Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 372 -
होम ब्लॉग पेज 372

राजस्थान में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने पार्टी के सभी सातों मोर्चों को प्रदेश में पूरी मुखरता से भाजपा की ताकत बताते हुए दावा किया है कि इस बार राज्य में सत्ता बदलेगी और दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी और राजस्थान के नवनिर्माण में सबकी भागीदारी होगी।

डा पूनियां पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस शान एवं शिद्धत से यह झण्डा थामा है, तो झण्डे की शान भी तभी होती है, जब मजबूत डण्डा होता है, इसी तरह अल्पसंख्यक मोर्चा भी पार्टी के झण्डे की शान को मजबूती से थामकर रखा है, हमारे सभी सातों मोर्चे, युवा मोर्चा हो, महिला मोर्चा हो, किसान मोर्चा, एससी-एसटी मोर्चा, अन्य पिछडा वर्ग ये तमाम मोर्चे आज पार्टी के पूरे राजस्थान में ताकत बने हैं।

उन्होंने कहा कि जब-जब अवसर आता है, जनहित की बात आती है वो चाहे बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्कूल, स्वास्थ्य चाहे जो भी हों, इन सब मुद्दों और मसलों पर भाजपा ने मुखरता से आवाज उठाई है, पेपरलीक से लेकर तमाम जितने मुद्दे है, इन सब मुद्दों को लेकर हमने काम किया है।

उन्होंने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सादिक खान और उनकी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनके प्रयास से कांग्रेस सरकार को यह जरूर लगा है कि इतनी बडी संख्या में जब कार्यकर्ता उद्धेलित होते हैं तो आम व्यक्ति आएगा, जनजन जुड़ेगा तो यह धारणा भी टूटेगी और जिस तरीके से वोटों की ठगी करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया, लेकिन मैं आपको पूरा भरोसा देता हूं कि हम राजस्थान के नवनिर्माण की संकल्पना के साथ चलते हैं उसमें सब बिरादरी की भागीदारी होगी।

डा पूनियां ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पूरे देश में संदेश है कि भारत आज जिस तरीके से तरक्की के रास्ते पर बढ़ रहा है, लगता है कि राजस्थान में आज भाजपा विपक्ष में है और इस विपक्ष की आवाज को बुलंद रखना है और इस वर्ष राजस्थान में सत्ता बदलनी है और दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनानी है। इससे पहले अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर एकत्रित हुए और मुख्यमंत्री आवास की तरफ मार्च करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

अशोक गहलोत ने वित्त वर्ष 2023-24 के बजट को दिया अन्तिम रूप

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज वित्त वर्ष 2023-24 के राज्य बजट को अन्तिम रूप दिया।

गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर इसे अंतिम रुप दिया। इस अवसर पर वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, शासन सचिव वित्त (राजस्व) कृष्ण कांत पाठक, शासन सचिव वित्त (बजट) रोहित गुप्ता, शासन सचिव वित्त (व्यय) नरेश कुमार ठकराल एवं निदेशक (बजट) ब्रजेश शर्मा उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि गहलोत शुक्रवार को विधानसभा में राज्य बजट पेश करेंगे। यह उनके तीसरे एवं वर्तमान कार्यकाल का पांचवां एवं अंतिम बजट है। गहलोत के पास वित्त विभाग का जिम्मा भी है और उनके तीन मुख्यमंत्री काल में अब तक वह नौ बार राज्य का बजट पेश कर चुके है और वह शुक्रवार को दसवीं बार राज्य का बजट पेश करेंगे।

मुख्यमंत्री रहते भैरों सिंह शेखावत ने वित्त मंत्री का कार्यभार अपने पास रख खुद ने राज्य बजट पेश किया था और इसके बाद जब गहलोत वर्ष 1998 में पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तब उन्होंने वित्त मंत्रालय अपने पास नहीं रखा था और उस समय के वित्त मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने विधानसभा में बजट पेश किया था। जबकि वसुंधरा राजे ने अपने दोनों मुख्यमंत्री काल में वित्त विभाग अपने पास रखा और वह दस बार राज्य का बजट पेश कर चुकी है।

