Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 408 -
होम ब्लॉग पेज 408

पानीपत में गैस सिलिंडर फटने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत

पानीपत। हरियाणा में पानीपत के बिचपड़ी चौक इलाके में गुरुवार सुबह खाना बनाते समय रसोई में गैस सिलिंडर फटने से लगी आग की चपेट में आकर पति-पत्नी और उनके चार बच्चों की जिंदा जलने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राधा फैक्ट्री वाली गली नंबर- 4 में जयभगवान के मकान के ऊपरी मंजिल में पश्चिम जिला उत्तर दिनादपुर ग्राम गैंबल पश्चिम बंगाल निवासी अब्दुल करीम उम्र (45 साल) और अपनी पत्नी अफरूजा (40 साल) अपनी 20 साल व 17 साल की बेटियों तथा 12 साल व 10 साल के बेटों के साथ किराए पर रह रहा था। पति -पत्नी पास की ही एक फैक्ट्री में काम करते थे। फैक्ट्री जाने से पहले सुबह करीब छह बजे अफरूजा कमरे के अंदर रखे गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी बीच लीकेज के चलते सिलिंडर में आग लग गई।

आग की चपेट में आकर सिलिंडर फट गया और पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि रसोई में काम कर रही हो अफरूजा के अलावा पास ही चारपाई पर सो रही उनकी दोनों बेटियों और दोनों बेटों को संभलने का मौका नहीं दिया। अब्दुल करीम ने अपने परिवार को बचाने की भरसक कोशिश की मगर वह भी आग की चपेट में आ गया। आग लगी देखकर पड़ोसी उन्हें बचाने के लिए कमरे की ओर दौड़े, लेकिन किसी को भी बचाया नहीं जा सका।

बताया जाता है कि अब्दुल करीम इस मकान में करीब डेढ़ साल से रह रहा था। उसकी बड़ी बेटी की शादी तय हो चुकी थी। इस हादसे के बाद आसपास के इलाके में माहौल बेहद गमगीन हो गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है।

रामसेतु : सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने ‘रामसेतु’ को राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा देने की मांग वाली भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका पर केंद्र सरकार को फरवरी के पहले सप्ताह तक अपना जवाब दाखिल करने का समय दिया है।

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने गुरुवार को राज्यसभा सांसद डॉ. स्वामी की संक्षिप्त दलीलें सुनने के बाद सरकार को फरवरी के प्रथम सप्ताह तक अपना जवाबी हलफनामा दायर करने का आदेश दिया। शीर्ष अदालत इस मामले में अगली सुनवाई फरवरी के दूसरे सप्ताह में करेगी।

डॉ. स्वामी ने पीठ के समक्ष दलील देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल ने 12 दिसंबर तक अपना जवाब दाखिल करने को वचन दिया था, लेकिन उस पर अमल नहीं किया गया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा अदालत के समक्ष दिए गए वचन का पालन नहीं करने पर केंद्रीय कैबिनेट सचिव को समन जारी करने की मांग की, लेकिन पीठ ने उनकी इस गुहार को अस्वीकार कर दिया।

डॉ. स्वामी ने भारत और श्रीलंका के बीच मौजूद खाड़ी में तमिलनाडु के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित चट्टानों से निर्मित ‘रामसेतु’ को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग करते हुए 2007 में एक याचिका दायर की थी। हिंदू धर्म में विश्वास रखने वाले बहुत से लोगों का मानना है कि ये चट्टानें रामायण काल की हैं।

केंद्र सरकार ने 2021 में यह पता लगाने के लिए शोध की अनुमति दी थी कि रामसेतु मानव निर्मित है या नहीं। इसके अलावा इसके बनने का समय क्या है और क्या यह रामायण के दौर से मिलता है।

भाजपा नेता घूस लेते कैमरे में कैद, कांग्रेस ने जारी किया वीडियो

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने आज एक वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया कि आगरमालवा जिले में भारतीय जनता पार्टी का एक स्थानीय नेता पांच लाख रुपए की रिश्वत ले रहा है।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने ट्वीट के जरिए लगभग 50 सैकंड का एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि आगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष, आत्महत्या के मामले में आरोपी से पांच लाख रुपए लेते कैद। उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में हाल ही में कानून व्यवस्था से जुड़ी कुछ घटनाओं का भी जिक्र किया और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

मिश्रा ने लिखा है कि सागर से आगर बेहाल। पन्ना में अवैध उत्खनन, खनिज मंत्री के भाई ने चलायी गोली। टीकमगढ़, उत्खनन विवाद, भाजपा विधायक समर्थकों ने पुलिस को पीटा।

नर्मदापुरम, भाजपा के दो गुटों में रिवाल्वर निकली। आगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष, आत्महत्या के मामले में आरोपी से 5 लाख लेते कैद।सागर में एएसआई अपहरण। गुंडाराज। कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं ने भी कथित रूप से रिश्वत लेते हुए भाजपा नेता का वीडियो वायरल किया है।

सबगुरु राशिफल : 12 जनवरी गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। माघ मास, कृष्ण पक्ष, पंचमी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 04.37 बजे बाद षष्ठी तिथि प्रारम्भ, विवेकानंद जयंती।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएं बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें , और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

कोटा में प्रॉपर्टी डीलर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

कोटा। राजस्थान के कोटा के रेलवे कॉलोनी इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि कोटा की रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की बापू कॉलोनी में रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर शॉमित लॉरेंस (28) ने कल रात को किसी समय अपने कमरे में फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर ली जिसका शव आज सुबह उस समय बरामद हुआ।

आज जब सुबह 10 बजे तक भी वह सो कर नहीं उठा और बार-बार खटखटाने पर भी उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिवारजनों ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो वह फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। परिवारजन उसे फंदे से उतारकर कोटा के एमबीएस अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक के पास से कोई मृत्यु पूर्व लिखा पत्र बरामद नहीं हुआ है, लेकिन कुछ समय पहले उसका एक रोड एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उसे काफी चोट लगी थी, तब से ही वह काफी परेशान था। पुलिस आत्महत्या करने के कारणों की जांच कर रही है।

आप सांसद संजय सिंह को 3 महीने की सश्रम सजा, 1500 रुपए जुर्माना

सुलतानपुर। सांसद-विधायक (एमपी/एमएलए) विशेष अदालत ने बुधवार को आम आदमी पार्टी नेता एवं राज्‍य सभा सांसद संजय सिंह, समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अनूप संडा समेत चार अन्य नेताओं को तीन महीने की सजा और 1500-1500 रुपए का जुर्माना लगाया।

एमपी/एमएलए विशेष अदालत ने 21 साल पहले 2001 में बिजली कटौती को लेकर आंदोलन के दौरान मुख्य मार्ग को जाम कर विभागीय अधिकारियों से अभद्रता करने के मामले में यह सजा सुनायी है।

अभियोजन पक्ष ने बुधवार को यहां बताया कि सुलतानपुर दीवानी न्यायालय के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, विशेष एमपी/एमएलए अदालत के न्यायाधीश योगेश कुमार यादव ने मामले की सुनवाई करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह, समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश प्रवक्ता अनूप सूंडा, भाजपा नेता सुभाष चौधरी, नामित सभासद विजय कुमार, कांग्रेस नेता कमल श्रीवास्तव संतोष कुमार को भारतीय दंड संहिता की धारा-143 के तहत दोषी करार दिया।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह को तीन माह की सजा और 1000 का जुर्माना लगाया गया है, वहीं दूसरे मामले में एक माह की सजा और 500 रुपए जुर्माना लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर 10 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। सजा की सुनवाई के दौरान राज्यसभा सांसद भी मौजूद रहे।

न्यायालय में मौजूद राज्यसभा सांसद ने भाजपा सरकार की अव्यवस्था को आंदोलन के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि वे इस सजा के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील करेंगे। उन्होंने बताया कि 2001 में भाजपा की सरकार थी। उस समय 36 घंटे बिजली पानी नहीं होने पर हम लोगों ने प्रदर्शन किया था और 36 घंटे ब्लैक आउट के बाद लोकतांत्रिक ढंग से हमने बिना किसी व्यवस्था को क्षति पहुंचाए आंदोलन किया था।

इस मामले में 21 साल बाद सजा सुनाई जा रही है। जिसमें मेरे साथ पूर्व विधायक अनूप संडा, भाजपा के नगर अध्यक्ष रहे सुभाष चौधरी और सभासद विजय सेक्रेटरी, कांग्रेस नेता और पूर्व सभासद कमल, पूर्व नगर प्रवक्ता संतोष चौधरी भी शामिल है। मुद्दों को लेकर हमारी लड़ाई जारी रहेगी। इस सजा के खिलाफ हम उच्च न्यायालय में अपील करेंगे।

अहमदाबाद में बटर फ्लाय इंक कंपनी में लगी भीषण आग

अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद जिले के एक गांव में इंक कंपनी में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई।

डिवीजनल अग्नि शमन अधिकारी इनायत शेख ने बताया कि बाकरोल गांव में दोपहर बाद पावन इंडस्ट्रियल एस्टेट में बटर फ्लाय इंक नामक कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की 19 गाड़ियों के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम सात बजे आग पर काबू पा लिया।

इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। लेकिन वहां पड़ा सामान जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट के कारण वहां रखे केमिकल और सोलवंट भरे डिब्बों में भी भीषण आग लग गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूरत में सीटी बस में लगी भीषण आग

