Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 380 -
होम ब्लॉग पेज 380

स्पेन में फुटबाॅल मैच के दौरान रेफरी ने सिख खिलाड़ी को पटका उतारने को कहा

मैड्रिड। स्पेन में एक फुटबॉल मैच के दौरान रेफरी ने एक 15 वर्षीय सिख खिलाड़ी को खेल नियमों का हवाला देते हुए उससे पगड़ी के अंदर पहना जाने वाला पटका उतारने को कहा।

सिखएक्सपो के इंस्टाग्राम पेज ने ‘ला वनगार्डिया’ अखबार के हवाले से बताया कि पिछले सभी मैचों में रेफरी ने अरातिया सी टीम के खिलाड़ी गुरप्रीत सिंह को पटका पहनने की अनुमति दी थी।

अरातिया के अध्यक्ष पेड्रो ओरमज़ाबल ने अखबार को बताया कि वह कम से कम पांच साल से सामान्य रूप से खेल रहा है, इस सीजन में अब तक कभी भी कोई समस्या नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह स्थिति गुरप्रीत के लिए अपमानजनक थी। गुरप्रीत और उनके टीम के सदस्यों ने यह समझाया कि पटका उनके धर्म से जुड़ा हुआ है।

ओरमज़ाबल के इंस्टाग्राम पेज पर कहा गया था कि रेफरी द्वारा नियमों पर जोर देने पर गुरप्रीत के साथियों ने एकजुटता दिखाते हुए मैदान छोड़ने का फैसला किया। इस फैसले के बाद टीम को प्रतिद्वंद्वी टीम का भी समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि गुरप्रीत इस उम्मीद के साथ प्रतियोगिता में वापसी करने के लिए तैयार हैं कि इस तरह की स्थिति दोबारा सामने नहीं आएगी।

फीफा के एक नियम के मुताबिक पुरुष फुटबॉल खिलाड़ी मैचों के दौरान पगड़ी पहन सकते हैं। सिख समुदाय के छोटे लड़के और किशोर अपने बालों को पटका से बांधते हैं।

चाइल्ड पोर्नोग्राफी गिरोह के खिलाफ जर्मन पुलिस ने कसा शिंकजा

बर्लिन। जर्मन की पुलिस ने वर्षों की जांच के बाद बवेरिया में एक अंतरराष्ट्रीय चाइल्ड पोर्नोग्राफी गिरोह पर शिकंजा कसा और तीन डार्कनेट प्लेटफॉर्म को बंद कर दिया है।

बवेरियन राज्य आपराधिक पुलिस कार्यालय (बीएलकेए) और साइबर अपराध के लिए संघीय राज्य के केन्द्रीय कार्यालय (जेडसीबी) ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि अमरीका, ब्रिटेन और जर्मनी में छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

जर्मनी के अधिकारियों के अनुसार इन संदिग्धों ने प्रशासकों, प्रोग्रामरों या प्लेटफार्मों के मध्यस्थों के रूप में काम किया था। ये सभी गिरफ्तारियां पिछले साल की गई थीं। जर्मनी और विदेशों में कई हजार लोगों द्वारा अवैध डार्कनेट साइटों का उपयोग किया गया था और लगभग 120,000 पोस्ट लिखीं और प्रति माह चाइल्ड पोर्नोग्राफ़ी के 20,000 से अधिक चित्र और वीडियो वितरित किए। इस संबंध में गिरोह के एक 22 वर्षीय मध्यस्थ को पिछले साल के अंत में जर्मनी में गिरफ्तार किया गया था।

सबगुरु राशिफल : 4 फरवरी शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। माघ मास, शुक्ल पक्ष, चतुर्दशी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 09.30 बजे बाद पूर्णिमा तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि : क्रोध पर संयम रखिएगा। संभव हो तो वाद-विवाद से दूर रहिएगा। परिवारजनों के साथ किसी बात पर विवाद होने की संभावना है। स्वास्थ्य बिगड़ सकता है, जिसमें विशेषकर आँखो को संभालिएगा। अकस्मात की भी संभावना है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में ध्यान रखिएगा। अपनी मानहानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति मन को शांति प्रदान करेंगे।

