Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 392 -
होम ब्लॉग पेज 392

NWR अजमेर मंडल पर 74वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन

0

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल पर 26 जनवरी को 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य आयोजन एडीएसए स्पोर्ट्स ग्राऊन्ड में किया गया। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ ने ध्वजारोहण किया। समारोह के दौरान परेड, महाप्रबंधक के गणतंत्र दिवस सन्देश का वाचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा वृक्षारोपण का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति अनूप शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अरुणांशु सरकार सहित मण्डल के अधिकारी व कर्मचारी, महिला कल्याण संगठन तथा मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे। मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों व कार्यालयों पर भी ध्वजारोहण व संस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा गणतंत्र दिवस मनाया गया।

पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन

गणतंत्र दिवस के अवसर पर अजमेर रेल म्यूजियम के प्रांगण में विधार्थियों के लिए एक पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय भारतीय रेल और हम रखा गया था। जिसमें विद्यार्थियों के दो ग्रुप बनाए गए थे। प्रथम ग्रुप 6 से 10 वर्ष और द्वितीय ग्रुप 11 से 15 वर्ष के कुल 94 विद्यार्थियों ने आकर्षक पेंटिंग बनाई। जिसमें, स्टेशन प्लेटफार्म, मेट्रो रेल, भाप इंजिन, टूरिस्ट ट्रेन व बुलेट ट्रेन की पेंटिंग शामिल थी। विजेता विधार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

आकर्षण का केन्द्र बना रेल म्यूजियम

सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल के सामने नसीराबाद रोड पर स्थित रेल म्यूजियम अजमेर के लिए नया पर्यटन स्थल बन चुका है। इसमें 1853 से लेकर वर्तमान तक रेल का इतिहास संजोकर रखा गया है। रेल के इतिहास और विकास को जानने के लिए म्यूजियम हर उम्र के लोगों के लिए ज्ञान वर्धन का स्त्रोत बन गया है। खासकर बच्चों के लिए म्यूजियम में बहुत कुछ है जो थ्योरी के अलावा उन्हें प्रैक्टिकल ज्ञान भी देता है जिससे उनकी रूचि और बढ़ती है।

अजमेर के रेल म्यूजियम में कई मॉडल, मशीन, इंजन, घड़ियां सहित विभिन्न उपकरण उपलब्ध है। पूरे म्यूजियम में घूमने और जानकारी हासिल करने में करीब एक से डेढ़ घंटे का वक्त लगता है। म्यूजियम में बच्चों का सबसे आकर्षण का केंद्र टॉय ट्रेन है साथ ही झूले भी लगाए गए हैं। रेल और स्वतंत्रता आंदोलन, प्रिंटिंग प्रेस, टिकट विंडो, रेलवे ट्रैक में समय के साथ हुए बदलाव, उपकरण, तिजोरियां, क्रोकरी, रेलवे स्टेशन, सिग्नल संचार माध्यम, टिकट व्यवस्था, मीटर गेज, ब्रॉड गेज, नैरो गेज, ट्रेक और कई महत्वपूर्ण जानकारी म्यूजियम में उपलब्ध है।

म्यूजियम के भीतर ही एक प्रोजेक्टर कक्ष भी है जहां आगंतुकों को विजुअल और वॉइस ओवर के माध्यम से रेल के इतिहास और विकास की जानकारी दी जाती है। म्यूजियम में मॉडल, फोटो और उपकरणों एवं स्टीम इंजन के माध्यम से जानकारी दी जाती हैं वही इन जानकारियों को उचित तरीके से बताने के लिए मॉडल में बटन भी लगाए गए हैं जिन्हें बच्चे खुद चला कर देख पाते हैं। इससे रेल को जानने में उनकी उत्सुकता और बढ़ती है। इसके अलावा हेरिटेज सेक्शन को भी म्यूजियम में दर्शाया गया है।

गणतंत्र दिवस पर अजमेर में अनेक स्थानों पर झण्डारोहण

0

अजमेर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यालयों, संस्थाओं, स्कूलों समेत अनेक स्थानों पर झण्डारोहण किया गया।

राजस्थान लोकसेवा आयोग के अजमेर मुख्यालय पर आयोग अध्यक्ष संजय श्रोत्रिय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संविधान में निहित उच्च आदर्शों, मूल्यों एवं कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अजमेर डेयरी में अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के इस पवित्र मौके पर अजमेर डेयरी दूध एवं दूध उत्पादों की उच्च गुणवत्ता के लिए स्वयं को समर्पित करने की भावना रखती है।

