Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 341 -
होम ब्लॉग पेज 341

मेघालय त्रिशंकु विधानसभा की ओर, सत्तारूढ़ एनपीपी सबसे बड़ी पार्टी

शिलॉन्ग। पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में गुरुवार को जारी मतगणना जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे राज्य में त्रिशंकु विधानसभा बनने के हालात नजर आ रहे हैं जिसमें सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है।

एनपीपी ने अब तक आधा दर्जन सीटें जीती हैं और 19 अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है, जबकि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी ने छह सीटों पर जीत हासिल की है और पांच सीटों पर बढ़त बनाई है।इस बीच राज्य की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर प्राप्त रूझानों और परिणामों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी सबसे बेहतर स्थिति हुई भी नजर आ रही है।

पूर्व गृह मंत्री एवं यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार होरजू डोनकुपर रॉय लिंगदोह के निधन के बाद सोहियोंग निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव स्थगित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री और एनपीपी के राष्ट्रीय सुप्रीमो कॉनराड संगमा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार बर्नार्ड मारक को हराकर दक्षिण तुरा सीट बरकरार रखी। कोनराड के पार्टी सहयोगियों में, उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टायन्सॉन्ग पर्यटन मंत्री स्निआवभालंग धर, पूर्व ऊर्जा मंत्री कॉमिंगोन यंबोन और शहरी मामलों के पूर्व मंत्री डॉ. मजेल अम्पारीन लिंगदोह ने अपनी विधानसभा सीटों को बरकरार रखा है।

मुख्यमंत्री के भाई एवं एनपीपी के वरिष्ठ मंत्री जेम्स संगमा दादेंग्रे विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार रूपा मारक से महज सात मतों के मामूली अंतर से हार गए। दिलचस्प बात यह है कि टीएमसी और वॉयस ऑफ द पीपुल पार्टी (वीपीपी), जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, ने तीन-तीन सीटों पर जीत हासिल की है। टीएमसी दो अन्य सीटों पर और वीओपी एक सीट पर आगे थी।

पांच साल पहले हुए पिछले चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में समाप्त हुई कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत हासिल की है और एक पर आगे चल रही है। मेघालय प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं मौजूदा लोकसभा सदस्य विन्सेंट पाला अपने घरेलू मैदान सुतंगा-सैपुंग पर एनपीपी की सांता मैरी शायला से 2,019 मतों से हार गए। शायला को पाला के 13,395 मतों के मुकाबले 15,414 मत मिले।

भाजपा के लिए, वर्तमान श्रम मंत्री संबोर शुल्लई ने लगातार तीसरी बार अपनी शिलांग दक्षिण सीट बरकरार रखी, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता अलेक्जेंडर लालू हेक 2538 मतों से पाइनथोरुमख्राह से आगे चल रहे हैं।

टीएमसी के प्रदेश अध्यक्ष चार्ल्स पिनग्रोप नोंगथिम्माई से विजयी हुए। उनकी पार्टी के सहयोगी एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मुकुल संगमा दो सीटों से मैदान में हैं, सोंगसाक में 359 मतों के मामूली अंतर से आगे चल रहे हैं, लेकिन तिकरिकिला में 5,313 मतों से पीछे चल रहे हैं। एनपीपी के राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के साथ, इसके शीर्ष नेताओं ने नई गठबंधन सरकार के गठन पर चर्चा शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने पश्चिमी गारो हिल्स जिले के तुरा में संवाददाताओं से बात करते हुए उनकी पार्टी को वोट देने के लिए राज्य के लोगों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि मैं हमारी पार्टी को वोट देने के लिए राज्य के लोगों को धन्यवाद देता हूं। हम उनके बहुत आभारी हैं। हम निश्चित रूप से कुछ नंबरों से कम हैं और हम अंतिम परिणाम आने का इंतजार करेंगे और फिर हम तय करेंगे कि आगे क्या करना है।

पीएम, विपक्ष के नेता, सीजेआई की समिति की सिफारिश पर होगी मुख्य चुनाव आयुक्त, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को कहा कि कोई कानून नहीं बनाए जाने तक देश के मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश की एक समिति की सिफारिश पर की जाएगी।

