Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 387 -
होम ब्लॉग पेज 387

अजमेर : हनीट्रेप की आरोपी महिला एवं उसका साथी अरेस्ट

अजमेर/चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ कोतवाली पुलिस ने हनीट्रेप के एक मामले में अजमेर निवासी एक युवती एवं एक पुरूष को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती युवक को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रूपए की मांग कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि शहर चित्तौड़गढ़ निवासी एक युवक को एक युवती द्वारा इन्स्टाग्राम पर मैसेज भेज कर बातो ही बातों में उलझा कर दोस्ती की तथा स्वयं को मुसीबत में फंसा बताकर युवक से 21 जनवरी को पांच हजार रूपए पेटीएम के द्वारा ले लिए और पीड़ित ने अजमेर जाने पर आरोपी आशा माली नामक लडकी से मुलाकात हुई और उसने चाय में नशीला पदार्थ मिला कर उसे बेहोश कर उसके अष्लील वीडियो फोटो बना लिए।

आरोपी महिला 29 जनवरी को सुबह से फोन कर मिलने का बार-बार कह रही थी। फिर अचानक कहा कि चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्री चौराहे पर आकर अर्जेन्ट मिलने के लिए बुलाया। युवक कलेक्ट्री चैराहा पहुंचा जहां उसके साथ एक आदमी ओर था, जिसका नाम पप्पु बंजारा था। जिसने कलेक्ट्री चौराहे पर ही पन्द्रह लाख रूपए की अवैध वसूली के लिए कह कर दुष्कर्म के झुठे मुकदमे में फंसाने एवं रुपए नहीं देने पर मरने मारने की धमकी दी।

ब्लेकमेलिंग के जरीये अवैध वसूली करने हेतु झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में पुलिस थाना कोतवाली चित्तौडगढ पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

कोटा में एक और कोचिंग छात्र ने की आत्महत्या

कोटा। राजस्थान के कोटा में आज एक और कोचिंग छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के प्रयास की पिछले दो दिनों में यह दूसरी वारदात है। इसके पहले रविवार को भी एक छात्र हॉस्टल की पाचंवी मंजिल से कूद गया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोटा के कुन्हाड़ी इलाके के लैंड मार्क सिटी के एक हॉस्टल में रहकर पिछले करीब एक साल से नीट में चयन के लिए कोचिंग ले रहे एक छात्र रणजीत ने आज सुबह किसी समय अपने गले में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सूत्रों ने बताया कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रहने वाले इस छात्र ने दो दिन पहले ही फोन पर अपने घरवालों से बातचीत की थी तो घर वालों को यह लगा था कि वह किसी मानसिक परेशानी से जूझ रहा है तो चिंता में सताए उसके परिवारजन आज दोपहर ही।

प्रयागराज से चलकर कोटा पहुंचे थे। कोटा के हॉस्टल में उन्हें छात्र रणजीत के कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक मिला। बार-बार खटखटाने पर भी जब दरवाजा नही खोला तो दरवाजा तोड़ कर वे भीतर पहुंचे जहां छात्र कमरे की छत से फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।

पुलिस के अनुसार कोटा आने से कोटा आने से पहले इस छात्र ने कानपुर में भी नीट की तैयारी की थी लेकिन उसका चयन नहीं हो पाया था। इसके बाद वह पिछले एक साल से कोटा में रहकर कोचिंग ले रहा था। पुलिस को छात्र के कमरे से एक पत्र भी मिला है जिसमें उसने कहा है कि मैं विष्णु का अंश हूं और भगवान से मिलने जा रहा हूं। ऐसी ही आध्यात्मिक बातें पत्र में लिखी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गोधरा कांड : 27 दोषियों की याचिका पर गुजरात सरकार को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने 2002 में गुजरात के गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में 59 लोगों को आग लगाकर मारने के मामले में जेल में बंद 27 दोषियों की जमानत याचिकाओं पर सोमवार को गुजरात सरकार को नोटिस जारी किया।

