Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 376 -
होम ब्लॉग पेज 376

चिकित्सा सेवाओं के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा जिला अस्पताल – चिकित्सा मंत्री

शिवगंज में जिला चिकित्सालय भवन का शिलान्यास करते चिकित्सा मंत्री।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। राज्य के चिकित्सा एवं आबकारी मंत्री परसादीलाल मीना ने कहा कि विधायक संयम लोढ़ा के प्रयासों से शिवगंज में पचास करोड़ रूपए की लागत से बनने वाला जिला चिकित्सालय उपखंड ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों में निवास करने वाले लोगों के लिए चिकित्सा के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा। मीना मंगलवार को विधायक लोढ़ा के साथ कृषि मंडी परिसर में निर्मित होने वाले जिला अस्पताल भवन की आधारशीला रखने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री मीना ने कहा कि विधायक संयम लोढ़ा ने विकास पुरूष के रूप में जिले में जो विकास के कार्य करवाए है वे एक मिशाल है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवाओं की कमी की वजह से यहां के लोगों को उपचार के लिए बाहर जाना पडता था अब सिरोही मुख्यालय पर ही नहीं बल्कि शिवगंज और मेडीकल कॉलेज में भी जिला चिकित्सालय बनने से लोगों को हर तरह का उपचार मिल सकेगा।

मीना ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार साल के दौरान विकास के जो कार्य किए है वे बेमिसााल है। कोविड संकट के समय राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से लोगों की जान बचाने के लिए किए गए प्रबंधन की स्वयं प्रधानमंत्री ने सराहना की तथा राज्य के भीलवाडा के मॉडल को पूरे देश ने अपनाया। मीना ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू की गई चिरंजीवी योजना जिससे राज्य के करीब 88 प्रतिशत परिवार जुड़ चुके है वह लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। किडनी, लीवर, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार इस योजना के माध्यम से मुफ्त में हो रहा है। इस प्रकार का उदाहरण पूरे देश में कहीं देखने को नहीं मिलता।

शिवंगज में जिला चिकित्सालय का शिलान्यास करते चिकित्सा मंत्री और विधायक संयम लोढ़ा।

मंत्री मीना ने कहा कि राज्य सरकार इसी सत्र में राइट टू हैल्थ बिल भी ला रही है। इस बिल के आ जाने के बाद प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को किसी भी चिकित्सालय से चिकित्सा सेवाएं लेने का अधिकार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले चार साल में जो काम किए है उनका प्रत्येक परिवार को राजनीति से उपर उठकर मनन करना चाहिए,तो अहसास होगा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से लागू की गई प्रत्येक योजना सीधे तौर पर आम आदमी से जुड़ी हुई है। प्रदेश में कहीं भी विकास के कामों में कमी नहीं रखी गई है।

मंत्री मीना ने कहा कि सरकार ने किसानों के बिजली बिल शुन्य कर दिए, घरों में उपलब्ध होने वाली बिजली के बिलों में 50 युनिट बिजली मुफ्त की गई है। इसके अलावा अब 1 अप्रैल से राज्य के 1 करोड़ 33 लाख परिवारों को 500 रूपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाएं जाएंगे।
उन्होंने विधायक संयम लोढ़ा को जुझारू व्यक्ति बताते हुए कहा कि वे एक ऐसे विधायक है जो विधानसभा में केवल विकास की बात करते है, लोगों के दर्द और तकलीफ की बात करते है। उनकी कार्यशैली है कि वे किसी काम को करवाने का तरीका बहुत ही बेहतर तरीके से जानते है।

यहीं वजह है कि जिस भूमि पर जिला अस्पताल बन रहा है वह कृषि भूमि की थी, जिसमें बदलाव करना या आवंटित करवाना बड़ी ही टेढी खीर होता है, लेकिन ये संयम लोढ़ा की जीवटता है कि उन्होंने जी तोड़ कोशिश कर इसे अस्पताल के लिए स्वीकृत करवा ही दिया, जो राज्य में संभवतरू पहला उदाहरण है। इस मौके पर मंत्री मीना ने विधायक लोढ़ा की मांग पर शिवगंज तहसील में बुढेरी, नवाखेड़ा, लोटीवाडा छोटा में उपस्वास्थ्य केन्द्र खुलवाने तथा इसके लिए भवन निर्माण की घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संयम लोढ़ा ने शिवगंज के अस्पताल को जिला चिकित्सालय बनाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने यहां की जनता का सालों का सपना पूरा किया है। विधायक ने कहा कि हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि हम शहर व जिले के लिए सारी सुविधाओं का इंतजाम करें। विधायक ने कहा कि जिला चिकित्सालय का भवन बनने के बाद इसका लाभ शिवगंज व इसके आसपास के क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को ही नहीं बल्कि इसका लाभ आसपास के जिलों के लोगों को भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आज शिवगंज में प्रसुति के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध है। यहीं वजह है कि अन्य जिलों से यहां लोग प्रसुति के लिए आ रहे है। हमारा संकल्प है कि सिरोही जिला राजस्थान का ही नहीं बल्कि देश का अग्रणी जिला बने। इस सपने को लेकर हम काम कर रहे है। लोगों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिले इसके लिए मेडीकल कॉलेज खोला, अब यहां अध्यापन कार्य प्रारंभ हो गया है। मेडीकल कॉलेज परिसर में ही 50 करोड़ की लागत से जिला अस्पताल बन रहा है, इसकेे पास ही 28 करोड़ की लागत से नर्सिग कॉलेज भी बन रहा है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शिवगंज व कालंद्री में कन्या महाविद्यालय खुलवाएं गए है। सिरोही के महिला कॉलेज को क्रमोन्नत करवाया गया है। लॉ कॉलेज का नया भवन बनाया गया है। पिछले तीन सालों में 40 नए स्कूल तथा 15 अंग्रेजी स्कूल खुलवाएं गए है। बालिकाओं के जितने भी उच्च प्राथमिक विद्यालय थे, उन्हें सीनियर सैकंडरी में क्रमोन्नत करवाया गया है। मगर इसका लाभ तभी मिल सकेगा जब आप यह तय करेंगे कि लडका हो या लडकी उसे स्नातक की शिक्षा अवश्य प्रदान करवाएंगे।