कोटा में कोचिंग छात्रा ने हॉस्टल की इमारत से छलांग लगाकर की सुसाइड

कोटा। राजस्थान में कोटा के कुन्हाड़ी थाना इलाके में एक ओर कोचिंग छात्रा ने हॉस्टल की इमारत से नीचे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। हॉस्टल या किसी बहुमंजिला इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने या हादसे का शिकार होने का पिछले 11 दिनों में यह तीसरा वाकिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में एक बहुमंजिला हॉस्टल में रहने वाली राजस्थान के बाड़मेर के जिले के निवासी छात्रा कृष्णा (17) कल देर शाम इमारत की चौथी मंजिल से नीचे कूद गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे तत्काल कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्रा कृष्णा को मृत घोषित कर दिया।

यह कोचिंग छात्रा कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। वह कुन्हाड़ी क्षेत्र के एक बहुमंजिला हॉस्टल में रह रही थी। पुलिस को उसके कमरे से एक डायरी भी मिली है जिसमें उसने आत्महत्या की नियत से कूदने से पहले ‘गुड बाय’ लिखा हुआ है।

छात्रा के आत्महत्या करने के बारे में उसकी परिवारजनों को सूचित कर दिया गया है जिनके पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के उपरांत उनके हवाले किया जाएगा। यह पिछले 11 दिनों में कोचिंग छात्रों के बहुमंजिला इमारत से कूदकर आत्महत्या करने या हादसे का शिकार होने की तीसरी घटना है।

इसके पहले 29 जनवरी को कोटा के विज्ञान नगर में एक कोचिंग छात्र ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था जबकि हाल ही में दो फरवरी को एक हॉस्टल की बहुमंजिला इमारत कीछठी मंजिल से दुर्घटनावश एक कोचिंग छात्र ईशानांशु भट्टाचार्य असंतुलित होकर गिर गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

वॉल्ट डिज्नी कंपनी करेगी 7 हजार कर्मचारियों की छंटनी

लॉस एंजिलिस। अमरीका की मनोरंजन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी वॉल्ट डिज्नी कंपनी ने दुनिया भर में फैले अपने कामगारों में से सात हजार कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की है। नौकरियों की यह कटौती दुनिया भर में डिज्नी के दो लाख 20 हजार कर्मचारियों का लगभग 3.2 प्रतिशत हिस्सा है।

डिज़्नी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बॉब इगर ने बुधवार को कहा कि कंपनी अपने लागत खर्चों को कम कर 5.5 अरब अमेरिकी डॉलर का बचत करने का लक्ष्य रख रही है। इसमें कंटेंट क्षेत्र में तीन अरब डॉलर की बचत भी शामिल है।

इगर ने कहा कि इस पुनर्गठन से कम्पनी के खर्चों में कमी आने के साथ ही इसका संचालन समन्वित और सुव्यवस्थित होगा। माउस हाउस उन प्रमुख अमरीकी कंपनियों की सूची में नवीनतम है, जिन्होंने हाल के महीनों में बड़े पैमाने पर अपने कर्मचारियों की संख्या में कटौती की घोषणा की है।

डिज्नी ने बुधवार को वित्त वर्ष 2023 की अपनी पहली तिमाही के लिए 23.51 अरब डॉलर के राजस्व की सूचना दी, जो पिछले साल की तुलना में आठ प्रतिशत अधिक है। डिज्नी ने दुनिया भर में 16 करोड़ 18 लाख डिज़्नीप्लस पेड ग्राहकों की सूचना दी है और इसमें पहली तिमाही के दौरान 24 लाख ग्राहकों की कमी हुई। कंपनी की 2019 में प्रमुख स्ट्रीमिंग सेवा की शुरुआत के बाद से यह डिज़्नीप्लस का पहला ग्राहक नुकसान है।

