Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 394 -
होम ब्लॉग पेज 394

एक फैमिली पार्टी के रूप में बन चुकी है कांग्रेस की पहचान : जेपी नड्डा

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा को मजबूत एवं एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी बताते हुए कहा है कि कांग्रेस पूरी तरह खत्म हो चुकी है और उसकी एक फैमिली पार्टी के रूप में पहचान बन चुकी है।

नड्डा आज यहां भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में प्रजातंत्र है और हम प्रजातांत्रिक तरीके से काडर की मजबूती के लिए कार्य करते हैं, भाजपा एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है बाकी सभी पार्टियां फैमिली पार्टी बनकर रह गई हैं, कांग्रेस पूरी तरह खत्म हो चुकी है, एक फैमिली की पार्टी के रूप में कांग्रेस की पहचान बन चुकी है, रीजनल पार्टियां भी फैमिली पार्टी बन कर रह गई हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि मानवीय पहलू के साथ सामाजिक सरोकारों के लिए भी काम करने वाली पार्टी हैं और पार्टी की सामाजिक शक्ल पूरे भारतवर्ष ने और पूरी दुनिया ने कोरोना काल में देखी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 2023 में भाजपा की तीन चौथाई बहुमत की राजस्थान में सरकार बनेगी और बार-बार भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने भाजपा राजस्थान इकाई द्वारा जन आक्रोश यात्रा और जन आक्रोश सभाओं के सफल आयोजन के लिए प्रदेश नेतृत्व और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस मिशन को और ऐसे अभियानों की हमें निरंतरता बनाए रखनी होगी। उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकारी पर उसके शासन में राजस्थान के बदतर हालात होने का आरोप लगाते हूए कहा कि राज्य में महिला अपराध, दलित अपराध, साइबर अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, बिजली, पेट्रोल डीजल के दामों में भी कांग्रेस सरकार के शासन में निरंतर बढ़ोतरी से प्रदेश का आमजन परेशान है।

उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी को राजस्थान में मजबूत करने में सुंदर सिंह भंडारी, भैरों सिंह शेखावत, भंवरलाल शर्मा, ललित किशोर चतुर्वेदी के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने राजस्थानी साफा और पार्टी का दुपट्टा पहनाकर नड्डा का स्वागत किया।

इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, कोर कमेटी सदस्य सीपी जोशी, कनकमल कटारा, राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड इत्यादि सहित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मौजूद थे।

ब्रह्मलीन संत हिरदाराम साहिब दर्शन पर लिखित पुस्तक़ का विमोचन

अजमेर। सिंधी समाज महासमिति अजमेर के तत्वावधान में ब्रह्मलीन संत हिरदाराम साहिब दर्शन पर बैरागढ़ भोपाल के निवासी आसुदो छबलदास लच्छवाणी द्वारा लिखित पुस्तक मानव सेवा ही माधव सेवा का विमोचन समारोह स्वामी काॅम्पलेक्स के रसोई बेनकाॅट हाॅल में आयोजित किया गया।

पुस्तक के विमोचन समारोह में स्वामी हिरदाराम साहिब के परम शिष्य व पुष्कर स्थित श्री शातांराम उदासीन आश्रम के महंत हनुमानराम उदासीन ने अपने प्रवचन में कहा कि कर्म तभी अच्छे होते है जो कर्म में धर्म में शामिल होता है वृक्ष कितना भी बड़ा हो महत्व नींव का होता है और लेखक ने नींव का कार्य किया है, आने वाले समय में मानव ही माधव सेवा है पुस्तक का महत्व आने वाली पीढ़ी को मिलेगा।

मानव काम करता रहे, फल की इच्छा न रखे, फल की इच्छा की पूर्ति नहीं होने पर व्यक्ति बड़ा दुःखी होता है स्वामी जी के साथ बिताये पलों के बारे में बताया जहां से कलम लिखना शुरू करें और कलम का जहां पर अंत हो वहां से स्वामी जी की जीवनी शुरू होती है। सेवा व सिमरन करने से प्रभु की भक्ति होती है।

लेखक आसुदो छबलदास लछवाणी ने पुस्तक की परिकल्पना से साकार होने तक की यात्रा के बारे में बताया उन्होंने कहा कि संत लीलाशाह दर्शन किताब पढ़ने के बाद मेरे मन में आया कि ऐसी किताब मेरे हिरदाराम साहिब पर पर भी होनी चाहिए उन्होंने कहा कि संत भगवान से भी बड़े होते हैं साथ ही उन्होंने कहा कि भाषा मेरी है विचार उनके हैं यह किताब नहीं है यह ग्रंथ है। एडीए के पूर्व चेयरमैन शिव शंकर हेड़ा ने पुस्तक को सहयोग करने वालों का धन्यवाद देते हुए कहा कि स्वामी जी ने अपना पूरा जीवन सेवा में दिया और आज हर व्यक्ति उनके प्रति नतमस्तक है।

