Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 422 -
होम ब्लॉग पेज 422

प्रशासन की गलफांस बना इंडोर स्टेडियम प्रकरण, माली समाज ने खोला मोर्चा

0

अजमेर। अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खेलजगत की हस्ती और माली समाज के सिरमौर रहे स्वर्गीय मूलचंद चौहान की पटेल मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम में लगी मूर्ति के साथ कथित रूप से की गई छेडछाड तथा उनके स्मृति दस्तावेजों व सामग्री को खुर्द बुर्द किए जाने से खिलाडियों और माली समाज में रोष है।

महेश चौहान ने बताया कि इस क्रम में जिला प्रशासन व नगर निगम के प्रति नाराजगी जताने तथा आगाह करने के लिए खिलाडियों, सकल माली समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी व सदस्य, जनप्रतिनिधि सोमवार दोपहर 2 बजे अजमेर कल्ब् ​चौराहे स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले स्मारक पर एकत्र होंगे तथा बैठक कर इस बारे में आगामी रणनीति तय करेंगे।

चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार ने भी इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है। इसके चलते प्रशासन को स्वर्गीय चौहान की मूर्ति इंडोर स्टेडियम में पुन: यथास्थान लगानी पडी। समाज पुरजोर मांग करता है किे स्वर्गीय चौहान की पूर्व में लगी विशाल तस्वीर तथा स्मृति संबंधी अन्य सामग्री को भी पूर्ववर्ती स्थान पर जगह दी जाए। इसके अलावा जिस स्थान पर नगर निगम ने अपना बोर्ड लगा दिया है उस जगह पुन: मूलचंद चौहान के नाम का बोर्ड लगाया जाए। स्वर्गीय मूलचंद चौहान की प्रतिष्ठा धूमिल करने के प्रयास माली समाज कभी सफल नहीं होने देगा।

दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 के केयर होम में आग से 2 की मौत

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में नववर्ष के पहले दिन रविवार सुबह ग्रेटर कैलाश-2 के केयर होम (वृद्धाश्रम) में आग लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि छह लाेगों को बचा लिया गया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार मृतकों के नाम कंचन अरोड़ा (86) और कमल (92) हैं। अवतार कौर (86), सरिफा (59), अलीजाबेथ (69), नयन साहा (89) और दो अज्ञात महिलाओं को घटनास्थल से सुरक्षित निकाल लिया गया।

डीएफएस ने कहा कि दमकल विभाग को सुबह आग लगने की सूचना मिली, इसके तुरंत बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग केयर होम की दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगी थी। अग्निशमन कर्मियों को दूसरी मंजिल पर दो शव मिले।

हरियाणा खेल मंत्री के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

चंडीगढ़। एक महिला कोच की शिकायत पर हरियाणा के खेल मंत्री एवं पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354ए, 354बी, 342 और 506 के तहत दर्ज किया गया है। जूनियर एथलेटिक्स कोच ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी थी।

उन्होंने आरोप लगाया था कि मंत्री ने उन्हें गलत तरीके से छुआ और ‘खुश करने‘ को कहा था। कोच ने आरोपों के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया था। सिंह ने इन आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है।

यौन उत्पीडन का आरोप लगने के बाद हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा

यौन उत्पीडन का आरोप लगने के बाद हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा

चंडीगढ़। हरियाणा के खेल मंत्री एवं हॉकी इंडिया के पूर्व कप्तान संदीप सिंह ने अपने खिलाफ यौन उत्पाीडन के आरोप लगने के बाद रविवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। सिंह ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौप दिया है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच रिपार्ट आने तक वह अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री काे सौंपते हैं। चंडीगढ़ पुलिस के प्रवक्ता राम गोपाल के अनुसार शिकायत मिलने के बाद सेक्टर 26 थाने में शनिवार को  सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354ए, 354बी, 342, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे जांच जारी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मंत्री ने उन्हें गलत इरादे से छुआ था।

