Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 340 -
होम ब्लॉग पेज 340

भीलवाड़ा में बदमाश 16 लाख रूपए से भरा बैग लूटकर फरार

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बदनोर थाना इलाके में बदमाशों ने बाइक से बैंक जा रहे केशियर से 16 लाख रुपए की नगदी से भरा बैग लूट लिया।

यह बदमाश कार से आए और वारदात को अंजाम देने के बाद भाग निकले। लूट की इस वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने भीलवाड़ा के साथ ही प्रदेश भर में नाकाबंदी करवाई है फिलहाल बदमाशों का कहीं पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के भोपालपुरा निवासी धूनाराम भील बदनोर स्थित राजस्थान बडौदा ग्रामीण क्षेत्रीय बैंक कैशियर के पद पर कार्यरत है। धूलाराम गुरुवार को बदनोर शाखा से रवाना होकर आसींद शाखा पहुंचा, जहां से उसने बदनोर शाखा के लिए 16 लाख रुपए का नकद प्राप्त किया। इसके बाद धूनाराम नकदी लेकर आसींद से बदनोर के लिए रवाना हो गया।

इसी दौरान नाहर मगरा इलाके में आसींद की ओर से एक कार आई जिसमें 2 लोग सवार थे। इन बदमाशों ने कैशियर धूनाराम से 16 लाख रूपए से भरा बैग लूट लिया और भीम ब्यावर की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वारदात स्थल का जायजा लेते हुए पीड़ित कैशियर से वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने भीलवाड़ा जिले के साथ ही प्रदेशभर मे बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की।

बारां जिला जेल से कैदी फरार, जेल प्रशासन में हड़कंप

बारां। राजस्थान में बारां जिला जेल से हत्या का आरोपी दीवार फांद कर फरार होने के बाद जेल प्रशासन में हडकम्प मच गई है।

जेल प्रशासन ने शहर पुलिस कोतवाली में यह मामला दर्ज कराया। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। फरार कैदी जिले के ही शाहाबाद क्षेत्र का रहने वाला है। फरार कैदी सीसीटीवी कैमरे की वायर को पकड़ दीवार के सहारे ऊपर चढ़ा था।

जेलर किशनचंद मीणा ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद कैदी जनवेद सहरिया निवासी बांसखेड़ा थाना केलवाड़ा हाल कलोनी थाना शाहाबाद जेल दीवार के सहारे लटके सीसीटीवी कैमरे की केबल को पकड़ कर दीवार पर ऊपर चल गया तथा पीछे की साइड से कूद कर भाग गया।

उन्होंने बताया कि कैदी चंद मिनटों में ही गायब हो गया। कैदी भागने का पता तब चला जब दोपहर तीन बजे बाद की कैदियों की गणना की गई। जेल प्रशासन की ओर से बुधवार देर रात को 11 बजे बाद शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

उधर, पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले में नाकाबंदी करा कर फरार जनवेद की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमों का गठन भी किया है। फरार कैदी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

त्रिपुरा में भाजपा की विजय अभियान के पीछे माणिक साहा की भूमिका

अगरतला। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने एक साल के भीतर बारडोवली निर्वाचन क्षेत्र से दूसरी बार चुनाव लड़ते हुए सीधे मुकाबले में कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंदी आशीष साहा को 1257 से अधिक मतों के अंतर से हराया।

डॉ. साहा ने चुनाव में अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस नेता एवं तीन बार से विधायक रहे आशीष साहा को 1257 वोट से हराया, जो पिछले साल जून में उपचुनाव में डॉ. साहा से 6000 से अधिक मतों से हार गए थे। जहां मुख्यमंत्री ने 19,586 वोट हासिल किए, वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी साहा 18,329 मत पड़े।

डॉ. साहा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मुझे अपने चुनावी अभियान के दौरान जीत का भरोसा था क्योंकि लोगों ने राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की विकास गतिविधियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं को पसंद किया। मुझे आशा है कि भाजपा सरकार का दूसरा कार्यकाल अधिक प्रभावी होगा और अधिक विकास और कल्याणकारी कार्यों को अंजाम दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत बहुत पहले निश्चित थी, लेकिन विपक्ष को इसका एहसास नहीं था। विपक्ष ने सोचा था कि नकारात्मकता की राजनीति फैलाकर उनकी सफलता का मार्ग प्रशस्त होगा।

डॉ साहा ने कहा कि हम हमेशा लोगों के लिए राजनीति करना पसंद करते हैं और जनता के दिमाग में भरे गए नकारात्मकता को दूर करते हैं क्योंकि वर्तमान के मतदाता मानसिक रूप से परिपक्व होते हैं। उन्हें अच्छे और बुरे का पूरी तरह से पता होता है। उन्होंने कहा कि यह सभी पार्टियों और समग्र रूप से नेताओं के लिए एक सबक है।

डॉ साहा ने दोहराया कि अपने छोटे से कार्यकाल की अवधि में मैं (डॉ साहा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह के मुताबिक त्रिपुरा की जनता को सर्वश्रेष्ठ देना चाहता था। शहर के लोगों के प्रतिनिधि के रूप में मैंने सभी सड़कों, बाजारों, गलियों का जीर्णोद्धार किया और नागरिक सुविधाओं में सुधार किया। घर-घर चुनाव अभियान के दौरान जनता ने मुझ पर विश्वास किया जो स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

डॉ साहा वर्ष 2020 के अंत में भाजपा राज्य इकाई के अध्यक्ष बनने तक सक्रिय राजनीति में नहीं थे। उनका राजनीतिक करियर तेजी से बढ़ा और उन्हें पिछले साल की शुरुआत में राज्यसभा के अकेले सदस्य के रूप में चुना गया। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के पंद्रह दिन के बाद उन्हें पिछले साल 14 मई को विप्लब कुमार देब के इस्तीफे के बाद राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद 40 दिनों में उन्होंने उपचुनाव जीत लिया।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव परिणाम 2023 : बडी जीत की तरफ बढी भाजपा

HPCL ने राजधानी में पेश किया कम उत्सर्जन वाला प्रीमियम पेट्रोल

नई दिल्‍ली। हिन्‍दुस्‍तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने कम उत्सर्जन वाला प्रीमियम पेट्रोल ‘पावर95’ राजधानी में पेश किया है।

एचपीसीएल के विपणन निदेशक अमित गर्ग ने राजधानी में एक पेट्रो पंप पर आयोजित समारोह में बताया कि ‘पावर95’ पर्यावरण के लिए सुरिक्षत और इंजन के अनुकूल ईंधन का एक नमूना है। इसकी शुरुआत गुरावार को दिल्ली में एक साथ छह पेट्रोल पंप से की गई है। इस अवसर पर कंपनी के कार्यकारी निदेशक (रिटेल) संदीप माहेश्‍वरी भी उपस्थित थे।

कंपनी ने कहा है कि ‘पावर95’ बेहतर माइलेज, तेज़ एक्‍सलरेशन, स्‍मूथ ड्राइव और कम उत्सर्जन के साथ ‘पावर95’ एक बेहतर पेट्रोल सिद्ध होगा। इसके साथ ही ‘पावर95’ को शिमला, जम्‍मू, बठिंडा, जालंधर, चंडीगढ़, पानीपत, हिसार और गुरुग्राम के क्षेत्रीय कार्यालयों में अर्थात पूरे उत्‍तरी क्षेत्र में पेश किया जा रहा है।

सामान्‍य पेट्रोल की रेटिंग 91 ऑक्‍टेन पर की जाती है। उच्‍च ऑक्‍टेन ईंधन में नॉकिंग कम होती है, जिसके परिणामस्‍वरूप ताप क्षमता बढ़ जाती है और ईंधन बेहतर और स्‍वच्‍छता से जलती है। एचपीसीएल के शोध विकास केन्‍द्र बेंगलूरु ने खुद ‘पावर95’ को विकसित किया है जो कार और बाइक के लिए एक प्रीमियम, उच्‍च-ऑक्‍टेन ईंधन है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भाई शालिगराम अरेस्ट

छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र स्थित बागेश्वर धाम मंदिर के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम को आज गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर एक दलित परिवार की शादी में बंदूक दिखाकर धमकाने और मारपीट का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शालिगराम को सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शालिगराम पर एक दलित परिवार की शादी में बंदूक दिखाकर धमकाने और मारपीट करने का आरोप है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, जो गढ़ा गांव के एक दलित परिवार की शादी का है।

इसके बाद मामले की शिकायत पर गढ़ा पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससीएसटी) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था। शालिगराम बागेश्वर धाम मंदिर के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई हैं। पुलिस इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

एक्ट्रेस कियारा आडवाणी बनी स्टेफ्री का ब्रांड एंबेसडर

नई दिल्ली। सनैटरी नैपकिन ब्रांड स्टेफ्री ने आज अभिनेत्री कियारा आडवाणी को अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाते हुए स्टेफ्री सिक्योर ग्स् पैड्स के लिए अपने नए अभियना की घोषणा की है।

कंपनी ने यहां जारी बयान में कहा कि कियारा आडवाणी आधुनिक भारत की महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं, और ब्रांड के सिद्धांत एवं अवधारणा का प्रदर्शन करेंगी। स्टेफ्री हमेशा से महिला सशक्तीकरण का समर्थक रहा है, और उन्हें अपने सपनों की ओर बढ़ने में मदद करता है। वित्तीय आत्मनिर्भरता की ओर युवा महिलाओं का सफर आसान नहीं होता, उन्हें अनेक समस्याओं, लोगों के दृष्टिकोण और जीवन की वास्तविकताओं से समझौता करना पड़ता है।

उसने कहा कि स्टेफ्री सिक्योर ग्स् अपनी लीकलॉक टेक्नॉलॉजी के साथ 12 घंटों तक लीकेज से सुरक्षा देता है, ताकि महिलाएं अपने हर क्षण और अवसर का लाभ उठा सकें।

स्टेफ्री सिक्योर ग्स् के लिए डीडीबी मुद्रा द्वारा डिज़ाईन किए गए इस नए मार्केटिंग अभियान में कियारा आडवाणी एक उत्साहित और जुझारू महिला उद्यमी बनी हैं जिसे अपनी महत्वाकांक्षाओं में गहरा आत्मविश्वास है, और उन्हें पूरे दिन सुरक्षा और आराम की जरूरत है। इसलिए स्टेफ्री सिक्योर ग्स् अपने 12 घंटों के लीकेज प्रोटेक्शन के साथ उनका पसंदीदा विकल्प है।

जॉनसन एंड जॉनसन कंज्यूमर हेल्थ के उपाध्यक्ष, विपणन एवं एसेंशल हेल्थ बीयू प्रमुख मनोज गाडगिल ने कहा कि स्टेफ्री ने सदैव युवा महिलाओं के उत्साह और सामर्थ्य को सम्मानित किया है। स्टेफ्री ग्स् के नए कैम्पेन ‘दिन तुम्हारे साथ चलेगा’ के साथ यह ब्रांड महिलाओं को अपने सपनों और महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में समर्थ बना रहा है, ताकि वो अपनी शर्तों पर जिंदगी जी सकें और तेजी से लक्ष्य की ओर बढ़ सकें।

हमें स्टेफ्री परिवार में कियारा आडवाणी को शामिल करने की खुशी है। वो आज की पीढ़ी की महत्वाकांक्षी युवा महिला का प्रतिनिधित्व करती हैं। कियारा आडवाणी के साथ इस गठबंधन द्वारा हमारा उद्देश्य महिलाओं को हर अवसर का लाभ उठाने और अपने सपनों की ओर बढ़ने में समर्थ बनाने के ब्रांड के उद्देश्य को आगे बढ़ाना है, ताकि उनकी मासिक धर्म के दौरान भी कोई अवसर उनके हाथ से छूट न जाए।

