Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 359 -
होम ब्लॉग पेज 359

भोजपुरी अभिनेता सुदिप पाण्डे को एक सोसाइटी के कार्यालय में बनाया बंधक, सकुशल छुड़ाया

मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक भोजपुरी फिल्म अभिनेता सुदिप पाण्डे को सैटेलाइट टाउनशिप में हाउसिंग सोसाइटी के सदस्यों के कहने पर चौकीदार ने उन्हें बंधक बना लिया था, हालांकि समय पर फोन मिलने पर पुलिस ने अभिनेता को सकुशल छुड़ा लिया था।

पुलिस ने शक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अभिनेता पांडे को वाशी स्थित पुनीत चैंबर प्रिमाइसेस कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड में बंधक बनाया गया था। एपीएमसी पुलिस थाना इस मामले की जांच कर रही है।

अभिनेता के अनुसार उन्हें सोसाइटी के सदस्यों के निर्देश पर चौकीदार शिवम पांडे ने उसे 8 फरवरी को चार घंटे तक कार्यालय में बंधक बना कर रखा था। कार्यालय को दरवाजा तब खुला जब मीडिया और पुलिस अभिनेता की सहायता के लिए वहां पहुंची। इससे पहले सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष विनोद नायर और मैनेजर विजय मेनन के खिलाफ अभिनेता ने कथित रूप से पैसे उगाही करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

अनियमितताओं के कारण इस सोसाइटी को खत्म कर दिया गया था और सोसाइटी के पदाधिकारियों ने स्वीकार किया कि विनोद नायर ने उनसे झूठ बोला, उन्हें गुमराह किया और धोखे से अभिनेता के खिलाफ उनके हस्ताक्षर लिए।

सोसाइटीके नए अध्यक्ष संजय रुइया और मैनेजर विजय मेनन ने अभिनेता को धमकी दी और उन्हें अपने कार्यालय में बंद रखा। सुदिप ने कहा कि उन्हें पुलिस और मीडिया को फोन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक माणिक नलावडे ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।

अमरीका में गोलीबारी में छह की मौत, हिरासत में संदिग्ध

वाशिंगटन। अमरीका के मिसिसिपी राज्य के एक ग्रामीण कस्बे में छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मिसिसिपी के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। टेट काउंटी शेरिफ ने कहा कि शूटर ने टेनेसी के मेम्फिस से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण में स्थित अर्काबुटला में विभिन्न स्थानों पर पीड़ितों को शुक्रवार को मार डाला।

मिसिसिपी के गवर्नर टेट रीव्स ने शुक्रवार दोपहर एक बयान में कहा कि उन्हें टेट काउंटी में हुई गोलीबारी की श्रृंखला के बारे में जानकारी दी गई है। उन्होंने लिखा कि जिम्मेदार व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। इस समय, हम मानते हैं कि उसने अकेले इस वारदात को अंजाम दिया। उसका मकसद अभी तक ज्ञात नहीं है।

गवर्नर के अनुसार मिसिसिपी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन को जांच में सहायता करने के लिए कहा गया है। गन वायलेंस आर्काइव के अनुसार इस साल अब तक अमरीका में बंदूक हिंसा में 5,500 से अधिक लोगों की जान जा चुकी हैं।

सबगुरु राशिफल : 18 फरवरी शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, द्वादशी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, महाशिवरात्रि व्रत।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

ब्यावर में ट्रेलर एवं टैंकर में भिडंत के बाद लगी आग, 4 की जिंदा जलकर मौत

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले के ब्यावर में एक ट्रेलर एवं टैंकर के बीच आमने सामने की भिडंत के बाद दोनों वाहनों मेें भीषण आग लग गई और टैंकर चालक सहित चार व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे में तीन व्यक्तियों की मौत घटनास्थल पर ही हुई जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक ब्यावर में देर रात्रि बाद हुए इस भयावह हादसे में टैंकर से उछले पैट्रोलियम पदार्थ की चपेट में आने के बाद कुछ अन्य वाहन भी चपेट मेें आ गए साथ ही घटनास्थल के आसपास की अनेक झौंपडियों में भी आग लग गई जिससे लोगों मेेें दहशत व्याप्त हो गई।

