Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 357 -
होम ब्लॉग पेज 357

तेलुगु फिल्मों के अभिनेता नंदमुरी तारकरत्न का निधन

हैदराबाद/नई दिल्ली। तेलुगु फिल्मों के मशहूर अभिनेता नंदमुरी तारकरत्न का शनिवार की रात कर्नाटक में बेंगलूरु के नारायण हृदयालय अस्पताल में निधन हो गया। वह 40 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्री हैं।

गत 27 जनवरी को तारकरत्न कुप्पम में तेलुगू देशम के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश के साथ युवागलम पदयात्रा में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरान पड़ा। तारकरत्न को तुरंत कुप्पम के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए बैंगलोर के नारायण हृदयालय अस्पताल में रेफर कर दिया गया जहां उपचार के दौरान कल रात उन्होंने अंतिम सांसे ली।

तारकरत्न के पार्थिव शरीर को देर रात बेंगलुरु से एंबुलेंस में तेलंगाना के रंगारेडी जिले के मोकिला स्थित उनके आवास पर लाया गया। उनके पार्थिव देह को आज सुबह तेलुगु फिल्म चैंबर में रखा गया, जहां प्रशंसकों और आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन, तेलुगू देशम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, जनसेना अध्यक्ष पवन कल्याण, अभेनता चिरंजीवी तथा अन्य फिल्मी हस्तियों और राजनीतिक नेताओं ने तारकरत्न के निधन पर शोक जताया है।

मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि नंदमुरी तारक रत्न गारू के असामयिक निधन से दुख हुआ। उन्होंने फिल्मों और मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।

चिरंजीवी ने ट्वीट किया कि नंदमुरी तारकरत्न के दुखद असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ, इतना उज्ज्वल, प्रतिभाशाली, स्नेही युवक.. बहुत जल्द चला गया। परिवार के सभी सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।

तारकरत्न का जन्म 22 फरवरी 1983 को हैदराबाद में हुआ था। तारकरत्न ने के राघवेंद्र राव के निर्देशन में 2002 में फिल्म ओकाटो नंबर कुर्राडू के साथ एक नायक के रूप में अपनी शुरुआत की।

तेलुगु फिल्मों के दिवंगत ऑइकान एनटी रामाराव के पोते और टॉलीवुड स्टार जूनियर एनटीआर के चचेरे भाई तारकरत्न ने 2002 में एक साथ नौ फिल्में शुरू करके विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उन्हें 2009 में रिलीज फिल्म अमरावती के लिए नंदी पुरस्कार मिला। उन्होंने लगभग 23 फिल्मों में नायक, खलनायक और चरित्र कलाकार के रूप में काम किया।

सवाई माधोपुर : ट्रेन के टायलेट में एक व्यक्ति का शव बरामद किया

सवाई माधोपुर। दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर राजस्थान के सवाई माधोपुर में निजामुद्दीन-बांद्रा एक्सप्रेस रेलगाडी के शौचालय से एक व्यक्ति का शव रेेलवे पुलिस ने बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलगाडी के जेसी कोच के शौचालय में पंखे से साफी (तौलिये) का फंदा बना फांसी लगा आत्महत्या करने वाले इस अज्ञात यात्री की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

तलाशी के दौरान मृतक के पास हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी का टिकट एवं एक आधार कार्ड मिला है लेकिन आधार कार्ड पर फोटो साफ नहीं होने से मृतक की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। आधार कार्ड में संतोष कुमार पुत्र दुर्गई निवासी खजरी टीकमगढ़ मध्य प्रदेश लिखा हुआ है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक गलत ट्रेन में बैठ कर सवाईमाधोपुर पहुंच गया। लेकिन उसके सुसाइड करने के कारणों का अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल जीआरपी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जीआरपीएफ सूत्रों के अनुसार मजदूर जैसे दिखने वाले इस युवक के शव के बारे में ट्रेन स्टॉफ को पता चलने पर ट्रेन को पहले गंगापुर स्टेशन पर रुकवाया गया। मामले की जांच के बाद जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ट्रेन को सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया।

सतीश पूनियां ने प्रतापगढ़ की बेटी रेणुका के लिए भिजवाया क्रिकेट किट

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने प्रतापगढ़ की बेटी रेणुका को क्रिकेट किट भिजवाकर फोन पर बात की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. पूनियां ने पार्टी कार्यकर्ता हंसराज के माध्यम से यह किट भिजवाकर भविष्य में हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया है।

