Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 420 -
होम ब्लॉग पेज 420

सबगुरु राशिफल : 3 जनवरी मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। पौष मास, शुक्ल पक्ष, द्वादशी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 10.02 बजे बाद त्रयोदशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने सलमान खुर्शीद के खिलाफ कार्रवाई पर लगाई रोक

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने डीपीएस सोसाइटी में अनाधिकार प्रवेश मामले में कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील सलमान खुर्शीद के खिलाफ कार्यवाही पर सोमवार को रोक लगा दी।

न्यायमूर्ति बीआर गवई और न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की शीर्ष न्यायालय की दो-न्यायाधीशों की पीठ ने दिल्ली के अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के संबंध में खुर्शीद के खिलाफ कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी।

खुर्शीद और दो अन्य के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उन पर डीपीएस सोसाइटी ने दक्षिणी दिल्ली में स्थित उनके कार्यालय परिसर में जबरन घुसने का आरोप लगाया है।

वरिष्ठ अधिवक्ता कभी डीपीएस सोसाइटी के अध्यक्ष थे और डीपीएस मथुरा रोड के पूर्व छात्र हैं। वर्ष 2008 में उन्हें समाज की शुल्क संग्रह नीतियों की आलोचना करके कथित तौर पर डीपीएस विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण इसकी सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया था।

शीर्ष अदालत ने खुर्शीद द्वारा दायर एक अपील पर सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया, जिन्होंने जून 2018 के दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ शीर्ष न्यायालय में चुनौती दी थी, जिसमें उनके निष्कासन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा सुप्रीम कोर्ट के समक्ष खुर्शीद के लिए पेश हुए।

पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नवरातिलोवा को गले और स्तन कैंसर

सेंट पीटर्सबर्ग। दुनिया की पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने सोमवार को खुलासा किया कि वह गले और स्तन के कैंसर से पीड़ित हैं। एकल और युगल में कुल 59 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकीं नवरातिलोवा को खेल के दिग्गजों में गिना जाता है।

उन्होंने अपनी बीमारी का खुलासा करते हुए डब्ल्यूटीए को दिए एक बयान में कहा कि यह दोहरी मार गंभीर है लेकिन फिर भी इसे ठीक किया जा सकता है। मैं एक अनुकूल परिणाम की उम्मीद कर रही हूं। यह कुछ समय के लिए मुझे परेशानी देने वाला है, लेकिन मैं अपनी पूरी हिम्मत के साथ लडूंगी।

चेक गणराज्य में जन्मी नवरातिलोवा 1981 में अमेरिकी नागरिक बन गई थीं। वह 2010 में भी स्तन कैंसर को मात दे चुकी हैं। नवरातिलोवा ने बताया कि कैंसर पहले चरण में है और उनका इलाज अगले हफ्ते होगा।

उन्हें कैंसर के बारे में पहली बार नवंबर की शुरुआत में डब्ल्यूटीए फाइनल के दौरान पता चला जब उनकी गर्दन की सूजन काफी समय तक ठीक नहीं हुई। जांच के बाद नवरातिलोवा को गले के कैंसर के बारे में पता चला, और कुछ समय बाद डॉक्टरों ने उन्हें स्तन कैंसर की जानकारी भी दी।

नवरातिलोवा टेनिस चैनल के लिए आगामी ऑस्ट्रेलियन ओपन में काम नहीं करेंगी, लेकिन निकट भविष्य में जूम वीडियो कांफ्रेंसिंग की व्यवस्था करने पर विचार कर रही हैं।

पंजाब, हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के आवास के निकट बम मिलने से सनसनी

चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के आवास से कुछ ही दूर एक निर्जन स्थान पर सोमवार को एक बम मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना शाम लगभग 4.30 बजे की है। बम हेलीपैड से थोड़ी ही दूर आम के बाग में कंसल और नया गांव टी-प्वाइंट के निकट पाया गया। बाग में लगे एक ट्यूबवेल के ऑपरेटर ने इसे देखते ही इस बारे में बम निरोधक दस्ते को सूचित किया। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ और मोहाली की पुलिस तथा बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा पूरे इलाके को सील कर दिया गया।