वाहनों में टक्कर से हुई आगजनी की सूचना पर ब्यावर पुलिस, उपखण्ड अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर बिग्रेडों की सहायता से कडी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना की गम्भीरता को देखते हुए अजमेर मुख्यालय से कलक्टर अंशदीप एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव के साथ मातहतों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

गहलोत ने ब्यावर सड़क हादसे पर जताया दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर जिले के ब्यावर में हुए सड़क हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की है।

गहलोत ने हादसे में मृतकों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता प्रदान की जाएगी।

ब्यावर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर गुरुवार देर रात तेल से भरे टैंकर और ट्रोले के टकरा जाने पर हुए विस्फोट के कारण आग लग गई और उसमें झुलसने से चार लोगों की मौत हो गई तथा कुछ लोग घायल हो गए जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

 

वसुंधरा राजे का अजमेर जिले में गर्मजोशी के साथ स्वागत

अजमेर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे का आज अजमेर जिले में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

बांदरसिंदरी पर अजमेर देहात भाजपा के पूर्व अध्यक्ष प्रो. भगवतीप्रसाद सारस्वत एवं भंवरसिंह पलाडा पर के नेतृत्व में भाजपा कार्यतर्ताओं एवं अन्य ग्रामीण महिलाओं ने स्वागत किया। किशनगढ के गेगल टोल प्लाजा पर युवा नेता विकास चौधरी के नेतृत्व में स्वागत हुआ। और पुष्कर विधानसभा क्षेत्र ब्यावर बाईपास पर विधायक सुरेशसिंह रावत के नेतृत्व में राजे का भव्य स्वागत किया गया।

राजे ने संगठन के पोस्टर वार में उनकी तस्वीर नहीं होने पर अपनी तलख टिप्पणी में कहा कि पोस्टर में तस्वीर नहीं होने से कोई फर्क नहीं पडता जनता के दिलों में छपी है राजे की तस्वीर। उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी पूर्व मंत्री राजपालसिंह शेखावत एवं युनूस खान भी साथ रहे। यहां से वे ब्यावर के लिए प्रस्थान कर गई। जहां उन्होंने विधायक शंकरसिंह रावत के गांव किशनपुरा जाकर उनकी माताजी के निधन पर शोक व्यक्त किया। ब्यावर में अजमेर देहात भाजपा अध्यक्ष देवीशंकर भूतडा के नेतृत्व मे कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

इससे पूर्व ब्यावर जाते समय राजे मांगलियावास में प्रसिद्ध कल्पवृक्ष जोडे के दर्शन करने पहुंची। जहां उन्होंने कल्पवृक्ष की पूजा अर्चना कर मौली बांधी और प्रदेश में सुख स्मृद्धि की मंगलकामना भी की। यहां पहुंचने पर विधायक रामस्वरूप लाम्बा ने उनकी अगवानी की।

इटावा में हनीट्रेप गैंग का भंडाफोड़, महिला समेत 4 अरेस्ट

इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में पुलिस ने शुक्रवार को हनीट्रेप का शिकार बना कर अवैध रुप से धन उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

यह गिरोह भोले भाले लोगों को सोशल मीडिया प्लेटफामोँ के जरिये फंसाकर ब्लेक मेलिंग करता था। गैंग का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रूपए का इनाम देने की घोषणा की है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हनीट्रैप गैंग से जुड़ी हुई एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस गैंग के सदस्य अश्लील वीडियो फोटो के जरिए लोगों को ठगने का काम किया करते है। एक शख्स से यह गैंग पांच से 15 लाख रूपए तक की वसूली कर चुका है।

अब तक इस गैंग ने सात लोगों के साथ में ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। गैंग के कई सदस्य फरार माने जा रहे हैं। पुलिस की गहनता से जांच जारी है। उम्मीद की जा रही है कि बहुत ही जल्दी गैंग के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

