Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46 Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 335 -
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के शिक्षा विभाग ने सह-शिक्षण संस्थानों में छात्राओं और शिक्षिकाओं के लिए हिजाब पहनना अनिवार्य कर दिया है।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस संबंध में 24 फरवरी को एक सर्कुलर जारी किया गया था। पीओके के प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा महानिदेशालय (पुरुष) के उप निदेशक के हस्ताक्षर वाले सर्कुलर में कहा गया है कि यह देखा गया है कि जहां सह-शिक्षा का संचालन होता है, वहां छात्राएं /शिक्षिकाएं हिजाब नहीं पहनती हैं। इसलिए पारित निर्देशों के तहत छात्राओं/शिक्षिकाओं को हिजाब पहनने के लिए सख्ती से बाध्य किया जाना चाहिए।
सर्कुलर में चेतावनी दी कि यदि निर्देशों का उल्लंघन किया गया, तो संबंधित संस्थानों के प्रमुखों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की जाएगी। डॉन के अपनी रिपोर्ट में प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री दीवान अली खान चुगताई के हवाले से कहा कि हमने इसे खुदा और उनके दूत (उस पर शांति) के आदेश के पालन में किया है, जिसमें महिलाओं को हिजाब पहनने और पुरुषों को अपनी निगाहें नीची करने के लिए कहा गया है।
सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, शुक्ल पक्ष, पूर्णिमा तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 06.10 बजे बाद प्रतिपदा तिथि प्रारम्भ, धुलण्डी पर्व।
मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी भी आपको मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आयेंगे और सजने सवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।
वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करे और सोच समझकर करे। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते है।
मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।
कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।
सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाये रखें। नई योजनायों का आरम्भ करके और नाम कमायेंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।
कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।
तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।
वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।
धनु :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।
कुंभ :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा।
मीन :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है। सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है।
अजमेर। राजस्थान के अजमेर में पत्रकारों की ओर से फाल्गुन महोत्सव समिति के तत्वावधान में आज 24वां फाल्गुन महोत्सव आयोजित किया गया जिसमें राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ को मूर्खाधिराज घोषित किया गया।
अजमेर के जवाहर रंगमंच पर आयोजित 24वें फाल्गुन महोत्सव में विभिन्न कलाकारों द्वारा लघु नाटिकाएं, हास्य व्यंग्य से भरपूर फाल्गुन समाचार, फाग गीत, कालबेलिया नृत्य के साथ साथ लॉटरी के जरिए चौबीस ईनाम भी दिए गए जिनमें सोने का एक व चांदी के दो सिक्के, साइकिल, फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, एलईडी, मिक्सी, ट्रॉली बैग, पंखा, डिनर सेट, तीन प्रेस तथा सीनरिया विजेताओं को दी गई।
कार्यक्रम में राजनीतिज्ञों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को उपाधियाँ भी प्रदान की गई। मूर्ख मंडली में राठौड़ के अलावा विधायकगण वासुदेव देवनानी, अनिता भदेल, सुरेश सिंह रावत, ओंकार सिंह लखावत, रामचंद्र चौधरी, महापौर बृजलता हाडा, भाजपा शहर अध्यक्ष प्रियशील हाडा मौजूद रहे। अजमेर रेंज के आईजी रुपिंदर सिंह ने मंच से गाना गाकर सबको रोमांचित किया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध नगाड़ावादक नाथूलाल सोलंकी के अलावा कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। यादगार समारोह शाम छह बजे तक चला जिसमें रंगमंच खचाखच भरा रहा।
सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, शुक्ल पक्ष, चतुर्दशी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 04.17 बजे बाद पूर्णिमा तिथि प्रारम्भ, होलिका दहन।
मेष राशि: आपके लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। आज आप खूब मनोरंजन करेंगे। मित्रों के साथ आज का दिन बहुत अच्छी तरह से बीतेगा। वस्त्र, भूषण तथा भोजन का अच्छा सुख प्राप्त होगा। आपकी मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ के भी संयोग हैं। कार्यस्थल पर मित्रों से भरपूर सहयोग मिल सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।
वृषभ राशि: आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ है। आज सारे कार्य आपके अनुकूल होंगे। घर का वातावरण आनंदप्रद रहेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थता और मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। नौकरी और व्यावसायिक स्थल पर वातावरण अनुकूल रहेगा। आपका अपेक्षित सहकार मिलेगा। मायके से अच्छे समाचार आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता बरतें।
मिथुन राशि: आपके लिए आज का दिन प्रतिकूल रहने के आसार बने हुए हैं। स्वभाव में रहा हठीलापन छोडऩा आपके हित में रहेगा। अधिक भावुकता के कारण मन में अस्वस्थता का अनुभव होगा। सामाजिक रूप से सम्मान का भंग न हो इसका ध्यान रखिएगा। घर और संपत्ति से जुड़े कार्यों में आज संभलकर चलें। माता से लाभ होगा। विद्याप्राप्ति के लिए आज का दिन अनुकूल है। आर्थिक आयोजन भी अच्छी तरह से होंगे।
कर्क राशि: आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ है। आज आप आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। सृजनात्मक शक्ति में वृद्धि होगी। विचारों में स्थिरता तथा मन में दृढ़ता रहने से आप अपना कार्य बहुत अच्छी तरह से कर सकेंगे। मित्रों के साथ आयोजन करेंगे। भाई-बंधुओं के साथ संबंधों में निकटता आएगी। सामाजिक रूप से मान-सम्मान में प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।
सिंह राशि: आपके लिए आज का दिन ठीक नहीं रहेगा, इसलिए संभलकर चलने की आवश्यकता है। आपको आज अपनी वाणी और वर्तन के कारण भ्रांति खड़ी न हो, इसका विशेष ध्यान रखना होगा। आवेश और उग्रता के कारण किसी से तकरार न हो जाए इसका ध्यान रखें। स्वास्थ्य अच्छा नहीं रहेगा। खासकर आंखों की पीड़ा हो सकती है। अकस्मात का योग है। परिवारजनों के साथ कलह होने की संभावना है। आज आय कम और खर्च अधिक होगा। ईश्वर का ध्यान और आध्यात्मिकता से मन शांत होगा।
कन्या राशि: आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। आज आपको अपने निजी विचारों को छोडक़र सगे-संबंधियों के परिचितों की सलाह लेकर काम करने की आवश्यकता है। घर के तथा परिजनों के कार्य करते समय समाधानकारी व्यवहार अपनाना उचित रहेगा। वाणी पर संयम बरतिएगा, नहीं तो किसी से वाद-विवाद या मनमुटाव हो सकता है। समयानुसार, भोजन भी मिलने की संभावना कम है। खर्च पर संयम रखने से निरर्थक खर्च टाल सकेंगे। आर्थिक विषयों में सावधानी बरतिएगा।
तुला राशि: आज का दिन आपके लिए शुभ है। आज आपके कार्यक्षेत्र में आपका प्रभाव आज पड़ेगा। उच्च अधिकारियों के पर आपके कार्य का सकारात्मक असर होने से आप पर प्रसन्न रहेंगे। आप आज अपना कार्य दृढ़ मनोबल और पूर्ण आत्मविश्वास के साथ संपन्न करेंगे। पिता के साथ सम्बंध प्रेमपूर्ण रहेंगे और उनसे लाभ भी होगा। जमीन, वाहन, संपत्ति से जुड़े कार्य करने के लिए आज का दिन अनुकूल है। मित्रों से भरपूर सहयोग मिलेगा।
