Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 398 -
होम ब्लॉग पेज 398

कांग्रेस सरकार का युवाओं के सुख दुख से कोई सराकार नहीं : सतीश पूनियां

भीलवाड़ा। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का युवाओं के सुख दुख से कोई सरोकार नहीं रह गया है।

प्रश्न पत्र लीक मामले में कांग्रेस नेता एक दूसरे पर ही आरोप प्रत्यारोप लगाकर क्या साबित करना चाह रहे हैं। यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि दो बड़े व्यक्ति है एक मुख्यमंत्री और एक पूर्व उप मुख्यमंत्री है। दोनों के बयानों में पेपर लीक मामले में विरोधाभाश है।

इससे यह समझ में आता है कि इनका राजस्थान की जनता से सुख दुख में कोई सरोकार नहीं है। एक तो कहते है कि अधिकारियों व नेताओं का कोई लेना नहीं है। दूसरे कहते है कि लीक कैसे हुआ। उन्हीं की पार्टी उन्हीं की सरकार वे प्रश्न किससे कर रहे हैं।

डा पूनियां ने कहा कि राजस्थान की जनता जानना चाहती है कि प्रश्न पत्र लीक क्यों हुआ, किसने किया और उनके क्या सजा दी गई। इस मामले में फोरी तौर पर सियासी बयान और दिखावे के अलावा कुछ नहीं किया गया है। डा पूनियां ने कहा कि राजस्थान के इतिहास में इससे बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना नहीं हो सकती है। इस पाप के लिए कांग्रेस को जितनी सजा दी जाए उतनी कम है।

वोट बैंक की राजनीति नहीं, विकास पर है हमारा ध्यान : मोदी

यादगीर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र की अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए गुरुवार को कहा कि उसका ध्यान केवल विकास पर है न कि वोट बैंक की राजनीति पर। मोदी ने यहां कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद कहा कि अगर देश का एक जिला भी विकास के मानकों पर पिछड़ जाता है, तो देश विकसित नहीं हो सकता।

उत्तर कर्नाटक में यादगीर का उदाहरण देते हुए मोदी ने विकास की राह में इस क्षेत्र के पिछड़ेपन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में क्षमता थी, लेकिन पिछली सरकारों ने यादगीर और ऐसे अन्य जिलों को पिछड़ा घोषित करके खुद को दोषमुक्त कर लिया था।

उन्होंने उस समय को याद किया जब पुरानी सरकारें वोट बैंक की राजनीति में लिप्त थीं और बिजली, सड़क और पानी जैसे बुनियादी ढांचे पर ध्यान नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर सबसे पिछड़े क्षेत्रों पर ध्यान दिया और यादगीर सहित सौ आकांक्षी गांवों के अभियान की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री ने इन क्षेत्रों में सुशासन और विकास पर जोर दिया और बताया कि यादगीर में 100 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण किया गया है, कुपोषित बच्चों की संख्या में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो या संपर्क, यादगीर का प्रदर्शन आकांक्षी जिलों के कार्यक्रम के शीर्ष 10 में से एक रहा है।

मोदी ने याद दिलाया कि आने वाले 25 साल देश के लिए और हर राज्य के लिए ‘अमृत काल’ हैं। उन्होंने कहा कि हमें इस अमृत काल में विकसित भारत बनाना है। यह तभी हो सकता है जब हर व्यक्ति, परिवार और राज्य इस अभियान से जुड़ें। भारत का विकास तभी हो सकता है, जब किसानों और उद्यमियों का जीवन सुधरे। भारत का विकास तभी हो सकता है, जब खेतों में अच्छी फसल हो और कारखानों में उत्पादन बढ़े।