सूरत शहर के एक गांव के निकट बुधवार को एक सिटी बस में अचानक लगी आग में बस जल कर खाक हो गयी। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन विभाग के कर्मी ने बताया कि सूरत रेलवे स्टेशन से सायण रेलवे स्टेशन की ओर जा रही ब्लू सिटी बस में डीआरजीडी स्कूल के निकट अपराह्न भीषण आग लग गई।

सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियों के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान बस आग में जलकर खाक हो गयी। लेकिन बस चालक की सूझबूझ से बस सवार 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बस से उतार लिया गया। उन्होंने बताया कि बस की बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग लग होगी। पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

भरूच-सूरत मेमू ट्रेन 12 जनवरी को रहेगी निरस्‍त

भरूच–सूरत मेमू ट्रेन 12 जनवरी को निरस्‍त रहेगी। जनसंपर्क अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पश्चिम रेलवे की सूरत-वड़ोदरा रेल खंड के सायन–कोसंबा के बीच 12 जनवरी गुरुवार को इंजीनियरिंग ब्लॉक के कारण 09082 भरुच-सूरत मेमू ट्रेन को निरस्‍त किया गया है। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया है कि कृपया अपनी यात्रा के दौरान उपरोक्त बदलाव को ध्यान में रखें।

लग्ज़री इलेक्ट्रिक सेडान बीवाईडी सील का अनावरण

नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी बीवाईडी ने भारतीय ऑटो एक्सपो 2023 में अपना नया लक्ज़री मॉडल बीवाईडी सील और फॉरेस्ट ग्रीन रंग की बीवाईडी एटीटीओ 3 का लिमिटेड एडिशन प्रदर्शित किया।

ऑटो एक्सपो 2023 में बीवाईडी इंडिया का थीम ‘एक बेहतर जीवन के लिए प्रैद्योगिकीय नवाचार’ और इसका प्रदर्शन क्षेत्र 4 हिस्सों में बंटा है। ग्राहक बीवाईडी के उच्च-गुणवत्ता वाले उत्पादों और इसकी अल्ट्रा-सेफ ब्लेड बैटरी, ई-प्लेटफ़ॉर्म 3.0 को देख सकते हैं, जिसे विशेष रूप से अगली पीढ़ी के इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य परिवहन नवाचारों के लिए डिज़ाइन किया गया है।

इस अवसर पर बीवाईडी इंडिया के इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय गोपालकृष्णन ने कहा कि इंडियन ऑटो एक्सपो हमारे लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण मंच है। हम बेहतर जीवन के लिए प्रौद्योगिकीय नवाचारों के माध्यम से अपने उत्पादों और प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित कर सकें, हमें इसकी खुशी है।

इलेक्ट्रिक लक्ज़री सेडान बीवाईडी सील के अनावरण के साथ, और बीवाईडी एटीटीओ 3, ब्लेड बैटरी और ई-प्लेटफ़ॉर्म 3.0 के लिमिटेड एडिशन के लॉन्च के साथ, हम भविष्य की ईवी प्रौद्योगिकियों के माध्यम से भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन खंड के विकास में योगदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं।

उन्होंने कहा कि आज, हमें यह घोषणा करते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि बीवाईडी एटीटीओ 3 के पहले बैच की डिलीवरी शुरू हो गई है। इस वर्ष में, हम बीवाईडी एटीटीओ 3 और बिलकुल नए ई 6 के 15,000 यूनिट्स बेचने की योजना बना रहे हैं। बीवाईडी एटीटीओ 3 की बुकिंग बहुत उत्साहजनक रही है, और हम जनवरी 2023 से पहली डिलीवरी शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

चीफ जस्टिस पीबी वराले ने एमबीबीएस छात्रों काे लगाई कड़ी फटकार

बेंगलूरु। कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पीबी वराले मंगलवार को सुवाई के दौरान ‘अनावश्यक चैंटिंग’ में व्यस्त मेडिकल स्नातक छात्रों को कड़ी फटकार लगाई।

सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि राजीव गांधी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरजीयूएचएस) के मेडिकल स्नातक छात्र जो उच्च न्यायालय की कार्यवाही ऑनलाइन देख रहे थे, वे अनावश्यक चैटिंग में लगे हुए थे। यह घटना मंगलवार को उस वक्त हुई जब न्यायमूर्ति वराले ने कहा कि छात्रों को पूछताछ के दौरान शालीनता बनाए रखनी चाहिए।

मुख्य न्यायाधीश वराले की अध्यक्षता वाली खंडपीठ वर्ष 2022 में आयोजित एमबीबीएस डिग्री परीक्षा के मूल्यांकन के संबंध में आरजीयूएचएस द्वारा दायर अपील पर सुनवाई कर रही थी। कार्यवाही का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रसारण किया गया।

इसी बीच कुछ छात्र जूम एप के माध्यम से कार्यवाही देख रहे थे और बिना ऑडियो म्यूट किए बातचीत में लगे हुए थे। कोर्ट अधिकारी ने उन्हें ऑडियो म्यूट करने की चेतावनी दी, लेकिन छात्र ‘चैटिंग’ कर उन्हें परेशान करते रहे।

कोर्ट के अधिकारी ने मामले की सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस में छात्रों द्वारा साझा किए गए संदेशों को मुख्य न्यायाधीश के संज्ञान में लाया। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए छात्रों की ओर से मौजूद वकीलों पर नाराजगी जताई।

न्यायमूर्ति वराले ने कहा कि कार्यवाही देखते समय विनम्र रहें। छात्रों को अदालत के शिष्टाचार और व्यवहार करने के तरीके के बारे में सूचित किया जाना चाहिए। आपको कोर्ट में वैसा व्यवहार नहीं करना चाहिए जैसा आपने कॉलेज में किया। उन्होंने मौखिक रूप से छात्रों को सावधान रहने का भी सुझाव दिया।

आरएसएस की विचारधारा देश के लिए खतरा : असदुद्दीन ओवैसी

हैदराबाद। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा देश के भविष्य के लिए खतरा है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत द्वारा आरएसएस से जुड़ी पत्रिकाओं ‘ऑर्गनाइजर’ और ‘पांचजन्य’ को दिए गए साक्षात्कार पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि जितनी जल्दी देश के लोग वास्तविक आंतरिक दुश्मनों की पहचान कर लेंगे, उतना ही अच्छा रहेगा। भागवत ने साक्षात्कार में कहा था कि मुसलमानों को भारत में डरने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन उन्हें अपने वर्चस्व के दावे का त्याग करना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में रहने वाले मुसलमानों को कोई खतरा नहीं है। अगर वे अपने विश्वास पर कायम रहना चाहते हैं, तो वे रह सकते हैं और अगर वे अपने पूर्वजों के विश्वास में वापस लौटना चाहते हैं, तो वे लौट सकते हैं। यह पूरी तरह से उनकी इच्छा पर निर्भर है। हिंदुओं में इस प्रकार की कोई जिद नहीं है। इस्लाम को डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। लेकिन साथ ही, मुसलमानों को वर्चस्व की अपनी तीखी बयानबाजी का त्याग करना चाहिए।

ओवैसी ने कहा कि मोहन भागवत कौन होते हैं जो मुसलमानों को भारत में रहने या धर्म का पालन करने की ‘अनुमति’ देते हैं? हम भारतीय हैं क्योंकि अल्लाह ऐसा चाहते है। भागवत को हमारी नागरिकता पर ‘शर्तें’ रखने की हिम्मत कैसे हुई? हम इस देश में अपने विश्वास को ‘एडजस्ट’ करने या नागपुर में कथित ब्रह्मचारियों के एक समूह को खुश करने के लिए नहीं रह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भागवत कहते हैं कि भारत को बाहरी खतरा नहीं है लेकिन संघ के लोग दशकों से आंतरिक शत्रुओं और युद्ध की स्थिति का रोना रो रहे हैं और लोक कल्याण मार्ग में उनके स्वयं के स्वयंसेवक कहते हैं, ना कोई घुसा है .. चीन के लिए यह चोरी और देश के नागरिकों के लिए सीनाज़ोरी ऐसा क्यों? अगर हम वास्तव में युद्ध की स्थिति में हैं, तो क्या स्वयंसेवक सरकार पिछले आठ वर्षों से ज्यादा समय से सो रही है।

ओवैसी ने कहा कि कोई भी सभ्य समाज धर्म के नाम पर इस प्रकार की नफरत और कट्टरता को बर्दाश्त नहीं कर सकता है। किसने भागवत को हिंदुओं का प्रतिनिधि चुना है, क्या वे 2024 का चुनाव लड़ रहे हैं, तो उनका स्वागत है।

हैदराबाद के लोकसभा सांसद ने कहा कि बहुत से हिंदू हैं जो आरएसएस द्वारा सर्वोच्चता के लिए उग्र बयानबाजी को महसूस करते हैं, सभी अल्पसंख्यक कैसा महसूस करते हैं उसे रहने दें। उन्होंने कहा कि अगर आप अपने ही देश में विभाजन की स्थिति उत्पन्न करने में व्यस्त हैं तो आप दुनिया में वसुधैव कुटुम्बकम की बात नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दूसरे देशों के सभी मुस्लिम नेताओं को गले लगाते हैं लेकिन अपने देश में एक भी मुस्लिम को गले नहीं लगाते दिखते हैं।