Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 364 -
होम ब्लॉग पेज 364

हिजाब नहीं पहनने पर ईरानी शतरंज खिलाड़ी सारा खादेम का वतन लौटना मुश्किल

तेहरान। दुनिया की सबसे होनहार शतरंज खिलाड़ियों में से सारा खादम का ईरान में हिजाब विरोधी आंदोलनकारियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिजाब के बिना खेलने के कारण स्वदेश लौटना दूभर हो गया है।

ईरान में खादम (25) की गिरफ्तारी का आदेश जारी कर दिया गया है, जिसके कारण वह पति और एक वर्षीय बेटे के साथ दक्षिणी स्पेन में निर्वासन में रह रही हैं। उन्होंने अपने तात्कालिक निवास स्थान के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं करते हुए कहा कि उनकी चिंता यह है कि ईरान से हजारों मील दूर भी इसका असर हो सकता है।

ईरान में महिलाओं का विदेश में रहते हुए भी सार्वजनिक रूप से हिजाब पहनना आवश्यक है, लेकिन सितंबर में 22 वर्षीय महसा अमीनी की हिरासत में मौत के बाद देश के अंदर विरोध-प्रदर्शनों की अगुआई करने वाली महिलाओं और लड़कियों के समर्थन में कुछ महिलाओं ने हिजाब नहीं पहनने का फैसला किया है। उनमें से एक, पर्वतारोही एल्नाज रेकाबी को पीछे हटने के लिए मजबूर किया गया था और यह स्पष्ट नहीं है कि अब उनकी स्थिति क्या है।

खादम ने कहा कि यह पिछले वर्ष दिसंबर में कजाकिस्तान में बिना हिजाब के टूर्नामेंट में खेलने के उनके फैसले का ही क्रमिक विकास था। प्रतियोगियों ने केवल कैमरों के सामने हिजाब पहना था, और उन्हें लगा कि यह ढोंग है। उन्होंने कहा कि ईरान की सड़कों पर महिलाओं और लड़कियों द्वारा दिये जा रहे बलिदान को देखते हुए वह कम से कम इतना तो कर ही सकती थीं।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने खुद प्रदर्शनों में शामिल होने पर विचार किया था, उन्होंने कहा कि हां बिल्कुल, लेकिन मेरे छोटे बेटे सैम ने मुझे रोके रखा। उन्होंने कहा कि मेरे पास उसके प्रति जिम्मेदारियां हैं, और मैंने सोचा कि शायद मैं अपने प्रभाव का अन्य तरीकों से उपयोग कर सकती हूं।

आयकर विभाग ने बीबीसी कार्यालयों पर मारे छापे, विपक्ष ने की आलोचना

नई दिल्ली। आयकर विभाग ने ब्रिटेन की सार्वजनिक रेडियो एवं प्रसारण कंपनी ब्रिटिश ब्रॉडकॉस्टिंग कार्पोरेशन (बीबीसी) के खिलाफ जांच के संबंध में भारत में दिल्ली और मुम्बई में उसके कार्यालयों पर तलाशी ली है। बीबीसी ने एक संक्षिप्त में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वह अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।

बीबीसी ने एक बयान में कहा कि हम अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और हम आशा करते हैं कि स्थिति का यथासंभव समाधान हो जाएगा। भारत में बीबीसी के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब कुछ समय पूर्व इस प्रसारण कंपनी ने दो कड़ियों की टेलीविजन डाक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वैश्चन’ जारी किया है। इसको लेकर विवाद है। सरकार ने इसे भारत के खिलाफ आक्रामक दुष्प्रचार और भारत विरोधी कचरा करार देकर सोशल मीडिया पर इसके प्रसारण पर रोक लगा दी। आलोचक इसे औपनिवेशक मानसिकता की की खुराफात करार दे रहे हैं।

बीबीसी पर आयकर छापे की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके कहा कि बीबीसी के दफ्तरों पर आयकर विभाग का छापा हताशा का परिणाम लगता है और इससे साबित होता है कि मोदी सरकार आलोचना से डरी हुई है। हम डराने-धमकाने के इन हथकंडों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। यह अलोकतांत्रिक और तानाशाही रवैया अब और नहीं चल सकता। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने भी सरकार के इस कदम की आलोचना की है।