शीर्ष अदालत के इस फैसले का मतलब यह है कि मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति अब केंद्र सरकार की सिफारिश पर नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश की एक समिति की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्वारा की जाएगी।

न्यायमूर्ति केएम जोसेफ, न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी, न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस, न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार की संविधान पीठ ने सर्वसम्मति से यह फैसला सुनाया। याचिकाकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र तंत्र स्थापित करने संबंधी आदेश देने की की गुहार लगाई थी।

न्यायमूर्ति जोसेफ की अध्यक्षता वाली पीठ ने संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत चुनाव आयोग की नियुक्ति की प्रक्रिया में कमी का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को कार्यपालिका के सभी प्रकार के हस्तक्षेप से अलग रहना चाहिए।

पीठ ने कहा कि लोकतंत्र को जोड़ना तभी सफल हो सकता है, जब सभी हितधारक लोगों की इच्छा को प्रतिबिंबित करने के लिए चुनाव प्रक्रिया की शुद्धता बनाए रखने के लिए काम करें।

पीठ ने कहा कि राज्य के प्रति दायित्व की स्थिति में एक व्यक्ति की स्वतंत्र सोच नहीं हो सकती है। शीर्ष अदालत ने एनजीओ – एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स, अश्विनी कुमार उपाध्याय, अनूप बरनवाल और डॉ. जया ठाकुर की याचिका पर अपना यह फैसला दिया।

मंडी में कार में आग लगने से दो युवकों की जिंदा जलने से मौत, एक घायल

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बुधवार देर रात एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने तथा इसमें आग लगने से दो युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई जबकि एक अन्य गम्भीर रूप से झुलस गया।

पुलिस उपाधीक्षक लोकेंद्र नेगी ने बताया कि घटना पधर क्षेत्र में रात करीब 11 बजे हुई। एक युवक को स्थानीय लोगों और राहगीरों ने समय रहते कार से बाहर निकाल लिया लेकिन दो अन्य के आग के लपटों में घिरे होने के कारण उन्हें नहीं बचा पाए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को पधर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया। कार में जिंदा जले दोनों युवकों के कंकाल ही बचे हैं जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लिया।

मृतकों की शिनाख्त सजेहड़ निवासी भुवन सिंह (38) और सुनील कुमार (28) के रूप में हुई है जबकि झुलसे युवक की पहचान चाभ भराड़ू निवासी पदम् सिंह(27) है जिसे अभी होश नहीं आया है। पुलिस ने बताया कि घायल युवक के होश में आने के बाद ही पता चल सकेगा कि घटना में हताहत हुए युवक कहां से आ या जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव परिणाम 2023 : बडी जीत की तरफ बढी भाजपा

अगरतला। त्रिपुरा की 60 सदस्यी विधानसभा में से अभी तक 10 सीटों के नतीजे आ गए हैं। अभी तक प्राप्त नतीजों में भारतीय जनता पार्टी के खाते में पांच, तिपरा मोथा पार्टी के पक्ष में चार और आईपीएफटी के खाते में एक सीट आई है। राज्य के बामुटिया निवार्चन क्षेत्र से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार विजय हुए और मोहनपुर सीट से भाजपा के उम्मीवार चुनाव जीत गए हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार माकपा के उम्मीदवार नयन सरकार ने अंतिम दौर की मतगणना के बाद उत्तरी अगरतला के बामुटिया निर्वाचन क्षेत्र से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के मौजूदा विधायक कृष्णधन दास को 1854 मतों के अंतर से हराया। जहां सरकार को 19519 वोट मिले, वहीं दास को 17,665 वोट मिले।

इसके अलावा भाजपा उम्मीदवार और निवर्तमान कैबिनेट के शिक्षा मंत्री रतन लाल नाथ ने अंतिम दौर की मतगणना के बाद मोहनपुर निर्वाचन क्षेत्र से तिपरा मोथा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तापस डे को 7347 मतों के अंतर से हराया। जबकि नाथ को 19128 वोट मिले और श्री डे के पक्ष में 11,781 मत पड़े और कांग्रेस उम्मीदवार प्रशांत सेन चौधरी को 10,301 वोट से संतुष्ट होना पड़ा।