आंध्र प्रदेश में तेल टैंकर की सफाई के दौरान दम घुटने से 7 मजदूरों की मौत

काकीनाडा। आंध्र प्रदेश में पेड्डापुरम के जी रागमपेट इलाके में स्थित अंबाती तेल फैक्टरी में गुरुवार को विशाल तेल टैंकर की सफाई के दौरान दम घुटने से सात श्रमिकों की मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि वार्षिक रखरखाव के लिए पिछले दो दिनों से टैंकर से तेल निकाला (डी-ऑयल) जा रहा था। तेल के टैंक की सफाई करने के लिए सात कर्मचारी उसके अंदर उतरे और टैंक से निकलने वाली जहरीली गैस के कारण सातों कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। जिसके बाद, वहां पर मौजूद कुछ मजदूरों ने जेसीबी मशीनों से टैंकर को तोड़कर शवों को बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि साथी कर्मचारियों और मृतकों के परिजनों के भारी विरोध के बीच पेड्डापुरम पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी सामान्य अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मोचनगुई कृष्णा, मोचांगी नरसिंह, मोचांगी सागर, कुंथडू बैंजो बाबू, कुर्रा रामाराव, कट्टामुरी जगदीश और प्रसाद के रूप में हुई है। कर्मचारियों ने इस त्रासदी के लिए प्रबंधन को दोषी ठहराया और कर्मचारियों के आंदोलन के साथ स्थिति तनावपूर्ण हो गयी है।

उन्होंने कहा कि पेड्डापुरम पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुंकारा मुरलीमोहन क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए राजस्व अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। इस घटना से संबंधित मामला दर्ज कर लिया गया और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रेटर नोएडा में रोडवेज बस ने 7 को कुचला, 4 की मौत, 3 घायल

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में जीटी रोड पर स्थित हीरो मोटर्स फैक्ट्री के सामने एक रोडवेज बस ने 7 लोगों को टक्कर मार दी जिससे 4 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने गुरुवार को यहां बताया कि सभी सात कर्मचारी रात की शिफ्ट में हीरो मोटर्स फैक्टरी जा रहे थे। बादलपुर क्षेत्र स्थित इस फैक्ट्री के सामने एक रोडवेज बस यूपी 32 एलएन 3295 दादरी से दिल्ली जा रही था जो अनियंत्रित हो गई और सभी कर्मचारियों को रौंद डाला।

सेंट्रल नोएडा एडीसीपी विशाल पांडेय ने बताया कि थाना बादलपुर में बुधवार रात हीरो मोटर्स कंपनी के कर्मचारी रात की शिफ्ट के लिए जा रहे थे। बदायूं डिपो की एक अनियंत्रित बस ने करीब 12 बजे उन्हें रौंद दिया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।

हनुमानगढ़ : भादरा में पंचदेव प्रतिष्ठा महोत्सव, निकली ऐतिहासिक कलश यात्रा

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले की धार्मिक नगरी भादरा में पंचदेव प्रतिष्ठा महोत्सव में आज करीब डेढ किलोमीटर लंबी कलश यात्रा में हजारों महिलाएं शामिल हुई।

इस दौरान भादरा की सड़कें पीले रंग से पटी नजर आईं और जहां तक नजर पहुंची वहां सिर्फ पीली साड़ियों में महिलाएं सिर पर कलश रखे हुए नजर आ रही थीं। यज्ञ सम्राट प्रबल महाराज की कुटिया में आयोजित हो रहे 100 कुंडीय पंचदेव महायज्ञ, श्रीमद भागवत कथा एवं पंचदेव प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर 5100 महिलाओं के साथ यह कलश यात्रा निकाली गई।

लुहारीवाला अतिथि सदन से शुरू हुई इस कलश यात्रा के दौरान शिवभक्ति में डूबे लोग हर-हर महादेव के जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने पीली साड़ी में सिर पर मंगल कलश लेकर पूरे उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ भाग लिया।

अखिल भारतवर्षीय धर्मसंघ व स्वामी करपात्री फांउडेशन के तत्वावधान में निकाली गई कलश यात्रा में डॉ. गुणप्रकाश चैतन्य महाराज ने भी साथ पैदल चलकर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इसी दौरान बग्घी में सवार विहार घाट, उतरप्रदेश से आए प्रबोधाश्रम महाराज, समर्थश्री त्रयम्बकेश्वर चैतन्य महाराज का जगह-जगह स्वागत किया गया।