न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ 27 फरवरी 2002 को हुई दिल दहलाने वाली इस घटना के मामले के याचिकाकर्ताओं और राज्य सरकार की दलीलें सुनने के बाद दोषियों को जमानत देने की मांग वाली याचिकाओं पर गुजरात सरकार को विस्तृत जवाब देने का निर्देश दिया।

शीर्ष अदालत ने पिछले साल दिसंबर में इसी घटना के दोषी फारुख को जमानत दी थी। अदालत ने जमानत के लिए फारुख के पिछले 17 वर्षों से जेल में बंद होने को प्रमुख आधार माना था।शीर्ष अदालत के इस फैसले को आधार मानते हुए अन्य 27 दोषियों ने जमानत की उम्मीद में शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

अदालत ने इन दोषियों में कुछ को उम्र कैद और अन्य को मौत की सजा सुनाई थीं। कई दोषियों के मृत्यु दंड को आजीवन कारावास में बदलने के उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाएं शीर्ष अदालत में लंबित हैं।

साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग आगजनी की घटना में बच्चों और महिलाओं समेत 59 लोगों की मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद गुजरात के कई हिस्सों में भड़के दंगों में बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे।

हीरो मोटोकॉर्प का 110 सीसी स्कूटर ‘ज़ूम’ लॉन्च, कीमत 68599 रुपए

नई दिल्ली। मोटरसाइकिल और स्कूटर बनाने वाली कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने आज नया 110 सीसी स्कटर-ज़ूम लॉन्च किया जिसकी दिल्ली में एक्स शोरूम शुरूआती कीमत 68599 रुपए है।

कंपनी के चीफ ग्रोथ ऑफिसर (सीजीओ) रंजीवजीत सिंह ने आज कहा कि रोजाना के सफर में रोमांच और उत्साह की तलाश करने वाले संभावित उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए ज़ूम को सावधानी से डिजाइन और विकसित किया गया है।

ज़ूम स्कूटर समकालीन डिजाइन के साथ रफ्तार और परफॉर्मेंस उपभोक्ताओं को प्रदान करता है। हीरो ज़ूम की 110 सीसी श्रेणी में एक नया रूप और डिजाइन पेश किया गया है। पहली बार नए फीचर के रूप में हीरो इंटेलिजेंट कॉर्नरिंग लाइट (एचआईसीएल) और सेगमेंट में पहली बार नए फीचर्स, बड़े और चौड़े टायर और 110 सीसी सेगमेंट में तेज रफ्तार के साथ यह स्कूटर गतिशालता के अनुभव की गारंटी देता है।

उन्होंने कहा कि हीरो इंटेलिजेंट कॉर्नरिंग लाइट (एचआईसीएल) ने हीरो ज़ूम के साथ 110 सीसी सेगमेंट में अपना डेब्‍यू किया है। यह अपने ग्राहकों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है। जब स्कूटर सवार टर्न ले रहा होता है या किसी संकरी जगह से गुजर रहा होता है तो एचआईसीएल अपनी साफ प्रकाश से अंधेरे कोनों को भी जगमगा देता है। इससे राइडर को सड़क पर कोनों में दिख रही साफ रोशनी से काफी फायदा होता है और रात के समय इस स्कूटर पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित होता है।

उन्होंने कहा कि ज़ूम 110सीसी बीएस-6 अनुकूल इंजन के साथ आता है। इसमें 8.05 बीएचपी से ज्यादा पावर और 5750 आरपीएम का टॉर्क पैदा होता है। परफ़ॉर्मेंस, ज्यादा आराम और ईंधन की कम खपत के लिए आई3एस पेटेंट टेक्‍नोलॉजी प्रदान करता है। यह स्कूटर किसी भी समय तुरंत तेज रफ्तार और पावर-ऑन डिमांड उपलब्ध कराता है। इसमें हीरो मोटोकॉर्प की आई3एस टेक्‍नोलॉजी (आइडल स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम) का फीचर है। नया डिजिटल स्पीडोमीटर, ब्लुटुथ कनेक्टिविटी और साइड-स्टैंड इंजन-कट-ऑफ स्कूटर की टेक्निकल प्रोफाइल है।