विधायक ने कहा कि बेटियों को लेकर हमें अपना नजरिया बदलना होगा। आज के जमाने के हिसाब से नजरिया बनाने की जरुरत है। समारोह में मौजूद महिला अधिकारियों की तरफ इशारा करते हुए विधायक ने कहा कि हमारी बेटियां भी इनकी तरह अधिकारी बन सकती है, बस जरुरत हमें इस बात का संकल्प लेने की है कि हम अपनी बेटियों को पढ़ाई करवाएंगे। इस मौके पर उन्होंने गौतमजी सडक का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रमुख शिव मंदिरों को सडक मार्ग से जोड़ा गया है। जवाई बांध से शिवगंज तहसील के गांवों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 150  करोड़ रूपए की महत्वपूर्ण पेयजल योजना स्वीकृत करवाई गई है। विधायक ने कहा कि हमारे यहां लोगों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। इसकी वजह यह थी कि यहां चिकित्सक नहीं थे। इसके लिए हाईकोर्ट में लड़ाई लड़ी और कोर्ट के आदेश के बाद अब हमारे यहां पर्याप्त चिकित्सक कार्य कर रहे है। अब ये चिकित्सक तबादला भी चाहे तो बिना रिलीवर के उनकातबादला नहीं हो सकता।

इससे पूर्व मंत्री परसादीलाल मीना एवं विधायक संयम लोढ़ा ने जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता गुप्ता, पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, सिरोही नगर परिषद के सभापति महेन्द्र मेवाडा की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर चिकित्सालय भवन का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी। मंच का संचालन दिलीप शर्मा कालंद्री ने किया।

-इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में पूर्व हरीश चैधरी, हरीश राठौड, उपखंड अधिकारी सिरोही सीमा खेतान, शिवगंज तहसीलदार नीरज कुमारी, विकास अधिकारी हेमलता विश्नोई, सीएमएचओ डॉ राजेश कुमार, पीएमओ डॉ अखिलेश पुरोहित, बीसीएमओ डॉ कौशल ओहरी, डॉ एम एल हिंडोनिया, अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह, समाजसेवी प्रकाश प्रजापति, बाबू खान, नींबाराम गरासिया, प्रकाश मीना, हबीब शेख, जनक सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रताराम देवासी, सरपंच संघ अध्यक्ष नारायण रावल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, पूर्व अध्यक्ष ममता चित्तारा, जूली चैहान, डॉ रवि शर्मा, बाबूलाल परिहार, नफीसा सिलावट, पार्षद राजेन्द्रसिंह, कस्तुर घांची, नारायणलाल परिहार, जयंतिलाल सोनी, प्रवीण जैन, मालमसिंह, विनीता वाघेला, महादेव महिला मंडल की ओमबाला परमार, कांता माली, अंजू अग्रवाल, सनातन धर्म महिला सेवा समिति की उषा अग्रवाल, हस्तु खंडेलवाल, मदन माली, हितेश माली सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

सिरोही : लुम्बाराम चौधरी जिला परिषद संघर्ष समिति के अध्यक्ष बने

सिरोही में जिला परिषद संघर्ष समिति के सदस्य।

सिरोही। जिला परिषद संघर्ष समिति की प्रथम बैठक आज जिला परिषद सिरोही में उप जिला प्रमुख मनीषा मीना की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला परिषद सदस्य लुंबा राम चौधरी को सर्वसम्मति से जिला परिषद संघर्ष समिति का जिला अध्यक्ष चुना गया।

सबगुरु राशिफल : 7 फरवरी मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। फाल्गुन मास, कृष्ण पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 02.18 बजे बाद द्वितीया तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएँ और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएँ बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियाँ देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फँसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

