Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 403 -
होम ब्लॉग पेज 403

विपक्षी दलों ने रिमोट ईवीएम के प्रस्ताव का एकजुट होकर किया विरोध

नई दिल्ली। कांग्रेस सहित विपक्ष के 16 दलों के नेताओं ने प्रवासी मजदूरों के लिए रिमोट ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की चुनाव आयोग के प्रस्ताव का विरोध करते हुए आज कहा कि इसमें स्पष्टता नहीं है और कई तरह की खामियां मौजूद हैं।

बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा विपक्षी दलों की चुनाव आयोग द्वारा कल बुलाई गई बैठक को लेकर संयुक्त रणनीति पर चर्चा हुई जिसमें 16 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस ने यह बैठक आयोग के प्रवासी मतदाताओं के लिए रिमोट ईवीएम से मतदान की अवधारणा को बुलाई थी जिसमें समाजवादी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रतिनिधि नहीं भेज पाई लेकिन बैठक के प्रति दोनों दलों ने समर्थन जताया।

उन्होंने कहा कि आयोग के प्रस्ताव में स्पष्टता नहीं है। प्रवासी मजदूर कौन हैं इसकी परिभाषा नहीं है। प्रस्ताव में इस तरह की कई खामियां हैं। आयोग ने 31 जनवरी तक विपक्षी दलों से इस बारे में राय मांगी है इसलिए सभी दलों ने 25 जनवरी को इस बारे में फिर बैठक करने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस नेता ने बताया कि बैठक में आरईवीएम को लेकर आयोग के साथ सोमवार को आयोजित बैठक में होने वाली चर्चा के विन्दुओं पर सामूहिक रूप से विचार किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि अपरिहार्य कारणों से बैठक में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी उपस्थित नहीं हुई लेकिन दोनों दलों ने इस बैठक को लेकर एकजुटता व्यक्त की है।

अजमेर : अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, पति एवं बच्ची घायल

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के किशनगढ़ जयपुर राजमार्ग पर टोल प्लाजा के पहले आज शाम को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई तथा उसका पति एवं बच्ची घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुंडोती निवासी रितिक अपनी पत्नी एवं मासूम बच्ची के साथ जा रहा था कि एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसमें रितिक की पत्नी काजल की दर्दनाक मौत हो गई और पति एवं बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया तथा घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बांदनवाड़ा यार्ड समपार फाटक संख्या 29 बंद रहेगा

अजमेर-चित्तौड़गढ़ खंड पर स्थित बांदनवाड़ा स्टेशन यार्ड समपार फाटक संख्या 29 पर मरम्मत कार्य दिनांक 16 जनवरी से 18 जनवरी तक किया जाएगा। जिसके कारण इन 3 दिनों में फाटक आंशिक समय के लिए बंद रहेगा। इस समपार फाटक का उपयोग करने वाले आमजन और मसूदा की तरफ से आने जाने वाले भारी वाहन विश्रामवाड़ी से तथा हल्के वाहन न्यारा फाटक संख्या 28 से आ जा सकेंगे।

सचिन पायलट करेंगे नागौर, बीकानेर एवं हनुमानगढ़ जिले का दौरा

जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट 16 एवं 17 जनवरी को नागौर, बीकानेर एवं हनुमानगढ़ जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान पायलट तीनों जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से मिलेेंगे और नागौर एवं बीकानेर में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

अपने दौरे के पहले दिन 16 जनवरी को पायलट नागौर जिले के परबतसर में दोपहर 12 बजे किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे इसके बाद वह खरनाल स्थित तेजाजी मंदिर जाएंगे जहां मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद पायलट शाम छह बजे नागौर सर्किट हाउस में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे।

इसके अगले दिन 17 जनवरी को पायलट बीकानेर जाएंगे जहां सुबह आठ बजे सर्किट हाउस में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह दोपहर बारह बजे पुरानी धान मंडी में एक किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

इसके बाद सचिन पायलट हनुमानगढ़ जिले में अमरपुरा थेड़ी में अपराह्न 4 बजे मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे हनुमानगढ़ में शाम को 6 बजे कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे।

भारत विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनेगा, जिसमें सेना का बड़ा योगदान होगा : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा है कि भारत आने वाले समय में विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनेगा, जिसमें सेना का बड़ा योगदान होगा।