उन्होंने कहा कि इसके लिए अतीत के नकारात्मक अनुभवों और खराब नीतियों से सीखने की जरूरत होगी। मोदी ने 21वीं सदी के भारत के विकास के लिए जल सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया जो सीमा, तटीय और आंतरिक सुरक्षा के ही समान है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में लंबित पड़ी 99 सिंचाई योजनाओं में से 50 पूर्ण हो चुकी हैं और योजनाओं का विस्तार किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भी ऐसी कई परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि 10,000 क्यूसेक की नहर क्षमता वाला नारायणपुर लेफ्ट बैंक कैनाल – एक्सटेंशन रिनोवेशन एंड मॉडर्नाइजेशन प्रोजेक्ट (एनएलबीसी-ईआरएफ) 4.5 लाख हेक्टेयर कमांड एरिया की सिंचाई कर सकता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सूक्ष्म सिंचाई और प्रति बूंद अधिक फसल पर अभूतपूर्व ध्यान देने पर चर्चा करते हुए कहा कि पिछले 7-8 वर्ष में 70 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सूक्ष्म सिंचाई के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा कि आज की परियोजना से कर्नाटक में पांच लाख हेक्टेयर भूमि को लाभ होगा और जल स्तर बढ़ाने के लिए काम चल रहा है।

उन्होंने यादगीर को दाल का कटोरा बनाने और इस क्षेत्र में विदेशी निर्भरता को कम करने में देश की मदद करने के लिए स्थानीय किसानों की प्रशंसा की और बताया कि पिछले आठ वर्ष में एमएसपी के तहत 80 गुना अधिक दालों की खरीद हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले के कुछ सौ करोड़ रुपए की तुलना में पिछले आठ वर्ष में दलहन किसानों को 60,000 करोड़ रुपए मिले हैं।

मोदी ने कोडेकल में जल जीवन मिशन के तहत यादगीर बहु-ग्राम पेयजल आपूर्ति योजना के शिलान्यास सहित आज कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। योजना के तहत 117 एमएलडी क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2050 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली इस परियोजना से यादगीर जिले के 700 से अधिक ग्रामीण आवासों और तीन कस्बों के लगभग 2.3 लाख परिवारों को पेयजल उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम के दौरान, मोदी ने नारायणपुर लेफ्ट बैंक नहर-विस्तार नवीनीकरण और आधुनिकीकरण परियोजना का भी उद्घाटन किया। दस हजार क्यूसेक की नहर क्षमता वाली इस परियोजना से 4.5 लाख हेक्टेयर कमांड एरिया की सिंचाई की जा सकती है तथा कलबुर्गी, यादगीर और विजयपुर जिलों के 560 गांवों में तीन लाख से अधिक किसानों को लाभान्वित होगा। परियोजना की कुल लागत लगभग 4700 करोड़ रुपए है।

उन्होंने एनएच-150सी के 65.5 किलोमीटर खंड की आधारशिला भी रखी। यह छह लेन की ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना सूरत-चेन्नई एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। इसे करीब 2000 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है।

सबगुरु राशिफल : 19 जनवरी गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। माघ मास, कृष्ण पक्ष, द्वादशी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 01.18 बजे बाद त्रयोदशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आपको संभलकर चलना होगा अन्यथा किसी परेशानी में पड़ सकते हैं। घर में परिवारजनों का आप के प्रति विरोध रहेगा। कार्यों को प्रारंभ करने के बाद वे अपूर्ण रहेंगे। शारीरिक अस्वस्थता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। परंतु मध्याह्न के बाद आप में कार्य करने का उत्साह बढ़ेगा। पारिवारिक वातावरण में अनुकूलता रहेगी। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। मनोरंजन के पीछे धन का व्यय होगा। नौकरी-धंधे में परेशानियां रहेंगी। पुरानी बातों को लेकर ज्यादा न सोचें। यात्रा के कार्यक्रम में कोई रुकावट आ सकती है। आज आप ज्यादातर फैसले गुस्से में आकर भी ले सकते हैं। इससे आपको ही नुकसान हो सकता है।

वृषभ :- आज का दिन खुशीपूर्वक व्यतीत करेंगे। नए संबंध बन सकते हैं। उत्तम वैवाहिक सुख प्राप्त होगा। व्यापारी अपने व्यापार का विस्तार कर सकेंगे। आर्थिक लाभ और मान-सम्मान में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य बना रहेगा। प्रिय व्यक्ति के साथ मुलाकात और छोटा प्रवास आपके आनंद में वृद्धि करेंगे। विद्यार्थियों के लिए बेहद ही फायदेमंद दिन रहने वाला है। आज पूजा पाठ में मन लगेगा। राजकीय बाधा दूर होगी। धन प्राप्ति से आपके आज बहुत सारे काम पूरे होंगे। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। कोर्ट और कचहरी के लिए आप अलर्ट रहें। किसी काम को करने में बिल्कुल आलस ना दिखाएं।

मिथुन :- आपको अनचाहे सम्बन्धों को ढोना पड़ सकता है। गैर जिम्मेदार लोगों से अधिक नजदीकिंया न बढ़ाएं अन्यथा हानि उठानी पड़ सकती है। अफवाहों पर भरोसा न करें। विश्वास के साथ संभलकर आगे बढ़ें। प्रयोगों से बचें। लेन देन को यथासंभव टालें। परिवार में शुभता का संचार रहेगा। अपने मूल्यों को दरकिनार करने से बचें। हर फैसला को करने से पहले तार्किक कसौटी पर परख ले। आपकी दिलचस्प रचनात्मकता आज घर के वातावरण को सुखद बनाएगी। आज अपने प्रिय से दूर होने का दुःख आपको टीस देता रहेगा।

मिथुन :- आपको अनचाहे सम्बन्धों को ढोना पड़ सकता है। गैर जिम्मेदार लोगों से अधिक नजदीकिंया न बढ़ाएं अन्यथा हानि उठानी पड़ सकती है। अफवाहों पर भरोसा न करें। विश्वास के साथ संभलकर आगे बढ़ें। प्रयोगों से बचें। लेन देन को यथासंभव टालें। परिवार में शुभता का संचार रहेगा। अपने मूल्यों को दरकिनार करने से बचें और हर फैसला तार्किक तरीके से लें। आप ऐसे स्रोत से धन अर्जित कर सकते हैं, जिसके बारे में आपने पहले सोचा तक न हो।

कर्क :- आपके लिए आज का दिन अच्छा है। कोई नया काम शुरू करना चाह रहे हैं तो जरूर करें। रूके हुए काम आपके पूरे हो सकते हैं। दोस्तों और भाईयों की मदद से धन लाभ हो सकता है। आज समस्या और विवाद खत्म होने का योग बन रहा है। उम्मीद नजर आए तो नए कारोबार की शुरुआत कर दें। बहुत सारे काम करने के लिए यह एक अच्छा दिन है, आज अपनी दिनचर्या में मस्ती को शामिल करें। अपने आस-पास के चेहरों पर मुस्कुराहट लाएं। आपका व्यक्तित्व आज इत्र की तरह महकेगा और सबको आकर्षित करेगा। मनोरंजन और ऐशोआराम के साधनों पर जरूरत से ज्यादा खर्च न करें।

सिंह :- आज आप धार्मिक या मांगलिक प्रसंग में शामिल हो सकते हैं। रिस्की कार्यों से दूर रहें। आपके कार्य सरलतापूर्वक पूर्ण होते रहेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। यह न केवल आपका मन हल्का करेगा, बल्कि आप दोनों के बीच मतभेद दूर करने में भी मदद करेगा। अपने परिवार के साथ रुखा व्यवहार न करें। यह पारिवारिक शान्ति को भंग कर सकता है। संभव है कि कोई आपसे अपने प्यार का इज़हार करे। कामकाज के मोर्चे पर यह एक मुश्किल दिन हो सकता है। प्रभावशाली लोगों के सहयोग आपका उत्साह दोगुना होगा। विवाद, मतभेद और दूसरों की आपमें कमियाँ निकालने की आदत को नजरअंदाज करें।

कन्या :- यदि आज आप अपने लिए कुछ खास करना चाहते हैं तो आज का दिन एकदम उचित है। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरुरत है। माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य के लेकर कुछ चिंता हो सकती है। व्यावसायिक यात्रा अनुकूल रहेगी। जिन लोगों को आप जानते हैं, उनके जरिए आपको आमदनी के नए स्रोत मिलेंगे। निकटता आएगी। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। परिश्रम से कार्यों में सफलता प्राप्त करेंगे। नौकरी व व्यावसायिक कार्य सफल होंगे। आज जीवनसाथी के बीच वाद-विवाद हो सकता है।