हरियाणा के खेल मंत्री ने अपने खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद इस्तीफा मुख्यमंत्री को सौंपा। सिंह ने कहा कि उन्हें फंसाया जा रहा है और मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद और सरासर झूठे हैं।

खेल मंत्री सिंह ने ट्वीट कर अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए माहौल बनाया गया। मैं चाहता हूं कि खेल विभाग की कोच ने उन पर जो झूठे आरोप लगाए हैं। मामले की पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए। जांच रिपोर्ट आने तक वह अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंपते हैं।

महिला कोच की शिकायत के बाद विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुडा ने सिंह के खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वर्ष 2016 के रियो ओलंपिक बतौर एथलीट भाग ले चुकी एथलेटिक कोच का आरोप है कि सिंह ने उससे इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर संदेश भेजे तथा स्नैपचैट पर एक जुलाई को कॉल कर उसे कुछ दस्तावेजों के साथ चंडीगढ़ में सेक्टर सात स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलाया था। जहां खेल मंत्री ने उससे कथित तौर पर छेड़छाड़ की। इस दौरान उसकी टी शर्ट फट गई और किसी तरह वहां से बच कर भागी।

शिकायतकर्ता की सितंबर माह में ही खेल विभाग में जूनियर एथलेटिक कोच पद पर नियुक्ति हुई थी। इस बीच हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने महिला एथलेटिक कोच के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय पैनल गठित किया है। उधर, यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली माहिल कोच ने आज अंबाला में गृह मंत्री अनिल विज से भी मुलाकात की।

हैप्पी बर्थडे : 43 साल की हुई एक्ट्रेस विद्या बालन

मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री विद्या बालन आज 43 वर्ष की हो गई। 1 जनवरी 1979 को जन्मीं विद्या बालन बचपन के दिनों से ही अभिनेत्री बनने का ख्वाब देखा करती थीं। वर्ष 1995 में विद्या बालन को जीटीवी पर प्रसारित धारावाहिक हम पांच में काम करने का अवसर मिला।

विद्या बालन ने फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2003 में प्रदर्शित बांग्ला फिल्म भालो थेको से की। विद्या ने बालीवुड में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में प्रदर्शित विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म परिणीता से की। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया। फिल्म में विद्या बालन के अपोजिट संजय दत्त थे। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई।

वर्ष 2006 में विद्या बालन को एक बार फिर से विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में संजय दत्त के साथ काम करने का अवसर मिला। वर्ष 2007 में विद्या बालन को मणिरत्नम की फिल्म गुरू में काम करने का अवसर मिला। फिल्म में विद्या की भूमिका छोटी थी बावजूद इसके उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया।

इसके बाद विद्या बालन की हे बेबी और भुल भुलैया जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुई। भूल भुलैया के लिए विद्या सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित भी हुई। वर्ष 2009 में प्रदर्शित फिल्म पा में विद्या बालन ने अमिताभ बच्चन की मां का किरदार निभाया। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया।

वर्ष 2010 में प्रदर्शित फिल्म इश्किया विद्या बालन के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में विद्या बालन के अभिनय का नया रूप दर्शकों को देखने को मिला। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह फिल्मफेयर द्वारा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के क्रिटिक्स पुरस्कार से सम्मानित की गई।

वर्ष 2011 में प्रदर्शित फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ विद्या बालन के करियर की सबसे कामयाब फिल्म साबित हुई। एकता कपूर के बैनर तले बनी इस फिल्म में विद्या बालन में दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सिल्क स्मिता के किरदार को रूपहर्ले पर्दे पर जीवंत कर दिया। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार और फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वर्ष 2012 में प्रदर्शित फिल्म कहानी भी विद्या बालन के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म के जरिये विद्या बालन ने अपने सधे हुए अभिनय से दिखा दिया कि ग्लैमर का सहारा लिए बगैर फिल्म को सुपरहिट बनाया जा सकता है। इस फिल्म के लिए भी विद्या को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया।

