Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 424 -
होम ब्लॉग पेज 424

भीलवाड़ा में दो ट्रकों की भिडन्त में एक युवक की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थाम के भीलवाड़ा चित्तौडग़ढ़ मार्ग पर ग्रीन प्लाजा के निकट आज दो ट्रकों के बीच हुई भिड़न्त में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा चित्तौडग़ढ़ मार्ग पर हमीरगढ के निकट ग्रीन प्लाजा होटल के पास आज सुबह दो ट्रकों के बीच भिड़न्त होने से अलवर जिले के खेड़ा महमूद निवासी शुभम ओड़ गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

बेकाबू कार की टक्कर से एक युवक की मौत

भीलवाडा में कंवलियास पुलिया पर आज एक बेकाबू कार की टक्कर लगने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा से घर जाने के लिए बस से कंवलियास पुलिया पर उतरे कानिया गुलाबपुरा निवासी प्रेमसिंह राजपूत सड़क पार कर रहा था तभी अजमेर की ओर से आई तेज रफ्तार एक कार ने उन्हें टक्कर दे मारी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्हें रायला चिकित्सालय ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर 108 से भीलवाड़ा रेफर किया गया। भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में जांच के दौरान उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।

सुप्रीम कोर्ट का राज्यों को निर्देश, मोटर दुर्घटना जांच के लिए थानों में विशेष इकाई गठित करें

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने मोटर दुर्घटना के मामलों की जांच एवं इससे जुड़े दावों के निपटान के वास्ते सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए देश भर के थानों में एक विशेष इकाई गठित करने का निर्देश दिया है।

न्यायमूर्ति एसए नज़ीर और न्यायमूर्ति जेके महेश्वरी की पीठ ने राज्यों को तीन महीने के अंदर पुलिस थानों में एक विशेष इकाई गठित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी दुर्घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) को तीन महीने के भीतर क्लेम ट्रिब्यूनल को दुर्घटना सूचना रिपोर्ट दाखिल करनी चाहिए।

पीठ ने अपने फैसले कहा कि राज्य के गृह विभाग के प्रमुख और पुलिस महानिदेशक मोटर दुर्घटना से संबंधित दावों के मामलों की जांच और सुविधा प्रदान करने के लिए सभी पुलिस थानों में या कम से कम शहर स्तर पर एक विशेष इकाई का गठन करेंगे।

शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद संबंधित जांच अधिकारी को मोटर वाहन संशोधन नियम- 2022 के अनुसार कार्य करना चाहिए और 48 घंटे के भीतर दावा न्यायाधिकरण को पहली दुर्घटना रिपोर्ट प्रस्तुत करनी चाहिए।

शीर्ष न्यायालय का हाल का यह आदेश इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा पारित एक आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर आया है, जिसने मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) द्वारा पारित आदेश के खिलाफ दायर अपील को खारिज कर दिया था।

शीर्ष अदालत की दो सदस्यीय पीठ ने कहा कि मामला दर्ज करने वाले अधिकारी ही संबंधित वाहन के पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की फिटनेस, परमिट और अन्य सहायक दस्तावेजों को सत्यापित करने और संबंधित पुलिस अधिकारी के साथ समन्वय कर दावा न्यायाधिकरण के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए बाध्य है।

नियमों के अनुसार प्रवाह चार्ट और अन्य सभी दस्तावेज या तो स्थानीय भाषा में या अंग्रेजी में प्रस्तुत की जाएगी। क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में अलग-अलग दावा याचिका दायर की है तो दावेदार/कानूनी प्रतिनिधि(ओं) द्वारा दायर की गई पहली दावा याचिका को बरकरार रखा जाएगा तथा बाद की दावा याचिका स्थानांतरित कर दी जाएगी।

शीर्ष अदालत ने कहा कि यहां यह स्पष्ट किया जाता है कि दावेदारों को इस न्यायालय के समक्ष आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, विभिन्न उच्च न्यायालयों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में दायर अन्य दावा याचिकाओं को स्थानांतरित करने की मांग की जा रही है।

शीर्ष अदालत ने राज्य के अधिकारियों को मोटर वाहन संशोधन अधिनियम और नियमों के प्रावधानों को पूरा करने के लिए हितधारकों के साथ समन्वय और सुविधा के लिए एक संयुक्त वेब पोर्टल/मंच विकसित करने के लिए उचित कदम उठाने का भी निर्देश दिया।

गुजरात के नवसारी में बस, कार की भिडंत में 9 लोगों की मौत

नवसारी। गुजरात के नवसारी में शनिवार तड़के बस और कार की भिडंत में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

पुलिस उपाधीक्षक वीएन पटेल ने आज बताया कि अहमदाबाद-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर तड़के बस और कार की आमने सामने की भीषण टक्कर में कार के परखचे उड़ गए। इस दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों को आसपास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवसारी में भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया है। मोदी ने ट्विटर पर कहा कि नवसारी में सड़क हादसे में लोगों की मौत से आहत हूं। मेरे संवेदना शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द ही ठीक हो जाएंगे।

मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रूपए और घायलाें को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

शाह ने कहा कि गुजरात के नवसारी में सड़क दुर्घटना दिल दहलाने वाली घटना है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदना। ईश्वर उन सभी को इस दुख और दर्द की घड़ी को सहन करने की ताकत दे। स्थानीय प्रशासन तत्काल घायलों की मदद के लिए आगे आएं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

सबगुरु राशिफल : 31 दिसम्बर शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। पौष मास, शुक्ल पक्ष, नवमी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, शाम 06.33 बजे बाद दशमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं।

वृषभ राशि :- आज आपकी कार्य-शक्ति गज़ब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि :- आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि :- आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि :- आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं।प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे। किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

मीन राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

किशनगढ़ : आबादी क्षेत्र से अवैध तौर पर 133 गैस सिलेंडर जब्त

0

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में आज अजमेर रसद विभाग की दो अलग अलग छापेमार कार्यवाही में आबादी इलाके से अवैध तौर पर 133 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जोधपुर गैस सिलेंडर ब्लास्ट दुखांतिका से राज्य सरकार के निर्देशों के बाद हरकत में आए रसद विभाग ने मदनगंज थाना पुलिस के सहयोग से बस स्टैंड आजाद नगर में भोलाराम जाट के मकान से सिलेंडरों का स्टॉक जब्त किया। साथ ही हरमाड़ा इंडेन गैस एजेंसी का वाहन भी जब्त किया गया।

आरोपी ने यहां अवैध भंडारण का गोदाम बना रखा है। इससे पहले विभाग ने एक अन्य कार्यवाही करते हुए औद्योगिक क्षेत्र से 41 गैस सिलेंडर जब्त किए। जिला रसद अधिकारी विनय कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

रेलगाडी की चपेट में आने से अधेड की मौत

किशनगढ़ बालाजी बगीची रेलवे ट्रैक पर आज रेलगाडी की चपेट में आने से एक अधेड़ की दर्दनाक मृत्यु हो गई। पुष्ट जानकारी के मुताबिक जबलपुर-अजमेर की चपेट में आने से अधेड़ मौत के आगोश में सो गया। मृतक की पुलिस शिनाख्त करने में जुटी है।

मृतक ने सफेद धोती एवं कुर्ता पहना है और उसकी उम्र 50-55 साल है। दुखद बात यह है कि ट्रेन की चपेट में आने के बाद मृतक का चेहरा पूरी तरह नष्ट हो गया है जिससे उसकी पहचान कर पाना भी मुश्किल हो रहा है।

खेमराज कमेटी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सौंपी अंतिम रिपोर्ट

0

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा विभिन्न कर्मचारी संगठनों की मांगों के अध्ययन एवं विश्लेषण के लिए गठित खेमराज कमेटी ने शुक्रवार को अपनी अन्तिम रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कर दी।

राज्य सरकार द्वारा कमेटी की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट का परीक्षण करवाकर कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित कार्यवाही की जाएगी। कमेटी द्वारा पूर्व में अपनी अन्तरिम रिपोर्ट गत दो फरवरी को प्रस्तुत की गई थी, जिसकी क्रियान्विति की जा चुकी है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2021-22 के बजट में विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों की मांगों के अध्ययन एवं विश्लेषण के लिए एक उच्च स्तरीय समिति के गठन की घोषणा की गई थी। उक्त बजट घोषणा की क्रियान्विति में सेवानिवृत्त आईएएस खेमराज चौधरी की अध्यक्षता में कर्मचारी वेतन विसंगति परीक्षण समिति का गठन किया गया था।

जयपुर : दक्षिण पश्चिमी कमान के वित्तीय सलाहकार सहित 7 घूसखोर अरेस्ट

जयपुर/नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के कथित मामले में जयपुर में तैनात दक्षिण पश्चिमी कमान के एकीकृत वित्तीय सलाहकार (आईएफए) सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में बताया कि रिश्वतखोरी के आरोप में आईएफए, लेखा अधिकारी, कनिष्ठ अनुवादक, पीसीडीए, चार फर्मों के निजी व्यक्तियों और अज्ञात लोक सेवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

ऐसा आरोप था कि तीन निजी फर्मों के अभियुक्तों ने साजिश रची और दक्षिण पश्चिमी कमान में विभिन्न स्थानों के लिए संरक्षण सेवाओं की आउटसोर्सिंग से संबंधित सभी कार्यों को प्राप्त कर रहे थे और उक्त कार्यों के अवार्ड में अनुचित पक्ष लेने के साथ-साथ जीईएम के प्रावधानों को भी दरकिनार कर रहे थे। बयान में कहा गया है कि जयपुर में आईएफए, दक्षिण पश्चिमी कमान के अधिकारियों को रिश्वत देकर बिना किसी आपत्ति के बिलों का भुगतान किया गया।

ऐसा भी आरोप लगाया गया कि उक्त आईएफए लेखा अधिकारी, कनिष्ठ अनुवादक, पीसीडीए के साथ-साथ जयपुर स्थित एक कंपनी के एक निजी व्यक्ति (जो लोक सेवकों के लिए बिचौलियों के रूप में काम कर रहा था) के साथ मिलीभगत करके निजी ठेकेदारों से अवैध परितोषण की मांग कर रहे थे और प्राप्त कर रहे थे।

बयान में बताया गया कि इस सिलसिले में जयपुर, जींद, बठिंडा, गंगानगर सहित नौ अलग-अलग स्थानों पर तलाशी ली गई, जिसमें 40 लाख रुपए की नकदी, लोक सेवकों से संबंधित विभिन्न संपत्ति के दस्तावेज और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए

राजस्थान के पशु चिकित्सकों की वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग

0

अजमेर। राजस्थान पशु चिकित्सक संघ की अजमेर शाखा ने वेतनमान संबंधित मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम कलक्टर अंशदीप को ज्ञापन सौंपा।

पशु चिकित्सक संघ अजमेर के महासचिव डॉ आलोक खरे ने बताया कि पांचवें, छठे और सातवें वेतन आयोग ने मानव और दंत चिकित्सकों के समान ही पशु चिकित्सकों में शैक्षणिक योग्यता कांउसिल रजिस्ट्रेशन एवं विधायी कार्यों में सहभागिता आदि में पूर्णतया समानता स्थापित करते हुए वेतनमान व एनपीए आदि भत्ते दिए जाने की सुस्पष्ट अनुशंसा की है, लेकिन राजस्थान सरकार ने पशु चिकित्सकों की वेतन विसंगतियों को अब तक दूर नहीं किया है।

संघ की संयुक्त सचिव डॉ भावना दहिया ने ज्ञापन में बताया कि केंद्र एवं अन्य राज्यों में भी इस प्रकार की वेतन विसंगति नहीं है। वहां के पशु चिकित्सकों को एक समान वेतन एवं एनपीए आदि भत्तों का भुगतान किया जा रहा है। सिर्फ राजस्थान में ही पशु चिकित्सकों के साथ घोर अन्याय हो रहा है।

संघ के महासचिव डॉ आलोक खरे ने कहा कि संघ की मांग है कि वेतन आयोग की अनुशंसा अनुसार राजस्थान के पशु चिकित्सकों की वेतन विसंगतियां दूर की जाएं, एनपीए स्वीकृत किया जाए, गतिमान समयबद्ध पदोन्नति (डीएसीपी) स्वीकृत किया जाए और अधिस्नातकधारी पशु चिकित्सकों को अधिस्नातक भत्ता प्रदान किया जाए। खरे ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री पशु चिकित्सकों की न्यायोचित मांगों को अवश्य पूरा करेंगे। ज्ञापन देते समय संघ के डॉ साकेत पाठक, डॉ भोपेंद्र कटारिया समेत कई पशु चिकित्सक मौजूद रहे।

सेवा भारती के बाल संस्कार केंद्र पर लायंस क्लब अजमेर ने दी सेवा

0

अजमेर। लायंस क्लब अजमेर आस्था एवं सेवा भारती अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में क्लब अध्यक्ष लायन घेवर चंद नाहर व सेवा भारती के सदस्य मोहन लाल खंडेलवाल के मुख्य आथित्य में समाजसेवी लायन राकेश पालीवाल, लायन अतुल पाटनी व लायन मधु पाटनी के सहयोग से कोटड़ा क्षेत्र के स्लम एरिया में स्थापित नागेश्वर कॉलोनी स्थित बाल संस्कार केंद्र (रामदेव कॉलोनी) में संस्कार ग्रहण करने के लिए आने वाले बच्चों को उपहार स्वरूप स्वेटर, फल, खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।

इस अवसर पर सेवा भारती के मोहन लाल खंडेलवाल ने कहा कि स्लम एरिया में रहने वाले बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करना जरूरी है जिससे वे सुसंस्कारित होकर एक अच्छे नागरिक बन सकें। इस अवसर पर बच्चों से सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे गए। जिन बच्चों ने सही जवाब दिए उन्हें पुरस्कृत किया गया।

सचिव लायन विनिता अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम संयोजक लायन संपत सिंह जैन के संयोजन में 31 बच्चों को स्वेटर की सेवा के साथ फल, बिस्किट पैकेट्स व टॉफी का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में सेवा भारती अजमेर के अध्यक्ष विकास पाराशर, संस्था के महामंत्री चंद्रशेखर शर्मा, स्थानीय कार्यकर्ता रमेश चंद, श्याम कुमार, राजीव शर्मा व महेश कुमार भी मौजूद रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लबरेज रहा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव

0

जयपुर। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के तक्षशिला सभागार में आज सीनियर वर्ग (कक्षा 6 से 12) का वार्षिकोत्सव पुरस्कार वितरण समारोह व सांस्कृतिक संध्या आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि रिटायर्ड आईपीएस ललित माहेश्वरी तथा विशिष्ट अतिथि कार्डियोलोजी, ईएचसीसी हॉस्पिटल के एचओडी एंड डाइरेक्टर जितेंद्र सिंह मक्कड़ थे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। चेयरमैन केदारमल भाला ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि व आगंतुकों का स्वागत व अभिनंदन करते हुए भाषण दिया। महासचिव शिक्षा मधुसूदन बिहानी ने दी एज्यूकेशन कमेटी ऑव द माहेश्वरी समाज का विजन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास व शिक्षा के प्रसार के बारे में भावी योजनाओं की परिकल्पना प्रस्तुत की।

मानद सचिव (सीए) अमित गट्टानी ने विद्यालय के मूल उद्देश्यों और लक्ष्य पर केन्द्रित वक्तव्य प्रस्तुत किया। प्राचार्य अशोक वैद ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों की रिपोर्ट पेश की। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्रबंध समिति और प्राचार्य ने अनेक प्रतियोगिताओं एवं वर्ष भर आयोजित गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों को पुरस्कृत किया।

इस मौके पर विद्यालय की बहुआयामी पत्रिका ARCHWAY का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन के माध्यम से विद्यालय की शिक्षा प्रणाली की प्रशंसा करते हुए छात्रों को समाज व देश की प्रगति में योगदान हेतु प्रोत्साहित व प्रेरित किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग कार्यक्रम रहे। समारोह की इन इन्द्रधनुषी प्रस्तुतियों में सर्वप्रथम गणेश वन्दना प्रस्तुत की गई। आगे के सभी कार्यक्रम नाट्य कथानक सत्यानुभूति नाटक पर आधारित थे, जिसमें सिद्धार्थ से गौतम बुद्ध बनने की साधना का मार्ग और समांतर ही सम्राट अशोक का साम्राज्य विस्तार, वैराग्य तथा अहिंसा का व्रत लेकर बौद्ध धर्म की शरण में जाने की यात्रा प्रदर्शित की गई।

इस थीम पर आधारित प्रस्तुतियों में छात्र- छात्राओं के शास्त्रीय नृत्य, युद्ध-नृत्य, यशोधरा-गीत एवं अन्तिम आकर्षक कड़ी के रुप में ऑर्केस्ट्रा (वाद्यवृंद) रहा जिसमें भारतीय व पाश्चात्य दोनों ही वाद्य यंत्रों के माध्यम से मधुर ध्वनि-सौन्दर्य का प्रसार किया गया।

विद्यालय के मुख्य छात्र प्रतिनिधि कृष्णा जाजू ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर माहेश्वरी शिक्षा समिति व विद्यालय के चैयरमैन केदारमल भाला, वाइस चैयरमैन बजरंग लाल बाहेती, महासचिव शिक्षा मधुसूदन बिहानी, मानद सचिव (सीए) अमित गट्टानी, कोषाध्यक्ष (सीए) अनिल कुमार शारडा, भवनमंत्री सुमित काबरा, विद्यालय के प्राचार्य अशोक वैद तथा शिक्षा समिति के अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित थे।