Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 400 -
होम ब्लॉग पेज 400

जालौन में छेड़खानी से त्रस्त छात्रा ने फांसी लगाकर की सुसाइड

जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कोटरा क्षेत्र में छेड़खानी से तंग एक स्कूली छात्रा ने मंगलवार को फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दो युवकों पर छेड़खानी और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार हैं।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि स्कूल जाते समय गांव के पुष्पेंद्र और दयाशंकर उनकी बेटी दीक्षा (16) को परेशान करते थे। इसकी शिकायत कई बार दोनों युवकों के परिजनों से की थी लेकिन युवक के परिजनों ने उल्टा उन्हे धमकाया था। सोमवार को एक बार फिर बेटी के साथ दोनों युवकों ने छेड़खानी की जिससे आहत बेटी ने देर रात घर पर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पिता के मुताबिक, घटना की जानकारी सुबह हुई जब कमरे में दीक्षा का शव फांसी पर झूलता मिला। कोटरा थाना प्रभारी निरीक्षक उरई सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किशोरी के मोबाइल और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक जालौन ईराज राजा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। छात्रा के मोबाइल को कब्जे में लेकर उसका डाटा रिकवर किया जा रहा है। जिससे मामले में साक्ष्य संकलित किए जा सकें।

धर्म के मामले में किसी को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए : नीतीश कुमार

अरवल। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हिंदू धर्म ग्रंथ रामचरितमानस पर शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के दिए गए विवादास्पद बयान से आज साफ शब्दों में कहा कि धर्म के मामले में किसी को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।

समाधान यात्रा पर मंगलवार को अरवल पहुंचे कुमार से जब पत्रकारों ने रामचरित्र मानस पर शिक्षा मंत्री के विवादास्पद बयान को लेकर सवाल किया तब उन्होंने कहा कि कहां कोई विवाद है, यह सब फालतू चीज है। इन सब चीजों पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम लोगों का दृष्टिकोण है कि कोई भी धर्म को मानने वाला हो, उसके धर्म के मामले में किसी को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए है।

कुमार ने आगे कहा कि जो भी जिस ढंग से धर्म का पालन करते हैं उन्हें करने देना चाहिए। सब को इज्जत मिलनी चाहिए और इसमें किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर अब यहीं विराम लगाने के अंदाज में कहा कि हमने तो पहले ही उन्हें (चंद्रशेखर) समझा दिया है और अब तो उप मुख्यमंत्री ने भी इस बारे में कह ही दिया है।

गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने हाल ही में रामचरितमानस को नफरत फैलाने वाला ग्रंथ बताया था। उन्होंने नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा था कि मनुस्मृति, रामचरितमानस और गुरु गोलवलकर का बंच ऑफ थॉट्स समाज को बांटने वाली पुस्तक है। शिक्षा मंत्री के इस बयान की खूब आलोचना हो रही है।

भरतपुर : कनिष्ठ सहायक व दलाल 3000 रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कनिष्ठ सहायक आशिक खान एवं उसके दलाल को जॉब कार्ड बनवाने एवं ऑन लाईन करने की एवज में तीन हजार रुपए की रिश्वत की लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

आरोपी आशिक खान के पास वर्तमान में ग्राम विकास अधिकारी ग्राम पंचायत भौरी पंचायत समिति पहाडी का अतिरिक्त चार्ज भी है।

ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आशिक खान इस मामले में परिवादी रमेश चन्द उम्र 26 साल जाति जाटव निवासी ग्राम खल्लूका पुलिस थाना पहाडी से रिश्वत की 4 हजार की राशि वसूल चुका था।

उन्होंने बताया कि आज पंचायत समिति परिसर पहाड़ी में आरोपी आशिक खान ने परिवादी से 3 हजार रुपए प्राप्त कर परिसर स्थित चाय की दुकान पर कार्य करने वाले दलाल रामखिलाडी को दिलवा दिए। आरोपी दलाल रामखिलाड़ी की पहनी हुई पेन्ट की जेब से रिश्वत राशि तीन हजार बरामद हो चुकी है।

संयम लोढ़ा ने सिरोही नगर परिषद में बांटे पट्टे

 

सिरोही नगर परिषद में प्रशासन शहर के संग शिविर में पट्टा वितरित करते विधायक संयम लोढ़ा।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। विधायक संयम लोढा ने कहा कि सिरोही नगर चहुमुखी विकास की ओर बढ रहा है। सिरोही के विकास को लेकर मै दिन रात मेहनत कर रहा हूं। जब सिरोही में हो रहे कार्य दिखने लगे तो सिरोही की एक अलग रूप दिखेगा।

