Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 332 -
होम ब्लॉग पेज 332

होलिकादहन भस्म के तिलक से योगी आदित्यनाथ ने की होली की शुरुआत


गोरखपुर
। होली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में गोरक्षनगरी उमंग, उल्लास और सामाजिक समरसता के रंगों में सराबोर रही। योगी के होलिकोत्सव की शुरुआत बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर होलिकादहन भस्म के तिलक से हुई। होली पर्व पर यह गोरक्षपीठ की विशिष्ट परंपरा का हिस्सा है।

पीठाधीश्वर के साथ ही मंदिर के अन्य साधु संतों ने भी होलिकादहन भस्म का तिलक लगाया। होलिकादहन स्थल से मुख्यमंत्री श्रीनाथ जी मंदिर पहुंचे और वहां मौजूद भक्तों, श्रद्धालुओं पर अबीर गुलाल उड़ाकर होली खेली। मंदिर के चबूतरे पर भक्तों ने खूब फाग गीत गाए। योगी ने भी कुछ देर वहां रुककर फाग का आनंद उठाया। सबको होली की बधाई व शुभकामनाएं देने के बाद सीएम पाण्डेयहाता से निकलने वाली भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा का नेतृत्व करने चले गए।

बुधवार शाम मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर के सान्निध्य में गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी लोगों पर गुलाब के पुष्पों की वर्षा कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उन्होंने सबके सुखमय, अरोग्यमय, समृद्धमय, शांतिमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति के पर्व एवं त्योहार सदैव बुराई छोड़ अच्छाई के मार्ग पर चलने, सामूहिकता, समरसता और लोक कल्याण की प्रेरणा देते हैं। होली मिलन समारोह में सुपरिचित लोक गायक राकेश श्रीवास्तव, राकेश उपाध्याय एवं अन्य कलाकारों ने कई कर्णप्रिय होली गीतों की प्रस्तुति की।

हिमाचल में कार खाई में गिरी, सेना के जवान सहित 4 लोगों की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला के नेरवा बाजार से लगभग पांच किलोमीटर दूर एक कार के खाई में गिरने से सेना के एक जवान समेत चार युवकों की मौत हो गई है। मरने वाले सभी लोग नेरवा के ही रहने वाले हैं। होली के दिन हुए इस हादसे से इलाके में मातम पसर गया है।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा आज सुबह साढ़े दस बजे के करीब नेरवा से पांच किलोमीटर दूर दलटानाला पर हुआ। यहां कार बेकाबू होकर नाले में जा गिरी। कार में चार लोग सवार थे। इनमें तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और सेना के जवान की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई।

पुलिस ने बताया कि सेना का जवान छुट्टी काटकर वापस ड्यूटी पर जा रहा था। कार में सवार अन्य तीन युवक उसके परिचित थे। ये तीनों कॉलेज और स्कूली छात्र बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि लगभग 200 मीटर नीचे नाले में गिरने से कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची नेरवा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हादसे के शिकार युवकों को नाले से निकाला।

मृतकों की शिनाख्त सेना के जवान लक्की (23) पुत्र नारायण सिंह ठाकुर गांव कनाहल डाकघर केदी तहसील नेरवा जिला शिमला, अक्षय (23) पुत्र ओमप्रकाश नानटा गांव भरटंअ डाकघर बिजमल तहसील नेरवा जिला शिमला, आशीष (18) पुत्र अमर सिंह शर्मा गांव शिरण डाकघर पबाहन तहसील नेरवा जिला शिमला और रितिक (18) पुत्र संतराम शर्मा गांव व डाकघर पबाहन तहसील नेरवा जिला शिमला के रूप में हुई है।

डीएसपी चौपाल राज कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उधर, इस हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। होली के दिन अपने लाडलों को खोना उनके परिजनों को इस गहरे सदमे से उबर पाना बहुत मुश्किल है।

जौनपुर : प्रेम प्रसंग में पीट-पीट कर युवक की हत्या, 4 अरेस्ट

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने एक युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बदलापुर कोतवाली स्थित बलुवा निवासी रौनक यादव (24) का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, मंगलवार और बुधवार की रात करीब दो बजे रौनक के लहूलुहान अवस्था में सड़क पर पड़े होने की सूचना पर पीआरबी टीम मौके पर पहुंची। टीम आनन-फानन में घायल रौनक को पीएससी बदलापुर लेकर पहुंची, वहां डॉक्टरों ने रौनक को मृत घोषित कर दिया।

शव देखने के बाद यह अनुमान लगाया जा सकता है कि बड़े ही निर्मम तरीके से पीट पीट कर युवक की हत्या की गई है। रौनक की बहन ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में सीओ बदलापुर शुभम तोदी ने बताया कि बुधवार को बदलापुर से किसी ने फोन कर पीआरवी को सूचना दी थी कि बलुआ के समीप सड़क के किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। घटना की सूचना पर पीआरवी टीम घटना स्थल पर पहुंची और घायल युवक को सीएचसी ले आई, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

युवक की शिनाख्त रौनक यादव के रूप में हुई है। घटना के पीछे गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आ रही है। मृतक रौनक की बहन ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है जिसके आधार पर पुलिस ने चारों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

जयपुर : होली के रंगों सहित लोकगीत और नृत्यों में रंगे रहे देशी विदेशी सैलानी

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में तीन साल बाद आयोजित हुए धुलण्डी महोत्सव में बड़ी संख्या में देशी विदेशी सैलानियों ने भाग लिया और होली के रंगों, लोकगीत और नृत्यों में रंगे रहे।

पर्यटन विभाग की ओर से मंगलवार को खासाकोठी में आयोजित धुलण्डी महोत्सव में अमरीका, इंग्लैण्ड, जर्मनी, फ्रांस, इटली, कनाडा, पुर्तगाल, इजराइल समेत अफ्रीकी देशों के सैलानियों ने भाग लिया। तीन साल बाद पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित महोत्सव में इस बार करीब साढ़े तीन हजार सैलानी शामिल हुए।

महोत्सव में लोकगीत, पारम्परिक होली के गीतों और बॉलीवुड गीतों सहित इंटरनेशनल म्यूजिक पर थिरकते विदेशी सैलानी थिरकते रहे। महोत्सव के अंत में विदेशी सैलानियों के लिए मटका दौड़ और साफा बांधों प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मटका दौड़ केवल महिलाओं के लिए थी वही पुरुषों के लिए आयोजित साफा बांधों प्रतियोगिता में भी विदेशी महिला सैलानी ने भाग लिया।

इस दौरान पर्यटकों का स्वागत परम्परागत ढोल, नगाडा और बैंड वादन से किया गया। खासाकोठी में प्रवेश के साथ ही स्वांग रचे कलाकारों को देख विदेशी पावणे अपने आप को रोक नहीं सके और उन कलाकारों के साथ सेल्फी लेने और फोटो खिचवानें में वे पीछे नहीं रहे।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार धुलण्डी फेस्टिवल का उद्देश्य विदेशी सैलानियों को होली के रंग, सुरक्षा के संग था, ऐसे में टूर एण्ड ट्रेवल ऑपरेटर्स के जरिए विदेशी सैलानियों का इतनी बड़ी संख्या में जयपुर आकर धुलण्डी महोत्सव में भाग लेना दर्शाता है कि खासा कोठी में आयोजित होने वाले धुलण्डी महोत्सव को लेकर सैलानियों में खासा आकर्षण है।

वाईएसआरटीपी अध्यक्ष वाईएस शर्मिला हैदराबाद में अरेस्ट

हैदराबाद। हैदराबाद पुलिस ने वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (वाईएसआरटीपी) की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला को बुधवार को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह राज्य में महिलाओं पर हो रहे हमलों के विरोध में यहां टैंक बंड पर धरना दे रही थी।

सुश्री शर्मिला ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धरना-प्रदर्शन शुरू करने से पहले रानी रुद्रमा देवी और चकली इलम्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शर्मिला के धरना देने की वजह से टैंक बंड पर बहुत लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और उन्हें गिरफ्तार कर बोलाराम पुलिस थाने ले गई। इससे पहले मीडिया से बातचीत करते हुए वाईएसआरटीपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीआरएस की एमएलसी के कविता दिल्ली आबकारी घोटाले में लिप्त रही हैं।

भिंड में एक तरफा प्रेम में युवक ने महिला को गोली मारी, इलाज के दौरान मौत

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अमायन थाना क्षेत्र में एक युवक ने एक तरफा प्रेम के चलते एक महिला को गोली मारी दी थी। महिला ने सीने में गोली फंसी थी। महिला ने उपचार के दौरान दमतोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब इस मामले में आरोपी पर हत्या का मुकदमा पुलिस ने दर्ज कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि रंजनी देवी श्रीवास ग्राम अंधियारी खुर्द की रहने वाली हैं। अंधियारी खुर्द में रहने वाली तीस वर्षीय महिला का पति सोनू श्रीवास भिण्ड जिले के औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में एक निजी कंपनी का कर्मचारी है। ये महिला पूर्व में अपने पति के साथ मालनपुर में रहती थी। यहीं पर इस महिला की मुलाकात लोधे की पाली में रहने वाले सुनील कुशवाह से हुई। आरोपी युवक महिला से एकतरफा प्रेम करने लगा। इस पर महिला अपने गांव आकर रहने लगी।

प्रेमी युवक भी उस महिला के घर 22 फरवरी को पहुंचा और महिला को अपने साथ ले जाने के लिए जोर जबर्दस्ती करने लगा। जब महिला ने जाने से इंकार कर दिया तो आरोपी युवक ने पीड़िता से गाली गलौज करते हुए कमर से कट्‌टा निकाला और गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। आरोपी युवक मौके से कट्‌टे की दम पर धमकाते हुए फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस गांव वालों की सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जान से मारने के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। इधर महिला को उचित उपचार के लिए ग्वालियर के जेएएच में रेफर किया गया था। जहां पिछले दिनों से उपचार चल रहा था।

इधर, अमायन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेज दिया था। कल महिला ने जेएएच में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज की नाराजगी के बाद डिंडौरी SP का होली के दिन ही तबादला

भोपाल। मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल डिंडौरी जिले के एक स्कूल छात्रावास में नाबालिग छात्राओं के यौन शोषण मामले में कथित लापरवाही के चलते आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सख्त नाराजगी के बाद डिंडौरी पुलिस अधीक्षक संजय सिंह का होली के दिन ही तबादला कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक पर आरोप है कि मिशनरी के एक स्कूल से संबद्ध छात्रावास में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण संबंधी मामला उजागर होने के बाद आरोपी शिक्षक और प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई।

प्राचार्य को थाने से ही जमानत प्रदान कर दी गई। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री ने संपूर्ण जानकारी हासिल की। उन्होंने सुबह डिंडौरी पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चौहान के निर्देश के बाद होली के अवकाश के दिन आज ही गृह विभाग ने डिंडौरी पुलिस अधीक्षक संजय सिंह का तबादला आदेश जारी कर दिया। उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

हाल ही में डिंडौरी जिले के जुनवानी गांव स्थित एक मिशनरी स्कूल में नाबालिग छात्राओं के यौन शोषण का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी हुए। बताया गया है कि इस गंभीर आपराधिक प्रकरण में स्कूल के प्राचार्य को गिरफ्तार करने के बाद जमानत मिल गई।

संजीव कुमार सिन्हा होंगे डिंडौरी के नए पुलिस अधीक्षक

मध्यप्रदेश सरकार ने संजीव कुमार सिन्हा को डिडाैरी जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया है।आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्य के गृह विभाग द्वारा आज जारी आदेश के तहत पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ संजीव कुमार सिन्हा को डिडौरी जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।

बाराबंकी में कार की चपेट में आकर 4 बच्चों की मृत्यु

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के बदोसराय क्षेत्र में बुधवार को मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे चार किशोरों की एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कस्बे के बच्चे मस्जिद सुबह की नमाज पढ़ने गए हुए थे। नमाज पढ़ने के बाद मोहम्मद खालिद (14), मोहम्मद शाह (14), मोहम्मद रेहान (14) और रईस (18) सुबह छह बजे नमाज पढ़ कर वापस घर आ रहे थे कि तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने चारों बच्चों को रौंद दिया और सड़क के किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।

इस हादसे में घायल बच्चों को गंभीर हालत में संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद खालिद, मोहम्मद रेहान और मोहम्मद शाह को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर अवस्था में मोहम्मद रईस को जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

ईडी ने बीआरएस एमएलसी कविता को 9 मार्च को तलब किया

हैदराबाद। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने बुधवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य (एमसलसी) एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता को दिल्ली आबकारी नीति मामले में गुरुवार (नौ मार्च) को पूछताछ के लिए तलब किया है।

इस मामले की जांच कर रही केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले वर्ष 11 दिसंबर को हैदराबाद में कविता से पूछताछ की थी। ईडी ने कविता को समन ऐसे समय में जारी किया है जब वह संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने की मांग को लेकर 10 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी में शांतिपूर्ण ढंग से भूख हड़ताल करने की तैयारी में जुटी हुई है।

इससे पहले मंगलवार को एजेंसी ने हैदराबाद के शराब व्यापारी अरुण रामचन्द्र पिल्लई को हिरासत में लिया था, जिसने कथित तौर पर साझेदारी फर्म में बीआरएस एमएलसी कविता के व्यावसायिक हित का प्रतिनिधित्व किया। पूछताछ के दौरान ईडी द्वारा उसके द्वारा किए गए कथित खुलासों में पूछताछ करने की उम्मीद है।

ईडी द्वारा जारी समन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सुश्री कविता ने एक बयान में कहा कि कानून का पालन करने वाले नागरिक के रूप में मैं जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगी।

कविता ने अपने बयान में कहा कि महिला आरक्षण विधेयक लंबे समय से लंबित है। हमारी एकमात्र मांग यह है कि इसे संसद में पेश किया जाए ताकि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में उनका उचित स्थान दिलाया जा सके।

भारत जागृति, देश भर के विपक्षी दलों और महिला संगठनों के साथ शुक्रवार को जंतर-मंतर पर एक दिन की शांतिपूर्ण भूख हड़ताल के लिए एक साथ आएंगे। जहां सभी केंद्र सरकार से महिला आरक्षण विधेयक पेश करने और पारित करने की मांग करेंगे। हमारे एक दिन के शांतिपूर्ण भूख हड़ताल के आलोक में मुझे प्रवर्तन निदेशालय द्वारा नौ मार्च (गुरुवार) को राजधानी दिल्ली में पेश होने के लिए बुलाया गया है।

बीआरएस विधायक ने कहा कि मैं केंद्र में सत्ताधारी पार्टी को आगाह करना चाहती हूं कि उनके इस तरह से डरान-धमकाने के हथकंडों से हमारे नेता मुख्यमंत्री के चन्द्रशेखर राव और पूरी बीआरएस पार्टी डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि केसीआर गारू के नेतृत्व में हम भारत के उज्जवल और बेहतर भविष्य के लिए आवाज उठाने में आपकी विफलताओं को उजागर करने के लिए निरंतर लड़ते रहेंगे।

कविता ने कहा कि मैं केन्द्र की सत्तारूढ़ पार्टी को याद दिला दूं कि तेलंगाना दमनकारी जनविरोधी शासन के आगे न कभी झुका है और न कभी झुकेगा। उन्होंने कहा कि हम लोगों के अधिकारों के लिए निर्भीकता और मजबूती से लड़ेंगी।

गौरतलब है कि आबकारी घोटाले में कथित तौर पर घूसखोरी मामले पर दिल्ली की अदालत में पेश की गई रिमांड रिपोर्ट में उनका नाम आने के बाद सीबीआई ने कविता से सात घंटे तक पूछताछ की थी।

अजमेर के सरवाड़ में पुरानी रंजिश को लेकर कव्वाल चिराग की हत्या

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले के सरवाड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर कव्वाल परिवारों में हुए झगड़े के बाद एक कव्वाल की निर्मम हत्या कर दी गई।

सरवाड़ स्थित दरगाह रोड पानी की टंकी के पास कई दिनों से विवाद में चल रहे परिवारों में झगड़े के बाद अंततः मंगलवार देर रात चिराग नामक कव्वाल का कुल्हाड़ी मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। हमले के बाद अफरातफरी मच गई जहां कुछ लोगों से गंभीर रूप से घायल हुए कव्वाल चिराग को सरवाड़ के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां उसने दौराने इलाज दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पर केकड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा, उपाधीक्षक खींव सिंह राठौड़, सरवाड़ थाना प्रभारी सूर्यभान सिंह मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मामले में पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल ग्यारह लोगों को डिटेन भी कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।