इसी वर्ष विद्या ने यूटीवी के सीइओ सिद्धार्थ रॉय कपूर से शादी कर ली। वर्ष 2014 में विद्या बालन पदमश्री पुरस्कार से सम्मानित की गई। इसके बाद विद्या ने शादी के साइड इफेक्टस, बॉबी जासूस, तीन कहानी 2, बेगम जान, तुम्हारी सुलु, मिशन मंगल, शकुंतला देवी, शेरनी और जलसा जैसी फिल्मों में काम किया है।

विद्या बालन ने शेयर किया फनी वीडियो

बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन ने सोशल मीडिया पर अपना फनी वीडियो शेयर किया है। विद्या बालन अक्सर सोशल मीडिया अपने मजेदार वीडियो करती रहती हैं। विद्या बालन ने सोशल मीडिया पर एक फनी वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह कॉमेडी सीरियल खिचड़ी की हंसा बन अपने जन्मदिन के लिए काफी एक्साइटेड दिख रही हैं। इस वीडियो में वह हंसा की आवाज में कहती हैं, इस संडे को मेरा जन्मदिन है। इस पर एक शख्स पूछती है कि इस संडे को वार कौन सा आ रहा है।

विद्या बालन कहती हैं, ‘मुझे लगाता है रविवार आ रहा है।’ इस पर शख्स कहता है, सही इस संडे को रविवार है, सोमवार या मंगलवार होता तो बच्चे पार्टी में नहीं आ पाते हैं। इस पर विद्या बालन कहती हैं, ‘लकी लकी’ इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘संडे को मेरा जन्मदिन है और 2023 भी। अपने अंदर की हंसा को चैनल कर रही हूं। विद्या के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

अनिल कुमार लाहोटी ने संभाला रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, सीईओ का पद

नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड में सदस्य (अवसंरचना) अनिल कुमार लाहोटी ने आज रेलवे बोर्ड के नए अध्‍यक्ष एवं मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पदभार ग्रहण किया।

मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने एक जनवरी 2023 से लाहोटी की रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। उन्होंने दिनांक 17 दिसम्बर 2022 को ही रेलवे बोर्ड में सदस्य, इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में पदभार संभाला था। इससे पूर्व वह मध्य रेल मुंबई में महाप्रबंधक थे।

लाहोटी भारतीय रेलवे इंजीनियरिंग सेवा के 1984 बैच के अधिकारी हैं। इन्हें हाल ही में सरकार द्वारा अनुमोदित भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा के लेवल-17 की पहले पैनल में शामिल किया गया। उन्होंने ग्वालियर स्थित माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस से सिविल इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडल के साथ स्नातक किया है और रुड़की विश्वविद्यालय (आईआईटी, रुड़की) से मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग (स्ट्रक्चर्स) किया है। रेलवे में अपने 36 वर्षो से अधिक के सेवा काल के दौरान, उन्होंने मध्य, उत्तर, उत्तर मध्य, पश्चिम और पश्चिम मध्य रेल और रेलवे बोर्ड में विभिन्न पदों पर कार्य किया है।

इससे पहले वह मध्य रेल के महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और कई महीनों तक पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था। महाप्रबंधक के रूप में उनके कार्यकाल में सबसे अधिक संख्या में किसान रेल चलाने और राजस्व के मामले में उन्हें अब तक का सबसे अधिक माल और पार्सल यातायात (टन में) प्राप्त करने का श्रेय प्राप्त है। उन्होंने गैर-किराया, स्क्रैप की बिक्री और व्यापक टिकट जांच अभियान द्वारा राजस्व में रिकॉर्ड सुधार का कार्य भी किया है।

उन्होंने मुंबई में वातानुकूलित उप-नगरीय सेवाओं के विस्तार के जटिल मुद्दे का सफलतापूर्वक परिचालन और समाधान किया है। उनके कार्यकाल के दौरान, मध्य रेल ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के निष्पादन और कमीशनिंग में बड़े स्तर पर सुधार किया तथा मुंबई में दिवा और ठाणे के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित 5वीं और 6वीं लाइन की शुरुआत की।