चंडीगढ़ के महापौर बने भाजपा के अनूप गुप्ता

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर चंडीगढ़ के महापौर, वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर पदों पर कब्जा कर लिया है।

आज यहां हुए तीन पदों के लिए चुनाव में महापौर पद पर भाजपा के अनूप गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के जसबीर सिंह लाडी को मात्र एक मत के अंतर से पराजित किया। वरिष्ठ उप महापौर के चुनाव में भी भाजपा के कंवरजीत राणा ने आप प्रत्याशी तरूणा मेहता को एक मत के अंतर से पराजित किया।

महापौर और वरिष्ठ उप महापौर पदों के चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों केे पक्ष में 15-15 और आप प्रत्याशियों को 14-14 मत पड़े। उप महापौर पद पर भाजपा के हरजीत सिंह के पक्ष में 15 और आप की सुमन शर्मा के पक्ष में 14 मत पड़े। चुनाव में भाजपा और आप के सभी 14-14 पार्षदों ने मतदान किया।

भाजपा की जीत में सांसद किरण खेर का एक मत अहम रहा। इससे उसके प्रत्याशी आप प्रत्याशियों के मुकाबले एक मत अधिक लेने में सफल रहे। खेर निगम की पदेन सदस्य हैं तथा उन्हें भी सदन में मताधिकार हासिल है।

कांग्रेस ने चुनाव में भाग नहीं लिया। उसके छह पार्षद हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल के एकमात्र पार्षद हरदीप सिंह भी मतदान में गैर हाजिर रहे। चुनाव के लिए नगर निगम भवन और उसके 50 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई थी।

चंडीगढ़ नगर निगम में वर्ष 2016 के बाद से लगातार भाजपा का ही महापौर बनता आ रहा है। जबकि इससे पहले 2015 तक कांग्रेस का ही कब्जा हुआ करता था।

वहीं महापौर पद सम्भालने पर अनूप गुप्ता ने कहा कि पिछले महापौर की तरह उनका कार्यकाल में भी विकास को ही तरजीह दी जाएगी। पिछली महापौर के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में साफ सफाई की व्यवस्था में और सुधार लाने, घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने को और बेहतर बनाने, शहर की पार्किंग को स्मार्ट बनाते हुए इसे फास्ट टैग से जोड़ने, पार्कों का बेहतर रख रखाव और सौंदर्यीकरण करने, गांव की सड़कों और सीवरेज सिस्टम को मजबूत बनाने जैसे काम इसी साल में पूरा किए जाएंगे।

बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा ने शेयर किया वर्कआउट वीडियो

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर वर्कआउट वीडियो शेयर किया है।

मलाइका अरोड़ा का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह वर्कआउट करते हुए नजर आ रहीं हैं। वीडियो में मलाइका जिम वियर में योगा करते हुए दिखाई दे रहीं हैं।

मलाइका ने योगा वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यदि आपसे कोई कहता है कि योगा कैलोरी बर्न करने में मददगार नहीं है, तो वह गलत है। मैं रोजाना हाई इंटेंसिटी एब्स योगा करती हूं और वार्मअप करने से नहीं चूकती। मैं वृक्ष आसन को साइड प्लैंक में शामिल करती हूं। यह योगा मुझे तनाव से दूर रखता है और शरीर के संतुलन को बढ़ाता है।

घूसखोर एएसपी दिव्या मित्तल को 3 दिन के रिमांड पर सौंपा

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की भ्रष्टाचार निवारक न्यायालय ने दो करोड रूपए की घूस मांगने की आरोपी एसओजी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिव्या मित्तल को तीन दिन के रिमांड पर सौंप दिया।

जयपुर से अजमेर लेकर आई ब्यूरो की टीम ने अजमेर में जयपुर रोड पुराने लोकसेवा आयोग भवन स्थित भ्रष्टाचार मामलों के न्यायालय पर आज शाम 4 बजे पेश कर न्यायालय से चार दिन का रिमांड मांगा लेकिन न्यायाधीश ने तीन दिन का रिमांड मंजूर करते हुए 20 जनवरी तक रिमांड मंजूर किया।