राज्य के अमरपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के रणजीत दास ने अपने प्रतिद्वंदी माकपा के परिमद देवनाथ् को 4594 मतों से हार का स्वाद चखाया। जोलाइबाडी सीट से आईपीएफटी के उम्मीदवार शुक्ल चरण नाओटिया ने माकापा के उम्मीदवार देवेन्द्र त्रिपुरा को केवल 375 मतों से हराया।

कमलासागर विधानसभा सीट से भाजपा के अंतरा सरकार देव ने माकपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंदी हिरणमय नारायण को 1744 मतों से पराजित किया है। अशराम्बरी निर्वाचन क्षेत्र से तिपरा मोथा उम्मीदवार अनिमेश देववर्मा ने आईपीएफटी की जयंती देव वर्मा को भारी 18328 मतों से हराया है।

करमचारा सीट से तिपरा मोथा पार्टी के पॉल डांग्शू ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंदी ब्रज लाल त्रिपुरा को 10595 मतों से पराजित किया है। इसके अलावा मानू विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के माइलाफ्रू मोग ने माकपा के प्रावत चौधरी को 547 मतों के अंतर से पराजित किया है।

शांतिबाजार निर्वाचन क्षेत्र के नतीजे भी सामने आ गए हैं जहां भाजपा के प्रमोद रियांग ने तिपरा मोथा पार्टी के हरेन्द्र रियांग को 4094 मतों से धूल चटाई। इसके अलावा सिमना सीट पर तिपरा मोथा पार्टी के बृशकेतु देववर्मा ने माकपा के कुमाेध देववर्मा को 16946 भारी मतों से हार को स्वाद चखाया।

यात्री सुविधा समिति ने किया अजमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

0

अजमेर। यात्री सुविधा समिति ने अजमेर मण्डल के विभिन्न स्टेशनों के निरीक्षण के अंतर्गत चौथे दिन गुरुवार को अजमेर व पुष्कर स्टेशन का निरीक्षण किया। छह सदस्यों की यात्री सुविधा समिति अजमेर मण्डल के आबूरोड, फालना, जवाली, रानी तथा मारवाड़, अजमेर व पुष्कर स्टेशनों का निरीक्षण कर रही है। यात्री सुविधा समिति में भजनलाल शर्मा, छोटू भाई एकनाथ पाटील, कैलाश लक्ष्मण वर्मा, अभिजीत दास, बिचित्र नारायण कलिता तथा दिलीप कुमार मल्लिक शामिल है।

अजमेर स्टेशन पर यात्री सुविधा समिति के सदस्यों ने गहन निरिक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधा समिति द्वारा स्टेशन के वेटिंग हॉल, प्लेटफार्म पर विभिन्न यात्री सुविधाओं, खानपान इकाइयों, वाटर बूथ तथा सफाई व्यवस्था आदि का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़, विवेक रावत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजमेर सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। इस दौरान यात्री सेवा समिति द्वारा रेल अधिकारियों के साथ बैठक पर यात्रा सुविधाओं पर चर्चा की गई।

रेल अधिकारियों द्वारा यात्री सुविधा समिति के सदस्यों को स्टेशन पर की गई व जारी यात्री सुविधाओं सम्बंधित गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। यात्री सुविधा समिति के सदस्यों द्वारा इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को और बढ़ाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

सबगुुरु राशिफल : 2 मार्च गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुुरु न्यूज। फाल्गुन मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, बसन्त ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 06.39 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आयेंगे और सजने सवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।

वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करे और सोच समझकर करे। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते है।

मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।

कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।

सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाये रखें। नई योजनाओ का आरम्भ करके और नाम कमाएंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।

कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।

तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।

वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।

धनु :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।

कुंभ :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है। आकस्मिक धन खर्च हो सकता है।

मीन :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है।सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा।

राजस्थान में वसुंधरा राजे के विकल्प बहुत है : ज्ञानदेव आहूजा

अलवर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्ञानदेव आहूजा ने कहा है कि राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के विकल्प बहुत हैं, वह दो बार मुख्यमंत्री रह चुकी हैं इसलिए अब वे दिल्ली की शोभा बढ़ाएं।

पूर्व विधायक आहूजा आज शाम यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान भाजपा में मुख्यमंत्री योग्य चेहरों की कोई कमी नहीं है इसलिए अच्छा होगा कि राजे अब दिल्ली की तरफ रूख करें और वहां की शोभा बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे शक्ति प्रदर्शन की राजनीति नहीं करें क्योंकि इससे माहौल खराब होता है।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में केन्द्र सरकार ने राजस्थान को 27 हजार करोड़ रूपए दिए हैं इसके बावजूद इस पर ज्यादा काम नहीं हो रहा है और अलवर के साथ तो राजस्थान सरकार ने बड़ा अन्याय ये किया है कि इस योजना में जिले में लगने वाले 17 हजार हैण्ड पम्प रद्द कर दिए हैं जिससे जिले की जल समस्या और गहरा जाएगी।

आहूजा ने कहा कि ये संवेदनशील मुद्दा है और राजस्थान सरकार को इस पर जिले की जनता के साथ इस तरह का कदम नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मेवात क्षेत्र में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। मेवात क्षेत्र में गौतस्करी और गोकशी जैसे अपराधों पर राजस्थान सरकार अंकुश नहीं लगा सकी है।

उन्होंने बताया कि इन दिनों गैंगस्टर अपराध करने वाले गिरोह राजस्थान में सक्रिय हैं जिसके चलते आम जन परेशान हैं और राजस्थान सरकार इन पर अंकुश लगा पाने में असफल साबित हो रही है।

तीर्थराज पुष्कर में 4 से 7 मार्च तक होगा अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव

अजमेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर पारंपरिक एवं लोक संस्कृति को आगे ले जाने के उद्देश्य से पहली बार सरकारी स्तर पर तीर्थराज पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव 2023 का आयोजन 4 से 7 मार्च तक राजस्थान पर्यटन विकास निगम करने जा रहा है।

पुष्कर में आज निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने जगतपिता ब्रह्मा जी सहित पुष्कर के मुख्य बाजारों में पीले चावल एवं सुपारी बांटकर आमजन को इस महोत्सव में आमंत्रित कर उन्हें न्यौता दिया।

राठौड़ ने बताया कि पुष्कर की विश्व प्रसिद्ध होली म़े देशी विदेशी पर्यटकों की उपस्थिति एवं भागीदारी अधिक से अधिक की जाएगी इसके लिए पीले चावल बांटे गए हैं। उन्होंने बताया कि चार मार्च को ब्रह्मा वाटिका एमपी थिएटर में विद्या शाह की प्रस्तुति होगी और महाआरती का आयोजन होगा।

पांच मार्च को अनुराधा पोढ़वाल भजनों की प्रस्तुति देंगी। कैमल शो, ढोला मारू, गुलाबों का कालबेलिया नृत्य के साथ साथ पुष्कर मेला मैदान पर होलिका दहन होगा एवं आतिशबाजी का कार्यक्रम होगा।

पहली बार हो रहे इस तरह के अनूठे कार्यक्रम में जहां प्रशासनिक कमेटियां गठित कर इसे सफल बनाने की योजना तैयार करते हुए एक लाख लोगों की उपस्थिति का लक्ष्य रखा गया है। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह सहित विभिन्न मंत्रियों व प्रशासनिक अधिकारियों के भी पुष्कर आने की तैयारी है। इधर, पवित्र पुष्कर सरोवर पर सवा लाख दीपों के प्रज्ज्वलन की भी तैयारी की गई है।