तुला :- आज आपको संतान पक्ष से सुख मिलेगा। आज आपके लिए बहुत व्यस्त दिन है, आपको पुरानी बीमारी से राहत मिल जाएगी। कोर्ट-कचहरी में विजय मिलेगी। छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा जिससे आपके परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। व्यवसाय में लाभ होगा। शारीरिक और मानसिक स्वस्थता का अनुभव करेंगे। जितना हो सके उतना विवादों को टालें। धन अधिक खर्च होने की संभावना है। विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा।

वृश्चिक :- आज महत्वपूर्ण फैसला लेने के लिए बाध्य होना पड़ सकता है, जिससे आप तनावग्रस्त और चिंतित हो सकते हैं। दोपहर के बाद आपको उत्साहजनक परिणाम मिल सकते हैं। किसी धार्मिक स्थान पर जाएं या किसी संत से मिलें, इससे आपके मन को शांति और सुकून मिलेगा। आपको महसूस होगा कि शादी के वक़्त किए गए सारे वादे सच्चे हैं। आपका जीवनसाथी ही आपका हमदम है। अपने किसी विशेष प्रियजन से बात कर लेने से आपको बहुत संतुष्टि मिलेगी। आप वाणी की मधुरता रखे पारिवारिक वातावरण भी अच्छा रहेगा, और वाणी पर संयम बरतने से वाद-विवाद की संभावना कम हो जाएगी।

धनु :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें।

मकर :- आज किसी भी बात पर दृढ़ मन से निर्णय नहीं ले सकने के कारण आप मिले हुए मौके का फायदा नहीं उठा सकेंगे। विचारों में आपका मन अटका हुआ रहेगा। मित्र वर्ग और विशेष करके स्त्री मित्रों की तरफ से आपको लाभ मिलेगा। व्यापार में लाभ होगा। बिगड़े कार्य सुधार पर रहेंगे। सगाई-विवाह संबंधी बात आगे बढ़ सकती है। आपका रुखा बर्ताव आपके जीवनसाथी का मूड खराब कर सकता है। आपको समझना चाहिए कि किसी का अनादर और गम्भीरता से न लेना रिश्ते में दरार डाल सकता है। दिन के दूसरे हिस्से में आर्थिक तौर पर फायदा होगा। जिद्दी बर्ताव से बचें और वह भी खास तौर पर दोस्तों के साथ।

कुंभ :- आज किस्मत आपके साथ रहने वाली है। कार्यक्षेत्र में आज कुछ नया करने की कोशिश करें। काम धीरे-धीरे ही सही लेकिन पूरा जरुर हो जायेगा। बिजनेस मीटिंग में लोग आपकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनेंगें। आज अपनी क्रीएवीटी से लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लेंगे। आज आपका सामना कई नई आर्थिक योजनाओं से हो सकता है। कोई भी फैसला करने से पहले अच्छाइयों और कमियों पर सावधानी से विचार-विमर्श कर लें। लवमेट आज किसी जरुरतमंद को कपड़े दान करें, रिश्तों में मजबूती आएगी। आपकी उन्नति में आ रही बाधा बरकरार रहेगी। समय रहते उचित विद्वानों का मार्गदर्शन लें।

मीन :- आज का दिन फायदेमंद रहने वाला है। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है। वाहन खरीदने का विचार हो सकता है। आपकी सेहत अच्छी रहेगी।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह : कलाकारों ने कैनवास पर बिखेरे सुरक्षा के रंग

0

अजमेर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत परिवहन विभाग और रोड सेफ्टी सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रोड सेफ्टी आर्ट कैंप का आयोजन स्थानीय जवाहर रंग मंच पर किया गया।

कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया की इस कला शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य कलाकारों द्वारा कैनवास पर सुरक्षा संबंधी पेंटिंग्स का निर्माण करना रहा क्योंकि पेंटिंग लोगों का ध्यान आकर्षित करती है। जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सड़क परिवहन से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत किया जा सके।

कला शिविर का संयोजन लोक कला संस्थान ने किया। कला शिविर में अजमेर के कलाकार देवेंद्र खारोल, संजय कुमार सेठी, प्रकाश नागोरा, प्रजेस्ट कुमावत, मनोज प्रजापति, बनवारीलाल ओझा व छवि दगदी ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कलाकृतियों में हेलमेट से सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन, ट्रैफिक पुलिस के विभिन्न कार्यों को एवं सड़क पर सुरक्षित वाहन चलाने से संबंधित चित्र बनाए गए।

इसके साथ ही शिविर में कॉन्वेंट विद्यालय की 10 छात्राओं ने विद्यालय अध्यापिका निलेश तंवर के निर्देशन में एक से बढ़कर एक सुंदर कलाकृतियों को शीट पर बनाया। छात्राओं की कलाकृतियों मैं भी सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेशों को बनाया गया।

कला शिविर के दौरान संभागीय आयुक्त डॉ. बीएल मेहरा व आईजी रूपिंदर सिंघ ने कला शिविर का अवलोकन किया एवं कलाकारों की हौसला अफजाई की। शिविर के अंत में निर्मित कलाकृतियों की प्रदर्शनी जवाहर रंग मंच पर लगाई गई। सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन निर्मित पेंटिंग्स को अजमेर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में लगाया जाएगा।

आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत एवं कार्यकारिणी ने किया पदभार ग्रहण

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष वैभव गहलोत के नेतृत्व में आरसीए की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने आज सवाई मान सिंह स्टेडयम स्थित आरसीए अकादमी में पूजा के बाद विधिवत पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण करने वाली नव निर्वाचित आरसीए कार्यकारिणी में अध्यक्ष वैभव गहलोत, उपाध्यक्ष शक्ति सिंह, सचिव-भवानी शंकर सामोता, कोषाध्यक्ष-रामपाल शर्मा, संयुक्त सचिव-राजेश भड़ाना, कार्यकारिणी सदस्य-फारूक अहमद उपस्थित थे।

आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत अपनी पुत्री कश्विनी गहलोत के साथ आरसीए पदभार ग्रहण करने आरसीए ऑफिस पहुंचे। इस अवसर पर आरसीए के पूर्व पदाधिकारी एवं जिला क्रिकेट संघ के महेंद्र शर्मा, कृष्ण निमावत, देवाराम चौधरी, सुभाष जोशी, शिवचरण माली, राजेंद्र सिंह नांधू, विवेक व्यास, रतन सिंह, धर्मवीर सिंह, शैतान सिंह सांखला संयोजक तदर्थ समिति जिला क्रिकेट संघ जोधपुर सहित अन्य विशिष्टजन मौजूद थे।

अजमेर : ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के 811वें सालाना उर्स का आगाज

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में आज सायं झंडा चढ़ने की रस्म के साथ ही ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के 811वें सालाना उर्स का आगाज हो गया। बुलंद दरवाजे पर झंडा चढ़ाते समय 21 तोपों की सलामी दी गई। अब धार्मिक रस्में रजब माह का चांद दिखाई देने पर शुरु होगी और उर्स का विधिवत आगाज हो जाएगा।

अजमेर में दरगाह शरीफ के गरीब नवाज गेस्ट हाउस से झंडे का जुलूस अस्र की नमाज के बाद शुरु हुआ भीलवाड़ा के गौरी परिवार के फखरुद्दीन गौरी झंडे को अदब के साथ लेकर चले। गाजे बाजे, ढोल धमाकों के साथ जुलूस लंगरखाना गली से निजामगेट के रास्ते दरगाह में पहुंचा। इस दौरान कव्वाली का दौर भी चलता रहा। रस्से की घेराबंदी के बावजूद झंडे को चूमने की ललक में आशिक-ए-ख्वाजा मशक्कत करते रहे।