एसीबी दल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह तथा उपाधीक्षक मांगीलाल के नेतृत्व में आरोपी दिव्या मित्तल को अजमेर लाया और अदालत में पेश किया। रिमांड लेने के बाद पुन: जयपुर ले जाया गया जहां आगे की पूछताछ होगी। अभी बिचौलिये दलाल बर्खास्त सिपाही गिरफ्त से दूर है।

भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल को डेढ़ वर्ष के विस्तार देने तथा कार्यकर्ताओं को नौ राज्यों के विधानसभा चुनावों एवं आगामी लोकसभा चुनावों में गुजरात मॉडल पर हर हालत में जीत हासिल करने के संदेश के साथ आज शाम संपन्न हुई।

दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मार्गदर्शक संबोधन में भाजपा के नेतृत्व को आज सलाह दी कि वे प्राथमिक सदस्यों के लिए जिला स्तर पर सम्मेलनों का आयोजन करें तथा पार्टी के कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि वे वोट की राजनीति से ऊपर उठ कर देश के विकास एवं समाज के कल्याण के लिए जुटें और समाज के सभी वर्ग खासकर हाशिये पर पड़े लोगों से भावनात्मक संबंध स्थापित करें। उन्होंने भाजपा के संगठन को देश के विकास से जोड़ने का मंत्र दिया तथा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने जीवन का क्षण-क्षण भारत की विकास गाथा में लगाएं। इस ‘अमृत काल’ को ‘कर्तव्य काल’ में परवर्तित करने से ही देश को आगे ले जाया जा सकता है।

सोमवार को अध्यक्षीय उद्बोधन में पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि वर्ष 2023 बहुत महत्वपूर्ण है। इस वर्ष नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और अगले साल लोकसभा चुनाव हैं। हमें एक भी चुनाव हारना नहीं है। जहां सरकार है, उसे मजबूत करना है और जहां सरकार नहीं है, उसे और मजबूत करना है। नड्डा ने पार्टी जनों को जीत के लिए गुजरात का मंत्र देते हुए कहा कि गुजरात में 27 साल के शासन के बाद भी 150 से अधिक सीटें जीतना अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक है।

जिस प्रकार से प्रधानमंत्री मोदी ने परिश्रम किया और संगठन ने काम किया, अन्य राज्यों में संगठन को इससे सीखना चाहिए। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की रूपरेखा के अनुसार हमें 72 हजार कमजोर बूथों को चिह्नित करके मजबूत करने का लक्ष्य मिला था। हर लोकसभा क्षेत्र में 100 बूथ और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 25 बूथों तक पहुंचना था लेकिन हम एक लाख 30 हजार से अधिक बूथों तक सफलतापूर्वक पहुंचे।

कार्यकारिणी में भाजपा अध्यक्ष नड्डा के कार्यकाल को आगामी लोकसभा चुनाव तक करीब डेढ़ वर्ष तक के लिए बढ़ाने को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस प्रस्ताव को रखा और सभी सदस्यों ने हर्षध्वनि से इस प्रस्ताव को स्वीकार किया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में बिहार महाराष्ट्र हरियाणा, मणिपुर, गुजरात में बहुत बड़ी जीत दर्ज दी। पश्चिम बंगाल में तीन सीटों से 77 सीटों का फासला तय किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2024 के संसदीय चुनावों में 2019 से अधिक बहुमत से जीत हासिल दर्ज करेगी।

कार्यकारिणी में दो प्रस्ताव -राजनीतिक प्रस्ताव तथा आर्थिक-सामाजिक प्रस्ताव पारित किया गया जबकि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जी-20 पर तथा विधान परिषद सदस्य सम्राट चौधरी ने गरीब कल्याण पर अलग अलग वक्तव्य पेश किये। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राजनीतिक प्रस्ताव केन्द्रीय कानून मंत्री किरन रिजीजू ने पेश किया जिसका उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं कर्नाटक के मंत्री गोविंद करजोल ने अनुमोदन किया।

नौ बिन्दुओं वाले राजनीतिक प्रस्ताव में भाजपा ने पेगासिस, राफेल, नोटबंदी आदि मामलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विपक्ष के निजी हमलों का उच्चतम न्यायालय में खत्म होने पर संतोष व्यक्त करते हुए मोदी को उनके स्वच्छ एवं बेदाग छवि के साथ देश की सेवा करने तथा भारत की छवि वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रस्ताव में यह भी रेखांकित किया गया कि प्रधानमंत्री मोदी की देश में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत बढ़ाने में भूमिका रही है।