भारतीय जनता पार्टी ने बीबीसी के कार्यालयों पर आयकर विभाग के छापों पर विपक्षी दलों की राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर हैरानी जाहिर की और सवाल किया कि देश के खिलाफ ज़हरीला एजेंडा चलाने वाली एवं कानून का पालन नहीं करने वाली संस्थाओं को जांच से पहले क्लीन चिट कैसे दी जा रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बीबीसी के दफ्तरों पर आयकर विभाग द्वारा चल रहे ‘सर्वेक्षण’ के बीच यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत में काम करने वाले किसी भी मीडिया संगठन को देश के नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग की कार्रवाई पर जिस प्रकार विपक्षी पार्टियों द्वारा राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, वह बेहद चिंताजनक हैं।

संपादकों के निकाय एडिटर्स गिल्ड ने इस पर बीबीसी कार्यालयों की तलाशी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यह सत्ता प्रतिष्ठान या सरकार की आलोचना करने वाले मीडिया संगठनों के खिलाफ सरकारी एजेंसियों की धमकाने और परेशान करने की प्रवृत्ति का हिस्सा है। आयकर विभाग ने हालांकि इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है।

प्रदेश में आकर गुमराह कर रहे मोदी, बड़ा रखे दिल : अशोक गहलोत

कोटा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज न केवल खरी-खरी सुनाई बल्कि यह भी कहा कि अपनी राजस्थान यात्रा के दौरान प्रदेश में आकर वे यहां की जनता को ही प्यासा रखना चाहते हैं।

बारां में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद आज कोटा में हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान की दृष्टि से महत्वकांक्षी पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के मसले पर प्रधानमंत्री जनता को दिग्भ्रमित कोशिश करने की कोशिश कर रहे हैं। वे अब से दो राज्यों का मुद्दा बता रहे हैं जबकि दोनों राज्य राजस्थान और मध्य प्रदेश ने ही तो वर्ष 2005 में इस योजना का खाका बनाया था और जिसे बाद में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की शासनकाल के दौरान उनकी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ही तैयार करके पेश किया था।

गहलोत ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर और जयपुर की सभाओं में पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को राष्ट्रीय दर्जा देने की बात कही थी लेकिन अब वे इसे दो राज्यों का मसला बताकर जनता को दिग्भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। तमाशा बना रखा है। प्रधानमंत्री को बड़ा दिल रखना चाहिए। जनता को प्यासा क्यों रखना चाहते हो? श्री गहलोत ने कहा कि यह परियोजना जन कल्याणकारी है। तेरह जिलों के लाखों लोगों को लाभान्वित करने वाली है।

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कारपोरेशन (बीबीसी) के दिल्ली मुख्यालय पर छापे मारे जाने के मसले को लेकर गहलोत ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की और कहा कि सरकार को जनता को बताना चाहिए कि आखिर वे छाप क्यों मार रही है। चुनाव नजदीक आते हैं तो तीन केंद्रीय एजेंसियां केंद्रीय जांच ब्यूरो, इनकम टैक्स,प्रवर्तन निदेशालय सक्रिय हो जाते है और छापे मारते हैं।

केंद्र सरकार बीबीसी की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगाने की कोशिश कर रही है जबकि बीबीसी की अपनी साख है। अपनी विश्वसनीयता है, उसे गांव-गांव में सुना जाता है। बीबीसी कार्यालय पर छापा मारना दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्र सरकार को जनता को बताना चाहिए कि यह छापे क्यों मारे? वरना इससे सरकार की भी बदनामी होगी।

गहलोत ने राजस्थान विधानसभा में पुराना बजट पढ़ने के मसले पर कहा कि अगर 34 सेकंड में दो पैरा पढ दिए तो क्या बवाल हो गया? पूरे देश में राजस्थान को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। यह मानवीय भूल थी और भूल को तुरंत सुधार भी लिया गया। राजस्थान को बदनाम करने की कहां जरूरत है? प्रतियोगी परीक्षा पेपर लीक होने के मसले पर गहलोत ने कहा कि इस में नया क्या हुआ? पेपर तो लीक होते रहते हैं। हर राज्य में होते हैं। मध्यप्रदेश में हुआ गुजरात में हुआ है। विदेशी लोग तो आकर पेपर लीक नहीं कर रहे है। राजस्थान सरकार लाखों युवाओं को रोजगार दे रही है।