वृश्चिक राशि: आपके लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। आज आप आर्थिक जिम्मेदारियों के प्रति ध्यान देंगे तथा उसका आयोजन भी कर सकेंगे। आर्थिक लाभ होने की संभावनाएं बन रही हैं। मन में उत्साह तथा विचारों की स्थिरता के कारण सभी कार्य आप अच्छी तरह से कर सकेंगे। आज मनोरंजन, सौंदर्य-प्रसाधन, आभूषण आदि के पीछे खर्च होगा। परिजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे।
धनु राशि: आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। किसी के साथ वाद-विवाद या झगड़ा करने से आपको बचना होगा। क्रोध करने से आप आपको बचना होगा और वाणी तथा वर्तन पर संयम बरतना आपके हित में रहेगा। हितशत्रुओं से भी सावधान रहिएगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखिएगा। रहस्यमय विषय तथा गूढ़ विद्या के प्रति आप आकर्षित होंगे और आध्यात्मिक चिंता के द्वारा मानसिक शांति प्राप्त कर सकेंगे।
मकर राशि: आज का दिन आपके लिए लाभकारी है। नौकरी और व्यापार में भी लाभ के संकेत हैं। आकस्मिक धनलाभ होने की संभावना है। मित्रों के साथ आनंदपूर्वक समय बिता सकते हैं। जो लोग अपरिणित है उनके लिए आज विवाह का योग है। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। आर्थिक योजनाएं भी सफलतापूर्वक संपन्न कर सकेंगे। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।
कुंभ राशि: आपका आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहने के संयोग बन रहे हैं, इसलिए किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले योजना बनाएं और जरा संभलकर आगे बढ़ें। मन चिंता से व्यग्र रहेगा। शारीरिक रूप से स्फूर्ति का अभाव रहने से थकान और अशक्ति का अनुभव होगा, जिससे कार्य में मंदता रहेगी। नौकरी या व्यावसायिक स्थल पर सहकर्मचारी और ऊपरी अधिकारियों का व्यवहार नकारात्मक रहेगा। संतानों के स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी और उनके साथ मतभेद भी हो सकता है। प्रतिस्पर्धियों से सावधान रहने की आवश्यकता है।
मीन राशि: आज के दिन शारीरिक रूप से आप में आलस्य, थकान, अशक्ति रहने के कारण अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। मानसिक रूप से भी आपको चिंता सताएगी। व्यावसायिक क्षेत्र में भाग्य का साथ नहीं मिलेगा। उच्चाधिकारी को आपके कार्य से संतोष नहीं होगा। मन में दुविधा रहने के कारण निर्णय लेने में बाधा आएगी। संतानों का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। खर्च भी अधिक होने की संभावना है। अत सतर्कता से काम लें।
अगरतला। त्रिपुरा में निवर्तमान सरकार के मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा सोमवार को यहां पार्टी विधायक दल के नेता के रूप में फिर से निर्वाचित हुए हैं।
साहा ने भाजपा के 60 सदस्यों की विधानसभा में बहुमत वाली सीटें जीतने के चलते सरकार गठन की मांग का दावा किया है। यहां भाजपा के 32 विधायक हैं और उसके सहयोगी आईपीएफटी ने एक सीट जीती है। शाही वंशज प्रद्योत किशोर देबबर्मन की क्षेत्रीय पार्टी 13 सदस्यों के साथ प्रमुख विपक्ष के रूप में दिखाई देगी। उसके बाद माकपा के 11 और कांग्रेस के 3 विधायक है।
सूत्रों के अनुसार इस बात की सबसे अधिक संभावना है कि जिष्णु देव वर्मा को सरकार में उनके महत्व और आदिवासियों के बीच बढ़ती पैठ को देखते हुए वित्त और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के साथ उप मुख्यमंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। सूत्रों ने संकेत दिया कि वर्मा छह महीने के भीतर उपचुनाव में चुने जाएंगे और भाजपा उनके लिए एक सीट का त्याग करेगी।
सूत्रों ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा की बैठक बुलाने के लिए तीन दिन का समय लिया है क्योंकि पिछली सरकार में डॉ. साहा के सबसे भरोसेमंद उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य चुनाव हार गए थे।
नई दिल्ली। दिल्ली की एक विशेष अदालत ने आबकारी नीति में कथित अनियमितता के आरोप में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सोमवार को 20 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