काशी विश्वनाथ कॉरीडोर हो, अयोध्या में राममंदिर हो या उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर का महाकाल महालोक हो। बुद्ध सर्किट, रामायण सर्किट, ये सब प्रधानमंत्री की सांस्कृतिक भावना का प्रकटीकरण है। सिखों के दसवें गुरू गोविंद सिंह के साहिबज़ादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत की याद में 26 दिसंबर को शहीद वीर बालक दिवस मनाये जाने पर भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हर्ष व्यक्त किया गया। कार्यकारिणी ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वैश्विक दक्षिण के 125 देशों के शिखर सम्मेलन दि वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ के आयोजन की भी सराहना की और कहा कि भारत की अध्यक्षता में विकासशील देशों की आवाज़ को जी-20 के मंच पर स्थान मिलेगा।

बैठक के दूसरे दिन आज पारित सामाजिक आर्थिक प्रस्ताव में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अवसंरचना, डिजीटल एवं कारोबारी वातावरण के विकास के साथ ही एक समावेशी सर्वस्पर्शी समाज बनाने की दिशा में कारगर पहल करने के लिए मोदी सरकार की सराहना की गई। इस प्रस्ताव को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने प्रस्तुत किया तथा विदेश एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी मुरलीधरन और सांसद सुनीता दुग्गल ने अनुमोदन किया।

जी 20 के बारे में विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर के वक्तव्य में कहा गया कि पिछले आठ वर्षों में भारत की छवि दुनिया में बदल गई है। पहले हम किसी भी समस्या का सामना करने के लिए अन्य देशों पर निर्भर होते थे, लेकिन आज बड़ी से बड़ी महामारी का हम मुकाबला भी कर रहे हैं और दूसरे देशों की मदद भी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में इस वर्ष 50 से अधिक स्थानों पर जी-20 समूह की 200 से अधिक बैठकें होंगी ताकि विकसित देशों को भारत की प्रगति एवं संस्कृति दोनों को देखने का अवसर मिले। वोकल फॉर लोकल की ताकत भी मेहमान देश देखेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने देश भर में लोगों एवं समाजों को जी-20 से जोड़ने पर जोर दिया है। भाजपा के कार्यकर्ता व्यक्ति के रूप में एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से सभी वर्गों को जोड़ेंगे और आधुनिक एवं नये भारत की क्षमता विस्तार का परिचय देंगे।

गरीब कल्याण पर वक्तव्य में कहा गया कि आठ वर्ष पहले जब प्रधानमंत्री मोदी ने शपथ ली थी तब कहा था कि मेरी सरकार शोषितों, वंचितों और गरीबों को समर्पित रहेगी। आठ वर्षों में शोषितों, वंचितों और गरीबों को आगे बढ़ाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। गरीब कल्याण योजना में गरीबों को पक्के आवास, बिजली एवं पानी से लेकर मुफ्त खाद्यान्न, स्वास्थ्य बीमा एवं छात्रवृत्ति तक प्रदान की है। युवाओं को स्वरोज़गार के लिए प्रेरित किया।

केन्द्र सरकार के कार्यों को राजग शासित राज्यों में डबल इंजन की सरकार ने अपने अपने ढंग से आगे बढ़ाया। कृषि कल्याण योजना, महामारी के बाद 80 करोड़ लोगों को खाद्यान्न देना, महिलाओं के लिए लाड़ली लक्ष्मी से लेकर स्वच्छता एवं सुरक्षा की योजनाएं गरीबों के उत्थान में कारगर साबित हुईं हैं। वक्तव्य में कहा गया कि गरीब कल्याण योजना को अंत्योदय के माध्यम से क्रियान्वित किया गया है। बीते आठ वर्षों में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए अभूतपूर्व काम हुआ है।

बांग्लादेश में एंबुलेंस और ट्रक की भिडंत, 6 लोगों की मौत

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका से करीब 101 किलोमीटर दक्षिण में शरीयतपुर जिले में मंगलवार तड़के एक एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर से छह लोगों की मौत हो गई।

अग्निशमन सेवा और नागरिक सुरक्षा उप निदेशक मोहम्मद सेलिम मिया ने बताया कि दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 4:20 बजे उस समय हुई, जब ढाका जा रही एंबुलेंस की घने कोहरे के बीच खराब दृश्यता के कारण सीएनजी ट्रक से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक समेत सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मरीज और एंबुलेंस चालक और एक सहायक शामिल हैं। उनकी तात्कालिक रूप से पहचान नहीं की जा सकी है। बचावकर्मियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त एंबुलेंस से शवों को निकालने के लिए उन्हें घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी।