डा पूनियां भारतीय सेना के शौर्यपूर्ण एवं गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने पर जयपुर में अमर जवान ज्योति स्मारक पहुंचकर सेना के शौर्य व जज्बे को सलाम एवं अभिनंदन करने के बाद आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि अमर जवान ज्योति पर उन असंख्य वीर शहीदों के नाम की इबारत लिखी हुई है, जिन्होंने भारत की एकता, अखंडता के लिये अपने जीवन का सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

उन्होंने सेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र की अक्षुण्णता एवं लोकतंत्र की उपलब्धि के बाद में भारत की सेना अपने आपमें दूसरी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने संसाधन के नाते और संख्या के नाते ही नहीं, गुणात्मक रूप से भी भारत की सेना ने वह सब अर्जित कर लिया जो किसी जमाने में केवल थ्री नॉट थ्री राइफल के नाम से जानी जाती थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के शासन में 94 हजार करोड़ के रक्षा उत्पादन के बजट के साथ आज 411 रक्षा उपकरण भारत की सेना बनाती है और यही नहीं 75 देशों को निर्यात भी करती है। अग्नि से लेकर ब्रह्मोस तक मिसाइलें स्वदेशी तकनीक का सहारा लेकर बन रही हैं।

डा पूनियां ने कहा कि आज महिलाएं फाइटर प्लेन और तोपों को भी अच्छे तरीके से संभाल रही हैं, इसलिए भारत की सेना ने अनेक अवसरों पर देश की बाहरी और भीतरी सुरक्षा को जिस तरीके से ताकत और अंजाम दिया है, लगता है कि भारत आने वाले समय में विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनेगा, जिसमें भारत की सेना का बड़ा योगदान होगा।

उन्होंने कहा कि नाम एवं अनाम शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और भारत की सेना के शौर्यपूर्ण 75 वर्ष पूर्ण होने पर उनके शौर्य और पराक्रम को जो पिछले दिनों कारगिल से लेकर तवांग और डोकलाम में पूरे विश्व ने देखा।

विराट कोहली का शतक, भारत ने श्रीलंका को रौंदकर सीरीज जीती

तिरुवनंतपुरम। रन मशीन विराट कोहली (166 नाबाद) और प्रतिभाशाली बल्लेबाज शुभमन गिल (116) के शानदार शतकों के बाद मोहम्मद सिराज (चार विकेट) की नायाब गेंदबाजी की बदौलत भारत ने श्रीलंका को तीसरे एकदिवसीय मैच में रविवार को 318 रन से रौंदकर सीरीज 3-0 से जीत ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 390 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में श्रीलंका मात्र 73 रन पर ढह गई।

कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में 46वीं बार 100 रन का आंकड़ा पार करते हुए सिर्फ 110 गेंदों पर 13 चौकों और आठ छक्कों के साथ 166 रन बनाए, जबकि अपना दूसरा शतक बनाने वाले गिल ने 97 गेंदों पर 14 चौकों और दो छक्कों के साथ 116 रन की पारी खेली।

कोहली के विराट शतक ने भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया, जिसके बाद सिराज ने अपनी घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। सिराज ने 10 ओवर में 32 रन देकर चार विकेट तो लिए ही, साथ ही उन्होंने चमिका करुणारत्ने को रनआउट भी किया। इसके अलावा मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए। यह एकदिवसीय क्रिकेट के इतिहास में जीत का सबसे बड़ा अंतर है। साथ ही यह खेल के इस प्रारूप में श्रीलंका का चौथा सबसे छोटा स्कोर भी है।

भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और संयम के साथ शुरुआत करते हुए तीन ओवरों में सिर्फ नौ रन जोड़े। गिल ने चौथे ओवर में दो चौके लगाकर हाथ खोले, जबकि अगले ओवर में उन्होंने कवर क्षेत्र में लगातार चार चौके जड़े। रोहित ने भी 10वें ओवर में पारी की रफ्तार बदलते हुए कसुन रजिता को दो छक्के और एक चौका लगाया जबकि भारत ने पहले पावरप्ले में 75 रन जोड़े।

श्रीलंकाई स्पिनरों ने पहला पावरप्ले समाप्त होने के बाद रनगति पर कुछ हद तक लगाम कसी। रोहित ने 16वें ओवर में तेज गेंदबाजी के लौटते ही प्रहार करना चाहा मगर पहली गेंद को चौके के लिये भेजने के बाद वह दूसरी गेंद पर कैचआउट हो गए। रोहित ने 49 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के लगाकर 42 रन बनाते हुए गिल के साथ 95 रन की साझेदारी की।