वृष राशि : आज का दिन आनंदप्रद रहेगा। अगर लक्ष्मीजी की कृपा हुई तो आर्थिक योजनाएं सफल होगी। व्यावसायिक क्षेत्र में भी कुछ काम कर सकेंगे।। बाहर के लोगो के साथ संचार अधिक रहेगा। बौद्धिक कार्य करने में रुचि बढेगी। आज सेवा कार्य के लिए भी शुभ दिन है। शारीरिक स्वस्थता और मानसिक प्रफुल्लितता बनी रहेगी।

मिथुन राशि : आज का आपका दिन शुभ है। आप में परोपकार की भावना रहने से अन्य लोगों को सहायता करने के लिए आप उत्सुक रहेंगे। व्यापार में भी आपका आयोजन व्यवस्थित होगा। व्यापार के कारण बाहर कहीं प्रवास हो सकता है। ऊपरी अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। संतानो की पढा़ई-लिखाई तथा स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी।

कर्क राशि : विभिन्न योजनाओं के विषय में अधिक विचार आप को द्विधा में लाकर खडा़ कर देंगे। फिर भी परिवारजनों के साथ अच्छा वातावरण प्राप्त होने से आपकी प्रसन्नता में वृद्धि होगी। दूर स्थित व्यक्ति या संस्था के साथ सम्बंधों में दृढता आएगी, जो कि आगे चलकर लाभदायी रहेगा। अधिक खर्च से बचिएगा। निर्धारित कार्य में अपेक्षाकृत कम सफलता प्राप्त होगी।

सिंह राशि : आप का मन अनिर्णायक स्थिति में रहेगा। मन दुविधा में रहेगा। अधिक भावुकता भी मन को अस्वस्थ बनाएगी। माता के प्रति अधिक भावनात्मक रहेंगे। बौद्धिक चर्चा का प्रसंग उपस्थित होगा, लेकिन वाद-विवाद को टालिएगा। स्वजनों या स्नेहीजनों के साथ तनाव का प्रसंग उपस्थित होगा। दिया हुआ उधार और अटका हुआ पैसा वापस मिलने के प्रबल योग हैं लेकिन अब किसी को उधार न दें।

कन्या राशि : आज का दिन बहुत अच्छी तरह से बीतेगा। शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे। परिवारजनों के साथ अच्छा वातावरण प्राप्त होने से आपकी प्रसन्नता में वृद्धि होगी। लक्ष्मीदेवी की कृपा आप पर बनी रहेगी। मित्रों और स्नेहीजनों के साथ समय बीतेगा। संतान की पढा़ई-लिखाई तथा स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी। अधिक खर्च से बचिएगा।

तुला राशि : आज भाईयों से लाभ होगा। बौद्धिक तथा लेखनकार्य से जुडी़ हुई प्रवृत्ति में आप सक्रिय रहेंगे। साहित्य में नवीन सृजन करने का योजना भी कर सकेंगे। आप को हर कार्य में सफलता प्राप्त होगी। प्रतिस्पर्धी पर विजय प्राप्त होगी। संबंधो में भावनाओ की प्रधानता रहने से संबंध सुखदायी रहेंगे। भाग्य में वृद्धि होने के प्रसंग उपस्थित होंगे। सामाजिक व आर्थिकरूप से सम्मान प्राप्त होगा।

वृश्चिक राशि : आज का दिन आपके लिए लाभदायी और शुभफल प्राप्त करने वाला सिद्ध होगा। सांसारिक सुख प्राप्त होगा। विवाहोत्सुकों के लिए विवाह प्रस्ताव का योग है। व्यावसायिक क्षेत्र में भी विशेष लाभ होगा। उच्च पदाधिकारी आपके कार्य से प्रसन्न होंगे। मित्रों के साथ नए प्रोजेक्ट पर चर्चा होगी। पुरानी गलती का प्रायश्चित करने का प्रयास करेंगे। सामाजिक स्तर पर नई जिम्मेदारी मिल सकती है।