संभागीय आयुक्त कार्यालय व माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में प्रशासक संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में सीएमडी एनएस निर्वाण, जिला परिषद में जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा, नगर निगम में महापौर बृजलता हाडा, कलेक्ट्रेट में कलक्टर अंशदीप, केंद्रीय विश्वविद्यालय बांदरसिंदरी में कुलपति, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में कुलपति अनिल शुक्ला, अजमेर विद्युत वितरण निगम में प्रबंध निदेशक एनएस निर्वाण ने तथा सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज उप निदेशक भानू प्रताप सिहं गुर्जर ने फहराया। आदि ने ध्वजारोहण कर धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया। अजमेर की विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया।

गणतंत्र दिवस : अजमेर में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने किया ध्वजारोहण

गणतंत्र दिवस : अजमेर में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने किया ध्वजारोहण

अजमेर में गणतंत्र दिवस पर सतीश कुमार सैनी समेत 64 सम्मानित

0

अजमेर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 64 व्यक्तियों को कृषि मंत्री लालचंद कटारिया व कलक्टर अंश दीप ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कलक्ट्रेट में संस्थापन शाखा के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सतीश कुमार सैनी को वित्तीय वर्ष प्रारंभ होते ही सभी पदों पर पदोन्नति आदेश जारी करवाना, कर्मचारियों के पदों के पुनर्गठन को निर्धारित समय पर संपादित करवाना, कार्मिकों को देयवार्षिक वेतन वृद्धि व स्थायीकरण आदेशों को बिना विलंब जारी करवाना, राज्य सरकार द्वारा निर्देशित लीव मोड्यूल एवं वार्षिक कार्य मूल्यांकन के आनलाइन मोड्यूल में भी विशेष रुचि लेकर सभी कार्मिकों को मार्गदर्शन प्रदान करना, संस्थापन शाखा को 100 प्रतिशत ई फाइल पोर्टल प्रारंभ कर अन्य शाखाओं को भी सहयोग प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया।

पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए इस बार इंडिया न्यूज के अजमेर ब्यूरो चीफ जावेद खान को जिला प्रशासन ​की ओर से सम्मानित किया गया।

इसी तरह महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के कार्यकर्ता हेमराज खारोलिया गोवंश में लिंपी रोग तथा आजादी के 150वें वर्ष में साथ ही अमृत महोत्सव में पूरी लगन, निष्ठा व मेहनत के साथ कार्य क​रने के लिए सम्मानित किया गया।

जिला स्तर पर बेहतरीन कार्य करने वाले आशाओं को भी पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए। करकेड़ी की सजना देवी प्रजापत को तृतीय स्थान पर 2 हजार, सराधना की गीता को द्वितीय स्थान पर 3 हजार तथा सराधना की जनता बानो को प्रथम स्थान पर 5 हजार रूपए का पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में वैशालीनगर की पदमा ने प्रथम, कोटड़ा की निर्मला ने द्वितीय तथा सीमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन्हें भी नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

गणतंत्र दिवस : अजमेर में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने किया ध्वजारोहण

गणतंत्र दिवस : अजमेर में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने किया ध्वजारोहण

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के पुलिस लाइन स्थित नव विकसित मैदान पर आज 74वें गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया तथा मार्चपास्ट की सलामी ली।

कटारिया ने राज्यपाल संदेश के पठन के बाद स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान तथा खेलकूद, सामाजिक तथा सरकारी क्षेत्र में काम करने वाली 67 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। समारोह में स्कूली बच्चों ने लोक नृत्य, सामूहिक नृत्य व शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। इस मौके पर एडीए, नगर निगम, चिकित्सा विभाग की झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों का किया सम्मान

जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता सेनानी श्री शोभाराम गहरवार का शॉल ओढाकर सम्मान किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन रामकली, चन्द्र अग्रवाल, विमला देवी, जानकी टी गोकलानी को भी सम्मानित किया गया।

