Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 330 -
होम ब्लॉग पेज 330

चेन्नई में तीसरे वनडे के लिए टिकटों की बिक्री 13 मार्च से

0

चेन्नई। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच यहां खेले जाने वाले तीसरे और आखिरी एक दिवसीय मैच के लिए टिकटों की बिक्री 13 मार्च से शुरू होगी।

एमए चिदंबरम स्टेडियम में 22 मार्च को होने वाले मैच के लिये ऑनलाइन टिकटों की बिक्री 13 मार्च से शुरू होगी। तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि पेटीएम और इनसाइडर से ऑनलाइन टिकट खरीदे जा सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन टिकट जनता के लिए 18 मार्च से उपलब्ध कराए जाएंगे जो स्टेडियम के बाहर बने काउंटर से खरीदे जा सकते हैं।

टीएनसीए ने शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए आई लोअर स्टैंड में सीटों की व्यवस्था की है, जिनको अपने स्थान पर पहुंचने के लिये व्हीलचेयर की सेवा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन क्रिकेट मैच के दौरान दो नए स्टैंडों का अनावरण करेंगे।

उधर, दूसरी ओर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तैयारी में जुटे भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी भारत आस्ट्रेलिया वन डे में दर्शक की भूमिका में नजर आ सकते हैं। चेन्नई करीब तीन साल बाद अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय मैच की मेजबानी कर रहा है।

भाजपा की बी-टीम का काम छोड़ते ही केजरीवाल होंगे सलाखों के पीछे : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को भारतीय जनता पार्टी की ‘बी-टीम’ बताते हुए कहा है कि जिस दिन पार्टी नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भाजपा के हित में वोटों के बंटवारे का काम बंद कर देंगे उसी दिन वह जेल की सलाखों के पीछे होंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता अल्का लाम्बा ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘आप’ और भाजपा के बीच देशभर में मिलाजुला खेल चल रहा है। केजरीवाल पूरे देश में भाजपा की लाइन पर काम कर रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और गुजरात विधानसभा के चुनावों में यही खेल किया और भाजपा को फायदा देने के लिए वोटों का बंटवारा किया।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल हर चुनाव में भाजपा के लिए इसी तरह का खेल खेलते हैं और देशभर में भाजपा के हित में वोट बांटने का उसकी की ‘बी-टीम’ बनकर करते हैं। उनका कहना था कि जब तक वह इसी तरह का काम करते रहेंगे और भाजपा को फायदा पहुंचाएंगे तब तक केजरीवाल खुली हवा में हैं। जिस दिन उन्होंने यह खेल बंद किया और खुद को दिल्ली तक सीमित रखा उसी दिन उन्हें जेल जाना पड़ेगा।

प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली की शराब नीति का पूरा खाका केजरीवाल का था और उनकी सह पर ही यह काम चलता रहा। उन्होंने खुद फाइलों में दस्तखत नहीं किए और सारा काम आबकारी मंत्री मनीष सिसोदिया से कराते रहे हैं लेकिन वह जानती हैं कि सिसोदिया बहुत देर तक चुप नहीं रहने वाले नहीं हैं और वह देर-सबेर सब कुछ खुलासा कर देंगे और केजरीवाल को अंदर जाना ही पड़ेगा।

लाम्बा ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी है। उसके मंत्री रहे सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल में बंद हैं लेकिन वह नाबालिक के साथ दुष्कर्म के आरोपी से मसाज कराते वीडियो में दिखाई देते हैं, जेल से बाहर का भोजन उन्हें खाने को मिलता है और सारी सुख सुविधाएं जेल मंत्री होने के नाते दी जाती हैं। अब इसी पार्टी के प्रमुख नेता एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोसदिया को केंद्रीय जांच ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली के उपराज्यपाल जैसे ही दिल्ली की शराब नीति पर सक्रिय होते हैं तो ‘आप’ तुरंत शराब नीति को वापस लेने का काम करती है।

उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने श्री सिसोदिया के खिलाफ पूरी जांच पड़ताल के बाद पुख्ता सबूत जुटाए और इसी आधार पर सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया है। उन्होंने खुशी जताई कि सीबीआई ने तिहाड़ जेल जाकर सिसोदिया से पूछताछ की और उन्हें आज गिरफ्तार किया है। शराब घोटाले की त्वरित जांच होनी चाहिए और अपराधियों को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

प्रवक्ता ने कहा कि यह मामला गंभीर है और इस मामले को फास्ट ट्रैक में चलना चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी निकले। मामला फास्ट ट्रैक में चलेगा तो स्थिति साफ होगी। उनका कहना था कि यदि दिल्ली सरकार की शराब नीति सही थी तो फिर इसे वापस क्यों लिया गया। नीति सही होती तो इसे वापस लेने की अवश्यकता नहीं पड़ती लेकिन जैसे ही उपराज्यपाल ने इस मामले में फाइल बढाई तो केरजीवाल सरकार ने तुरंत शराब नीति वापस ले ली। इससे साफ है कि उन्होंने सीबीआई के डर से यह कदम उठाया है।

उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल और उनकी सरकार की शराब नीति सही होती और इस नीति में भ्रष्टाचार की जगह ईमानदारी होती तो मामले की जांच-पड़ताल होने देते और बताते कि वह सही थे और उनकी शराब नीति में कहीं कोई दोष नहीं था लेकिन उन्होंने डर के कारण तुरंत शराब नीति वापस लेने का एलान कर दिया।

दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार गिनते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार ने अवैध नियुक्तियां की हैं। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष रहते हुए उसके विधायक ने घोटाले किए हैं और इस मामले में इसी पार्टी का विधायक जेल में है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल पर अवैध नियुक्ति का मामला है और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप तय हुए हैं।

अजमेर में सावित्रीबाई फुले की 126वीं पुण्यतिथि मनाई, पुष्पांजलि अर्पित

0

अजमेर। समाज सुधारक, शिक्षाविद और कवियित्री सावित्रीबाई फुले की 126वीं पुण्यतिथि पर माली समाज समेत विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने उन्हें याद किया। अजमेर क्लब स्थित ज्योतिबा फुले स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में बडी संख्या में लोग जुटे तथा सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्प ​चढाकर कर उन्हें श्रद्धांज​लि आर्पित की।

इस मौके पर सावित्रीबाई फुुले राष्ट्रीय जाग्रति मंच अध्यक्षा सुनीता चौहान ने पुष्पांजलि के दौरान कहा कि सावित्रीबाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका थीं, जिन्होंने भारत और विशेष रूप से महाराष्ट्र में सामाजिक सुधार आंदोलन में एक प्रमुख भूमिका निभाई। सावित्री बाई फुले ने अपने पति ज्योतिराव फुले के साथ मिलकर महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समाज में व्याप्त कई सामाजिक बुराइयों जैसे अस्पृश्यता और बाल विवाह के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी।


उपमहापौर नीरज जैन ने कहा कि सावित्रीबाई फुले सही मायने में महिलाओं कीं मुक्तिदाता थीं, क्योंकि उन्होंने संपूर्ण जीवन महिलाओं के उत्थान के लिए ही समर्पित कर दिया था। बिना बालिका शिक्षा के समाज की रचना अधूरी ही है, इसलिए बालक व बालिकाओं की शिक्षा में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग में बालिका शिक्षा के प्रति जागृति बढाने पर जोर दिया।

गणतांत्रिक समाज संगठन राजस्थान की प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट बबीता टांक ने कहा कि सावित्री बाई फुले ने जातिवाद और पितृसत्ता सहित समाज की बुराइयों के खिलाफ भी बात की। सावित्री बाई ने देश भर में युवा लड़कियों की बेहतरी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। महिलाओं के अधिकारों और समाज में महिलाओं की स्थिति में सुधार के लिए किए गए उनके काम को आज तक याद किया जाता है। लड़कियों के लिए पहला स्कूल स्थापित करने के बाद, सावित्रीबाई फुले ने अपने जीवनकाल में 18 और स्कूल भी स्थापित किए।

पूर्व विधायक डा श्रीगोपाल बाहेती ने कहा कि सावित्रीबाई फुले अपने स्कूल में एक अतिरिक्त साड़ी ले जाती थीं क्योंकि जब वे पढ़ाने के लिए अपने स्कूलों में जाती थीं तो रूढ़िवादी उच्च जाति के स्थानीय लोग उन पर पत्थर और गंदगी बिखेर देते थे। फुले परिवार उत्पीड़ित माली जाति का था और इसके बावजूद शिक्षित था। फुुले दंपती के समाजसुुधार के कार्यों में अनुकरणीय योगदान को देखते हुए भारत रतन से सम्मानित किए जाने की मांग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से निरंतर मांग की जाती रही है।

अजमेर डेयरी चैयरमेन रामचंद्र चौधरी, महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय जाग्रति मंच अध्यक्ष पूनमचंद मारोठिया, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मामराज सेन, माली महासभा के प्रदेश सचिव हेमराज सिसोदिया, माली सेना अध्यक्ष हेमराज खारोलिया, ज्योति प्रकाश भाटी, रेखा सैनी, राजकुमारी टांक, योगेश चौहान, मेवालाल जादम, रेनू सांखला, पत्रकार महावीर सिंह चौहान, मनीष मारोठिया, चेतन माली, सोहनलाल पंवार, श्यामसुंदर टांक, समाजसेवी महेश चौहान, विजय सिंह मौर्य समेत बडी संख्या में माली समाज समेत विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र से जुडे गणमान्यजनों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मालियान सैनी पब्लिक स्कूल में फल वितरण

सावित्रीबाई फुले की 126वीं पुण्यतिथि के मौके पर सावित्रीबाई फुुले राष्ट्रीय जाग्रति मंच की ओर से मालियान सैनी पब्लिक स्कूल में बच्चों को फल वितरित किए गए। बच्चों व स्कूल स्टाफ ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्य अतिथि राजस्थान ललित कला अकादमी की सदस्य ममता चौहान ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि यह सही और और सच्चे मायने में सावित्री बाई फुले को श्रद्धांजलि होगी। संस्था अध्यक्ष सुनीता चौहान, राजकुमारी टांक तथा अन्य सदस्यों ने फल वितरण में सहयोग प्रदान किया।

15 मार्च को दुबई में होगा छठा इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवार्ड

मुंबई। छठा इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवार्ड 15 मार्च को दुबई में होगा। दुबई के कोका कोला एरिना में निर्माता अभय सिन्हा की यशी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवार्ड का आयोजन किया जा रहा है। इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवार्ड का आयोजन इससे पहले लंदन, सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों में हो चुका है।

अवार्ड शो के प्रस्तुतकर्ता एवं इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने बताया कि भोजपुरी सितारों के स्वागत और सम्मान के लिए कोका कोला एरिना तैयार है। इस आयोजन में भोजपुरी सिनेमा के क्षेत्र में दिए गए अति विशिष्ट योगदान के लिए पुरस्कार के साथ एक से बढ़कर एक धमाकेदार पावर पैक परफॉर्मेंस भी होने वाले हैं, जो इस शाम को खास बनाने के साथ यादगार भी बनाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष कई श्रेणियों में पुरस्कारों के साथ-साथ फिल्म जगत के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा एक से बढ़ कर नृत्य का प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ गायक, सर्वश्रेष्ठ संगीत, सर्वश्रेष्ठ गायक जैसी महत्वपूर्ण कटेगरी में फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।

पकड़ में नहीं आ सकी पन्ना की बाघिन, भेजना था माधव राष्ट्रीय उद्यान

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व से आज जिस एक युवा बाघिन को शिवपुरी के माधव राष्ट्रीय उद्यान में ले जाया जाना था, वह अभी तक पकड़ में नहीं आ सकी है।

सूत्रों के अनुसार यहां से ले जाने के लिए जिस बाघिन का चयन किया गया है, उसकी उम्र लगभग सवा दो साल है। इस बाघिन को ट्रैंक्युलाइज करने का हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन चंचल स्वभाव की यह बाघिन हाथी को देखकर दूर निकल जाती है, जिससे उसको ट्रैंक्युलाइज नहीं किया जा सका। नतीजतन नियत समय पर इस बाघिन की पन्ना से माधव नेशनल पार्क के लिए रवानगी नहीं हो सकी।

आज प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा माधव राष्ट्रीय उद्यान में बाघ छोड़े जाएंगे। माधव में पूरे 27 साल बाद एक बार फिर से बाघ की दहाड़ सुनाई देगी। माधव में 1990- 91 तक काफी संख्या में बाघ हुआ करते थे, लेकिन अंतिम बार 1996 में यहां बाघ देखा गया था।

पन्ना टाइगर रिज़र्व के क्षेत्र संचालक ब्रजेन्द्र झा ने बताया कि बाघिन को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए हाथियों की मदद ली जा रही है, फिर भी अगर बाघिन नहीं मिली तो यहां से कोई दूसरी बाघिन को भेजेंगे।

हादसा टला, मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बनाया मंच गिरा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज यहां स्थित माधव राष्ट्रीय उद्यान में बाघों को छोड़ने के पश्चात शहर में रोड शो करेंगे। इसके पहले एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब दोनों नेताओं के स्वागत के लिए जगह-जगह बनाए गए मंचों में से एक मंच का लोहे का एक चैनल अचानक टूट कर गिर गया।

पुराने बस स्टैंड पर हुए इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। व्यस्ततम मार्ग पर हुए इस मामले के बाद फौरन स्थितियों को संभाला गया। आज इस रोड शो को देखते हुए शहर के मुख्य मार्ग दो बत्ती चौराहे से लेकर सभा स्थल पोलोग्राउंड तक बैनर पोस्टर स्वागत द्वारों से पूरा शहर सजाया गया है। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए हैं।

कुछ ‘बिकाऊ’ लोगों की वजह से गिरी कांग्रेस सरकार, अब ऐसा नहीं होगा : दिग्विजय

सतना। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए आज कहा कि कुछ बिकाऊ लोगों की वजह से पिछली बार सरकार गिर गई थी, पर अब आगे ऐसा नहीं होगा।

अपने एक दिवसीय प्रवास पर यहां पहुंचे सिंह ने स्थानीय सर्किट हाउस में संवाददाताओं से चर्चा में 2023 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि कुछ बिकाऊ लोगों की वजह से 2018 में बनी हुई सरकार चली गई थी, लेकिन अब आगे ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार को कम करने के लिए कांग्रेस की सरकार जरूरी है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संदर्भ में सिंह ने कहा कि उनके निशाने पर आरएसएस नहीं है, बल्कि वे और राहुल गांधी आरएसएस के निशाने पर रहते हैं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस आलाकमान तय करेगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वे खुद इस दौड़ में शामिल नहीं हैं।

अमरीकी नागरिकों के पांच अपहरणकर्ता मेक्सिको की सड़क पर बंधे मिले

मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के सीमावर्ती शहर माटामोरोस की सड़क पर अमरीकी नागरिकों के अपहरण और हत्या के जिम्मेदार पांच लोग बंधे हुए मिले हैं। मिलेनियो ब्रॉडकास्टर ने सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट दी हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को सड़क पर बंधे मिले अपहरणकर्ता के साथ क्लैन डेल गोल्फो मादक पदार्थ तस्कर द्वारा छोड़े गए एक नोट में बताया गया है कि ये सभी अमेरिकी नागरिकों के अपहरण और हत्या के लिए जिम्मेदार है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार तीन मार्च को अज्ञात बंदूकधारियों ने अमरीका के टेक्सास से मेक्सिको सीमा पार करने के बाद चार अमरीकी नागरिकों पर गोलीबारी की और उनका अपहरण कर लिया। कुछ दिनों बाद वे एक निजी मकान में पाए गए। उनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी थी और एक घायल था। माटामोरोस में तीन मार्च को हुई मुठभेड़ में एक महिला मारी गई थी।

रिपोर्ट के अनुसार बंधे हुए पांच लोगों के पास छोड़े गए नोट में लिखा है कि ये अपहरणकर्ता है। क्लैन डेल गोल्फो की ओर ने इन कार्यों को अपमानजनक और निंदनीय बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कार्टेल ने नोट में मेक्सिको की महिलाओं और दो अमरीकी नागरिकों की मौत के लिए माफी मांगी है। क्लैन डेल गोल्फो अमरीका में शराब की तस्करी करता था अब वह सीमापार मादक पदार्थो की तस्करी करता है।

लालू प्रसाद यादव के करीबियों के ठिकानों पर ईडी का छापा

पटना। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज जमीन के बदले रेलवे में नौकरी देने के मामले में पूर्व रेल मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के करीबियों के ठिकाने पर छापेमारी की है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि ईडी की टीम दिल्ली, मुंबई, नोएडा और पटना में पूर्व विधायक अबू दोजाना के साथ ही राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबियों के लगभग 15 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम लालू प्रसाद यादव की तीन पुत्री हेमा, रागिनी और चंदा तथा बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के दिल्ली स्थित आवास पर भी पहुंची है।

गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव जब वर्ष 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री थे इस दौरान उन पर जमीन के बदले रेलवे में कुछ अयोग्य लोगों को नौकरी देने का आरोप है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और उसने लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और उनकी दो बेटी समेत 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से 14 लोगों के खिलाफ सीबीआई ने आरोप पत्र भी समर्पित कर दिया है। इस मामले में अदालत ने 14 मार्च को लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और पुत्री मीसा भारती को अदालत में पेश होने के लिए सम्मन जारी किया है।

अदालत में पेशी से पहले ही सीबीआई ने 6 मार्च को लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी से उनके सरकारी आवास पर पूछताछ की थी। इस मामले में सीबीआई ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस दिया था और यह पूछताछ पहले ब्यूरो कार्यालय में होनी थी लेकिन बाद में उन्हें राहत देते हुए सीबीआई की टीम उनके घर पर ही पूछताछ के लिए तैयार हो गई। इसके बाद 7 मार्च को लालू प्रसाद यादव और उनकी बड़ी पुत्री मीसा भारती से भी सीबीआई की टीम ने उनके दिल्ली स्थित आवास पर पूछताछ की थी।

शी जिनपिंग चीन के राष्ट्रपति और हान झेंग उप राष्ट्रपति चुने गए

बीजिंग। चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से देश के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को पांच साल के तीसरे कार्यकाल के लिए चुन लिया है, साथ ही प्रथम उप प्रधानमंत्री हान झेंग को देश का नया उप राष्ट्रपति चुना गया है।

मतदान के परिणाम के बाद शी तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति चुने जाने वाले देश पहले राजनेता बन गए हैं। इसी दौरान राज्य परिषद के फर्स्ट वाइस प्रीमियर हान झेंग को भी मतदान के जरिये देश का नया उप राष्ट्रपति चुना गया।

मतदान के अनुसार शी को चीन के केंद्रीय सैन्य आयोग का अध्यक्ष भी दोबारा चुना गया है।बीजिंग में 14वीं नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के पहले सत्र के तीसरे पूर्ण सत्र में शुक्रवार सुबह मतदान हुआ।

उल्लेखनीय है कि शी को पहली बार 2013 में 12वीं नेशनल पीपुल्स कांग्रेस में चीन का राष्ट्रपति चुना गया था और फिर 2018 में 13वीं नेशनल पीपुल्स कांग्रेस में दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया।

झेंग वाइस प्रीमियर के रूप में चीन के हांगकांग और मकाओ मामलों के लिए जिम्मेदार शीर्ष अधिकारी रहे है। इसके साथ ही उन्होंने निवेश सहयोग और ऊर्जा सहयोग पर अंतर-सरकारी रूसी-चीनी आयोग की सह-अध्यक्षता की है। उन्होंने पिछले वर्ष बीजिंग में हुए शीतकालीन ओलंपिक खेलों के लिए संचालन समूह की अध्यक्षता की और ओलंपिक मशाल रिले का शुभारंभ किया।

सबगुरु राशिफल : 10 मार्च शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 09.42 बजे बाद चतुर्थी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप धार्मिक प्रसंग में शामिल हो सकते हैं। रिस्की कार्यों से दूर रहें। आपके कार्य सरलतापूर्वक पूर्ण होते रहेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। यह न केवल आपका मन हल्का करेगा, बल्कि आप दोनों के बीच मतभेद दूर करने में भी मदद करेगा। अपने परिवार के साथ रुखा व्यवहार न करें। यह पारिवारिक शान्ति को भंग कर सकता है। संभव है कि कोई आपसे अपने प्यार का इजहार करे। कामकाज के मोर्चे पर यह एक मुश्किल दिन हो सकता है। प्रभावशाली लोगों के सहयोग आपका उत्साह दोगुना होगा। विवाद, मतभेद और दूसरों की आपमें कमियां निकालने की आदत को नजरअंदाज करें।

वृषभ :- अपनी दीर्घकालीन योजनाओं के साथ आगे बढ़ो, जैसा कि पहलुओं का दृढ़ संकल्प और संरचना का पक्ष है नई चीजों की कोशिश करने से डरो मत, खासकर जब आप अपने पसंदीदा लोगों के साथ हों। कार्यक्षेत्र में कोई आपसे दुर्व्यवहार कर सकता है। इसलिए तैयार रहें और प्रतिक्रिया न करें। आपकी लगन और मेहनत पर लोग गौर करेंगे और आज इसके चलते आपको कुछ वित्तीय लाभ मिल सकता है। आपकी ऊर्जा का स्तर ऊंचा रहेगा क्योंकि आपका प्रिय आपने लिए बहुत सारी खुशी की वजह साबित होगा। अपने उद्देश्यों की ओर शान्ति से बढ़ते रहें और सफलता मिलने से पहले अपने पत्ते न खोलें।

मिथुन :- आज मन चिंतामुक्त रह सकता है। कार्यों में विघ्न आने से कार्यपूर्ति में विलंब हो सकता है। सहकर्मियों का सहयोग प्राप्त करने में असफल रह सकते हैं। दांपत्य जीवन में तकरार का वातावरण रह सकता है अतः जीवनसाथी से सम्मानजनक तरीके से आचरण रखें। शाम के समय सफलता मिल सकती है। आपके हंसने-हंसाने का अंदाज आपकी सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा। आपको अपने जीवनसाथी से जुड़ी कोई ऐसी बात पता चल सकती है, जिसे आप कभी नहीं जानना चाहते थे। कार्यक्षेत्र में हिम्मत न हारें। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। आपके खर्चे बजट को बिगाड़ सकते हैं।

कर्क :- आज आपके व्यापार-धंधे में खूब सफलता मिलेगी। कानूनन न फंसे, इसका ध्यान जरूर रखें। अगर आप कई दिनों से कामकाज में दिक्कत महसूस कर रहे हैं, तो आज के दिन आपको राहत महसूस हो सकती है। सुनी-सुनाई बातों पर आंखें मूंदकर यकीन न करें और उनकी सच्चाई को भली-भांति परख लें। किसी के साथ पैसों की लेन-देन को लेकर सफल रहेंगे। देश-विदेश में व्यवसाय करने वालों को फायदा होगा। सब कुछ दोबारा जांचें और दूसरी राय प्राप्त करें, यह गलत समय और भ्रम की स्थिति के रूप में कुछ भी नया शुरू करने का एक अच्छा समय नहीं है, लेकिन पुराने मुद्दों को खत्म करने के लिए यह अच्छी अवधि है।

सिंह :- नौकरी पेशा के लोगों लिए समय अनुकूल दिखाई दे रहा है। आज के दिन आप अत्यधिक संवेदनशील रह सकते हैं। कार्यक्षेत्र की बात की जाए तो आज का दिन कार्यक्षेत्र को लेकर आपके लिए अत्यधिक लाभकारी साबित होगा। आर्थिक लाभ की प्राप्ति होगी। किसी की वाणी तथा बर्ताव की वजह से आपके मन को चोट लग सकती है तथा माता के स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आज आप बौद्धिक शक्ति से लेखनकार्य और सृजन कार्य अच्छी तरह से पूरे कर सकेंगे। आपका विचार किसी एक बात पर स्थिर नहीं रहेगा तथा उसमें लगातार परिवर्तन होता रहेगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है। यात्रा-प्रवास हो सके तो न करें।

कन्या :- आज स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही सेहत बिगाड़ सकती है। नकारात्मक विचारों को अपने पर प्रभावी न होने दें। आकस्मिक व्यय होने के संकेत हैं। मध्याह्न के बाद परिस्थिति में कुछ सुधार आ सकता है। स्वभाव में उग्रता रह सकती है। आज के दिन आपको मकान, वाहन, वगैरह के दस्तावेजों को अत्यंत संभालकर रखना होगा। परिवार का माहौल बिगड़े नहीं, इसके लिए वाद-विवाद टालें। माता का स्वास्थ्य बिगड़ेगा। धन-प्रतिष्ठा की हानि होगी। स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। व्यापार धंधे के लिए भावी योजना सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

