Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 410 -
होम ब्लॉग पेज 410

सबगुरु राशिफल : 10 जनवरी मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। माघ मास, कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 12.09 बजे बाद चतुर्थी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि: आपके लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। आज आप खूब मनोरंजन करेंगे। मित्रों के साथ आज का दिन बहुत अच्छी तरह से बीतेगा। वस्त्र, भूषण तथा भोजन का अच्छा सुख प्राप्त होगा। आपकी मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ के भी संयोग हैं। कार्यस्थल पर मित्रों से भरपूर सहयोग मिल सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।

वृषभ राशि: आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ है। आज सारे कार्य आपके अनुकूल होंगे। घर का वातावरण आनंदप्रद रहेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थता और मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। नौकरी और व्यावसायिक स्थल पर वातावरण अनुकूल रहेगा। आपका अपेक्षित सहकार मिलेगा। मायके से अच्छे समाचार आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता बरतें।

मिथुन राशि: आपके लिए आज का दिन प्रतिकूल रहने के आसार बने हुए हैं। स्वभाव में रहा हठीलापन छोडऩा आपके हित में रहेगा। अधिक भावुकता के कारण मन में अस्वस्थता का अनुभव होगा। सामाजिक रूप से सम्मान का भंग न हो इसका ध्यान रखिएगा। घर और संपत्ति से जुड़े कार्यों में आज संभलकर चलें। माता से लाभ होगा। विद्या प्राप्ति के लिए आज का दिन अनुकूल है। आर्थिक आयोजन भी अच्छी तरह से होंगे।

कर्क राशि: आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ है। आज आप आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। सृजनात्मक शक्ति में वृद्धि होगी। विचारों में स्थिरता तथा मन में दृढ़ता रहने से आप अपना कार्य बहुत अच्छी तरह से कर सकेंगे। मित्रों के साथ आयोजन करेंगे। भाई-बंधुओं के साथ संबंधों में निकटता आएगी। सामाजिक रूप से मान-सम्मान में प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि: आपके लिए आज का दिन ठीक नहीं रहेगा, इसलिए संभलकर चलने की आवश्यकता है। आपको आज अपनी वाणी और वर्तन के कारण भ्रांति खड़ी न हो, इसका विशेष ध्यान रखना होगा। आवेश और उग्रता के कारण किसी से तकरार न हो जाए इसका ध्यान रखें। स्वास्थ्य अच्छा नहीं रहेगा। खासकर आंखों की पीड़ा हो सकती है। अकस्मात का योग है। परिवारजनों के साथ कलह होने की संभावना है। आज आय कम और खर्च अधिक होगा। ईश्वर का ध्यान और आध्यात्मिकता से मन शांत होगा।

कन्या राशि: आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। आज आपको अपने निजी विचारों को छोडक़र सगे-संबंधियों के परिचितों की सलाह लेकर काम करने की आवश्यकता है। घर के तथा परिजनों के कार्य करते समय समाधानकारी व्यवहार अपनाना उचित रहेगा। वाणी पर संयम बरतिएगा, नहीं तो किसी से वाद-विवाद या मनमुटाव हो सकता है। समयानुसार, भोजन भी मिलने की संभावना कम है। खर्च पर संयम रखने से निरर्थक खर्च टाल सकेंगे। आर्थिक विषयों में सावधानी बरतिएगा।

तुला राशि: आज का दिन आपके लिए शुभ है। आज आपके कार्यक्षेत्र में आपका प्रभाव आज पड़ेगा। उच्च अधिकारियों के पर आपके कार्य का सकारात्मक असर होने से आप पर प्रसन्न रहेंगे। आप आज अपना कार्य दृढ़ मनोबल और पूर्ण आत्मविश्वास के साथ संपन्न करेंगे। पिता के साथ सम्बंध प्रेमपूर्ण रहेंगे और उनसे लाभ भी होगा। जमीन, वाहन, संपत्ति से जुड़े कार्य करने के लिए आज का दिन अनुकूल है। मित्रों से भरपूर सहयोग मिलेगा।

वृश्चिक राशि: आपके लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। आज आप आर्थिक जिम्मेदारियों के प्रति ध्यान देंगे तथा उसका आयोजन भी कर सकेंगे। आर्थिक लाभ होने की संभावनाएं बन रही हैं। मन में उत्साह तथा विचारों की स्थिरता के कारण सभी कार्य आप अच्छी तरह से कर सकेंगे। आज मनोरंजन, सौंदर्य-प्रसाधन, आभूषण आदि के पीछे खर्च होगा। परिजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे।

धनु राशि: आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। किसी के साथ वाद-विवाद या झगड़ा करने से आपको बचना होगा। क्रोध करने से आप आपको बचना होगा और वाणी तथा वर्तन पर संयम बरतना आपके हित में रहेगा। हितशत्रुओं से भी सावधान रहिएगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखिएगा। रहस्यमय विषय तथा गूढ़ विद्या के प्रति आप आकर्षित होंगे और आध्यात्मिक चिंता के द्वारा मानसिक शांति प्राप्त कर सकेंगे।

मकर राशि: आज का दिन आपके लिए लाभकारी है। नौकरी और व्यापार में भी लाभ के संकेत हैं। आकस्मिक धनलाभ होने की संभावना है। मित्रों के साथ आनंदपूर्वक समय बिता सकते हैं। जो लोग अपरिणित है उनके लिए आज विवाह का योग है। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। आर्थिक योजनाएं भी सफलतापूर्वक संपन्न कर सकेंगे। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।

कुंभ राशि: आपका आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहने के संयोग बन रहे हैं, इसलिए किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले योजना बनाएं और जरा संभलकर आगे बढ़ें। मन चिंता से व्यग्र रहेगा। शारीरिक रूप से स्फूर्ति का अभाव रहने से थकान और अशक्ति का अनुभव होगा, जिससे कार्य में मंदता रहेगी। नौकरी या व्यावसायिक स्थल पर सहकर्मचारी और ऊपरी अधिकारियों का व्यवहार नकारात्मक रहेगा। संतानों के स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी और उनके साथ मतभेद भी हो सकता है। प्रतिस्पर्धियों से सावधान रहने की आवश्यकता है।

मीन राशि: आज के दिन शारीरिक रूप से आप में आलस्य, थकान, अशक्ति रहने के कारण अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। मानसिक रूप से भी आपको चिंता सताएगी। व्यावसायिक क्षेत्र में भाग्य का साथ नहीं मिलेगा। उच्चाधिकारी को आपके कार्य से संतोष नहीं होगा। मन में दुविधा रहने के कारण निर्णय लेने में बाधा आएगी। संतानों का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। खर्च भी अधिक होने की संभावना है। अत सतर्कता से काम लें।

भीलवाड़ा : बोलेरो व अल्टो कार की भिड़ंत में युवक की मौत, 3 घायल

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना इलाके में खैरपुरा चौराहे के पास अल्टो-बोलेरो के बीच आमने-सामने की भिंड़त में एक युवक की मौत हो गई तथा एक महिला सहित तीन घायल हो गए।

थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि चित्तौडग़ढ़ जिले के डूंगला निवासी भगवतीलाल लखारा (32) अल्टो कार में सवार होकर डूंगला जा रहा था। उसके साथ जानकी लखारा, सिंगोली निवासी नंदनी लखारा एवं डूंगला निवासी किशन लखरा भी थे।

अल्टो कार खैरपुरा के पास पहुंची थी कि भीलवाड़ा की ओर जा रही बोलेरो से भिड़ंत हो गई। हादसे में भगवतीलाल की मौत हो गई। वहीं महिला जानकी, बालिका नंदनी एवं बालक किशन घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

कटिहार में ट्रक और ऑटो की टक्कर में 7 लोगों की मौत

कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के दिघरी में राष्ट्रीय राजमार्ग 81 पर आज देर शाम ऑटोरिक्शा और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि इसी थाना क्षेत्र के खेरिया पंचायत के कुछ लोग ऑटोरिक्शा से ट्रेन पकड़ने कटिहार स्टेशन जा रहे थे तभी दिघरी पेट्रोल पंप के निकट विपरित दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से ऑटो की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान धनंजय ठाकुर, अरुण ठाकुर, मुखर्जी, लालू गोलू, उर्मिला देवी और पप्पू पासवान के रूप में की गई है। सभी मृतक खेरिया पंचायत के रहने वाले थे।

कांग्रेस विधायक जौहरीलाल मीणा का बेटा दीपक गैंगरेप मामले में अरेस्ट

जयपुर। पॉक्सो कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कांग्रेस विधायक जौहरीलाल मीणा के बेटे दीपक मीणा उर्फ दिलीप उर्फ दीपू को गैंगरेप के मामले में अरेस्ट कर लिया। कोर्ट ने उसे 13 जनवरी तक भेजा जेल भेज दिया है। दीपक बीते 6 माह से फरार था। दौसा की मंडावर पुलिस ने सोमवार को उसे पॉक्सो कोर्ट में पेश किया था।

दीपक मीणा के खिलाफ मार्च 2022 में मंडावर थाने में 10वीं क्लास में पढ़ने वाली नाबालिग ने मामला दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि दीपक ने दोस्तों के साथ मिलकर होटल में गैंगरेप किया। मामले में नेतराम और एक नाबालिग को पुलिस ने पहले ही दबोच चुकी थी।

नाबालिग पीड़िता के वकील विनोद बंशीवाल ने बताया कि विधायक के बेटे का नाम पुलिस ने जांच में हटा दिया था। पॉक्सो कोर्ट ने 190 की एप्लिकेशन में प्रसंज्ञान लेते हुए दीपक मीणा को गैंगरेप में शामिल मानते हुए 9 जून 2022 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

दीपक पुलिस से बचने के लिए लगातार छिपता फिर रहा था। इस मामले में हाईकोर्ट में रिट लगाई गई थी कि पुलिस जानबूझकर उसे गिरफ्तारी नहीं कर रही है। ऐसे में दौसा एसपी को आगामी 23 जनवरी को तलब करते हुए कोर्ट ने दीपक को अरेस्ट करने के आदेश दिए थे। कोर्ट के आदेश की पालना में दीपक को सोमवार को गिरफ्तार कर पॉक्सो कोर्ट में पेश किया।

इस मामले की जांच कर रहे महुवा डिप्टी एसपी ब्रजेश कुमार ने कहा कि पहले एफआईआर में दीपक मीणा का नाम नहीं था। बाद में पॉक्सो कोर्ट की सख्ती के बाद उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया था कि फेसबुक पर नाबालिग की दोस्ती थूमड़ा (अलवर) निवासी विवेक शर्मा से हुई थी। विवेक ने लड़की से नजदीकियां बढ़ाईं और बहला-फुसलाकर 24 फरवरी 2021 को मंडावर थाना क्षेत्र की समलेटी पैलेस होटल में ले गया। वहां होटल में काम करने वाले युवक नेतराम और दीपक भी आए। साथ ही दो अन्य युवक भी वहां पहुंचे। पांचों ने मिलकर नाबालिग से गैंगरेप किया।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया गया था कि छात्रा के साथ कई बार मंडावर के एक होटल में गैंगरेप किया था। आरोपी छात्रा को डरा धमका कर ब्लैकमेल भी कर रहे थे।

सुप्रीम कोर्ट से केंद्र ने कहा, 25 लाख पेंशनभोगियों को 15 मार्च तक भुगतान

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने सशस्त्र बलों के सभी पात्र पेंशनभोगियों को वन रैंक-वन पेंशन यानी ओआरओपी के बकाए राशि का भुगतान करने के लिए सोमवार को केंद्र सरकार को 15 मार्च तक का समय दिया।

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा की पीठ ने केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे अटार्नी जनरल आर वेंकटरमणी से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सशस्त्र बलों के पेंशनभोगियों के सभी बकाए राशि के भुगतान में अब आगे कोई देरी न हो।

वेंकटरमणी ने पीठ के समक्ष कहा कि भुगतान के लिए सारणीकरण प्रक्रिया रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) द्वारा पूरी कर अंतिम मंजूरी के लिए रक्षा मंत्रालय के पास भेज दिया गया है। उन्होंने पीठ के समक्ष कहा कि 15 मार्च तक सशस्त्र बलों के 25 लाख पेंशनभोगियों के खातों में निर्धारित राशि जमा करा दी जाएगी।

शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ता पूर्व सैनिकों के संघ को बकाया भुगतान किसी प्रकार की दिक्कत होने पर आवेदन करने की अनुमति प्रदान की। केंद्र सरकार ने ओआरओपी योजना के बकाया भुगतान करने के लिए 15 मार्च 2023 तक समय बढ़ाने की गुहार अदालत से की थी।

शीर्ष अदालत ने 16 मार्च 2022 को अपने एक फैसले में कहा था कि ओआरओपी योजना एक नीतिगत निर्णय है। इसमें कोई संवैधानिक दोष नहीं है। केंद्र सरकार ने जून 2022 में एक याचिका दायर कर मार्च के शीर्ष अदालत के फैसले के अनुसार पेंशनभोगियों की गणना करने और भुगतान करने के लिए और समय मांगा गया था।

बारां में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के 6 आरोपी अरेस्ट

बारां। राजस्थान के बारां में अदालत में तारीख पेशी के बाद घर लौट रहे युवक पर फायरिंग कर हमला करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कल्याण मल मीणा ने बताया कि इस मामले में आरोपी किशनगंज निवासी इतिहास, जाहिद खान व आशिक, माथना रोड निवासी अजय रेगर व रिंकू माली तथा श्रमिक कॉलोनी निवासी इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है।

मीणा ने बताया कि अमलावदा थाना किशनगंज निवासी पीड़ित रोहित नागर ने राजकीय चिकित्सालय में पुलिस को दिए बयान में बताया कि गत छह जनवरी को वह कोर्ट की तारीख के बाद अपने दोस्त बिट्टू उर्फ मनीष गौतम के साथ घर लौट रहा था।

इस दौरान कोटा रोड ओवर ब्रिज के नीचे गौशाला के पास कॉल आने पर उन्होंने अपनी मोटरसाइकल रोकी तो बाइक पर आए इतिहास और फिरोज घोड़ी में से इतिहास ने उनके ऊपर फायर किया, गोली उसके दाहिनी तरफ कूल्हे एवं कमर पर लगी। उनके पीछे एक और गाड़ी थी। उसके बाद में वह लोग उसके साथ मारपीट कर भाग गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर थाना व साइबर सेल से विशेष टीम गठित कर आरोपियों को गिरफ्तार करलिया गया।

उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले धान मंडी गेट के सामने आरोपी इतिहास के छोटे भाई आजाद की हत्या हुई थी। इस हत्या में रोहित नागर और मनीष गौतम उर्फ बिट्टू शर्मा आरोपी थे। अपने छोटे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए इतिहास और उसके दोस्तों ने इन दोनों पर हत्या करने की नियत से तारीख पेशी से लौटते समय रास्ते में फायर किया था।

सवाईसिंह हत्याकांड : मुख्य आरोपी सूर्यप्रताप का चचेरा भाई विनय प्रताप भी अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान के अजमेर के पुष्कर बांसेली मे हुए सवाई सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी सूर्यप्रताप सिंह के चचेरे भाई विनय प्रताप सिंह को भी पुलिस ने आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुष्कर उपाधीक्षक ग्रामीण इस्लाम खान ने बताया कि हत्या से पूर्व अलवर गेट निवासी चचेरे भाई विनय प्रताप सिंह ने एक हफ्ते तक सवाई सिंह की रैकी कर सभी सूचनाएं हत्या के मुख्य आरोपी अपने भाई सूर्यप्रताप सिंह को उपलब्ध कराई थी। मामले में एक अन्य आरोपी सूर्यप्रताप का भाई धर्मप्रताप फिलहाल पुलिस गिरफ्त से दूर है।

वहीं हत्या के आरोपी सूर्यप्रताप सिंह के परिजन महिलाओं ने पुष्कर कोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए एक बार फिर 1992 के बहुचर्चित ब्लैकमेल कांड की सीबीआई जांच की मांग की है।

महिला परिजनों का आरोप है कि सरकार उस समय ब्लैकमेल कांड की निष्पक्ष जांच करा अपराधियों को सजा दे देती तो आज कुंवर मदन सिंह के पुत्रों को अपराध का रास्ता नहीं अपनाना पड़ता। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह से ब्लैकमेल कांड की फाइल को पुनः खुलवाकर सीबीआई जांच की मांग की है।

