Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 429 -
होम ब्लॉग पेज 429

माउंट आबू की समस्या के समाधान के लिए नवगठित मॉनिटरिंग कमेटी गंभीर : रतन देवासी

 

रतन देवासी
रतन देवासी।

माउंट आबू। विधानसभा में पूर्व मुख्य उपसचेतक रतन देवासी ने कहा कि पर्यटन स्थल माउंट आबू के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर नवगठित मॉनिटरिंग कमेटी पूरी तरह से गंभीर है। देवासी आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय पाण्डव भवन में संगठन द्वारा नवगठित मॉनिटरिंग कमेटी के स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि नवगठित मॉनिटरिंग कमेटी अध्यक्ष स्थानीय नागरिक होने से उन्हें यहां की समस्याओं की विस्तारपूर्वक जमीनी स्तर पर जानकारी है। माउंट के वाशिंदों की मॉनिटरिंग कमेटी से बहुत सी उम्मीदें बढ़ गई हैं। उन्होंने नागरिकों को आश्वासन देते हुए कहा कि कमेटी से लोगों की जो आशायें, अपेक्षायें हैं उस पर कमेटी पूरी तरह खरी उतरेगी। माउंट आबू पर पिछले लंबे समय से समस्याओं के अंबार का जो ग्रहण लगा था उससे ढांचागत स्वरूप प्रदान करने में निंसदेह ही समय लगेगा, भारी मेहनत की जरूरत है।

मॉनिटरिंग कमेटी अध्यक्ष सुधीर जैन ने कहा कि जीर्णशीर्ण भवनों में डर-डरकर आवास कर रहे लोगों को राहत देने का कार्य आंरभ कर दिया गया है। जिसके अतंर्गत निजी स्वामित्व के विधिमान्य भूखंडों पर स्नानागार, शौचालय की निर्माण स्वीकृति दी जा रही है।

लंबे समय से चली आ रही नागरिकों की मांग को देखते हुए निर्माण सामग्री परिवहन को जारी होने वाली टोकन व्यवस्था का सरलीकरण किया जा रहा है। जिससे लोगों को शीघ्र ही टोकन जारी हों उसकी कारगर व्यवस्था की गई है। सीमेंट एवं अन्य निर्माण कार्यों की सामग्री अब माउंट आबू में ही मिल सकेगी। जिसकी कारगर व्यवस्था की प्रक्रिया को मूर्तरूप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि माउंट आबू के विकास की गति जो अवरूद्ध सी हो गई थी उसे गतिमान किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को व्यापक स्तर पर जनजागृति लाई जाएगी। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए निजी तौर पर दृढ़ संकल्पित होने के साथ सार्वजनिक स्तर पर भी लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।

संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका बीके शशि प्रभा बहन ने कहा कि ऋषिमुनियों की तपस्यास्थली माउंट आबू में आने वाले लोगों को सुख, शांति की अुनभूति हो उसके लिए सामाजिक, आध्यात्मिक व पारिवारिक व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने में तत्पर रहना चाहिए। संगठित रूप से किए गए कार्य हमेशा सफल होते हैं।

केकड़ी में अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारम्भ

नई पीढ़ी को खेलों के साथ जोड़ने का करे उपाय : डॉ. रघु शर्मा
केकड़ी। अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के लिए उपाय किए जाने चाहिए।

राज्य के पूर्व चिकित्सा मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि केकड़ी में अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इससे नई पीढ़ी को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के लिए उपाय किए जाने की आवश्यकता है।

विधायक शर्मा यहां मेजर ध्यानचंद हॉकी क्लब के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। डॉ. शर्मा ने कहा कि खेल का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। खेलने से हम स्वस्थ रहते है। आज की युवा पीढ़ी खेल मैदान से दूर होती जा रही।

उन्होंने कहा कि केकड़ी के लिए यह गौरव की बात है कि यहां नवनिर्मित खेल स्टेड़ियम पर राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में अपार खेल प्रतिभाएं छिपी हुई है। सरकार उन्हें उपयुक्त मंच प्रदान कर आगे लाने के लिए संकल्पबद्ध है। इसमें शारीरिक शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को गढकर तैयार करने का दायित्व सरकार ने उन्हें सौंपा है। केकड़ी खेल नगरी रही है। यहां के पटेल मैदान से कई राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने क्षेत्र का नाम रोेशन किया है। वहीं इस मैदान ने कई अंतराष्ट्रीय स्तर के कोच दिए है।

डा. शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए विधानसभा क्षेत्र के हर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर 40 लाख रूपये की लागत से खेल मैदान तैयार हो रहे है। गांवों में ओपन जिम भी बनाए जा रहे है। केकड़ी के पटेल मैदान पर 10 करोड़ 80 लाख रूपये की लागत से खेल स्टेड़ियम व स्पोटर्स कॉम्पेक्स का निर्माण किया जा रहा है।इसमें इंडोर व आउटडोर खेल का आयोजन किया जा सकेगा तथा बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए ठहरने की व्यवस्था के लिए कमरे भी बनाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर सागर शर्मा, नसीराबाद के पूर्व विधायक महेन्द्र सिंह गुर्जर ने भी संबोधित करते हुए खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया। क्लब के मनीष शर्मा ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से 32 टीमें इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग ले रही है।

समारोह में सतीश मालू, पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू, अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, श्रीप्रधान धाकड़, पालिका उपाध्यक्ष सम्पतदेवी झारोटिया, राजेन्द्र भट्ट, शक्ति प्रताप सिंह पीपरोली, रतन पंवार, धनेश जैन, सांवरलाल गुर्जर, धर्मेन्द्र धातरवाल, संजीव शाह, राजीव शाह, अविनाश दुबे, निर्मल चौधरी समेत कई गणमान्यजन उपस्थित थे।

PM के भाई प्रल्हाद मोदी, उनका परिवार मैसुरु के पास सड़क दुर्घटना में घायल

मैसूर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी, उनके पुत्र, बहू और पोता मंगलवार को कर्नाटक में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि मोदी की कार अपराह्न में मैसूर के कदकोला के नंजनगुडु के पास सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। यह दुर्घटना अपराह्न 1 बजकर 40 मिनट पर घटित हुई। दुर्घटना के समय प्रधानमंत्री मोदी के भाई प्रह्लाद दामोदर मोदी मैसूर से बांदीपुर की ओर जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार चला रहे प्रहलाद मोदी के पुत्र सत्यनारायण ने कार पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार संख्या केए-51-एमएन-5678 सड़के के डिवाइडर से टकरा गई। मैसूर की पुलिस अधीक्षक सीमा लटकर दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गई। साथ ही घटना की सूचना तत्काल कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के कार्यालय को भी दे दी गई।

दुर्घटना के समय कार में प्रह्लाद मोदी, उनका पुत्र, बहू और पोता सवार थे‌। घायलों को उपचार के लिए मैसूर के जेएसएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि प्रह्लाद मोदी की ठुड्डी में चोट लगी है। वहीं बहू के सिर पर और पोते के पैर में लगी है, जबकि चालक एवं पुत्र को मामूली चोटें आई हैं। प्रधानमंत्री के परिवार के अस्पताल पहुंचने के बाद प्रशासन ने वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

गर्ल्स के यौन उत्पीड़न का आरोपी ताइक्वांडो कोच अरेस्ट

चेन्नई। तमिलनाडु पुलिस ने मंगलवार को पेरम्बलुर जिले में नाबालिग किशोरियों का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक ताइक्वांडो कोच को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिला खेल अधिकारी को नाबालिग किशोरियों की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार कोच अनुबंध के आधार पर शिकायत करने वाली किशोरियों को जिला स्पोर्ट्स हॉस्टल फॉर गर्ल्स में प्रशिक्षित करने का काम कर रहा था।

जिला बाल कल्याण समिति के एक अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पेरम्बलुर ऑल वुमेन पुलिस ने कोच धर्मराजन (33) के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपी कोच्च को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि किशोरियों ने कोच के खिलाफ जिला खेल अधिकारी पेरामबलुर सुरेश (48) से शिकायत की थी। किशोरियों ने कोच्च पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था, लेकिन सुरेश आरोपी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहे और उन्होेंने इस मामले को पुलिस के संज्ञान में नहीं लाया। इसको लेकर पुलिस ने उनके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धारा 21 (1) तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों ने बताया कि जिला खेल अधिकारी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

एमसीडी के मेयर पद के लिए रेखा गुप्ता भाजपा की प्रत्याशी

0

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष रेखा गुप्ता को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मेयर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया।

भाजपा के एमसीडी चुनाव प्रभारी आशीष सूद ने कहा कि पार्टी मेयर चुनाव के लिए उम्मीदवार उतारकर अपने लोकतांत्रिक अधिकारों को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि एमसीडी चुनावों में भाजपा का वोट शेयर बढ़ा है और हम दिल्ली के नागरिकों के विकास कार्यों के लिए तैयार हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि निर्वाचित पार्षद गुप्ता को एमसीडी में उनके लंबे अनुभव के कारण इस पद के लिए चुनेंगे। गुप्ता भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य और दिल्ली भाजपा की महासचिव रह चुकी हैं। भाजपा ने डिप्टी मेयर पद के लिए राम नगर वार्ड से निर्वाचित कमल बगड़ी को प्रत्याशी बनाया है।

इससे पहले सोमवार को आम आदमी पार्टी ने शैली ओबेरॉय को मेयर और मोहम्मद इकबाल को डिप्टी मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। दोनों ने चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। हाल में हुए एमसीडी चुनावों में आप ने 134 सीटों के बहुमत के साथ जीत हासिल की, जबकि भाजपा के पास 105 और कांग्रेस के पास नौ सीटें हैं।

अमरीका मेरे देश में भ्रष्टाचार में शामिल : हामिद करजई

वाशिंगटन। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने अपने देश में भ्रष्टाचार की जिम्मेदारी ली है और साथ ही यह भी स्वीकार किया कि इसमें अमरीका भी शामिल है।

करजई ने वाशिंगटन पोस्ट से बातचीत में कहा कि (मैं) सेवाओं के वितरण में भ्रष्टाचार और रिश्वत के लिए पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। लेकिन बड़े अनुबंध, बड़े भ्रष्टाचार, लाखों डॉलर या करोड़ों डॉलर में स्पष्ट रूप से अमरीका की क्षमता के अधीन है।

अखबार के मुताबिक पूर्व राष्ट्रपति वर्तमान में काबुल में रहते हैं, जहां तालिबान उन पर कड़ी नजर रखता है। तालिबान उन्हें अफगानिस्तान की राजधानी से बाहर नहीं जाने देते। करज़ई ने हालांकि कहा कि उन्होंने अगस्त 2021 में तालिबान के अधिग्रहण के बाद भी देश में रहने का सही निर्णय लिया था।

पूर्व अफगान नेता ने कहा कि मैं अपनी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त नहीं था (तालिबान के सत्ता में आने के बाद)। लेकिन मैं कहीं नहीं जाऊंगा और मैं कभी नहीं जाऊंगा। यह मेरा देश है।
वाशिंगटन पोस्ट ने बताया कि तालिबान करजई को अपने विरोधी के रूप में देखता है क्योंकि वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने अफगानिस्तान पर कब्जे के लिए अमरीकियों के साथ काम किया था।

अगस्त 2021 में तालिबान सत्ता में आया और अमरीका समर्थित सरकार को गिरा दिया क्योंकि विदेशी सैनिक देश छोड़ रहे थे। देश में गहराते राजनीतिक संकट ने आर्थिक आपदा और भोजन की कमी को बढ़ा दिया था जिसने देश को मानवीय संकट के कगार पर धकेल दिया है। करजई दिसंबर 2004 से सितंबर 2014 तक अफ़गानिस्तान के राष्ट्रपति थे।

धूल फांक रहे करोडों के वेंटिलेटर, ऑक्सीजन प्लांट : भागीरथ चौधरी

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के सांसद भागीरथ चौधरी ने कोरोना के नए वेरिएंट बीएफ 7 के मद्देनजर राज्य सरकार पर केंद्र की ओर से दिए गए करोड़ों के वेंटिलेटर, ऑक्सीजन प्लांट तथा अन्य साधनों उपकरणों पर राज्य सरकार की लापरवाही से धूल फांकने का आरोप लगाया है।

चौधरी ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए चिकित्सा व्यवस्था के साथ साथ कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ 7 को लेकर आज हुई मॉकड्रिल में फेल करार दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देश पर चिकित्सा संस्थानों में हुई मॉकड्रिल मे अजमेर, कोटा, बीकानेर, जयपुर आदि स्थानों पर कोरोना से निपटने के लिए तैयारियां अधूरी मिली है।

चौधरी ने अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट बंद मिलने तथा प्लांट की प्रारंभ से ही शुरुआत नहीं होने के साथ उसके ऑयल फिल्टर का ही काम नहीं होने का आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त किया तथा इसके लिए अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही की निंदा की।

फरहान बेहरदीन ने लिया क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास

0

केपटाउन। दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला खिलाड़ी फरहान बेहरदीन ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की।

बेहरदीन ने 39 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले की घोषणा ट्विटर के जरिये की। बेहरदीन ने 2004 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया हालांकि दक्षिण अफ्रीका में पदार्पण करने के लिए उन्हें आठ साल इंतजार करना पड़ा था। उन्होंने 59 एकदिवसीय और 38 टी-20 मैचों में प्रोटियाज का प्रतिनिधित्व करते हुए 1592 रन बनाए और 17 विकेट झटके।