बम के ऊपर फाइबर ड्रम रखने के साथ ही इसके आसपास एहतियात के तौर पर रेत की बोरियां रख दीं गई हैं ताकि कोई विस्फोट होने की स्थिति में जानमाल का नुकसान रोका जा सके। पुलिस ने इसकी सूचना सेना को भी दी है। जहां बम मिला है कि उससे थोड़ी ही दूर पंजाब और हरियाणा का सचिवालय भी है। ऐसे में बम मिलने की घटना बेहद गम्भीर है।

सेना को सूचना देर से मिलने के कारण वह बाद में मौके पर पहुंच कर इसे निष्क्रिय करेगी। विशेषज्ञों के अनुसार यह जीवित बम है तथा स्ट्राइक करने पर यह फट सकता है। बम पर कुछ कोड लिखे हुये हैं जिनके बारे में सेना जांच के बाद ही खुलासा करेगी कि यह कहां से आया। फिलहाल बम के आसपास सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी फरवरी 2017 में भी पंजाब के मुख्यमंत्री के निवास के निकट रजिंदरा पार्क से दो बम बरामद हुए थे।

बान्द्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस बेपटरी, अश्विनी वैष्णव ने लिया जायजा

पाली/जोधपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज पाली के निकट गाड़ी संख्या 12480, बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 13 डिब्बे राजकियावास-बोमादडा रेलखंड के मध्य रेल पटरी से उतरने के कारण घटनास्थल का जायजा लिया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 12480, बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 13 डिब्बे सुबह 3.27 बजे जोधपुर मंडल के राजकियावास-बोमादडा रेलखंड के मध्य अवपथन (डिरेल) हो गए।

ट्रेन के पटरी से उतरने की सूचना प्राप्त होते ही रेलवे द्वारा त्वरित कार्यवाही कर रेलकर्मियों के साथ स्थानीय लोगों की सहायता से बचाव कार्य प्रारम्भ किया गया। इस रेल दुर्घटना में किसी भी प्रकार की कैजुअल्टी नहीं हुई।

26 यात्रियों को चोट आने के कारण पाली स्थित बांगड अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिये ले जाया गया। जोधपुर एवं आबूरोड से दुर्घटना राहत गाड़ी रवाना की गई एवं मण्डल रेल प्रबंधक-जोधपुर सहित अधिकारीगण साइट पर पहुंचे। जयपुर से विजय शर्मा, महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे सहित अन्य उच्च अधिकारी स्थिति की समीक्षा कर दुर्घटनास्थल के लिए निकले तथा माननीय रेलमंत्री जी को लगातार घटनाक्रम की जानकारी प्रदान की।

बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस रेलसेवा में कुल 1135 यात्री यात्रा कर रहें थे, इस रेलसेवा के दुर्घटनाग्रस्त होने के पश्चात् 725 यात्रियों को इसी गाडी के अगले 9 डिब्बों में, 185 यात्रियों को सरकारी बसों तथा शेष यात्रियों को निजी साधनों से गतंव्य स्थान तक पहुंचाया गया। यात्रियों के लिए पाली मारवाड और जोधपुर स्टेशनों पर जलपान की व्यवस्था की गई तथा जोधपुर व पाली मारवाड स्टेशनों पर हेल्पलाइन नम्बर जारी किए गए।

गाड़ी संख्या 12480, बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारण पाली मारवाड़-मारवाड जं. रेलमार्ग अवरूद्ध हो जाने से इस मार्ग से गुजरने वाली नियमित रेलसेवाओं का संचालन प्रभावित रहा, जिसमें 14 रेलसेवाओं का मार्ग परिवर्तन, 1 रेलसेवा आंशिक रद्द व 6 रेलसेवाओं को रद्द किया गया।

रेलमंत्री ने फोन पर घायल यात्रियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। रेलमंत्री ने घायल यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए 16 यात्रियों को 25-25 हजार रूपए तथा 1 गंभीर रूप से घायल यात्री को 1 लाख रूपए देने की घोषणा की तथा रेलवे प्रशासन ने अस्पताल में ही घायलों को यह राशि प्रदान की।

अश्विनी वैष्णव ने घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अनिल कुमार लाहौटी, चेयरमैन तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी-रेलवे बोर्ड, ब्रज मोहन अग्रवाल, महानिदेशक (संरक्षा)-रेलवे बोर्ड, विजय शर्मा, महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे, गीतिका पाण्डे, मण्डल रेल प्रबंधक-जोधपुर सहित अधिकारीगण साथ थे।

वैष्णव ने घटनास्थल का गहनता के साथ निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। वैष्णव ने कहा कि संरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है और इसको सुदृढ़ करना प्रथम उद्देश्य है। उन्होंने दुर्घटना की जांच के लिए रेल संरक्षा आयुक्त को जांच के आदेश प्रदान किए है और कहा कि उनकी जांच के पश्चात् यह ज्ञात हो सकेगा की इस हादसे का कारण और उन कारणों पर उचित कार्यवाही की जाएगी।

वैष्णव ने कहा कि आज सुबह गाडी संख्या 12480, बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की सूचना प्राप्त होते ही रेलकर्मियों ने राहत कार्य पर फोकस किया और यात्रियों को सकुशल निकालने पर प्राथमिकता के साथ जुट गए, जिसमें अधिकतर यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन से निकाला गया।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस घटना की मॉनिटरिंग सुबह 4 बजे से कर रहे थे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा भी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 1 यात्री को छोडकर अन्य यात्री उपचार के पश्चात् सकुशल अपने घर को चले गए हैं। इसके साथ ही कहा कि रेलवे ने घायल यात्रियों को नियत राशि से अधिक सहायता राशि का भुगतान किया है।

वैष्णव ने रेलवे के राहत कार्य में सहयोग देने के लिए बोमादडा, राजकियावास और आस-पास के निवासियों का आभार जताया। इसके साथ ही पाली जिला प्रशासन, चिकित्साकर्मियों और पुलिस को भी त्वरित कार्यवाही के लिए धन्यवाद दिया।

नहीं थम रहा इंडोर स्टेडियम प्रकरण, माली समाज ने खोला मोर्चा

अजमेर। इंडोर स्टेडियम प्रकरण को लेकर माली समाज ने जिला प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ नया मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को अजमेर क्लब चौराहे स्थित ज्योतिबा फुले स्मारक पर जुटे माली समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों व नामचीन खिलाडियों ने स्टेडियम में लगी अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खेलजगत की हस्ती और माली समाज के सिरमौर रहे स्वर्गीय मूलचंद चौहान की मूर्ति व नाम के बोर्ड के साथ कथित रूप से की गई छेडछाड तथा उनके स्मृति दस्तावेजों व सामग्री को खुर्द बुर्द किए जाने की कडे शब्दों में निंदा की साथ इसके जिले जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाए जाने की मांग को लेकर कलक्टर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्योतिबा फुले स्मारक पर हुई बैठक को संबोधित करते हुए ललित कला अकादमी की सदस्य ममता चौहान ने कहा कि स्वर्गीय चौहान साहब की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करने के प्रकरण में लिप्त समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों में लालफीताशाही राज्य सरकार के संज्ञान में लाई जाएगी। ऐसी करतूत करने वाले राज्य सरकार की छवि को खराब कर रहे हैं।

महेश चौहान बताया कि स्वर्गीय मूलचंद चौहान की प्रतिमा को गुपचुप तरीके से हटाने और फिर माली समाज की सजगता तथा दबाव के बाद प्रशासन की ओर से फिर लगवाया जाना माली समाज की बड़ी जीत है। लेकिन यह मसला यही समाप्त नहीं होता। स्व. चौहान के स्मृति चिन्हों तथा नाम पट्टिका को पुनः यथास्थान ससम्मान लगाया जाना भी प्रशासन व नगर निगम की जिम्मेदारी बनती है।

ताराचन्द गहलोत ने कहा कि स्व. चौहान जैसी शख्सियत को प्रशासन नहीं जानता तो इससे बढ़कर दुर्भाग्य की बात क्या हो सकती है। देश विदेश तक खेल की दुनिया में उनका नाम विख्यात रहा है। उनकी प्रतिमा व नाम के साथ असम्मानीय व्यवहार करना माली समाज कतई बर्दास्त नहीं करेगा। इसके लिए चाहे सड़क पर उतरना पडे तो भी हम नहीं डरेंगे।

धनराज चौधरी तथा फुटबाल प्लेयर शिवदत्त पाराशर ने कहा कि इण्डोर स्टेडियम में स्व. मूलचन्द चौहान की मूर्ति व प्रतीक चिन्हों को हटा कर अजमेर के खेल प्रेमियों एवं आमजन की भावना को भी ठेस पहुंचाई है। बीते तीन साल से अनेकानेक बाधाएं खडी कर स्टेडियम में खिलाडियों की आवाजाही को बाधित करने के प्रयास षडयंत्रपूर्वक किए जाते रहे हैं। इस बार तो स्टेडियम के अस्तित्व पर ही संकट खडा कर दिया गया है।


बैठक के बाद माली समाज और खिलाडी रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे तथा उक्त प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कलेक्टर अंशदीप को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि शीघ्र इस प्रकरण में कार्यवाही नहीं की गई तो माली समाज उग्र आन्दोलन करेगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर हनुमान प्रसाद कच्छावा, ताराचन्द गहलोत, महेश चौहान, विजय सिंह भाटी, ममता चौहान, चेतन सैनी, मधु चौहान, नन्दा चौहान, पूनमचन्द मारोठिया, घीसु गढवाल, राजेश भाटी, पार्षद सुनीता चौहान, शारदा मालाकार, एडवोकेट बबीता टांक, हेमराज खारोलिया, दिलावर चौहान, नवीन कच्छावा, नेमीचंद बबेरवाल, बीना टांक, धमेन्द्र टांक, हनीष मारोठिया, पार्षद बीना टांक, मांगीलाल, मामराज सैन, चांदस्वरूप टांक, हेमराज सिसोदिया, बालमुकन्द टांक, गणेश चौहान, बृजमोहन चौहान, बिन्नु मौर्य, दिनेश चौहान, सुमन भाटी, रेणु सैनी, रेणु गहलोत, मंजू अजमेरा, मधु सैनी, नन्दा चौहान सहित बडी संख्या में माली समाज के लोग उपस्थित रहे।

साल 2022 : रेलवे नियम तोडने वाले 3000 लोगों के खिलाफ RPF ने की कार्यवाही

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मण्डल रेलवे सुरक्षा बल की ओर से वर्ष 2022 में अनाधिकृत रुप से रेल सीमा में प्रवेश करने व यात्राी ट्रेनों में एसीपी करने वाले लगभग 3000 लोगों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।

माह जनवरी-2022 से दिसम्बर 2022 तक रेल सीमा में अनाधिकृत रुप से प्रवेश की रोकथाम के लिए 697 कार्यवाही की गईं। इन कार्यवाहियों के दौरान रेल सीमा के समीप के गांवों, पंचायतो व स्कुलों में 13084 व्यक्तियों को समझाईश की गई तथा अनाधिकृत रुप से रेल सीमा में प्रवेश करने वाले 1946 व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत कार्यवाही कर मामले दर्ज किये गये।

इसी प्रकार अजमेर मण्डल रेल सुरक्षा बल द्वारा सवारी गाडियों में एसीपी (चैन पुलिंग) की रोकथाम बाबत 2547 कार्यवाही की गईं। यात्रियों को जागरुक करने के लिए इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल स्टाफ द्वारा लाउड हैलर एवं पीए सिस्टम का उपयोग किया गया व यात्रियों को एसीपी नहीं करने के लिए पम्पलेट बांटे गये व समझाईश की गई।

सवारी गाडियों में एसीपी की रोकथाम के लिए एस्कोर्टिंग के लिए महिला व पुरुष बल सदस्यों को तैनात किया गया तथा ट्रेनों के संचालन, समयपालन का विशेष ध्यान रखा गया। अभियान के दौरान सवारी गाडियों में अनाधिकृत रुप एसीपी करने वाले 1000 व्यक्तियों के विरुद्ध रेल सुरक्षा बल द्वारा रेलवे एक्ट की धारा 141 के तहत कार्यवाही करते हुए मामले दर्ज किए गए साथ ही सवारी गाडियो में अनाधिकृत वैंडरो के विरूद्ध अभियान चलाकर 1318 व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे एक्ट की धारा 144 के तहत कार्यवाही कर मामले दर्ज किए गए।

बांदनवाड़ा यार्ड समपार फाटक संख्या 29 मरम्मत कार्य के कारण बंद रहेगा

अजमेर-चित्तौड़गढ़ खंड पर स्थित बांदनवाड़ा स्टेशन यार्ड समपार फाटक संख्या 29 पर मरम्मत कार्य दिनांक 3 जनवरी 2023 से 5 जनवरी 2023 तक किया जाएगा। जिसके कारण इन 3 दिनों में फाटक आंशिक समय के लिए बंद रहेगा। इस समपार फाटक का उपयोग करने वाले आमजन और मसूदा की तरफ से आने जाने वाले भारी वाहन विश्रामवाड़ी से तथा हल्के वाहन न्यारा फाटक संख्या 28 से आ जा सकेंगे।

कांग्रेस ने प्रदेश को माफियाराज और भ्रष्टाचार का शासन दिया : शेखावत

जोधपुर में जन आक्रोश सभा
भाजपा की सरकार बनते ही नकल प्रकरणों की सीबीआई जांच होगी
केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा, सुशासन चाहिए तो भाजपा को लाना होगा
जोधपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सोमवार को यहां आयोजित विशाल जन आक्रोश सभा में राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को माफियाराज और भ्रष्टाचार का शासन दिया है। अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। सभा में केन्द्रीय राज्यमंत्री जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि कांग्रेस कभी सुशासन नहीं दे सकती। इसके लिए भाजपा की सरकार बनानी होगी।

कलक्ट्रेट के सामने महर्षि दधीचि उद्यान के सामने आयोजित जन आक्रोश सभा में शेखावत ने कहा कि प्रदेश की गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश की जनता खून के आंसू पी रही है, क्योंकि शायद ही ऐसा कोई वादा होगा, जिसे इस कांग्रेस सरकार ने पूरा किया हो। इस सरकार ने न किसानों का कर्जा माफ किया और न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया। यह सरकार महिलाओं को सुरक्षा भी नहीं दे सकी।

इस सरकार में नकल माफिया हावी रहा

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि इस सरकार में नकल माफिया हावी रहा। सरकार में बैठे मंत्रियों के संरक्षण में नकल घोटाले को अंजाम दिया गया। एक के बाद एक प्रतियोगी परीक्षाएं हुईं और सभी के पेपर लीक हुए। सत्तर लाख युवा प्रतियोगी तैयारी कर रहे हैं। इस सरकार ने उनके सपनों पर पानी फेरने का काम किया है। हाल ही हुई शिक्षक भर्ती परीक्षा में पिछले तीन दिन से नकल एक्सप्रेस बस चल रही थी, जबकि पेपर एक ही लीक घोषित किया गया। बाकी तीन दिन तक नकल हो रही थी। उसे छुपाया गया। यह सरकार नकल माफिया को संरक्षण दे रही है, इसलिए इसकी सीबीआई जांच नहीं करवा रही। शेखावत ने घोषणा की कि भाजपा की सरकार बनते ही पहला काम नकल और पेपर लीक प्रकरणों की सीबीआई से समग्र जांच का होगा। जो लोग पीछे के दरवाजे से सरकारी नौकरियों में आए हैं, उन्हें जेल के सींखचों के पीछे भेजने का काम किया जाएगा।

प्रदेश को बलात्कार की राजधानी बनाया

शेखावत ने कहा कि इस प्रदेश की पहचान त्याग और शौर्य से होती है। रानी पद्मिनी के बलिदान से होती है। मीरां बाई की भक्ति से होती है, लेकिन इस सरकार में महिलाओं के प्रति इतने अत्याचार हुए कि यह प्रदेश अब महिला अपराध के लिए पहचाना जाने लगा। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार देश के सर्वाधिक बलात्कार के मामले राजस्थान में दर्ज हुए। इस सरकार ने प्रदेश को बलात्कार की राजधानी बना दिया।

बेरोजगारों के साथ किया धोखा

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि इस सरकार ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने का काम किया है। कांग्रेस ने जनघोषणा पत्र में युवकों को साढ़े तीन हजार का भत्ता देने का वादा किया था, जिसे आज तक पूरा नहीं किया। यह सरकार लाखों बेरोजगारों को सडक़ पर धकेलने का काम कर रही है।

तुष्टीकरण की नीति पर चल रही सरकार

शेखावत ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि राजस्थान में करौली, भीलवाड़ा और जोधपुर में दंगे हुए। इस सरकार ने तुष्टीकरण की नीति के चलते जांच और मुआवजे में भेदभाव किया। उन्मादी लोगों के हौसले बुलंद हो गए। परिणामस्वरूप प्रदेश को कन्हैयालाल जैसा जघन्य अपराध झेलना पड़ा। उन्मादियों को संरक्षण देने का काम उन्हीं लोगों ने किया, जिन्होंने देश को धर्म और जाति के आधार पर बांटने का काम किया। देश का बंटवारा स्वीकार किया, जिन्होंने पीओके को स्वीकार किया। वे आज देश को जोड़ने निकले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ गया। बारह वर्ग किलोमीटर पर एक भ्रष्टाचारी है। ये वे हैं, जो पकड़ गए। राजस्थान भ्रष्टाचार की राजधानी बन गया है।

माइनिंग माफिया के आगे लाचार हुई सरकार

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रदेश में आए दिन गैंगवार होती रहती है। बजरी माफिया पनप गए। सरकार माइनिंग माफिया के आगे लाचार होकर कहती है कि माइनिंग माफिया नासूर बन गया। हमारे बस की नहीं है। यदि गहलोत साब यह कहते हैं तो उन्हें सरकार में रहने का अधिकार नहीं। गैंगवार हो रही है। हत्याएं बढ़ गईं। पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं। पुलिस का नारा अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास अब उल्टा हो गया है। सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर मुकदमे हो रहे हैं। लोगों में इस सरकार के खिलाफ आक्रोश है। इस आक्रोश को संकलित करके सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए ही राजस्थान में जन आक्रोश यात्राएं आयोजित की गई हैं।

कांग्रेस ने प्रदेश की छवि खराब की : जनरल सिंह

सभा में केन्द्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ा है। भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। इससे राजस्थान की पूरे देश में छवि खराब हुई है। इधर प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं, उधर सरकार अपने में ही उलझी हुई है। सरकार अपनी सीट बचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में कभी सुशासन नहीं आ सकता। इसके लिए राजस्थान में भाजपा सरकार लानी होगी।

अभी चुनाव हुए तो कांग्रेस की 2013 से ज्यादा बुरी हार होगी

जन आक्रोश सभा से इतर मीडिया से बातचीत में केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पूरे राजस्थान के प्रवास के अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि राजस्थान की जनता के मन में भंयकर आक्रोश है। हर एक वर्ग और संवर्ग के मन में आक्रोश है, जिस तरह के हालात और परिस्थितियां राजस्थान में हैं, मैं ये तो नहीं कहूंगा कि चुनाव एक साल बाद होंगे, उस समय क्या होगा? लेकिन आज चुनाव घोषित हो जाते हैं, मैं जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि 2003 में जब चुनाव हुए थे, गहलोत साहब 54 सीटों पर सिमटे थे, 2013 में जब चुनाव हुए थे, तब 21 में सिमटे थे।

अब 21 की तुलना में उसी प्रपोशन में नीचे कितना जाएंगे, वह गणना आप खुद कर सकते हैं। हालात उससे भी ज्यादा बुरे होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मैं कोई भविष्यवाणी नहीं करता, पर उन्हीं की सरकार के मंत्री ने, उन्हीं की सरकार के विधायक ने ये कहा है कि राजस्थान में जिस तरह के हालात हैं, उसके अनुसार में हम इनोवा और फॉर्च्यूनर में जाएंगे।

हमीरपुर में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मझगवां क्षेत्र में जंगल में लकड़ी काटने गई महिला का शव सोमवार को लहूलुहान हालत में मिला है। पुलिस का आशंका है कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के झिन्ना वीरा गांव निवासी कालीचरन की पत्नी प्रेम देवी (35) रविवार शाम गांव के बगल मे स्थित सिकरौधा के जंगल में लकड़ी काटने गई थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की मगर उसका कही पता नहीं लगा। आज दोपहर गांव का धनपत जंगल की ओर जा रहा था कि उसे महिला की खून से लथपथ अर्धनग्न शव जंगल में पड़ा मिला।

मृतका के पति कालीचरन रैकवार ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे पहले जंगल में घसीटा गया है। फिर उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार राठ सीओ पीके सिंह के साथ मौके पर पहुंच कर डांग स्क्वायड टीम के साथ जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ पीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

ऋषभ पंत को किया आईसीयू से निजी वार्ड में स्थानांतरित

देहरादून। सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मैक्स अस्पताल में भर्ती भारतीय विकेटकीपर एवं बल्लेबाज ऋषभ पंत की हालत में सुधार हाेने के बाद उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) से निजी वार्ड में स्थानांतरित किया गया है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो ने सोमवार को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।

पंत 30 दिसंबर को उत्तराखंड के रुड़की में अपनी मां से मिलने के लिये जा रहे थे जब उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। वह कार में आग लगने के बावजूद चमत्कारपूर्ण तरीके से बच गए, हालांकि इस दुर्घटना में उनके घुटने, पैर की उंगलियों और एड़ी में चोट लग गई। पंत यहां मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चिकित्सक इकाई अस्पताल के साथ मिलकर उनका उपचार कर रही है।

उल्लेखनीय है कि पंत का मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी का स्कैन 30 दिसंबर को ही कर लिया गया था, हालांकि दर्द और सूजन के कारण घुटने और पैर के स्कैन अभी नहीं किया गया है। उनके घावों और माथे में लगी चोटों के इलाज के लिए प्लास्टिक सर्जरी की गई थी, हालांकि एमआरआई स्कैन अभी नहीं किया गया है।

बीसीसीआई को उम्मीद है कि पंत अगले दो से तीन दिन में चलने फिरने के लिए फिट होंगे और बोर्ड के डॉक्टर दो लिगामेंट चोट की स्थिति का जल्द से जल्द उपचार शुरू कर सकेंगे। यह फिलहाल ज्ञात नहीं है कि चोटों के लिए सर्जरी की जरूरत होगी या सिर्फ रिहैब की। इस कारण बोर्ड को यह नहीं पता कि पंत को मैदान पर लौटने में कितना समय लगेगा।

भारत को फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और संभवतः इंग्लैंड में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में पंत के बिना उतरना पड़ सकता है। इसके अलावा अक्टूबर में भारतीय सरजमीन पर एकदिवसीय विश्व कप का आयोजन भी होगा। पंत के पूरी तरह फिट होकर विश्व कप में खेलने की उम्मीदें कम हैं, हालांकि इससे पूरी तरह इंकार नहीं किया जा सकता।