पुलिस एवं होमगार्ड की प्लाटून ने की परेड

इस समारोह में परेड कमांडर जय सुल्तान सिंह के नेतृत्व में परेड की गई। सीआरपीएफ पुरूष प्लाटून का नेतृत्व प्लाटून कमाण्डर संदीप कुमार, राजस्थान पुलिस पुरूष प्लाटून का नेतृत्व उपनिरीक्षक महादेव सिंह, राजस्थान पुलिस महिला प्लाटून का नेतृत्व उपनिरीक्षक समजीदा बानो, होमगार्ड पुरूष प्लाटून का नेतृत्व प्लाटून कमाण्डर धर्मी चन्द्र, होमगार्ड महिला प्लाटून का नेतृत्व विकास ओजवानी,एनसीसी आर्मी विंग का नेतृत्व आसीम खान, एनसीसी नेवी विंग का नेतृत्व कृष्णवीर सिंह तथा राष्ट्रीय मिलट्री स्कूल का नेतृत्व विपन राज ने किया।

बैंड वादन से हुआ वातावरण देश भक्ति पूर्ण

समारोह में राजस्थान पुलिस के बैंड ने अशोक कुमार थापा के निर्देशन में देशभक्ति पूर्ण धुनें प्रस्तुत की। केन्द्रीय कारागृह के बंदी बैण्ड का नेतृत्व महेन्द्र जैन, गुरूकुल पब्लिक स्कूल का नेतृत्व हर्ष सोनी, हरी सुन्दर बालिका स्कूल का नेतृत्व खुशी, द्रोपदी देवी स्कूल का नेतृत्व रेशमा तथा सेण्ट स्टीफन स्कूल का नेतृत्व ओजस्वी ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समां बांधा

जिला स्तरीय समारोह में शिक्षा विभाग के द्वारा पारंपरिक लोक रचनाओं पर समूह नृत्य समुच्च प्रस्तुत किया गया। उनकी प्रस्तुति आवोनी पधारो म्हारे देश तथा तालरिया मगरिया को भरपूर सरहाना मिली। इसके प्रभारी डॉ. शारदा देवडा थी। इसका संयोजन जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार जोशी द्वारा किया गया था। इसमें सावित्री बालिका विद्यालय, केन्द्रीय बालिका विद्यालय, द्रोपदी देवी विद्यालय, मॉडल बालिका विद्यालय, अग्रसेन स्कूल, हरी सुंदर बालिका विद्यालय तथा एचकेएच स्कूल के 216 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विद्यार्थियों ने किया व्यायाम प्रदर्शन

समारोह के दौरान अजमेर शहर के 14 विद्यालयों के 396 विद्यार्थियों ने व्यायाम का प्रदर्शन किया। इसका निर्देशन जसवंत सिंह ने किया था। इसके माध्यम से उत्तम स्वास्थ्य का संदेश दिया गया।

11 झांकियों ने दिया जागरूकता का संदेश

गणतंत्र दिवस के अवसर पर 11 विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इनमें अजमेर विकास प्राधिकरण की झांकी प्रथम, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा स्मार्ट सिटी की झांकी द्वितीय और कृषि विभाग की झांकी तृतीय स्थान पर रही। इसके अतिरिक्त सिविल डिफेंस, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, वन विभाग, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान तथा जिला परिषद की झांकियों ने भी जनजागरूकता के संदेश प्रदान किए।

इन्हें किया गया सम्मानित

जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 64 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर बेहतरीन कार्य करने वाले आशाओं को भी पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए। करकेड़ी की सजना देवी प्रजापत को तृतीय स्थान पर 2 हजार, सराधना की गीता को द्वितीय स्थान पर 3 हजार तथा सराधना की जनता बानो को प्रथम स्थान पर 5 हजार रूपए का पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में वैशालीनगर की पदमा ने प्रथम, कोटड़ा की निर्मला ने द्वितीय तथा सीमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन्हें भी नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, वासुदेव देवनानी एवं अनिता भदेल, महापौर बृजलता हाडा, उप महापौर नीरज जैन, राजस्व मण्डल के सदस्य सीआर मीणा, संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, पुलिस महानिरीक्षक रूपिन्दर सिंघ, कलक्टर अंश दीप, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, प्रशिक्षु आईपीएस सुमीत मेहरडा, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त गजेन्द्र सिंह राठौड़, उपवन संरक्षक सुनिल चिद्री, पूर्व मेयर कमल बाकोलिया, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, महेन्द्र सिंह रलावता और विजय जैन सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

गणतंत्र दिवस : कर्त्तव्य पथ पर दुनिया ने देखी भारत की अपार सैन्य शक्ति

नई दिल्ली। 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर गुरुवार को कर्त्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य समारोह के दौरान दुनिया भारत के अपार सैन्य शौर्य की साक्षी बनी।

