Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 405 -
होम ब्लॉग पेज 405

भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने 39 जगहों पर मारा छापा

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और अन्य चैनलाइज्ड भ्रष्टाचार की कथित सांठगांठ को लेकर देश भर में लगभग 39 स्थानों पर छापेमारी की।

जांच एंजेसी ने शुक्रवार को बताया कि सीबीआई ने रूप नगर, संगरूर, मोरिंडा, बस्सी पठाना फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, गुरदासपुर, बरनाला, मनसा, बठिंडा, सुनाम, बुढलाडा, (सभी पंजाब में), हरियाणा में अंबाला और गुरुग्राम, कर्नाटक के कोलार, चिक्काबल्लापुर, तमिलनाडु में चेन्नई, नई दिल्ली और चंडीगढ़ में आरोपियों के परिसरों पर छापे मारे। एजेंसी ने अब तक 1.03 करोड़ रुपए बरादम किए हैं।

जांच के दौरान सीबीआई ने एफसीआई डीओ, चंडीगढ़ के प्रबंधक (प्रयोगशाला) को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया और 16 जनवरी तक सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले एक डीजीएम (गुणवत्ता नियंत्रण/कार्मिक) आरओ, चंडीगढ़ और खरड़ (पंजाब) स्थित एक फर्म के मालिक को गिरफ्तार किया गया था और मौजूदा समय में दोनों सीबीआई हिरासत में हैं।

एजेंसी ने बताया कि एफसीआई के सेवारत 34 और सेवानिवृत्त तीन अधिकारियों, 17 निजी व्यक्तियों और अन्य संस्थाओं सहित 74 अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ऐसा आरोप है कि निजी लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए एफसीआई अधिकारियों को भारी मात्रा में रिश्वत दी गई थी।

आरोप यह भी है कि निजी चावल मिल मालिक और अनाज व्यापारी निम्न गुणवत्ता वाले खाद्यान्नों की खरीद को समायोजित करने, खाद्यान्नों को उतारने में दिन-प्रतिदिन के कार्यों में कदाचार, विभिन्न कदाचारों के खिलाफ जांच से बचने के लिए एफसीआई अधिकारियों को रिश्वत दे रहे थे।

आरोप यह भी है कि अधिकारियों ने राइस मिल मालिको के साथ साजिश में स्टॉक में कमी को कवर किया और कम गुणवत्ता वाले खाद्यान्न को स्वीकार किया, जिसे देश के अन्य हिस्सों में ले जाया गया था। इस मामले में जांच जारी है।

ऑस्ट्रेलिया टेस्ट के लिए ईशान किशन टीम में शामिल

मुंबई। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में शुरू होने वाली टेस्ट शृंखला के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम में शामिल किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ईशान को पहली बार टेस्ट स्क्वाड में शामिल किया गया है। सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल में भर्ती ऋषभ पंत की जगह स्क्वाड में आए ईशान इससे पहले 10 एकदिवसीय और 24 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ईशान रणजी ट्रॉफी में झारखंड के लिये खेलते हुए 82 पारियों में 2985 रन बना चुके हैं जिसमें छह शतक और 16 अर्द्धशतक शामिल हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के हालिया मुकाबले में केरल के खिलाफ 132 रन की शतकीय पारी खेली थी जिसके बाद उन्हें टेस्ट टीम में तलब किया गया है।

बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार पंत करीब छह महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। अगर ईशान इन दो टेस्ट मुकाबलों में मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें भविष्य में भी अनुभवी विकेटकीपर श्रीकर भरत पर तरजीह दी जा सकती है।

बीसीसीआई ने टेस्ट टीम में सूर्यकुमार यादव को भी शामिल किया है, हालांकि सरफराज खान से पहले सूर्यकुमार को खेल के सबसे लंबे प्रारूप में जगह देना कुछ सवाल खड़े करता है। सरफराज ने रणजी ट्रॉफी 2021-22 में नौ पारियां खेलकर 109.11 की औसत से 982 रन बनाये थे। इसके अलावा वह रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में भी 60.75 की औसत से 243 रन बना चुके हैं।