दरगाह के 85 फीट ऊंचे बुलंद दरवाजे पर रोशनी के पूर्व झंडा चढ़ाया गया जिसमें गौरी परिवार के सदस्य, उनके खादिम सैयद मारुफ अहमद, अंजुमन सैयद जादगान व शेखजादगान के पदाधिकारी व सदस्य तथा दरगाह कमेटी के नुमाइंदे मौजूद रहे। झंडे की एक झलक पाने के लिए अकीदतमंद उमड़ पड़े। बड़े पीर साहब की पहाड़ी से जब तोप दागी गई तो अकीदतमंदों के हाथ परवरदिगार की खिदमत में ऊपर उठ गए।

दरगाह शरीफ की छतों, आसपास की होटलों व मकानों पर अकीदतमंद झंडे की एक झलक देखने के लिए उमड़ पड़े। इस दौरान पुलिस बंदोबस्त बेहतरीन किया गया। जिला कलेक्टर अंशदीप एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट व अन्य अधिकारी लगातार निगाहें बनाए रखें।

आज से उर्स के शुरु होने के साथ ही छठी के कुल से एक दिन पहले आस्ताना शरीफ में होने वाली खिदमत का समय भी बदल गया। प्रतिदिन दिन में ढाई बजे होने वाली खिदमत अब सायं सात बजे तक होगी। अजमेर दरगाह और दरगाह बाजार में उर्स की रौनक शुरू हो गई है। उर्स समाप्ति के बाद ही अब झंडे को उतारने की रस्म होगी।

पेपर लीक मामले में जिम्मेदारी तय करके एक्शन लेना होगा : सचिन पायलट

झुंझुनूं। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बार-बार पेपर लीक मामले में इसके लिए जिम्मेदारी तय करके एक्शन लेने की जरूरत बताते हुए कहा है कि इसमें कोई न कोई तो जिम्मेदार होगा। पायलट आज झुंझुनूं जिले के गुड़़ा गांव में आयोजित किसान सम्मेलन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जब बार-बार पेपर लीक होते हैं तो हमें दुख होता है। इसके लिए जिम्मेदारी तय करके एक्शन लेना होगा। उन्होंने कहा कि अब कहा जा रहा है कि कोई अफसर जिम्मेदार नहीं है। पेपर तिजोरी में बंद होता है। तिजोरी में बंद पेपर बाहर बच्चों तक कैसे पहुंच गया। यह तो जादूगिरी हो गई। उन्होंन कहा कि ऐसा संभव नहीं है कि कोई अफसर जिम्मेदार नहीं है। कोई न कोई तो जिम्मेदार होगा।

उन्होंने बड़े अफसरों को सेवानिवृत्ति के बाद राजनीतिक नियुक्तियां देने पर अपनी ही पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़े अफसर शाम को रिटायर होते हैं। रात 12 बजे उनको राजनीतिक नियुक्ति मिल जाती है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों को राजनीतिक नियुक्तियां दी गई। लेकिन जिन लोगों ने सरकार बनाने के लिए खून पसीना बहाया, उनका अनुपात सुधारना होगा।

पायलट ने कहा प्रदेश में बहुत से ऊंचे अधिकारी हैं जो अधिकारी हमारी सरकार में काम करते हैं। उन्हें यह फर्क नहीं पड़ता कि राज कांग्रेस का है या भाजपा का है। अफसर तो राज की नौकरी करते हैं। बड़े अफसरों को भी हमें राज में मौका देना हो तो दीजिए लेकिन अनुपात बेहतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कांग्रेस का कार्यकर्ता चाहे मेरा समर्थक हो या किसी और का हो उसे कोई राजनीतिक नियुक्तियों में पद दें तो उसका हम सब स्वागत करेंगे।

पायलट ने कहा कि वर्ष 2013 में हमारे 21 विधायक रह गए थे। केवल दो मंत्री जीते थे बाकी पूरी कैबिनेट हार गई थी। उन विपरीत हालात में कांग्रेस हाईकमान ने मुझे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाकर भेजा। उस वक्त मैं केंद्र में मंत्री था। लोगों ने तब कहा था यह फायदे का सौदा नहीं है। वहां तो कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। मैंने सब कुछ छोड़कर कार्यकताओं और नेताओं को जोड़ने इकट्ठा करने की कोशिश की। फलस्वरूप हमने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाई।