राउस एवेन्यू स्थित एमके नागपाल की विशेष अदालत ने संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सिसोदिया को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश जारी किया। सीबीआई ने विशेष अदालत के समक्ष कहा कि उसे फिलहाल सिसोदिया की हिरासत की जरूरत नहीं है, भविष्य में अदालत से इसके लिए गुहार लगा सकती है।
अदालत ने 51 वर्षीय सिसोदिया के अनुरोध पर जेल के अंदर एक चश्मा, भगवत गीता, कलम और एक डायरी रखने की अनुमति दी है। सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर अगले दिन विशेष अदालत में पेश किया था। अभी तक वह केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में थे।
अदालत ने सीबीआई के अनुरोध पर श्री सिसोदिया को 04 मार्च तक केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में भेजा था, जिसकी अवधि समाप्त होने पर चार फरवरी को दो दिनों की और हिरासत बढ़ा दी थी।
सीबीआई की विशेष अदालत 10 मार्च को सिसोदिया की नियमित जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी। सिसोदिया ने शुक्रवार को नियमित जमानत की याचिका दायर की थी। अदालत ने जमानत याचिका पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सीबीआई को अगली सुनवाई 10 मार्च तक अपना जवाब दायर करने को कहा था।
गौरतलब है कि शीर्ष अदालत ने 28 फरवरी को सिसोदिया की रिट याचिका खारिज करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष गुहार लगा सकता है।
सिसोदिया ने अपनी गिरफ्तारी और सीबीआई की जांच के तरीकों पर सवाल उठाते हुए राहत की उम्मीद में शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा की पीठ ने मंगलवार को संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सिसोदिया की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया।
शीर्ष अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद सिसोदिया ने बाद में उसी दिन उप मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
सीबीआई ने दिल्ली की आबकारी नीति 2021-2022 ( विवाद के बाद दिल्ली सरकार ने इस नीति को रद्द कर दिया था) में कथित अनियमितता के मामले में सिसोदिया को 26 फरवरी रविवार को आठ घंटे की लंबी पूछताछ के बाद देर शाम गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने आरोप लगाया था कि सिसोदिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, इसीलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने 17 अक्टूबर 2022 को आम आदमी पार्टी के नेता सिसोदिया से पूछताछ की थी। सीबीआई ने 17 अगस्त 2022 को सिसोदिया और अन्य 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
पटना। राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी से आज उनके सरकारी आवास पर केंद्रीय जांच ब्यूरो की टीम ने जमीन के बदले रेलवे में नौकरी देने के मामले में पूछताछ की।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि सीबीआई की टीम सुबह राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड पहुंची और उनसे जमीन के बदले रेलवे में नौकरी देने के मामले में करीब चार घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उनके आवास के बाहर राजद के कार्यकर्ता धरना पर बैठे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। सीबीआई ने राबड़ी देवी को इस मामले में पूछताछ के लिए नोटिस दिया था। पहले यह पूछताछ सीबीआई कार्यालय में होनी थी लेकिन बाद में उन्हें राहत देते हुए सीबीआई की टीम उनके घर पर ही पूछताछ के लिए तैयार हो गई।