महासमिति के अध्यक्ष कंवल प्रकाश किशनानी बताया कि स्वामी हिरदाराम साहिब से प्रेरणा लेकर देशभर के 96 अनुयाईयों ने जो स्वामीजी का जीवन दर्शन पर लिखी गई आने वाली पीढ़ी के लिए शोध का विषय रहेगा।

सिंधी सेन्ट्रल पंचायत के महासचिव गिरधर तेजवानी ने लेखक आंसूदो छबलदास लछवाणी का संपूर्ण परिचय दिया व स्वामी हिरदाराम जी साहिब के जीवन से प्रेरणा लेकर लिखी गई किताब लोगों को उनके चमत्कारों की जानकारी उपलब्ध कराऐगी। संस्था के महामंत्री हरी चंन्दानी ने महा समिति के उद्देश्य व सामाजिक कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर साहित्यकार हरीश वर्यानी ने कहा कि बहुत पुण्य कमाए होंगे जो कि पुस्तक के रूप में स्वामी हिरदाराम जी का आशीर्वाद मिल रहा है इधर आम साहिब के लिए मन में श्रद्धा के भाव अपने आप ही आ जाते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीशांत आनंद उदासीन आश्रम के महंत हनुमान राम, सांई बाबा मंदिर के ट्रस्टी महेश तेजवानी, रामचन्द्र गुलाबबानी द्वारा स्वामी हिरदाराम साहिब की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया व कार्यक्रम का संचालन प्रेम केवलरामानी ने किया। अंत में धन्यवाद महेन्द्र कुमार तीर्थानी ने किया।

इस अवसर पर भगवान कलवानी, सम्मान सिंह, राजकुमार, नवीन पारवानी, चन्द्र बालानी, मोहन चैलानी, मोहन लालवानी, दीपक साधवानी, भगवान साधवानी, हरीश टेकचंदानी, अशोक रंगवानी, दिनेश पारदासनी, जोधा टेकचंदानी, रमेश टिलवानी, किशनचंद रेवाणी, हरीराम कोडवानी, नरेश रंगवानी, डाॅ. नरेश चेतन भम्भानी, राजेश वासवानी, सुरेश केवलरमानी, बलराम हरलानी, रमेश लालवानी, श्वेता शर्मा, तुलसी सोनी, सीताराम बच्चानी, मनोहर मोटवानी भगवान वरलानी, मोहन कुमार तुलसानी, नितिन आयदानी, धीरज धनवानी, अमित केवलरमानी, डाॅ. भरत छबलानी, जसवंत गिदवानी, प्रकाश मूलचंदानी देवीदास, हर्षा निलानी, रमेश रमानी, भारती, मीना, पुनित भार्गव उपस्थित थे।

जीवन का एक-एक क्षण राष्ट्र निर्माण में लगाएं युवा : शेखावत

जयपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत को विकसित देश बनाने के लिए युवा अपने जीवन का एक-एक क्षण राष्ट्र निर्माण में लगाएं।

शेखावत सोमवार को महारानी कॉलेज छात्रासंघ कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत जीत की तरफ आगे बढ़ रहा है। अभी आजादी का अमृतकाल चल रहा है। आगामी 25 साल में भारत विकसित भारत बन जाएगा। उन्होंने युवा शक्ति का आह्वान किया कि जिस प्रकार क्रिकेट के खेल में खिलाड़ी जीतने के लिए अंतिम बॉल तक संघर्ष करता है, उसी तरह आज के युवाओं को भी भारत को विकसित बनाने में अपना योगदान देना होगा।

उन्होंने कहा कि देश जब आजाद हुआ, तब के लोगों के पास देश को विकसित बनाने के लिए इतने अवसर नहीं थे, लेकिन आज की युवा पीढ़ी के पास भरपूर अवसर है। इन अवसरों का उपयोग देश को आगे बढ़ाने में कराना होगा। देश की आजादी के लिए अनेक लोगों ने समर्पण किया। बलिदान किया। आजादी के बाद आज जिस मुकाम पर देश खड़ा है। इस पर हमें गर्व है। आज पूरे विश्व में हमें भारतीय होने मेें गर्व महसूस होता है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश की आजादी के इस कालखंड में हमें इस बात का आंकलन करना चाहिए कि क्या हम स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान के साथ न्याय कर पाए। क्या हम उनके सपनों का भारत बना पाए। आज देश आजादी के 75 साल पूरे कर चुका है। आने वाले 25 साल में इसे पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाना है। आप जैसे युवाओं के पास अवसर है कि 25 साल के बाद जब भारत विकसित हो, तब आप अपने आप पर गर्व कर सकें कि हमने बलिदानियों को सपनों को पूरा किया है।