झारखंड के रामगढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एनडीए ने जीत दर्ज की

रांची। झारखंड के रामगढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एनडीए ने जीत दर्ज कर ली है। एनडीए की उम्मीदवार आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी ने कांग्रेस के उम्मीदवार बजरंग महतो को 21 हजार 644 मतों से पराजित किया। आजसू की सुनीता चौधरी को 115243 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग को 93599 वोट प्राप्त हुए।

आजसू पार्टी के गोमिया विधायक लंबोदर महतो ने पार्टी उम्मीदवार की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि मिशन 2024 की ये शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले आम चुनाव को लेकर झारखंड में एनडीए के पक्ष में मतदाता एकजुट होने लगे है। रामगढ़ उपचुनाव परिणाम आने वाले समय के लिए एक बड़ा संदेश है।

वहीं बीजेपी विधायक विरंची नारायण ने कहा कि ये उपचुनाव परिणाम भविष्य की राजनीति का संकेत है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में बीजेपी और आजसू पार्टी के बीच आपसी सहमति नहीं बन पाई थी, जिसका नुकसान 2019 के चुनाव में उठाना पड़ा, लेकिन अब दोनों पार्टियां एक हो गई है। झारखंड में अब एनडीए को कोई रोक नहीं सकता है।

कुरकुरे ने सारा अली खान को बनाया अपना नया ब्रांड एंबेसडर

नई दिल्ली। स्नैक ब्रांड कुरकुरे ने अभिनेत्री सारा अली खान को अपना नया ब्रांड एंबेसडर बनाया है। सारा ने अपने खास अंदाज में इंस्टाग्राम रील बनाकर इस गठजोड़ के बारे में जानकारी साझा की है।

सारा ने एक चटपटी कविता के साथ इस मसालेदार गठजोड़ के बारे में जानकारी देते हुए लिखा है कि तो कल मैंने शेयर की थी एक चटपटी न्यूज। फन, मसाला, मस्ती, दोज आर योर क्लूज। इल विल टेक अवे ऑल योर ब्लूज, नो मैटर व्हाट फ्लेवर यू चूज… इट्स टाइम टु टेल यू हैप्पिली, सारा इज नाउ ए पार्ट ऑफ द कुरकुरे फैमिली।

कुरकुरे की एसोसिएट निदेशक और ब्रांड लीड नेहा प्रसाद ने कहा कि अपने मनोरंजक व्यक्तित्व के साथ सारा कुरकुरे की मसालेदार फैमिली की खास सदस्य बनकर सामने आएंगी। उनके उल्लास से भरे और प्रसन्न व्यक्तित्व में कुरकुरे की झलक है और हमें विश्वास है कि लोग उन्हें ब्रांड एंबेसडर के रूप में देखकर बहुत खुश होंगे। हमारा मानना है कि इस गठजोड़ से न केवल हमारे ब्रांड की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि खुश रहने का हमारा संदेश और भी स्पष्ट होकर लोगों के सामने आएगा।

सारा अली खान कुरकुरे के आगामी विज्ञापनों का हिस्सा होंगी और देश के सभी पारंपरिक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ब्रांड एवं इसके प्रोडक्ट्स को प्रमोट करेंगी।

मेग लैनिंग बनीं दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान, जेमिमा रॉड्रिग्स उपकप्तान

मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के पहले सीजन की शुरुआत से पूर्व ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता कप्तान मेग लैनिंग को अपनी महिला टीम की कमान सौंपी है। भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स को उप-कप्तान बनाया गया है।