इसके पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण बारां से सड़क मार्ग से होते हुए कोटा लौटना पड़ा। बारां में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद जयपुर लौटने के लिए मुख्यमंत्री बारां में बनाए गए हैलीपेड़ पहुंचे गए थे और हेलीकॉप्टर में सवार भी हो गए थे, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी जब पायलट हेलीकॉप्टर चालू नहीं कर पाया तो मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से नीचे उतर गए और हेलीपैड के पास ही बनाए सैफ़ हाउस में चले गए।

बाद में उन्होंने सड़क मार्ग से कोटा लौटने का निर्णय किया तो आनन-फानन में प्रशासन ने बारां से कोटा के बीच सुरक्षित लौटने के लिए पुलिस को अलर्ट किया और पूरे रास्ते पर पुलिस की तैनाती भी की गई ताकि मुख्यमंत्री का काफिला निर्बाध रूप से कोटा लौट सके। इस तरह मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से कोटा और बाद में यहां से विमान से रवाना हुए।

भाजपा पार्षद वीरेंद्र वालिया एवं दलाल 20000 की रिश्वत लेते अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने आज अहम कार्यवाही करते हुए अजमेर नगर निगम के वार्ड 79 के भाजपा पार्षद वीरेंद्र वालिया तथा उसके दलाल रोशन चीता को 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ रंगेहाथों ट्रेप कर लिया।

ब्यूरो के उपाधीक्षक पारसमल ने बताया कि वादी ने शिकायत दी थी कि मेन चौरसियावास ईदगाह कॉलोनी में भवन निर्माण को लेकर पार्षद उसे अवैध बताकर तोड़ने की धमकी दे रहा था तथा ऐसा ही उसके एक रिश्तेदार के साथ भी कर रहा था। शिकायत के बाद सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई और पार्षद वीरेंद्र वालिया दोनों भूखंडों के पेटे पचास हजार रुपये की मांग कर रहा था।

वादी ने अपने भूखंड के पेटे बीस हजार रुपए प्रथम किश्त देना परस्पर तय किया। शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज रोशन चीता के अजमेर में होने पर ईदगाह कॉलोनी गेट के पास रिश्वत राशि दी गई जिस पर ब्यूरो ने कार्यवाही करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

नगर निगम में फर्जी पट्टे के मामले में जांच शुरू

अजमेर नगर निगम में फर्जी पट्टे मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने निगम प्रबंधन की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकृत जानकारी के मुताबिक निगम के राजस्व अधिकारी पवन मीणा की शिकायत पर निगम स्तर पर जांच के बाद फाईसागर रोड क्षेत्र के नानू कुमावत, सुमन गहलोत तथा गिरधारी सिंह के नाम से जारी पट्टों के मामलों में इनको आरोपी मानते हुए दर्ज शिकायत पर कोतवाली पुलिस के सहायक निरीक्षक देवाराम गोदारा ने जांच शुरू की है। प्रथम दृष्टया निगम के किसी सक्षम अधिकारी की फर्जी पट्टे मामले में भूमिका सामने नहीं आई है। निगम को फर्जी पट्टे की जानकारी अजमेर स्थित पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के जरिए मिली थी।

सबगुुरु राशिफल : 14 फरवरी मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, अष्टमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 09.04 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ, वेलेंटाइन डे।

मेष :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रह सकती है। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बाँटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखेंǀ

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएँ नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। परिवार में धार्मिक यात्रा की योजना बन सकती है। समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको लगेगा कि आपको किसी सलाहकार, खास तौर से किसी वरिष्ट व्यक्ति को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। रिश्तेदारों के चलते जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। मुमकिन है कि आप अपने प्रिय के साथ आनंद उठाए।

मीन :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आएगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन में फंसने से सावधान रहें।