अजमेर में केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

अजमेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान तथा प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार आज राजस्थान के अजमेर में केंद्र सरकार की मित्र नीति एवं गलत आर्थिक नीतियों के विरोध में विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरने का नेतृत्व अजमेर देहात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व डेयर सदर रामचंद्र चौधरी ने किया।

अजमेर के जिलाधीशालय के सामने भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर राज्य के पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं विधायक डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने करीबी चुनिंदा दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए अडानी समूह में एलआईसी और एसबीआई जैसी सरकारी संस्थाओं में जोखिम भरा लेनदेन किया है जिससे पूरे देश के निवेशकों मे आक्रोश है। राहुल गांधी शुरू से इस बात पर ऊंगली उठाते आए हैं जो आज सच सबके सामने है।

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार अपने धनी मित्रों को सरकारी संपत्तियों को बेचने के बाद देश के आम निवेशकों की बचत पर डाका डालने का प्रयास कर रही है।

डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने केंद्र की निकम्मी,नालायक और नकारा मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि ग्रामीणों के मुंह से छाछ रोटी का निवाला भी इस सरकार से छीन लिया है जिसे अब उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना चाहिए। धरने में प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, महेंद्र गुर्जर, ब्रह्मदेव कुमावत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इधर, शहर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में गांधी भवन से कचहरी रोड स्थित एलआईसी कार्यालय के बाहर विरोध मार्च के जरिए जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया गया तथा 80 हजार करोड़ रुपए के इस बड़े घोटाले पर केंद्र सरकार को जमकर कोसा।

महात्मा गांधी राम भक्त थे : डॉ. सतीश राय

0

अजमेर। राजीव गांधी स्टडी सर्किल के राष्ट्रीय समन्वयक तथा इंडियन सोसायटी ऑफ गांधीयन स्टडी के अध्यक्ष डॉ. सतीश राय ने कहा है कि महात्मा गांधी रामभक्त थे, उन्होंने राम का अनुसरण किया, वे आजादी के महानायक थे, इतना ही नहीं सामान्य व्यक्तित्व वाले व्यक्ति थे।

डॉ. राय आज अजमेर के कायड़ में राजस्थान में नव सृजित शांति एवं अहिंसा विभाग के तत्वावधान में महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति द्वारा जिला स्तरीय दो दिवसीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सत्ता के संधान का हथियार अहिंसा है और अहिंसा से व्यक्ति के मन, चित्त और आस्था को जीता जा सकता है। गांधी के दर्शन को महत्वपूर्ण बनाने वाला तत्व अहिंसा ही है।

उन्होंने कहा कि सत्य के संधान का हथियार अहिंसा है। इस अहिंसा से व्यक्ति के मन, चित्त और आस्था को जीता जा सकता है। अहिंसा के मार्ग पर चलने वाले व्यक्तियों को अतिरिक्त तथा कठिन प्रशिक्षण की आवश्यकता रहती है। क्योंकि अहिंसा वीरोचित गुण है। गांधी के दर्शन को महत्वूपूर्ण बनाने वाला तत्व अहिंसा है। अहिंसा और सत्य के प्रति आग्रह रखना नैतिक मूल्य है। इनको अपनाने वाला सत्याग्रही सहनशील और धैर्यवान होता है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों में राजनैतिक चेतना जाग्रत की। इसी का परिणाम रहा कि उनके आह्वान पर पूरा देश सहभागी बना। आजादी के संघर्ष में आमजन को जोड़कर शक्तिशाली सत्ता को मजबूर किया। उनका विराट व्यक्तित्व आजादी के संघर्ष की समस्त धाराओं के संगम के रूप में सामने आया। वर्तमान समय में सत्य के स्थान पर मिथ्या तथ्यों को प्रचारित करने का फैशन बन गया है। झूठ को बोलने के साथ फोरवर्ड करना भी पाप है।

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने प्रशिक्षण स्थल में लगाई गई फ्लेगशिप योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। गांधी दर्शन की प्रासंगिकता के बारे में प्रशिक्षणार्थियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि गांधी दर्शन की प्रासंगिकता समय के साथ और बढ़ी है।महात्मा गांधी मानवता का अतीत नहीं होकर विश्व का भविष्य है। इसके माध्यम से विश्व की समस्त समस्याओं का समाधान किया जासकता है।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आमजन के जीवन में गुणात्मक बदलाव लाना है। सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं की नवीनतम जानकारी प्रदान की जा रही है। संभागीय प्रशिक्षण के उपरान्त गांवों में गांधी दर्शन के राजदूत की तरह कार्य करेंगे। विश्व में अमन, चैन और शांति स्थापन के लिए गांधी दर्शन ही एकमात्र रास्ता है।

उन्होंने कहा कि गांधी टोपी विश्वास का प्रतीक रही है। इसकी विश्वसनियता बनाए रखने के लिए सभी को प्रमाणिक होने की आवश्यकता है। प्रशिक्षणार्थी गांधी दर्शन के पेरोकार की तरह कार्य करें।सरकार द्वारा फ्लेगशिपयोजनाएं संचालित की जा रही है। इनका लाभ समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी अपना योगदान दें। महात्मा गांधी के अनुसार देश के मजदूर और किसान अर्थव्यवस्था की धुरी है।

संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा ने कहा कि आज के युग में महात्मा गांधी की अधिक प्रासंगिकता है। गांधी दर्शन को जीवन में उतारने का आरंभ परिवार से करना चाहिए। परिवार में सादगी होनी चाहिए। परिवार द्वारा मिल जुलकर एक ईकाई की तरह कार्य की तरह करना चाहिए। आपस में समानता तथा प्रेम का व्यवहार हो। महात्मा गांधी के विचार ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाए जाएं। गांधी दर्शन ने विश्व के कई देशों को मार्ग दिखाया है। हमें संयमित जीवन जीने के साथ खादी पहनना चाहिए।

महर्षि दयायनन्द सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने कहा कि ग्राम आधारित योजना बनाने से हम महात्मा गांधी की ग्राम संकल्पना के ज्यादा नजदीक पहुंचेंगे। हिंसा में विश्वास रखने वालों को भी गांधीजी ने अंहिसा का पाठ पढाया। उन्होंने जो कहा उसको जीवन में उतारने का उपकरम किया। पशु बल से प्राप्त होने वाली वस्तु आत्म बल से भी प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त किया। वे विशुद्ध धार्मिक होकर राजनैता की तरह रहते थे। उनका कहना था कि धर्म हमें मानवीय गुणों से परिपूर्ण करना चाहिए। धर्म और राजनिति के मेल से भ्रष्टाचार मुक्त समाज बनेगा।

भैरूखेड़ा के सुरेश सिंह ने कहा कि गांधी दर्शन का प्रशिक्षण प्रेरणादायक रहा है। इससे गांव के अन्य व्यक्तियों को भी प्रेरित करवाएंगे। रावतमाल की बीना के अनुसार प्रशिक्षण से गांधी दर्शन को जानने का अवसर मिला। लस्साण की रेखा को नमक सत्याग्रह की जानकारी अच्छी लगी। अरांई के कैलाश चन्द्र सैन ने कहा कि गांधीजी के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने में यह प्रशिक्षण उपयोगी साबित होगा। सिरोंज के पूर्व सरपंच हरीराम गिला के अनुसार प्रशिक्षण से शांति और अहिंसा का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गांधीजी के दिखाए मार्ग पर चल रहे हैं। पीपलाज के रमेश चन्द्र को फ्लगेगशिप योजनाओं की जानकारी ने प्रभावित किया।

प्रशिक्षण में सरकार की प्रमुख फ्लेगशिप योजनाओं की विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी प्रदान की गई। नगरीय निकाय विभाग के उपनिदेशक आलोक जैन ने इन्दिरा रसोई योजना और इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना के बारे में बताया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग भी योजनाओं के बारे में अतिरिक्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएस जोधा, कॉलेज शिक्षा विभाग की योजनाओं के बारे में डॉ. विरेन्द्र सिंह तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं के बार में सहायक निदेशक डॉ. अभिषेक गुप्ता ने जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सह संयोजक शक्ति प्रताप सिंह, शिक्षक संघ के उमेश शर्मा, समिति के ब्लॉक संयोजक हेमराज खारोलिया, प्रदीप कच्छावा, विजय लक्ष्मी पारीक, चेतन पंवार, स्नेहलता अग्रवाल, आरिफ खान, विकास चौहान, अशोक सुकरिया, आनन्दीलाल, अभय गौड़, मुन्नवर खान, भरत यादव एवं नितिन ने अपनी सेवाएं प्रदान की।

मंगलवार को मनीष शर्मा का उद्बोधन

जिला स्तरीय गांधी प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक मनीष शर्मा का उद्बोधन होगा। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. गोपाल बाहेती ने बताया कि इसके अतिरिक्त समग्र सेवा संघ के अध्यक्ष सवाई सिंह तथा गांधीवादी विचारक धर्मवीर कटावा प्रतिभागियों को गांधी दर्शन के बारे में सम्बोधित करेंगे।

बहरोड़ MLA बलजीत यादव बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर सेंट्रल पार्क में दिन भर दौड़े

जयपुर। राजस्थान में अलवर जिले के बहरोड़ से निर्दलीय विधायक बलजीत यादव ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर केन्द्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आज राजधानी जयपुर के सेंट्रल पार्क में दिन भर दौड़ लगाई।

यादव ने इस मुद्दे पर दोनों सरकारों का ध्यान खींचने के लिए काले कपड़े पहनकर करीब सात बजे सेंट्रल पार्क में दौड़ना शुरु किया और वह शाम लगभग छह बजे तक दौड़ते रहे। इस दौरान लगभग नब्बे किलोमीटर दौड़े। लगातार दौड़ते रहने से उनके स्वास्थ्य पर असर के मद्देनजर इस दौरान चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की जांच भी की। उन्होंने दौड़ते समय केवल पानी और नारियल पानी का सहारा लिया। इस दौरान उनके समर्थक भी उनके साथ दौड़े।