टेस्ट टीम में अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी शामिल किया गया है, हालांकि बीसीसीआई सचिव जय शाह के अनुसार जडेजा का एकादश में रहना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, सूर्यकुमार यादव।

इसी बीच, बीसीसीआई सचिव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 और एकदिवसीय शृंखलाओं के लिये भी टीम की घोषणा की। टी20 शृंखला के लिए विस्फोटक सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की टीम में वापसी हुई है। शाह ने बताया कि केएल राहुल और अक्षर पटेल पारिवारिक कारणों से न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर रहेंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, केएस भरत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज़ अहमद, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक।

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की टी20 टीम

हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक, शिवम मावी, पृथ्वी शॉ, मुकेश कुमार।

सबगुरु राशिफल : 14 जनवरी शनिवार को आपके भाग्य में यह होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। माघ मास , कृष्ण पक्ष, सप्तमी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 07.23 बजे बाद अष्टमी तिथि प्रारम्भ, मकर संक्रांति पर्व।

मेष :- आज कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कामकाज में सफलता मिलेगी। आज आपको प्रतियोगिता में आशाजनक परिणाम प्राप्त होंगे। बेवजह किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकते है। नवीन लोगों के साथ मित्रता होगी। नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा रहेगा। आज आपको भूमि, रियल एस्टेट या सांस्कृतिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित करने की जरूरत है। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेंगी। पिछले दिनों से चल रही लेन-देन की कोई बडी डील तय हो जाने की खुशी होगी। आज अगर आप किसी की गोपनीय बातें जान गए हो तो वे बातें किसी को भी न बताएं।

वृषभ :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुँचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

मिथुन :- आज का दिन आपके लिए लाभदायी रहेगा। खानपान का ध्यान रखें। समस्याओं का निराकरण होगा। व्यापार में प्रगति होगी। राजकाज से लाभ होगा। कार्य में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार को लेकर चल रही बातचीत एक नाजुक दौर में है, धैर्य रखें, और बहुत सोच-समझकर ही कदम आगे बढ़ाएं। जो चीज आपके लिए शौक भर थी, वह भी धनोपार्जन का मार्ग बन सकती है, लेकिन वहीं धन आने का कोई पुराना और भरोसेमंद जरिया धीरे-धीरे अपना ठिकाना बदल लेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है।

कर्क :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करना पड सकता है। मित्रों व अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। रोजी व रोजगार में किया गया निवेश लाभप्रद रहेगा। कुछ लोगों के जीवन में नये अवसर आयेंगे जिन्हे नजरअंदाज न करें अन्यथा बाद में आत्मग्लानि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। आज दूसरों की बातों को इधर से उधर करने से बचें। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। परिजनों का सहयोग करना पडेगा। मन चलायमान रहेगा।

सिंह :- आज नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। सम्बन्धों के प्रति त्याग से ही मधुरता आयेगी। परिवार में माहौद सुखद रहेगा। मन परेशान रहेगा, परन्तु कोई गलत निर्णय नहीं हो पायेगा। किसी अच्छे व्यक्ति की सलाह प्राप्त होगी। समस्या का निराकरण होगा। घर परिवार में वैचारिक मतभेद कम होने से जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। पहले की अपेक्षा आर्थिक स्थिति में मजबूती आएगी। महिलाएं सन्तान के प्रति अति संवेदनशीलता न रखें।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाये रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जाएगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा।

तुला :- आज परिवार में किसी से चल रहा मन-मुटाव खत्म हो जाएगा। संतान पक्ष की सफलता आज आपकी खुशियों को दोगुना कर देगी। किसी कीमती वस्तु की खरीददारी हो सकती है। घरेलू समस्याओं का निराकरण होगा। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहेगा। आज आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। आज आपको मन में आए नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं। आज का दिन बढ़िया रहेगा। मान-सम्मान और पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। किसी नए कार्य की शुरूआत हो सकती है।