लैनिंग ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि डब्ल्यूपीएल महिला क्रिकेट के लिये बहुत बड़ा पल है। साल 2011 में पदार्पण करने वाली लैनिंग ने 2014 में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभाली थी। महिला क्रिकेट की सबसे सफल कप्तान लैनिंग अब तक ऑस्ट्रेलिया को पांच टी20 विश्व कप और एक वनडे विश्व कप जिता चुकी हैं।

उप-कप्तान जेमिमा ने 2018 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और हाल के वर्षों में वह भारतीय टी20 टीम की प्रमुख खिलाड़ी रही हैं। जेमिमा अपने करियर में 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलकर 1704 रन बना चुकी हैं, जिसमें 10 अर्द्धशतक शामिल हैं।

डब्ल्यूपीएल की शुरुआत चार मार्च को गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियन्स के बीच मुकाबले से होगी। कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत पांच मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मुकाबले से करेंगे।

नागालैंड विधानसभा चुनाव परिणाम : एनडीपीपी-भाजपा को स्पष्ट बहुमत

कोहिमा। नागालैंड विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन ने 59 में से 34 सीटों पर कब्जा कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है और अपनी सत्ता को बरकरार रखा है।

चुनाव आयोग के अनुसार आज शाम पांच बजे तक एनडीपीपी ने 22 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और तीन सीटों पर आगे चल रही है जबकि इसकी सहयोगी भाजपा 12 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। राज्य के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने उत्तरी अंगामी-2 और उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन ने त्यूई विधानसभा सीटों पर भारी अंतर से जीत प्राप्त की।

एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन 2018 के विधानसभा चुनावों में नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) को सत्ता से बाहर करके सरकार बनाई थी और अब लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है। गठबंधन घोषणा कर चुकी है कि सत्ता में वापसी करने पर रियो ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
नेशनल पीपुल्स पार्टी ने पांच सीटों पर जीत प्राप्त की जबकि क्षेत्रीय पार्टी नगा पीपुल्स फ्रंट केवल एक सीट जीतने में कामयाब रहा और एक अन्य निर्वाचन क्षेत्र में आगे चल रहा है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने पांच सीटें प्राप्त की है और दो अन्य सीटों पर आगे चल रही है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने दो सीटों पर जीत प्राप्त कर नगालैंड की राजनीति में अपनी पहचान बनाई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी एक सीट जीती है और एक अन्य सीट पर आगे चल रही है। चार सीटों पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है जबकि एक सीट पर जनता दल (यूनाइटेड) आगे चल रही है।

इस बार ऐतिहासिक रूप से राज्य विधानसभा के लिए पहली बार महिला विधायक चुनी गई हैं। नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) की दो महिला उम्मीदवारों ने क्रमश: पश्चिमी अंगामी एसी और दीमापुर-3 निर्वाचन क्षेत्रों से जीत दर्ज की है।

राज्य में कांग्रेस का खराब प्रदर्शन जारी है और पिछले विधानसभा चुनाव में अपना खाता नहीं खोल पाने वाली देश की सबसे पुरानी पार्टी इस चुनाव में भी अब तक खाता नहीं खोल पायी है। राज्य की 59 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान हुआ और मतदान प्रतिशत 85.79 रहा। भाजपा उम्मीदवार काझेतो किनिमी ने अकुलुतो निर्वाचन क्षेत्र से निर्विरोध जीत प्राप्त की, क्योंकि कांग्रेस उम्मीदवार चुनावी मैदान से हट गए थे।

नागालैंड विधानसभा में बिना विपक्ष की अनूठी विशेषता रह चुकी है क्योंकि 60 सदस्यीय विधानसभा में सभी दलों ने राष्ट्रवादी लोकतांत्रिक प्रगतिशील पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन किया था।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव परिणाम 2023 : बडी जीत की तरफ बढी भाजपा

मेघालय त्रिशंकु विधानसभा की ओर, सत्तारूढ़ एनपीपी सबसे बड़ी पार्टी