कलश यात्रा में भगवान परशुराम के शस्त्रों के साथ पुरूषों ने सनातन धर्म की जय, अधर्म का नाश हो के जयकारों के साथ आकाश को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान मुख्य यजमान मांगीलाल महिपाल ने सिर पर भागवत को धारण कर नगर भ्रमण में हिस्सा लिया। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण कर प्रबल महाराज की कुटिया में सम्पन्न हुई। इस दौरान नगर में जगह जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। इस कलश यात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियां भी प्रदर्शित की गई।

आपस में हाथ जोड़ नहीं पा रही जनता के हाथ से क्या जोड़ेगी सिरोही कांग्रेस!

परीक्षित मिश्रा
सिरोही। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट में अडानी के खुलासे के बाद पहली बार पूरे देश में जिला स्तर पर एसबीआई और एलआईसी पर प्रदर्शन के निर्देश दिए गए। लेकिन, हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम करने वाली सिरोही कांग्रेस जनता से तो छोड़ो खुद आपस में हाथ जोड़े हुए नजर नहीं आई।

अपनी ढपली अपना राग

जिला मुख्यालय पर 6 फरवरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष जीवाराम आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस ने एसबीआई पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन से पहले ही सिरोही-शिवगंज विधानसभा के ग्रामीण 11 ग्रामीण ब्लॉकों के अध्यक्षों की पिछले महीने घोषणा हुई थी। वहीं सिरोही व शिवगंज शहर ब्लॉक के पुराने अध्यक्ष ही कार्यवाहक हैं। लेकिन, गुटबाजी के चलते यह लोग जिला स्तरीय प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए।

सिरोही विधानसभा के सिरोही तहसील के ब्लॉकों का प्रदर्शन जावाल में और शिवगंज ग्रामीण के ब्लॉकों का प्रदर्शन पोसालिया में किया गया। सिरोही विधानसभा में नवनियुक्त सभी ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस (संयम) गुट के हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय पर कांग्रेस (जीवाराम) के साथ किए जा रहे प्रदर्शन का वो हिस्सा नहीं थे। ये अदावत पिछले विधानसभा चुनाव के टिकिट वितरण के दौरान शुरू हुई थी। यूं जिलाध्यक्ष जीवाराम आर्य ने कहा कि उन लोगों ने सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों और पूर्व ब्लॉक अध्यक्षों को इसमें शामिल होने का संदेश भेजा था।

पिण्डवाड़ा नगर ब्लॉक अध्यक्ष हुए शामिल

तीनों विधानसभा में नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों में से पिण्डवाड़ा-आबू विधानसभा के कांग्रेस नगर ब्लॉक अध्यक्ष अचलसिंह बालिया इसमें शामिल हुए थे। लेकिन, वहां के शेष ब्लॉक अध्यक्षों ने न तो इसमें हिस्सा लिया और न ही उनके क्षेत्रों में ब्लॉक मुख्यालयों पर इस दिन एसबीआई और एलआईसी के सामने प्रदर्शन किया था। इस क्षेत्र के सभी ब्लॉक अध्यक्ष लालाराम गरासिया के करीबी बताए जा रहे हैं। यूं इस क्षेत्र में नीरज डांगी और संयम लोढ़ा दोनों का ही दखल है।

रेवदर में भी सूखे के समाचार

सोशल मीडिया पर ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्तियां मिलने पर बधाइयां लेने में इतने मशगूल रहे कि इन्हें ये नहीं पता कि इस नियुक्ति का मतलब राष्ट्रीय और प्रदेश कांग्रेस के निर्देशों और उनके द्वारा दिए गए कार्यक्रमों की पालना है। लेकिन, रेवदर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय आदेशों की पालना का कोई समाचार नहीं मिला।

यहां के भी कई ब्लॉक अध्यक्ष भी जिला स्तर के प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। इतना ही नहीं इस विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े इलाकें आबूरोड नगर में भी कार्यक्रम आयोजन की कोई सूचना नहीं है। यही स्थिति रेवदर के शेष ब्लॉकों की है। इस क्षेत्र में राज्यसभा सांसद नीरज डांगी के करीबियों को ब्लॉकों की जिम्मेदारी दी गई हैं। ये लोग भी राष्ट्रीय आदेशों से सौंपी गई जिम्मेदारी को नहीं निभा पाए।

मुख्यमंत्री गहलोत के दावे का सिरोही कांग्रेसी दे रहे हैं जवाब

अशोक गहलोत और गोविंदसिंह डोटासरा ने जिस तरह से चार साल तक प्रदेश के अंतिम छोर पर स्थित कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं को उत्पीडऩ और अनदेखी की है। वो अब कार्यकर्ता अशोक गहलोत और गोविंदसिंह डोटासरा के साथ करने लगे हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि भाजपा ने जनआक्रोश यात्रा निकाली थी। उसमें न जन दिखा न आक्रोश दिखा। प्रदेश को राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा दिए गए आदेश की अवहेलना करते हुए सिरोही के लोढ़ा, डांगी और लालाराम गुट के कांगेसजनों ने ये इशारा कर दिया कि जनता में आक्रोश बाद में देखना पहले हमारा मौन आक्रोश ही देख लो।

सबगुरु राशिफल : 9 फरवरी गुरुवार को आपके भाग्य में यह होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 06.23 बजे बाद चतुर्थी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कामकाज में सफलता मिलेगी। आज आपको प्रतियोगिता में आशाजनक परिणाम प्राप्त होंगे। बेवजह किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकते है। नवीन लोगों के साथ मित्रता होगी। नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा रहेगा। आज आपको भूमि, रिअल-एस्टेट या सांस्कृतिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित करने की जरूरत है। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेंगी। पिछले दिनों से चल रही लेन-देन की कोई बडी डील तय हो जाने की खुशी होगी। आज अगर आप किसी की गोपनीय बातें जान गए हो तो वे बातें किसी को भी न बताएं।

वृषभ :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुंचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

मिथुन :- आज का दिन आपके लिए लाभदायी रहेगा। खानपान का ध्यान रखें। समस्याओं का निराकरण होगा। व्यापार में प्रगति होगी। राजकाज से लाभ होगा। कार्य में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार को लेकर चल रही बातचीत एक नाजुक दौर में है, धैर्य रखें, और बहुत सोच-समझकर ही कदम आगे बढ़ाएं। जो चीज आपके लिए शौक भर थी, वह भी धनोपार्जन का मार्ग बन सकती है, लेकिन वहीं धन आने का कोई पुराना और भरोसेमंद जरिया धीरे-धीरे अपना ठिकाना बदल लेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है।

कर्क :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करना पड सकता है। मित्रों व अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। रोजी व रोजगार में किया गया निवेश लाभप्रद रहेगा। कुछ लोगों के जीवन में नए अवसर आएंगे जिन्हे नजरअंदाज न करें अन्यथा बाद में आत्मग्लानि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। आज दूसरों की बातों को इधर से उधर करने से बचें। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। परिजनों का सहयोग करना पडेगा। मन चलायमान रहेगा।

सिंह :- आज नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। सम्बन्धों के प्रति त्याग से ही मधुरता आएगी। परिवार में माहौद सुखद रहेगा। मन परेशान रहेगा, परन्तु कोई गलत निर्णय नहीं हो पाएगा। किसी अच्छे व्यक्ति की सलाह प्राप्त होगी। समस्या का निराकरण होगा। घर परिवार में वैचारिक मतभेद कम होने से जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। पहले की अपेक्षा आर्थिक स्थिति में मजबूती आएगी। महिलाएं सन्तान के प्रति अति संवेदनशीलता न रखें।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाए रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जायेगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा।

तुला :- आज परिवार में किसी से चल रहा मन-मुटाव खत्म हो जाएगा। संतान पक्ष की सफलता आज आपकी खुशियों को दोगुना कर देगी। किसी कीमती वस्तु की खरीददारी हो सकती है। घरेलू समस्याओं का निराकरण होगा। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहेगा। आज आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। आज आपको मन में आए नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं। आज का दिन बढ़िया रहेगा। मान-सम्मान और पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। किसी नए कार्य की शुरूआत हो सकती है।