उन्होंने कहा कि मुझे बेहद प्रसन्नता है कि बिंदास शॉट खेल रही प्रतापगढ़ की बेटी रेणुका को क्रिकेट किट मिल गया है, बेटियां खेलेंगी और आगे बढ़ेंगी, तो समाज और देश का स्वाभिमान बढ़ेगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले दिनों डॉ. पूनियां ने बाड़मेर की बेटी मूमल को क्रिकेट किट भिजवाकर उनसे फोन पर बात कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिया था।

भरतपुर में 30 लाख रुपए से भरे एटीएम को उखाड़ ले गए बदमाश

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के कस्वा रूपवास से आधा दर्जन बदमाशों द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एक एटीएम को उखाड़ कर ले जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

बताया गया है कि इस एटीएम में शनिवार को दिन में 30 लाख रुपए डाले गए थे। कस्वे के धौलपुर बस स्टैंड से उखाड़ कर ले गए एसबीआई के इस एटीएम बूथ पर कोई गार्ड मौजूद नहीं था।

वारदात के बारे में सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात 12 बजकर 53 मिनट पर आधा दर्जन बदमाश एक पिकअप से एटीएम बूथ पर पहुंचे और बूथ के आसपास तलाशी लेने के बाद उन्होंने एटीएम मशीन को एक रस्सी से बांधा और रस्सी के दूसरे छोर को पिकअप से बांध कर जोर से खींचा जिससे एटीएम मशीन उखड़ गई जिसे वे पिकअप में डालकर ले गए।

रविवार सुबह जब स्थानीय लोग एटीएम बूथ के सामने से निकले तो उन्हें बूथ के अंदर एटीएम मशीन नजर नहीं आई तो इसकी सूचना पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है लेकिन बदमाशों का अभी कोई सुराग पुलिस के हाथ नही लगा है।

आंध्र प्रदेश के बापतला में कार-ट्रक की भिडंत, 5 लोगों की मौत

बापतला। आंध्रप्रदेश में बापतला जिले के मेदारमेटला बाईपास रोड, कोरिसापाडु मंडल में शनिवार को आधी रात में कार का टायर पंक्चर हो जाने के कारण सड़क के डिवाइडर और फिर एक ट्रक से टकरा जाने से कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब कार में सवार लोग गुंटूर से ओंगोले की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान वाहिदा (35), आयशा (9), बुर्राला जयश्री (50), बुर्राला दिव्यतेजा (29) और चालक ब्रह्मचारी (22) के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।

रवींद्र जडेजा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई

नई दिल्ली। रवींद्र जडेजा (42/7) और रविचंद्रन अश्विन (59/3) की घातक स्पिन जोड़ी की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट में रविवार को छह विकेट से मात देकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

पहली पारी में एक रन की बढ़त लेने वाली ऑस्ट्रेलिया मैच के तीसरे दिन सिर्फ 113 रन पर ऑलआउट हो गयी। भारत ने 115 रन का लक्ष्य चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया को इस मामूली से स्कोर पर आउट करने के लिए अश्विन ने ट्रैविस हेड का विकेट लेकर दिन की शुरुआत की। इसके बाद जडेजा ने सात बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को 113 रन पर समेट दिया। यह जडेजा के टेस्ट क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के विरुद्ध 2016 में 48 रन देकर सात विकेट चटकाए थे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल का विकेट मात्र एक रन पर गंवा दिया, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने 31 (20) रन की पारी खेलकर भारत की स्थिति मजबूत कर दी। रोहित का विकेट गिरने के बाद विराट कोहली ने 20 रन और श्रेयस अय्यर ने 12 रन का योगदान दिया। श्रीकर भरत 23 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि अपना 100वां टेस्ट खेल रहे चेतेश्वर पुजारा (31 नाबाद) ने विजयी रन बनाकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया।

भारत के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे राहुल दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। उन्होंने नेथन लायन की गेंद को लेग साइड में खेला, लेकिन वह शॉर्ट लेग पर खड़े हुए पीटर हैंड्सकॉम्ब के पांव से छिटककर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के दस्तानों में समा गई। दूसरे छोर से हालांकि कप्तान रोहित शर्मा ने आसानी से रन बटोरे। रोहित ने अपनी 31 रन की पारी में सिर्फ 20 गेंदें खेलकर तीन चौके और दो छक्के जड़े।

रोहित अच्छी लय में दिख रहे थे मगर मैथ्यू कुह्नेमन को छक्का लगाने के बाद अगली ही गेंद पर रनआउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गिरने पर मैच में वापसी करनी चाही, लेकिन पुजारा विकेट पर टिके रहे। उन्होंने कोहली (30) और अय्यर (19) के साथ दो छोटी मगर महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं।

