Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 358 -
होम ब्लॉग पेज 358

राजस्थान में भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं : गजेन्द्र सिंह शेखावत

जैसलमेर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भाजपा में धड़ेबंदी की चर्चाओं को गलत बताते हुए कहा कि राजस्थान में पार्टी में कहीं कोई धड़ा नहीं है।

शेखावत आज जैसलमेर दौरे पर आए तथा यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी परिवार भाव से काम कर रही है। हम सबके नेता एक ही हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। उसी के नेतृत्व में चुनाव लड़े जाएंगे।

वसुंधरा राजे की सक्रियता के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे बीस साल तक राज्य में पार्टी की नेता रही हैं। इसलिए उनका इस बार भी सक्रिय होना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर ही पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और राज्य में भाजपा की सरकार लाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।

शेखावत ने कहा कि हर सरकार यह प्रयास करती है कि बजट के माध्यम से वह लोगों को अपनी ओर आकर्षित करे, लेकिन गहलोत सरकार इसमें विफल साबित हुई है। इस सरकार के इस बजट को छोड़ भी दें तो अब तक के पिछले चार बजटों और चुनाव के दौरान जारी किए गए जन घोषणा पत्र को मिलाकर पांचों ही दस्तावेजों में की गई घोषणाओं में पचास फीसदी भी धरातल पर नहीं उतरीं।

उन्होंने कहा कि बात चाहे किसानों का कर्जा माफ करने की हो, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की हो, बिजली का बिल नहीं बढ़ाने की हो, संविदाकर्मियों को नियमित करने की हो या कोई अन्य बड़ी घोषणाएं हो, उनमें से कोई भी दिन की रोशनी नहीं देख पाई।

शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने जोधपुर लिफ्ट कैनाल बनाने की बात कही थी। वह भी पूरी नहीं हुई। गहलोत वसुंधरा राजे सरकार की इस बात के लिए आलोचना करते थे कि वह जोधपुर के साथ भेदभाव कर रही हैं, लेकिन पिछले चार साल में से दो बार बजट में घोषणा होने के बावजूद यह लिफ्ट कैनाल धरातल पर नहीं उतर पाई। बड़ी घोषणाओं का क्या हश्र है, यह इससे ही साबित होता है कि उनकी खुद की पार्टी के विधायक कभी अस्पताल में धरना देते हैं, कभी विधानसभा में सरकार को घेरते दिखाई देते हैं। देशभर में कांग्रेस और राज्य में सरकार वेंटिलेटर पर पहुंच गई है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि रिफाइनरी को पोकरण फससूंड पेयजल परियोजना से पीने के लिए एक घंटे तक पानी देने का निर्देश दिया गया था, लेकिन मुझे ग्रामीणों ने बताया कि रिफाइनरी अवैध रूप से जरूरत से ज्यादा पानी ले रही है। इस पर उन्होंने कलक्टर को मामले की जांच करने और जलदाय विभाग के अधिकारियों को इस पर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश जारी किया है।

उन्होंने बातचीत में कहा वॉइस सैंपल पर कहा कि मेरा कभी वाइज सैंपल नहीं लिया गया है। पहले ट्रायल कोर्ट ने खारिज कर दिया था यह कहकर खारिज किया था कि न्यायालय को यंत्र बनाकर अभियोजन अपनी अंतर मंशा की पूर्ति करना चाहता है। न्यायालय का दुरूपयोग करना चाहते हैं। एक साल की शांति के बाद सरकार फिर न जाने किसके दबाव में सेशन कोर्ट में अपील की गई थी। सेशन कोर्ट ने भी अपील खारिज कर दी थी।

महाशिवरात्रि : पुष्कर में 11 फीट के विशाल शिवलिंग को कराया भस्म स्नान

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के निकट मंदिरों की नगरी तीर्थराज पुष्कर स्थित चित्रकूट धाम पर आज महाशिवरात्रि के मौके पर ग्यारह फीट के विशाल शिवलिंग को भस्म स्नान कराकर भस्म आरती की गई।

देवनगर रोड स्थित चित्रकूट धाम मंदिर पर धाम के अधिष्ठाता एवं संस्थापक संत पाठकजी महाराज ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच में शाम छह बजे भस्म आरती की। यह भस्म आरती उज्जैन के महाकाल मंदिर के तर्ज पर की गई। भस्म आरती के दौरान सभी के लिए दर्शन खुले रहे। मंदिर में प्रतिदिन होने वाले यज्ञ की एकत्र भस्म से ही यह आरती की गई। इससे पहले सुबह सात बजे भक्तों ने अपने हाथों से ग्यारह फीट ऊंचे शिवलिंग पर दूध मिश्रित जल से जलाभिषेक किया।

उल्लेखनीय है कि यहां ग्यारह फीट शिवलिंग में विराजित हनुमानजी महाराज का भी अनुपम श्रंगार किया गया। पुष्कर के ब्रह्म घाट स्थित मंदिर में 108 शिवलिंगों का भी जलाभिषेक हुआ। श्रद्धालुओं ने दिनभर भोलेनाथ के दर्शन किए। इनमें कुछ विदेशी मेहमानों ने भी शिरकत की।

श्री अर्द्ध चंद्रेश्वर महादेव मंदिर पर भारी भीड

नया बाजार शिव बाग स्थित प्राचीन मराठा कालीन श्री अर्द्ध चंद्रेश्वर महादेव मंदिर पर आज महाशिवरात्रि पर्व धार्मिक परंपराओं के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर के महंत पंडित श्याम सुंदर ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर रात्रि जागरण, नयनाभिराम झांकी, सात आरती, पंच पहर पूजा, महाआरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान महासचिव शिव कुमार बंसल, राजकुमार गर्ग, पंडित अरविंद शुक्ला, त्रिलोक अग्रवाल, प्रवीण कुमार शुक्ला, प्रकाश बंसल, तुषार सिंह यादव सहित बडी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

इसी तरह अजमेर के दरगाह के निकट पहाड़ पर स्थित प्राचीन झरनेश्वर महादेव मंदिर पर दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां भी जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक चलता रहा। इसके अलावा शहर के जतोई दरबार पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पंचशील नगर स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर शिव भक्तों का तांता लगा रहा। शहर के विभिन्न छोटे बड़े मंदिरों में भी जमकर पूजा अर्चना हुई जिससे पूरा शहर ही धर्ममय हो गया।

अजमेर : गैंगस्टर के फालोअर्स बनकर प्रचार करने वाले दो आरोपी अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की बिजयनगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर के फॉलोअर्स बनकर प्रचार प्रसार करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बिजयनगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट के निर्देश पर व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम तथा फेसबुक पर गैंगस्टर का प्रचार प्रसार करने वाले युवाओं पर निगरानी रखने के निर्देश है।

इसी क्रम में सूर्या गैंग के असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार के आरोप में कार्यवाही करते हुए संजय नगर निवासी करण गुर्जर तथा इंदरगढ़ निवासी महेंद्र गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही दोनों आरोपियों के परिजनों को तलब कर हिदायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

निक्की यादव हत्याकांड : साहिल गहलोत के पिता सहित 5 अरेस्ट

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने निक्की यादव की कथित हत्या के कुछ दिनाें बाद मुख्य आरोपी साहिल गहलोत के पिता सहित अन्य पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि साहिल के पिता पर अपने बेटे को साजिश में मदद करने का आरोप है।

विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र यादव ने कहा कि आरोपी साहिल के पिता, दो चचेरे भाई आशीष और नवीन और दो दोस्त अमर और लोकेश से पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि साहिल का चचेरा भाई नवीन दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है।

यादव ने कहा कि पुलिस हिरासत के दौरान मुख्य आरोपी साहिल गहलोत से लंबी पूछताछ की गई। लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने पुलिस को बताया कि निक्की उससे दूसरी युवती से शादी नहीं करने के लिए कह रही थी, क्योंकि दोनों (साहिल और निक्की) ने 2020 में शादी की थी।

पुलिस ने कहा कि निक्की उससे उसके परिवार द्वारा 10 फरवरी को किसी अन्य लड़की के साथ तय की गई शादी के हक में नहीं थी। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से साजिश रची और निक्की को अपने रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

यादव ने कहा कि साहिल ने योजना बनाई और निक्की की हत्या को अंजाम दिया तथा उसी दिन सह-आरोपियों को इसके बारे में बताया और फिर सभी विवाह समारोह में शामिल हुए।

सागर में बस के पलटने से 4 यात्रियों की मौत, 17 घायल

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में आज एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हुए है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सागर ज़िले के शाहगढ़ तहसील के छान बीला थाना अंतर्गत निवार घाटी पर सागर से लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर इंदौर से छतरपुर जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में से एक की शिनाख्त अनामिका सोनी निवासी राजनगर छतरपुर के रूप में हुई है। शेष तीन लोगों की शिनाख्त की जा रही है। इस दुर्घटना में 17 यात्री घायल हुए है। इसमें से चार लोग गंभीर रुप से घायल है। घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल ले जाया गया है।

इस घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर दीपक आर्य और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं जिले के पुलिस अधीक्षक तरुण नायक तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस बल के द्वारा बस में से घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। बस में कुल 30 यात्री थे। मृतकों में एक महिला और तीन पुरुष हैं।

तमिलनाडु में सड़क हादसे में जैन साध्वी रुचिकाश्री का निधन, दो घायल

उदयपुर। श्रमण संघीय उपाध्याय पुष्कर मुनि के संप्रदाय की साध्वी डॉ रुचिकाश्री का आज तमिलनाडु के मदुराई-कन्याकुमारी नेशनल हाईवे पर नागनेरी गांव के पास सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई।

वाहन की चपेट में अन्य एक साध्वी व साथ में सेविका भी गंभीर रूप घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक 62 वर्षीय साध्वीश्री का दल कन्याकुमारी की और पद विहार कर रहा था। साध्वी डॉ रुचिकाश्री के दुर्घटना में स्वर्गवास समाचार प्राप्त होते ही उदयपुर शहर के श्रावक-श्राविकाओं में शोक की लहर छा गई।

सुबह 6.30 बजे नागनेरी गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से व्हीलचेयर पर बैठी साध्वी को टक्कर मारी। व्हील चेयर पर चल रहीं साध्वी डॉ रुचिका से अज्ञात ट्रक वाहन टकराया, जिससे उनका मौके पर ही देवलोक गमन हो गया। साध्वी डॉ रुचिकाश्री का अंतिम संस्कार तिरूनेलवेली में रविवार को किया जाएगा। मौके पर काफी संख्या में जैन समाज के महानुभावों भी वहां पहुंचे।

यात्रा में साथ चल रहे साध्वी जिनाज्ञाश्री (30 वर्ष) भी गंभीर रूप से चोटग्रस्त हुईं, साथ ही व्हील चेयर सेविका भी घायल हुईं हैं। इन्हें ज्यादा चोट लगने के कारण तिरूनेलवेली के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

महाशिवरात्रि पर मुकेश अंबानी ने सोमनाथ मंदिर में दर्शन कर 1.51 करोड़ रुपए किए दान

सोमनाथ। महाशिवरात्रि के मौके पर गुजरात के सोमनाथ मंदिर में शनिवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के महाप्रबंधक (एमडी) मुकेश अंबानी और उनके पुत्र आकाश ने दर्शन किए और सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट को 1.51 करोड़ रुपए दान भी किए।

मुकेश और उनके पुत्र एवं रिलायंस जियो के अध्यक्ष आकाश ने इस अवसर पर भगवान शिव के 12 ज्योर्तिलिंग में से प्रथम ज्योर्तिलिंग सोमनाथ मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक, महापूजा और ध्वजा पूजा का संकल्प करके प्रार्थना की और 1.51 करोड़ रुपए शिवार्पण किए।

इस मौके पर मंदिर के पुजारी ने चंदन का लेप लगाकर, दुशाला उढ़ा कर उनका सम्मान किया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका स्वागत ट्रस्ट के अध्यक्ष पीके लहेरी और ट्रस्ट के सचिव योगेंद्रभाई देसाई ने किया।

उल्लेखनीय है कि भगवान शिव के प्रति भरपूर श्रद्धा रखने वाला अंबानी परिवार अपनी परंपराओं से जुड़ा है और सभी हिंदू त्योहारों को उत्साह से मनाता है। आज भी जब पूरा देश महाशिवरात्री के रंग में रंगा था अंबानी परिवार ने भी पूजा अर्चना की और इस पवित्र मौके पर दान किया।

 

अजमेर के गड्डी मालियान मोक्ष-धाम में शिव प्रतिमा स्थापित

0

अजमेर। गड्डी मालियान मोक्ष-धाम परिसर में शनिवार को शिवरात्रि के शुभ अवसर पर विधि विधान के साथ भगवान शिव जी की मूर्ति स्थापना की गई।

गड्डी मालीयान मोक्ष-धाम समिति के अध्यक्ष नेमीचन्द बबेरवाल, समिति सदस्यों व पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रख्यात पडितों ने विधि-विधान से मंत्रोच्चार कर भगवान भोलेनाथ शिवशंकर की चार फिट की मूर्ति स्थापित कराई।

शिव भक्तों ने इस मौके पर बम-बम भोले…बम-बम भोले…के घोष से गुंजायमान कर दिया।भजन मंडली ने भोलेनाथ के भजन गाए। भक्तों-गणों को प्रसाद वितरण किया गया।

समिति के सदस्य मूलचंद भाटी, यशोदा नंदन चौहान, ओम ढलवाल, श्याम लाल तंवर, प्रदीप कच्छावा, पूनमचन्द चौहान, सुरेश गढवाल, रवि गढवाल, ओम तुनवाल, सुरेन्द्र सिगोदिया, भोलू बबेरवाल, ईशवर टांक, महेंद्र सिंह चौहान, सुरेश महावर, मोहन सिंह चौहान आदि उपस्थिति रहे।

वसुंधरा राजे के दौरे के दौरान हवाई फायरिंग करने वाले की तलाश

अजमेर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के दौरे के दौरान कल मांगलियावास से ब्यावर के बीच खरवा में हुई हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस आज सुबह तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

ब्यावर सदर थाना पुलिस के पास नामजद मुकदमा तथा वीडियो होने के बावजूद पुलिस आरोपी सुरेश गुर्जर तक नहीं पहुंच पाई है। बताया जा रहा है कि पुलिस को जसवीर की ओर से लिखित शिकायत के बावजूद अभी तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट प्रकरण में गहनता से अनुसंधान की बात करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की बात कहे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कल वसुंधरा राजे के आगमन से कोई पंद्रह से बीस मिनट पहले स्वागत में खड़े भाजपा के दो गुटों के बीच जमकर नारेबाजी होने से माहौल तनावमय हो गया था। इसी बीच एक व्यक्ति ने हवाई फायर कर मामले को गरमा दिया। हवाई फायर करने वाला आरोपी मौके से कार में बैठकर फरार हो गया। पुलिस को सुरेश गुर्जर व उसके साथियों की तलाश है।

कराची पुलिस प्रमुख कार्यालय खाली कराया गया, 3 आतंकी समेत 7 की मौत, 19 घायल

कराची। पाकिस्तान के कराची स्थित पुलिस प्रमुख का कार्यालय शुक्रवार देर शाम सशस्त्र आतंकवादियों के हमले की चपेट में आ गया था, जिसमें कम से कम तीन आतंकवादी मारे गए। इसके अलावा इस हमले के दौरान दो पुलिसकर्मियों और एक रेंजर सहित चार लोगों की भी मौत हो गई तथा कम से कम 19 अन्य घायल हुए।

आतंकवादियों का हमला ऐसे समय में हुआ जब विदेशी क्रिकेट खिलाड़ी वर्तमान में पाकिस्तान सुपर लीग में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और कराची मेजबान शहरों में से एक है। इस लीग के तहत शनिवार (आज) के लिए भी एक खेल निर्धारित है।

सिंध सरकार के प्रवक्ता मुर्तजा वहाब ने हमले के साढ़े तीन घंटे बाद 10:42 बजे ट्विटर पर कहा कि मैं अब तक पुष्टि कर सकता हूं कि कराची पुलिस कार्यालय (केपीओ) भवन को साफ कर दिया गया है। तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है।

जियो न्यूज से अलग से बात करते हुए उन्होंने दोहराया कि इमारत को सुरक्षित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बम निरोधक दस्ता इस बात की जांच कर रहा है कि क्या आतंकवादियों द्वारा पहनी गई जैकेटों में विस्फोट करने के लिए कोई हेराफेरी की गई थी।

सिंध रेंजर्स के एक प्रवक्ता ने कहा कि अभियान पूरा हो चुका है और इलाके को खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है। अभियान का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) पूर्वी मुकद्दस हैदर ने डॉन डॉट कॉम को बताया कि कुल तीन हमलावर टोयोटा कोरोला में केपीओ पहुंचे थे।

हैदर ने कहा कि हमलावरों में से एक ने इमारत की चौथी मंजिल पर खुद को उड़ा लिया जबकि दो अन्य की छत पर गोली मारकर ढेर कर दिया गया।

कराची पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि केपीओ पर हमला करने वाले सभी तीन आतंकवादी ऑपरेशन में मारे गए। प्रवक्ता ने कहा कि यह एक ‘बड़ा ऑपरेशन’ था जिसमें दक्षिण और पूर्व के डीआईजी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रेंजर्स और सेना के साथ भाग लिया था।

पुलिस के बयान में कहा गया कि अल्लाह की मेहरबानी से, केपीओ और आसपास के इलाकों को पूरी तरह से आतंकवादियों से मुक्त कर दिया गया है और आगे की जानकारी जल्द ही मीडिया के साथ साझा की जाएगी।

पाकिस्तान एयरफोर्स के फैसल बेस सहित कई रणनीतिक प्रतिष्ठानों के साथ कराची के मुख्य मार्ग शरिया फैसल पर गोलीबारी की रिपोर्ट शाम करीब 7:15 बजे सामने आई। अतिरिक्त पुलिस दल और रेंजरों को हमले के स्थल पर बुलाया गया। जियो न्यूज से बात करते हुए सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने कहा कि हमला शाम करीब 7:10 बजे हुआ। उन्होंने कहा कि शहर के पुलिस प्रमुख फिलहाल कराची में नहीं हैं।

सिंध सरकार के प्रवक्ता के साथ ऑपरेशन के दौरान शरिया फैसल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था, जिसमें नागरिकों से अनुरोध किया गया था कि वे जहां हैं वहीं रहें। पुलिस प्रमुख के कार्यालय के बगल में स्थित सदर थाना ने भी एक शुरूआती बयान जारी कर कहा था कि उस पर हमला हुआ है।

दक्षिण डीआईजी इरफान बलूच ने कहा कि रेंजर्स और क्विक रिस्पांस फोर्स (क्यूआरएफ) के अलावा पूरे शहर के पुलिस बल को घटनास्थल पर बुलाया गया था। उन्होंने आगे कहा कि हमलावरों ने हथगोले भी फेंके थे। उन्होंने कहा कि हमलावर पूरी तरह तैयार होकर आए थे और कड़ा मुकाबला कर रहे थे।

सिंध स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता मेहर खुर्शीद ने डॉन डॉट कॉम के साथ हताहतों की एक सूची साझा की, जिसमें कहा गया कि चार लोगों को जिन्ना पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सेंटर (जेपीएमसी) लाया गया था और 19 लोग घायल हुए थे। इससे पहले सिंध सरकार के प्रवक्ता मुर्तजा वहाब ने मृतकों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मृतकों में दो पुलिसकर्मी, एक रेंजर अधिकारी और एक नागरिक शामिल हैं।