Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 370 -
होम ब्लॉग पेज 370

सड़क दुर्घटना के बाद पहली बार चलते नज़र आए ऋषभ पंत

नई दिल्ली। भारत के प्रतिभावान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दिसंबर में हुई सड़क दुर्घटना के बाद शुक्रवार को पहली बार चलते हुए नज़र आए। पंत ने सोशल मीडिया पर अपनी दो तस्वीरें साझा कीं जिनमें वह बैसाखी की मदद से चलते हुए नज़र आ रहे हैं और उनके पैर में प्लास्टर बंधा हुआ है। पंत ने इस पोस्ट पर कैप्शन लिखा कि एक कदम आगे, एक कदम मजबूत, एक कदम बेहतर।

उल्लेखनीय है कि पंत दिसंबर 2022 में अपने घर रुड़की जाते हुए सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे थे। इस दुर्घटना में उन्हें कोई बड़ी चोट नहीं आई, हालांकि उनके दाएं घुटने की दोनों लिगामेंट (हड्डी को मांसपेशी से जुड़ने वाला तंतु) फट गये थे।

इसके बाद से पंत कई सर्जरियों से गुजर चुके हैं और पूरी तरह ठीक होने तक बीसीसीआई की निगरानी में रहेंगे। इससे पूर्व पंत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपनी सर्जरी सफल होने की पुष्टि की थी।

पंत ने ट्वीट किया था कि मैं सभी समर्थन और शुभकामनाओं के लिए आभारी हूं। मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी सर्जरी सफल रही। ठीक होने का सफर शुरू हो गया है और मैं आगे की चुनौतियों के लिए तैयार हूं। उनके अविश्वसनीय समर्थन के लिये बीसीसीआई, जय शाह और सरकारी अधिकारियों को धन्यवाद।

उन्होंने कहा था कि मैं तहे दिल से सभी प्रशंसकों, टीम के साथियों और डॉक्टरों को उनके शब्दों और समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। आप सभी को फील्ड पर देखने का इंतजार रहेगा।

दिव्या मित्तल के वॉइस सैंपल 17 फरवरी को लिए जाने की अनुमति

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय संख्या एक ने आज रिश्वत मांगने के आरोपी एसओजी की तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्या मित्तल के वॉइस सैंपल 17 फरवरी को लिए जाने की अनुमति प्रदान की है।

अजमेर एसीबी ने न्यायालय के समक्ष आरोपी दिव्या मित्तल की आवाज का नमूना लेने के लिए अनुमति मांगने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था जिस पर आज कोर्ट में वॉइस सैंपल को लेकर सुनवाई हुई।

न्यायाधीश ने 17 फरवरी को कोर्ट में सैंपल देने के आदेश दिए हैं। अब न्यायालय आदेश के अनुसार दो करोड़ की रिश्वत मांगने की आरोपी दिव्या मित्तल के द्वारा 17 तारीख को कोर्ट में वॉइस सैंपल दिया जाएगा।

अनुसंधान पक्ष का मानना रहा कि आरोपी मित्तल एवं प्रतिवादी दवा विक्रेताओं के बीच रिश्वत की राशि के मामले में मोबाइल फोन की आवाज को मिलान करने के लिए वॉइस सैंपल जरुरी है।

बजट 2023-24 : राजस्थान में अगले वित्त वर्ष में भी कोई नया कर नहीं

जयपुर। राजस्थान के वर्ष 2023-24 के बजट में भी कोई नया कर नहीं लगाने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को विधानसभा में वर्ष 2023 -24 का बजट पेश करते हुए यह घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कोविड जनित आर्थिक प्रभावों के दृष्टीगत सभी वर्गो को सहायता तथा संबल प्रदान करने के लिए पिछले चार बजट प्रस्तावों की तरह आगामी वर्ष में भी कोई नया कर नहीं लगाया जायेगा। साथ ही राज्य में पंजीकृत होने वाले एक सौ सीसी तक के दुपहिया वाहनों पर वर्तमान मे देय एकबारीय कर में 50 प्रतिशत की छूट प्रस्तावित की गई है।