लाहोटी ने लखनऊ में उत्तर रेलवे में मंडल रेल प्रबंधक के पद पर भी कार्य किया जहां उन्होंने भीड़-भाड़ वाले गाजियाबाद-प्रयागराज-डीडीयू मार्ग के विकल्प के रूप में लखनऊ-वाराणसी-डीडीयू मार्ग पर माल ढुलाई में सुधार के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने लखनऊ मंडल के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और स्वच्छता मानकों में सुधार के विशेष कार्य किए। उन्होंने लंबे समय से चली आ रही बाधाओं को दूर करने सहित बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए कई कार्य किए और भविष्य में यातायात में वृद्धि के लिए नेटवर्क क्षमता के विस्तार के महत्वपूर्ण कार्यों की मंजूरी के लिए व्यापक योजना बनाई।

उत्तर रेलवे में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) और मुख्य इंजीनियर (निर्माण) के रूप में होटी ने बुनियादी ढांचे के विकास के लिए नई लाइनें, ट्रैक के दोहरीकरण, मल्टी-ट्रैकिंग, यार्ड रीमॉडेलिंग, महत्वपूर्ण पुलों, स्टेशन निर्माण आदि के कई कार्यों का निष्पादन किया। दिल्ली में आनंद विहार टर्मिनल’ और नई दिल्ली स्टेशन के प्रतिष्ठित ‘अजमेरी गेट’ साइड स्टेशन भवन की योजना और निर्माण उनके द्वारा किया गया है। आप विश्व स्तर के स्टेशन के रूप में नई दिल्ली स्टेशन के पुनर्विकास और वाणिज्यिक विकास की योजना से भी जुड़े रहे।

रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान लाहोटी ने विशेष रूप से परिचालन की गति बढ़ाने और उच्च एक्सल लोड की ढुलाई के लिए सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के रखरखाव, पुनर्वास और स्थायी मार्ग के उन्नयन पर कई नीतियों और योजनाओं की पहल की।

उन्होंने ट्रैक रखरखाव की गुणवत्ता में सुधार के लिए अत्याधुनिक मशीनों के साथ ट्रैक रखरखाव के पूर्ण मशीनीकरण के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया और उसे कार्यान्वित भी किया। समुचित शोध के पश्चात् उन्होंने उद्देश्य आधारित रखरखाव मानदंड तैयार किया और ट्रैक रखरखाव संगठन के लिए कम लागत रखरखाव मॉडल विकसित करने की पहल की है। उन्हें भारतीय रेलवे पर रेल ग्राइंडिंग मेंटेनन्स (रखरखाव) की विस्तृत योजना बनाने और इसके सफल कार्यान्वयन का भी श्रेय है।

उन्होंने अमरीका में पिट्सबर्ग की कार्नेगी मेलॉन यूनिवर्सिटी से स्ट्रैटेजिक मेनेजमेंट (सामरिक प्रबंधन) और लीडरशिप प्रोग्राम (नेतृत्व कार्यक्रम), इटली में मिलान के बोकोनी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और हैदराबाद में इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने हांगकांग, जापान, ब्रिटेन, जर्मनी और स्विटजरलैंड में स्टेशनों के विकास एवं रेलवे भूमि पर वाणिज्यिक विकास का अध्ययन किया है। उन्होंने ट्रैक प्रौद्योगिकी और ट्रैक अनुरक्षण मशीनों के विकास के सिलसिले में कई देशों का दौरा भी किया है।

पेरवोमाइस्क के अस्पताल में गोलाबारी, 6 लोगों की मौत

कीव। यूक्रेन में लुहांस्क क्षेत्र के पेरवोमाइस्क शहर के एक अस्पताल में यूक्रेन के सैनिकों द्वारा की गई गोलाबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी अस्पताल के उप मुख्य चिकित्सक तात्याना कोवालेवा ने दी।

उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या कम से कम छह लोगों की है, हम अब मलबे को साफ कर रहे हैं, इसलिए यह संख्या बढ़ सकती है। मृतकों में अस्पताल के मरीज और कर्मचारी शामिल हैं।

शनिवार को पेरवोमाइस्क के मेयर सर्गेई कोलयागिन ने कहा कि इस गोलाबारी में अस्पताल के कम से कम दो कर्मचारी घायल हो गए। यूक्रेन के सैनिकों ने अस्पताल में गोलाबारी करने के लिए अमरीका द्वारा आपूर्ति किए गए रॉकेट का इस्तेमाल किया था।

जनता दर्शन से योगी आदित्यनाथ ने की नए साल की शुरुआत

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2023 की पहली सुबह की शुरूआत हमेशा की तरह जनसेवा के अहर्निश व्रत के अनुष्ठान के साथ की।

साल के पहले दिन की शुरुआत योगी के लिए जनता की समस्याओं को सुनने और उसके निस्तारण की प्रक्रिया से हुई। कड़ाके की ठंड में जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं के त्वरित व संतुष्टिपरक समाधान का भरोसा दिया। उन्होने आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी और न ही किसी की दवाई-पढ़ाई में धन की बाधा आने दी जाएगी।

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान नए साल के पहले दिन रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में करीब 300 लोगों की फरियाद सुनी। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

प्रतिकूल मौसम को देखते हुए इस बार जनता दर्शन का आयोजन मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठाए गए फरियादियों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक फरियादी से मिलकर उनकी समस्याओं को इत्मीनान से सुना।

फरियादियों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। इस दौरान उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आई एक बिटिया को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि पैसे के अभाव में उसकी मनचाही पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह बिटिया कॉलेज की फीस का इस्टीमेट बनाकर डीएम के माध्यम से उन तक उपलब्ध करवाए। इस्टीमेट मिलते ही आवश्यक धनराशि की तत्काल व्यवस्था कर दी कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के लिए यह मदद लगातार मिलती रहेगी।

मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई फरियादी इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता वह निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि कोई किसी की भूमि पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसे कानून सम्मत सबक सिखाया जाए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।

जनता दर्शन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन पूजन व अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेकने के साथ शुरू हुई। सीएम योगी हर बार की तरह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला भी गए और गोसेवा करते हुए गोवंश को अपने हाथों से गुड़ चना खिलाकर उन्हें दुलार दिया।

हनुमानगढ़ जिले में कार और ट्रक भिडंत में पांच युवकों की मौत

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में बिसरासर गांव मेंं कार एवं ट्रक के टकराने पर पांच युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात करीब दस बजे क्षेत्र में गौशाला के पास ट्रक और कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। कार में छह युवक सवार थे जो बिसरासर से पल्लू आ रहे थे। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक को गंभीर घायल अवस्था में पल्लू के सरकारी हस्पताल से बीकानेर के लिए रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक बिसरासर के निवासी थे और घायल युवक भी बिसरासर निवासी है।
मृतकों की पहचान राजू, नरेश, बबलू, दानाराम और मुरली के रूप में की गई जबकि घायल अशोक पल्लू में टोल नाका का कर्मचारी है।

सबगुरु राशिफल : 01 जनवरी रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। पौष मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 07.01 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ, अंग्रेजी नव वर्ष 2023 का शुभारंभ।

मेष :- आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आज व्यापार आदि संबंधित कार्यों के लिए भी लाभदायक दिन सिद्ध होगा। घर में कोई शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। निवेश से आर्थिक लाभ होने की पूरी संभावना है। दोपहर बाद स्वास्थ्य केे प्रति सजग रहें।

वृषभ :- आज का दिन मिला-जुला असर वाला रहेगा। कार्यक्षेत्र में आज आप किसी नई कार्य-योजना पर काम कर सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। व्यापारियों को फिलहाल यात्रा करने का लाभ नहीं होगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति हो सकती है।

मिथुन :- आज नकारात्मक विचारों को मन से दूर रखना हितकर रहेगा। खान-पान का ध्यान रखिएगा। इसके अलावा कोई अकारण का खर्च भी आज करना पड़ सकता है। किसी जरूरी काम से बाहर भी जाना पड़ सकता है। फिलहाल आपका धन का खर्च अधिक न हो, इसका ध्यान रखने की खास जरूरत है।

कर्क :- आज आपको अपने मन के सारे काम करने के पूरे अवसर प्राप्त होंगे। वहीं आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आज अचानक धन खर्च करना पड़ सकता है। नौकरी- व्यवसाय में परिस्थिति अनुकूल बनी रहेगी। अपने गुस्से को काबू में रखने का लाभ मिलेगा। फिलहाल किसी नए काम की शुरुआत मत करिए। भोलेनाथ की भक्ति कीजिए।

सिंह :- आज व्यापार विस्तार के लिए नई योजनाओं को अमल में ला सकते हैं। आज किसी अच्छे काम के लिए धन खर्च होगा। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। फिलहाल प्रबल लाभ के योग बन रहे हैं। आकस्मिक धन खर्च होगा। भागीदारों के साथ आंतरिक मतभेद हो सकते हैं। किसी नए कार्य की शुरुआत आज करने से बचें।

कन्या :- आज का दिन सुख व शांतिपूर्वक बीतेगा। श्रम के साथ-साथ कला के प्रति भी अभिरुचि बनी रहेगी। व्यापार के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। व्यवसाय व कार्यक्षेत्र में स्थिति आपके अनुकूल बनेगी और साथी कर्मचारियों का सहयोग भी प्राप्त होगा।

तुला :- आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। आपका स्वास्थ्य कुछ नरम बना रहेगा। परिवार या कार्यक्षेत्र में किसी से बड़ा वाद-विवाद हो सकता है। परंतु दोपहर बाद से आपकी स्थिति में सुधार आता जाएगा। वहीं आज आप किसी कलात्मक विधा के प्रति आर्कषित हो सकते हैं।

वृश्चिक :- आज संपत्ति संबंधित कार्यों में पूर्णतः सफलता प्राप्त होगी। भाई-बंधुओं का पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं सभी प्रतिस्पर्धी परास्त होंगे। परंतु दोपहर बाद से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्यावहारिक जीवन में अपयश मिलने की संभावना भी बनी हुई है। आज दिन खत्म होने तक कोई भारी धन हानि का भी योग बन रहा है।

धनु :- आज किसी करीबी की बात से मन दुख सकता है। वहीं स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। आज का दिन आध्यात्मिक प्रवृत्तियों के लिए बहुत अच्छा है। व्यवसाय में आर्थिक लाभ भी होगा। दोपहर बाद से सभी अधूरे काम पूरे होते नजर आएंगे। आज आपके शत्रु कमजोर रहेंगे। ईश्वर का ध्यान करें।

मकर :- आज धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में आज वृद्धि होगी। व्यापार में भी वातावरण अनुकूल बना रहेगा। आज आपके हर कार्य सरलता से पूर्ण होंगे। फिर भी दोपहर बाद से आपके विचारों में नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं। इससे हताशा बढ़ेगी। निवेश का अच्छा लाभ मिलेगा।

कुंभ :- आज मिला-जुला दिन है। धार्मिक और सामाजिक कार्यों के पीछे अधिक धन खर्च होगा। करीबी लोगों के साथ वाद-विवाद से मन अशांत रहेगा। दोपहर बाद आज सभी कार्य सरलतापूर्वक पूरे होते नजर आएंगे। वहीं दफ्तर में आपके प्रभाव क्षेत्र में भी वृद्धि होगी। उच्च अधिकारियों की कृपादृष्टि आप पर बनी रहेगी।

मीन :- व्यावसायिक तथा अन्य क्षेत्रों में आज का दिन आप के लिए लाभप्रद रहेगा। किसी शुभ कार्य के आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। आस-पास के क्षेत्रों की यात्रा तथा मित्रों से उपहार आदि मिल सकते हैं। दोपहर बाद हर कार्य में कुछ सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यावसायिक कार्यों में काम बनते नजर आएंगे।