भारत का चौथा विकेट 88 रन पर गिरने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे भरत ने 22 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाकर ऑस्ट्रेलिया की बची हुई उम्मीदों को भी समाप्त कर दिया। पुजारा ने पारी के 27वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर भारत को जीत दिलाई।

इससे पूर्व, दिन के पहले सत्र में ऑस्ट्रेलिया अपनी भयावह बल्लेबाजी के कारण ढेर हो गई। मेहमान टीम ने मैच के दूसरे दिन तेज़ बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ 12 ओवर में एक विकेट गंवाकर 61 रन जोड़ लिए थे, लेकिन तीसरे दिन उसकी एक न चली। कंगारुओं ने करीब डेढ़ घंटे के खेल में महज 52 रन जोड़कर नौ विकेट गंवाए।

अश्विन ने दिन के पहले ओवर में ही खतरनाक दिख रहे ट्रैविस हेड को विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच आउट करवाया। हेड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 46 गेंद पर छह चौकों और एक छक्के के साथ सर्वाधिक 43 रन बनाए, जबकि जडेजा की गेंद पर बोल्ड होने से पूर्व मार्नस लाबुशेन ने 35 रन की पारी खेली।

आक्रामक रवैये के साथ बल्लेबाजी करने उतरे कई ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने स्वीप खेलने की कोशिश में भी अपने विकेट गंवाए। स्टीव स्मिथ (09) और मैट रेनशॉ (02) अश्विन को स्वीप करने के प्रयास में पगबाधा आउट हुए, जबकि जडेजा को रिवर्स स्वीप करते हुए एलेक्स कैरी (07) बोल्ड हो गये। इसके अलावा जडेजा ने पीटर हैंडस्कॉम्ब, पैट कमिंस और मैथ्यू कुहनेमान को भी शून्य पर आउट किया।

यह दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर भारत की लगातार 13वीं जीत है। भारत इस मैदान पर 1993 के बाद से कोई मुकाबला नहीं हारा है। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। चार मैचों की शृंखला का तीसरा मुकाबला इंदौर में एक मार्च से खेला जाएगा।

शिवसेना पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न हासिल करने को 2000 करोड़ का सौदा!

मुंबई। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने रविवार को आरोप लगाया कि शिवसेना पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को खरीदने के लिए 2000 करोड़ रुपए का सौदा हुआ।

राउत ने अपने ट्वीट में दावा किया कि 2,000 करोड़ रुपए का सौदा शुरुआती आंकड़ा है और यह 100 फीसदी सच है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बहुत जल्द ऐसी बहुत सी चीजों का पर्दाफाश होगा, जो देश के इतिहास में कभी नहीं हुई हैं। इस बीच शिंदे गुट ने राउत के दावे को खारिज किया है।

गौरतलब है कि पिछले साल जून में शुरू हुए एक विवाद पर फैसला सुनाते हुए चुनाव आयोग ने शुक्रवार को शुक्रवार को शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और तीर-धनुष प्रतीक चिहन देने का फैसला किया जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना गुस्सा जाहिर किया और चुनाव आयोग तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।

अजमेर जिले की नसीराबाद छावनी बोर्ड के चुनाव 30 अप्रेल को होंगे

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की नसीराबाद छावनी बोर्ड के चुनाव 30 अप्रैल 2023 को कराए जाएंगे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक केन्द्रीय रक्षा मंत्रालय की ओर से गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है जिसमें देश की 57 छावनी परिषदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। इनमें नसीराबाद छावनी के 8 वार्डों के लिए चुनाव होंगे।

नसीराबाद छावनी बोर्ड का कार्यकाल 2020 में समाप्त हो गया था। उसके बाद चुनाव नहीं कराए गये बल्कि छावनी परिषद् में वैरिड बोर्ड का गठन कर काम चलाया जा रहा है। वर्तमान में वैरिडबोर्ड ही काम कर रहा है।

नसीराबाद छावनी के चुनाव नहीं होने तथा विकास अवरूद्घ होने के चलते जागरूक नागरिकों ने राज्य सरकार के समक्ष मांग उठाई थी तब सरकार ने सिविल क्षेत्र में 20 वार्डों के लिए अलग से नगर पालिका नसीराबाद का चुनाव के जरिये गठन कराया जो अस्तित्व में है। बहरहाल नसीराबाद छावनी परिषद चुनाव तारीख आ जाने के बाद कस्बे में सकारात्मक प्रतिक्रिया है।

सबगुरु राशिफल : 19 फरवरी रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, चतुर्दशी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 04.18 बजे बाद अमावस्या तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि:- आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आज आप प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। नए कार्य का आरंभ भी आज कर सकते हैं। मित्रों और स्नेहीजनों से भेंट होने से आनंद हो सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। मित्रों से सहयोग मिलेगा। कार्य में मिली सफलता के कारण आपके उत्साह में वृद्धि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त करेंगे। सम्बंधों में भावनात्मकता अधिक रहेगी। समाज में मान-सम्मान मिलेगा।

वृष राशि:- आपको आज संभलकर चलने की आवश्यकता है। खासकर भावना और संवेदनशीलता में बहकर स्त्रीवर्ग से सम्बंध बनाने से आपको बचना होगा। पानी तथा प्रवाही पदार्थों से घात है, इसलिए उनसे भी दूर रहिएगा। किसी व्याधि के कारण मन दुविधा में रहने से निर्णय लेने में बाधा आ सकती है। अधिक विचारों के कारण हो रही मानसिक थकान से नींद न आए, ऐसा भी हो सकता है और इसका स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर भी पड़ सकता है। कौटुंबिक संपत्ति की चर्चा या वाद-विवाद से दूर रहिएगा।

मिथुन राशि:- आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। आपका आज का दिन परोपकार और सद्भावनाओं में बीतेगा। सेवा-पुण्य का कार्य भी हो सकता है। मानसिक रूप से कार्यभार अधिक रहेगा, लेकिन मित्रों का भरपूर सहयोग मिलेगा। इस कारण सभी कार्य सफलता से कर सकेंगे। सत्कार्य करने के फलस्वरूप शारीरिक और मानसिक रूप से स्फूर्ति का अनुभव करेंगे। आर्थिक लाभ होने की संभावना है।

कर्क राशि:- आपके लिए आज का दिन बहुत शुभ है। आज आपको वाद-विवाद में अच्छी सफलता मिलेगी। आपकी वाणी किसी को मोहित करेगी और वह आप के लिए लाभदायी रहेगा। इससे नए सम्बंधों में सद्भाव बढ़ने की भी संभावना है। विद्यार्थियों को पढ़ने-लिखने में अभिरुचि बढ़ने से उनके लिए आज अच्छा दिन है। परिश्रम की अपेक्षा कम प्राप्ति होने पर भी अपने कार्य में आप अग्रसर हो सकेंगे। आज आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।

सिंह राशि:- आपके लिए आज का दिन बहुत शुभ है। आज आर्थिक लाभ होने के संकेत मिल रहे हैं। परिवारजनों के साथ आप अच्छी तरह से समय बिता सकेंगे। उनका सहयोग भी अच्छा मिल सकता है। आर्थिक क्षेत्र में आय की अपेक्षा व्यय ही अधिक होगा। फिर भी वाणी द्वारा आप सबके मन को जीत सकेंगे। कार्य का व्यवस्थित आयोजन करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है। अत: सतर्क रहें।

कन्या राशि:- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आप वाक्चातुर्य से मीठे सम्बंध बना सकेंगे, जो कि भविष्य में आपके लिए लाभदायी सिद्ध होंगे। वैचारिक रूप से समृद्धि बढ़ेगी। शरीर, स्वास्थ और मन प्रसन्न रहेगा। पारिवारिक जीवन में उल्लासमय वातावरण रहेगा। शुभ समाचार मिलने के कारण मन प्रफुल्लित रहेगा। कार्य स्थल पर खुशी का अनुभव होगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है।

तुला राशि:- आपके लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कुछ कार्यों में सफलता मिलेगी, लेकिन उन्हें सावधानी पूर्वक शुरू करने की आवश्यकता है। आज आपका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। मानसिक रूप से भी आप अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। आपकी वाणी और वर्तन से किसी को भ्रांति न हो उसकी सावधानी रखिएगा। अपने क्रोध पर संयम रखिएगा। आपकी आय की अपेक्षा व्यय अधिक होने की संभावना है।

वृश्चिक राशि:- आपके लिए आज का दिन शुभ है। आर्थिक लाभ के संयोग बन रहे हैं। मित्रों के साथ भेंट होगी तथा उनके साथ घूमने-फिरने, आनंद-प्रमोद करने में खर्च होगा। नौकरी या व्यावसायिक क्षेत्र में आपकी आय बढ़ेगी। उच्च अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। साथियों से भरपूर सहयोग मिलेगा। दांपत्य जीवन में वातावरण आनंदमय रहेगा। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।

धनु राशि:- आज का दिन आपके लिए प्रतिकूल रहेगा। आपको आज निषेधात्मक कार्यों और नकारात्मक विचारों से दूर रहना होगा। अन्यथा मुसीबत में पड़ सकते हैं। झगड़े-विवाद से बचें, क्रोध और वाणी पर संयम रखें। पारिवारिक वातावरण कलुषित रहेगा। आर्थिक तंगी का अनुभव होगा। अत्यधिक मनोमंथन करने से मानसिक थकान अनुभव करेंगे। ईश्वर का स्मरण और आध्यात्मिकता आपके मानसिक बोझ को हल्का करेंगे।

