Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 331 -
होम ब्लॉग पेज 331

सेवा भारती का तीसरा राष्ट्रीय सेवा संगम आगामी 7 अप्रैल से जयपुर में

0

जयपुर। राष्ट्रीय सेवा भारती के तत्वावधान में तीसरा पंचवर्षीय राष्ट्रीय सम्मेलन राष्ट्रीय सेवा संगम आगामी सात से नौ अप्रैल को जयपुर स्थित केशव विद्यापीठ जामडोली में आयोजित किया जाएगा। इसका सात अप्रैल को उद्घाटन समारोह होगा जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डाॅ मोहन भागवत उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष पन्नालाल भंसाली ने बताया कि जयपुर में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में देश भर से एक हजार से अधिक संस्थाओं से लगभग पांच हजार प्रतिनिधियों के साथ अनेकों सेवा प्रेमी, प्रसिद्ध उद्वोगपित, पूजनीय संत, खेल और कला जगत से गणमान्य लोग सम्मिलित होंगे।

भंसाली ने कहा कि सेवा संगम का प्राथमिक उद्देश्य राष्ट्र के सामाजिक सांस्कृतिक ताने बाने में एक निर्णयकारी बदलाव लाने में भूमिका निभाने वाले सामाजिक संगठनों को दिशा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा भारती की योजना से प्रथम राष्ट्रीय सेवा संगम वर्ष 2010 में बेंगलुरु में आयोजित हुआ था जबकि राष्ट्रीय सेवा संगम अप्रैल 2015 दिल्ली में आयोजित हुआ। यह तीसरा आयोजन मार्च 2020 जयपुर में आयोजित होना था लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

गुरुवार को जामडोली में राष्ट्रीय सेवा भारती के पंचवर्षीय राष्ट्रीय सम्मेलन राष्ट्रीय सेवा संगम के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगम में सभी कार्य निर्विघ्न पूर्ण हों इसके लिए विधिवत भूमि पूजन कर गणेश स्थापना कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे आयोजित किया गया। भंसाली कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे।

नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में मनाया गया भारत-ऑस्ट्रेलिया की 75 साल की दोस्ती का जश्न

अहमदाबाद। भारत तथा ऑस्ट्रेलिया की दोस्ती के 75 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की उपस्थिति में गुरुवार को यहां नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर ‘75 इयर्स ऑफ़ फ्रेंडशिप थ्रू क्रिकेट’ समारोह आयोजित किया गया।

दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के स्वागत के लिए स्टेडियम परिसर में विशाल होर्डिंग्स लगाए गए। 75 इयर्स ऑफ फ्रेंडशिप थ्रू क्रिकेट की इबारत वाले होर्डिंग्स पर दोनों देशों के पूर्व और वर्तमान क्रिकेट के दिग्गजों को भी दिखाया गया। होर्डिंग्स को न केवल गलियारों, अभ्यास क्षेत्र और अन्य पैदल मार्गों में रखा गया बल्कि पारंपरिक साइटस्क्रीन के पास भी एक प्रमुख स्थान मिला।

भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज का अंतिम मैच विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार को प्रारंभ हुआ। टेस्ट मैच आरम्भ होने से पहले मोदी तथा अल्बनीज ने अपने-अपने देश की क्रिकेट टीम के कप्तानों को कैप देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत एवं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित रहे।

मोदी तथा अल्बनीस ने एक बग्गी में बैठकर पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया और वहां उपस्थित हजारों क्रिकेट प्रेमियों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोगों के हर्षघोष से स्टेडियम गूंज उठा। दोनों देशों के प्रधानमंत्री तथा स्टेडियम में उपस्थित सभी लोग भारत और ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रगान गायन में शामिल हुए। राष्ट्रगान के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने अपने-अपने देश की टीम के खिलाड़ियों के साथ हाथ मिला कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मोदी तथा अल्बनीस ने दोनों देशों के बीच 75 वर्ष की क्रिकेट मैत्री की झलक दर्शाने वाली गैलरी भी देखी। दोनों नेताओं ने स्टेडियम की प्रेसिडेंशियल गैलरी में बैठ कर मैच की शुरुआत के कुछ पलों का आनंद लिया। मैच शुरू होने से पहले ग्राउंड पर खिलाडियों ने परम्परागत गुजराती गरबा खेला।