इस दौरान उन्होंने कहा कि बढ़ती जा रही बेरोजगारी पर दोनों सरकारें गंभीर नहीं है। अन्य राज्यों के युवा प्रदेश में आकर नौकरी पा रहे हैं जबकि कई राज्यों में बाहरी राज्यों के बेरोजगार युवकों को भर्ती में शामिल नहीं किया जाता।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में बाहरी राज्यों के बेरोजगार युवकों को भी नौकरियों की भर्ती शामिल किया जाता है, इससे राजस्थान के युवा पिछड़े रहे हैं। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार भी बिल लेकर आए ताकि इससे बाहरी राज्यों के युवकों को राजस्थान की भर्तियों में जगह नहीं मिलने से प्रदेश के युवाओं को राहत मिल सके।

इस दौरान श्री यादव ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार कोई सनुवाई नहीं करेगी तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और उन्हें विश्वास है कि एक दिन सरकार को झुकाकर रहेंगे। उल्लेखनीय है कि करीब दस महीने पहले भी यादव ने सरकार का ध्यान खींचने के लिए सेंट्रल पार्क में दिन भर दौड़ लगाई थी।

हिमाचल में 12000 फीट की ऊंचाई पर आइस स्केटिंग प्रतियोगिता,बना विश्व रिकॉर्ड

रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के नाको प्राकृतिक झील में दो दिवसीय राष्ट्रीय लॉन्ग ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। नाकों गांव के मुख्य लामा समापन के मौके पर विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के समापन के साथ ही 12 हजार फीट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय स्तरीय लॉन्ग ट्रैक चैंपियनशिप करवाने का एक विश्व रिकॉर्ड भी बन गया है। इस लॉन्ग ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप में 13 से 15 और 16 से 19 महिला एवं वरिष्ठ महिला पुरुष कैटेगरी के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया।

हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन लाल ने कहा कि दो दिवसीय इस चैम्पियनशिप के 13 से 15 महिला केटेगरी के 500 मीटर रेस में महाराष्ट्र की हिताशी त्रिवेदी ने स्वर्ण पदक, रूही शर्मा हरियाणा ने रजत तथा महाराष्ट्र की नीरजा ने कांस्य पदक हासिल किया।

वहीं 13 से 15 पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र के शौनक ने स्वर्ण पदक, हिमाचल प्रदेश के विख्यात कंवर ने रजत एवं महाराष्ट्र के अमोघ ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इसी तरह 15 से 19 पुरुष वर्ग में जी देवी आंध्र प्रदेश ने गोल्ड मेडल, उत्तर प्रदेश के प्रिंस गौतम ने रजत एवं संयम गोयल हरियाणा ने कांस्य पदक जीता। सीनियर कैटेगरी में कर्नाटक के ओंकार योगराज ने स्वर्ण पदक, यूपी के अनुभव गुप्ता ने रजत एवं मध्य प्रदेश के सुजल साहू ने कांस्य पदक हासिल किया।

तीन सौ मीटर ट्रैक रेस के 13 से 15 महिला कैटगरी में हिमाचल की इशिता राणा ने स्वर्ण पदक, तनवी ठाकुर ने रजत व सोनल ठाकुर ने कांस्य पदक जीता। वही पुरुष वर्ग में हिमाचल के यशीश नेगी ने गोल्ड मैडल, अनिमेश शर्मा ने रजत व दोन्गयत तेंजिन ने कांस्य पदक हासिल किया। 15 से 19 पुरुष वर्ग में हिमाचल के नवांग जांगमो ने स्वर्ण पदक, तेनजिन छोकडूप नई रजत पदक एवं दिल्ली के मानस सेठी ने कांस्य पदक हासिल किया।

दूसरी ओर 19 से ऊपर के महिला केटेगरी में दीक्षा ठाकुर ने स्वर्ण पदक, शगुन ने रजत व टाशी डोलकर ने कांस्य पदक प्राप्त किया तो वही पुरूष वर्ग में हिमाचल के रजनीश ने गोल्ड, आंध प्रदेश के जोसेफ ने रजत व हिमाचल के सूर्य प्रकाश ने कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में 15 राज्यों के 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं मुख्य अतिथि द्वारा विजेताओं को मैडल देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इन विजेताओं का चयन आगामी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

इस अवसर पर विशेष रूप से आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इण्डिया के डायरेक्टर अवधूत तावड़े,राष्ट्रीय कोच रवि ढिलन, हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन उपाध्यक्ष प्रदीप कंवर, जिला परिषद सदस्य शांता कुमार, सोमंग स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष विजय नेगी एवं पुरग्यूल आईस स्केटिंग एसोसिएशन के सदस्य मौजूद थे।