शुद्ध के लिए युद्ध : होटल क्रॉसलेन पर कार्यवाही

0

अजमेर। शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के अन्तर्गत सोमवार को होटल क्रोसलेन पर कार्यवाही की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज कुमार पिंगोलिया ने बताया कि फूड सेफ्टी टीम ने जयपुर रोड स्थित होटल क्रॉसलेन पर कार्यवाही की। इसमें अनेक प्रकार की अनियमितताएं पाई गई। ब्रेड एवम् केक तैयार करने में एक्सपायरी सामग्री उपयोग में ली जा रही थी।

एक्सपायरी फूड कलर 10 बोतल, जेली 2 बोतल,फ्लेवर 2 बोतल एवं बेकिंग पाउडर 2 डिब्बे आदि उपयोग में लिए जा रहे थे। इन्हें मौके पर नष्ट करवाया गया। वेज और नॉन वेज आइटम्स को एक साथ एक ही फ्रिज में रखा गया था। तरह तरह की ग्रेवी और अन्य खाद्य सामग्री तैयार कर फ्रिज में रखी गई थी। इन पर तैयार करने और कब तक उपयोग में ली जा सकती है उसकी तारीख अंकित नहीं पाई गई।

ऎसी सामग्री को मौके से हटाकर नष्ट करवाया गया। ड्राई स्टोर में रखी दाल,चना,राजमा तथा बेसन के पैकेटों पर भी तारीख अंकित नहीं पाई गई। फूड लाइसेंस प्रदर्शित नहीं पाया गया। किचन में बटर पेपर की जगह अखबार के कागज में खाद्य सामग्री रखी जा रही थी। सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर होटल के मैनेजर डेविड को कमियों को दुरुस्त करने के लिए पाबंद किया गया।

मौके पर उपयोग में ली जा रही ग्रेवी और पनीर के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा एवम् मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सुशील चोटवानी, प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह, मुकेश वैष्णव, डेयरी प्रतिनिधि दीपक वैष्णव सहायक, राजकुमार एवम् घनश्याम सिंह शामिल रहे।

मोबाईल खाद्य जांच लेब ने की 492 नमूनों की जांच

खाद्य विश्लेषण प्रभारी श्री मनीष गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष मोबाईल खाद्य जांच लेब की वेन के द्वारा विभिन्न स्थानों पर जाकर 492 खाद्य नमूनों की जांच की गई। उनमें से 10 मसालों के सेम्पल मानकों पर खरे नहीं उतरे। इससे बचने के लिए खुले खाद्य पदार्थो से बचने तथा पक्का बिल लेने की सलाह दी गई। मिलावट के सम्बन्ध में शिकायत 181 पर दर्ज कराई जा सकती है।

सेदरिया स्कूल का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण व भामाशाह सम्मान

0

अजमेर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेदरिया का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण व भामाशाह सम्मान समारोह पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री एवं पीसीसी उपाध्यक्ष नसीम अख़्तर इंसाफ़ के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी कालन्द नंदिनी शर्मा व सेदरिया सरपंच रेशम खान ने की। शाला प्रधानाचार्य किरण बाला के बताया की कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि आशिक़ अली, उस्मान अली, दलेल चीता, रमज़ान चीता, शेखर चीता, राम सिंह , छोटू चीता व कमरुद्दीन सांखला रहे।

इस अवसर पर भामाशाहों लायंस क्लब के प्रदीप बंसल, उद्वोगपति शुभाष सिंह रावत, अलादींन चीता व समाज सेविका ऊषा कवर व संस्था प्रधान किरण बाला को नसीम अख़्तर इंसाफ़, रेशम खान ने साफ़ा पहना कर माल्यार्पण ममेंटो देकर सम्मानित किया।

तीन घण्टे चले कार्यक्रम में स्कूल की नन्ही बालिकाओं व बालकों ने देश भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्यों की प्रस्तुति दी। कक्षा छह से 12वीं की छात्राओं ने राजस्थानी गीतों पर आकर्षक डांस से सबका मन मोह लिया। मंचासीन अतिथियों ने करतल ध्वनि के साथ बालकलाकरों की सराहना की। इस अवसर पर शाला स्टाफ़ ने विभिन्न तैयारियों व प्रस्तुतियों को अतिरिक्त समय देकर सम्पन्न किया।

इस अवसर पर मनोज कुमार वर्मा, विष्णु कुमार चौहान, मुकेश दूबे, गरिमा चतुर्वेदी, मीनम खींची, अंजु ज़ोरम, सुमन दीक्षित, रेणु सिंह, सूरजमल वर्मा, विजय सिंह, जितेंद्र सैनी, कन्हैया लाल, अनिता रावत, छोटू सिंह सहित सभी स्टाफ़ व एसएमसी, एसडीएमसी सदस्य उपस्तिथ रहे। कार्यक्रम का संचालन पुष्पा पंवार ने किया। कार्यक्रम के अंत में कक्षा बारह के छात्र छात्राओं का विदाई समारोह भी हुआ।

इससे पूर्व नसीम अक्तर इंसाफ़, रेशम खान, क़लंदनी नंदिनी, किरण बाला सहित सभी अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कानपुर देहात में विरोध प्रदर्शन के दौरान मां-बेटी की जलकर मौत

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात की मैथा तहसील में सोमवार को अवैध कब्जा हटाने गये प्रशासनिक अधिकारियों के विरोध के दौरान एक झोपड़ी में लगी आग की चपेट में आकर मां बेटी की मौत हो गई।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम के साथ प्रशासनिक अफसरों और पुलिस की टीम को दौड़ा लिया। जानकारी मिलने पर एसपी कानपुर देहात अन्य पुलिस अफसर के साथ मौके पर पहुंचे गये। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।

अधिकृत सूत्रों ने बताया कि कानपुर देहात मैथा तहसील के मड़ौली गांव में कृष्ण गोपाल दीक्षित के खिलाफ अवैध कब्जा करने की शिकायत थी। सोमवार को एसडीएम मैथा ज्ञानेश्वर प्रसाद,पुलिस व राजस्व कर्मियों के साथ गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे।

आरोप है कि टीम ने जेसीबी से नल और मंदिर तोड़ने के साथ ही छप्पर गिरा दिया। इस बीच छप्पर में आग लग गई और वहां मौजूद प्रमिला (44) व उनकी बेटी नेहा (18) की आग की चपेट में आने से जलकर मौके पर ही मौत हो गई जबकि कृष्ण गोपाल गंभीर रूप से झुलस गए।

एसपी कानपुर देहात बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि घटना के दौरान आग की चपेट में आकर एक महिला व एक युवती की मौत हो गई है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी है उनके ऊपर कठोर से कठोर कार्रवाई होगी।

मंत्री शाले मोहम्मद के पूरा जवाब नहीं दे पाने पर प्रश्न किया गया स्थगित

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डा सीपी जोशी ने विधानसभा में सिंचित क्षेत्र विकास मंत्री शाले मोहम्मद के रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में खालों का निर्माण के प्रश्न का पूरा उत्तर नहीं दे पाने के कारण आज प्रश्न को स्थगित कर दिया।

मोहम्मद प्रश्नकाल में विधायक बलवीर सिंह लूथरा के श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में खालों का निर्माण के संबंध में पूछे गए प्रश्न के लिखित जवाब के बाद पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे तब लूथरा के एक पूरक प्रश्न पर डा जोशी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि पूरे रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र के बारे में जानकारी चाही गई जो नहीं है।

उन्होंने कहा कि मंत्रीजी सदस्य ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विस्तृत जानकारी चाही और उत्तर केवल गंग केनाल क्षेत्र के बारे में दी गई, जो 426 गांव गंग केनाल के अलावा है, उसके बारे में सदस्य चिंतित है, इस बारे में जानकारी बताए, जानकारी नहीं है तो विस्तृत जानकारी के साथ उत्तर देने के लिए इस प्रश्न को फिर लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अपेक्षा है कि इसका पूरा उत्तर आए। प्रश्न में जितनी सूचना चाहिए थी, वह नहीं होने के कारण प्रश्न स्थगित किया जा रहा है।