वृश्चिक :- आज आप अपने नए काम में किसी करीबी जानकार की मदद ले सकते हैं, आपको फायदा जरूर होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा होगा। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। राजकाज में सफलता मिलेगी। मुकदमे में विजय के प्रबल योग हैं। काफी दिनों से चली आ रही किसी समस्या का समाधान होगा। आप जिस काम को काफी दिनों से टाल रहे हैं, उस अधूरे काम को आज पूरा करने के लिये भी दिन ठीक है। उगाही के लिए अच्छा दिन है। मित्रों और परिवारजनों के साथ आनंद प्राप्त होगा। शारीरिक और मानसिक लाभ के लिए ध्यान व योग फायदेमंद साबित होंगे।

धनु :- आज आप कम समय में काम को पूरा करने की कोशिश में कामयाब होंगे। आज बड़ा लाभ होगा। दुष्ट जन हानि पहुंचा सकते हैं। दिन की शुरुआत में थोडा समय धर्म में दें। आज किसी असहाय की मदद जरूर करें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें, अन्यथा उलझ सकते हैं। जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पडेगा। कठिन परिश्रम से लाभ होगा। स्वास्थ्य में हीनता रहेगी। स्वजनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पायेगा। नौकरी में संभलकर रहें। साथियों का सहयोग कम मिलेगा। ननिहाल पक्ष की तरफ से चिंताजनक समाचार आएगा।

मकर :- आज आपकी आकर्षक छवि मनचाहा परिणाम देगी। परिजनों के साथ होने वाली गलतफहमी से बचें। व्यर्थ में धन खर्च होगा। दिन सामान्य रहेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। राजपक्ष से संतुष्टि होगी। मानसिक उचाट और दुविधा के कारण महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे। रोमानी नजरिए से वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा दिन है। आत्मसम्मान में वृद्धि होगी। संतान से शुभ समाचार मिलेंगे। परिवारिक कार्य में भागदौड़ रहेगी। जरुरत से ज्यादा जज्बाती होना आपका दिन बिगाड़ सकता है।

कुंभ :- आज आपको काफी आरक्षित और सावधान रहने की जरूरत है। क्योकि कुछ लोग आपके रास्ते में बाधा बनने की कोशिश कर सकते हैं। रूके हुए कार्य में प्रगति होगी। व्यापार से लाभ होगा। नये मित्र बनेंगे। प्रसन्नता का समाचार मिलने का योग है। वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त होगा। आज आपको अपनी विशेषता के लिए खूब तारीफ मिलेगी। आपकी ऊंची बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। व्यक्तिगत संबंध संवेदनशील और नाजुक रहेंगे। ऐसे लोगों से साथ जुड़ें जो स्थापित हैं और भविष्य के रुझानों को समझने में आपकी मदद कर सकते हैं। मानसिक तनाव का शिकार हो सकते हैं।

मीन :- आज प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। दिनचर्या अच्छी रहेगी। धन का लाभ होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा हो सकता है। प्रियजन से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आज आपके कामकाज में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती है। घर में किसी को स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कते हो सकती है। घर में उल्लास का माहौल आपके तनावों को कम कर देगा। जीवनसाथी का बिगड़ता स्वास्थ्य आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

एयर इंडिया विमान में महिला ने खुद पेशाब किया, आरोपी शंकर मिश्रा की दलील

नई दिल्ली। न्यूयॉर्क और दिल्ली के बीच एयर इंडिया की उड़ान में महिला यात्री पर पेशाब करने के आरोप में गिरफ्तार शंकर मिश्रा ने अदालत से कहा है कि महिला ने खुद पेशाब किया और उसे झूठा फंसाया गया है।

शर्मा के वकील ने अदालत के समक्ष अपनी दलील पेश करते हुए कहा कि महिला प्रोस्टेट से संबंधित बीमारी से पीड़ित थी और उसने खुद पेशाब किया था। उन्होंने जोर दिया कि उनका मुवक्किल अभियुक्त नहीं है और कथित रूप से कोई आपत्तिजनक काम नहीं किया है।

इससे पहले अदालत ने गत सात जनवरी को मिश्रा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में देने का आदेश पारित किया है और उसकी जमानत अर्जी भी खारिज कर दी है। आरोप है कि मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को एयर इंडिया की फ्लाइट की बिजनेस क्लास में नशे की हालत में 70 वर्षीय एक महिला पर पेशाब किया था।