धनु राशि : वैचारिक स्तर पर विशालता और वाणी की मधुरता से अन्य लोगों को प्रभावित कर पाएँगे और साथ-साथ उनके साथ संबंधो में भी संवादिता रख पाएंगे। बैठक या चर्चा-विचारणा में भी आपको सफलता मिलेगी। परिश्रम का अपेक्षित परिणाम न मिलने पर भी उस क्षेत्र में आप आगे तो अवश्य बढ सकेंगे। पाचनतंत्र से संबंधित कष्ट होने की संभावना अधिक है, इसलिए संभव हो तो घर के खाने को प्राथमिकता दें।

मकर राशि : आज का दिन मध्यम फलदायी होगा। बौद्धिक तथा लेखनकार्य से जुडी़ हुई प्रवृत्ति में आप सक्रिय रहेंगे। साहित्य में नवीन सृजन करने का योजना भी कर सकेंगे। परंतु फिर भी मानसिक उद्वेग से आप परेशान रह सकते हैं। स्वास्थ्य की दृष्टि से कुछ थकान या आलस्य का अनुभव हो सकता है। व्यावसायिक रुप से नई विचारधारा अपना सकेंगे। व्यर्थ के खर्च से दूर रहिएगा।

कुंभ राशि : आज आप निषेधात्मक कार्य तथा नकारात्मक विचारों से दूर रहने को प्राथमिकता दें। आज आप को अधिक ही विचार सताएँगे। परिणाम स्वरुप आपको मानसिक थकान का अनुभव होगा।क्रोध अधिक मात्रा में न हो जाए इसका संयम रखिएगा। ध्यान और आध्यात्मिकता आपके मन को शांति प्रदान करेंगे।

मीन राशि : आज के दिन मनोरंजन और आनंद-प्रमोद में आप डूबे रहेंगे। कलाकार, लेखक आदि को अपनी प्रतिभा प्रकट करने का अवसर मिलेगा। व्यवसाय में भागीदारी के लिए उत्तम समय है। स्वजनों, मित्रों के साथ आनंद ले सकेंगे। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता आएगी। समाज में ख्याति मिलेगी।

अजमेर : मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न

0

अजमेर। अजमेर मंडल पर शुक्रवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक मंडल कार्यालय में आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति राजीव धनखड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अजमेर मंडल के भौगोलिक क्षेत्र से संबन्धित संगठनों, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, रेल यात्री संगठन एवं माननीय सांसदों तथा रेल मंत्रालय द्वारा नामित सदस्य बैठक में शामिल हुए और चर्चा की।

बैठक के प्रारंभ में समिति के सचिव तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विवेक रावत ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। अध्यक्ष तथा मंडल रेलप्रबंधक राजीव धनखड़ ने बैठक में अपने संबोधन के अन्तर्गत सभी सदस्यों को मंडल पर चल रही विशेष व वाणिज्यिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों के बारे में बताया।