इस अवसर पर गुजरात के मंत्री एवं राज्य के मुख्य सचिव राज कुमार सहित उच्चाधिकारी, बीसीसीआई के सचिव जय शाह सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

सरवाड़ में कव्वाल के वांछित हत्यारों को 24 घंटे में किया अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की सरवाड़ थाना पुलिस ने हत्या के वांछित आरोपियों को चौबीस घंटे में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

सरवाड़ थाना प्रभारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि सात मार्च को दरगाह रोड पानी की टंकी के सामने दो पक्षों के बीच लड़ाई झगड़ा हुआ जिसमें एक कव्वाल की अस्पताल में मृत्यु हो गई।

परिजन मुश्ताक हुसैन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुल्जिमों के खिलाफ अनुसंधान शुरू किया और त्वरित कार्यवाही करते हुए सात जनों को गिरफ्तार कर लिया।

इनमें इरशाद साबरी, गुलशाद साबरी, शेर अली, अहमद खान, सलमान राजा, हसन राजा, जुल्फिकार शामिल हैं। पुलिस को मामले में शेष वांछित लोगों की भी तलाश है।

कन्टेनर की टक्कर से एक बाईक सवार युवक की मौत

अजमेर के किशनगढ में आज सुबह ट्रक कन्टेनर की टक्कर से एक बाईक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिलोरा हाईवे क्षेत्र गौशाला के पास हुए इस हादसे में मालियों की बाडी अरांई रोड निवासी त्रिलोक माली की दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मृतक के शव को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया और परिजनों को सूचित किया। बताया जा रहा है कि मृतक त्रिलोक अपनी छह बहनों के बीच इकलौता भाई था। पुलिस ने ट्रक कन्टेनर को टोल नाका क्षेत्र से पकड लिया है।

मर्सिडीज़-बेंज की कारें होंगी 12 लाख रुपए तक महंगी

नई दिल्ली। लक्जरी यात्री वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी मर्सिडीज बेंज इंडिया ने विनिमय दर में जारी उतार और बढ़ती लागत के कारण अपनी कारों की कीमतों में 12 लाख रुपए तक बढोतरी करने की घोषणा की है जो एक अप्रैल से प्रभावी होगी।

कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि डॉलर की तुलना में रुपएमें जारी गिरावट के साथ ही लागत बढ़ने के कारण संचालन का खर्च बढ़ गया है, इसलिए कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है। इसी के तहत कारों की कीमतों में पांच प्रतिशत तक की बढोतरी की गईहै। यह बढोतरी दो लाख रुपए से लेकर 12 लाख रुपए तक की है।

कंपनी के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक संतोष अय्यर ने कहा कि मर्सिडीज़-बेंज मॉडलों का एक्स-शोरूम मूल्य 1 अप्रैल, 2023 से 5 प्रतिशत बढ़ा दिया जाएगा। पिछले 4 महीनों में फॉरेक्स में हुई तेज वृद्धि, और इनपुट की बढ़ती लागत के कारण कीमतों में संशोधन करना जरूरी है, ताकि कंपनी सतत रूप से अपना व्यवसाय जारी रख सके।

उन्होंने कहा कि मर्सिडीज़-बेंज फाईनेंशल सर्विसेज़ के स्मार्ट वित्तीय समाधान ग्राहकों के लिए सर्वश्रेष्ठ स्वामित्व लागत संभव बनाएंगे। मर्सिडीज़ बेंज की ए-क्लास लिमूज़ीन और जीएलए एसयूवी के मूल्य में 2 लाख रुपए की वृद्धि होगी। टॉप-एंड एस350डी का मूल्य 7 लाख रुपए बढ़ेगा और टॉप-एंड मर्सिडीज़ मेबैक एस580 लग्ज़री लिमूज़ीन का मूल्य 12 लाख रुपए बढ़ा दिया जाएगा।

रामचंद्र पौडेल नेपाल के नए राष्ट्रपति निर्वाचित

काठमांडू। नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पौडेल गुरुवार को नेपाल के नए राष्ट्रपति निर्वाचित हुए। राष्ट्रपति चुनाव में आज हुए मतदान में 78 वर्षीय पौडेल ने अपने प्रतिद्वंद्वी नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) के नेता सुभाष नेम्वांग को दोगुने से अधिक अंतर से पराजित किया। निवर्तमान राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी का कार्यकाल 12 मार्च को समाप्त हो रहा है।