परेड की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक गए और वहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद परंपरा के अनुसार राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद तिरंगे को 21 तोपों की सलामी दी गई। इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर 25 पाउंडर पुरानी तोपों की बजाय नए 105 एमएम इंडियन फिल्ड गन से राष्ट्रीय ध्वज को 21 तोपों की सलामी दी गई। यह फैसला सरकार की मेक इन इंडिया पहल को और आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लिया है।

परेड की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी देने के साथ हुई। परेड की कमान दूसरी पीढ़ी के सैन्य अधिकारी परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ सम्भाल रहे थे। वहीं दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल भवनीश कुमार परेड के सेकेंड-इन-कमांड थे। सर्वोच्च वीरता पुरस्कारों के गौरवशाली विजेता उनका अनुसरण कर रहे थे। इनमें परमवीर चक्र और अशोक चक्र के विजेता शामिल थे।

परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर (मानद कप्तान) बाना सिंह, 8 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री (सेवानिवृत्त), सूबेदार मेजर (मानद कप्तान) योगेंद्र सिंह यादव, 18 ग्रेनेडियर्स (सेवानिवृत्त), सूबेदार (मानद लेफ्टिनेंट) संजय कुमार, 13 जेएके राइफल्स और अशोक चक्र विजेता मेजर जनरल सीए पीठावाला (सेवानिवृत्त), कर्नल डी श्रीराम कुमार और लेफ्टिनेंट कर्नल जस राम सिंह (सेवानिवृत्त) जीप पर उप परेड कमांडर के पीछे सवार थे।

गौरतलब है कि परम वीर चक्र शत्रु के सामने बहादुरी और आत्म-बलिदान के सबसे विशिष्ट कार्य के लिए प्रदान किया जाता है, जबकि अशोक चक्र युद्ध भूमि के अलावा शांति काल में वीरता और आत्म-बलिदान के ऐसे ही कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है।

गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्त्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में पहली बार कर्नल महमूद मोहम्मद अब्देल फत्तेह एल खारासावी के नेतृत्व में मिस्र के सशस्त्र बलों का संयुक्त बैंड और मार्चिंग दस्ता शामिल हुआ। इस दल में 144 सैनिक शामिल थे, जो मिस्र के सशस्त्र बलों की मुख्य शाखाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

कर्त्तव्य पथ पर 61 कैवलरी की वर्दी में पहली टुकड़ी का नेतृत्व कैप्टन रायज़ादा शौर्य बाली कर रहे थे। गौरतलब है कि 61 कैवलरी दुनिया में एकमात्र सेवारत सक्रिय हॉर्स कैवेलरी रेजिमेंट है, जिसमें सभी ‘स्टेट हॉर्स यूनिट्स’ का मिश्रण है। भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व 61 कैवेलरी के एक माउंटेड कॉलम, नौ मैकेनाइज्ड कॉलम, 6 मार्चिंग टुकड़ियों और आर्मी एविएशन कॉर्प्स के एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) द्वारा फ्लाई पास्ट से किया गया। इस दौरान मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन, नाग मिसाइल सिस्टम, बीएमपी-2 सारथ का पैदल सेना लड़ाकू वाहन, क्विक रिएक्शन फाइटिंग व्हीकल, के-9 वज्र-ट्रैक्ड सेल्फ-प्रोपेल्ड होवित्जर गन, ब्रह्मोस मिसाइल, 10 मीटर शॉर्ट स्पैन ब्रिज, मोबाइल माइक्रोवेव

नोड और मैकेनाइज्ड कॉलम में मोबाइल नेटवर्क सेंटर और आकाश (नई पीढ़ी के उपकरण) मुख्य आकर्षण रहे। वहीं, मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट, पंजाब रेजिमेंट, मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट, डोगरा रेजिमेंट, बिहार रेजिमेंट और गोरखा ब्रिगेड सहित सेना की कुल छह टुकड़ियाें ने सलामी मंच के समक्ष मार्च पास्ट किया।

इस बार के परेड का एक अन्य आकर्षण पूर्व सैनिकों की झांकी रही, जिसका थीम ‘टूवार्ड्स इंडियाज अमृत काल विद रिजॉल्यूशन- ए वेटरन्स कमिटमेंट’ था। इसमें पिछले 75 वर्ष में भारतीय सेना के जांबाजों के योगदान और ‘अमृत काल’ के दौरान भारत के भविष्य को आकार देने में उनकी पहल की एक झलक प्रस्तुत की गई।

