Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 327 -
होम ब्लॉग पेज 327

चिड़ावा राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष अवैध हथियारों के साथ अरेस्ट

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले की चिड़ावा थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्पेशल टीम के साथ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी पिस्टल एवं जिंदा कारतूसों के साथ चिड़ावा राजकीय महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है।

चिड़ावा थाने के एसआई अभिलाषा ने बताया कि उन्हें मुखबिर के जरिए इत्तला मिली थी कि एक काले रंग की बाइक पर सवार दो युवकों के पास अवैध हथियार है। जिस पर एसआई अभिलाषा के नेतृत्व में चिड़ावा थाना पुलिस तथा डीएसटी ने पिलानी बाईपास चौराहे पर नाकाबंदी की।

इसी दरमियान दो युवक एक बाइक पर आते हुए नजर आए। जिनमें एक छात्रसंघ अध्यक्ष भवानी सिंह खुड़िया तथा उसका साथी आलमपुरा निवासी नगेंद्र सिंह था। दोनों की तलाशी ली गई तो भवानी सिंह के पास एक देशी पिस्टल मय मैगजीन बरामद हुई तो वहीं नगेंद्र सिंह की जेब में 10 जिंदा कारतूस थे।

दोनों से लाइसेंस के बारे में और हथियार के बारे में पूछताछ की गई तो कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस सेमीनार एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन

0

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे, कारखाना समूह की कर्मचारी हित निधि समिति के तत्वावधान में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस सेमीनार एवं पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को सीनियर रेलवे इन्स्टीट्यूट में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य कारखाना प्रबन्धक यूनिट के सभी अधिकारियों, महिला कर्मचारियों व ट्रेड यूनियन एवं एसोसीएसन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

उप मुख्य कार्मिक अधि.(का) रघुवीर सिंह चारण ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सेमीनार में मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार अबरोल मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि उप मुख्य विधुत इंजीनियर, स्वाती जैन व निर्णायक लॉयन आभा गांधी सभी का उप मुख्य कार्मिक अधिकारी व सहायक कार्मिक अधिकारी द्वारा स्वागत किया गया।

मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। मां सरस्वती की वन्दना के साथ सेमीनार के कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इस सेमिनार व पुस्कार वितरण समारोह में अजमेर कारखाना समूह की लगभग 150 महिला कर्मचारियों नें भाग लिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी रघुवीर सिंह चारण द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित आठ दिवसीय कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इस आठ दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेने वाली लगभग 50 महिला कर्मचारियों को मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इसके अलावा महिला कर्मचारियों के 10वीं व 12वीं में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले बच्चों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी उपस्थित सभी महिला कर्मचारियों ने लुत्फ उठाया। अंत में वन्दना चौबे, सहायक कार्मिक अधिकारी/केरिज द्वारा सभी आगंतुकों का आभार प्रकट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।

युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

अजमेर। नेहरु युवा केंद्र एवं दयानंद कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ।

जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने बताया कि युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के ऊर्जावान आयोजन के तीसरे और अंतिम दिन प्रथम सत्र में योगाभ्यास एवं हार्टफुलनेस मेडिटेशन से शुभारंभ किया गया। इसमें प्रशिक्षक भारती राजोरिया, शैलेष गौड एवं अमरिन्द कौर मेक ने कार्यशाला में उपस्थित युवाओं को योग एवं ध्यान का अभ्यास करवाया। साथ ही प्रशिक्षक रंजीत पांचाल ने आत्मरक्षा की आक्रामक और रक्षात्मक विधाओं का अभ्यास करवाया।

उन्होंने बताया कि द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता एसपीसी राजकीय महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अनूप कुमार आत्रेय ने युवाओं को डिजिटल लिट्रेसी विषय पर सम्बोधित किया। इसमें वर्तमान डिजीटलाईजेशन के दौर में डिजिटल साक्षरता के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। इसका पीपीटी द्वारा प्रस्तुतीकरण किया गया।

डीएवी कॉलेज प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीकांत ने युवाओं को जीवन में कठिन परिश्रम कर सफलता हासिल करने के लिए आह्वान किया। युवा विकास केंद्र के प्रभारी भारत भूषण शर्मा ने इस तीन दिवसीय कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में आयोजित की गई गतिविधियों का प्रतिवेदन एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