पूछताछ के बाद राबड़ी देवी अपने छोटे पुत्र और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ विधान परिषद की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए निकल गई। उन्होंने पूछताछ के बारे में पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि यह सब चलता रहता है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार में जिस दिन से महागठबंधन की सरकार बनी है तब से ही यह सब हो रहा है। वह तो कह रहे हैं कि सीबीआई यहीं (राबड़ी आवास में) अपना कार्यालय खोल ले। उन्होंने कहा कि पहले भी सीबीआई इस मामले की कई बार जांच करके इसे बंद कर चुकी है। रेलवे ने भी इसे घोटाला नहीं माना है लेकिन उनके परिवार को परेशान करने के लिए यह सब किया जा रहा है।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव जब वर्ष 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री थे इस दौरान उन पर जमीन के बदले रेलवे में कुछ अयोग्य लोगों को नौकरी देने का आरोप है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और उसने यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और उनकी दो बेटी समेत 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से 14 लोगों के खिलाफ सीबीआई ने आरोप पत्र भी समर्पित कर दिया है। इस मामले में अदालत ने 14 मार्च को लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और पुत्री मीसा भारती को अदालत में पेश होने के लिए सम्मन जारी किया है।
अजमेर। आनासागर झील के किनारे मंद मंद उठती लहरों और मंच के पार्श्व में शान से लहराते तिरंगे की आभा में भक्ति और मस्ती की बहती बयार, गुलाल सरीखी उडती फूलों की रंगीन पंखुडियां, भजनों पर थिरकते श्याम के भक्त, आसमान से बरसती शीतलता से सराबोर रहा पत्रकारों की संस्था जर्नलिस्ट एसोसिएशन आफ राजस्थान की अजमेर इकाई का फागोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन।
आनासागर झील किनारे जेटी पर रविवार की शाम 7 बजे से होली की मस्ती सा आनंद देने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। एक हाथ व एक पैर ना होने के बावजूद उत्साह से लबरेज दिव्यांग अनुष्का राठौड की नृत्य प्रस्तुति पर तालियों की गडगडाहट गूंज उठी। रैना शर्मा ने गणेश वंदना और होली के आनंद से भरे गीत पर नृत्य पेश किया। गायक कलाकार तेजपाल सिंह नरवर ने सूफियाना अंदाज में गीत मैं तो पिया से नैन लडा बैठी…., गोकुल नगरिया….गाकर दाद हासिल की।
अशोक शर्मा एंड पार्टी के कलाकार आरती गौड, दिव्या शर्मा, श्रृति शर्मा, रानी, पायल शर्मा, सोनाली, पिंकी वर्मा, चंचल सांखला, प्रिया तिवारी, प्रिति सिंगला ने समूह नृत्य होली आई रे फागुन की मस्ती छाई रे…, युगल नृत्य झूमे बाजू बंद की लूम लट उलझी उलझी जाए…, कालबेलिया नृत्य काल्यो कूद पड्यो बेरा में… की प्रस्तुति दी।
मोहन जिसे पिलाए उसे होश कैसे आए…
चांदनी रात में रात 8:30 बजे से झील का किनारा भजनों से गूंज उठा। श्री सर्वेश्वर संकिर्तन मंडल के गायक अशोक तोषनीवाल ने कीर्तन की है रात बाबा…., मेरा बांके बिहारी…., मत कर तू अभिमान रे बंदे…, हे गोविंद चले आओ गोपाल चले आओ…, श्याम धणी के दरबार…, रंग मत डारो रे सांवरिया…, श्याम डारो ना रंग मेरो भीगे है अंग…, फागुनवा रंग बरसे रे बरसे रे…, राधे कृष्ण राधे कृष्ण, मोहन जिसे पिलाए उसे होश कैसे आए…आदि मनोहारी भजनों की प्रस्तुत किए। भजन संध्या परवान चढने के साथ ही अशोक तोषनीवाल फाग गाते हुए मंच से उतरकर दर्शकों के बीच आ गए, फाग की मस्ती में झूम उठे और जमकर फूल और इत्र से होली खेली गई। अंत में भोजन प्रसादी के साथ समापन हुआ।
इस मौके पर उप महापौर नीरज जैन, नाडी रोग विशेषज्ञ पूरण सिंह चौहान, देवेन्द्र गर्ग, संजय गोयल, राजेश गर्ग, योगेश बंसल, सुदेश शर्मा, पूनमचंद मारोठिया, समाजसेवी महेश चौहान, अतुल पाटनी, मोहन खंडेलवाल, राजेश अंबानी, कमल गंगवाल, हरिश गिदवानी, उमेश गर्ग, एडवोकेट बबीता टांक, पार्षद सुनीता चौहान, विनीत लोहिया, आनंद शर्मा समेत बडी संध्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।
फागोत्सव आयोजन में इनका रहा सहयोग