गिल ने इसके बाद भी पारी की लय नहीं रुकने दी, जबकि कोहली ने आते ही तीन चौके जड़कर उनका साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मध्य ओवरों में स्पिनरों का सामना करते हुए 131 रन की शतकीय साझेदारी की। गिल ने 52 गेंदों पर अर्द्धशतक पूरा करने के बाद पारी की रफ्तार बदली और सिर्फ 89 गेंदों पर सैकड़ा जमाया। अपना दूसरा शतक पूरा करने के बाद गिल ने चार गेंदों पर तीन चौके लगाए, हालांकि वह 116 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।

कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़ते हुए अपना 46वां एकदिवसीय शतक पूरा किया। यह पिछले चार एकदिवसीय मैचों में कोहली का तीसरा शतक है और अब वह खेल के इस प्रारूप में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले सचिन तेंडुलकर (49) से सिर्फ तीन शतक पीछे हैं। कोहली (12754) शतक पूरा करने के साथ-साथ एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में महेला जयवर्धने (12650) को पीछे छोड़कर पांचवें स्थान पर आ गए।

पारी के 42वें ओवर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना पेश आई जब जेफरी वांडरसे और आशेन बंडारा के बीच टक्कर हुई और दोनों को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। दूसरी ओर, अय्यर 32 गेंदों पर 38 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव भी बड़ा योगदान नहीं दे सके। कोहली ने हालांकि रन विस्फोट जारी रखा। उन्होंने 85 गेंदों पर अपना शतक पूरा करने के बाद अगली 25 गेंदों पर 66 रन बनाए, जिसकी बदौलत भारत ने आखिरी पांच ओवरों में 58 रन जोड़ते हुए 50 ओवर में 390/5 का स्कोर खड़ा किया।

श्रीलंका के लिए रजिता और कुमारा ने दो-दो विकेट लिए, हालांकि दोनों ने अपने 10 ओवरों में क्रमशः 81 और 87 रन लुटाए। वानिंदू हसरंगा 10 ओवर में 54 रन देकर श्रीलंका के सबसे किफायती गेंदबाज रहे, हालांकि उन्हें कोई विकेट हासिल नहीं हुआ।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के पास भारतीय गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था। सिराज ने पारी के दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज अविश्का फर्नांडो को स्लिप में कैच आउट करवाया। दो ओवर बाद सिराज की एक दर्शनीय गेंद कुसल मेंडिस के बल्ले को छूती हुई विकेटकीपर राहुल के हाथों में जा पहुंची।

नुवानिदू फर्नांडो ने 27 गेंदों पर चार चौकों लगाकर कुछ संघर्ष किया लेकिन सिराज ने उन्हें 19 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। वानिंदू हसरंगा को बोल्ड करने के बाद सिराज की करुणारत्ने से कुछ बात हुई और अगली ही गेंद पर उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाज को रनआउट कर दिया।

इस समय तक सिराज सात ओवर फेंक चुके थे। शमी की गेंद पर डुनिथ वेलालगे के आउट होने के बाद लाहिरू कुमारा श्रीलंका के आखिरी बल्लेबाज के रूप में उतरे। सिराज ने अपने अंतिम तीन ओवरों में कसुन रजिता के साथ छोटा सा द्वंद किया, हालांकि वह अपना पांचवां विकेट नहीं ले सके।

आखिरकार कुलदीप यादव ने कुमारा को बोल्ड किया और रिटायर्ड हर्ट बल्लेबाज अशेन बंडारा के मैदान पर न उतरने के कारण श्रीलंकाई पारी 73/9 पर समाप्त हुई। भारत ने इस जीत के साथ तीन एकदिवसीय मैचों की शृंखला क्लीन स्वीप कर ली। रोहित शर्मा की टीम अब 18 जनवरी से तीन एकदिवसीय मैचों में न्यूजीलैंड का सामना करेगी।

गोरक्षपीठाधीश्वर को महंत योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले चढ़ाई खिचड़ी

गोरखपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ बतौर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा मकर संक्रन्ति के अवसर पर रविवार को तडके सूर्य मकर राशि में प्रवेश होने पर शिवावतारी बाबा गोरक्षनाथ को सबसे पहले खिचड़ी चढ़ाई और साथ ही पडोसी देश नेपाल के राज परिवार द्वारा भेजी गई खिचडी चढाई गई जिसके बाद मंदिर का मुख्य कपाट खिचडी चढाने के लिए श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया।

शनिवार की रात से कतार में लगे श्रद्धालुओं का तांता शिवावतारी बाबा गोरखनाथ को खिचडी चढाना शुरू कर दिया तथा जनसैलाब उमड पडा। मंदिर प्रशासन द्वारा बनाए गए लम्बी-लम्बी कतारों में अमीर, गरीब, जाति, धर्म के भेद भाव को मिटाते हुए सभी एक मानव के रूप में जमा रहे। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्ययमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर परिसर में लगे 40 सीसीटीवी कैमरे के कंट्रोल रूम से बैठकर पूरी व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।

कोविड के कारण पिछले दो साल आंशिक प्रतिबंध में बाबा गोरखनाथ को खिचडी चढाई गई थी और इस वर्ष तमाम प्रतिबंधों से मुक्त वातावरण में श्रद्धालू खिचडी चढा रहे हैं। गोरखनाथ मंदिर के सचिव द्वारका तिवारी ने बताया कि तडके से दोपहर 12 बजे तक तक लगभग पांच श्रध्दालुओं ने खिचडी चढा चुके हैं और देर रात तक लगभग 20 लाख ये अधिक बाबा गोरखनाथ को खिचडी चढाने का अनुमान हैं।

खिचड़ी चढ़ाने के लिये पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, गुजरात तथा अन्य प्रान्तों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब गोरखनाथ मंदिर में एकत्र होते हैं। प्रतिवर्ष 14 या 15 जनवरी को सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही नाथ सम्प्रदाय के प्रसिद्ध शिवावतारी गोरक्षनाथ मंदिर में परम्परागत रूप से खिचड़ी चढ़ीने का क्रम शुरू हो जाता है। निर्धारित मुहूर्त में सबसे पहले गोरक्षपीठाधीश्वर द्वारा खिचड़ी चढ़ायी जाती है।

श्रद्धालु मंदिर परिसर में स्थित भीम सरोवर में पहले स्नान करते हैं और उसके बाद योगी गोरखनाथ का दर्शन करने के बाद खिचड़ी चढ़ाते हैं। इस भीम सरोवर में देश के सभी पवित्र नदियों का पानी डाला गया है। मकर संक्रांति के तैयारियों के सिलसिले में शहर के चौराहों तथा गलियों में चूड़ा, लाई, पट्टी, तिलकुट तथा गजक की दुकानें सजी है। मकर संक्रान्ति का पर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार तथा पड़ोसी देश नेपाल में यह पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।

आगरा का तिल ,लड्डू बिहार का तिलकुट, बंगाल का रामदाना, कानपुर की गजक एवं लखनऊ की रेवड़ी इस बार लोगों को खूब भा रही है। परम्परागत वस्तुओं के साथ ही साथ इस समय सजावटी सामानों की भी भरमार है।

जयपुर में 6 साल से नाबालिग बेटी की अस्मत से खेल रहा था सौतेला पिता

जयपुर। प्रदेश की राजधानी जयपुर में एक पिता बीते 6 साल से सौतेली नाबालिग बेटी की अस्मत से खेल रहा था। सौतेले पिता का नाबालिग बेटी ने विरोध भी किया पर दरिंदे पिता हवस के भेडिए की तरह उसे शिकार बनाता रहा। आखिरकार उसने अपनी मां को सौतेले पिता की करतूत के बारे में बताया।

हरमाड़ा थाने में पीड़िता की मां ने शुक्रवार रात एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने रेप और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि हरमाड़ा निवासी महिला ने नाबालिग बेटी से रेप का मामला दर्ज करवाया है। पहले पति से तलाक के बाद उसने दूसरी शादी की थी। वह अपनी बेटी के साथ दूसरे पति के साथ रहने लगी।

शिकायत में बताया कि साल 2016 में उसकी 10 साल की बेटी से सौतेले पिता ने पहली बार रेप किया। डर के कारण पीड़िता ने किसी को कुछ नहीं बताया। जिसके बाद मां के काम पर जाने के बाद आरोपी सौतेला पिता उसके साथ दरिंदगी करता था। गत 6 साल से आरोपी सौतला पिता नाबालिग बेटी से रेप करता रहा।