मोहम्मद के प्रश्न के लिखित जवाब से लूथरा संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने पूरक प्रश्न किया कि गंग केनाल के अलावा सिंचित क्षेत्र के करीब सवा चार सौ गांवों में खालों के निर्माण के बारे में पूछा गया लेकिन इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई हैं।

सिरोही नगर में भाजपा का समर्पण निधि अभियान का आगाज

सिरोही। किसी भी राजनीतिक दल को अपने ध्येय में सफल होना है तो उसे भरोसेमंद जनशक्ति के साथ-साथ धनशक्ति की भी आवश्यकता होती है यह उदगार व्यक्त करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश खण्डेलवाल ने पं. दीनदयाल समर्पण निधि अभियान के नगर में शुभारंभ के मौके पर कहा कि निधि समर्पण से पदाधिकारियों के काम का रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा।

भाजपा के प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार आयोजित निधि समर्पण अभियान के शुभारंभ अवसर पर भाजपा नगर मंडल सिरोही के सारणेश्वर शक्ति केंद्र पर स्थानीय संतोषी माता मंदिर नयावास में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके बूथ संख्या 251से 258 के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के ‘विजय संकल्प वर्ष 2023’ लक्ष्य के अनुरूप अपना स्वैच्छिक निधि समर्पण किया।

नगर अध्यक्ष लोकेश खण्डेलवाल ने इस मौके पर बताया कि भाजपा के आधार स्तंभ उसके कार्यकर्ता हैं पार्टी की जीत का मंत्र अंतिम छोर का कार्यकर्ता होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की संगठन शक्ति के बूते हमारा दल आत्मनिर्भर बने और कार्यकर्ताओं को अपनी पार्टी होने गौरव महसूस हो इसलिए पार्टी में राशि का समर्पण किया जाता है इसमें पार्टी का उद्देश्य मात्र निधि संग्रह नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग व व्यक्ति तक पहुंचना बड़ा ध्येय हैं। खंडेलवाल ने बताया कि आज एक एक बूथ समिति का डिजिटलाइजेशन हो रहा है हमारा संपर्क बूथ स्तर तक है और यह एक उपलब्धि है।

इसी प्रकार अभियान के नगर संयोजक व महामंत्री जब्बरसिंह चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए विश्वास व्यक्त कर कहा कि शहर के तीनों शक्ति केंद्र पर इस महा अभियान को पूरे मनोयोग से कार्यकर्ता पूर्ण करेंगे। उन्होंने बताया कि निधि समर्पण में बूथ के छोटे से लेकर बड़े पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि अपने अपने बूथ पर समर्पण करेंगे। यह भी बताया कि नमो ऐप के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा भी पार्टी ने शुरू की है।

इस अवसर पर समर्पण के पश्चात कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त कर कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और अटक से कटक तक भाजपा का व्यापक जनाधार है और संवैधानिक व्यवस्था में संगठन की इन सभी इकाइयों को निरंतर सक्रिय बनाए रखने के लिए कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय और कोष की आवश्यकता होती है। सभी ने राजनीति के सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए कृत संकल्पित होने का मंत्र दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में अभियान के सह संयोजक माणकचंद सोनी एवं हरिकिशन रावल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी चिराग रावल, शक्ति केंद्र संयोजक प्रवीण राठौड़, पार्षद मणिदेवी माली, दमयंती डाबी, भंवरसिंह चौहान, गोविंदसिंह बारड़, शिवलाल जीनगर, बूथ अध्यक्ष मनराजसिंह, कन्हैयालाल पटेल, कपूराराम पटेल, चुन्नीलाल पटेल, रिक्षितसिंह कोटेसा, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रीति चौहान, प्रशांतसिंह काबा, बंटी कोटेसा, शैतानसिंह परमार, इंदरसिंह मकवाना, नगर मंत्री महेंद्र माली, नारायण देवासी, अरुण ओझा, भंवर माली, गोविंद सैनी, रमेश माली सहित बूथ अध्यक्ष, बूथ सदस्य, सक्रिय कार्यकर्ता, पार्षद, समर्थक एवं पदाधिकारी मौजूद थे।