उपस्थित प्रतिनिधियों ने मंडल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं में विस्तार के लिए किए गए कार्यों की सराहना की तथा अपने सुझाव भी रखे जिनमें यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों पर ठहराव व विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, उपलब्ध रेल सेवाओं में वृद्धि एवं डिब्बों में बढ़ोतरी, लिफ्ट व एस्केलेटर, टिकट वेंडिंग मशीन की संख्या बढ़ाने, आरओबी तथा आरयूबी का निर्माण, प्लेटफॉर्म शेल्टर का विस्तार, सुलभ शौचालय तथा पे एंड यूज शौचालय की व्यवस्था से सम्बंधी मांग व सुझाव सहित कई यात्री सुविधा से सम्बब्धित मुद्दे थे जिन पर चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सुझावों पर विचार कर उन्हें क्रियान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में समिति में अजमेर, भीलवाड़ा, आबूरोड, ब्यावर, और उदयपुर से समिति के 10 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के आरके जैन- मेवाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भीलवाड़ा, राजकुमार लालवानी होलसेलर्स मर्चेंट एसोसिएशन अजमेर, रतन मेहता- यात्री सेवा संस्थान ब्यावर, सागरमल अगरवाल- द रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन आबूरोड, दीपक शर्मा- डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अजमेर, विजय कुमार लड्ढा- प्रतिनिधि सुभाष चंद्र बहेड़िया सांसद भीलवाड़ा, जयेश चंपावत- प्रतिनिधि अर्जुन लाल मीणा सांसद उदयपुर, विजय गोठवाल- प्रतिनिधि देवजी भाई पटेल सांसद जालौर व सिरोही, मोहनलाल पुरोहित- दिव्यांग एसोसिएशन आबू रोड, अरविंद यादव- प्रतिनिधि भागीरथ चौधरी सांसद अजमेर सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन की और से अपर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार व बलदेव राम तथा मण्डल के शाखाधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक के समापन पर समिति के सचिव तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विवेक रावत ने सभी सदस्यों को बैठक में उपस्थिति तथा रेल यात्रियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए की गई चर्चा के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

रेलवे के लिए राजस्थान को रिकार्ड 9532 करोड़ रूपए के बजट का आवंटन

0

अजमेर। लोकसभा में 1 फरवरी को पेश बजट में भारतीय रेलवे के लिए किए गए प्रावधानों को आज रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में अभी तक का रिकार्ड बजट 9532 करोड़ रूपए का आवंटन किया गया है, जो वर्ष 2009-14 के प्रतिवर्ष औसत 682 करोड़ की तुलना में लगभग 14 गुना अधिक है। इस बजट के आवंटन से राजस्थान में रेल विकास को तीव्र गति मिलेगी और रेलवे यात्रियों को अधिकाधिक सुविधाएं प्रदान करने में सफल होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विजय शर्मा ने बजट पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि बजट में उत्तर पश्चिम रेलवे को प्राथमिकता के साथ गत वर्ष की तुलना में अधिक बजट का आवंटन किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे को वर्ष 2023-24 के बजट में 8636.85 करोड़ आवंटित किया गया है जो कि गत वर्ष के 6724.29 करोड की तुलना में 28.44 प्रतिशत अधिक है।

संरक्षा के लिए इस वर्ष बजट में 1156 करोड रूपए से अधिक का प्रावधान किया गया है। संरक्षा के अहम मद ट्रेक नवीनीकरण के लिए भी 520 करोड, रेलवे समपारो पर रोड ओवर ब्रिज तथा रोड अण्डर ब्रिज (ROBs/RUBs) के लिए 454 करोड रूपए एवं टक्कररोधी प्रणाली ‘कवच’ के लिए 150 करोड़ रूपए का बजट में प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त सिगनल व दूरसंचार से सम्बंधित कार्यों के लिए 464 करोड एवं समपार फाटकों पर संरक्षा कार्यों हेतु 31 करोड रूपए का आवंटन किया गया है।

इसी प्रकार यात्री सुविधाओं के मद पर उत्तर पश्चिम रेलवे को इस वर्ष 923 करोड रूपए का आवंटन किया गया है। इस मद में स्टेशनों के पुनर्विकास पर 550 करोड़ रूपए प्रदान किए गए हैं। साथ ही इस मद में स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, प्लेटफार्म का उन्नयन, स्टेशनों पर प्रकाश व्यवस्था, कोच गाइडेंस बोर्ड, कम्प्यूटर आधारित उद्घोशणा प्रणाली इत्यादि के कार्य किए जाएंगे। अधिक बजट आवंटन से यात्री सुविधाओं के लिए किये जा रहे कार्यों को गति प्राप्त होगी तथा इस मद में नए कार्यों को भी सम्मलित किया जा सकेगा।

बजट में नई लाइनों के लिए 862 करोड, आमान परिवर्तन के लिए 133 करोड तथा दोहरीकरण के लिए 340 करोड रूपए के बजट का आवंटन किया गया है। शर्मा ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर अभी तक 3531 किलोमीटर रेल लाइन पर विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर गया है तथा शेष रहे रेलमार्ग का विद्युतीकरण 2023-24 में कर लिया जाएगा।