शेखावत ने कहा कि आज हमारा देश विकास के जिस रास्ते पर चल पड़ा है, उसे पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। भारत सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था है। आज दुनिया के सबसे ज्यादा यूनिकॉर्न स्टार्टअप भारत में है। आप में से कुछ लोग आने वाले समय में ऐसे मुकाम पर पहुंचेंगे, जिस पर आने वाले समय में देश के लोग गर्व कर सकेंगे।

नई शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी आज ऐसी शिक्षा नीति लाए हैं, जो इस देश के लिए, यहां के युवाओं के लिए अनुकूल है। नई शिक्षा नीति में विद्यार्थी की तार्किक और विवेचना की शक्ति पर जोर दिया गया। लेकिन गुलामी के दौर में ऐसी शिक्षा व्यवस्था आई थी, जिसमें हुकूमत के लिए अनुकूल चलने वाले लोग तैयार होने लगे। लेकिन हम सौभाग्यशाली है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति भारत के अनुकूल दी है।

उन्होंने कहा कि आज जरूरत देश के लिए बलिदान करने की नहीं, योगदान देने की है। आप यहां से ऐसा संकल्प लेकर जाएं कि भविष्य में जिस भी भूमिका में आप अपना कॅरियर निभाए बनाएंगे। उसमें पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करेंगे। अपना जीवन की पूरी ऊर्जा समर्थ, सशक्त और विकसित भारत बनाने में लगाएंगे। उन्होंने क्रिकेटर विराट कोहली के खेल का जिक्र करते हुए कहा कि वे जिस तरह मैच जीतने के लिए जिस तरह अंतिम बॉल तक संघर्ष करते हुए खेलते हैं, युवाओं को भी इससे प्रेरणा लेते हुए बिना किसी श्रेय की मंशा के अपना काम करते रहना चाहिए।

युवतियों को सेना में जाने की दी प्रेरणा

शेखावत ने छात्रासंघ अध्यक्ष मानसी वर्मा की माताजी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसके लिए उन्होंने कम उम्र में अपने पति को खो दिया और विपरीत परिस्थितियों में बच्चों को पढ़ाया। उनमें जीवन का उत्साह और आत्मबल का संचार किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सेना में भी अपना कॅरियर बनाने के लिए सोचना चाहिए। सेना में महिलाओं का अत्यधिक सम्मान है।

ब्रजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों की जांच के लिए निगरानी समिति गठित

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्लूएफआई) अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए विश्व चैंपियन एमसी मैरी काॅम के नेतृत्व में पांच सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया है।

केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि मैरी काॅम पांच सदस्यीय निगरानी समिति का नेतृत्व करेंगी जो डब्लूएफआई अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करेगी। यह समिति अगले एक महीने के लिए डब्लूएफआई के दिन-प्रतिदिन के मामलों को भी देखेगी जबकि ब्रजभूषण सिंह अध्यक्ष पद से दूर बनाएं रहेंगे।

खेल मंत्रालय ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि मंत्रालय ने प्रमुख खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए यौन दुराचार, उत्पीड़न, वित्तीय अनियमितताओं और प्रशासनिक चूक के आरोपों की जांच के लिए एक निरीक्षण समिति का गठन किया है। निरीक्षण समिति जांच के दौरान डब्ल्यूएफआई के दिन-प्रतिदिन के प्रशासन को भी संभालेगी।

ओवरसाइट कमेटी की अध्यक्षता खेल रत्न अवार्डी एमसी मैरी कॉम करेंगी। कमेटी में खेल रत्न अवार्डी योगेश्वर दत्त, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की कार्यकारी परिषद के ध्यानचंद अवार्डी तृप्ति मुर्गुंडे, सदस्य मिशन ओलंपिक सेल राधिका श्रीमन शामिल हैं। निगरानी समिति चार सप्ताह के भीतर जांच पूरी करेगी।

इसके अलावा, मंत्रालय ने डब्ल्यूएफआई की कार्यकारी समिति को तत्काल प्रभाव से संघ की दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों के प्रबंधन से दूर रहने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि विनेश फोगट, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और रवि दहिया समेत देश के कुछ शीर्ष पहलवानों के डब्ल्यूएफआई और ब्रजभूषण सिंह के खिलाफ तीन दिवसीय धरने के बाद शनिवार को ठाकुर ने समिति बनाने का फैसला किया था।

हरियाणा के पांच युवकों की राजस्थान में सड़क हादसे में मौत

फतेहाबाद। हरियाणा में फतेहाबाद जिले के गांव भूथनकलां के पांच युवकों की रविवार रात राजस्थान के सीकर जिले के पास एक हादसे में मौत हो गई।

ये सभी युवक गांव से कार में सालासर और खाटू श्याम धाम में धोक मारने जा रहे थे। फतेहपुर के पास उनकी कार ट्राले से जा टकराई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

अजय कुमार, अमित, संदीप, मोहनलाल और संदीप सिंह धोक देने के लिए गए थे। जयसिंह निवासी पांडरी की ढाणी भूथनकलां गांव में पड़ती है। ये सभी मित्र थे। मृतकों के परिजन सूचना मिलते ही सीकर रवाना के लिए रवाना हो गए।

नेताजी सुभाष को आजादी के बाद भुला देने का प्रयास हुआ : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस को आज़ादी के बाद भुला देने का प्रयास हुआ लेकिन अब देश उन्हें हर पल याद कर रहा है।

मोदी ने स्वाधीनता की लड़ाई में नेता जी के योगदान, उपलब्धियों और बलिदान की याद को सदैव ताजा रखने के लिए पिछले आठ साल में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज नेताजी सुभाष की जन्म जयंती है, देश पराक्रम दिवस के रूप में इस प्रेरणा दिवस को मनाता है। मोदी ने नेताजीकी जयंती पर अंडमान निकोबार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में वीडियो काँफ्रेंसिंग सुविधा के जरिए भाग लेते हुए परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के 21 द्वीपों का नामकरण किया।

मोदी ने कहा कि आज 21वीं सदी का ये समय देख रहा है कि कैसे जिन नेताजी सुभाष को आजादी के बाद भुला देने का प्रयास हुआ, आज देश उन्हीं नेताजी को पल-पल याद कर रहा है। अंडमान में जिस जगह नेताजी ने सबसे पहले तिरंगा फहराया था, वहां आज गगन-चुम्बी तिरंगा आज़ाद हिन्द फ़ौज़ के पराक्रम का गुणगान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बीते 8-9 वर्षों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े ऐसे कितने ही काम देश में हुये हैं, जिन्हें आज़ादी के तुरंत बाद से हो जाना चाहिए था। लेकिन उस समय नहीं हुआ।

अंडमान निकोबार द्वीप समूह के 21 द्वीपों का नामकरण मेजर सोमनाथ शर्मा, सूबेदार और कैप्टन (तत्कालीन लांस नायक) करम सिंह, पीरू सिंह, द्वितीय लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणे, नायक जदुनाथ सिंह, मेजर शैतान सिंह, कंपनी क्वार्टर मास्टर हवलदार अब्दुल हामिद, लेफ्टिनेंट कर्नल अर्देशिर बुर्जोरजी तारापोर, लांस नायक अल्बर्ट एक्का, मेजर होशियार सिंह, सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल, फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों, मेजर रामास्वामी परमेश्वरन, नायब सूबेदार बाना सिंह, कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज कुमार पांडेय , सूबेदार मेजर संजय कुमार और सूबेदार मेजर योगेंद्र सिंह यादव (सेवानिवृत्त)जैसे पराक्रमी वीर सैनिकों के नाम पर किया। करगिल युद्ध में ये दिल मांगे मोर का विजयघोष करने वाले कैप्टन बत्रा के नाम पर अंडमान में एक पहाड़ी भी समर्पित की गई।

मोदी ने नेताजी को समर्पित द्वीप पर बनने वाले स्मारक के मॉडल का भी अनावरण किया। उन्होंने जिन द्वीप पर नेताजी थे, वहाँ उनके जीवन और योगदानों को समर्पित एक प्रेरणास्थली स्मारक का भी शिलान्यास किया।

मोदी ने कहा कि नेताजी का ये स्मारक, शहीदों और वीर जवानों के नाम पर ये द्वीप, हमारे युवाओं के लिए, आने वाली पीढ़ियों के लिए एक चिरंतर प्रेरणा का स्थल बनेंगे। उन्होंने अंडमान निकोबार द्वीप समूह के लोगों को और सभी देशवासियों को इस अवसर पर बधाई दी तथा नेताजी सुभाष और परमवीर चक्र विजेता योद्धाओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

जिन 21 द्वीपों को आज नया नाम मिला है, उनके इस नामकरण में भी गंभीर संदेश छिपे हैं। ये संदेश है- ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना। ये संदेश है- ‘देश के लिए दिए गए बलिदान की अमरता का संदेश’। वयम् अमृतस्य पुत्रा। और, ये संदेश है- भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य और पराक्रम का संदेश।

कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित भाई शाह, अंडमान निकोबार के उप-राज्यपाल एडमिरल सेवानिवृत्त डीके जोशी, चीफ़ ऑफ डिफेंस स्टाफ़, तीनों सेनाओं के प्रमुख, भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक अंडमान एवं निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ, अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल तथा परम वीर चक्र विजेता वीर जवानों के परिवारों के सदस्य उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अंडमान के आसमान में पहली बार मुक्त तिरंगा फहरा था और इसी धरती पर पहली आज़ाद भारतीय सरकार का गठन हुआ था। इसी धरती पर वीर सावरकर और उनके जैसे अनगिनत वीरों ने देश के लिए तप, तितिक्षा और बलिदानों की पराकाष्ठा को छुआ था।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से, स्वतन्त्रता संग्राम की उन स्मृतियों की जगह अंडमान की पहचान को गुलामी की निशानियों से जोड़कर रखा गया था। हमारे आइलैंड्स के नामों तक में गुलामी की छाप थी, पहचान थी। मेरा सौभाग्य है कि चार-पांच साल पहले जब मैं पोर्ट ब्लेयर गया था तो वहां मुझे तीन मुख्य आइलैंड्स को भारतीय नाम देने का अवसर मिला था।