अजमेर के सवाई ‘बना’ की पुष्कर में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

किशोरी को शादी का झांसा देकर रेप के दोषी को 10 वर्ष कठोर कारावास

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) मामलों की विशेष अदालत ने किशोरी को बहला -फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप सिद्ध होने पर आरोपी युवक को आज 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई।

विशिष्ट लोक अभियोजक नवप्रीतकौर संधू ने बताया कि स्थानीय पुरानी आबादी थाना में 10 अक्टूबर 2016 को किशोरी के पिता द्वारा दर्ज करवाए गए मुकदमे में आरोपी युवक विशाल नायक निवासी (26) यूआईटी कॉलोनी श्यामनगर वार्ड नंबर 7 पुरानी आबादी को यह कठोर सजा सुनाई गई है। विशाल नायक जमानत पर रिहा था। उसके जमानत मुचलके निरस्त कर सजा भुगतने के लिए आज जेल भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा अदालत में आरोप पत्र दाखिल किए जाने के पश्चात अभियोजन पक्ष की ओर से 7 गवाह और 18 दस्तावेज साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। विशिष्ट लोक अभियोजक के अनुसार न्यायाधीश ने आज इस प्रकरण में निर्णय देते हुए विशाल नायक को अपहरण और दुष्कर्म का दोषी करार दिया। उसे पोक्सो एक्ट की धारा के तहत 10 वर्ष कठोर कारावास और 50 हजार का अर्थ दंड लगाया।

चूरू में अंगीठी के धुएं से सास-बहू, बच्ची और दंपती की मौत

चूरू। राजस्थान में चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गौरीसर और बीकानेर में बीछवाल थाना क्षेत्र में करणी इंडस्ट्रियल एरिया में अंगूठी के धुएं से दम घुट जाने से पांच व्यक्तियों की मौत हो गई।

गौरीसर में बुजुर्ग महिला, युवा पुत्र वधू और पोती मारे गए जबकि बीकानेर में बिहार मूल के एक दंपती की मौत हो गई। रतनगढ़ की घटना में तीन माह के एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रतनगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गौरीसर में अपने खेत में ढाणी बनाकर रहने वाला अमरचंद प्रजापत (60) आज सुबह करीब 8 बजे सो कर उठा तो पत्नी और बहू घर का कामकाज करते हुए दिखाई नहीं दिए। सास-बहू रोजाना सुबह जल्दी उठ जाया करते थे। अमरचंद ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। आशंका होने पर उसने पड़ोस की ढाणी में रहने वालों को बुलाया।

पड़ोसियों के आने पर कमरे के पीछे की खिड़की को तोड़ दिया गया। कमरे में अमरचंद की पत्नी सोना देवी (56), उसकी पुत्रवधू गायत्री देवी (36) और पोती तेजस्विनी साढ़े तीन वर्ष मृत पड़े थे जबकि तीन माह का पोता खुशीलाल रो रहा था। आनन-फानन में खुशीलाल को रतनगढ़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए डीबी हॉस्पिटल चूरू रैफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर रतनगढ़ थाना प्रभारी सुभाष बिजारणिया, एएसआई हरफूल दलबल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का अवलोकन किया तो उसमें जलती हुई अंगूठी (सिगड़ी) दिखाई दी।

पुलिस का कहना है कि ठंड से बचाव के लिए सास-बहू रात को कमरे में अंगीठी जलाकर सोए थे। कमरे के दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह से बंद किया हुआ था। अंगूठी में जलते कोयले से कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड भर गई। इससे दम घुटने के कारण इन तीनों की प्रथम दृष्टया मौत होना कारण माना जा रहा है।

इस बीच इंडस्ट्रीय एरिया में एक फैक्ट्री में काम करने वाला अनिल (40) और उसकी पत्नी पूर्णिमा (36) आज सुबह अपने कमरे में मृत पाए गए। बिहार मूल का यह दंपती भी रात्रि को ठंड से बचाव के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर सोया था।

