Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 419 -
होम ब्लॉग पेज 419

पटेल मैदान में गुरुवार से शुरू होंगी खेल गतिविधियां

0

अजमेर। इंडोर स्टेडियम प्रकरण को लेकर माली समाज और खिलाडियों के मोर्चा खोल देने के बीच नगर निगम ने अधिकारिक रूप से कहा है कि पटेल स्टेडियम में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस और लॉन टेनिस खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को इंडोर स्टेडियम में खेल विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम उपायुक्त एवं अधिकारी व जिला खेल अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी एवं विभिन्न स्कूलों के शारीरिक शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

आयुक्त सुशील कुमार ने जिला खेल अधिकारी ओमप्रकाश बारिया को निर्देश दिए कि बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस और लॉन टेनिस के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण आरंभ किए जाएं। गुरुवार शाम 4 बजे इन खेलों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

इन खेलों के लिए इच्छुक खिलाड़ी इंडोर स्टेडियम कमेटी द्वारा पूर्व में निर्धारित मासिक शुल्क जैसे बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए 400 रुपए, सीनियर के लिए 800 रुपए, टेबल टेनिस खिलाड़ियों के लिए 300 रुपए, सीनियर के लिए 400 रुपए, लॉन टेनिस खिलाड़ियों के लिए 600 रुपए, सीनियर के लिए 1000 रुपए और बास्केटबॉल के खिलाड़ियों के लिए 250 रुपए प्रतिमाह शुल्क लिया जाएगा। सुबह 6 से 9 बजे और अपराह्न 3 से शाम 8 बजे खिलाड़ी प्रशिक्षण ले सकेंगे।

खिलाड़ियों के बनेंगे आईडी कार्ड

उल्लेखनीय है कि अजमेर में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेलों का विस्तार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को यहां पर विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त होगा। पटेल मैदान में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस और लॉन टेनिस के खिलाड़ियों का पंजीकरण किया जाएगा। मासिक शुल्क जमा कराने के पश्चात पंजीकृत खिलाड़ियों का आईडी कार्ड बनाया जाएगा। ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

कंझावला केस : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सदमा व रक्तस्राव बताया गया

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि स्कूटी सवार एक लड़की को एक कार द्वारा कथित रूप से टक्कर मारने और घसीटे जाने के बाद हुई मौत के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार लड़की की मौत का कारण सिर, रीढ़, बाएं फीमर और दोनों निचले अंगों में चोट लगने के कारण हुआ सदमा और रक्तस्राव है।

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि पीड़िता का पोस्टमार्टम मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, नयी दिल्ली में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार मौत का अनंतिम कारण सिर, रीढ़, बाएं फीमर, दोनों निचले अंगों में चोट लगने के कारण प्राप्त हुआ सदमा और रक्तस्राव है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उसके साथ किसी प्रकार का यौन दुर्वव्हार का कोई संकेत नहीं मिला है।

इस दुर्घटना में दिल्ली पुलिस ने आज सुबह दावा किया था कि इस दुर्घटना के समय पीड़िता के साथ उसकी एक दोस्त भी थी। पुलिस ने हालांकि, कहा कि उसकी दोस्त मौके से फरार हो गई।

नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विशेष पुलिस आयुक्त ने कहा कि घटना के समय पीड़िता के वाहन पर सवार दोस्त का पुलिस ने पता लगा लिया है और उसका बयान भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पहले बताया था कि इस मामले की जांच के लिए कई टीमों को लगाया गया है।

घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीमें लगी हुई है। टीमों ने वाहनों से साक्ष्य एकत्रित किया है, जिसके माध्यम से सफल अभियोजन सुनिश्चित किया जा सके।

सूत्रों के अनुसार सोमवार को गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से कंझावला दुर्घटना मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट की मांग की है। हुड्डा ने पहले कहा था कि पांचों आरोपियों को आगे की जांच करने के लिए तीन दिन के पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज एकत्रित किए जा रहे हैं।

कंझावला मामला : पुलिस का खुलासा, पीड़िता दोस्त के साथ थी

इटावा में टीचर ने पत्नी को तीसरी मंजिल से फेंका, मौत

इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के कोतवाली क्षेत्र मे एक प्राइवेट टीचर ने अपनी पत्नी की तीसरी मंजिल से फेंक करके हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि घटिया अजमत अली मुहाल में शिक्षक राजीव कुमार ने रात करीब 12 और एक बजे के आसपास अपनी पत्नी को घर के भीतर पहले मारा-पीटा और घायलावस्था में तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया और फिर पत्नी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा जहां डाक्टरों ने उसे मृत घाेषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि वारदात का खुलासा मृतक की दस साल की बेटी फेरी ने किया। उसने कहा कि पापा ने मम्मी को बुरी तरह से मारा पीटा और चादर में लपेटकर के तीसरी मंजिल से फेंक दिया है।

परिजनों का कहना है कि राजीव मनोरोग का शिकार है। मध्य प्रदेश के भिंड में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए परिवारी जन बताते हैं कि राजीव ने एक दफा कई लोगों को चाकू मारकर के घायल कर दिया था। आरोपी मूल रूप से इटावा जिले के बसरेहर इलाके के रमपुरा गांव का रहने वाला है जबकि उसकी पत्नी प्रीति औरैया जिले के अयाना की रहने वाली थी।

पुलिस अधीक्षक नगर कपिल देव सिंह ने बताया कि राजीव ही अपनी पत्नी प्रीति को घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले करके पहुंचा था जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया । उसके बाद 10 साल की मासूम बेटी ने जब राजीव की करतूतें सब लोगों को बताना शुरू कर दी जिसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस हत्यारोपी की तलाश में सरगर्मी से जुटी हुई है।

मजदूर के घर आग, 13 मवेशी जिंदा जले

इटावा जिले के इकदिल इलाके में एक मजदूर के घर आग लगने से 13 मवेशियों की जल कर मौत हो गई है जबकि छह अन्य घायल हो गए। आग की इस घटना में मजदूर के घर में रखा सामान भी स्वाहा हो गया। जिलाधिकारी ने आग से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा देने की बात भी कही है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों को जिलाधिकारी में इस बात के निर्देश दिए हैं कि जो मवेशी जन करके घायल हुए हैं उनका उपचार किया जाए ताकि वह दुरस्त हो सके।

आग की घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यालय से जिलाधिकारी अवनीश राय,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह और उप जिलाधिकारी विक्रम सिंह राघव मौके पर पहुंचे।प्रशासनिक अधिकारियों के साथ में पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बराखेडा गांव निवासी पूरन सिंह के छप्पर में बीती रात आग लगने से 11 बकरियां एवं दो पड़िया की मृत्यु हो गई जबकि चार बकरियां और दो पडियां घायल हो गई। पशु चिकित्सा अधिकारी डीके पांडे बताते हैं कि आग लगने के कारण छह मवेशी 80 फीसदी जल करके घायल हुए हैं जिनका डॉक्टरों की टीम उपचार करने में जुटी हुई है।

भीलवाड़ा में रेप के दोषी को 20 वर्ष की कठोर कारावास

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में विशिष्ट न्यायाधीश (पोक्सो एक) देवेंद्र सिंह नागर ने नाबालिग को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को आज 20 वर्ष की कठोर कारावास की सजा सुनाई।

विशिष्ट लोक अभियोजक हर्ष राका ने बताया कि पुर थाने में एक परिवादी ने गत 16 फरवरी को एक रिपोर्ट पेश की कि उसकी नाबालिग पुत्री शौच के लिए घर से गई थी, जो लौट कर नहीं आई। परिवादी ने पुर निवासी छोटू लाल माली पर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शंका जाहिर की।

पुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू करते हुए नाबालिग को दस्तयाब कर आरोपी छोटू लाल माली को अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने तफ्तीश पूर्ण कर आरोपी छोटू लाल के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया।

अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में सुनवाई के दौरान 21 गवाहों के बयान करवाते हुए 39 दस्तावेज पेश कर छोटू लाल पर लगे आरोप सिद्ध किए। इस मामले की सुनवाई पूरी होने पर न्यायालय ने मंगलवार को आरोपी छोटू लाल को नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म करने के आरोप में 20 साल के कठोर कारावास के साथ ही 61000 के जुर्माने से दंडित किया।

कुएं में गिरी विवाहिता के शव को निकाला

भीलवाडा के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में जूना गुलाबपुरा में कुएं में गिरी विवाहिता का शव एसडीआरएफ टीम ने आज ढूंढ निकाला। जूना गुलाबपुरा इलाके में 22 वर्षीय मंशा जाट सोमवार को अपने खेत पर स्थित कुएं में गिर गई थी। बाद में मंशा के कुएं में गिरने की जानकारी मिली तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में 40 से 50 फीट पानी होने से शव को नहीं निकाला जा सका। इस पर अजमेर से रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने आज अथक प्रयास के बाद मंशा के शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतका के शवको पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रेलगाडी से कटकर युवक की मौत

भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र के सरेरी एवं गुलाबपुरा के बीच आज रेल से कटकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के कवलियास निवासी 45 वर्षीय रामलाल माली मंगलवार सुबह अपने घर से होटल पर जा रहा था कि‍ रेलवे ट्रैक को पार करते समय रतलाम जोधपुर ट्रेन की चपेट में आ गया जिसकी मोके पर ही मौत हो गई।

मौके पर रायला पुलिस ने पहुंच परिजनों को सूचना देकर शव को रायला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि रामलाल मानसिक रूप से कुछ दिन से परेशान ही चल रहा था। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई।

अज्ञात महिला का शव बरामद

भीलवाड़ा शहर के कुवाड़ा खान इलाके में आज अज्ञात महिला का शव बरामद किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुभाष नगर थाना क्षेत्र के कुवाड़ा खान इलाके में एक बुजुर्ग महिला का शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया। शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की शिनाख्तगी का प्रयास कर रही है।

बैतूल 13 साल की बच्ची से रेप, आरोपी की कार आग के हवाले

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से रेप की घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गया। हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। मौके पर पुलिस बल तैनात है, स्थिति पुलिस नियंत्रण में है। वहीं फरार आरोपी की भी तलाश की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नीरज सोनी ने आज बताया कि नगर के एक क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग के साथ कल दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता परिजनों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाना आई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

घटना की जानकारी लगते ही कल रात्रि नाराज लोगों ने बड़ी संख्या में आरोपी के घर के सामने जमा हो गए, जिसके चलते वहां तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की कार को आग के हवाले कर दिया।

एएसपी सोनी ने बताया कि क्षेत्र में तनाव निर्मित होने से कई क्षेत्रों का बल थाना प्रभारी के साथ बुला लिया गया। वही बैतूल, मुलताई, भैसदेंही एवं शाहपुर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) को भी तैनात किया था।

इसके साथ ही बैतूल के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) के सी परते तथा तहसीलदार प्रभात मिश्रा भी पहुंच गए थे। बार-बार समझाइश के बाद भी आक्रोशित लोग जब नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें वहां से खदेड़ा गया, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में हो गई है।

जली हुई कार को आज सुबह क्रेन के माध्यम से मौके से हटा दिया गया है। आगजनी की घटना में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए समुचित बल मौके पर तैनात है। वहीं, दमकल वाहन भी खड़ा है। एएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म एवं पास्को एक्ट में मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

फुटबॉल खिलाड़ी का मैच के दौरान कार्डियक अरेस्ट, अस्पताल में भर्ती

सिनसिनाटी। अमरीका के फुटबॉल खिलाड़ी डमार हैमलिन की हृदय गति बीच मैच के दौरान रुकने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत नाजुक है।

अमरीकी नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) में बफैलो बुल्स के 24 वर्षीय खिलाड़ी मंगलवार को सिनसिनाटी बेंगॉल्स के खिलाफ मैच के दौरान विपक्षी खिलाड़ी से टकराकर जमीन पर गिर गए।हैमलिन को 30 मिनट तक मैदान पर ही चिकित्सीय मदद प्रदान की गई, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

एनएफएल ने एक घंटे के अंतराल के बाद मैच को रद्द घोषित कर दिया। बफैलो बुल्स ने एक बयान जारी कर हैमलिन की हृदय गति रुकने की पुष्टि की। साथ ही बयान में कहा गया कि उनके दिल ने मैदान पर ही धड़कना शुरू कर दिया था।

हैमलिन के प्रतिनिधि जॉर्डन रूनी ने ट्विटर पर लिखा कि उसके दिल ने सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने (डॉक्टरों) उसके गले के नीचे एक श्वास नली डालने के लिये उसे सुला दिया है। वे फिलहाल जांच कर रहे हैं। हम अग्रिम सूचना मिलते ही आप सभी तक पहुंचाते रहेंगे।

चोट के कारण एनएफएल खेलों को शायद ही कभी निलंबित किया जाता है। मैच में कमेंटेटरों ने बताया कि मैच का रद्द होना इस दुर्घटना की गंभीरता को दर्शाता है।

राजस्थान का महिलाओं की गरिमा और सशक्तीकरण का इतिहास : द्रौपदी मुर्मु

जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान के इतिहास की प्रशंसा करते हुए कहा है कि यहां महिलाओं की गरिमा और सशक्तिकरण का इतिहास रहा है।

मुर्मु आज यहां दोपहर में राजभवन में संविधान उद्यान का लोकार्पण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने राजस्थान का समानता और महिला सशक्तीकरण के लिए बड़ा योगदान बताते हुए कहा कि हरविलास शारदा ने बाल विवाह के खिलाफ कानून बनाने के लिए वर्ष 1929 में अधिनियम बनाया जो बाद में शारदा एक्ट के नाम से प्रसिद्ध हुआ। इसलिए यहां का इतिहास महिलाओं की गरिमा और सशक्तीकरण के इतिहास के रुप में जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि प्राचीन बौद्ध संघों में संसदीय प्रणाली के नियमों का पालन किया जाता था और उनकी सदस्यों के बैठने की व्यवस्था, प्रस्ताव रखने, मतों की गणना, निंदा प्रस्ताव आदि व्यवस्थाएं अब भी चलन में हैं। हमारे संविधान निर्माताओं ने प्राचीन लोकतांत्रिक परंपराओं को पुनर्जीवित किया है।

उन्होंने संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर के कथन को दोहराया “मैं समझता हूं। संविधान कितना ही अच्छा हो अगर उसका अनुसरण करने वाले बुरे हों तो वह बुरा हो सकता है। संविधान कितना ही बुरा हो, वह अच्छा हो सकता है अगर उसका पालन करने वाले लोग अच्छे हों।” उन्होंने कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर संवैधानिक नैतिकता पर बहुत जोर दिया था और उन्होंने कहा था प्रचीन भारत में अनेक गणतंत्र थे। जहां राज सत्ताएं थीं या तो निर्वाचित थीं या राजाओं की शक्तियां सीमित थीं।

मुर्मु ने कहा कि हर प्राणी के प्रति संवेदनशीलता हमारा मुख्य उद्देश्य है। भावी पीढ़ियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार संविधान में बदलाव का पूरा अधिकार हो, इसी के मद्देनजर संविधान में संशोधन का प्रावधान किया गया और अब तक 105 संविधान संशोधन हो चुके हैं।

हमारा जीवंत संविधान है और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने यंग इंडिया में लिखा था कि मैं ऐसे भारत के लिए काम करूंगा कि जिसमें गरीब से गरीब आदमी को लगे कि अपने देश को बनाने में उसकी बात भी मानी जाती है। उन्होंने संविधान सभा में शामिल पन्द्रह महिला सदस्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरोजनी नायडू, राजकुमारी अमृत कौर, मालती चौधरी जैसी महिलाओं ने आगे बढ़कर बड़े बड़े कार्य किए।

उन्होंने कहा कि आज देश में सौ से ज्यादा महिला सांसद हैं। लोकसभा में 82 तथा राज्यसभा में 33 महिला सांसदों का प्रतिनिधित्व होना एक रिकॉर्ड है। महिलाओं ने अपने संघर्ष एवं योग्यता के बल पर पंचायत भवन से लेकर संसद भवन तक अपनी उपस्थति एवं योगदान को निरंतर बढ़ाया है एवं समाज एवं देश की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण का मुख्य उद्देश्य उसके आदर्शों के प्रति जागरुकता बनाए रखना है। यह महत्वपूर्ण उद्देश्य है, देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाये रखने की दिशा में प्रयास है। इस प्रयास के लिए मैं राजस्थान सरकार एवं राज्यवासियों को बधाई देती हूं।

उन्होंने संविधान उद्यान के लोकर्पण के बाद उसमें स्थापित प्रतिमाओं का अवलोकन करके अत्यंत प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इन प्रतिभाओं के उच्च आदर्शों से लोगों को प्रेरणा मिलेगी। राष्ट्रपति ने राजभवन में संविधान उद्यान के लोकार्पण के बाद बीकानेर में एक हजार मेगावाट के सोलर पावर स्टेशन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कोई अतिरिक्त प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि किसी नागरिक की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार पर कोई अतिरिक्त प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता।

न्यायमूर्ति एसए नज़ीर, न्यायमूर्ति बीआर गवई, न्यायमूर्ति एएस बोपन्ना, न्यायमूर्ति वी रामासुब्रमण्यम और न्यायमूर्ति बीवी नागरथ्ना की संविधान पीठ ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 2016 के सामूहिक बलात्कार के एक मामले में उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आजम खान के बयान से जुड़े एक मामले की सुनवाई के बाद बहुमत का फैसला सुनाया। न्यायमूर्ति नागरथ्ना ने बहुमत के फैसले से अलग मत रखते हुए अलग फैसला सुनाया।