वर्मा ने बताया कि नौ फरवरी को उदयवीर सिंह नामक शख्स ने पुलिस से शिकायत की थी कि छह फरवरी को उनके फोन पर एक महिला ने कॉल कर उन्हें रामनगर स्थित अपने मकान में बुलाया। नशीला पदार्थ मिली चाय पिला दी।

एक घंटे बाद होश आया तो स्वास्थ्य ठीक न लगने के कारण वहां से चला आया। आठ फरवरी को उसके व्हाट्सएप पर महिला ने खुद के साथ मेरी आपत्तिजनक फोटो भेजी। इसके उपरान्त महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाकर अभियोग पंजीकृत कराने की धमकी देते हुए 15 लाख रुपए की मांग की।

मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर थाना फ्रेण्ड्स कालोनी पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ब्लैकमेलिंग कर पैसे लेने आ रही एक महिला और उसके तीन साथियों को थाना फ्रेण्ड्स कालोनी क्षेत्र के रेलवे कालोनी से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किये गये। जिनमे वादी के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो मिली।

गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे लोग मिलकर भोले-भाले व्यक्तियों को अपने जाल में फंसा कर नशीला पदार्थ पिलाकार बेहोशी की हालत में महिला के साथ आपत्तिजनक फोटो व वीडियो लेकर हनीट्रैप का शिकार बनाते है। हनीट्रैप के शिकार लोगो को झूठे मुकदमा में फंसाने की धमकी देकर धन उगाही करते है।

गिरफ्तार ‌अभियुक्तों में महिला के अलावा मानवीर सिंह उर्फ कल्लू, विक्रान्त उर्फ रजत यादव, गोपी यादव उर्फ नितिन शामिल हैं। इन अभियुक्तों में से मानवीर के ‌खिलाफ जालौन औरैया में कई मामले दर्ज हैं।

बीबीसी के परिचालन, लाभ में मेल नहीं : आयकर विभाग

नई दिल्ली। आयकर विभाग का मानना है कि भारत में बीबीसी द्वारा परिचालन से दिखायी जाने वाली आय और लाभ उसके परिचालन के आकार-प्रकार से मेल नहीं खाते।

बीबीसी के नई दिल्ली और मुंबई के परिसरों पर आयकर विभाग की बहुप्रचारित सर्वे की कार्रवाई से जुड़े एक बयान में विभाग ने शुक्रवार को इस मीडिया संगठन का नाम लिए बिना कहा है कि एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मीडिया कंपनी के दिल्ली और मुंबई स्थित व्यावसायिक परिसर में आयकर अधिनियम, 1961 (अधिनियम) की धारा 133ए के तहत एक सर्वेक्षण कार्रवाई की गई थी।

बयान में कहा गया है कि यह समूह अंग्रेजी, हिंदी और विभिन्न अन्य भारतीय भाषाओं में प्रसारण सामग्री के विकास, विज्ञापन, बिक्री और बाजार समर्थन सेवाओं आदि के कारोबार में लगा हुआ है। इसमें कहा गया है कि सर्वे से दिखता है कि इस मीडिया हाउस की अंग्रेजी के अलावा विभिन्न भारतीय भाषाओं की सामग्री का उपभोग काफी बड़ा है लेकिन समूह की विभिन्न इकाइयों द्वारा दिखाई गई आय और लाभ भारत में उनके परिचालनों के हिसाब से मेल नहीं खाती।

गौरतलब है कि बीबीसी ने पिछले दिनों एक बयान में कहा था कि भारत के आयकर विभाग की टीमें ने दिल्ली और मुंबई में उसके परिसरों पर सर्वे की कार्रवाई की है और बीबीसी के अधिकारी भारतीय जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। बीसीसी ने उम्मीद जाहिर की थी कि मामले का समाधान हो जाएगा। इस कार्रवाई को कई राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मुद्दा बनाया है।

आयकर विभाग ने कहा है कि इस मीडिया हाउस के कर्मचारियों ने सर्वे के दौरान रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में हीलाहवाली की जबकि सर्वे टीम ने यह सावधानी बरती कि मीडिया हाउस के नियमित प्रसारणों में व्यवधान न हो।

विभाग ने कहा है कि इस विदेशी मीडिया हाउस (बीबीसी) के खिलाफ सर्वे में कई ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे संकेत मिलता है कि इसकी इकाइयों के ‘रेमिटेन्स’ पर कर नहीं चुकाया है और उसे भारत में इस समूह की इकाइयों की आय के विवरण में नहीं दिखाया गया है।

विभाग के अनुसार सर्वे से यह भी जाहिर हुआ है कि इस समूह द्वारा दूसरे देशों में काम करने वालों की सेवाओं के लिए भुगतान को उसकी भारत की इकाइयों द्वारा किया गया। ऐसे भुगतान पर भारत में विदहोल्डिंग कर (टीडीएस) काटने का प्रावधान है, पर समूह द्वारा इस प्रावधान का अनुपालन नहीं किया गया।

आयकर विभाग के इस सर्वे में समूह की दूसरे देशों की इकाइयों के साथ हुए लेन-देन के सौदों में ट्रांसफर प्राइसिंग (लागत को देश विशेष में दिखाने) संबंधी दस्तावेज नियमों के अनुसार तैयार नहीं किए गए।

विभाग ने कहा है कि उसकी कार्रवाई में कर्मचारियों के बयान, डिजिटल सामग्री और दस्तावेजों के रूप में इस मीडिया हाउस के विरुद्ध कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिनका आगे और परीक्षण किया जाएगा। बयान के अनुसार उसने केवल उन्हीं कर्मचारियों के बयान लिए हैं, जिनकी भूमिका मुख्य रूप से वित्त, सामग्री के विकास और प्रोडक्शन संबंधी अन्य कार्यों में महत्वपूर्ण मानी गई।

विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यद्यपि विभाग ने केवल महत्वपूर्ण व्यक्तियों के बयान ही दर्ज करने की सावधानी बरती है, पर देखा गया कि इस समूह के महत्वपूर्ण पदों पर बैठे कर्मचारियों द्वारा दस्तावेजों और समझौताें के रिकार्ड उपलब्ध कराने में हीलाहवाली की गई। बयान में कहा गया है कि समूह के ऐसे रवैये के बावजूद सर्वे का काम इस तरह किया गया कि इस समूह के मीडिया और चैनल के काम में कोई व्यवधान न हो।

बड़वानी : स्कूली छात्राओं के साथ छेड़खानी के आरोप में शिक्षक आवेश खान अरेस्ट

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा अनुविभाग में स्थित एक शासकीय विद्यालय की तीन कक्षाओं की छात्राओं से कथित तौर पर छेड़खानी के मामले में आज शाम शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया।

सेंधवा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कमल सिंह चौहान ने बताया कि चाचारिया स्थित एक शासकीय विद्यालय के प्राचार्य के शिकायत आवेदन पर अतिथि शिक्षक आवेश खान के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे आज सायं गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि दो महीने पूर्व छात्राओं ने आरोपी शिक्षक पर अश्लील टिप्पणियां करने, चॉक से मारने और छेड़खानी की शिकायत की थी। इस पर शिक्षक को समझाइश देकर उस कक्षा से हटा कर दो अन्य कक्षाओं में पीरियड लेने भेजा जाने लगा था।

इसके बावजूद शिक्षक की अश्लील गतिविधियां जारी रही और आज इसकी सूचना मिलने पर चाचरिया पुलिस चौकी की प्रभारी जानी चारेल को वहां भेजा गया। महिला पुलिस अधिकारी के वहां पहुंचने पर छात्राओं ने उनसे खुलकर चर्चा की और अपनी तकलीफ बताई। प्राचार्य की शिकायत के उपरांत शिक्षक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