उन्होंने कहा कि यह स्कूटर तीन वैरिएंट्स- शीट ड्रम, कास्ट ड्रम और कास्ट डिस्क में आता है। यह देश भर में कंपनी की डीलरशिप पर उपलब्ध है। स्कूटर के तीनों वैरिएंट्स में एलएक्स-शीट ड्रम की दिल्ली में शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 68,599 रुपए, वीएक्स-कास्ट ड्रम 71,799 रुपए और जेडएक्स-कास्ट ड्रम की कीमत 76,699 रुपए है।

आम बजट से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कमी की उम्मीद

नई दिल्ली। बढ़ती महंगाई से घर परिवार चलाने में आ रही परेशानियों के बीच आम लोगों को अगले वित्त वर्ष के आम बजट से बहुत उम्मीदें हैं और उनकी सबसे बड़ी आशा है कि इस बजट में ऐसे उपाय हो जिससे आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कमी आ सके।

उपभोक्ता डेटा इंटेलिजेंस कंपनी एक्सिस माई इंडिया ने इंडिया कंज्यूमर सेंटिमेंट इंडेक्स (सीएसआई) के निष्कर्ष जारी किए हैं जिसमें आम बजट से यह उम्मीद की गई है। बजट पूर्व रिपोर्ट में आवश्यक वस्तुओं की कीमत में कमी को लेकर 2023 के बजट से सबसे बड़ी उम्मीद लगाई गई है। इसमें सामने आए प्रमुख अनुरोधों में से एक आयकर दरों में कमी है, जिससे मुद्रास्फीति से मुकाबला करने के लिए उपभोक्ताओं के पास अधिक पैसा उपलब्ध हो सकेगा।

देश भर के 6100 लोगों ने सर्वेक्षण में भाग लिया जिसमें 65 प्रतिशत ग्रामीण भारत से हैं जबकि 35 प्रतिशत शहरी हैं। 26 प्रतिशत उत्तरदाता सभी स्लैब में 5 प्रतिशत तक व्यक्तिगत आयकर दरों में कमी किए जाने की उम्मीद कर रहे हैं जबकि 32 प्रतिशत हाउसिंग लोन की ब्याज चुकौती छूट सीमा पर पुनर्विचार किए जाने की उम्मीद लगाए हैं। यह सर्वेक्षण 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 6100 लोगों के साथ कंप्यूटर-एडेड टेलीफोनिक साक्षात्कार के माध्यम से किया गया था।

एक्सिस माई इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि उपभोक्ता बेहतर जीवन और आजीविका की उम्मीद लगाए आगामी बजट घोषणाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं और मूल्य नियंत्रण को लेकर उनमें काफी अपेक्षाएं हैं। उपभोक्ता उन विभिन्न उपायों की आशा भी कर रहे हैं जो सरकार भारतीय अर्थव्यवस्था में डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में उठाएगी। कुल मिलाकर, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था को 2023 में और विकास के लिए तैयार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रति नागरिकों की भावनाओं को समझने का प्रयास किया गया। 22 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने इस वर्ष ‘तेल की कीमतों’ को भारतीय अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित करने वाला कारक माना। इसके अलावा 16-16 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने ‘मुद्रास्फीति’ और ‘आगामी 2024 आम चुनाव’ को भी इस साल अर्थव्यवस्था पर असर डालने वाला कारक स्वीकार किया। सरकारी नीतियां और रूस – यूक्रेन युद्ध क्रमशः 14 प्रतिशत और 11 प्रतिशत के लिए चिंता का विषय रहा।