दिल्ली पुलिस ने मिश्रा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और भारतीय विमान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अदालत से कहा है कि मिश्रा इस मामले में असहयोग कर रहे हैं और जानबूझकर जांच में शामिल नहीं हो रहे हैं।

लापता महिला क्रिकेटर राजश्री स्वैन का शव पेड़ पर लटका मिला

भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस को लापता महिला क्रिकेटर राजश्री स्वैन का शव शुक्रवार को कटक जिले के गुरुदीजाटिया थाना क्षेत्र के घने जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। राजश्री कटक शहर के एक चयन शिविर से 11 जनवरी से ही अचानक लापता हो गई।

पुरी जिले के रामाचंडी पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले भुगांव की निवासी राजश्री उन 25 खिलाड़ियों में शामिल थीं जिन्हें पुड्डुचेरी में होने वाले सीनियर महिला वनडे क्रिकेट मैच के पहले तीन मैचों के लिए खिलाड़ी के रूप में चयन करने के लिए आयोजित एक शिविर में शामिल किया गया था।

राजश्री हालांकि, चयनित उम्मीदवारों की सूची में शामिल नहीं हुई लेकिन उनके दोस्तों का कहना है कि वह एक ऑलराउंडर थी। उम्मीदवारों का चयन होने के बाद, सभी खिलाड़ी अभ्यास के लिए टांगी के ड्रीम्स कॉलेज गए थे और राजश्री ने अपने कोच से कहा था कि वह अपने पिता से मिलने जा रही है लेकिन वापस नहीं लौटी।

उसके बाद उसका फोन बंद मिला और न तो वह अपने सीडीए घर गई और न ही अपने पिता से मिलने गई। इसके बाद उसकी कोच पुष्पांजलि बनर्जी ने मंगलाबाग थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। आज सुबह कुछ लोगों ने जंगल में एक स्कूटर देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस वहां पहुंची और पाया कि स्कूटर राजश्री का था। तलाशी के दौरान महिला क्रिकेटर का शव स्कूटर से लगभग 200 मीटर दूर एक पेड़ पर लटका हुआ मिला।

कटक डीसीपी पिनाक मिश्रा ने कहा कि परिवार के लोगों द्वारा शव की पहचान करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया जाएगा। उसके पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या हुई है क्योंकि उसके सिर और पलक पर चोट के निशान थे। डीसीपी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

सवाईसिंह हत्याकांड : 2 शार्प शूटर सहित 3 भरतपुर से अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के पुष्कर के बांसेली स्थित युवा रिसोर्ट में सात जनवरी को हुए बहुचर्चित सवाई सिंह हत्याकांड मामले में पुष्कर थाना पुलिस ने दो शार्प शूटर सहित तीन को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

अजमेर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने पत्रकारों को बताया कि पुष्कर थाना पुलिस, सीओ ग्रामीण स्पेशल टीम एवं साइबर टीम के संयुक्त प्रयासों से इस हत्याकांड से जुड़े आकाश सोनी उर्फ गोल्डी तथा दो शूटर कपिल एवं विकास को भरतपुर से गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार सूर्यप्रताप एवं विनय के समक्ष इन आरोपियों से आमने सामने की पूछताछ के बाद अन्य रहस्यों का खुलासा होगा। मामले से जुड़े एक अन्य सूर्यप्रताप के भाई धर्मप्रताप की भी पुलिस को तलाश है।

कंझावला मामला : लापरवाही के आरोप में दिल्ली के 11 पुलिसकर्मी सस्पेंड

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर और 1 जनवरी की रात की घटना के मामले में 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एक जनवरी की सुल्तानपुरी घटना के मद्देनजर सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित पीसीआर और रूट पर तैनात रोहिणी जिले के कुल 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह सभी घटना वाले दिन पुलिस नियंत्रण कक्ष और घटना स्थल वाले इलाके में तैनात थे।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में से पांच कर्मी दो पिकेट पर और छह तीन पीसीआर पर तैनात थे। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात दो उपनिरीक्षक, चार सहायक उपनिरीक्षक, चार प्रधान आरक्षक तथा एक आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय ने तीन पीसीआर और दो पुलिस पिकेट में तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी।

