्च की मात्रा बढ़ेगी।

तुला राशि :- आज व्यापारीगण व्यापार में वृद्धि कर सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में आपको सफलता और यश-कीर्ति मिलने का भी योग है। आकस्मिक धन लाभ की संभावना है। क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पुराने विवाद का हल निकालने के लिए किसी का अहसान लेना पड़ेगा।

वृश्चिक राशि :- शारीरिक तथा मानसिक रूप से आज आप व्यग्र रहेंगे। चिंताओं के कारण मानसिक भार रह सकता है, जो कि आपको मानसिक रूप से अस्वस्थ रख सकता है। परिवारजनों के साथ भी मनमुटाव होने का प्रसंग बन सकता है, जिससे घर का वातावरण बिगड़ सकता है। परिश्रम की अपेक्षा सफलता की प्राप्ति कम होने से आर्थिक संकट की चिंता रहेगी। बिना सोचे-समझे निर्णय न लें, ऐसा करना आपके लिए नुकसानदायक रहेगा।

धनु राशि :- आज आपको अपने क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पेट सम्बंधित बीमारियों की समस्या रहेगी। किसी भी कार्य में सफलता न मिलने से निराशा आने की संभावना है। साहित्य या अन्य किसी सृजनात्मक कला के प्रति रुचि रहेगी। संतानों के प्रति चिंता रहने से मन में व्यग्रता रहेगी। प्रवास को संभव हो तो टालिएगा।

मकर राशि :- आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहेगा। आज आप में स्फूर्ति का अभाव रहेगा। परिवारजनों के साथ झगड़े-टंटे के अथवा तो निरर्थक चर्चा के प्रसंग बनेंगे। इससे आप का मन व्यथित रह सकता है। अपकीर्ति, अपयश मिलने की संभावना है। निद्रा संपूर्ण न मिलने से आपका स्वास्थ्य बिगड़ेगा।

कुंभ राशि :- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके मन से चिंता का भार हल्का हो जाएगा और आप मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। साथ में शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। पारिवारिक वातावरण आनंदित रहेगा। विशेषकर भाई-बहनों के साथ संबंधों में मधुरता का अनुभव करेंगे। अविवाहित के लिए रिश्ता बनने की संभावना है।

मीन राशि :- नकारात्मक विचारों को अपने मन से हटाइएगा। क्रोध और वाणी पर संयम बरतना होगा। किसी से वाद-विवाद या झगडे-टंटे को संभव हो तो टाल दीजिएगा। खान-पान पर संयम रखिएगा। शारीरिक स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। रुका हुआ धन पाने के लिए किए गए प्रयास रंग लाएंगे। कला से धनार्जन करने की सोच रहे हैं तो निश्चित ही लाभ होगा। किसी पर आसानी से विश्वास न करें।

रमेश सोनी अजमेर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष मनोनीत

अजमेर। पार्षद रमेश सोनी को भारतीय जनता पार्टी अजमेर शहर का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसी तरह देवेन्द्र सालेया को जोधपुर अध्यक्ष बनाया गया है।

बीजेपी प्रदेश महामंत्री की ओर से देर शाम जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के निर्देशानुसार रमेश सोनी को पार्टी का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसी तरह 17 जिलो में प्रभारी और सह प्रभारियों की भी नियक्ति की गई है। अजमेर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रियशील हाडा का कार्यकाल 3 साल 2 माह का रहा।

दिल्ली आबाकारी नीति घोटाला : कविता से दिल्ली ED ने की 9 घंटे की पूछताछ

नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पुत्री और राज्य विधान परिषद में भारत राष्ट्र समिति की सदस्य के कविता ये प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को यहां अपने मुख्यालय पर पूर्वाह्न से शाम तक नौ घंटे तक पूछताछ की।

ईडी के मुख्यालय के सूत्रों ने बताया कि उन्हें पुन: 16 तारीख को पूछताछ के लिए तलब किया है। धन शोधन के मामलों की जांच करने वाली एजेंसी ने कविता को दिल्ली में शराब की आपूर्ति एवं वितरण के ठेके देने की नीति में कथित भ्रष्टाचार में धन के लेन-देन के आरोपों की जांच के सिलसिले में तलब किया था।

वह आज 9 घंटे की पूछताछ के बाद शाम आठ बजे के कुछ देर बाद ईडी के मुख्यालय से बाहर निकलीं। वह पूर्वाह्न 11 बजे एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग स्थित ईडी के कार्यलय पहुंची थीं।

थाईलैंड में दृष्टिबाधित फुटबॉल टीम की कप्तानी करेंगे क्लिंग्सन डी मराक

नई दिल्ली। थाईलैंड में 13 से 19 मार्च तक होने वाले एशिया-प्रशांत इंविटेशनल ब्लाइंड फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने वाली भारतीय टीम की कप्तानी क्लिंग्सन डी मराक को सौंपी गई है।

भारतीय दृष्टिबाधित फुटबॉल संघ ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि केरल के कोच्चि स्थित कदावांथरा में दो सप्ताह तक आयोजित कोचिंग कार्यक्रम के बाद भारतीय टीम का चयन हुआ। भारत अपना अभियान 15 मार्च से शुरू करेगा।

मेजबान थाईलैंड और भारत के अलावा लाओस और कजाकिस्तान की टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिये पहुंच रही हैं। फुटबॉल संघ ने बताया कि भारत की मेजबानी में होने वाले इंटरकॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट की तैयारियों में यह आयोजन सहायक रहेगा। इसके अलावा भारतीय टीम को ब्राजील में विश्वी ग्रां प्री और एशियाई पैरा खेलों में भी शिरकत करनी है।

भारतीय टीम : क्लिंग्सन डी मराक (कप्तान), प्रकाश डी शिरा (मेघालय), विष्णु वाघेला, चेतन प्रजापति (गुजरात), प्रदीप पटेल, साबिर (दिल्ली), न्योनयोक तालोम, बोजे मारबोम (अरुणाचल प्रदेश), अनुग्रह टी एस (केरल), प्रफुल (मध्य प्रदेश), सुनील मैथ्यू (हेड कोच), एमसी राम (मैनेजर), इलियास राजू (फिजियो)।