वृश्चिक :- आज आप अपने नए काम में किसी करीबी जानकार की मदद ले सकते हैं, आपको फायदा जरूर होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा होगा। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। राजकाज में सफलता मिलेगी। मुकदमे में विजय के प्रबल योग हैं। काफी दिनों से चली आ रही किसी समस्या का समाधान होगा। आप जिस काम को काफी दिनों से टाल रहे हैं, उस अधूरे काम को आज पूरा करने के लिये भी दिन ठीक है। उगाही के लिए अच्छा दिन है। मित्रों और परिवारजनों के साथ आनंद प्राप्त होगा। शारीरिक और मानसिक लाभ के लिए ध्यान व योग फायदेमंद साबित होंगे।

धनु :- आज आप कम समय में काम को पूरा करने की कोशिश में कामयाब होंगे। आज बड़ा लाभ होगा। दुष्ट जन हानि पहुंचा सकते हैं। दिन की शुरुआत में थोडा समय धर्म में दें। आज किसी असहाय की मदद जरूर करें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें, अन्यथा उलझ सकते हैं। जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पडेगा। कठिन परिश्रम से लाभ होगा। स्वास्थ्य में हीनता रहेगी। स्वजनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाएगा। नौकरी में संभलकर रहें। साथियों का सहयोग कम मिलेगा। ननिहाल पक्ष की तरफ से चिंताजनक समाचार आएगा।

मकर :- आज आपकी आकर्षक छवि मनचाहा परिणाम देगी। परिजनों के साथ होने वाली गलतफहमी से बचें। व्यर्थ में धन खर्च होगा। दिन सामान्य रहेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। राजपक्ष से संतुष्टि होगी। मानसिक उचाट और दुविधा के कारण महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे। रोमानी नजरिए से वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा दिन है। आत्मसम्मान में वृद्धि होगी। संतान से शुभ समाचार मिलेंगे। परिवारिक कार्य में भागदौड़ रहेगी। जरुरत से ज्यादा जज्बाती होना आपका दिन बिगाड़ सकता है।

कुंभ :- आज आपको काफी आरक्षित और सावधान रहने की जरूरत है। क्योकि कुछ लोग आपके रास्ते में बाधा बनने की कोशिश कर सकते हैं। रूके हुए कार्य में प्रगति होगी। व्यापार से लाभ होगा। नये मित्र बनेंगे। प्रसन्नता का समाचार मिलने का योग है। वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त होगा। आज आपको अपनी विशेषता के लिए खूब तारीफ मिलेगी। आपकी ऊंची बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। व्यक्तिगत संबंध संवेदनशील और नाजुक रहेंगे। ऐसे लोगों से साथ जुड़ें जो स्थापित हैं और भविष्य के रुझानों को समझने में आपकी मदद कर सकते हैं। मानसिक तनाव का शिकार हो सकते हैं।

मीन :- आज प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। दिनचर्या अच्छी रहेगी। धन का लाभ होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा हो सकता है। प्रियजन से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आज आपके कामकाज में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती है। घर में किसी को स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कते हो सकती है। घर में उल्लास का माहौल आपके तनावों को कम कर देगा। जीवनसाथी का बिगड़ता स्वास्थ्य आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

2023 में भी कायम रहा 60’S का जादू

सिरोही राजकीय महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम शहनाई में प्रस्तुति देते विद्यार्थी।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। जब युवाओं के मंच पर भी 60’S के गीतों का जादू बिखरे और इन गीतों पर नृत्य सें पांडाल गूंज जाए तो समझो कि वही सदाबहार है। शहनाई 2023 में भी ‘बरेली की बर्फी’ की पीढ़ी के युवा साठ के दशक के ‘बरेली के झुमके’ को बिसरा नहीं पाए। राजकीय महाविद्यालय सिरोही के विज्ञान भवन के रंगमंच में 60 के दौर के गीतों से शुरू हुआ नृत्य और गीत सिलसिला 2023 तक के गीत संगीत को अपने में समेटा रहा।