पुलिस ने इस मामले में 2 जनवरी को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बाद में पुलिस ने दो और लोगों को कथित तौर पर वास्तविक तथ्यों को छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिनमें से एक आरोपी जमानत पर रिहा हो चुका है।

उल्लेखनीय है कि 31 दिसंबर की रात एक कार ने कंझावला-सुल्तानपुरी स्कूटी सवार 20 वर्षीय लड़की को टक्कर मार दी थी और उसे 12 किलोमीटर तक घसीटा गया था। इस घटना में लड़की की मौत हो गई थी।

राजस्थान में स्वास्थ्य क्षेत्र में लगभग 32000 पदों पर होगी भर्तियां

जयपुर। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में 31 हजार 827 पदों पर भर्ती के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।

इनमें 1765 चिकित्सक, 7860 नर्सिंग ऑफिसर, 2880 फार्मासिस्ट, 3739 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, 1090 सहायक रेडियोंग्राफर तथा 2205 लैब टेक्नीशियन सहित कुल 19539 नियमित पद एवं 12288 संविदा पद शामिल हैं।

गहलोत की इस मंजूरी से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, राजमेश तथा झालावाड़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नियमित रिक्त पदों पर संबंधित सेवा नियमों के अनुसार भर्ती हो सकेगी। उक्त विभागों में रिक्त संविदा पदों पर राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स-2022 के तहत भर्ती की जाएगी।

इन विभागों में कोविड महामारी के दौरान मार्च, 2020 से मार्च, 2022 तक संविदा/तदर्थ आवश्यक अस्थाई आधार पर कार्यरत रहे तथा वर्तमान में भी कार्यरत कार्मिकों को आने वाली भर्तियों में बोनस अंक दिए जाएंगे।

संविदा/आवश्यक अस्थाई आधार पर नियुक्त कार्मिक को दो वर्ष से कम कार्य अवधि पर 15, दो से तीन वर्ष की कार्य अवधि पर 20 तथा तीन वर्ष या इससे अधिक कार्य अवधि पर 30 बोनस अंक दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के इस निर्णय से स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे कोविड महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले कोविड स्वास्थ्य सहायकों एवं अन्य कार्मिकों को भी नौकरी प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री की मेडिकल हैल्थ वॉलेन्टीयर फॉर्स के गठन की बजट घोषणा का प्रभावी क्रियान्वयन भी हो सकेगा।

बदलते भारत में युवाओं को तय करनी होगी अपनी भूमिका : शेखावत

जोधपुर में एबीवीपी का 58वां अधिवेशन
जोधपुर। स्थानीय सांसद और केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत आज बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इस बदले हुए दौर में देश के युवाओं को भी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय करनी होगी, ताकि 25 साल बाद जब वे आजादी की सौंवी वर्षगांठ मनाएं, तब वे देश के प्रति अपने योगदान पर गर्व कर सके।

शेखावत शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 58वें अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवर्तन तो शास्वत है, लेकिन संपरिवर्तन कभी-कभी ही होता है। आज इसी संपरिवर्तन या बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इस दौर में देश के विकास में सबको विशेष कर युवाओं को अपना अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि आज हमें भारतीय होने पर गर्व होता है। भारत एक नए मुकाम पर खड़ा है। सफलताओं के नित नूतन अध्याय लिखे जा रहे हैं। इस सफलता की अधिकारी केवल सरकारें ही नहीं है। एबीवीपी जैसी सामाजिक संस्थाएं भी हैं, जिन्होंने नेपथ्य में रहकर संस्कार युक्त पीढ़ी का सर्जन किया है। देश को यहां तक पहुंचाने में अपनी महती भूमिका का निर्वहन किया।

शेखावत ने राजस्थान के इतिहास को याद करते हुए कहा कि राजस्थान वीरों की धरती है। स्वतंत्रता के आंदोलन और देश के इतिहास में से यदि राजस्थान का इतिहास निकाल दिया जाए तो इतिहास पढ़ने के लिए बहुत कम पन्ने रहेंगे। हजारों वर्षों तक भारत की सभ्यता, संस्कृति पर आक्रमण हुए। उनको देश के युवाओं ने अपने बलिदानों से पराभव किया। हमारी संस्कृति के मानदंडों को अक्षुण्ण बनाए रखा।