कोटा में मध्यप्रदेश की महिला ने 4 साल के मूक बेटे को नदी में डुबो कर मार ड़ाला

कोटा। राजस्थान में कोटा की चंबल नदी में एक महिला ने अपने 4 वर्षीय मासूम पुत्र को इसलिए डुबो कर मार डाला कि वह बोल नहीं पाता था और वह उसे अपने पर बोझ महसूस करती थी। पुलिस ने आज इस मामले में मासूम बालक की इस निर्दयी मां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने बताया कि मध्य प्रदेश के सीमावर्ती नगर श्योपुर की रहने वाली यह महिला दिल अफ़रोज(27) मंगलवार को बस से अपने 4 वर्षीय पुत्र यामीन अंसारी और एक 6 माह की पुत्री के साथ कोटा पहुंची थी। वह एक आटो से दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में अधरशिला मस्जिद के पास चंबल नदी पर पहुंची और वहां अपने पुत्र यामीन को नदी में फेंक कर वापस कोटा बस स्टैंड रोड आई और बस में सवार होकर लौट भी गई।

अधरशिला के पास बैठे किशोर पुरा निवासी एक व्यक्ति फिरोज अहमद (57) ने उस महिला को चंबल नदी को जाते हुए देखा था तो उसके साथ दो बच्चे थे लेकिन जब वह वापस लौटी तो उसके साथ गोद में एक ही बच्ची हुई थी तो उसे शक होने पर वह अधरशिला में चंबल नदी के किनारे गया तो वहां एक बालक पानी में उल्टा तैरता हुआ मिला। उसकी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बालक को निकाला और अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

चौधरी ने बताया कि आसपास के इलाके में लगी सीसीटीवी के आधार पर महिला की शिनाख्त हुई जिसे बाद में कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उसका यह चार बालक बचपन से ही बोल नहीं पाता था और उसके मुंह से हमेशा लार टपकती रहती। इससे निर्मम माता 28 फरवरी को बस से कोटा आई और इस मासूम को नदी में डुबोकर उसकी आवाज को हमेशा के लिए शांत कर दिया और बस में सवार होकर वापस लौट गई।

चाकूबाजी के मामले में एक बदमाश अरेस्ट

कोटा की साजीदेहड़ा इलाके में एक व्यक्ति को चाकू मारने के मामले में पुलिस नेआरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक (शहर) शरद चौधरी ने आज बताया कि किशोरपुरा थाना इलाके के साजीदेहड़ा में सोमवार की रात्रि को शिव मंदिर के पास रहने वाले एक व्यक्ति अमर लाल ने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठे दो युवकों को हटने को कहा तो उस समय तो चले गए लेकिन थोड़ी देर बाद एक बदमाश मुजफ्फर (26) आया और उसने चाकू से वार करके उसे घायल कर दिया। इस मामले में अमर लाल की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आज आरोपी मुजफ्फर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड भी है।

सलमान खान की फिल्म ‘बिल्ली बिल्ली’ गाने का टीजर रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आने वाली फिल्म किसी का भाई किसी का जान के गाना ‘बिल्ली बिल्ली’ का टीजर रिलीज हो गया है।

किसी का भाई किसी की जान के गाने बिल्ली बिल्ली के टीजर में सलमान खान के साथ पूजा हेगड़े पंजाबी डांस का तड़का लगाती दिखाई दे रही हैं। जबकि बैकग्राउंड में सभी ने कैट मास्क लगा रखा है। गाने के टीजर में एक ओर जहां सलमान खान सूट-बूट में नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पूजा हेगड़े पिंक कलर के शरारा में दिख रही हैं। यह गाना एक पार्टी सांग है, जिसे सुखबीर ने गाया है।

किसी का भाई किसी की जान का प्रोडक्शन सलमान खान के ही प्रोडक्शन हाउस ने किया है। यह एक एक्शन पैक्ड फिल्म है, जिसे फरहाद सम्जी ने निर्देशित किया है।

सलमान और पूजा के अलावा इस फिल्म में शहनाज गिल, पलक तिवारी, वेंकटेश दग्गुबाती, जगपति बाबू, भूमिका चावला, विजेंदर सिंह, अभिमन्यु सिंह, राघव जुयाल, सिद्धार्थ निगम, जस्सी गिल और विनाली भटनागर जैसे सितारे नजर आएंगे। वहीं फिल्म में हनी सिंह और ‘आरआरआर’ फेम राम चरण का केमियो रोल भी देखने को मिलेगा। किसी का भाई किसी की जान 21 अप्रैल 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।