भारतीय नौसेना दल में लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत के नेतृव में 144 युवा नाविक शामिल हुए। मार्च करने वाली टुकड़ी में पहली बार तीन महिलाएं और छह अग्निवीर शामिल हुए। इसके बाद नौसेना की झांकी निकाली गयी, जिसे ‘इंडियन नेवी – कॉम्बैट रेडी, क्रेडिबल, कोहेसिव एंड फ्यूचर प्रूफ’ थीम पर डिजाइन किया गया था। इसके तहत भारतीय नौसेना की बहु-आयामी क्षमताओं, नारी शक्ति और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित संपत्तियों को प्रदर्शित किया गया। परेड के अगले हिस्से में डोर्नियर विमान के महिला चालक दल ने अपने करतब दिखाए।

झांकी के मुख्य भाग में नौसेना की ‘मेक इन इंडिया’ पहल को प्रदर्शित किया। इसके तहत समुद्री कमांडो तैनात ध्रुव हेलिकॉप्टर के साथ नए स्वदेशी नीलगिरी वर्ग के जहाज का एक मॉडल था। किनारों पर स्वदेशी कलवारी श्रेणी की पनडुब्बियों के मॉडल दिखाए गए। झांकी के पिछले भाग में आईडीईएक्स -स्प्रिंट चैलेंज के तहत स्वदेशी रूप से विकसित की जा रही स्वायत्त मानव रहित प्रणालियों के मॉडल प्रदर्शित किया गया।

भारतीय वायु सेना की टुकड़ी में 144 वायु योद्धा और चार अधिकारी शामिल थे और इसका नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर सिंधु रेड्डी ने किया। वायु सेना की झांकी, ‘सीमाओं से परे भारतीय वायु सेना की शक्ति’ विषय पर आधारित थी, जो एक घूमते हुए ग्लोब को प्रदर्शित कर रही थी। इसका मकसद भारतीय वायुसेना की विस्तारित पहुंच को उजागर करना और यह बताना था कि भारतीय वायु सेना सीमाओं के पार मानवीय सहायता प्रदान करने में सक्षम रही है। साथ ही मित्र देशों के साथ अभ्यास भी किया गया है।

इस दौरान लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस एमके- II, लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर ‘प्रचंड’, एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल एयरक्राफ्ट नेत्रा और सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट ने करतब दिखाए। झांकी में लेजर डेजिग्नेशन उपकरण और विशेषज्ञ हथियारों के साथ लड़ाकू गियर में गरुड़ की एक टीम ने भी हैरतअंगेज करतब दिखाए।

सबगुरु राशिफल : 26 जनवरी गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। माघ मास, शुक्ल पक्ष, पंचमी तिथि, वसन्त पंचमी पर्व, गणतंत्र दिवस, वार गुरुवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 10.28 बजे बाद षष्ठी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

प्रदर्शनी में मोदी सरकार ने इतिहास को लेकर दिखाई भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं से ज्यादा ईमानदारी

सबगुरु न्यूज-सिरोही। चुनावी भाषणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, टीवी डिबेट पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, सोशल मीडिया पर भाजपा की आईटी सेल इतिहास को लेकर चाहे जो जुबानी जमाखर्च करते हों।

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से ख्वाजा की दरगाह में चादर पेश की

0

अजमेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से आज अजमेर में ख्वाजा गरीब नवाज के 811 वें सालाना उर्स के मुबारक मौके मखमली चादर एवं अकीदत के फूल पेश कर देश में खुशहाली एवं स्मृद्दी की कामना की गई।

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी प्रधानमंत्री मोदी की चादर लेकर अजमेर सर्किट हाउस पहुंचे जहां स्थानीय भाजपाईयों ने स्वागत व अगवानी की। यहां से दरगाह शरीफ पहुंचकर गरीब नवाज की मजार पर चादर चढाई।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गरीब नवाज द्वारा की गई मानवता की सेवा निरंतर पीडियों तक प्रेरणा देता रहेगा। प्रेम सौहार्द और बंधुत्व का संदेश देने वाले महान सूफी संत को वार्षिक उर्स पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता हमारे देश की खूबसूरती है सालाना उर्स विभिन्न मान्यता एवं आस्था के लोगों द्वारा इसी भावना के साथ यहा शिरकत कर रहे है।

उन्होने आजादी के अमृत कालखंड का जिक्र करते कहा कि देश सामूहिक सामार्थय के जरिये प्रगति की नई ऊचाईयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने उर्स में भाग ले रहे जायरीनों को शुभकामना भी दी।