अतिथियों द्वारा समापन सत्र में प्रतिभागी युवाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इन सभी सत्रों में डॉ. रफीक खान, उन्नति शर्मा, दीपा हरवानी, डॉ. श्वेता, जमील खान, सुनील शर्मा, सुरेश सेठी, अशोक शर्मा आदि उपस्थित थे। मंच संचालन आकाश ठाकुर ने किया।

दो दिवसीय ध्यान शिविर 13 एवं 14 मार्च को

श्री रामचंद्र मिशन संस्था द्वारा हर दिन ध्यान-हर दिल ध्यान का दो दिवसीय शिविर महात्मा ज्योतिबा फूले राष्ट्रीय स्मारक रेलवे फाटक नागौर रोड पुष्कर में 13 एवं 14 मार्च को आयोजित किया जाएगा। शिविर में सुबह 10 से 11 तथा शाम 6 से 7 बजे ध्यान सत्रों का आयोजन होगा।

ताराचंद गहलोत ने बताया कि इस अवसर पर जयपुर से रामचंद्र मिशन की अभ्यासी बहन हेमलता ध्यान के बारे में काफी चीजें बताएंगी। केन्द्र समन्वय शैलेश गौड समेत अभ्यासी भाई-बहन जयपुर, अजमेर से पुष्कर में इस शिविर में भाग लेंगे।

विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर जनता की आवाज को दबाना लोकतंत्र के लिए हानिकारक : सचिन पायलट

टोंक। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार पर विपक्ष के नेताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज कर जनता की आवाज को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उनसे वैचारिक एवं राजनैतिक मतभेद रखने वाले लोगों को डरा-धमकाकर, जनता की आवाज को दबाकर मनमाने तरीके से सत्ता में बना रहना चाहती है जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए हानिकारक है।

पायलट ने टोंक जिले के अपने दौरे को दौरान आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने पिछले आठ-नौ सालों में जनता की आवाज को दबाने का काम किया है। सरकारी जांच एजेन्सियों केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) प्रवर्तन निदेशालय, इनकम टैक्स के माध्यम से विपक्ष के नेताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज कर उनको डराने का प्रयास किया जा रहा है जिससे वे जनता के विकास के मुद्दों को पुरजोर तरीके से ना उठा सके।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठी भाजपा सरकार का एक ही काम है कि उनसे वैचारिक एवं राजनीतिक मतभेद रखने वाले लोगों को डराया-धमकाया जाए, जनता को आवाज को दबाकर मनमाने तरीके से सत्ता में बना रहा जाए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने महंगाई को बेतहाशा बढ़ाया है, युवा विरोधी अग्निवीर योजना को लागू किया, किसान विरोधी तीन काले कानून थोपने की कोशिश की और जब विपक्ष के नेता जनता के इन मुद्दों पर बोलते हैं तो सरकारी जांच एजेन्सियों के माध्यम से उनकी आवाज को दबाने का काम किया जाता है। यह व्यवस्था स्वस्थ लोकतंत्र के लिए हानिकारक है।

पायलट ने कहा कि लोकतंत्र में नेताओं और जनता के बीच संवाद स्थापित होते रहना चाहिए। यदि किन्हीं मुद्दों पर असहमति हो तो भी लोगों की बात को सुनकर उसका हल निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी साल के नए नए नेता, नए-नए राजनीतिक दल आपके बीच आएंगे। आपको धर्म, जाति, भाषा, लिंग के नाम पर बहकाने की कोशिश करेंगे। परन्तु आपको उनके बहकावे में ना आकर विकास के मुद्दों पर चर्चा करनी होगी। जिन लोगों ने आपके सुख-दुःख में, हर परिस्थिति में आपका साथ दिया, क्षेत्र में विकास किया उनको राजनीतिक ताकत देकर उनके हाथों को मजबूत करना होगा।

पायलट ने कहा कि हमने गत चार साल में बिना भेदभाव, पक्षपात् के क्षेत्र में अनेकों विकास कार्य किए हैं और जो कुछ कार्य रह गए हैं उन्हें भी शीघ्र पूरा करवाया जाएयेगा। जनता के विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली के कार्य होने चाहिए परन्तु मेरा मानना है कि हमारी पहली प्राथमिकता शिक्षा, चिकित्सा क्षेत्र में विकास की होनी चाहिए क्योंकि हमारे बच्चे-बच्चियां जब स्वस्थ्य रहकर, पढ़-लिखकर उच्च पदों पर बैठेंगे तो क्षेत्र का विकास स्वतः ही होगा।

उन्होंने अपने दौरे के दौरान टोंक की ग्रामपंचायत पालड़ा के ग्राम नवाबपुरा, ग्रामपंचायत घांस के ग्राम खजूरिया तथा ग्रामपंचायत बमोर में विभिन्न कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इससे पहले पायलट ने टोंक सर्किट हाउस में जिला प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर प्रगतिरत विकास कार्यों की रिपोर्ट ली। उन्होंने टोंक खेल स्टेडियम पहुंचकर वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जयपुर में भाजपा का वीरांगनाओं की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन, पूनियां अरेस्ट

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के नेतृत्व में पुलवामा शहीदों की वीरांगनाओं के सम्मान, उनकी मांगों के समर्थन में तथा सांसद किरोड़ी लाल मीणा एवं रंजीता कोली के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार को लेकर राजधानी जयपुर में आज प्रदर्शन किया गया। इसे लेकर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया वहीं डा पूनियां के आह्वान पर प्रदेश के अन्य सभी जिलों में भी प्रदर्शन किए गए।

जयपुर में प्रदर्शन के दौरान डॉ. पूनियां सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया। प्रदर्शन के दौरान डाॅ. पूनियां के पैर में चोट भी लगी। प्रदर्शन में डा पूनियां के साथ उपनेता प्रतिपक्ष राजेंन्द्र राठौड़, वरिष्ठ नेता एवं सांसद घनश्याम तिवाडी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, विधायक अनिता भदेल, निर्मल कुमावत, अशोक लाहोटी, संजय शर्मा, मदन दिलावर, कन्हैयालाल चौधरी, रामस्वरूप लांबा, अविनाश गहलोत, पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, पूर्व मंत्री प्रभलाल सैनी, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र मीणा, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र गोठवाल, अशोक सैनी, जिलाध्यक्ष राघव शर्मा सहित कई नेता शामिल हुए।

इस दौरान डा पूनियां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस शासन में राजस्थान में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं, वीरांगानाओं और सांसद किरोडी लाल मीणा एवं सांसद रंजीता कोली के साथ पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की भाजपा कडी निंदा करती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत सरकार वीरांगनाओं और सांसदों के अपमान पर उतर आई है, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इशारे पर इस तरह का दमनचक्र पहली बार देखा है।

उन्होंने कहा कि वीरांगानाओं एवं इन दोनों सांसदों के साथ किए गए दुर्व्यवहार के अपमान का बदला पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता लेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार ने पेपर लीक में राजस्थान के युवाओं के सपनों को तोड़ा, वीरांगनाओं को अपमानित करने का काम किया, सांसद किरोड़ी लाल और सांसद रंजीता कोली सहित तमाम नेता और पार्टी कार्यकर्ता जब वीरांगनाओं की लड़ाई लड़ते हैं तो पुलिस प्रताड़ित करती है, यह सामान्य लड़ाई नहीं है, स्वाभिमान और उसूलों की लड़ाई है।

डाॅ. पूनियां ने कहा कि संपूर्ण किसान कर्जमाफी, बिगडी कानून व्यवस्था, पेपरलीक, महिला सुरक्षा, वीरांगनाओं के मुद्दे आदि जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा 15 मार्च से जिला कलेक्ट्रेटों का घेराव कर आंदोलन करेगी, यह आंदोलन 15 मार्च से शुरू होकर आगामी दिनों तक चलेंगे, जो प्रदेशभर में सभी 33 जिला मुख्यालयों पर होंगे।

चित्रकला प्रतियोगिता : छात्राओं ने किया नारी के स्वरूपों का चित्रण

0

अजमेर। राजस्थान ललित कला अकादमी जयपुर व राकीय कन्या महाविद्वालय अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ‘आपके नजरिए में नारी के स्वरूप’ विषय​क चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न महाविद्वालयों से 72 प्रतिभागियों ने आकर्षक चित्रण किया।