उन्होने 2012, 2014 और 2016 में आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप और 2015 में क्रिकेट विश्व कप में हिस्सा लिया। बेहरदीन को 2017 में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 मैचों की घरेलू श्रखंला में अपने देश की कप्तानी करने का अवसर भी मिला। उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2018 में कैरारा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में प्रोटियाज का प्रतिनिधित्व किया था।

बेहरदीन ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से मैं काफी भावुक हूं। 18 साल आए और चले गए। मेरे परिवार और दोस्तों को धन्यवाद जिन्होंने अटूट समर्थन दिया। मेरे करियर में जितने भी कोच और सपोर्ट स्टाफ मिले हैं, मेरे सभी साथियों का धन्यवाद। उन प्रशंसकों का धन्यवाद जिन्होंने मेरा समर्थन किया। मैंने अपने सपनों को जिया। ईमानदारी से कहूं तो यह आसान नहीं था।

गहलोज राज में घोषणाओं की क्रियान्वित नहीं हो पाई : ओम माथुर

अजमेर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय चुनाव समिति के सदस्य ओमप्रकाश माथुर ने राज्य की गहलोत सरकार पर आरोप लगाया है कि उनके राज में घोषणाओं की क्रियान्वित आज तक नहीं हो पाई है।

अजमेर संभाग के नागौर जिले की परबतसर तहसील में जन आक्रोश सभा के लिए जाने से पहले किशनगढ़ पहुंचे राजस्थान भाजपा संगठन कोर कमेटी के सदस्य माथुर ने कहा कि राज्य में अपराधों की संख्या भी निरंतर बढ़ रही है जिसके लिए राज्य सरकार अब देशभर में बदनाम है। सरकार अपराधों पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह असफल हुई है।

उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन साधारण तक पहुंचाने की भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की। किशनगढ़ में भाजपा पदाधिकारियों राकेश मोहन पहाड़िया, महेंद्र पाटनी, सुनील दढ़रा, विनोद बज आदि ने माथुर का स्वागत सत्कार किया।

जैसलमेर में हेलीकॉप्टर जॉयराइड की सेवा का शुभारंभ

जैसलमेर। राजस्थान में विश्व विख्यात पर्यटन स्थल जैसलमेर में आ रहे सैलानी अब सम के रेतीले धोरों पर हवाई एडवेंचर राइड का लुत्फ उठा सकेंगे।

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के तत्वावधान में निजी एयरलाइंस कंपनी एवन कम्पनी के माध्यम से सम ढाणी, जैसलमेर से प्रायोगिक तौर पर हेलीकॉप्टर जॉयराइड सेवा की का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को इसकी विधिवत शुरुआत सम के रेतीले धोरों पर की गई है, यहां पर देशी-विदेशी सैलानी अब जैसलमेर में हेलीकॉप्टर जॉयराइड का लुत्फ उठा सकेंगे।

प्रदेश के अल्पसंख्यक मामलात मंत्री साले मोहम्मद, पर्यटन राज्यमंत्री मुरारीलाल मीणा एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम आरटीडीसी चेयरमेन धर्मेन्द्र राठौड़, कलेक्टर टीना डाबी समेत अन्य अतिथियों ने हरी झण्डी दिखाकर एवं फीता काटकर इस अभिनव पहल का शुभारम्भ किया।

कलक्टर टीना डाबी ने इस अवसर पर कहा कि इस राइड के माध्यम से जिले के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि हमारे यहां अब पर्यटक पैरामोटरिंग एवं पैरासिलिंग के साथ हेलीकॉप्टर का भी आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह हमारे ट्यूरिस्ट पैकेज के लिए वैलकम एडिशन और आकर्षण का केन्द्र रहेगा।

आरटीडीसी चेयरमेन धर्मेन्द्र राठौड़ ने इस अवसर पर कहा कि अभी प्रायोगिक तौर पर सम ढाणी, जैसलमेर से हेलीकॉप्टर जॉयराइड प्रारम्भ की गई है। इसकी आशातीत सफलता के बाद राजस्थान के अन्य पर्यटन स्थलों को जोड़ते हुए हवाई मार्ग द्वारा पर्यटन सर्किट बनाने की महत्वाकांक्षी योजना है।

उन्होंने कहा कि इस पर्यटन सर्किट में धार्मिक, वाइल्ड लाइफ एवं हैरिटेज सर्किट बनाए जाएंगे जिससे देशी-विदेशी पर्यटकों को कम समय में अधिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की सुविधा मिलेगी।