शिकायत में बताया गया कि सौतेले पिता ने करीब 6 दिन पहले भी नाबालिग बेटी से रेप का प्रयास किया था। पिछले दिनों उसकी मां की तबीयत खराब होने पर काम पर नहीं गई। घर पर बीमार मां से आरोपी जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान नाबालिग बेटी ने विरोध किया। बेटी ने मां के सामने कहा कि 6 साल तक तूने मुझे नहीं छोड़ा, अब तो रहम करो। बेटी की यह बात सुनकर मां दंग रह गई। नाबालिग बेटी से पूछने पर उसने सौतेले पिता की करतूत के बारे में मां को बताया। मां-बेटी ने शुक्रवार शाम थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

नेपाल में यात्री विमान हादसा, मलबे से 36 शव बरामद

काठमांडू। नेपाल में मध्य नेपाल के पोखरा क्षेत्र में रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए एक यात्री विमान के मलबे से कम से कम 36 शव बरामद किए गए। विमान में 72 यात्री सवार थे।

कास्की जिले के मुख्य जिला अधिकारी टेक बहादुर केसी ने दुर्घटनास्थल से बताया कि मलबे से छत्तीस शव निकाले गए हैं और आग बुझा दी गई है। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता जगन्नाथ निरौला ने बताया कि यति एयरलाइंस का एटीआर-72 विमान काठमांडू से पोखरा जा रहा था और उतरने से कुछ ही मिनट पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि विमान में 15 विदेशियों सहित 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।

अजमेर : एक करोड रूपए की अफीम बरामद, दो आरोपी अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थ के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक करोड़ रुपए की अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मांगलियावास थाना प्रभारी सुनील टाडा ने सीओ ग्रामीण इस्लाम खान के निर्देश पर ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही अफीम को जब्त किया। जब्त की गई अफीम का वजन 50 किलो 258 ग्राम बताया गया जिसकी कीमत एक करोड़ रुपए आंकी जा रही है। पुलिस ने जोधपुर निवासी दो अफीम तस्करों को भी गिरफ्तार कर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

सडक हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत

अजमेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बाइक के पेड स टकराने की वजह से दो युवकों की मौत हो गई। थाना प्रभारी सुधीर उपाध्यय के अनुसार कल देर शाम को पुलिस लाइन क्षेत्र के दो युवक एक राहगीर को बचाने के चक्कर में इमली के पेड़ से टकरा गए जिसमें पुलिस लाइन निवासी जयकिशन (30) तथा भूणाबाय निवासी कुशाल दग्दी (24) की दर्दनाक मौत हो गई।

सड़क हादसे का मुख्य कारण राहगीर को बचाने के चक्कर में तेज गति से पेड़ से टकरा जाना रहा। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद आज उनके परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि मृतक जयकिशन पुलिस लाइन में ही चतुर्थ श्रेणी कार्मिक था जो अपने पिता की एवज में वहां लगा था।

हैदराबाद के आठवें निजाम मीर मुक्कारम जाह का तुर्की में निधन

हैदराबाद। हैदराबाद के आठवें निजाम नवाब मीर बरकेट अली खान वालाशन मुकर्रम जाह बहादुर का शनिवार देर रात तुर्की के इस्तांबुल में निधन हो गया। वे 89 साल के थे। निजाम बहादुर का जन्म 1933 हुआ था और वह तुर्की चले गए तथा वहीं रह रहे थे।

विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि उनकी इच्छा थी कि उनका अंतिम संस्कार मातृभूमि यानी भारत में हो। इसी के मद्देनजर उनके बच्चों का 17 जनवरी को दिवंगत निजाम के पार्थिव शरीर को लेकर हैदराबाद आने का कार्यक्रम है। यहां आने पर उनके पार्थिव शरीर को चौमहल्ला पैलेस ले जाया जाएगा और आवश्यक अनुष्ठानों को पूरा करने के बाद आसफ जाही परिवार के मकबरे पर दफनाया जाएगा।

तेलंगाना कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद अली शब्बीर ने ट्वीट कर कहा कि उन्हें आठवें निज़ाम मीर मुक्कारम के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ है। उन्होंने तेलंगाना सरकार से आधिकारिक अवकाश घोषित करने और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पारिवारिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि मक्का मस्जिद में नमाज ए जनाजा अदा की जाएगी।