उन्होंने कहा कि डीएलसी दरों में हर वर्ष स्वत: होने वाली दस प्रतिशत वृद्धि को भी पांच प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह वर्षो की आरआईपी योजनाओं का लाभ ले रही इकाईयों के लिए लाभ की अवधि को भी एक वर्ष के लिए और बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई नियंत्रण की दृष्टि से पेट्रोल और डीजल के वैट में भी कमी की गई है। इस प्रकार 8 हजार करोड़ रुपए वार्षिक से अधिक राहत प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि निवेश को प्रोत्साहन व अर्थ व्यवस्था के सुदृढीकरण के साथ साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने व समाज के वंचित वर्गो को सम्बल देने का प्रयास किया गया। पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने, आरआईपीएस 2019 लाना एवं अब देश की सबसे प्रोग्रेसिव निवेश नीति आरआईपीएस-2022 लागू करना साथ ही सामाजिक सरोकार हेतु सहायता की दृष्टि से सामाजिक सुरक्षा निवेश प्रोत्साहन योजना 2021 लागू करना ऐतिहासिक कदम है।

राजस्थान में 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त

राजस्थान में घरेलू उपभोक्ताओं को अब 50 यूनिट प्रतिमाह के स्थान पर सौ यूनिट बिजली मुफ्त दी जाने की घोषणा की गई हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने बजट पेश करते हुए यह घोषणा की।

उन्होंने कहा कि स्लैब के अनुसार 300 से 750 रुपए प्रतिमाह की छूट मिलती रहेगी। इससे राज्य परर सात हजार करोड़ रूपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। इसी तरह लगभग 76 लाख परिवारों को 500 रुपए में सिलेँडर उपलब्ध कराने से राज्य को 500 करोड़ रुपए व्यय करने होंगे।

उन्होंने उज्जवला योजना के अन्तर्गत गरीबों को बांटे गए गैस कनेक्शनों पर पांच सौ रूपए में सिलेंडर दिए जाने की घोषणा की। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आने वाले लगभग एक करोड़ परिवारों को प्रतिमाह मुख्यमंत्री निशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट दिए जाएंगे। जिससे राजस्व पर तीन हजार करोड़ रुपए व्यय होंगे।

बजट में सीएम अशोक गहलोत ने खोला राहत का पिटारा

बजट में सीएम अशोक गहलोत ने खोला राहत का पिटारा

जीवन को सुखी बनाना है तो सत्य पर अटल रहना होगा : मोहन भागवत

भागलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत ने आज कहा कि भौतिक जीवन को सुखी बनाना है तो सत्य पर अटल रहना होगा।

भागवत ने शुक्रवार को यहां कुप्पा घाट स्थित महर्षि मेही आश्रम में नवनिर्मित सतगुरु निवास का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मा शाश्वत है, अमर है। आत्मा ही आंखों के जरिए सब कुछ देखती है। यही अंतिम सत्य है। भौतिक जीवन को सुखी बनाना है तो सत्य पर अटल रहना होगा। सत्य ही मनुष्य के अस्तित्व को कायम रखता है।

सर संघ चालक ने कहा कि मनुष्य के अंदर सत्य रूपी गुण छुपा है। अपने आपको प्रेरित करने से ही जीवन सार्थक होगा। केवल अपना ही नहीं दूसरे का जीवन भी सार्थक होगा तभी हम भारतवासी अक्षुण्ण रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि संतों के जीवन के प्रकाश में अपने आपको आगे बढ़ाकर ही उद्धार हो सकता है। सत्यता को परखना है तो संतों के बीच जाना होगा। इसी उद्देश्य से वह आज यहां आए हैं।

भागवत ने कहा कि वर्तमान परिवेश में पशु और मनुष्य का जीवन अलग है। सत्य को परखना है तो संतों के बीच आना होगा। भारत को देने के लिए दुनिया के पास क्या है। सभी चिंतक कहते हैं कि भारत के विचारों से ही संतोष मिल सकता है। भारत के पास साधना है, तपस्या है। यही एक मार्ग है मंजिल तक पहुंचने का।

सर संघ चालक ने कहा कि पूर्ण आस्था के शिखर पर कौआ भी बैठा होता है तो उसे लोग गरुड़ ही समझते हैं। यह संतों की संगत से ही संभव है। संतों का जीवन अलौकिक है। प्रत्येक व्यक्ति का अपने धर्म से लगाव होता है। यदि उसका लगाव नहीं होगा तो वह समाप्त हो जाएगा। असंतोष दुख का कारण है। संतोषम परम सुखम। उन्होंने गीता के श्लोक संस्कृत में बोले और संतोष, संतों और आत्मा के उद्धरण दिए।

इस मौके पर पटना महावीर मंदिर के ट्रस्टी अध्यक्ष आचार्य किशोर कुणाल एवं मेंही आश्रम के परमहंस संतमत हरिनंदन बाबा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। भागवत ने महर्षि मेंही आश्रम की प्रकाशित पुस्तक ‘महर्षि मेंही एक विचार एक व्यक्तित्व’ का लोकार्पण भी किया।

सदन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाली रजनी पाटिल निलंबित

नई दिल्ली। कांग्रेस सदस्य रजनी पाटिल को राज्य सभा की कार्यवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने पर बजट सत्र की शेष अवधि के निलंबित कर दिया गया है और इस मामले को विशेषाधिकार समिति को भेज दिया गया है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गुरुवार को जवाब दिए जाने के दौरान कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्ष के अधिकतर सदस्य सदन के बीच में आकर नारेबाजी और हंगामा करने लगे थे। इसी दौरान यह वीडियो बनाया गया और इसको सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था।

सदन के नेता पीयूष गोयल ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी दल के सदस्य ने ऐसा किया गया जो बहुत ही निंदनीय है। यह बहुत गंभीर मसला है। इसको लेकर कुछ सदस्य पहले ही शिकायत कर चुके हैं। इसकी जांच की जानी चाहिए। इसके लिए जिम्मेदार सदस्य ने सदन की कार्यवाही के नियमों का उल्लंघन किया है। इसको लेकर कई बार पहले भी सदस्यों को चेतावनी दी गई थी। जुलाई 2022 में तत्कालीन सभापति एम वेंकैया नायडू ने निर्देश जारी किए थे।

सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन में मौजूद अधिकतर दलों के प्रमुख सदस्यों को इस मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए कहा और सभी के विचार सुनने के बाद उन्होंने पाटिल को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया और विशेषाधिकार समिति को इसकी जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा। इससे पहले पाटिल ने कहा कि इसके लिए वह सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने के लिए भी तैयार हैं। सभापति ने हालांकि उन्हें बैठने के लिए इशारा कर दिया, जिस पर वह बैठ गई।

इस पर सदन में लगभग हर पार्टी के प्रमुख सदस्यों ने अपने विचार रखे। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जिस सदस्य ने पहली बार ऐसा किया है, उसको चेतावनी दी जा सकती है। कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। समाजवादी पार्टी के प्रो रामगोपाल यादव ने कहा कि पहले भी सदन में इस तरह की गतिविधियां होती रही हैं और यह कोई नई बात नहीं है। यह गंभीर मामला नहीं है।

अलवर में कार पलटने से 3 लोगों की मौत, 5 घायल

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाईवे स्थित जलेबी चौक पर कार का टायर फटने के चलते दो महिला सहित एक बालक की मौत हो गई तथा पांच अन्य लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत रेखा, मंजू, मन्नू सहित उनका परिवार पलवल हरियाणा से जयपुर भात भरने के लिए बहन के जा रहे थे और कार में करीब आठ लोग सवार थे। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस स्थित जलेबी चौक पर कल रात को कार का टायर फट गया और अचानक अनियंत्रित होकर कार पलट गई जिसमें रेखा, मंजू, मन्नू की मौके पर ही मौत हो गई और करीब 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग की गाड़ी मौके पर पहुंची और सभी घायलों एवं मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर तीनों मृत लोगों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं चार अन्य घायल लोगों का इलाज जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में चल रहा है। एक बालिका को गंभीर स्थिति के चलते जयपुर रैफर कर दिया।

 

चिरंजीवी योजना स्वास्थ्य बीमा योजना में बीमा राशि बढ़कर 25 लाख

जयपुर। राजस्थान में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रति परिवार बीमा राशि बढ़ाकर 25 लाख रूपए कर देने की घोषणा की गई है।

राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज विधानसभा में वर्ष 2023 -24 का बजट पेश करते हुये यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस योजना की राशि बढ़ाने के साथ ही रोगियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पांच सौ अतिरिक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में परिवार की दुर्घटना बीमा राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपए तक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य के प्रतापगढ़, जालौर और राजसमंद में एक हजार करोड़ व्यय करके सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे। इसके साथ ही जोधपुर में पांच सौ करोड़ रुपए की लागत से मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी। इसी के साथ जयपुर स्थित सवाई मानसिंह चिकित्सालय और जोधपुर के मथुरादास माथुर चिकित्सालय और अन्य अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, भरतपुर, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, करौली, कोटा एवं अजमेर समेत 15 स्थानों पर नशामुक्ति केन्द्रों की स्थापना की जाएगी। कोविड -19 से मुक्त हो चुके मरीजों में आत्मविश्वास पैदा करने के लिए जयपुर, जोधपुर और कोटा में ‘साइकोलॉजिकल काउसंलिंग सेंटर्स’ खोले जाएंगे।

बजट में सीएम अशोक गहलोत ने खोला राहत का पिटारा

बजट में सीएम अशोक गहलोत ने खोला राहत का पिटारा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज विधानसभा में 19000 करोड़ रुपए से अधिक का महंगाई राहत पैकेज, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रति परिवार बीमा राशि बढ़ाकर 25 लाख रुपए करने, कृषक कल्याण कोष की राशि बढ़ाने, कोई नया कर नहीं लगाने सहित अन्य कई घोषणओं के साथ अपने वर्तमान कार्यकाल का पांचवां एवं अंतिम तथा वर्ष 2023-24 का राज्य बजट पेश किया।

वर्ष 2023-24 के बजट अनुमानों में दो लाख 33 हजार 998 करोड एक लाख रुपए की राजस्व प्राप्तियां, दो लाख 58 हजार 883 करोड़ 68 लाख रुपए का राजस्व व्यय तथा 24 हजार 895 करोड़ 67 लाख रुपए का राजस्व घाटा हैं। वर्ष 2023-24 का राजकोषीय घाटा 62 हजार 771 करोड़ 92 लाख जो जीएसडीपी का 3़ 98 प्रतिशत है।

गहलोत ने बजट में 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक का महंगाई राहत पैकेज की घोषणा की है जिसमें लगभग एक करोड़ एनएफएसए परिवारों को नि:शुल्क राशन के साथ प्रतिमाह मुख्यमंत्री नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट देने की घोषणा की जिसमें तीन हजार करोड़ रुपए का व्यय होगा। लगभग 76 लाख परिवारों को एलपीजी गैस सिलेण्डर 500 रुपए में उपलब्ध कराए जाएंगे जिसमें एक हजार 500 करोड़ का व्यय होगा। मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना में सौ यूनिट प्रतिमाह तक बिजली का उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली नि:शुल्क मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बजट पेश करते हुए घोषणा की कि यह बजट युवाओं पर केन्द्रित हैं और नवीन युवा नीति लाई जायेगी जिसमें 500 करोड़ रुपए का युवा विकास एवं कल्याण कोष होगा। पेपर लीक जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। राज्य की सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए एक बारीय पंजीयन फीस की घोषणा जिसमें लगभग दो सौ रुपए का भार होगा।

जिला मुख्यालयों पर प्रतियोगिता परीक्षाओं की तेयारी के लिए विवेकानंद यूथ हॉस्टल, मुख्यमंत्री युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना में दस एवं 15 प्रतिशत मार्जिन मनी, जिसमें सौ करोड़ रुपए का व्यय होगा। जयपुर में राजीव गांधी एवियशन यूनिवर्सिटी और कोटा संभाग में माइनिंग यूनिवर्सिटी की घोषणा की गई।

गहलोत ने बजट में 27 नए राजकीय महाविद्यालय एवं 20 नए कन्या महाविद्यालयों की घोषणा की। इसी तरह मुख्यमंत्री चिंरजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रति परिवार बीमा राशि बढ़ाकर 25 लाख रुपए एवं इस योजना में दुर्घटना बीमा योजना में परिवार की दुर्घटना बीमा रािश दस लाख रुपए करने की घोषणा की।

प्रतापगढ़, जालोर एवं राजसमसंद में एक हजार करोड़ रुपए की लागत से सरकारी मेडिकल कॉलेज खोलने, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, भरतपुर, धौलपुर, करौली, कोटा, अजमेर सहित 15 स्थानों पर नशामुक्ति केन्द्र खोलने, चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में नर्सिंग कॉलेज खेालने एवं 14 नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की गई।

इसी तरह सामाजिक सुरक्षा के तहत महात्मा गांधी मिनिमम गारंटी इनकम योजना, मनरेगा एवं इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गांरटी योजना में 125 दिन प्रतिवर्ष की रोजगार गारंटी, सामाजिक सरुक्षा पेंशनरों को न्यूनतम एक हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन एवं हर वर्ष 15 प्रतिशत स्वत: वृद्धि, इंदिरा रसोई योजना का ग्रामीण कस्बों में भी विस्तार, संख्या बढ़ाकर दो हजार 700 करोड़ रुपए व्यय, एससी एवं एसटी विकास कोषों की राशि एक-एक हजार करोड़ रुपए, आठ हजार आंगनबाड़ी एवं दो हजार मिनी आंगनबाड़ी के नवीन केन्द्र खोलने एवं 17 लाख से अधिक आंगनबाड़ी बच्चों के लिए दो सेट यूनिफार्म की घोषणा की गई।

बजट में औद्योगिक क्षेत्रों में 400 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य, 50 उपखण्डों में नए औद्योगिक क्षेत्र, प्रत्येक जिले की पांच महत्वपू सड़कों एवं पुलों का लगभग छह हजार 500 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण आदि, प्रत्येक नगरपालिका क्षेत्र में दस करोड़ रुपए की लागत से नॉन पेचेबल, मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण एवं रोड़वेज के बेड़े में एक हजार नई बसें सर्विस मोडल पर शामिल करने की घोषणा की गई।

इसी प्रकार जल जीवन मिशन में 11 हजार 255 करोड़ रुपए लागत की तीन वृहद् पेयजल योजनाएं, पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना में 13 हजार करोड़ रुपए के कार्य, विभिन्न शहरों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करीब 980 करोड़ रुपए की लागत से कार्य कराने की घोषणा की गई।

राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना में एक हजार 694 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न कार्य, पर्यटन विकास कोष की राशि को एक हजार करोड़ से बढ़ाकर एक हजार 500 करोड़ रुपए करने, जयपुर में अतरराष्ट्रीय स्तर के जयपुर कला समागम का आयोजन, सौ करोड़ रुपए राशि का लोक कलाकार कल्याण कोष एवं मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना की घोषणा की गई।

60 हजार किसानों को 1 करोड़ का अनुदान

राजस्थान में 60 हजार किसानों को ग्रीन हाउस और अन्य सुविधाओं के लिए एक हजार करोड़ का अनुदान दिया जाएगा साथ ही जयपुर और जोधपुर में ऑर्गेनिक फॉर्म बनाए जाएंगे। इसके अलावा 5 हजार किसानों को ट्रेनिंग दी जाएगी।

11 लाख किसानों को मिलेगी फ्री बिजली

गहलोत ने राजस्थान के 11 लाख किसानों को फ्री बिजली देने का एलान किया है। 2000 यूनिट तक किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। सीएम ने कहा कि खेती के लिए फ्री बिजली सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।

एग्रीकल्चर ग्रेजुएट बेरोजगारों को 1000 ड्रोन

एग्रीकल्चर ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं के लिए 1000 ड्रोन उपलब्ध कराए जाने का एलान किया गया है। इसके अलावा किसानों के लिए टोंक में सेंटर फॉर एक्सीलेंस बनाए जाएंगे।

राजसमंद में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 5 लोगों की मौत

राजसमंद। राजस्थान में राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर ट्रक की टक्कर से बाइक पर सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार भीम के समीप सुनार कुड़ी निवासी सेना का जवान भंवर सिंह कल शाम को बाइक पर ससुराल टीबाना गांव में साले की शादी में शामिल होने के लिए जा रहा था। सदारण गांव के पास अचानक एक ट्रक ने बाइक के टक्कर मार दी। जिससे पांच लोंगो की मौत हो गई।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से सभी को स्थानीय हॉस्पिटल ले गई। जहां 4 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में सुनार कूड़ी निवासी भंवर सिंह (35), उसके बेटे अजयपाल सिंह, भंवर सिंह के भाई ईश्वर सिंह के बेटे शैतान सिंह (13) और बेटी लीला (17) और एक अन्य युवती उषा शामिल है। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट किया जहां आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

अलवर : उपनिरीक्षक एवं हैड कानिस्टेबल 25000 रूपए रिश्वत लेते अरेस्ट

अलवर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने अलवर के भिवाड़ी क्षेत्र के माडण थाना के उपनिरीक्षक मुकेश यादव एवं हेड कांस्टेबल प्रद्युम्न सिंह को आज परिवादी से 25 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने बताया कि परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके शराब की दुकान को निर्बाध रूप से चलने देने एवं आबकारी का मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में मुकेश यादव उपनिरीक्षक एवं प्रद्युम्न सिंह यादव हैड कानिस्टेबल द्वारा 30 हजार रूपए रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है।

ब्यूरो टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज पुलिस निरीक्षक प्रेमचंद द्वारा मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए मुकेश यादव एवं प्रधुम्न सिंह यादव को परिवादी से 25 हजार रूपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि आरोपी थानाधिकारी एवं हैड कानिस्टेबल द्वारा पूर्व में परिवादी द्वारा रिश्वत देने से मना करने पर उसके विरुद्ध 29-1-2023 को आबकारी ऐक्ट के दो प्रकरण दर्ज किए थे।