उन्होंने कहा कि बहुमत के साथ 73 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि बजट में ‘साबुन, डिटर्जेंट, खाना पकाने के तेल जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कमी’ को लेकर कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। 54 प्रतिशत का मानना है कि इसमें आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी छूट के लिए भी ध्यान दिया जाना चाहिए जबकि 44 प्रतिशत जीएसटी को कम किए जाने की वकालत की है। 32 प्रतिशत चाहते हैं कि आवास ऋण छूट सीमा पर पुनर्विचार किया जाए।

ओडिशा में 5 साल की बच्ची से रेप के दोषी को 20 साल की सजा

बालासोर। ओडिशा के विशेष न्यायाधीश पॉक्सो रंजन कुमार ने सोमवार को एक दुष्कर्म के आरोपी को दोषी ठहराते हुए, उस पर दस हजार रुपए के जुर्माने के साथ 20 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई।

न्यायाधीश ने आदेश दिया कि जुलाई 2022 में अपराध को अंजाम देने वाले आरोपी मुना हांसदा पर जुर्माना देने में चूक हो जाने पर उसकी दो साल की और जेल की सजा बढ़ा दी गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों की अनुपस्थिति में उसकी पांच वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और इस मामले की जांच की, जिसमें वह दोषी पाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरतलब है कि आरोपी पर आईपीसी की धारा 376 (एबी) और पॉक्सो की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया था और छह महीने के भीतर मामले का निपटारा कर दिया गया था। अदालत ने 10 गवाहों और 24 प्रदर्शित दस्तावेजों की जांच के बाद हांसदा को दोषी ठहराया।

विशेष लोक अभियोजक प्रणब कुमार पांडा ने कहा कि अदालत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के माध्यम से पीड़िता को चार लाख रुपए का मुआवजा देने का भी निर्देश दिया।

गोरखनाथ मंदिर पर हमले के दोषी मुर्तजा अब्बास को फांसी की सजा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पिछले साल अप्रैल में गोरखनाथ मंदिर के सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमले के दोषी अहमद मुर्तजा अब्बास को विशेष अदालत ने सोमवार को फांसी की सजा सुनाई है।

एटीएस के विशेष न्यायधीश ने मुर्तजा को देश के खिलाफ साजिश रचने और जानलेवा हमला करने का दोषी करार देते हुए सजा का ऐलान किया। पिछले साल अप्रैल में गोरखनाथ मंदिर पर हमले के सिलसिले में गोरखनाथ थाने में मुर्तजा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

केमिकल इंजीनियरिंग से बीटेक मुर्तजा ने चार अप्रैल 2022 को गोरखनाथ मंदिर में तैनात पीएसी के जवानों पर हमला किया था जिसे इलाके में अफरातफरी मच गई थी। सुरक्षा बलों ने मुर्तजा को गिरफ्तार कर लिया था।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा कि एटीएस द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों को अदालत ने सही माना है। ये दिखाता है कि पुलिस की जांच सही थी। देश के खिलाफ साजिश को पुलिस ने बेनकाब किया है।

पेशावर की मस्जिद में बम विस्फोट से 44 लोगों की मौत, 157 घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पश्चिमोत्तर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर स्थित एक मस्जिद में सोमवार को बम धमाके में कम से कम 44 लोगों की मौत हो गई और करीब 157 लोग घायल हो गए। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है।

पेशावर के आयुक्त रियाज महसूद ने हताहतों की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस लाइंस इलाके में स्थित मस्जिद के अंदर बचाव अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि पूरे शहर के अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है और घायलों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

पाकिस्तान के समाचारपत्र डॉन ने लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता मोहम्मद असीम के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

कैपिटल सिटी पुलिस ऑफिसर (सीसीपीओ) मुहम्मद इजाज खान ने बताया कि विस्फोट के बाद मस्जिद की छत ढह गई। कई जवान अब भी मलबे में दबे हुए हैं और बचावकर्मी उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मस्जिद का मुख्य हॉल – जिसकी क्षमता 250 से 300 लोगों की थी, गिर गया था, लेकिन बाकी इमारत अभी भी बरकरार है।