नेपाल के चुनाव आयोग के अनुसार कुल 52 हजार 628 मतों में से पौडेल को 33 हजार 802 मत तथा नेम्वांग को 15 हजार 518 वोट हासिल हुए। सितंबर 1944 में जन्मे पौडेल एक दशक तक जेल में रह चुके हैं। इससे पूर्व वह छह बार सांसद, पांच बार मंत्री और एक बार राष्ट्रीय असेंबली के अध्यक्ष रह चुके हैं।

नेपाल के राष्ट्रपति चुनाव में देश के कुल 881 सांसदों और प्रांतीय विधायकों में से 831 ने मतदान में हिस्सा लिया जिनमें 313 सांसद और 518 विधायक शामिल थे। राष्ट्रीय प्रजातांत्रिक पार्टी के 14 तथा नेकपा (एमाले) एवं नेपाल मजदूर किसान पार्टी के एक-एक सांसद ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया जबकि नेपाली कांग्रेस एवं नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी सेंटर) के दो सांसद बीमारी का इलाज कराने विदेश में होने के कारण वोट नहीं डाल सके। विधायकों में से 31 सदस्य भी मतदान से दूर रहे।

मनीष सिसोदिया को ईडी ने जेल में पूछताछ के बाद किया अरेस्ट

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली सरकार की 2021-22 की नयी आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप में न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गुरुवार को पूछताछ के बाद धनशोधन निरोधक कानूनू के तहत गिरफ्तार कर लिया।

केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार सिसोदिया को शुक्रवार को जमानत के लिए अदालत में पेश होना था। अब कल यदि सीबीआई के मामले में उन्हें जमानत मिल जाती है तो ईडी उन्हें आगे पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के लिए अदालत में अनुरोध कर सकता है।

धन शोधन के पहलुओं की जांच करने वाली केंद्रीय एजेंसी ईडी की टीम ने आज सिसोदिया से दूसरी बार पूछताछ की। एजेंसी दिल्ली की शराब नीति में कथित घोटाले में धन के अवैध लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। ईडी ने दिल्ली की शराब नीति में गड़बड़ी के अरोपों की जांच के लिए सीबीआई द्वारा दर्ज मामले के आधार कार्रवाई शुरू की है।

सूत्रों के अनुसार ईडी मनीष सिसोदिया को हिरासत में लेने के लिए उन्हें कल अदालत में पेश कर सकती है। वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले यह एजेंसी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता से उनके मंत्रीकाल में लागू की गई नई आबकारी नीति में कथित दलाली और रिश्वत की कमाई के लेन-देन से जुड़े सूत्रों की जांच कर रही है। हालांकि यह नीति बाद में वापस ले ली गई थी।

गौरतलब है कि सीबीआई ने उन्हें 26 जनवरी को अपने मुख्यालय पर सात घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था और उनको अदालत के आदेश पर हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। ईडी ने इससे पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री से मंगलवार को जेल में ही करीब छह घंटे तक पूछताछ की थी।

दिल्ली शराब नीति घोटाले में सदर्न ग्रुप से कथित तौर पर अवैध लेनदेन से जुड़े आरोपों की जांच के सिलसिल में ईडी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पुत्री और विधानपरिषद सदस्य कविता को आज दिल्ली में पेश होने को तलब किया था।

सुश्री कविता ने महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन में दिल्ली में दस मार्च को प्रस्तावित एक धरना प्रदर्शन की तैयारी का हवाला देते हुए एजेंसी से समय मांगा था और कहा था कि वह 11 मार्च को हाजिर हो सकती हैं। अब उन्हें बयान देने के लिए 11 मार्च को बुलाया गया है।

ईडी ने सदर्न ग्रुप के रामचंद्र पिल्लई को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पिल्लई के बारे में कहा जा रहा है कि वह सदर्न ग्रुप में सुश्री कविता के हितों को देखते हैं। सिसोदिया पर मामले से जुड़े सबूतों को नष्ट करने का आरोप भी है। उन्होंने उस दौरान कथित रूप से अपने कई फोन बदले थे। उन पर नई आबाकारी नीति में लाभ का मार्जिन पांच प्रतिशत से बढ़ा कर 12 प्रतिशत करके शराब के थोक आपूर्तिकर्ताओं को बेजा फायदा पहुंचाने, अपात्र फर्मों को आपूर्ति के लाइसेंस देने जैसे तमाम आरोप हैं।