न्यायमूर्ति रामासुब्रमण्यन ने बहुमत के फैसले को पढ़ते हुए कहा कि संविधान के अनुच्छेद 19 (2) के तहत उल्लिखित अनुच्छेद 19 (1) (ए) के तहत बोलने की स्वतंत्रता के खिलाफ कोई अतिरिक्त प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता है। साथ ही यह भी कहा कि मंत्री स्वयं बयान के लिए उत्तरदायी है। एक मंत्री के बयान को सरकार के लिए वैकल्पिक रूप से जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है।

न्यायमूर्ति नागरथ्ना ने अपने अलग फैसले में कहा कि अभद्र भाषा समानता और बंधुत्व की जड़ पर प्रहार करती है। साथ ही यह भी कहा कि मौलिक कर्तव्यों का उपयोग अपमानजनक भाषणों की जांच करने और नागरिकों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता है।

न्यायमूर्ति नागरत्थना ने कहा कि यह राजनीतिक दलों के लिए है कि वे अपने मंत्रियों द्वारा दिए गए भाषणों को नियंत्रित करें। यह एक आचार संहिता बनाकर किया जा सकता है। कोई भी नागरिक जो इस तरह के भाषणों या सार्वजनिक पदाधिकारी के अभद्र भाषा से आहत महसूस करता है, वह नागरिक उपचार के लिए अदालत दरवाजा खटखटा सकता है।

एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ जुलाई 2016 में बुलंदशहर के पास एक राजमार्ग पर कथित रूप से सामूहिक बलात्कार के मामले को दिल्ली स्थानांतरित करने और आजम खान को अपने विवादास्पद बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई थी। खान ने हालांकि, सामूहिक बलात्कार मामले में पीड़िता मां-बेटी के इरादों को जिम्मेदार ठहराने वाले अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी।

इस मामले में शीर्ष अदालत की तीन सदस्यीय पीठ ने पांच अक्टूबर 2017 को मामले को संविधान पीठ को विभिन्न पहलुओं पर निर्णय लेने के लिए भेजा था। तीन न्यायाधीशों की पीठ के फैसले में विचार के लिए भेजे गए पहलुओं में यह भी शामिल था कि क्या कोई सार्वजनिक पदाधिकारी या मंत्री संवेदनशील मामलों में विचार व्यक्त करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दावा कर सकता है, जिस मामले की जांच चल रही है।

कंझावला मामला : पुलिस का खुलासा, पीड़िता दोस्त के साथ थी

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कंझावला मामले में मंगलवार को नया खुलासा किया कि इस घटना के समय पीड़िता के साथ उसकी एक दोस्त भी थी जो मौके से फरार हो गई।

गौरतलब है कि 20 वर्षीय एक लड़की की स्कूटी को कथित तौर पर टक्कर मारने और एक कार द्वारा घसीटने से मौत हो गई थी। पुलिस ने हालांकि कहा कि उसकी दोस्त मौके से फरार हो गई थी।

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने यहां पुलिस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस ने उसके दोस्त का पता लगा लिया है, जो घटना के समय पीड़िता के साथ थी। दोस्त का बयान दर्ज किया गया है।

पुलिस ने पहले कहा था कि कंझावला मामले की जांच में कई टीमों को लगाया गया है। अपराध स्थल की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को लगाया गया है। टीमों ने वाहनों से साक्ष्य एकत्र किए जो सफल अभियोजन सुनिश्चित करेंगे। सूत्रों ने बताया कि सोमवार को गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से कंझावला घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी।

इस मामले में कार पर सवार पांचों आरोपियों को आगे की जांच के लिए तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हुड्डा ने पहले कहा कि उनकी जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए जा रहे हैं।

नूह शिक्षा अधिकारी 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

नूह। हरियाणा सतर्कता विभाग ने स्कूलों में डेस्क की आपूर्ति के लिए खरीद की मंजूरी की एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में नूह के जिला शिक्षा अधिकारी को गिरफ्तार किया है।

विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि रामफल धनकर ने दस लाख रुपएये की रिश्वत मांगी थी। डेस्क की आपूर्ति जिले के विभिन्न स्कूलों की जानी थी। आरोेपी पहले ही दो लाख रुपए की रिश्वत ले चुका था।

शिकायत मिलने के बाद ब्यूरोे ने जाल बिछाकर आरोेपी को रिश्वत की बाकी रकम लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोेपी के खिलाफ गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, मामले की जांच जारी है।