कार्यक्रम को वन मंत्री हेमाराम चौधरी, परिवहन मंत्री बृजेंद्र सिंह ओला, सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष खिलाड़ी लाल बैरवा सहित कई विधायकों एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।

दिव्या मित्तल के मोबाइलों की तलाश, आनासागर झील में चलाया सर्च ऑपरेशन

अजमेर। राजस्थान में अजमेर एसओजी की दो करोड़ घूस मांगने के आरोपी एसीबी की रिमांड पर चल रही आरोपी दिव्या मित्तल के मोबाइलों को आज आनासागर झील में सर्च ऑपरेशन चलाकर ढूंढने का काम किया गया।

अजमेर पहुंची जयपुर एसीबी दल ने दिव्या मित्तल की मौजूदगी में गोताखोरों की सहायता से आनासागर में तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। गोताखोरों को एसडीआरएफ की टीम ने सहयोग किया। बताया जा रहा है कि दिव्या मित्तल ने भनक लगने के साथ ही अपने दो मोबाइल एवं दो बैगों को आनासागर में डाल दिया जिसे अब एसीबी तलाश रही है।

ब्यूरो टीम को उम्मीद है कि मोबाइल के सहारे रिश्वत प्रकरण में नये रहस्य खुल सकते हैं। इस बीच एसीबी के दल ने दिव्या मित्तल को आज का सर्च ऑपरेशन समाप्त होने के बाद सर्किट हाउस ले जाया गया। ब्यूरो टीम को इस रिश्वत मामले में अन्य दस्तावेजों की भी तलाश है। आज की तलाशी में मोबाइल झील से बरामद नहीं किया जा सका।

पटिया रेल्वे स्टेशन पर दो नाबालिग लडकियों से गैंगरेप का मुख्य आरोपी अरेस्ट

भुवनेश्वर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बुधवार को पुलिस आयुक्तालय के साथ मिलकर ओडिशा के पटिया स्टेशन परिसर में हुए सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने कहा कि कृष्णा चंद्र मलिक उर्फ कान्हा को जीआरपी और पुलिस आयुक्तालय द्वारा संयुक्त रूप से मारे गए छापों में गिरफ्तार किया गया। पीड़िता की मां ने मंगलवार सुबह जीआरपी में शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद पुलिस ने यह अभियान चलाया।

खबरों के अनुसार सोमवार की रात दो बदमाशों ने पटिया रेलवे स्टेशन परिसर से दो नाबालिग लड़कियों का अपहरण किया, उन्हें रेलवे ओवरब्रिज पर ले गए और उनके साथ दुष्कर्म किया।

लड़कियों के मंगलवार सुबह अपने घर पहुंचने और अपने माता-पिता को इस भयावह घटना की जानकारी देने के बाद शिकायत दर्ज की गई। सूत्रों के अनुसार, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी जल्द से जल्द करने की कोशिश की जा रही है।

टीकमगढ़ में नाबालिग पुत्र ने की मां की गोली मारकर हत्या

टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के देहात थाना क्षेत्र में अपनी ही मां की गोली मारकर हत्या करने वाले नाबालिग पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार देहात थाना क्षेत्र के भगत नगर कॉलोनी में रहने वाली 43 वर्षीय महिला सपना की कल उसके 17 वर्षीय पुत्र ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी किशोर ने अपनी मां पर उस समय गोली से फायर कर दिया, जब वह घर पर पूजा कर रही थी। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं डायल 100 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी किशोर ने बताया उसकी मां उसके बड़े भाई और बहन से प्यार करती थी, लेकिन उससे नहीं करती थी, जिसके चलते उनसे अपनी मां को डराने के लिए पिता की लाइसेंसी बंदूक, जो घर में रखी थी, अपनी मां पर तान दिया और इसी दौरान गोली चल गई, जिससे मां की मौत हो गई। उसके पिता सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते है।