तुला :- आज के दिन आप चिंता के बोझ से मुक्ति पा लेंगे। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगा। आज के दिन आप परिजनों की तरफ से विशेष ध्यान देने की कोशिश करेंगे। इस समय आपके आर्थिक आयोजन भी पूरे होंगे आपकी इच्छा शक्ति को प्रोत्साहन मिलेगा, क्योंकि आप बहुत पेचीदा हालात से निकलने में कामयाब रहेंगे। भावुक फैसला लेते वक़्त अपनी तार्किकता न छोड़ें। अनुमान नुकसानदेह साबित हो सकता है, इसलिए हर तरह का निवेश करते वक़्त पूरी सावधानी बरतें। आज आपके प्रिय की मनोदशा ज्वार-भाटे की तरह उतार-चढ़ाव भरी होगी।

वृश्चिक :- शारीरिक-मानसिक सुख बने रहेंगे। मित्रों और स्वजनों के साथ आज का दिन खूब आनंद और उल्लास से व्यतीत करेंगे। आज मन खुश और शांत रहेगा। जीवनसाथी के प्रति विशेष आकर्षण अनुभव करेंगे, जिससे मधुरता रहेगी। आर्थिक लाभ के योग हैं। आज के दिन किसी से छेड़छाड़ या किसी से झगड़ा, वाद-विवाद करने से बचे, इससे भविष्य में आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

धनु :- आपको आज के दिन विशेष रुप से हर प्रकार के कार्य में सफलता प्राप्त होगी लेकिन थोड़ा विलंब भी हो सकता है। धैर्य से काम करें आप अपने तमाम कार्य को जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे आर्थिक आयोजनों में अवरोध दूर होगा। किया गया हर कार्य सफलतापूर्वक पूरा होगा। घर परिवार और निजी जिंदगी से जुड़े कुछ खास काम आज आपके हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सफलता के योग है। कफ्यूजन दूर करने के लिए दिमाग में नया तरीका आ सकता है। विद्यार्थी के लिए आज का दिन अति उत्तम रहेगा। आज यात्रा टालनी होगी।

मकर :- आज साधारण सी बात दांपत्य जीवन में कलह का कारण बन सकती है। सांसारिक विषयों पर अपने व्यवहार को उदासीन बनाए रखें। वाद-विवाद से बचें। अदालती कार्यवाही के संकेत है। सामाजिक दृष्टि से अपमानित हो सकते हैं। चिंता के भार से स्वास्थ्य को हानि पहुंचेगी। उग्र दलीलों या वाद-विवाद से किसी के साथ संघर्ष हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में सावधानीपूर्वक कदम उठाएं। भावनाओं के प्रवाह में बहकर आप कोई अविचारी कार्य न कर बैठें, इसका ध्यान रखें। वाणी और व्यवहार में संयम तथा विवेक बनाए रखने की सलाह है। अपने अतिरिक्त खर्चों पर रोक लगाए नहीं तो आपको भविष्य में बहुत सारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

कुंभ :- आज आउटडोर गतिविधियां काफी थकावटी और तनाव देने वाली साबित होंगी। उधार मांगने वाले लोगों को नजरअंदाज करें। अपनी बातों पर काबू रखें, क्योंकि इसके चलते बड़े बुजुर्ग आहत महसूस कर सकते हैं। बेकार की बातें करके समय बर्बाद करने से बेहतर है कि आप शांत रहें। आज आप अपने आसपास के लोगों के इरादे आसानी से समझ सकते हैं। कोई करीबी व्यक्ति आज आपको बात-बात में खास जानकारी दे सकते हैं। हर चुनौती को अलग करते हुए लगे रहने का समय है। अपने कामकाजी जीवन में अपने संपर्कों का फायदा उठाने में सफल हो सकते हैं। कफ्यूजन की स्थिति कार्यक्षेत्र में निर्मित हो सकती है।

मीन :- आज पूरी तरह किसी काम के परिणाम आपके अनुसार मिल सकते हैं। आज वही होगा जो आप चाहेंगे। आर्थिक मामलों में मजबूती मिलेगी। आज आप खुद में बदलाव महसूस करेंगे। नौकरी की दिशा में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। नए अवसर पर खुले मन से विचार करना होगा। खुद को किसी भी गलत और गैर जरूरी चीज से दूर रखें, क्योंकि आप उसकी वजह से मुश्किल में फँस सकते हैं। अगर आप किसी विवाद में उलझ जाएँ तो तल्ख़ टिप्पणी करने से बचिए। आपका जीवन-साथी थोड़ा अजीब व्यवहार कर सकता है। लेकिन सब्र का बांध न टूटने दें। स्त्री वर्ग अपनी वाणी पर काबू रखें।