साम्प्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाली घटना नहीं होगी बर्दाश्त : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में भयमुक्त माहौल एवं निवासियों की सुरक्षा सरकार की मुख्य प्राथमिकता बताते हुए संगठित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा है कि साम्प्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाली कोई भी घटना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गहलोत सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से पुलिस महानिरीक्षकों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देशभर में साम्प्रदायिकता, तनाव और हिंसा का माहौल बढ़ा है। ऐसे में पुलिस के लिए आने वाला समय और अधिक चुनौतीपूर्ण होगा। ऐसी घटनाओं में लिप्त व्यक्ति किसी भी जाति अथवा धर्म का हो, कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान आक्रामक रूप से जारी रखें। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर और अपराधियों को फोलो एवं समर्थन करने वालों, आश्रय और वित्तीय सहायता प्रदान करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने जेल में अपराधिक तत्वों के माध्यम से संचालित सक्रिय गिरोहों के खिलाफ विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाली कोई भी घटना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में प्रदेश में धमकी देकर अवैध वसूली के प्रकरण सामने आए हैं। ऐसी घटनाओं में अभियुक्तों के विरूद्ध शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के विरूद्ध भी केन्द्र सरकार के माध्यम से कार्रवाई की जाए। ऐसे आपराधिक गिरोहों को खत्म करना हमारा प्राथमिक उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिस का इकबाल बुलंद रहे, इसके लिए अपराध नियंत्रण और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के हरसंभव प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि युवाओं में मादक पदार्थ सेवन चिंताजनक है। इसकी प्रभावी रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाएं और अभिभावकों से संवाद करें। गहलोत ने कहा कि अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए रिवाॅर्ड और पदोन्नति के अवसर प्रदान किए जाएं। कोताही बरतने पर सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई जाए।

उन्होंने कहा कि समाज, खासकर युवाओं की मानसिकता में बदलाव लाने के लिए जागरूकता अभियान संचालित करें, उन्हें भयमुक्त कर पुलिस फ्रेंडली बनाएं। मुख्यमंत्री ने नागौर पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन के बीच व्हाट्सएप नंबर जारी करने की पहल को सराहा। उन्होंने रात आठ बजे बाद खुलने वाली शराब की दुकानों को सख्ती से बंद करने और आबकारी विभाग व पुलिस के लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारी-कर्मचारी प्रदेश में अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के दायित्व का पूरे समर्पण के साथ निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में आमजन की धारणा को बदलने में जिला पुलिस अधीक्षकों की भूमिका काफी अहम होती है। निचले स्तर तक कानून व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाने में एसपी सकारात्मकता के साथ भूमिका का निर्वहन करें।

गहलोत ने कहा कि प्रदेश में शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नवाचार अपनाएं तथा भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया का भी उपयोग किया जाए। गहलोत ने बजरी एवं अवैध खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस की और सक्रियता की आवश्यकता जताई।

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनिवार्य एफआईआर, स्वागत कक्ष सहित अन्य नवाचार किए गए है। इसका असर रहा है कि 156 (3) के केसों, अनुसंधान समय और महिला अत्याचारों के मामलों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि उदयपुर, सीकर, जयपुर के विभिन्न घटनाक्रमों में त्वरित प्रभावी कार्रवाई कर अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है।

गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस की कार्यशैली को आधुनिक, पब्लिक फ्रेंडली एवं प्रो-एक्टिव बनाने के लिए कार्य किए हैं। थानों में स्वागत कक्ष, बाल मित्र थाना, अनिवार्य एफआईआर रजिस्ट्रेशन, महिला अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी अनुसंधान के लिए हर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद के सृजन सहित कई नवाचार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक नियमित रूप से थानों का निरीक्षण करें तथा आमजन से संवाद कर उन्हें पुलिस फ्रेंडली बनाए।

इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में नाबालिगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बालगृहों में सुधारात्मक गतिविधियों को और बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि थानाधिकारी अपने क्षेत्र की चौकियों का समयबद्ध और औचक निरीक्षण करें तथा आमजन से नियमित संवाद करें। इसी से ही अपराधों में कमी आ सकती है।

मुख्य सचिव उषा शर्मा ने कहा कि राजस्थान विकासशील राज्य है। हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है। जीडीपी में भी हम देश में दूसरे स्थान पर है। यह सब राज्य की मजबूत कानून व्यवस्था से ही संभव हुआ है। पुलिस को और सख्ती से अपराध नियंत्रण में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस पब्लिक में मूवमेंट बढ़ाए और हर वो कदम उठाए जिससे घटना होने से पूर्व ही रोकी जा सकें।

पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने कहा कि पुलिस की सतर्कता से ही अन्वेषण समय में कमी आई है। अनिवार्य एफआईआर पहल से भी आमजन को न्याय मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पेपरलीक माफिया पर त्वरित सख्त कार्रवाई को भी जनता ने सराहा है।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव आनंद कुमार, एडीजी अपराध आरपी मेहरड़ा, एडीजी एटीएस एवं एसओजी अशोक राठौड़, एडीजी इंटेलिजेंस एस सेंगथिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही जयपुर एवं जोधपुर पुलिस कमिश्नर, विभिन्न रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, सभी जिलों के एसपी, एएसपी एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी वीसी से जुडे़।