बजट में रोलिंग स्टाक के अनुरक्षण के लिए जयपुर डिपो के लिए 30 करोड़ व खातीपुरा में 204 करोड़ रूपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वन्दे भारत ट्रेनों के अनुरक्षण के लिए जयपुर, श्रीगंगानगर, उदयपुर और मदार में अनुरक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही है। यातायात सुविधाओं के लिए 130 करोड, ब्रिज कार्यों के लिए 34 करोड, रोलिंग स्टाॅक के लिए 21 करोड, कर्मचारी कल्याण के लिए 13 करोड रूपए का बजट आवंटन किया गया है।

मण्डल रेल प्रबंधक अजमेर राजीव धनखड़ ने बजट पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मण्डल पर वर्तमान में प्रगति पर कार्यों के लिए बजट आवंटन इस प्रकार है

नई लाइन

1. तारंगाहिल-आबूरोड़ वाया अंबाजी (89.39 किमी) 480 करोड़
2. नीमच-बड़ी सादड़ी (48.30 किमी) 150 करोड
3. पुष्कर-मेड़ता (59 किमी) 10.05 करोड
4. अजमेर – कोटा (नसीराबाद-जालिन्दरी)(145 किमी) 10.05 करोड
5. रतलाम –डूंगरपुर वाया बांसवाड़ा (176 किमी) 5 करोड़
6. बांगडग्राम –रास (27.8 किमी) 2.50 करोड़
7. अजमेर –सवाईमाधोपुर वाया टोंक (165 किमी) 5 लाख

आमान परिवर्तन

1. मारवाड़-मावली (देवगढ़-नाथद्वारा) (108.75 किमी) 20.05 करोड

निलंबित एएसपी दिव्या मित्तल की न्यायिक अभिरक्षा 17 फरवरी तक बढी

अजमेर। राजस्थान में अजमेर एसओजी की निलंबित एएसपी दिव्या मित्तल की न्यायिक अभिरक्षा 17 फरवरी तक बढाई है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने दिव्या मित्तल की न्यायिक अभिरक्षा पूनी होने के बाद आज अजमेर भ्रष्टाचार निवारक न्यायालय में सुनवाई हुई जिसमें अदालत ने 17 फरवरी तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश जारी किए।

मित्तल के वकील प्रीतम सिंह सोनी द्वारा लगाई गई जमानत याचिका भी न्यायालय ने खारिज कर दी। इधर, रिश्वत मामले में वॉइस सैंपल के लिए अगली सुनवाई इसी कोर्ट मे ही आठ फरवरी को होगी।

14 साल की भतीजी ने चाचा पर छेड़छाड़ और गलत हरकत का लगाया आरोप

14 साल की भतीजी ने चाचा पर छेड़छाड़ और गलत हरकत का लगाया आरोप

अजमेर। राजस्थान में अजमेर-जयपुर हाईवे स्थित गेगल थाना क्षेत्र में 14 साल की नाबालिग ने अपने चाचा पर छेड़छाड़ और गलत हरकत का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है।

थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 14 साल की नाबालिग ने थाने पर उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मां और चाचा के बीच नजायज संबंध है और चाचा का घर पर आना जाना लगा रहता है।

इस दौरान वह गलत हरकतें और छेड़छाड़ की जाती है। पीड़िता का आरोप है कि चाचा उसे डरा धमका भी रहा है कि वह इस तरह की बात किसी को नहीं बताए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अजमेर में कांग्रेस के हाथ से हाथ जोडो अभियान का आगाज

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में आज कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आगाज हुआ।

अजमेर प्रभारी एवं राज्यमंत्री मुमताज मसीह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह केंद्र सरकार की विफलताओं तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर घर पहुंचाकर कांग्रेस और राहुल गांधी के हाथ को मजबूत करें।