प्रांतीय गवर्नर हाजी गुलाम अली ने विस्फोट की निंदा की और पेशावर के लोगों से घायलों के लिए यह कहते हुए रक्तदान करने का आग्रह किया। गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा कि विस्फोट की सभी पहलुओं से जांच की जायेगी और केंद्र की ओर से प्रांतीय सरकार को पूरा सहयोग देने के प्रति आश्वस्त किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट दोपहर करीब एक बजकर 40 मिनट पर उस समय हुआ जब ज़ुहर की नमाज़ अदा की जा रही थी। पुलिस, सेना और बम निरोधक दस्ते के कर्मी मस्जिद के अंदर मौजूद थे। विस्फोट से इमारत का एक हिस्सा ढह गया था।

इस बीच, रेड जोन की ओर जाने वाली सड़कें – क्षेत्र हाउसिंग गवर्नर हाउस, मुख्यमंत्री सचिवालय, कोर मुख्यालय और महत्वपूर्ण रक्षा प्रतिष्ठान – बंद कर दिए गए हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मस्जिद में बम विस्फोट किया गया था या यह आत्मघाती हमला था। फिलहाल किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विस्फोट की कड़ी निंदा की और कहा कि इस घटना के पीछे हमलावरों का इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी उन लोगों को निशाना बनाकर डर पैदा करना चाहते हैं जो पाकिस्तान की रक्षा करने का कर्तव्य निभाते हैं।

प्रधानमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और वादा किया कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। पूरा देश आतंकवाद के खतरे के खिलाफ एकजुट खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि खैबर पख्तूनख्वा में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुकाबला करने के लिए एक व्यापक रणनीति अपनाई जाएगी और संघीय सरकार प्रांतों को उनकी आतंकवाद विरोधी क्षमता बढ़ाने में मदद करेगी।

पीपीपी के मीडिया सेल के एक ट्वीट में विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के हवाले से कहा गया है कि आतंकवादियों, उनके संरक्षकों और उनकी मदद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पद-धारकों से घायलों की जान बचाने के लिए अपना रक्तदान करने का भी आह्वान किया।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान ने भी पेशावर में आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह जरुरी है कि हम अपनी खुफिया जानकारी में सुधार करें और आतंकवाद के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए अपने पुलिस बलों को उचित रूप से तैयार करें।

ग्राहम रीड ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच पद से इस्तीफा दिया

भुवनेश्वर। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच ग्राहम रीड ने विश्व कप 2023 में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है। हॉकी इंडिया ने सोमवार को इसकी पुष्टि की और कहा कि रीड ने विश्व कप के समापन के एक दिन बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

घरेलू सरज़मीन पर लगातार दूसरी बार हुए पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत ने नौवां स्थान हासिल किया था। अपने पूल में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर रहने के बाद भारत ने क्रॉसओवर मुकाबले में न्यूजीलैंड का सामना किया, जहां उसे शूटआउट में 4-5 (फुल टाइम 3-3) से हार मिली थी।

रीड को अप्रैल 2019 में मुख्य कोच के पद पर नियुक्त किया गया था। भारत ने उनकी अगुवाई में टोक्यो ओलंपिक 2021 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता। इसके अलावा भारतीय टीम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भी रजत पदक लाने में कामयाब रही थी।

रीड के इस्तीफे के बाद टिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने खिलाड़ियों एवं सपोर्ट स्टाफ से मिलकर टीम प्रदर्शन और भविष्य की नीतियों पर चर्चा की। रीड के साथ-साथ विश्लेषण कोच ग्रेग क्लार्क और वैज्ञानिक सलाहकार मिचेेल डेविड पेंबरटन ने भी अपने-अपने इस्तीफे टिर्की के सुपुर्द किए। तीनों कोच अगले तीन महीने की अवधि के लिये भारतीय टीम से जुड़े रहेंगे।