उनमेें वीर दुर्गादास जैसे युवा नायक भी हुए, जिन्होंने अपने राज्य की भूमि को बचाकर राजा को वापस लौटा दी और खुद क्षिप्रा के तट पर संन्यासी सा जीवन जिए। आजादी की लड़ाई में अनेक लोगों ने दुर्गादास बनकर संघर्ष किया। अपनी व्यक्तिगत महात्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर देश के लिए काम किया। राष्ट्र की वेदी पर अपने आप को आहूत किया। आज हमें बलिदान नहीं, योगदान देने वाले युवाओं की जरूरत है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे देश के प्रति योगदान में अपनी रचनात्मक भूमिका तय करें। आज हम आजादी के अमृत काल में प्रवेश कर चुके। आजादी के 75 साल तक की इस यात्रा में आज हमारे सामने यह आकलन करने का अवसर है कि स्वतंत्रता सैनानियों ने जिस भारत की कल्पना की थी, क्या हम उसके साथ न्याय कर पाए। तब हमें एक संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा कि जो कुछ अब तक नहीं कर पाए कि उसे आगामी 25 साल में पूरा कर विकसित भारत का निर्माण करने मे अपना योगदान देंगे। हमें अपने राष्ट्र भक्ति से भरे कर्म से बलिदानियों को श्रद्धांजलि देनी होगी। ऐसे समय में जब भारत बदलने के रास्ते में चल पड़ा है। तब निश्चित ही हम सब लोगों का दायित्व और जिम्मेदारी कई गुना बढ़ जाती है।

देश की जरूरतों के अनुकूल शिक्षा नीति बनी

नई शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की आवश्यकताओं के अनुकूल शिक्षा नीति बनी है। अंग्रेजों के शासन काल में मैकाले ने ऐसी शिक्षा नीति तैयार की, जो उस दौर के शासन के लिए बाबू तैयार कर सके। आजादी के बाद दो बार भारत की शिक्षा नीति बनी, तब दोनोंं ही बार यह ध्यान रखा गया कि जिस प्रकार के कर्मचारी सरकारों को चाहिए, वैसे लोग तैयार हो सके। पहली बार ऐसी शिक्षा नीति बनी है, जो देश के अनुकूल है।

यंग इंडिया रन में हुए शामिल

केन्द्रीय मंत्री शेखावत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाजमुयो जोधपुर देहात दक्षिण द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ “यंग इंडिया रन” में शामिल हुए। उन्होंने शास्त्री नगर सर्किल पर यंग इंडिया रन को हरी झंडी दिखाई। शेखावत ने कहा कि युवाओं का उत्साह देख कर खुशी हुई। महन्त प्रतापपुरी महाराज, पूर्व मंत्री कमसा मेघवाल सहित मोर्चा पदाधिकारी मौजूद रहे।

पूर्व सांसद डी मस्तान की हत्या के आरोप में छोटा भाई घोस बाशा अरेस्ट

चेन्नई। राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं तमिलनाडु राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष डी मस्तान की पारिवारिक सम्पति के विवाद में हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उनके छोटे भाई घोस बाशा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के आधार पर पूर्व सांसद डी मस्तान (66) के परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गौस बाशा को उनके उत्तरी चेन्नई उपनगर रेड हिल्स स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में पता चला कि भाइयों में संपत्ति विवाद था। घोस बाशा की शह पर उसके दामाद इमरान ने मस्तान की हत्या कर दी। मस्तान 1995 से 2001 तक एआईएडीएमके के राज्यसभा सदस्य थे। इस मामले में घोस बाशा के दामाद इमरान सहित पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

मस्तान की मृत्यु 22 दिसंबर 2022 को हुई थी और शुरू में यह दावा किया गया था कि कार में यात्रा करते समय दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई थी। उन्हें चेंगलपट्टू के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

मस्तान के बेटे ने नाक पर चोट और चेहरे पर नाखून के निशान देखेने बाद में गुडुवानचेरी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया। जांच में मस्तान की हत्या उनके रिश्तेदारों और दोस्तों ने आर्थिक विवाद को लेकर खुलासा हुआ।