शिवसेना का नाम, चुनाव तीर-कमान एकनाथ शिंदे गुट को मिला

नई दिल्ली। शिवसेना के मूल चुनाव चिह्न पर अधिकार को लेकर दोनों प्रमुख गुटों के बीच कानूनी लड़ाई में निर्वाचन आयोग ने पार्टी का मूल नाम और तीर-कमान चुनाव निशान शिंदे गुुट को दिया है। आयोग ने इस मामले में शुक्रवार को जारी अंतिम निर्णय में व्यवस्था दी है कि पार्टी का नाम शिवसेना और चुनाव तीर-कमान एकनाथ शिंदे (याचिकाकर्ता गुट) के पास रहेगा।

फैसले में कहा गया है कि शिंदे गुट को इससे पहले 11 अक्टूबर को अंतरिम फैसले में आवंटित पार्टी का नाम बाला साहेब शिवसेना और चुनाव चिह्न दो तलवार और एक ढाल’ फ्रीज कर दिया जाएगा और इसका प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।

आयोग ने शिंदे गुट को पार्टी के 2018 के संविधान में संशोधन कर उसे 1951 के जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 29ए और आयोग द्वारा पार्टियों के पंजीकरण के लिए जारी नियमों के अनुसार बनाने का निर्देश दिया है जो पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र की व्यवस्था बनाने के संबंध में है।

आयोग के निर्णय के अनुसार ऊधव ठाकरे गुट को महाराष्ट्र में इस समय चल रहे चिंचवाड़ और कस्बा पेठ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में शिवसेना (ऊधव बालासाहब ठाकरे) नाम और जलती मशाल का चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने का अधिकार रहेगा। ऊधव गुट को यह नाम और निशान पिछले साल 10 अक्टूबर को आयोग के अंतरिम आदेश में आवंटित किया गया था।

आयोग ने अपने अंतरिम आदेश में पार्टियों में आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत किए जाने और आंतरिक विवादों का निपटान लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुसार करने पर बल दिया है। आयोग ने इसी संदर्भ में 1994 के जनता दल विवाद के मामले पर आयोग की टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा है कि यह बड़ी विचित्र बात है कि चुनाव चिह्न आदेश के पैरा 15 का मामला उठने पर ही पार्टियों की आंतरिक व्यवस्था का मामला जनता के सामने आता है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आयोग के फैसले को अपने कार्यकर्ताओं, सांसदों, विधायकों और पार्टी के लाखों शिवसैनिकों तथा बाला साहब ठाकरे और आनंद दिघे की विचारधारा की जीत बताया है। पुणे में शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं ने इस फैसले के बाद आतिशबाजी की।

उप-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने कहा कि शिंदे की शिवसेना की असली शिवसेना बनी। ऊधव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने आयोग के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि इसकी पटकथा पहले ही तैयार कर ली गई है। देश तानाशाही की ओर बढ़ रहा है। सुप्रीमकोर्ट ने पिछले वर्ष सितंबर में कहा था कि शिवसेना के चुनाव चिह्न पर फैसला निर्वाचन आयोग कर सकता है।

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को मिली बड़ी राहत, वॉइस सैंपल लेने का प्रार्थना पत्र खारिज

जयपुर। प्रदेश में गहलोत सरकार गिराने के षड्यंत्र के आरोपों के मामले में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावात को शुक्रवार को जयपुर की जिला स्तरीय न्यायालय से बड़ी राहत मिली। कोर्ट ने अधीनस्थ अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें एसीबी को शेखावत का वॉयस सैंपल लेने की इजाजत देने से इनकार कर दिया था।

इस फैसले के खिलाफ एसीबी ने ऊपरी अदालत में निगरानी याचिका लगाकर अपील की थी, जो शुक्रवार को खारिज हो गई। अब केन्द्रीय मंत्री शेखावत को किसी प्रकार की कोई वॉयस सैंपल जांच के लिए नहीं देना पड़ेगा। अदालत ने एसीबी को फटकार लगाते हुए आदेश में कहा है कि एसीबी ने भंवर लाल शर्मा के जिंदा रहते उनके वायस सैंपल देने का कोई प्रयास नहीं किया।