रीड के यादगार कार्यकाल की शुरुआत के दो महीने बाद भारत ने एफआईएच सीरीज़ फाइनल का खिताब हासिल किया था। इसके कुछ महीने बाद टीम ने भुवनेश्वर में आयोजित क्वालिफायर जीतकर टोक्यो ओलंपिक में भी जगह बनाई थी। टोक्यो ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने के बाद भारत एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021/22 में भी तीसरा स्थान हासिल किया था।

आस्ट्रेलिया की ओलंपिक रजत पदक विजेता टीम के सदस्य रहे रीड ने करीब चार साल के अपने कार्यकाल के बारे में कहा कि अब मेरे बाहर जाने और अगले प्रबंधन के हाथों में कमान देने का समय आ गया है। इस टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात रही है। मैंने इस शानदार सफर के हर पल का आनंद लिया है। मैं टीम को शुभकामनाएं देता हूं।

टिर्की ने रीड का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद कहा कि भारत ग्राहम रीड और उनकी टीम का हमेशा आभारी रहेगी जिन्होंने देश को अच्छे परिणाम लाकर दिए हैं, खासकर ओलंपिक खेलों में। जैसे हर सफर एक नई दिशा की ओर बढ़ता है, अब अपनी टीम के लिए नए दृष्टिकोण अपनाने का समय आ गया है।

मुरली विजय ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

चेन्नई। भारत के अनुभवी बल्लेबाज मुरली विजय ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। विजय ने कहा कि वह दुनियाभर में खेलने के अवसर तलाशना जारी रखेंगे और खेल के व्यावसायिक पक्ष को भी खंगालेंगे।

विजय ने ट्विटर पर जारी बयान में कहा कि आज मैं अपार कृतज्ञता और विनम्रता के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं। साल 2002-2018 तक का मेरा सफर मेरे जीवन के सबसे बेहतरीन वर्ष रहे हैं। खेल के सबसे बड़े स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है।

सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले विजय ने 2008 में भारत के लिए पदार्पण करने के बाद 61 टेस्ट, 17 एकदिवसीय और नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने भारत के लिये अपना आखिरी मैच दिसंबर 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में खेला, जिसके बाद उन्हें दोबारा टीम में तलब नहीं किया गया।

विजय ने कहा कि मैं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए), चेन्नई सुपर किंग्स और चेंप्लास्ट सनमर द्वारा मुझे दिए गए मौकों के लिए उनका आभारी हूं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं क्रिकेट की दुनिया में और उसके व्यावसायिक पक्ष में नए अवसर तलाशता रहूंगा।

सीमित ओवर क्रिकेट में विजय का बल्ला जमकर नहीं बोल सका, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने कई यादगार पारियां खेलीं। अपने दूसरे टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ 87 रन बनाकर विजय ने एकादश में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके बाद उन्होंने अक्टूबर 2010 में भी एक शतक जड़ा, लेकिन लगातार प्रदर्शन न करने के कारण उन्हें टीम से बाहर बैठा दिया गया। उन्हें 2013 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए एक बार फिर टीम में तलब किया गया। उन्होंने टीम प्रबंधन के भरोसे का मान रखते हुए चार टेस्ट मैचों में दो विशाल शतक जड़े।

विजय ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के दौरों पर भी कुछ अच्छी पारियां खेलीं, लेकिन 2018 में रनों का सूखा पड़ने के कारण उन्हें आखिरी बार टीम से बाहर कर दिया गया। विजय ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 106 पारियों में 2619 रन बनाए, जिसमें दो शतक और 13 अर्द्धशतक शामिल रहे। आईपीएल में उनका सबसे यादगार साल 2011 रहा जब उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए अपने दोनों शतक जड़े और फाइनल में 95 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।