अकादमी सदस्य ममता चौहान ने बताया कि यह चित्रकला प्रतियोगिता महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। राजकीय कन्या महाविद्वालय की प्राचार्या डा मंजुला मिश्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश की जानी मानी चित्रकार एवं राजस्थान के सर्वोच्च कला पुरस्कार से सम्मानित कलाविद् डा वीरबाला भावसार की स्मृति में एकएक हजार रुपए राशि के पांच पुरस्कार प्रदान किए गए।

चित्रकला विभागाध्यक्ष डा अर्चना ने बताया कि प्रतियोगिता में अजमेर जिले के विभिन्न महाविद्वालयों से 72 प्रतिभागियों ने नारी से संबंधित विषय पर अपनी भावनाओं का आकर्षक चित्रण किया। सभी प्रतिभागियों ने नारी के अनेक रूप चित्रित किए जिसमें नारी को सबला, वीरांगना, मातृत्व, डिजीटल नारी, उर्वरा शक्ति रूप में चित्रित किया।

प्रतियोगिता में विजेता रहीं एमडीएसयू की रसना मीणा, राजकीय कन्या महाविद्वालय की निकीता व गरिमा इंदोरा, सोफिया कालेज की मुस्कान रानीवाल, दयानंद कालेज की भाविका नागौरी को पुरस्कृत किया गया। इनके अलावा 5 प्रतिभागियों राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्नेहा शर्मा व श्रृति सोनी, सम्राट पृथ्वीराज चौहान महाविद्वालय की दीक्षा इंदौरा, आरके पाटनी कालेज किशनगढ की सोनू प्रजापति, सोफिया कालेज की खुशी मालोनीया को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डा अनुपम भटनागर, डा वीणा पटेल व डा मंजु परिहार शामिल रहे। महाविद्वालय की सहायक आचार्य डा निहारिका राठौर ने अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।

केरल में यौन उत्पीड़न की शिकायत पर इंस्पेक्टर बर्खास्त

कासरगोड। केरल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल कंठ ने कासरगोड में पदस्थापित, अपराध शाखा में तैनात एक इंस्पेक्टर को, एक महिला की ओर से यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद व्यवहार -अयोग्य पाए जाने पर शनिवार को बर्खास्त कर दिया।

कंठ ने पलक्कड़ निवासी केआर शिवशंकरन को वर्ष 2019 में अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करने और यौन उत्पीड़न के कथित आरोपों में एक महिला शिकायतकर्ता की शिकायत के मद्देनजर सजा के तौर पर कासरगोड तबादला किया कर दिया गया था।

इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता की नग्न तस्वीरें खींच थी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बाद में, उसने मामले के बारे में बात करने के लिए महिला शिकायतकर्ता को त्रिशूर जिले के थिरुविल्वमला बुलाया। महिला अपने स्कूटर पर पहुंची और शिवशंकरन उसे कथित तौर एक कार से कुचलते हुए भाग गया। डीजीपी ने आज शिवशंकरन को बर्खास्त करने का आदेश जारी किया। शिवशंकरन 56 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्ति के लिए केवल दो महीने प्रतीक्षा कर रहा था।

पुलिस विभाग के एक बयान में कहा गया है कि शिवशंकरन जिसे 2006 से चार बार निलंबित किया गया और दुष्कर्म, अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने तथा अन्य से संबंधित अलग-अलग मामलों में ग्यारह बार विभागीय कार्यवाही का सामना किया है। डीजीपी ने केरल पुलिस (केपी) अधिनियम की धारा 86 (3) के अनुसार सेवा से उनकी अयोग्यता का आदेश दिया।

डीजीपी ने पहले शिवशंकरन को कारण बताओ नोटिस दिया और बाद में उनकी दलीलें सुनने के लिए तिरुवनंतपुरम बुलाया, और यह पाया गया कि उसके तर्क निराधार हैं तथा बर्खास्तगी के लिए उसके खिलाफ प्रयाप्त प्रमाण हैं।

भरतपुर में निजी स्लीपर बस डिवाइडर से टकराने से 2 व्यक्तियों की मौत

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के भुसावर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग -21 स्थित खेड़ली मोड़ चौकी पर आज एक स्लीपर बस के डिवाइडर से टकराने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई तथा आधा दर्जन लोगों के घायल हो जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस के ड्राइवर को अचानक झपकी आ जाने से बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। करीब 40 सवारियां से भरी यह बस हादसे के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में मृतकों के नाम गौतम निवासी छतरपुर जिला मैनपुरी और वैभव निवासी नोएडा बताए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देने के साथ दोनों के शव भुसावर मॉर्च्युरी में रखवाए हैं।

हादसे में घायल रिंकू जाटव (50), निवासी हाथवन्न सुखाबाद फिरोजाबाद, गोलू शर्मा (21) फिरोजाबाद, मुन्ना खां (55) निवासी कासगंज, अजहरुद्दीन खा (42) निवासी जयपुर को हाईवे सेफ्टी एम्बुलेंस की मदद से महुआ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।

सीकर के श्रीमाधोपुर में वकीलों के दो गुटों के झगड़े में एक वकील की मौत

सीकर। राजस्थान में सीकर जिले के श्रीमाधोपुर बार संघ के चुनाव के बाद वकीलों के दो गुटों में हुए झगड़े में एक वकील की मौत हो गई जबकि एक अन्य वकील गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एडवोकेट दिनेश सिंह शेखावत के अभिभाषक संघ के अध्यक्ष निर्वाचित होने की खुशी में रींगस-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक होटल में कल रात समर्थक वकीलों की पार्टी चल रही थी।

इसी दौरान दूसरे गुट के वकील सत्यवीर घोसल्या कुछ लोगों के साथ एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए और दोनों गुटों में आपसी बहस हुई और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान शेखावत समर्थक एडवोकेट नंद किशोर टेलर और एडवोकेट रामजी लाल सैनी को गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जयपुर के निजी अस्पताल मणिपाल लाया गया।

घटना के बाद माहौल पूरी तरह शांत हो गया। दोनों घायल वकीलों में से देर रात इलाज के दौरान नंदकिशोर टेलर की मौत हो गई। वकील की मृत्यु की खबर फैलते ही श्रीमाधोपुर में लोगों में रोष व्याप्त हो गया।

इसी बीच पुलिस ने घटना एवं तनाव के मद्देनजर भारी बंदोबस्त किया है। इस मामले में आरोपी वकील सत्यवीर घोसल्या के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है जबकि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ध्रुवनारायण का निधन

मैसूरु। कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आर ध्रुवनारायण का शनिवार सुबह निधन हो गया। ध्रुवनारायण 61 वर्ष के थे। उन्हें सुबह करीब 6.40 बजे सीने में दर्द की शिकायत के बाद उनके ड्राइवर द्वारा डीआरएमएस अस्पताल लाया गया। उन्हें बचाया नहीं जा सका।

डॉ. मंजूनाथ ने यहां मीडिया को बताया कि आर ध्रुवनारायण का निधन हो गया। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद ड्राइवर द्वारा सुबह 6.40 बजे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं सका।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज सोमप्पा बोम्मई ने ट्विटर पर कहा कि पूर्व सांसद एवं कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ध्रुवनारायण का निधन बहुत दुखद है। उनकी आत्मा को शांति मिले और भगवान उनके प्रशंसकों और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे। ओम शांति।

पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि ध्रुवनारायण के निधन से उन्हें गहरा सदमा और दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि उनका जाना प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व सांसद आर ध्रुवनारायण के आकस्मिक निधन से दुखी हूं। एक मेहनती और विनम्र जमीनी नेता, वह सामाजिक न्याय के चैंपियन थे, जो कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के रैंकों के माध्यम से आगे बढ़े। उनका निधन कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

कांग्रेस के एक अन्य नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष आर. ध्रुवनारायण के निधन से स्तब्ध हूं। उन्हें कांग्रेस के अच्छे और बुरे समय में उनकी प्रतिबद्धता और संसद में उनके शानदार कार्यकाल के लिए याद किया जाएगा।

दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए श्री वेणुगोपाल ने कहा कि ध्रुवनारायण हमेशा आम लोगों के साथ खड़े रहे और अपना जीवन गरीबों और दलितों की सेवा में समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि वह (ध्रुवनारायण) एक विश्वसनीय और मेहनती सहयोगी थे, और उनके इस तरह जाने से ऐसा रिक्त स्थान पैदा हो गया है, जिसे भरना पाना मुश्किल होगा।