अजमेर के वार्ड 17 स्थित ट्राम्बे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मसीह ने कहा कि एक हम है जो सदभाव, प्रेम, भाईचारे की बात करते हैं और एक वो है जो जातिगत राजनीति करते हैं जिससे किसी का भला नहीं होने वाला है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार ने उल्लेखनीय व ऐतिहासिक जनहित में कदम उठाए हैं। कई मामलों में तो राज्य सरकार ऐसे कदम उठाने पर देश में पहले स्थान पर है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पहुंचकर उन्हें कांग्रेस के कार्यों की जानकारी देनी होगी।

उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की भी जमकर तारीफ की और स्वयं क्षेत्र के घरों में पहुंचकर घरों के दरवाजों पर हाथ से हाथ जोड़ो का स्टिकर चिपकाया। इस मौके पर अजमेर शहर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन तथा दक्षिण क्षेत्र से उम्मीदवार रहे हेमंत भाटी उपस्थित रहे।

बेहतर विश्व बनाने की दिशा में अहम होंगी जी-20 की बैठकें : शेखावत

जोधपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर में हो रहीं जी-20 की बैठकें एक बेहतर और विकसित विश्व बनाने की ओर अहम कदम साबित होंगी। उन्होंने कहा कि विश्व के विकासशील देशों की समस्या, चुनौतियां और अवसर एक जैसे हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि हम सब एक साथ मिलकर काम करें, ताकि वैश्विक चुनौतियों का सामना किया जा सके।

शुक्रवार को जी-20 बैठक के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि जी-20 में रोजगार समूह की बैठक जोधपुर में हो रही है। यह तीन दिन चलेगी। यह पहली बार भारत में ही हो रहा है कि किसी अंतरराष्ट्रीय संगठन की बैठक देश के अलग-अलग शहरों में हो रही हो। अब तक ऐसी बैठकें देश की राजनीतिक राजधानी या आर्थिक राजधानी में ही होकर रह जाती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने पहल करते हुए जी-20 की यह बैठकें देश के मध्यम दर्जे के शहरों में भी आयोजित करवाईं। इसी कड़ी में जोधपुर में भी इसका आयोजन रखा गया है।

उन्होंने कहा कि जी-20 की बैठकों में कुल 43 डेलीगेट्स हैं। इसमें 20 देशों के प्रतिनिधि, नौ अतिथि देशों के प्रतिनिधि और 14 संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। जी-20 की अंतिम बैठक इंदौर में होगी। इसमें जी-20 की सभी बैठकों में उभर कर आए निष्कर्षो के आधार एक संयुक्त बयान जारी होगा। यह बयान भविष्य के लिए एक गाइड लाइन की तरह होगा।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि जोधपुर में हो रहीं बैठकों में तीन प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। पहला विषय है, एड्रेसिंग ग्लोबल स्किल गैप। पूरी दुनिया में तकनीक बढ़ी है। अब सब चीजें ऑटोमाइजेशन की तरफ बढ़ रही हैं। इससे एम्प्लॉयमेंट के परिदृश्य बदल रहे हैं। ऐसे में स्किल के जो गैप हैं, उसे कैसे भर सकें? किस तरह से इस पर काम हो सकता है?

इस पर बैठक में चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि भारत इस समय इंटरनेशल स्किल गैप पोर्टल बनाने पर काम कर रहा है। दुनिया मेें बहुत सारे ऐसे देश हैं, जहां काम ज्यादा है। वहां काम करने वाले लोगों की कमी है। वहां कैसे रोजगार का सृजन हो। इस पर गहनता से काम होगा।