आज सुबह 8 बजे तक जब यह दंपती अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो आसपास में रहने वाले लोगों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से आवाज नहीं आने पर दरवाजा तोड़ दिया गया। अंदर दंपती मृत हालत में था श। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में जलती हुई अंगीठी रखी थी।

जांच पड़ताल करने के बाद पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पीबीएम हॉस्पिटल के मुर्दाघर में पहुंचाया गया। इस मामले में भी पुलिस मर्ग रिपोर्ट दर्ज कर सारे घटनाक्रम की जांच कर रही है बिहार में इस दंपती के परिवारजनों तथा रिश्तेदारों को इस हादसे की जानकारी दी गई है।

ड्वेन प्रिटोरियस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के 33 वर्षीय ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस ने क्रिकेट जगत को चौंकाते हुए सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की।

प्रिटोरियस ने बताया कि वह दुनियाभर की टी20 लीगों पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। प्रिटोरियस ने अपने बयान में कहा कि मैं अपने बाकी के करियर में अपना ध्यान टी20 और खेल के अन्य छोटे प्रारूपों पर दूंगा। एक आज़ाद एजेंट होने से मुझे छोटे प्रारूप का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने के अपने लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। ऐसा करके मैं अपने करियर और अपने पारिवारिक जीवन के बीच बेहतर संतुलन रख सकूंगा।

उन्होंने कहा कि एक विशेष उल्लेख फाफ डु प्लेसिस का भी, जिन्होंने मुझे पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम से जाने के बाद वापस लाए और जिन्होंने मुझे समर्थन दिया और मुझे एक बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद की।

इसके अलावा उन्होंने हार्डस विल्जोएन, क्रिस मॉरिस, निकी वैन डेन बर्ग, रासी वैन डेर डूसन, स्टीफन कुक, तबरेज शम्सी, एनरिक नॉर्खिया, नील मैकेंजी और अलग-अलग क्रिकेट मंचों पर उनके कोचों का भी शुक्रिया किया।

साल 2016 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले प्रिटोरियस ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 30 टी20, 27 वनडे और तीन टेस्ट खेलते हुए सभी प्रारूपों में कुल 77 विकेट लिए। दो विश्व कप खेल चुके प्रिटोरियस दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ों (पाकिस्तान के खिलाफ 17 रन पर पांच विकेट) का रिकॉर्ड रखते हैं और टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक-रेट 164.15 का है।

प्रिटोरियस के इन आंकड़ों की वजह से फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट में उनकी मांग बहुत अधिक है। वह इस समय आईपीएल (चेन्नई सुपर किंग्स), द हंड्रेड (वेल्श फायर) और साउथ अफ्रीका 20 (डर्बन सुपर जायंट्स) में अलग-अलग टीमों में शामिल हैं।

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) के क्रिकेट निदेशक एनोच नक्वे ने कहा कि हम ड्वेन को दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट में उनकी सभी सेवाओं के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। उनकी हरफनमौला क्षमता एक खिलाड़ी के रूप में उन्हें बेहतर बनाती थी और उनकी गुणवत्ता की कमी निस्संदेह महसूस की जाएगी।

प्रिटोरियस टी20 विश्व कप 2022 के लिए बतौर हरफनमौला दक्षिण अफ्रीका की पहली पसंद थे, लेकिन टूर्नामेंट से पहले उनके अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया। उसके बाद से मार्को जानसन ने सीमित ओवर टीम में वह जगह लेे ली है। साल 2021 के टी20 विश्व कप में प्रिटोरिय डेथ ओवरों के विशेषज्ञ बनकर चमके थे और टूर्नामेंट को कुल मिलाकर नौ विकेट और 9.7 (न्यूनतम पांच ओवर) के सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट के साथ समाप्त किया था।

प्रिटोरियस फिलहाल मंगलवार को शुरू होने वाली एसए20 लीग में हिस्सा लेंगे, जो 11 फरवरी को समाप्त होगी। इसके बाद वह मार्च से मई के बीच आईपीएल में शामिल होंगे, जबकि अगस्त में उनके द हंड्रेड में खेलने की संभावना है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका अक्टूबर में एकदिवसीय विश्व कप से पहले इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा।