Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46 Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 421 -
जयपुर। राजस्थान के सार्वजनिक निर्माण मंत्री भजन लाल जाटव ने गत 25 सिंतबर को कांग्रेस एवं उसके समर्थित विधायकों के सामूहिक इस्तीफे देने के तीन महीने बाद हाल में इस्तीफे वापस लेने को इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया है।
जाटव ने राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड मुख्यालय परिसर में सोलर प्लांट, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, फास्ट टैग कमाण्ड सेंटर एनएबीएल अनुमोदित गुण नियंत्रण प्रयोगशाला के लोकार्पण के बाद मीडिया से बातचीत में सवाल के जवाब कहा कि यह हमारा आंतरिक मामला है।
जिस मांग पर विधायकों ने सामूहिक इस्तीफा दिया, क्या वह मांग पूरी हो गई और इस कारण इस्तीफे वापस लिए जा रहे है के सवाल पर जाटव ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि सामूहिक रुप से कोई फैसला हुआ, तभी तो इस्तीफे वापस हुए हैं।
उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के बयान कि इस्तीफे पर फैसला करने का अधिकार विधानसभा अध्यक्ष को होता है और उसे वापस नहीं लिया जा सकता को लेकर किए गए सवाल पर जाटव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता नेतागिरी चमकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं जबकि उनके आपसे में ही तालमेल नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव में विफल साबित हुई हैं, वह नगर निगम, पंचायत राज चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में असफल रही है और उसके प्रदेश अध्यक्ष भी असफल रहे हैं।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहट जिले में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
बचाव दल में शामिल एक अधिकारी के मुताबिक, कोहाट जिले के दर्रा आदम खेल इलाके में एक वैन मिनी ट्रक से टकरा गई जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और शवों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल के चिकित्सकों ने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि घायलों में से कम से कम दो लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने स्थानीय मीडिया को बताया कि हादसा दोनों वाहनों की तेज गति के कारण हुआ।
जोधपुर/पाली। बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी रेल एक्सप्रेस जोधपुर मंडल के राजकियावास- बोमादरा रेलखंड के मध्य आज तड़के पटरी से उतर गई जिसमें दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गाड़ी संख्या 12480, बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के तेरह डिब्बे आज तड़के 03.27 बजे जोधपुर मंडल के राजकियावास- बोमादरा रेलखंड के बीच पटरी से उतर गये। इनमें तीन डिब्बे पलट गए। हालांकि इसमें किसी प्रकार की जन हानि नहीं हुई। हादसे में 26 यात्री घायल हुए हैं इनमें एक यात्री गंभीर रुप से घायल हैं। घायल यात्रियों को पाली के बांगड़ अस्पताल मेंं उपचार के लिए ले जाया गया।
रेलवे द्वारा जोधपुर से दुर्घटना राहत गाड़ी एवं रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गये और युद्ध स्तर पर राहत कार्य जारी है अभी पटरी से उतरे दो डिब्बों को वापस पटरी पर लाया जा सका और शाम तक रेल मार्ग पर रेल यातायात बहाल हो सकेगा।
हादसे के बाद रेल मार्ग प्रभावित होने पर 12 रेल गाड़ियो के मार्ग परिवर्तन किया गया हैं जबकि कुछ गाड़ियों को रद्द भी करना पड़ा है। यात्रियों क़ो गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई और पटरी से उतरी गाड़ी के सुरक्षित आगे के कुछ डिब्बों में यात्रियों जोधपुर रवाना किया गया।
सू्त्रों ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पाली स्थित बांगड अस्पताल में भर्ती घायल यात्रियों से बातचीत कर जानकारी प्राप्त की हैं। बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के रेल अवपथन से घायल होने वाले यात्रियों को सहायता राशि प्रदान कर राहत प्रदान की गई हैं। बांगड अस्पताल में 26 यात्रियों का उपचार चल रहा है।
घायल यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए 16 यात्रियों को 25-25 हजार रूपए तथा एक गंभार रूप से घायल यात्री को एक लाख रूपए की राशि प्रदान की गई है। रेलवे के उच्चाधिकारी लगातार स्थिति को मॉनिटर कर रहे हैं तथा वैष्णव स्वयं स्थिति का जायजा लेने के लिए आ रहे हैं।
गहलोत ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस रेलगाड़ी के राजकियावास-बोमादरा रेलखंड के मध्य रेल हादसे पर दुःख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
गहलोत ने कहा कि तत्काल राहत कार्य के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों और चिकित्सकीय दल ने रेलवे से समन्वय बनाकर यात्रियों को राहत पहुंचाई है। हादसे में घायल 26 यात्रियों को बांगड़ राजकीय अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया, जिनमें से अधिकांश को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
जिला प्रशासन पाली द्वारा घायल यात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 02932-252801/252804 जारी किए गए हैं। यात्रियों को बसों के जरिए गंतव्य स्थान तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी रेलवे अधिकारियों के साथ लगातार निगरानी कर रहे हैं।
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने 2016 की ‘नोटबंदी’ के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं को सोमवार को बहुमत के फैसले से खारिज कर दिया।
न्यायमूर्ति एस अब्दुल नजीर की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ की ओर से न्यायमूर्ति बी. आर. गवई ने 4:1 के बहुमत वाला फैसला सुनाया।
हालांकि, न्यायमूर्ति नागरत्न ने बहुमत से अलग एक असहमतिपूर्ण निर्णय दिया। उन्होंने कहा कि विमुद्रीकरण का प्रस्ताव एक विधायी उपाय द्वारा किया जाना चाहिए न कि राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से।
न्यायमूर्ति नजीर, न्यायमूर्ति गवई, न्यायमूर्ति ए एस. बोपन्ना, न्यायमूर्ति वी रामसुब्रमण्यम और न्यायमूर्ति बीवी नागरथ्ना की संविधान पीठ ने संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सात दिसंबर 2022 को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
केंद्र सरकार द्वारा 8 नवंबर 2016 को 500 और 1000 रुपए के नोटों को अमान्य घोषित करने के फैसले को अधिवक्ता विवेक नारायण शर्मा के अलावा 50 से अधिक याचिकाओं के माध्यम से चुनौती दी गई थी।
सुप्रीमकोर्ट के फैसले के बाद राहुल गांधी माफी मांगें
भारतीय जनता पार्टी नवंबर 2016 के नाेटबंदी के केन्द्र सरकार के निर्णय पर उच्चतम न्यायालय के फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए आज कहा कि जिस निर्णय से आतंकवाद, कालाबाज़ारी एवं भ्रष्टाचार की कमर टूट गई और देश में कर संग्रहण में इजाफा हुआ, उसे लेकर सरकार पर झूठे लांछन लगाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उच्चतम न्यायालय का आज एक बहुत ही महत्वपूर्ण फैसला आया है। 2016 में मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसले, जिसमें 500 और 1,000 के नोटों का जो विमुद्रीकरण किया था, उसकी वैधानिकता को चुनौती देने वाली सारी याचिकाओं को अदालत ने अस्वीकार कर दिया है।
प्रसाद ने कहा कि विमुद्रीकरण की पूरी नीति आतंकवाद के वित्तपोषण, नकली मुद्रा और काले धन को सफेद करने आदि को रोकने के लिए की गई थी। आतंकवाद की रीढ़ को तोड़ने में विमुद्रीकरण ने महत्वपूर्ण काम किया और गरीबों के लिए योजनाओं में भ्रष्टाचार को रोकने में भी यह कारगर साबित हुई। यह फैसला देशहित में किया गया था और आज अदालत ने इस निर्णय को सही पाया है। जबकि कांग्रेस ने इसे लेकर काफी हंगामा किया था।
भाजपा नेता ने कहा कि अदालत ने नोटबंदी के निर्णय की पूरी प्रक्रिया की जानकारी मांगी थी और आज के बहुमत के फैसले से साबित हो गया कि उच्चतम न्यायालय ने निर्णय प्रक्रिया को उचित माना है। केवल एक न्यायमूर्ति नागरत्न ने अलग राय रखी है लेकिन उन्होंने सरकार की नीति एवं उद्देश्य को सही बताया है। उनका मत यह है कि यह भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम की धारा 26(2) के तहत नहीं बल्कि अलग कानून बना कर किया जाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद भारत ने डिजीटल भुगतान एवं वित्तीय तकनीक के मामले में भी विश्व में अग्रणी स्थान हासिल किया है। अक्टूबर 2022 में 12 लाख करोड़ रुपए के 730 करोड़ डिजीटल लेनदेन दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 में आयकर 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया तथा 2.38 लाख फर्जी कंपनियां बंद पकड़ी गईं। अनौपचारिक अर्थव्यवस्था की हिस्सेदारी 52 प्रतिशत से सिकुड़ कर 20 प्रतिशत रह गई है। इसका परिणाम यह हुआ कि जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजी बंद हो गई। आतंकवाद की कमर टूट गई। नोटबंदी दरअसल आतंकवाद के वित्तपोषण पर सबसे बड़ा आघात साबित हुआ।
प्रसाद ने कहा कि सरकार के इस निर्णय पर उस समय बहुत बड़ा हंगामा खड़ा गया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशों में भारत पर सवाल उठाते थे। जिस तरह के शब्दों का प्रयोग किया गया, वे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गांधी तब ही समझते हैं जब अदालतें उन्हें समझाती हैं। गांधी ने राफेल विमान के बारे में भी क्या क्या कहा था, लेकिन उच्चतम न्यायालय के फैसले से ही वह चुप हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में बिचौलियों एवं दलाली की संस्कृति को प्रोत्साहित एवं संरक्षित किया।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने सवाल किया कि क्या इस फैसले के बाद गांधी झूठे लांछन लगाने के लिए देश से माफी मांगेंगे। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च अदालत ने निर्णय प्रक्रिया, मकसद एवं संवैधानिक मानदंड के अनुपालन के तीनों बिन्दुओं पर सरकार के निर्णय को उचित माना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही गरीब विरोधी पार्टी है। इस नीति से गरीबों को फायदा हुआ है। उनके हिस्से में आने वाले सहायता में भ्रष्टाचार एवं लीकेज पूरी तरह से बंद हो गया है। आतंकवाद के वित्तपोषण एवं फर्जी कंपनियों केे सहारे काले धन को सफेद बनाने पर लगाम लगी है।
उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री एवं वकील पी चिदंबरम को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चिदंबरम ने अपनी प्रतिक्रिया में बहुमत के फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन अल्पमत वाले न्यायाधीश के अवलोकन पर टिप्पणी को सरकार के लिए एक थप्पड़ बताया है जो कलाई पर लगा है। चिदंबरम को उस परंपरा का ख्याल नहीं रख सके कि जब किसी विषय पर वह अदालत में वकालत की जा रही है तो उस पर संसद के किसी सदन या सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा जाता है।
सबगुरु न्यूज। पौष मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी, वार सोमवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 08.23 बजे बाद द्वादशी तिथि प्रारम्भ।
मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।
वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।
मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।
कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।
सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।
कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।
तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।
वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।
धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।
मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।
कुंभ राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।
मीन राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की आशंका है।
सिरसा। हरियाणा में मंत्रियों द्वारा छेड़छाड़ का मामला कोई नई बात नहीं है। राज्य में अब तक चार मंत्री इस तरह के कथित आरोप लगने के बाद अपना मंत्री पद गंवा चुके हैं।
खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह पर तीन रोज पहले एक महिला कोच व राष्ट्रीय एथलीट द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप के बाद आज उन्हें अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को सौपना पड़ा और अब संदीप सिंह बिना मंत्रालय के मंत्री हैं।
संदीप सिंह से पहले सिरसा के विधायक एवं पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा भी मंत्री पद से हाथ धो चुके हैं। पूर्व मंत्री गोपाल कांडा पर उन्हीं की एक एयरलाइंस फर्म की कर्मचारी गीतिका शर्मा द्वारा सुसाइड कर लेने के बाद दर्ज मुकदमा झेलना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि पांच अगस्त 2012 को गीतिका शर्मा ने एक सुसाइड नोट लिखकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली थी। उस समय गोपाल कांडा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी प्रयास किए आखिरकार उन्हें दिल्ली पुलिस के सुपुर्द होना ही पड़ा।
उसके बाद वह सिरसा से दो बार विधायक तो बने मगर गीतिका शर्मा की मौत का लगा कलंक उन्हें मंत्री की सीट पर नहीं बैठने दे रहा। वर्ष 2019 में विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद गोपाल कांडा विशेष विमान से सिरसा से मंत्री बने तो निकले थे मगर मीडिया की नजरों में चढ़ जाने के बाद इन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। बेचारे तभी से पूर्व मंत्री लिखकर अपना काम चला रहे हैं।
इसी तरह चौधरी भजन लाल के मुख्यमंत्रित्व काल में तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं विधायक छत्रपाल सिंह पर गोवा से दिल्ली लौटते वक्त विमान में एयर होस्टेस से छेड़खानी के लगे आरोप के बाद मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था।
इसके बाद चौधरी बंसीलाल के मुख्यमंत्रित्व काल में परिवहन मंत्री रहे पानीपत ग्रामीण से विधायक ओमप्रकाश जैन पर भी कथित तौर पर छेड़छाड़ के आरोप लगे और अखबारों की सुर्खियां बने इसके पश्चात कंबोपुरा गांव के एक सरपंच द्वारा सुसाइड करने का मामला अखबारों की सुर्खियां बनने के बाद मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो तक जा पहुंचा जिससे ओम प्रकाश जैन को मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा।
सीकर। राजस्थान में सीकर जिले के खंडेला थाना क्षेत्र में पिकअप के मोटरसाइकिल से टकराने के बाद बोरिंग मशीन ट्रक से भीड़ जाने से आज 11 लोगों की मौत हो गई जबकि कुछ लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जयपुर जिले के चौमू इलाके के सामोद से पिकअप में सवार होकर सीकर जिले में खंडेला स्थित गणेशधाम दर्शन करने के लिए ये लोग आ रहे थे कि उनकी पिकअप एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए बोरिंग मशीन ट्रक में जा घुसी। हादसे में मोटरसाइकल पर सवार पति-पत्नी एवं पिकअप में सवार लोगों सहित 11 लोगों की मृत्यु हो गई।
हादसे से मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को पलसाना चिकित्सालय पहुंचाया गया।
हादसे पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने शोक जताया है। मिश्र ने दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
गहलोत ने कहा कि सीकर के खंडेला क्षेत्र में पलसाना-खंडेला मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें, दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
बिड़ला ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया और कहा कि सीकर में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस आघात को सहन करने का संबल दें।मेरी गहन संवेदनाएं पीड़ित परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
सिरोही व जालोर जिलों में जन आक्रोश सभाओं में जलशक्ति मंत्री का उद्बोधन बोले, कांग्रेस सरकार ने समाज के सभी वर्गोंं के साथ धोखा किया सिरोही/जालोर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के राज में नकल माफिया पनप गया है। हमारी सरकार आई तो पिछली भर्तियों की सीबीआई जांच करवाएंगे और जो पिछले दरवाजे से भर्ती हुए हैं, उन्हें जेल में डालेंगे। उन्होंने कहा कि इस सरकार में समाज के हर वर्ग के साथ धोखा और वादा-खिलाफी हुई है। फिर चाहे वह किसान हो, युवा हो या महिलाएं।
शेखावत रविवार को सिरोही के जावाल और जालोर जिले के सायला में जन आक्रोश सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने के बाद जनप्रतिनिधियों के साथ थोड़ी बहुत नाराजगी स्वभाविक है, लेकिन राजस्थान में कांग्रेस सरकार के प्रति जनता में अपार आक्रोश है। मन में क्रोध है। इस आक्रोश को संचित करके इस कुराज को उखाड़ फेंकने के लिए यह जन आक्रोश यात्राएं हो रही हैं। आक्रोश इसलिए है कि राजस्थान के हर वर्ग के साथ इस सरकार ने धोखा किया है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस सरकार ने सत्तर लाख युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने का काम किया है। पेपर लीक और नकल माफिया को संरक्षण दिया। आए दिन प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया। नकल माफिया को रोकने के लिए सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन सरकार ने मांग नहीं मानी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती में गिरफ्तार आरोपी रीट की परीक्षा में नकल कराते हुए भी पकड़ा था, वह तीन महीने बाद भारत जोड़ो यात्रा में फोटो खिंचवा रहा था। मुख्यमंत्री जी को मैं पूछना चाहता हूं कि इस नकल माफिया को संरक्षण कौन दे रहा है? नकल के चलते युवाओं में हताशा है। युवक आत्महत्या करने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि मैं यह जिम्मेदारी के साथ कहता हूं कि हमारी सरकार आई तो हम इन भर्तियों की जांच करवाएंगे और नकल के मामले की पूरी जांच सीबीआई से करवाएंगे। जो लोग पिछले दरवाजे से थानेदार और डिप्टी बने हैं, या आरएएस बने हैं, उन्हें बाहर निकालकर जेल में भेजेंगे। उन्होंने कहा कि नकल प्रकरण में नकल माफिया ही नहीं दोषी नहीं, दोषी अशोक गहलोत भी हैं, क्योंकि वे मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों हैं।
कांग्रेस सरकार ने किसानों से छल किया
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया। कर्जा माफ नहीं किया। उल्टे बिजली के बिल बढ़ा दिए। केन्द्र सरकार की ओर से दस प्रतिशत ज्यादा यूरिया देने के बाद भी समय पर आपूर्ति नहीं कर पा रही। इसलिए किसान के मन में कांग्रेस सरकार के प्रति आक्रोश है।
पानी का बजट खर्च नहीं कर पाई सरकार
केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि राज्य में जब वसुंधरा राजे की सरकार थी, तब प्रदेश सब योजनाओं में अग्रणी था, लेकिन अब पिछड़ गया। जल जीवन मिशन में सबसे ज्यादा बजट दिया। लेकिन उसे क्रियान्वित नहीं किया। देशभर में 56 प्रतिशत घरों में नल पहुंचा दिया, लेकिन राजस्थान आज भी नीचे से दो नंबर है। सबसे ज्यादा पैसा देने के बाद में भी यहां की निकम्मी सरकार 27 हजार करोड़ में से मात्र पांच हजार करोड़ रुपए ही खर्च हो पाए। सिरोही में एक लाख पांच हजार घर है। यहां तियालीस हजार घरों में पानी जल जीवन मिशन शुरू होने से पहले ही पहुंच चुका। इस मिशन के बाद यहां मात्र बारह प्रतिशत काम हुआ।
सिरोही को जवाई का पानी मिलेगा
शेखावत ने कहा कि जवाई पुनर्भरण में सिरोही को उसके हिस्से का पानी देना है। राजस्थान में भाजपा की सरकार बनते ही इसे देखेंगे। जनता के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। सिरोही को सिरोही के हिस्से का पानी मिलेगा। माही का पानी लाने का प्रयास चल रहा है। गुजरात के साथ निर्णायक मोड़ पर चल रहा है। जिस तरह से नर्मदा का पानी दिया।
स्कूली बच्चों को मोबाइल चाहिए या शिक्षक
शेखावत ने कहा कि सरकार लॉलीपॉप दे रही है। अभी सरकार ने घोषणा की कि महिलाओं को स्मार्ट फोन देंगे। सरकार के पास स्कूलों में शिक्षक लगाने का पैसा नहीं है। पीने का पानी लाने का पैसा नहीं है। सिंचाई के लिए पैसा नहीं है। चिरंजीवी के लिए दवाओं के लिए पैसा नहीं है, लेकिन मोबाइल देना चाहते। आप बताइए कि मोबाइल जरूरी है या शिक्षक। मोबाइल जरूरी है या पानी। शेखावत ने यह भी कहा कि सरकार हमारे दुश्मन देश चीन में बने घटिया मोबाइल खरीदेगी। उसमें भी भ्रष्टाचार होगा।
जगह-जगह स्वागत, अभिभूत हुए मंत्री
इससे पहले, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत रविवार सुबह जोधपुर से सड़क मार्ग से जावाल (सिरोही) और सायला (जालोर) के लिए रवाना हुए। यात्रा में मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने शेखावत का साफे और फूल मालाओं से स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने नववर्ष की शुभकामनाएं दींं और सभी का आभार व्यक्त किया। शेखावत ने कहा कि जनता जनार्दन का सेवक होने का सुख यह है कि सेवक का जब ऐसा स्वागत हो, मन विनीत भाव से भर जाता है। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मिला हृदयमय स्वागत मन प्रफ्फुलित कर गया।
अजमेर। रेलवे अस्पताल अजमेर में आर्थोंस्कोपिक मल्टी लिगामेंट घुटने की सफल सर्जरी की गई है। लगातार की जा रही इस प्रकार के जटिल सफल सर्जरी से रेलवे अस्पताल अजमेर जॉइंट और आर्थोंस्कॉपी का नया विकसित केंद्र बन गया है।
हाल ही में एक 28 वर्षीय पुरुष रेलवे कर्मचारी सड़क यातायात दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे दर्द और अस्थिरता के कारण चलने में कठिनाई हो रही थी। शुरुआत में उसने इलाज के लिए भीलवाड़ा के अस्पतालों दिखाया। बाद में वहां से छुट्टी ले ली और आगे के इलाज के लिए रेलवे अस्पताल अजमेर में दिखाया।
रेलवे अस्पताल में आर्थोपेडिक विभाग में पूरी तरह से चेक अप कर इलाज किया गया जिसके अंतर्गत बाएं घुटने के जोड़ के मल्टी-लिगामेंट इंजरी की सर्जरी की गई जिसमें पूर्ण टियर क्रूसिएट लिगामेंट, मेडियल कोलेटरल लिगामेंट और मेनिस्कस का आंशिक टियर का इलाज शामिल है। इस प्रकार घुटने के जोड़ की आर्थ्रोस्कोपिक पुनर्निर्माण सर्जरी की गई।
हाल ही में, मंडल रेलवे अस्पताल अजमेर के आर्थोपेडिक विभाग को जयपुर से रेलवे अधिकारियों से सबसे उन्नत 4K आर्थ्रोस्कोपी प्रणाली मिली। इस अत्याधुनिक प्रणाली में सबसे उन्नत और परिष्कृत उपकरण हैं, जिनमें शेवर शोधन, द्रव प्रबंधन, रेडियोफ्रीक्वेंसी को एब्लेटर सिस्टम तथा अल्ट्रा हाई डेफिनिशन 4K कैमरा सिस्टम शामिल है। यह कम्पलीट आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी करने के लिए सबसे उन्नत प्रणाली है।
आर्थोपेडिक सर्जन डॉ राज कुमार मीणा द्वारा इस अत्यधिक उन्नत प्रणाली का उपयोग करके रोगी का ऑपरेशन किया गया और डॉ प्रिया गर्ग द्वारा स्पाइनल एपिड्यूरल एनेस्थीसिया दिया गया। मल्टी लिगामेंट आर्थ्रोस्कोपिक रीकंस्ट्रक्शन मंगलवार को सफलतापूर्वक किया गया।
रेलवे अस्पताल में इस सुविधा के कारण, कम से कम रक्त हानि, बेहतर कार्यात्मक परिणाम, रोगियों को तेजी से स्वास्थ्य लाभ के साथ आर्थ्रोकॉपिक सर्जरी की जाती है और अब मरीजों को अजमेर में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं और उन्हें जयपुर, दिल्ली आदि शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं है।
सिरोही के जावाल में जनआक्रोश महासभा को सम्बोधित करते केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत।
सबगुरु न्यूज-सिरोही। जावाल के कबूतर चौक में आयोजित जन आक्रोश महासभा को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर विफल है। आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने के राज्य कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाकर कहा कि राज्य की विभिन्न परीक्षाओं के पेपर आउट करने वालों को संरक्षण देकर बचाने वाले लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
शेखावत ने कहा कि आज देश का नेतृत्व सुरक्षित हाथों में है लेकिन, राज्य की बागडोर ऐसे लोगों ने संभाल रखी है जो प्रदेश के विकास को अवरुद्ध करके जुल्म अत्याचार को बढ़ावा देकर राज्य को अपराध का गढ़ बना रहे हैं। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री गहलोत पर निशाना साधकर जनता के साथ वादाखिलाफी करने के आरोप लगाए और कहा कि महिला अत्याचार के मामले में देश में अव्वल नंबर पर है। सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने बेरोजगारों को नौकरी और भत्ता देने की बात कही इसी प्रकार बिजली दर सस्ती करने की बजाय महंगी की है। किसानों को ऋण माफी का छलावा दिया, देशभर में महिला और अनुसूचित जाति जनजाति के प्रति अपराध सबसे अधिक राजस्थान में हो रहे हैं। भूमाफिया बढ़ गए हैं इसी प्रकार गैंगवार, बजरी माफिया,अवेध खनन, तस्करी तथा करोली,जोधपुर आदि कई जगह दंगे भड़काकर प्रदेश का माहौल खराब किया गया है। कहा कि मुख्यमंत्री समस्या से मुकाबला करने के बजाय अपनी लाचारी प्रकट कर रहे हैं यह शर्मनाक है।
शेखावत ने सरकार पर हमला बोलकर कहा कि इनके मंत्री बेलगाम है और इनके मंत्री शांति धारीवाल जैसों ने महिलाओ के रेप मामलों पर प्रदेश के सूरमाओ, वीरों को अपमानित करने जैसा बयान देकर घृणित कृत्य किया है। जनता कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार व जंगलराज से परेशान है।
शेखावत ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के पास स्कूलों के भवन बनाने, खेतों में पानी देने, बिजली सस्ती करने, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़कों की दुर्दशा सुधारने आदि के लिए पैसा नहीं है और अब 12500 करोड़ के दुश्मन देश चाइना से मोबाइल मंगवाकर फ्री बांटने स्कीम लाने की योजना बनाकर जनता के पैसों की बर्बादी करने का कुचक्र चलाया है।
गजेंद्रसिंह शेखावत ने स्थानीय निर्दलीय विधायक लोढ़ा पर निशाना साधकर जल जीवन मिशन केंद्रीय योजना में सिरोही जिले के फिसड्डी साबित होने के आरोप लगाकर कहां की मात्र 12 प्रतिशत वाला फैलियर आदमी सीएम का सलाहकार क्या भला करेगा। सभा मे कुछ महिलाओं के पीने के पानी की समस्या को लेकर स्थानीय विधायक के प्रति रोष जाहिर करने की ओर इशारा कर कहा कि यह दुर्भाग्य है कि केंद्र सरकार द्वारा दिए जाने वाले पैसों का जनहित में उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने चुटकी लेकर विधायक की ओर सवाल दागा की इतना काम करते थे की आप सो गए थे फिर केंद्र से पीने का पानी पहुंचाने के मामले में देश में 40, प्रदेश में 23, लेकिन सिरोही में मात्र 12प्रतिशत ही काम क्यों हुआ।
शेखावत ने कहा कि राजस्थान को मोदी सरकार ने नर्मदा का पानी उपलब्ध करवाया है। जिला भाजपा नेताओं की ओर से दिए जिले को पानी की परियोजना के मांग ज्ञापन पर कहा कि गुजरात सरकार से बात चल रही है माही में हिस्सा सिरोही को मिले। 32 नाला कार्य की लेटलतीफी को सरकार की कारस्तानी बताया और कहा कि इसका श्रेय बीजेपी को मिले इसलिए विलंब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जवाई पुनर्भरण बढ़ाने के लिए कहा गया है यह राज्य सरकार के अधिकार का है और उसे जनहित में करना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री मंत्री ने सभा में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि केंद्र की लाभकारी योजनाओं की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि मैं सुनाने लगु तो आप थक जाओगे, इसलिए अगली बार मुझे पार्टी बुलाएगी तब मैं आपको उस सभा मे विस्तार से उनके बारे में बताऊंगा, आज तो राज्य सरकार की कारगुजारीयों को उजागर करूंगा। सांसद देवजी पटेल ने राज्य कांग्रेस के 4 साल बेमिसाल को ढकोसला बताकर उसे विकास विरोधी बताया। सांसद ने निर्दलीय लोढ़ा को तथाकथित संबोधित कर केंद्र की योजना में हो रहे कार्य को अपने खाते में गिनाने के आरोप लगाए। सांसद ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय का प्रपोजल भेजो फिर बात करो।इसी प्रकार भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित, पूर्व राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, पाली विधायक ज्ञानचंद पारख आदि ने राज्य कांग्रेस सरकार को प्रदेश से विदा करने के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया। सभा को विधायक समाराम गरासिया,जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, यात्रा संयोजक दिलीपसिंह मांडानी, प्रधान हसमुख मेघवाल, उपाध्यक्ष नारायण देवासी, अशोक पुरोहित, गणपतसिंह राठौर, मांगूसिंह बावली, तुलसीराम पुरोहित आदि ने भी संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री योगेंद्र गोयल ने किया। इससे पूर्व भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री का 51 किलो के पुष्प माला के साथ तलवार, साफा, दुपट्टा आदि पहनाकर स्वागत सत्कार किया गया।
आक्रोश सभा में वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमती तारा भंडारी, शिवगंज प्रधान ललिता कुंवर, नितिन बंसल, पूर्व जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया, अरुण ओझा, ताराराम माली, ठा. रामवीरसिंह,छगनलाल घांची, मंडल अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, गणेश पुरोहित, नारायणसिंह देलदर, कुपाराम देवासी, प्रताप परमार, हिदाराम माली, नरपतसिंह राडबर,विस्तारक दिलीप दवे रक्षा भंडारी, गंगासिंह राठौड़, सूरजपालसिंह, अमराराम प्रजापत, श्रीमती अंशु वशिष्ठ, कांतिलाल पुरोहित, परमवीरसिंह, हिम्मत नागर, लक्ष्मण पुरोहित, निंबाराम देवासी,महेंद्र पुरोहित, हीरेंद्रपाल सिंह, माधोसिंह, नैनसिंह पुरोहित, मगनलाल मीणा, जबरसिंह, चिराग रावल, अशोक टाइगर, गोविंद पुरोहित समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि व आमजन मौजूद थे।
तारा भंडारी की कुशलक्षेम पूछते गजेन्द्रसिंह शेखावत।
-इनसे मिले शेखावत केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान सिरोही सिरोही में जिले की वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमती तारा भंडारी से मिलने पहुचे। शांति नगर में पूर्व विधायक श्रीमती तारा भंडारी से मुलाकात करते हुए उनके स्वास्थ्य और तबीयत की जानकारी प्राप्त करके कुशलक्षेम जानी। उन्होंने कुछ विधानसभा की पुरानी यादो को स्मरण किया। इस मौके पर भंडारी ने केंद्रीय मंत्री को साफा शॉल और कुछ पेट देकर स्वागत किया इस मौके पर उनकी पुत्रवधू रक्षा भंडारी एवं पुत्र सिद्धार्थ भंडारी ने भी माल्यार्पण किया। भंडारी से मुलाकात के दौरान जिला उपाध्यक्ष नारायण, पुरोहित, सांसद देवजी पटेल, पूर्व मंत्री ओटाराम देवासी, महिला मोर्चा की श्रीमती रक्षा भंडारी, नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी ताराराम माली, रजत जैन आदि मौजूद थे। इसके बाद शेखावत केसर विलास में पूर्व नरेश रघुवीरसिंह देवड़ा से मिलने पहुंचे।
सिरोही के गोयली चौराहे पर गजेन्द्रसिंह शेखावत का अभिनन्दन करते भाजपा पदाधिकारी।
सिरोही में केंद्रीय मंत्री के प्रवेश पर गोयली चौराहे पर नगर पदाधिकारियों ने साफा दुपट्टा आदि पहनाकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत सत्कार कर अगवानी की। नगर अध्यक्ष सहित गणपतसिंह राठौड़, चिराग रावल, जब्बरसिंह चौहान, ललित प्रजापत, कपूराराम पटेल, अजय भट्ट आदि कई कार्यकर्ता मौजूद थे। जावाल जाने के दौरान मार्ग में गोयली गांव में पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मणसिंह, निंबाराम देवासी, नाथूसिंह सोलंकी, तेजसिंह, नाथूराम मेघवाल आदि के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल धमाकों से माला पहनाकर स्वागत किया। इसी प्रकार उड़ पहुंचने पर जल जीवन मिशन योजना में गांव में 7.19 करोड की राशि जारी करने पर लोगों ने मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करके गांव के परमवीरसिंह, हिम्मत सेन, प्रकाश सुआरा, ओमसिंह आढ़ा, चुन्नीलाल घांची आदि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने माला साफा आदि से स्वागत सत्कार किया। जावाल में भी स्थानीय कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से शेखावत का स्वागत सत्कार किया।
भाजपा जन आक्रोश यात्रा में ही नहीं बल्कि रविवार को आयोजित जन आक्रोश सभा में भी सम्मानित संख्या नहीं जुटा पाई। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री जो कि जोधुपर सम्भाग के ही हैं। सिरोही जोधपुर सम्भाग में ही आता है। इसके बावजूद इनके नाम का ऐसा जादू सिरोही के लोगों पर नहीं चल सका कि केंद्रीय मंत्री होने के नाते श्रोताओं की सम्मानित संख्या जुटा पाएं। महासभा नाम भले ही दे दिया हो लेकिन, इसमें नुक्कड़ सभा जितने लोग एकत्रित नहीं हो सके थे। सिरोही जिले में ये दूसरी जनआक्रोश महासभा थी और दोनो ही महासभाओं का यही हाल हुआ।
जावाल सिरोही विधानसभा में पड़ता है। ये भाजपा का गढ़ माना जाता है। सिरोही विधानसभा में भाजपा के सिरोही नगर, कृष्णगंज, कालन्द्री, बरलूट, जावाल, कैलाशनगर, पालड़ी, पोसालिया और शिवंगज नगर मंडल आते हैं। इनमे से कालन्द्री, बरलूट और जावाल एक दूसरे से 5 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर नहीं होंगे इसके बावजूद ये 9 मंडल केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की जन आक्रोश सभा में 900 लोग एकत्रित नहीं कर पाए। आमतौर पर केंद्रीय मंत्री की सभा में कम से कम दो से पांच हजार की संख्या सम्मानित संख्या मानी जाती है। लेकिन, यहां पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का नाम एक हजार लोगों पर अपना जादू नहीं चला पाए कि इतने लोग एकत्रित हो जाएं।
सिरोही विधानसभा में मुख्य भाजपा समेत युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, एससीएसटी मोर्चों को जोड़ लेवें तो कुल 8 सन्गठन होते हैं। 9 मंडलों में 8 संगठनों में प्रत्येक में 31 पदाधिकारी हैं। अगर सिर्फ इन्हीं को जोड़ लेवें तो महासभा में एकत्रित लोगों की संख्या ही 2232 हो जाती है। जिले के 8 संगठनों के पदाधिकारी भी जोड़ लेवें तो ये संख्या बढ़कर करीब 2500 हो जाती है। महासभा में मंडल के के पदाधिकारियों आधे लोग भी एकत्रित नहीं हो पाए। फिर जनता का सरकार के खिलाफ आक्रोश दिखाने के।लिए अयोजित इस सभा में कितने आम नागरिक होंगे ये अन्दाजा लगाना मुश्किल नहीं है। लोगों के इतनी कम संख्या में एकत्रित होने की वजह सन्गठन में आपस में चल रही खींचतान भी प्रमुख वजह बताई जा रही है।
आक्रोश का एक नज़ारा तो सिरोही से गोयली की तरफ बढ़ते ही डिस्कॉम के कार्यालय पर लगे बैनर ओर नजर आया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री के स्वागत में लगाये गए इस होर्डिंग को फाड़ दिया गया था। होर्डिंग जितनी ऊंचाई पर लगा था उससे स्प्ष्ट है कि इसे जानबूझकर अपना गुस्सा निकालने के लिये किसी ने फाड़ा था। अब ये गुस्सा भाजपा के खिलाफ था, मंत्री के खिलाफ था या फिर होर्डिंग लगाने वाले के खिलाफ था ये तो इस पर अपना गुस्सा निकालने वाले ही बता सकता है। केंद्रीय मंत्री के सिरोही जिले की सीमा में प्रवेश करते ही भाजपा नेताओं ने कई जगह स्वागत किया।