सूरत में नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़

सूरत। गुजरात में सूरत जिले के कामरेज क्षेत्र में एक घर से 13 लाख रुपए से अधिक कीमत का नकली बनाने का सामान और संदिग्ध घी बरामद किया गया।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि सूचना के आधार पर मांकणा गांव में स्वर्ग सोसायटी के एक मकान पर छापा मारा गया। इस दौरान वहां से व्रज वाटीका लेबल लगे और बिना लेबल के संदिग्ध घी के लगभग 15 किलोग्राम के 69 डिब्बे तथा अलग-अलग ब्रांड के 100,200 और 500 मिली के घी भरे डिब्बे, प्लास्टिक के खाली केन, घी गर्म करने का सामान, गैस का चूल्हा, गैस सिलेंडर, एक फिल्टर मशीन सहित कुल 13,42,713 रुपए कीमत का सामान जब्त करके इसकी सूचना फूड ऐन्ड ड्रग्स विभाग को दे दी गई।

उन्होंने कहा कि वहां काम कर रहे महेशभाई भी. बगीया (31) ने पूछताछ में बताया कि वह उसके शेठ प्रितेशभाई दि. गवेरीया और रविभाई गो. कणथिया के लिए इस मकान में काम करता है। वह यहां पाम तेल को गर्म करके अलग-अलग फ्लेवर मिलाकर घी बनाता है और घी को डिब्बों में भर कर पैकिंग करने का काम करता है और उसका शेठ घी व्रज वाटिका फुड प्रोडक्ट के नाम से अलअ-अलग स्टीकर लगाकर बाजार में बेचता है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खेत से 18 लाख की अवैध शराब बरामद

सूरत जिले के कामरेज क्षेत्र में एक खेत से 18 लाख रुपये से अधिक कीमत की अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने बुधवार को बताया कि सूचना के आधार पर कठोदरा गांव में एक गन्ने के खेत पर बीती देर रात छापा मारा गया। इस दौरान वहां से 300 बॉक्स में शराब की 3600 बोतलें जब्त करके एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। जबकि छह अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

जब्त शराब की कीमत 18,94,800 रुपए आंकी गयी है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान कठोदरा निवासी सनी उर्फ काणु रा. राठोड (22) के रूप में की गई है। उसकी कोरोना जांच करवाई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज करके इस सिलसिले में फरार अन्य छह लोगों को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

अशोक गहलोत की ओर से गरीब नवाज की बारगाह में चादर पेश

अजमेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से आज अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के 811वें सालाना उर्स के मुबारक मौके पर गरीब नवाज की बारगाह में मखमली चादर एवं अकीदत के फूल पेश किए गए।

राजस्थान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ खानूखान बुधवाली मुख्यमंत्री की चादर लेकर अजमेर शरीफ पहुंचे और दरगाह पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ तथा पूर्व विधायक हाजी कय्यूम खान के साथ चादर पेश की।

अजमेर दरगाह में चादर पेश होने के बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने अपने संदेश में कहा कि हिंदुस्तान की सरजमीं को गरीब नवाज जैसे औलियाओं ने हमेशा खुदाई खिदमत और रुहानी तालिमात से दुनिया को बेहतरीन पैगाम दिया। उन्होंने समाज के कमजोर, गरीब, तथा बेसहारा लोगों की खिदमत के साथ साथ आपसी भाईचारा, मुल्क की बहबूदी और परवरदिगार की इबादत करने पर जोर दिया।

गहलोत ने अपने संदेश में कहा कि आज के दौर में जब मजहब के नाम पर समाज को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है तब ख्वाजा गरीब नवाज का कौमी एकता का पैगाम और ज्यादा प्रासंगिक व अच्छा संदेश देने वाला हो जाता है। उन्होंने गरीब नवाज के प्रति अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि आस्ताना पर न सिर्फ हिंदुस्तान व बल्कि दुनिया के अन्य मुल्कों से भी विभिन्न मजहबों के जायरीन तशरीफ़ लाते हैं और मन्नत की मुराद पाते हैं।

गहलोत ने गरीब नवाज के उर्स मे आने वाले तमाम जायरीनों से उम्मीद की कि वे ख्वाजा साहब की रुहानी तालिमात हासिल कर अमन चैन, खुशहाली और भाईचारे का पैगाम दूर दूर तक फैलाएंगे। अंजुमन के पूर्व सचिव एवं खादिम सैयद वाहिद अंगारा चिश्ती ने चादर पेश कराई।