मकर राशि:- दैनिक कार्यों से बाहर निकलकर आज आप कुछ रचनात्मक करेंगे। पड़ोसी की मदद लेनी पड़ सकती है। रुका हुआ प्राप्त करने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। कलाकार एवं कारीगरों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। व्यवसाय में भागीदारी के लिए शुभ समय है। वैवाहिक जीवन में अधिक निकटता स्थापित की जा सकती है। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान मिलेगा।

कुंभ राशि:- आपका आज का दिन बहुत अच्छे से बीतेगा। आज आपकी यश, कीर्ति और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में उच्च पदाधिकारी खुश रहने से पदोन्नति की संभावना बढ़ेगी। स्वास्थ्य बना रहेगा। परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा। पिता तथा सरकार की तरफ से लाभ मिलेगा। आर्थिक योजना अच्छी तरह पूरी कर सकेंगे। व्यापार-धंधे के नए अवसर मिलेंगे। अन्य लोगों की सहायता करने का प्रयत्न करेंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी।

मीन राशि:- आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। बौद्धिक कार्य या साहित्य लेखन जैसी प्रवृत्तियों के लिए आज अनुकूल दिन है। आपके व्यवसाय में नई विचारधारा आपके कार्यों को नया स्वरूप देंगे। व्यवसाय के क्षेत्र में प्रतिकूल वातावरण आपके मन को अस्वस्थ करेंगे। शारीरिक थकान महसूस होगी। संतान की समस्या आपको परेशान करेगी। गलत रूप से धन खर्च होगा। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद टालें।

अशोक गहलोत ने की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील

सिरोही। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश की प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और परम्परा संरक्षण में आदिवासियों का अमूल्य योगदान बताते हुए कहा है कि शिक्षा, चिकित्सा और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में प्रदेश ने चहुंमुखी प्रगति की है और प्रदेश के विकास में आदिवासी समाज की बराबर हिस्सेदारी रही है।

गहलोत शनिवार को सिरोही के शिवगंज स्थित ग्राम चोटिला में आयोजित मारवाड़ मीणा समाज महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर और प्रतापगढ़ जैसे आदिवासी बहुल जिलों के विकास में कोई कमी नहीं रखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गौतम ऋषि मंदिर के पदाधिकारियों द्वारा बारिश के दिनों में मंदिर तक श्रद्धालुओं के पहुंचने के लिए पोसालिया नदी पर पुल निर्माण कराने, सुमेरपुर में आवासीय विद्यालय खोलने, सामूहिक वनाधिकार प्रकरणों सहित अन्य मांगों का अध्ययन कराकर शीघ्र पूरा कराया जाएगा।

गहलोत ने कहा कि जनजाति विकास कोष की राशि को भी 100 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 500 करोड़ रुपए किया गया है। इससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की संकल्पना पूरी होगी। इससे रोजगारोन्मुखी गतिविधियों के साथ ही कृषि, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जोधपुर संभाग में एसटी वर्ग के सर्वांगीण विकास हेतु मारवाड़ जनजाति विकास बोर्ड का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों का निर्माण, नए आवासीय विद्यालय खोलने सहित शिक्षा के सर्वश्रेष्ठ इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेशवासियों को उपचार के महंगे खर्च से मुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में बीमा कवर 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 25 लाख रुपए किया गया है। साथ ही महंगाई से राहत दिलाने के लिए 76 लाख परिवारों को सिर्फ 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा।

प्रतिमाह एक राशन किट, किसानों को प्रतिमाह 2000 यूनिट और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 100 यूनिट निःशुल्क बिजली, पुरानी पेंशन योजना फिर से लागू करने सहित कई ऐतिहासिक घोषणाएं की गई है। सामाजिक सुरक्षा के तहत लगभग 1 करोड़ प्रदेशवासियों को पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में बजट की सराहना हो रही है। मुख्यमंत्री ने योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की जनसमूह से अपील की।

सम्मेलन में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि जनजाति क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हुआ है। बोर्ड के गठन से लेकर छात्रावासों के निर्माण और आधारभूत संरचना में प्रगति हुई है। जिले के प्रभारी मंत्री व उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी ने कहा कि बजट में इतिहास रचते हुए आर्थिक दृष्टि से कमजोर तबके के लोगों के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। बजट युवाओं व किसानों के साथ हर वर्ग को समर्पित किया गया है।