प्रकरण के अनुसार विधानसभा में तत्कालीन मुख्य सचेतक महेश जोशी ने 10 जून 2020 को एसीबी मेें रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजस्थान में चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार को गिराने का प्रयास निर्दलीय विधायकों को प्रलोभन देकर किया जा रहा है। इस संबंध में जोशी ने एक पैन ड्राइव एसीबी को सौंपा। इस पैन ड्राइव में तत्कालीन विधायक और अब दिवंगत भंवरलाल शर्मा, संजय जैन और केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के बीच बातचीत बताई गई। इसमें इस बातचीत में तीनों सरकार गिराने और पैसे के लेन-देन की बात कर रहे हैं।

एसीबी ने संजय जैन को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने अदालत से जैन की आवाज का नमूना लेने का आदेश के प्राप्त कर लिया, लेकिन जैन ने नमूना देने से इनकार कर दिया। बाद में जांच अधिकारी आलोक शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री शेखावत की आवाज का नमूना लेने की इजाजत देने के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में याचिका लगाई।

यह याचिका सुनवाई के लिए किराया अधिकरण जयपुर महानगर मजिस्ट्रेट की अदालत में आई। इस अदालत ने 15 जुलाई 21 को एसीबी की याचिका निरस्त कर दी और आवाज का नमूना लेने की अनुमति नहीं दी। इस आदेश के खिलाफ एसीबी ने अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायालय में निगरानी याचिका लगाई।

इस याचिका की सुनवाई के दौरान अदालत में शेखावत की ओर से कहा गया कि चूंकि एसीबी का आदेश इंटरलॉकेटरी है, यानी अदालती कार्यवाही के बीच में दिया गया है। इसलिए आवाज का नमूना नहीं लिया जा सकता। दूसरा, जिस पैन ड्राइव की बातचीत को भंवरलाल, संजय जैन और गजेन्द्र सिंह की बताया जा रहा है, उस पैन ड्राइव की बातचीत का मूल स्त्रोत पता नहीं है। तीसरा चूंकि आरोपी न तो पहले गिरफ्तार हुआ है और न ही गिरफ्तार है। इसलिए भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता के अनुसार वॉयस सैंपल नहीं लिया जा सकता।

दोनों पक्षों की सुनवाई के दौरान अदालत ने माना कि भादसं की धारा 53, 53ए और 311ए में गिरफ्तार व्यक्ति के लेख या हस्ताक्षर का नमूना लिया जा सकता है, लेकिन वह भी तब तक नहीं किया जा सकता, जब तक कि वह गिरफ्तार नहीं किया गया हो। आवाज का नमूना लेने की कोई संहिताकृत विधि विद्यमान नहीं है। दूसरी बात यह भी कही गई कि एसीबी ने विधायक भंवरलाल के जीवित रहते उनकी आवाज का नमूना नहीं लिया।

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि समग्र परिस्थितियों के परिपे्रक्ष्य में इस न्यायालय की राय में अधीनस्थ न्यायालय द्वारा निगरानीकार द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र को निरस्त करने का जो आदेश पारित किया गया है, वह आदेश शुद्धता, वैधता और औचित्य की कसौटी के अनुरूप होकर विधिनुसार पारित किया गया है। याचिका पोषणीय नहीं है। अत: निगरानीकार (एसीबी) की याचिका निरस्त की जाती है।

जांच एजेंसियां सरकार के दबाव में : शेखावत

न्यायालय के आदेश पर बाड़मेर में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जांच एजेंसियां राज्य सरकार के दबाव में काम कर रही हैं। जब ट्रायल कोर्ट ने मेरी आवाज का नमूना लेने के प्रार्थना पत्र को यह कहकर खारिज कर दिया था कि इस मामले में अदालत को टूल नहीं बनाया जाना चाहिए। इसके बाद भी एक साल की शांति के बाद सरकार ने दबाव डालकर एसीबी से अपील करवाई। अतिरिक्त जिला न्यायायल ने वह अपील भी आज खारिज कर दी। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त भी जितने भी प्रकरण चल रहे हैं, उन सभी में उनकी जीत होगी।