पाकिस्तान नहीं आना तो भाड़ में जाए भारत : जावेद मियांदाद

कराची। पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एशिया कप के लिए पाकिस्तान न जाने के फैसले की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए असंसदीय भाषा का प्रयोग किया।

मियांदाद ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अगर भारत पाकिस्तान नहीं आना चाहता तो वह भाड़ में जाए। मैंने हमेशा पाकिस्तान का समर्थन किया है। हमें अपने हित को भी देखना है, और उसके लिए लड़ना है। हमें फर्क नहीं पड़ता क्योंकि हम क्रिकेट की मेजबानी कर रहे हैं। यह आईसीसी का काम है। अगर आईसीसी इसे नियंत्रित नहीं कर सकता, तो ऐसे निकाय की कोई जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि उन्हें सभी टीमों के लिये एक समान नियम लागू करने की जरूरत है। अगर टीमें इस तरह आने से बचना चाहती हैं, तो उन पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए। भारत होगा अपने लिए, हमारे लिए नहीं है।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई सचिव और एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह ने अक्टूबर 2022 में कहा था कि एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में नहीं हो सकता, क्योंकि भारत पड़ोसी मुल्क की यात्रा नहीं कर सकता है। शाह के इस बयान पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के तत्कालीन अध्यक्ष रमीज़ राजा ने एतराज़ जताया था। बोर्ड के वर्तमान अध्यक्ष नजम सेठी ने इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए शनिवार को एसीसी की आपातकालीन बैठक भी बुलाई, हालांकि इसका कोई हल नहीं निकल सका।

मियांदाद ने कहा कि भारत हार के डर से पाकिस्तान नहीं आना चाहता। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कहा कि आओ और खेलो। वे ऐसा क्यों नहीं करते? वे भागते हैं। अगर वह यहां आकर हमसे हारेंगे तो उनकी मुश्किलें बढ़ जायेंगी। यह बात वहां की जनता को पचेगी नहीं। यह हमेशा से होता रहा है। हमारे समय में भी वह इसी वजह से नहीं खेलते थे। वहां दंगे और लड़ाई झगड़ा होता है। आपने देखा होगा जब भी भारत किसी से हारता है तो वहां की जनता घरों को जलाती है।

उन्होंने कहा कि जनता को समझना होगा कि क्रिकेट सिर्फ एक खेल है। अगर आप अच्छा नहीं खेलेंगे तो हारेंगे। अगर मैं अच्छा खेलूंगा तो जीतूंगा। आप दूसरी चीजों पर जाते हैं। इससे किसी को क्या फायदा? मैं आईसीसी से कहता हूं, अगर कोई इस तरह के रास्ते अपनाता है तो आईसीसी को सख्त रवैया अपनाने की जरूरत है। आप भारत हैं तो क्या? अगर कोई देश इस तरह का बर्ताव करता है तो आईसीसी को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

गौरतलब है कि एसीसी अध्यक्ष शाह की मंजूरी न होने के बावजूद पीसीबी एशिया कप की मेजबानी करने के लिए तत्पर है। सेठी ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि अगर भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आएगा, तो उनकी टीम भी अक्टूबर में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी।

4 देशों में भूकंप से हाहाकार, 2200 से अधिक की मौत, 7000 से अधिक घायल

इस्तांबुल/दमिश्क। तुर्की के दक्षिण में सीरियाई सीमा के पास सोमवार तड़के भूकंप के जोरदार झटकों से केवल आसपास के पांच देशों में तबाही मच गई और 2200 लोगों की जान चली गई। भूकंप के कारण मकानों भवनों आदि के ढहने से 7000 से अधिक लोग घायल हो गए।

भारत और अमेरिका के अलावा युद्धग्रस्त रूस एवं यूक्रेन समेत कई देशों ने भूकंप प्रभावित देशों की मदद की पेशकश की है। स्थानीय समयानुसार तड़के 4:17 बजे भूकंप का एक शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। पहले झटकों के कुछ मिनट बाद फिर शक्तिशाली झटके महसूस किया गया जिसमें तुर्की और सीरिया में भारी तबाही मचाई है। अब तक 2200 से अधिक लोगों के मरने की खबर है, जबकि 7000 से अधिक अन्य घायल हैं।

बीबीसी ने तुर्की आपदा प्रबंधन एजेंसी के हवाले से कहा है कि पूरे इलाके में एक के बाद एक 40 से अधिक झटके महसूस किए गए हैं। तुर्की समेत लेबनान, सीरिया, साइप्रस, इराक, इजरायल और फ़लस्तीन में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, जहां बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है।

तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप अर्दोगन ने कहा है कि भूकंप से अकेले तुर्की में 912 लोगों की मौत हो गई है और 6,000 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। देश में आपातकाल लागू कर दिया है। वहां तेज़ी से राहत और बचाव कार्य किये जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार सीरिया में भी भूकंप के कारण भीषण तबाही की ख़बर है। वहां अब तक करीब 1300 लोगों की मौत की ख़बर है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य अभी जारी हैं और हताहतों की सही संख्या की जानकारी जुटाई जा रही है। तुर्की में सोमवार तड़के एक के बाद भूकंप के दो शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। बीबीसी ने बताया है कि भूकंप प्रभावित इलाकों में इमारतों को भारी नुक़सान पहुंचा है।

तुर्की में तेज़ी से बचाव कार्य किये जा रहे हैं, लेकिन अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि अभी भी कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। तुर्की में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का भूकंप आने से हाहाकार मच गया। भूकंप का प्रभाव इतना तेज था कि इसका असर सीरिया, लेबनान और इजरायल में भी महसूस किया गया।

तुर्की में सबसे प्रभावित शहरों में राजधानी अंकारा और नूरदगी समेत 10 शहर रहे। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप का केंद्र गाजियांटेप से लगभग 33 किलोमीटर (20 मील) और नूरदगी शहर से लगभग 26 किलोमीटर (16 मील) दूर था। यह 18 किलोमीटर (11 मील) की गहराई पर केंद्रित था। डेनिश भूवैज्ञानिक संस्थान का कहना है कि तुर्की में भूकंप के झटके ग्रीनलैंड तक महसूस किए गए हैं।

तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन ने ट्विटर पर कहा कि भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव दलों को तुरंत भेजा गया। हमें उम्मीद है कि हम इस आपदा को एक साथ जल्द से जल्द और कम से कम नुकसान के साथ पार कर लेंगे।

तुर्की में दोबारा भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस बार रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.5 मापी गई। भूकंप के झटके भारतीय समयानुसार तड़के तीन बजकर 54 मिनट पर महसूस किए गए। इसका केंद्र अंकारा से 427 किलोमीटर दूर जमीन से 10 किमी अंदर था।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, यह निर्णय लिया गया कि राहत सामग्री के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और चिकित्सा दलों को तुर्की गणराज्य की सरकार के समन्वय से तुरंत तुर्की भेजा जाएगा। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की दो टीमें, विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्ते और आवश्यक उपकरण भूकंप प्रभावित क्षेत्र में उड़ान भरने के लिए तैयार हैं। दोनों टीमों में 100 कर्मी शामिल हैं।

इस भूकंप में तीन हजार के करीब इमारतें ढह गईं और मलबे के भीतर हजारों लोग दब गए। तुर्की का ऐतिहासिक गजियांटेप कैसल भी इस भूकंप में ढह गया। 2,200 से अधिक साल पहले बना यह कैसल तुर्की के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तुर्की और सीरिया में सोमवार को विनाशकारी भूकंप में हुयी जन-धन की हानि पर गहरा दुख जताया है और दोनों देशों को संकट की इस घड़ी में भारत से सहायता की प्रतिबद्धता जताई है।

मोदी ने बेंगलूरु में एक सम्मेलन का उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए तुर्की में भूकंप से भारी हानि का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हम सभी की नजर तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप पर टिकी हुई हैं, जिसके कारण कई लोगों की दुखद मौत और व्यापक क्षति हुई है। देश के 140 करोड़ लोगों की सहानुभूति तुर्की के भूकंप पीड़ितों के साथ है। हम भूकंप पीड़ितों की हरसंभव सहायता करने को तैयार हैं।

प्रधानमंत्री ने बाद में ट्विटर में संदेश में कहा कि यह जानकर मुझे गहरी पीड़ा हुई कि इस विनाशकारी भूकंप से सीरिया में भी नुकसान हुआ है। वहां भूकंप में मारे गए व्यक्तियों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। हम संकट की इस घड़ी में सीरिया के लोगों के दुख से दुखी हैं और उन्हें सहायता और सहयोग देने को प्रतिबद्ध हैं।

गौरतलब है कि दक्षिणी तुर्की और उत्तरी सीरिया में सोमवार तड़के 7.4 तीव्रता वाला एक शक्तिशाली भूकंप आया जिससे इन दोनों देशों में बड़ी संख्या में इमारतें और मकान ढह गए हैं तथा सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं। भूकंप के झटके लेबनान, इजराइल और इराक सहित पूरे क्षेत्र में महसूस किए गए।

इस समय भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है, तुर्की और सीरिया दोनों ने उच्चतम स्तर के संकट की चेतावनी जारी की है। सीरिया भूकंप के प्रभावों को समाप्त करने के लिए सशस्त्र बलों को लगाने का विचार कर रहा है। अमेरिका और इजराइल सहित कई अन्य देशों ने भी मदद की पेशकश की है।

अमरीका में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने ट्वीट किया कि अमरीका तुर्की और सीरिया में आए विनाशकारी भूकंप से बहुत चिंतित है। मैं तुर्की के अधिकारियों के संपर्क में हूं जिससे हम किसी भी और सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार रहें। हम तुर्की के साथ समन्वय करते हुए स्थिति की बारीकी निगरानी कर रहे हैं।