मोदी ने कहा कि अंडमान निकोबार द्वीप समूह का रॉस आइलैंड आज नेताजी सुभाषचंद्र बोस द्वीप बन चुका है। हेवलॉक और नील आइलैंड स्वराज और शहीद आइलैंड्स बन चुके हैं। दिलचस्प ये कि स्वराज और शहीद नाम तो खुद नेताजी का दिया हुआ था। इस नाम को भी आजादी के बाद महत्व नहीं दिया गया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अंडमान में नेताजी की याद में जो म्यूज़ियम और स्मारक बनने जा रहा है, वह अंडमान की यात्रा को और भी स्मरणीय बनाएगा। उन्होंने कहा कि अंडमान का सामर्थ्य बहुत बड़ा है, यहां पर अथाह अवसर हैं। हमें इन अवसरों को पहचानना है, हमें इस सामर्थ्य को जानना है। बीते 8 वर्षों में देश ने इस दिशा में लगातार प्रयास किए हैं। कोरोना के झटकों के बाद भी, पर्यटन क्षेत्र में अब इन प्रयासों के परिणाम दिखाई देने लगे हैं। 2014 में देश भर से जितने पर्यटक अंडमान आते थे, 2022 में उससे करीब-करीब दोगुने लोग यहां आए हैं।

मोदी ने कहा कि देश की पहले की सरकारों में, खासकर विकृत वैचारिक राजनीति के कारण दशकों से जो हीनभावना और आत्मविश्वास की कमी रही, उसके कारण देश के सामर्थ्य को हमेशा कमतर आंका गया। इसी सोच के चलते चाहे हमारे हिमालयी राज्य हों, विशेषकर पूर्वोत्तर के राज्य हों, या फिर अंडमान निकोबार जैसे समुद्री द्वीप क्षेत्र, इन्हें लेकर ये सोच रहती थी कि ये तो दूर-दराज के दुर्गम और अप्रासंगिक इलाके हैं।

उन्होंनेद कहा अब अंडमान में भी बाकी देश की तरह ही तेज इंटरनेट पहुंचने लगा है। डिजिटल पेमेंट और दूसरी डिजिटल सेवाओं का भी यहां तेजी से विस्तार हो रहा है। इसका भी बड़ा लाभ अंडमान आने-जाने वाले टूरिस्टों को हो रहा है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंडमान के द्वीपों का नाम वीर सैनिकों के नाम पर रख कर न केवल हमारी सेना के पराक्रमी जवानों को सम्मनित किया है बल्कि देश के युवाओं को देश सेवा के लिए हमेशा के लिए प्रेरित करने का कार्य किया है।

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर ने लाॅन्च किया नया स्मार्ट एक्टिवा

नई दिल्ली। दोपहिया उद्योग में नया इतिहास रचते हुए होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने पहले से भी स्मार्ट एवं अडवान्स्ड एक्टिवा 2023 को लॉन्च करने की आज घोषणा की जिसमें स्मार्ट की भी सुविधा दी गई है। इस स्कूटर का दिल्ली में शुरूआती एक्स शोरूम कीमत 74,536 रुपए है।

कंपनी ने कहा कि इसी के साथ एचएमएसआई ने अप्रैल 2023 की निर्धारित दिनांक से पहले ही अपने पहले ओबीडी2 कम्प्लायन्ट दोपहिया वाहन को बाज़ार में उतार दिया है। नए स्मार्ट एक्टिवा के लाॅन्च पर कंपनी के अध्यक्ष एवं सीईओ आत्सुशी ओगाता ने कहा कि एक्टिवा ने स्कूटर के बाज़ार को फिर से सक्रिय बनाया और पिछले एक दशक से भी अधिक समय से सबसे ज़्यादा बिकने वाला दोपहिया वाहन बना हुआ है।

इस दौरान एक्टिवा को कई अवतारों में बाज़ार में उतारा गया और यह हमेशा से हमारे उपभोक्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरा है। आज हम अपने उपभोक्ताओं को और भी बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए नए ओबीडी2 कम्प्लायन्ट एक्टिवा 2023 का अनावरण करने जा रहे हैं, जो सेगमेन्ट में पहली बार पेश किए गए कई फीचर्स से युक्त है।

कंपनी के विक्रय एवं विपणन के परिचालन अधिकारी योगेश माथुर ने कहा कि टेक्नोलाॅजी में सबसे आगे होने के नाते, एमएचएसआई हमेशा से उपभोक्ताओं के रोज़मर्रा के जीवन को आसान एवं सुविधाजनक बनाकर उन्हें संतोषजनक अनुभव प्रदान करती रही है।

इससे पहले भी एचएमएसआई को अपने प्रोडक्ट्स में तकनीकी इनोवेशन्स लाने के लिए जाना जाता है जैसे एन्हान्स्ड स्मार्ट पावर (ईएसपी) टेक्नोलाॅजी, डबल लिड एक्सटर्नल फ्यूल ओपनिंग सिस्टम और काॅम्बी ब्रेक सिस्टम (सीबीएस)। हम एक बार फिर से एक्टिवा 2023 में एक और ऐसा फीचर लेकर आए हैं जिसे दोपहिया सेगमेन्ट में पहली बार पेश किया गया है, यह फीचर है- होण्डा स्मार्ट की।

उन्होंने कहा कि होण्डा स्मार्ट को नए अडवान्स्ड एवं स्मार्ट एक्टिवा 2023 में पेश किया गया है। होण्डा स्मार्ट की सिस्टम में मौजूद आंसर बैक सिस्टम वाहन को आसानी से लोकेट करने में मदद करता है। जब होण्डा स्मार्ट की पर आंसर बैक बटन दबाया जाता है, तब स्कूटर को लोकेट करने के लिए सभी 4 विंक्र्स दो बार ब्लिंक करते हैं।

स्मार्ट की सिस्टम में एक नया टेक्नोलाॅजी फीचर है जिसके द्वारा बिना फिज़िकल की के भी स्कूटर को लाॅक और अनलाॅक किया जा सकता है। अगर एक्टिवेशन के बाद 20 सैकण्ड तक कोई एक्टिविटी नहीं होती है और स्कूटर ऑटोमेटिक रूप से डीएक्टिवेट हो जाता है। अगर स्मार्ट की वाहन से 2 मीटर की रेंज में है तो राइडर लाॅक मोड पर नाॅब को इग्निशन पाॅज़िशन में रोटेट कर तथा बिना चाबी के स्टार्ट बटन पुश कर वाहन को आसानी से स्टार्ट कर सकता है।

एक्टिवा 2023 मैप्ड स्मार्ट ईसीयू के साथ आता है, जो ईसीयू और स्मार्ट की के बीच इलेक्ट्राॅनिक मैचिंग द्वारा सिक्योरिटी डिवाइस के रूप में काम करता है, इस तरह वाहन चोरी से सुरक्षित रहता है। स्मार्ट की में एक इम्मोबिलाइज़र सिस्टम है, जिसके द्वारा नाॅन-रजिस्टर्ड की से इंजन स्टार्ट नहीं होता।

स्मार्ट की के साथ सिक्योर कनेक्शन न बनने पर इम्मोबिलाइज़र सिस्टम एक्टिवेट नहीं होता। टू-वे फंक्शनिंग स्विच को नीचे की तरफ दबा कर इंजन को स्टार्ट किया जा सकता है, यही स्विच उपर की ओर दबाने पर इंजन किल स्विच की तरह काम करता है।

एक्टिवा 2023 ओबीडी2 कम्प्लायन्ट है जो होण्डा के भरोसेमंद 110 सीसी पीजीएम-एफआई तथा एन्हान्स्ड स्मार्ट पावर (ईएसपी) के साथ आता है। एक्टिवा 2023 तीन वेरिएन्ट्स (स्टैण्डर्ड, डीलक्स और स्मार्ट) स्टैण्डर्ड, डीलक्स और स्मार्ट की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत क्रमश: 74,536 रुपए, 77,036 रुपए और 80,537 रुपए तक है।

गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रध्वज का अपमान न हो : हिन्दू जनजागृति समिति

राष्ट्रध्वज राष्ट्र की अस्मिता है। 26 जनवरी और 15 अगस्त को ये राष्ट्रध्वज अभिमान के साथ दिखाए जाते हैं परंतु उसी दिन ये कागज/प्लास्टिक के छोटे छोटे राष्ट्रध्वज सडकों, कचरे और नालियों में फटी हुई अवस्था में पड़े मिलते हैं। प्लास्टिक के ध्वज तुरंत नष्ट भी नहीं होते, इसलिए अनेक दिनों तक इन राष्ट्रध्वजों को अनादर सहना पडता है।

राष्ट्रध्वज का यह अनादर रोकने के लिए हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा मुंबई हाईकोर्ट में जनहित याचिका (103/2011) प्रविष्ट की गई थी। इस संबंध में सुनवाई करते हुए न्यायालय ने प्लास्टिक के राष्ट्रध्वज द्वारा होने वाला अपमान रोकने का आदेश सरकार को दिया था। उसके अनुसार केंद्रीय और राज्य गृह विभाग तथा शिक्षा विभाग ने इससे संबंधित परिपत्रक भी निकाला था। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भी प्लास्टिक बंदी का निर्णय लिया है। उसके अनुसार भी प्लास्टिक के राष्ट्रध्वजों का विक्रय करना असंवैधानिक है।

इस वर्ष दुकानों में तथा ई-कॉमर्स वेबसाइट पर तिरंगे के रंग के मास्क विक्रय होते हुए दिखाई दे रहे हैं। तिरंगे का मास्क उपयोग करने से राष्ट्रध्वज की पवित्रता भंग होती है। तिरंगा मास्क देश प्रेम के प्रदर्शन का माध्यम नहीं है, अपितु ध्वज संहिता के अनुसार राष्ट्रध्वज का इस प्रकार से उपयोग करना ध्वज का अपमान ही है। यह राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 का उल्लंघन है। इसलिए तिरंगे मास्क का विक्रय तथा उपयोग करने वालों पर अपराध प्रविष्ट किया जाना चाहिए।

हाईकोर्ट ने विशेषतः सरकार को राष्ट्रध्वज का अपमान रोकने के लिए कृति समिति की स्थापना करने तथा उसमें सामाजिक संस्थाओं को सम्मिलित करने के आदेश दिए हैं। इसमें प्लास्टिक के राष्ट्रध्वज द्वारा होने वाले अपमान रोकने के लिए विविध माध्यमों से जनजागृति करना अभिप्रेत है (उदा. पत्रक, फलक, विज्ञापनों द्वारा उद्बोधन)।

समिति गत 20 वर्षों से राष्ट्रध्वज के अपमान के विरुद्ध राष्ट्रीय कर्तव्य के रूप में उद्बोधन कर रही है। समिति द्वारा विद्यालय-महाविद्यालयों में व्याख्यान करना, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता आयोजित करना, हस्तपत्रक वितरित करना, भित्तीपत्रक – फ्लेक्स लगाना, स्थानीय केबल वाहिनियों पर ध्वनि चक्रिकाएं (सीडी) दिखाना, सडकों पर पड़े राष्ट्रध्वज एकत्रित करना, सामाजिक जालस्थलों द्वारा अभियान कार्यान्वित करना आदि उपक्रम कार्यान्वित किए जाते हैं। इसी प्रकार प्रत्येक भारतीय को इस राष्ट्र कार्य में अपना योगदान देने की आवश्यकता है ।

गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का राष्ट्रीय पर्व है। राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान, राष्ट्र का नक्शा (अर्थात मानबिंदु) हमारे राष्ट्रीय प्रतीक हैं। उनका सम्मान करना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है। कई जगहों पर हम राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान अथवा हमारे राष्ट्र के मानचित्र का अपमान होते हुए देखते हैं। हमारे राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना और उन्हें कहीं भी अपमानित होने से रोकना भी हमारी देशभक्ति ही है।

निम्नलिखित कार्य करने से निश्चित रूप से राष्ट्राभिमान को जगाने में सहायता होगी। –

1. ध्वज अपमान को रोकना
2. क्रांतिकारियों के चरित्रों का अध्ययन और उनके मूल्यों को व्यवहार में लाना
3. देशभक्ति गीतों का पाठ और समूहों में गायन
4. विद्यालय में संपूर्ण वंदे मातरम कहने के लिए प्रेरित करना
5. राष्ट्रगान का अपमान हो रहा है तो इसे रोकें
6. क्रांतिकारियों के जीवन पर आधारित सेमिनार तथा चर्चा सत्र का आयोजन
7. प्रतिज्ञा के अनुसार आचरण करना
8. क्रांतिकारियों और देशभक्तों के चित्रों की प्रदर्शनियों का आयोजन
9. स्वतंत्रता दिवस अथवा गणतंत्र -दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज के होने वाले अपमान को रोकना

जय हिंद! जय भारत!

आनंद जाखोटीया
हिन्दू जनजागृति समिति
संपर्क – 7021912805

सबगुरु राशिफल : 23 जनवरी सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। माघ मास, शुक्ल पक्ष, द्वितीया तिथि, शनि जयंती, वार सोमवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 06.43 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारंभ।

मेष :- आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आज व्यापार आदि संबंधित कार्यों के लिए भी लाभदायक दिन सिद्ध होगा। घर में कोई शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। निवेश से आर्थिक लाभ होने की पूरी संभावना है। दोपहर बाद स्वास्थ्य केे प्रति सजग रहें।

वृषभ :- आज का दिन मिला-जुला असर वाला रहेगा। कार्यक्षेत्र में आज आप किसी नई कार्य-योजना पर काम कर सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। व्यापारियों को फिलहाल यात्रा करने का लाभ नहीं होगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति हो सकती है।

मिथुन :- आज नकारात्मक विचारों को मन से दूर रखना हितकर रहेगा। खान-पान का ध्यान रखिएगा। इसके अलावा कोई अकारण का खर्च भी आज करना पड़ सकता है। किसी जरूरी काम से बाहर भी जाना पड़ सकता है। फिलहाल आपका धन का खर्च अधिक न हो, इसका ध्यान रखने की खास जरूरत है।

कर्क :- आज आपको अपने मन के सारे काम करने के पूरे अवसर प्राप्त होंगे। वहीं आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आज अचानक धन खर्च करना पड़ सकता है। नौकरी- व्यवसाय में परिस्थिति अनुकूल बनी रहेगी। अपने गुस्से को काबू में रखने का लाभ मिलेगा। फिलहाल किसी नए काम की शुरुआत मत करिए।

सिंह :- आज व्यापार विस्तार के लिए नई योजनाओं को अमल में ला सकते हैं। आज किसी अच्छे काम के लिए धन खर्च होगा। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। फिलहाल प्रबल लाभ के योग बन रहे हैं। आकस्मिक धन खर्च होगा। भागीदारों के साथ आंतरिक मतभेद हो सकते हैं। किसी नए कार्य की शुरुआत आज करने से बचें।

कन्या :- आज का दिन सुख व शांतिपूर्वक बीतेगा। श्रम के साथ-साथ कला के प्रति भी अभिरुचि बनी रहेगी। व्यापार के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। व्यवसाय व कार्यक्षेत्र में स्थिति आपके अनुकूल बनेगी और साथी कर्मचारियों का सहयोग भी प्राप्त होगा।

तुला :- आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। आपका स्वास्थ्य कुछ नरम बना रहेगा। परिवार या कार्यक्षेत्र में किसी से बड़ा वाद-विवाद हो सकता है। परंतु दोपहर बाद से आपकी स्थिति में सुधार आता जाएगा। वहीं आज आप किसी कलात्मक विधा के प्रति आर्कषित हो सकते हैं।

वृश्चिक :- आज संपत्ति संबंधित कार्यों में पूर्णतः सफलता प्राप्त होगी। भाई-बंधुओं का पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं सभी प्रतिस्पर्धी परास्त होंगे। परंतु दोपहर बाद से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्यावहारिक जीवन में अपयश मिलने की संभावना भी बनी हुई है। आज दिन खत्म होने तक कोई भारी धन हानि का भी योग बन रहा है।

धनु :- आज किसी करीबी की बात से मन दुख सकता है। वहीं स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। आज का दिन आध्यात्मिक प्रवृत्तियों के लिए बहुत अच्छा है। व्यवसाय में आर्थिक लाभ भी होगा। दोपहर बाद से सभी अधूरे काम पूरे होते नजर आएंगे। आज आपके शत्रु कमजोर रहेंगे। ईश्वर का ध्यान करें।

मकर :- आज धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में आज वृद्धि होगी। व्यापार में भी वातावरण अनुकूल बना रहेगा। आज आपके हर कार्य सरलता से पूर्ण होंगे। फिर भी दोपहर बाद से आपके विचारों में नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं। इससे हताशा बढ़ेगी। शेयर में निवेश का अच्छा लाभ मिलेगा।

कुंभ :- आज मिला-जुला दिन है। धार्मिक और सामाजिक कार्यों के पीछे अधिक धन खर्च होगा। करीबी लोगों के साथ वाद-विवाद से मन अशांत रहेगा। दोपहर बाद आज सभी कार्य सरलतापूर्वक पूरे होते नजर आएंगे। वहीं दफ्तर में आपके प्रभाव क्षेत्र में भी वृद्धि होगी। उच्च अधिकारियों की कृपादृष्टि आप पर बनी रहेगी।

मीन :- व्यावसायिक तथा अन्य क्षेत्रों में आज का दिन आप के लिए लाभप्रद रहेगा। किसी शुभ कार्य के आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। आस-पास के क्षेत्रों की यात्रा तथा मित्रों से उपहार आदि मिल सकते हैं। दोपहर बाद हर कार्य में कुछ सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यावसायिक कार्यों में सरकारी प्रभाव से काम बनते नजर आएंगे।

कोटा : जाली नोट छापने वाले गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी अरेस्ट

कोटा। राजस्थान में कोटा जिले के मण्डाना थाना पुलिस ने रविवार को जाली नोट छापने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि नाकाबंदी में ओमनी वैन में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जाली नोट छापने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इनके पास से 200 रुपये के चार जाली नोट, नोट छापने में प्रयुक्त रंगीन प्रिंटर व उच्च क्वालिटी के पेपर की दो रिम बरामद की गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी सुरेश कुमार गुर्जर (26) निवासी वार्ड नंबर 11 थाना सुकेत, मनीष चौधरी (21) निवासी बावड़ीखेड़ा थाना झालरापाटन तथा हुकम चंद गुर्जर (25) निवासी गिरधरपुरा थाना झालरापाटन को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार इन लोगों से पुलिस की टीम अनुसंधान कर रही है। पूछताछ में जाली नोट के बड़े गिरोह का खुलासा होने की संभावना है।