बंगलादेश में खराब राजमार्गों, खराब रखरखाव वाले वाहनों, अयोग्य चालकों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन और यातायात विभाग द्वारा निगरानी की कमी के कारण विश्वभर में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में यहां की मृत्यु दर अधिक है।

स्थानीय संगठन बांग्लादेश पैसेंजर्स वेलफेयर एसोसिएशन की एक रिपोर्ट के अनुसार 2022 में देश भर में 7,617 सड़क, रेलवे और जलमार्ग दुर्घटनाओं में कुल 10,858 लोग मारे गए और 12,875 अन्य घायल हुए थे।

ईडी को तिहाड़ जेल में सत्येंद्र जैन के सहयोगियों से पूछताछ करने की इजाजत

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर सुनवाई के बाद सोमवार को जांच एजेंसी को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों वैभव जैन और अंकुश जैन से पूछताछ की अनुमति दे दी।

विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) एनके मट्टा ने ईडी की ओर से अदालत में दलील देते हुए कहा कि जांच के दौरान कुछ नए तथ्य सामने आए हैं और इसलिए उन्हें आरोपी ए-5 वैभव जैन और ए-6 अंकुश जैन से तिहाड़ जेल में आमने-सामने बैठा कर पूछताछ करने की आवश्यकता है।

इस दौरान आरोपी वैभव जैन और अंकुश जैन के वकील ने ईडी की याचिका का कड़ा विरोध किया और कहा कि जो भी नई सामग्री एकत्र की गई है, उसका खुलासा आवेदनों में नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि ईडी का मामला है कि वे अभी भी जांच जारी रखे हुए हैं, तो यह दर्शाता है कि जब शिकायत रिकॉर्ड पर दर्ज की गई थी, तो वह पूरी जांच पर आधारित नहीं थी। इस वजह से आरोपी ए-5 वैभव जैन और ए -6 अंकुश जैन डिफॉल्ट जमानत के हकदार हैं।

विशेष न्यायाधीश विकास ढुल ने दोनों पक्षों की ओर से दलीलें सुनने के बाद कहा कि यह विवाद में नहीं है कि ईडी को पीएमएलए, 2002 की धारा 44 के अनुसार आगे की जांच करने की शक्ति मिली है। मैंने सामग्री और बयानों का सावधानीपूर्वक अध्ययन किया है। आरोपी ए-5 वैभव जैन और ए-6 अंकुश जैन से आगे की पूछताछ और पीएमएलए, 2002 की धारा 50 के तहत उनके बयान दर्ज करने के लिए एक मामला बनता है।

अदालत ने आगे कहा कि आरोपी ए-5 वैभव जैन और ए-6 अंकुश जैन के बचाव पक्ष के वकील का तर्क है कि ईडी को आगे की जांच करने की अनुमति ईडी की ओर से स्वीकार करने के लिए है कि रिकॉर्ड पर दर्ज की गई शिकायत अधूरी है, जिसके हकदार हैं। उसका कारण यह है कि यदि आरोप पत्र (वर्तमान मामले में शिकायत) में दर्ज रिकॉर्ड में अपराध का संज्ञान लेने के उद्देश्य से पर्याप्त सामग्री है, तो यह एक पूर्ण चार्जशीट है। सिर्फ इसलिए कि ईडी है आगे की जांच कर रहे हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि दर्ज की गई शिकायत अधूरी है।

अदालत ने ईडी के अधिकारियों को पीएमएलए 2002 की धारा 50 के तहत आरोपी ए-5 वैभव जैन और ए-6 अंकुश जैन से पूछताछ करने और बयान दर्ज करने के लिए नई दिल्ली स्थित तिहाल के सेंट्रल जेल नंबर 7 में दिनांक 18.01.2023 तथा 19.01.2023 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जेल प्रशासन की मौजूदगी में जाने की अनुमति दी। साथ ही जेल सेंट्रल जेल नंबर 7, तिहाड़ के अधीक्षक को निर्देश दिया कि वे उक्त अधिकारियों को उक्त तिथियों और समय पर जेल परिसर के अंदर लैपटॉप और अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामान ले जाने की अनुमति प्रदान करें।