शेखावत ने कहा कि दूसरा विषय गिग एंड प्लेटफॉर्म इकोनॉमी एंड सोशल सिक्योरिटी है। इसमें गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा पर चर्चा होगी। शेखावत ने कहा कि ऐसे बहुत से क्षेत्र हैं, जिनमें काम करने वाले लोगों को सोशल सिक्योरिटी नहीं मिलती। ऐसे लोगों को किस तरह और कैसे सोशल सिक्योरिटी दे सकते हैं? दुनिया भर के देशों में क्या अपेक्षाएं हैं? इस पर चर्चा होगी।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि तीसरा विषय कोविड के बाद उभरी आर्थिक परिदृश्य की चुनौतियों को लेकर है। कोविड के बाद जो आर्थिक परिदृश्य बना है और उसके चलते उसी के साथ बुरा दौर देखा है। सोशल सिक्योरिटी की महत्वता तो साबित हुई है, लेकिन सोशल सिक्योरिटीज को चलाने का दुनिया में सभी के सामने संकट है। इसे सस्टेनेबल बनाने के लिए हम एक-दूसरे से सीखें। इस पर बैठक में चर्चा होगी।

शेखावत ने बताया कि पहली बैठक उदयपुर में हुई, दूसरी बैठक जोधपुर में हो रही है और तीसरी बैठक इंदौर में होगी। इस बैठक में सदस्यों देशों के सभी मंत्री संयुक्त बयान जारी करेंगे। जो इन विषयों में गाइड लाइन की तरह काम करेगा।

वसुधैव कुटुम्बकम है टैग लाइन

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जी-20 के इस आयोजन की टैग लाइन वसुधैव कुटुम्बकम रखी गई है। आज सारी दुनिया एक परिवार की तरह है। सब की समस्याएं एक जैसी हैं। चुनौतियां और अवसर भी एक जैसे हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि हम सब साथ चलें। साथ सोचे और एक साथ एक्ट करें, ताकि वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सकें।उन्होंने कहा कि इस बैठक का यही उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य बना पाए। एक दूसरे से सीखकर
विकसित देशों के सामने विकासशील देशों में जो चुनौतियां हैं, उन्हें दूर करें।

अंतराष्ट्रीय मिलेट वर्ष घोषित हुआ

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से इस वर्ष को अंतरराष्ट्रीय मिलेट (मोटा अनाज) वर्ष घोषित किया गया है। जी-20 की बैठक में इसके महत्व को प्रदर्शित करते हुए एक प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें राजस्थान में होने वाले मोटे अनाज को उगाने से लेकर उसे खाने तक की विभिन्न प्रक्रियाएं बताई गई है।

उन्नाव मेें आगरा लखनऊ एक्‍सप्रेसवे पर हादसा, 5 मरे, 3 घायल

उन्‍नाव। उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा लखनऊ एक्‍सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए एक सडक हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई जबकि तीन अन्‍य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत चिंताजनक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ पंकज सिंह ने बताया कि आगरा लखनऊ एक्‍सप्रेसवे के किलोमीटर 266 पर आगरा से से लखनऊ की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पलटती हुई दूसरी लेन पर पहुंच गई। इस बीच लखनऊ की ओर से आने वाली एक अन्‍य एक्‍सयूवी कार ने उसे टक्कर मार दी।

उन्‍होंने बताया कि इस हादसे में आगरा की ओर से आने वाली कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्‍य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को रेस्‍क्‍यू करके सीएचसी औरास में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्‍सकों ने दो की हालत चिंता जनक होने पर लखनऊ रेफर कर दिया है।

सिंह ने बताया कि आगरा की ओर से आने वाली डिजायर कार सवार बाराबंकी निवासी थे। परिजनों ने बताया है कि हताहत आगरा ताजमहल देखने गए थे, जहां से परिवार वापस लौट रहा था।

इस हादसे में बाराबंकी के चित्रगुप्‍त नगर निवासी दिनेश कुमार (40), उनकी पत्‍नी अनीता (35), बेटी गौरी (9), साली प्रीती (25) व सास शांती (60) की मौके पर मौत हो गई थी जबकि बेटा लक्ष्‍य वीर (11), आर्यन (8) और एक अन्‍य साली प्रिया (20) को गंभीर हालत में सीएचसी औरास में भर्ती कराया गया है। जिनमें से आयर्न और प्रिया की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

लखनऊ की ओर से आने वाली एक्‍सयूवी कार सवार जो वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन को जा रहे थे, इस वाहन में किसी को भी चोंटे नहीं आई है।