आबूरोड : उपलागढ़ की बाबा गैर में आदिवासी घोड़ा नृत्य रहा मुख्य आकर्षण

आबूरोड/सिरोही। सिरोही जिले के आदिवासी बहुल आबूरोड के उपलागढ़ गांव में गुरुवार को बाबा गैर के मेले में घोड़ा नृत्य इस बार खास आकर्षण का केंद्र रहा।

गैर मेले में गुजरात राजस्थान के विभिन्न गांवों के ग्रामीण परंपरागत वेशभूषा में सैकड़ों की तादाद में पहुंचे जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला खूब देर चला। स्वांग तथा घोड़ा नृत्य बनकर पहुंचे पुरुषों ने भाखर बाबा की मंदिर पर मत्था टेकने के बाद सार्वजनिक स्थान पर घोड़ा नृत्य का लाजवाब प्रदर्शन किया गया।


ढोल वादन के साथ उनके कार्यक्रम की प्रस्तुतियों को देखने के लिए बडी संख्या में लोग उमड़ पड़े। आदिवासी महिलाओं ने घेरे में स्थानीय बोली के गीतों को गाया। गत वर्ष कोरोना काल में दिवंगत हुए प्रमुख लोक कलाकार डोला राम गरासिया को मंदिर के सामने 2 मिनट का मौन रखकर याद किया गया।

सभी ने कहा कि उनकी लोक कलाकारी की जगह लेना किसी के बूते से बाहर है, मेले में उनकी कलाकारी के चर्चे आमतौर पर चुने जाते रहे। मेले के दौरान करीब 1 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। पुलिस व्यवस्था के माकूल इंतजाम रहे।

बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता, निर्देशक सतीश कौशिक का निधन

नई दिल्ली। बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता और डायरेक्टर सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया है। उनके करीबी मित्र अनुपम खेर ने ट्वीटर पर यह जानकारी दी है।

खेर ने ट्वीट किया कि जानता हूं मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है! पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त सतीश कौशिक के बारे में लिखूंगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम!! आपके बिना जीवन पहले जैसा नहीं रहेगा सतीश! ओम् शांति।

उन्होंने वर्ष 1993 में ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ फिल्म से बतौर निर्देशक अपनी पारी शुरू की और इसके बाद 12 से अधिक फिल्मों का निर्देशन किया।

बहुआयामी प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया सतीश कौशिक ने

बॉलीवुड में सतीश कौशिक को ऐसी शख्सियत के तौर पर याद किया जाएगा, जिन्होंने न सिर्फ निर्माण और निर्देशन बल्कि हास्य अभिनय और लेखन की प्रतिभा से भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 को हुआ था।बचपन से ही उनकी ख्वाहिश अभिनेता बनने की थी। उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई दिल्ली के प्रसिद्ध किरोड़ीमल कॉलेज से पूरी की और इसके बाद नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला ले लिया। वर्ष 1978 में अभिनय की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट में दाखिल हो गए।

सतीश कौशिक ने अस्सी के दशक में अभिनेता बनने के सपने के साथ मुंबई में कदम रखा।अभिनेता के रूप में उन्हें 1983 में प्रदर्शित फिल्म मासूम में काम करने का मौका मिला। वर्ष 1987 में प्रदर्शित फिल्म मिस्टर इंडिया सतीश कौशिक के सिने करियर की महत्वपूर्ण पिल्म साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने कैलेन्डर नामक एक बावर्ची का किरदार निभाया और दर्शकों को हंसाते हंसाते लोटपोट कर दिया।

वर्ष 1989 में प्रदर्शित फिल्म राम लखन सतीश कौशिक की महत्वपूर्ण फिल्म में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उन्होंने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया और अनुपम खेर के साथ सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित भी किए गए। दिलचस्प बात है कि यह फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास का पहला मौका था जब एक ही श्रेणी के लिए दो अभिनेताओं को फिल्म फेयर का पुरस्कार दिया गया।

वर्ष 1993 में बोनी कपूर निर्मित फिल्म रूप की रानी चोरों का राजा के जरिये सतीश कौशिक ने फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रख दिया। अनिल कपूर-श्रीदेवी और जैकी श्राफ जैसे नामचीन सितारों की मौजूदगी के बावजूद कमजोर पटकथा के कारण फिल्म टिकट खिड़की पर अपेक्षित कामयाबी अर्जित नहीं कर सकी।

वर्ष 1995 में निर्देशक के रूप में सतीश कौशिक की एक और फिल्म प्रेम प्रदर्शित हुई। संजय कपूर और तब्बू अभिनीत इस फिल्म के निर्माण में लगभग सात वर्ष लग गए,जिसके कारण फिल्म अपना प्रभाव नहीं दिखा सकी और टिकट खिड़की पर बुरी तरह नकार दी गई। सतीश कौशिक के कैरियर का सितारा 1999 में प्रदर्शित फिल्म हम आपके दिल में रहते हैसे चमका।

पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी अनिल कपूर और काजोल अभिनीत इस फिल्म की कहानी एक ऐसे अमीर उद्योगपति पर आधारित थी जो एक वर्ष के एग्रीमेंट पर अपनी सेक्रेटरी पर शादी करता है। दर्शकों ने नए विषय पर बनी इस फिल्म को काफी पसंद किया। इस फिल्म की सफलता के बाद सतीश कौशिक निर्देशक के रूप में अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे।

वर्ष 2000 में बोनी कपूर के बैनर तले बनी फिल्म हमारा दिल आपके पास है निर्देशक के रूप में सतीश कौशिक की महत्वपूर्ण फिल्म में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उन्हें एक बार फिर से अपने प्रिय अभिनेता अनिल कपूर के साथ काम करने का अवसर मिला। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में अनिल कपूर के साथ ऐश्वर्या राय की जोड़ी को दर्शको ने काफी पसंद किया और फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई।

वर्ष 2001 में बासु भगनानी के बैनर तले बनी फिल्म मुझे कुछ कहना है बतौर निर्देशक सतीश कौशिक की सुपरहिट फिल्मों में शुमार की जाती है। युवा प्रेम कथा पर आधारित यह फिल्म अभिनेता जीतेन्द्र के सुपुत्र तुषार कपूर की पहली फिल्म थी। फिल्म में तुषार कपूर और करीना कपूर की जोड़ी को दर्शको ने काफी पसंद किया।

वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म तेरे नाम के रूप में निर्देशक सतीश कौशिक की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म के जरिये उन्होंने अभिनेता सलमान खान को नए अंदाज में पेश किया और उनसे संजीदा अभिनय कराकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। सतीश कौशिक ने दर्शकों की पसंद को देखते हुए छोटे पर्दे का भी रूख किया और फिलिप्स टॉप टेन में बतौर होस्ट काम करके दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

वर्ष 2007 में अपने मित्र अनुपम खेर के साथ मिलकर उन्होंने करोलबाग प्रोडक्शन कंपनी की स्थापना की जिसके बैनर तले तेरे संग का निर्माण किया। सतीश कौशिक दो बार फिल्म फेयर पुरस्कार से नवाजे गए हैं। सतीश कौशिक ने दो दशक के अपने सिने कैरियर में लगभग 100 फिल्मों में अभिनय किया है।

सबगुरु राशिफल : 9 मार्च गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, द्वितीया तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 08.54 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं।

वृषभ राशि :- आज आपकी कार्य-शक्ति गज़ब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि :- आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि :- आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि :- आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं। प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे।किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

मीन राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

जम्मू में दिल्ली निवासी महिला डॉक्टर की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या

जम्मू। जम्मू के जानीपुर क्षेत्र में एक महिला चिकित्सक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जबकि उसके पुरुष सहयोगी ने खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार आधी रात को जानीपुरा निवासी एक पुरुष डॉक्टर (30) ने खुद को चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर लिया। जबकि उसकी साथी महिला डॉक्टर (27) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा कि महिला डॉक्टर दिल्ली की रहने वाली है और अपने डॉक्टर मित्र से मिलने के लिए जानीपुर इलाके में गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने भादस की धारा 302 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।