अजमेर सिटिजन कौंसिल, नगर निगम, अजमेर डेयरी, डा हेडगेवार सेवा प्रंन्यास, मानव सेवा मंगल न्यास, सबगुरु न्यूज, स्वास्तिक मोटर्स पेट्रोल पंप, होटल गोल्डन हेरीटेज पुष्कर, सज्जन टेंट हाउस, सतगुरु इंटरनेशनल स्कूल, श्रौणिक एंटरप्राइजेज, श्रीबालाजी फ्यूल्स बाघसुरी, श्रीराम नाम धन संग्रह बैंक ने फागोत्सव आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
जयपुर। आदर्श विद्या मंदिर के पूर्व छात्रों का होली मिलन समारोह रविवार को आयोजित किया गया। राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 1967 से लेकर वर्तमान के पूर्व छात्र शामिल हुए।
समारोह का श्रीगणेश सरस्वती वंदना से हुआ। पूर्व छात्र आलोक कौशिक ने बताया कि सभी ने मिलकर फूलों से होली खेली। पूर्व छात्रों द्वारा अपने गुरुजनों का सम्मान श्रीफल, शॉल और मोतियों की माला द्वारा सम्मान किया गया। समारोह में वयोवृद्ध गुरुदेव मोहन नागपाल, विष्णु बड़ाया, रामकुमार सिंह पुंढीर, निरंजन शर्मा सहित 20 शिक्षक भी समारोह के साक्षी बने।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व छात्र डॉ. सुधीर सचदेव, वाइस चांसलर महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी रहे। उन्होंने कहा कि अपने सपनो को बच्चों पर मत लादना। बच्चो को पढ़ाई के साथ साथ संस्कारवान बनाना। बनाने वाले ने उन्हें हमसे भी अच्छा बनाया है। उन्होंने कहा कि आज हम कुछ भी है वो सब गुरुजनों की देन है। इन्ही के आशीर्वाद से हम आगे बढे हैं।
गुलशन खत्री ने बताया कि पूर्व छात्र आपस में मिलकर बड़े खुश हुए। कई साथी तो 30-35 साल के अंतराल में पहली बार मिले हैं। बचपन की यादों को ताजा कर खूब आनंद लिया। सभी साथियों ने अपने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह में 500 पूर्व छात्र शामिल हुए एवं स्वरूचि भोज का आनंद लिया। समारोह के अंत में शांति पाठ किया गया। आगुन्तक पूर्व छात्रों एवं गुरुजनों का स्वागत आलोक कौशिक ने किया। आये हुए सभी आगुन्तकों का प्रवीण अरोड़ा ने आभार व्यक्त किया।
अजमेर। फागुन महोत्सव समिति की ओर से सोमवार 6 मार्च को जवाहर रंगमंच पर आयोजित होने वाले फाग महोत्सव में इस साल दर्शकों के लिए ईनामों की बरसात होगी।
समिति इस साल 24वें फागुन समारोह का आयोजन कर रही है और इस मौके को खास बनाने के लिए पहली बार 24 अलग अलग आकर्षक इनाम रखे गए हैं जिसमे सोने चांदी के सिक्के के अलावा साइकिल, फ्रिज, कूलर, डिनर सेट सहित और भी कई आकर्षक इनाम शामिल है।
जवाहर रंग मंच पर होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों द्वारा लघु नाटिकाएं, हास्य व्यंग्य से भरपूर रसीले फाल्गुन समाचार, शहर की सामाजिक संस्थाओं द्वारा नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ ही नेताओ अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और पत्रकारों को अवार्ड सेरेमनी से जोड़ा गया है जिसे अनोखे अंदाज में मंच पर बुलाया जाएगा। आयोजन के अंत में मूर्खाधिपति, मूर्खाधिराज और मुर्खमंडली का चयन कर जनता के बीच रखा जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति को विभिन्न संस्थाओं और प्रबुद्ध लोगों का सहयोग मिल रहा है जिसमें राजस्थान पर्यटन विकास निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण, अजमेर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था और नगर निगम शामिल है। कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को समिति द्वारा एक कूपन दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में 24 अलग-अलग इनाम लॉटरी के जरिए निकाले जाएंगे जिसमें 24 अलग अलग आकर्षक इनामों के साथ ही हो सकता है सोने चांदी का सिक्का भी निकल जाएं।
कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए रविवार 5 मार्च को शाम 5.30 बजे जवाहर रंगमंच पर एक महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है जिसमे सभी समितियों की और से दी गई जिम्मेदारियों का फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर कार्यक्रम की फूल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी।