Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 433 -
होम ब्लॉग पेज 433

आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में योग आयुर्वेद का सम्मिलन करेगा रोगों का उन्मूलन: मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में योग एवं आयुर्वेद के सम्मिलन को प्रमाण आधारित प्रभावी उपचार का माध्यम साबित होने पर खुशी जाहिर की और आशा जताई कि भारतीय चिकित्सा पद्धतियों का प्रयोग देश में रोगों के उन्मूलन एवं किफायती उपचार में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

माेदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में कहा कि यानि सत्य को प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती, जो प्रत्यक्ष है, उसे भी प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती। लेकिन बात जब आधुनिक मेडिकल विज्ञान की हो, तो उसमें सबसे महत्वपूर्ण होता है – प्रमाण। सदियों से भारतीय जीवन का हिस्सा रहे योग और आयुर्वेद जैसे हमारे शास्त्रों के सामने प्रमाण आधारित शोध की कमी, हमेशा-हमेशा एक चुनौती रही है – परिणाम दिखते हैं, लेकिन प्रमाण नहीं होते हैं। लेकिन, ख़ुशी की बात है कि प्रमाण आधारित उपचार के युग में, अब योग और आयुर्वेद, आधुनिक युग की जांच और कसौटियों पर भी खरे उतर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी ने मुंबई के टाटा मेमोरियल सेंटर के बारे में ज़रूर सुना होगा। इस संस्थान ने शोध, नवान्वेषण और कैंसर केयर में बहुत नाम कमाया है। इस सेंटर द्वारा किए गए एक गहन शोध में सामने आया है कि स्तन कैंसर के मरीजों के लिए योग बहुत ज्यादा असरकारी है। टाटा मेमोरियल सेंटर ने अपने शोध के नतीजों को अमरीका में हुई बहुत ही प्रतिष्ठित, स्तन कैंसर सम्मेलन में प्रस्तुत किया है।

इन नतीजों ने दुनिया के बड़े-बड़े विशेषज्ञों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। क्योंकि, टाटा मेमोरियल सेंटर ने प्रमाण के साथ बताया है कि कैसे मरीजों को योग से लाभ हुआ है। इस सेंटर के शोध के मुताबिक, योग के नियमित अभ्यास से, स्तन कैंसर के मरीजों की बीमारी के, फिर से उभरने और मृत्यु के खतरे में, 15 प्रतिशत तक की कमी आई है। भारतीय पारंपरिक चिकित्सा में यह पहला उदाहरण है, जिसे, पश्चिमी तौर-तरीकों वाले कड़े मानकों पर परखा गया है।

साथ ही, यह पहला अध्ययन है, जिसमें स्तन कैंसर से प्रभावित महिलाओं में, योग से, जीवन की गुणवत्ता के बेहतर होने का पता चला है। इसके दीर्घकालिक लाभ भी सामने आये हैं। टाटा मेमोरियल सेंटर ने अपने अध्ययन के नतीजों को पेरिस में हुए यूरोपियन सोसाइटी ऑफ मेडिकल ऑन्कोलॉजी सम्मेलन में प्रस्तुत किया है।

मोदी ने कहा कि आज के युग में, भारतीय चिकित्सा पद्दतियां, जितनी ज्यादा प्रमाण आधारित होंगी, उतनी ही पूरे विश्व में उनकी स्वीकार्यता, बढ़ेगी। इसी सोच के साथ, दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भी एक प्रयास किया जा रहा है। यहां, हमारी पारंपरिक चिकित्सा पद्दतियों को वैधानिकता प्रदान करने लिए छह साल पहले सेंटर फॉर इंटीग्रेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च की स्थापना की गई। इसमें अत्याधुनिक तकनीक और शोध विधियों का उपयोग किया जाता है। यह सेंटर पहले ही प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय शोधपत्रिकाओं में 20 शोधपत्र प्रकाशित कर चुका है।

अमरीकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी के जर्नल में प्रकाशित एक शोधपत्र में सिन्कपी से पीड़ित मरीजों को योग से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया है। इसी प्रकार, न्यूरोलॉजी जर्नल में, माईग्रेन में, योग के फायदों के बारे में बताया गया है। इनके अलावा कई और बीमारियों में भी योग के लाभों को लेकर अध्ययन किया जा रहा है जैसे हृदय रोग, अवसाद, अनिद्रा और गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को होने वाली समस्यायें।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही गोवा में विश्व आयुर्वेद कांग्रेस का आयोजन हुआ। इसमें 40 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए और यहां 550 से अधिक वैज्ञानिक शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। भारत सहित दुनियाभर की करीब 215 कंपनियों ने यहां प्रदर्शनी में अपने उत्पाद को प्रदर्शित किया। चार दिनों तक चले इस एक्स्पो में एक लाख से भी अधिक लोगों ने आयुर्वेद से जुड़े अपने अनुभव का आनंद उठाया।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद कांग्रेस में भी मैंने दुनिया भर से जुटे आयुर्वेद विशेषज्ञ के सामने प्रमाण आधारित शोध का आग्रह दोहराया। जिस तरह कोरोना वैश्विक महामारी के इस समय में योग और आयुर्वेद की शक्ति को हम सभी देख रहे हैं, उसमें इनसे जुड़ा प्रमाण आधारित शोध बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होगा। मेरा आपसे भी आग्रह है कि योग, आयुर्वेद और हमारी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े हुए ऐसे प्रयासों के बारे में अगर आपके पास कोई जानकारी हो तो उन्हें सोशल मीडिया पर जरुर साझा करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में हमने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी चुनौतियों पर विजय पाई है। इसका पूरा श्रेय हमारे चिकित्सा विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और देशवासियों की इच्छाशक्ति को जाता है। हमने भारत से चेचक, पोलियो और ‘गिनी वार्म’ जैसी बीमारियों को समाप्त करके दिखाया है।

उन्होंने कहा कि आज ‘मन की बात’ के श्रोताओं को, मैं, एक और चुनौती के बारे में बताना चाहता हूं, जो अब, समाप्त होने की कगार पर है। ये चुनौती, ये बीमारी है – ‘कालाजार’। इस बीमारी का परजीवी यानि बालू मक्खी के काटने से फैलता है। जब किसी को ‘कालाजार’ होता है तो उसे महीनों तक बुखार रहता है, खून की कमी हो जाती है, शरीर कमजोर पड़ जाता है और वजन भी घट जाता है।

यह बीमारी, बच्चों से लेकर बड़ों तक किसी को भी हो सकती है। लेकिन सबके प्रयास से, ‘कालाजार’ नाम की ये बीमारी, अब, तेजी से समाप्त होती जा रही है। कुछ समय पहले तक, कालाजार का प्रकोप, 4 राज्यों के 50 से अधिक जिलों में फैला हुआ था। लेकिन अब ये बीमारी, बिहार और झारखंड के 4 जिलों तक ही सिमटकर रह गई है। मुझे विश्वास है, बिहार-झारखंड के लोगों का सामर्थ्य, उनकी जागरूकता, इन चार जिलों से भी ‘कालाजार’ को समाप्त करने में सरकार के प्रयासों को मदद करेगी।

‘कालाजार’ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से भी मेरा आग्रह है कि वो दो बातों का जरूर ध्यान रखें। एक है – बालू मक्खी पर नियंत्रण, और दूसरा, जल्द से जल्द इस रोग की पहचान और पूरा इलाज। ‘कालाजार’ का इलाज आसान है, इसके लिए काम आने वाली दवाएं भी बहुत कारगर होती हैं। बस, आपको सतर्क रहना है। बुखार हो तो लापरवाही ना बरतें, और, बालू मक्खी को खत्म करने वाली दवाइयों का छिड़काव भी करते रहें। जरा सोचिए, हमारा देश जब ‘कालाजार’ से भी मुक्त हो जाएगा, तो ये हम सभी के लिए कितनी खुशी की बात होगी।

उन्होंने कहा कि सबका प्रयास की इसी भावना से, हम, भारत को 2025 तक टीबी मुक्त करने के लिए भी काम कर रहे हैं। बीते दिनों, जब, टी.बी. मुक्त भारत अभियान शुरू हुआ, तो हजारों लोग, टीबी मरीजों की मदद के लिए आगे आए। ये लोग निक्षय मित्र बनकर, टीबी के मरीजों की देखभाल कर रहे हैं, उनकी आर्थिक मदद कर रहे हैं। जनसेवा और जनभागीदारी की यही शक्ति, हर मुश्किल लक्ष्य को प्राप्त करके ही दिखाती है।

कांकेर पीजी कालेज में जवानों के बीच विवाद में एक जवान की गोली मारकर हत्या

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर के स्थानीय पीजी कालेज में आज सुबह जवानों के विवाद में एक जवान ने अपने साथी को गोली मार कर हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक सलभ सिन्हा ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए स्थानीय पीजी कॉलेज में ईवीएम मशीन रखी गईं है, जिसकी सुरक्षा में जवान तैनात हैं। सुरक्षा में तैनात छत्तीसगढ आर्म फोर्स 11 बटालियन सी कंपनी के जवान ने फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र भगत की मौत हो गई है। फायरिंग करने वाले जवान का नाम पुरुषोत्तम सिंह है।

बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के बाद जवान पुरुषोतम ने इस घटना को अंजाम दिया। साथ ही ये बात भी सामने आई है कि आरोपी जवान की दो तीन दिनों से तबीयत खराब थी। मानसिक रूप से परेशान था। फायरिंग के बाद जवान ने अपने आप को एक कमरे में बंद कर लिया था। कांकेर एसपी और कंपनी कमांडर पहुंचे और दो घंटे बाद जवान को बाहर निकाला जा सका।

शलभ सिन्हा ने बताया कि स्ट्रॉंग रूम में सीएएफ के जवान तैनात है। उसमें सुबह सुबह सूचना मिली कि एक आरक्षक ने आपसी विवाद के कारण प्रधान आरक्षक पर गोली चलाई है। पुलिस और बीएसएफ की टीम पहुंची। मौके पर काउंसलिंग कर आरक्षक को कस्टडी में लिया गया है। शुरुआत में यहीं बात सामने आ रही है कि कुछ इनके बीच विवाद हुआ जिसके बाद आवेश में आकर घटना को अंजाम दिया। अभी जांच जारी है। आरक्षक की मानसिक स्थिति इस समय ठीक नहीं है।

तेलुगु फिल्म अभिनेता तम्मारेड्डी चलपथी का दिल का दौरा पड़ने से निधन

0

हैदराबाद। दिग्गज तेलुगु फिल्म अभिनेता और निर्माता तम्मारेड्डी चलपथी राव का रविवार सुबह यहां उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। उनके परिवार में दो पुत्रियां एवं एक पुत्र है। उनका पुत्र रवि बाबू भी टॉलीवुड में अभिनेता, निर्देशक और निर्माता है।

चलपथी को तेलुगु सिनेमा में कॉमेडी और खलनायक की भूमिकाओं के लिए जाना जाता था। उनका जन्म आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के बल्लीपारू में हुआ था। उन्होंने 1966 में फिल्म ‘गुधाचारी 116’ से अपनी शुरुआत की थी। तब से वह कई फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं।

उन्होंने 600 से अधिक फिल्मों में काम किया और सात फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने कलियुग कृष्णुडु, कडापरेडम्मा, जगन्नाटकम, पेलेंटे नुरेला पंटा, प्रेसिडेंटिगारी अल्लुडु, अर्धरात्रि हत्यालु और रक्तम चिंदिना रात्री जैसी फिल्मों का निर्माण किया है। चलपथी के निधन से पूरा तेलुगु फिल्म उद्योग और उनके प्रशंसक सदमे में हैं।

भीलवाड़ा में सूने मकान से नकदी सहित लाखों रुपए की चोरी

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में बदमाशों ने सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी सहित लाखों रुपए के माल पर हाथ साफ कर लिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाष नगर बी सेक्टर निवासी अशोक कुमार जैन पारिवारिक कार्य से 18 दिसंबर को तीन- चार दिन के लिए जयपुर गए थे पीछे मकान सूना था।

जैन का कहना है कि 19 दिसंबर की रात को जब चौकीदार घर पहुंचा तो उसे पीछे की ग्रील का कांच टूटा हुआ मिला। इसी रास्ते से चोर अंदर घुसे और पीछे का दरवाजा खोल कर वारदात को अंजाम दिया।

चौकीदार की सूचना पर जैन ने भीलवाड़ा पहुंचकर सार संभाल की तो घर से 81000 के साथ ही यूएसडी डॉलर, सोने की 3 अंगूठियां, बोरला, नोज पिन, टाइटन घड़ी, चांदी की प्लेट, कलश, दीपक, वायूल, लोकेट, 4 सेट चांदी के कड़े और 20000 कीमत का अन्य सामान गायब मिले।

उन्होंने कहा कि चोर नकदी एवं गहने चुरा ले गए। पुलिस को दी रिपोर्ट में उक्त जानकारी के साथ ही यह भी बताया कि इतने दिन वे अपने स्तर पर चोरों की तलाश कर रहे थे। पता नहीं चलने पर अब यह रिपोर्ट पेश की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।

अमरीका में भीषण बर्फीले तूफान से 28 लोगों की मौत

वाशिंगटन। अमरीका में शनिवार की शाम तक भीषण बर्फीले तूफान की चपेट में आने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी मीडिया रिपोर्टो में दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि ये मौतें ओक्लाहोमा, केंटकी, मिसौरी, टेनेसी, विस्कॉन्सिन, कंसास, नेब्रास्का, ओहियो, न्यूयॉर्क, कोलोराडो और मिशिगन राज्यों में हुई हैं। इनमें से चार मौंते शुक्रवार दोपहर ओहियो के सैंडुस्की के पास ओहियो टर्नपाइक पर वाहनों के ढेर के कारण हुई।

ओहियो के गवर्नर माइक डेविन ने शनिवार को ट्वीट किया कि यदि आपको बाहर निकलना है, तो धीरे-धीरे ड्राइव करें, सीट बेल्ट लगा लें, और एक सुरक्षित दूरी बनाए रखें, हम चाहते हैं कि आप सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंचें।

अमरीका मौसम के पूर्वानुमानकर्ताओं ने शनिवार को कहा कि सर्दियों का तूफान ग्रेट लेक्स को तेज हवाओं, ठंडे तापमान और भारी हिमपात से प्रभावित कर रहा है, यहां तक कि इसका केंद्र अब पूर्वी कनाडा के उत्तर में है।

गवर्नर कैथी होचुल के कार्यालय के अनुसार ऐतिहासिक बर्फ़ीले तूफ़ान ने न्यूयॉर्क राज्य के बफ़ेलो क्षेत्र में और उससे आगे यात्रा करना असंभव बना दिया है। इस दौरान उत्तर काउंटी, फिंगर लेक्स और मध्य न्यूयॉर्क क्षेत्रों में 96 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार की तेज हवाएं चली।

पश्चिमी न्यूयॉर्क में हवा की रफ्तार 127 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। बफेलो और वाटरटाउन क्षेत्रों में सोमवार तक कुल तीन से पांच फीट बर्फ पड़ने की उम्मीद है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार अमरीका के भीतर या बाहर 3,300 से अधिक उड़ानें शनिवार को रद्द कर दी गई तथा लगभग 7,500 में देरी हुई हैं।

सबगुरु राशिफल : 25 दिसम्बर रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। पौष मास, शुक्ल पक्ष, द्वितीया तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि उत्तरायण, क्रिसमस पर्व, सुबह 08.24 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप धार्मिक या मांगलिक प्रसंग में शामिल हो सकते हैं। रिस्की कार्यों से दूर रहें। आपके कार्य सरलतापूर्वक पूर्ण होते रहेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। यह न केवल आपका मन हल्का करेगा, बल्कि आप दोनों के बीच मतभेद दूर करने में भी मदद करेगा। अपने परिवार के साथ रुखा व्यवहार न करें। यह पारिवारिक शान्ति को भंग कर सकता है। संभव है कि कोई आपसे अपने प्यार का इज़हार करे। कामकाज के मोर्चे पर यह एक मुश्किल दिन हो सकता है। प्रभावशाली लोगों के सहयोग आपका उत्साह दोगुना होगा। विवाद, मतभेद और दूसरों की आपमें कमियाँ निकालने की आदत को नजरअंदाज करें।

वृषभ :- अपनी दीर्घकालीन योजनाओं के साथ आगे बढ़ो, जैसा कि पहलुओं का दृढ़ संकल्प और संरचना का पक्ष है नई चीजों की कोशिश करने से डरो मत, खासकर जब आप अपने पसंदीदा लोगों के साथ हों। कार्यक्षेत्र में कोई आपसे दुर्व्यवहार कर सकता है। इसलिए तैयार रहें और प्रतिक्रिया न करें। आपकी लगन और मेहनत पर लोग गौर करेंगे और आज इसके चलते आपको कुछ वित्तीय लाभ मिल सकता है। आपकी ऊर्जा का स्तर ऊंचा रहेगा क्योंकि आपका प्रिय आपने लिए बहुत सारी खुशी की वजह साबित होगा। अपने उद्देश्यों की ओर शान्ति से बढ़ते रहें और सफलता मिलने से पहले अपने पत्ते न खोलें।

मिथुन :- आज मन चिंतामुक्त रह सकता है। कार्यों में विघ्न आने से कार्यपूर्ति में विलंब हो सकता है। सहकर्मियों का सहयोग प्राप्त करने में असफल रह सकते है। दांपत्य जीवन में तकरार का वातावरण रह सकता है अतः जीवनसाथी से सम्मानजनक तरीके से आचरण रखें। शाम के समय सफलता मिल सकती है। आपके हंसने-हंसाने का अंदाज आपकी सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा। आपको अपने जीवनसाथी से जुड़ी कोई ऐसी बात पता चल सकती है, जिसे आप कभी नहीं जानना चाहते थे। कार्यक्षेत्र में हिम्मत न हारें। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। आपके खर्चे बजट को बिगाड़ सकते हैं।

कर्क :- आज आपके व्यापार-धंधे में खूब सफलता मिलेगी। कानूनन न फंसे, इसका ध्यान जरूर रखें। अगर आप कई दिनों से कामकाज में दिक्कत महसूस कर रहे हैं, तो आज के दिन आपको राहत महसूस हो सकती है। सुनी-सुनाई बातों पर आँखें मूंदकर यकीन न करें और उनकी सच्चाई को भली-भांति परख लें। किसी के साथ पैसों की लेन-देन को लेकर सफल रहेंगे। देश-विदेश में व्यवसाय करने वालों को फायदा होगा। सब कुछ दोबारा जांचें और दूसरी राय प्राप्त करें, यह गलत समय और भ्रम की स्थिति के रूप में कुछ भी नया शुरू करने का एक अच्छा समय नहीं है, लेकिन पुराने मुद्दों को खत्म करने के लिए यह अच्छी अवधि है।

सिंह :- नौकरी पेशा के लोगों लिए समय अनुकूल दिखाई दे रहा है। आज के दिन आप अत्यधिक संवेदनशील रह सकते हैं। कार्यक्षेत्र की बात की जाए तो आज का दिन कार्यक्षेत्र को लेकर आपके लिए अत्यधिक लाभकारी साबित होगा। आर्थिक लाभ की प्राप्ति होगी। किसी की वाणी तथा बर्ताव की वजह से आपके मन को चोट लग सकती है तथा माता के स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आज आप बौद्धिक शक्ति से लेखनकार्य और सृजन कार्य अच्छी तरह से पूरे कर सकेंगे। आपका विचार किसी एक बात पर स्थिर नहीं रहेगा तथा उसमें लगातार परिवर्तन होता रहेगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है। यात्रा-प्रवास हो सके तो न करें।

कन्या :- आज स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही सेहत बिगाड़ सकती है। नकारात्मक विचारों को अपने पर प्रभावी न होने दें। आकस्मिक व्यय होने के संकेत हैं। मध्याह्न के बाद परिस्थिति में कुछ सुधार आ सकता है। स्वभाव में उग्रता रह सकती है। आज के दिन आपको मकान, वाहन, वगैरह के दस्तावेजों को अत्यंत संभालकर रखना होगा। परिवार का माहौल बिगड़े नहीं, इसके लिए वाद-विवाद टालें। माता का स्वास्थ्य बिगड़ेगा। धन-प्रतिष्ठा की हानि होगी। स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। व्यापार धंधे के लिए भावी योजना सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

तुला :- आज के दिन आप चिंता के बोझ से मुक्ति पा लेंगे बहुत अधिक रह सकती है। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगा। आज के दिन आप परिजनों की तरफ से विशेष ध्यान देने की कोशिश करेंगे। इस समय आपके आर्थिक आयोजन भी पूरे होंगे आपकी इच्छा शक्ति को प्रोत्साहन मिलेगा, क्योंकि आप बहुत पेचीदा हालात से निकलने में कामयाब रहेंगे। भावुक फैसला लेते वक़्त अपनी तार्किकता न छोड़ें। अनुमान नुकसानदेह साबित हो सकता है, इसलिए हर तरह का निवेश करते वक़्त पूरी सावधानी बरतें। आज आपके प्रिय की मनोदशा ज्वार-भाटे की तरह उतार-चढ़ाव भरी होगी।

वृश्चिक :- शारीरिक-मानसिक सुख बने रहेंगे। मित्रों और स्वजनों के साथ आज का दिन खूब आनंद और उल्लास से व्यतीत करेंगे। आज मन खुश और शांत रहेगा। जीवनसाथी के प्रति विशेष आकर्षण अनुभव करेंगे, जिससे मधुरता रहेगी। आर्थिक लाभ के योग हैं। आज के दिन किसी से छेड़छाड़ या किसी से झगड़ा, वाद-विवाद करने से बचे, इससे भविष्य में आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अपने अतिरिक्त खर्चों पर रोक लगाए नहीं तो आपको भविष्य में बहुत सारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

धनु :- आपको आज के दिन विशेष रुप से हर प्रकार के कार्य में सफलता प्राप्त होगी लेकिन थोड़ा विलंब भी हो सकता है। धैर्य से काम करें आप अपने तमाम कार्य को जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे आर्थिक आयोजनों में अवरोध दूर होगा। किया गया हर कार्य सफलतापूर्वक पूरा होगा। घर परिवार और निजी जिंदगी से जुड़े कुछ खास काम आज आपके हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सफलता के योग है। कफ्यूजन दूर करने के लिए दिमाग में नया तरीका आ सकता है। विद्यार्थी के लिए आज का दिन अति उत्तम रहेगा। आज यात्रा टालनी होगी।

मकर :- आज साधारण सी बात दांपत्य जीवन में कलह का कारण बन सकती है। सांसारिक विषयों पर अपने व्यवहार को उदासीन बनाए रखें। वाद-विवाद से बचें। अदालती कार्यवाही के संकेत है। सामाजिक दृष्टि से अपमानित हो सकते हैं। चिंता के भार से स्वास्थ्य को हानि पहुंचेगी। उग्र दलीलों या वाद-विवाद से किसी के साथ संघर्ष हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में सावधानीपूर्वक कदम उठाएं। भावनाओं के प्रवाह में बहकर आप कोई अविचारी कार्य न कर बैठें, इसका ध्यान रखें। वाणी और व्यवहार में संयम तथा विवेक बनाए रखने की सलाह है।

कुंभ :- आज पूरी तरह किसी काम के परिणाम आपके अनुसार मिल सकते हैं। आज वही होगा जो आप चाहेंगे। आर्थिक मामलों में मजबूती मिलेगी। आज आप खुद में बदलाव महसूस करेंगे। नौकरी की दिशा में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। नए अवसर पर खुले मन से विचार करना होगा। खुद को किसी भी गलत और गैर जरूरी चीज से दूर रखें, क्योंकि आप उसकी वजह से मुश्किल में फँस सकते हैं। अगर आप किसी विवाद में उलझ जाएँ तो तल्ख़ टिप्पणी करने से बचिए। आपका जीवन-साथी थोड़ा अजीब व्यवहार कर सकता है। लेकिन सब्र का बांध न टूटने दें। स्त्री वर्ग अपनी वाणी पर काबू रखें।

मीन :- आज आउटडोर गतिविधियां काफी थकावटी और तनाव देने वाली साबित होंगी। उधार मांगने वाले लोगों को नजरअंदाज करें। अपनी बातों पर काबू रखें, क्योंकि इसके चलते बड़े बुजुर्ग आहत महसूस कर सकते हैं। बेकार की बातें करके समय बर्बाद करने से बेहतर है कि आप शांत रहें। आज आप अपने आसपास के लोगों के इरादे आसानी से समझ सकते हैं। कोई करीबी व्यक्ति आज आपको बात-बात में खास जानकारी दे सकते हैं। हर चुनौती को अलग करते हुए लगे रहने का समय है। अपने कामकाजी जीवन में अपने संपर्कों का फायदा उठाने में सफल हो सकते हैं। कफ्यूजन की स्थिति कार्यक्षेत्र में निर्मित हो सकती है।

जैसलमेर : ट्रेन की चपेट में आने से एक दर्जन दुर्लभ गिद्धों की मौत

0

जैसलमेर। राजस्थान सीमांत जैसलमेर जिले में लाठी धोलिया क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से दुर्लभ प्रजाति के गिद्धों के मौत होने का सिलसिला लगातार जारी हैं और शनिवार को भी ट्रेन चपेट में आने से एक दर्जन प्रवासी ग्रेफन गिद्धों की मृत्यु हो गई।

आए दिन गिद्धों कि मौतों से पक्षी प्रेमियो में भारी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है। इसके बावजूद वनविभाग कि ओर से उनकी सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं और ना ही वहां पर गश्ती के लिए कार्मिक तैनात की गए हैं। पिछले 15 दिनो में रेल से गिद्दो के कटने की यह तीसरी घटना हैं। अब तक तीन घटनाओं में 20 गिद्धों की रेल से कटने से मृत्यु हो गई हैं जबकि शुकवार को दो गिद्दों की देगराय ओरण में विद्युत तारों से टकरा कर मृत्यु हो गई थी।

पक्षी एवं पर्यावरण प्रेमी राधेश्याम पैमानी ने बताया कि कि शनिवार सुबह धोलिया गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक साथ एक दर्जन गिद्धों की मौत हो गई। एक साथ एक दर्जन दुर्लभ प्रजाति के गिद्धों की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

रेलवे कार्मिकों की सूचना मिलने पर वह स्वयं के साथ अखिल भारतीय जीवरक्षा तहसील अध्यक्ष गौरीशंकर पूनिया सहित बड़ी संख्या में आसपास के वन्यजीव प्रेमी एवं ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना को लेकर लाठी वनविभाग के कार्मिकों को सूचित किया। सूचना पर लाठी वनविभाग के कार्मिकों ने मौके पर पहुंचकर गिद्धों के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

उन्होने बताया कि लाठी, धोलिया, खेतोलाई, ओढाणिया, चांधन, सोढाकोर सहित आसपास का क्षेत्र पशु बहुल क्षेत्र है, यंहा के पशुपालकों के पास बड़ी संख्या में गाय, ऊंट, भेड़, बकरियां आदि है। यहां के पशु घास चरने के लिए रेलवे ट्रैक के पास स्थित खाली मैदानों एवं खेतों में जाते हैं। इस दौरान रेलवे पटरी को पार करते समय कई बार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो जाती हैं।

ऐसे पशुओं के शव पटरियों के किनारे पड़े रहते हैं। गिद्ध मृत पशुओं को खाने के लिए यहां आते हैं। ये गिद्ध जैसे ही यहां से रेल निकलती है,उस वक्त उसकी आवाज सुनकर उडकर भागने का प्रयास करते हैं। इसी दौरान वे रेल की चपेट में आ जाते है तथा उनकी मौत हो जाती हैं।

टीवी एक्ट्रेस तुनीषा शर्मा ने सेट पर फांसी लगाकर की सुसाइड

मुंबई। टीवी एक्ट्रेस एवं बॉलीवुड फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में अभिनय कर चुकी 20 वर्षीया तुनीषा शर्मा ने शनिवार को शूटिंग के सेट पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक म्यूजिक वीडियो शूट करने के लिए तुनीषा सेट पर थी। इसी दौरान वह सेट पर फांसी पर झूलती दिखी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उतारा और अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

फिलहाल अभी यह तात्कालिक रूप से स्पष्ट नहीं हो सका है कि तुनीषा ने यह कदम क्यों उठाया। वह खुदकशी से पहले तक पूरी तरह से सामान्य थी। कुछ घंटे पहले ही उसने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें और पोस्ट साझा की थी। एक पोस्ट में उसने लिखा था, जो अपने जुनून से आगे बढ़ते हैं वो रुकते नहीं हैं।

तुनीषा सबसे पहले टीवी शो भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप में नजर आई थी। बाद में उसने चक्रवर्तिन अशोका सम्राट, गब्बर पूंछवाला, शेर-ए-पंजाब: महाराणा रंजीत सिंह, इंटरनेट वाला लव और इश्क शुभान अल्लाह जैसे धारावाहिकों में काम किया।

तुनीषा ने मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री कटरीना कैफ की फिल्म फितूर में उनके बचपन का रोल किया है। वहीं बार बार देखो, कहानी-2, दबंग-3 जैसी फिल्मों में भी उसने बतौर बाल कलाकार अभिनय किया है। इसके अलावा अलीबाबा दास्ताने काबुल में शहजादी मरियम की भूमिका कर रही थीं।

ग्रैंड स्लैम जीतने वाला रैकेट नीलाम करेंगी इगा स्वियातेक

0

वारसॉ। विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी इगा स्वियातेक उस रैकेट को नीलाम करने जा रही हैं, जिससे उन्होंने रोलां गैरो और अमेरिकी ओपन 2022 जीता था।

पोलैंड की 21 वर्षीय खिलाड़ी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि मैं नीलामी में एक रैकेट दान कर रही हूं जिस पर मेरे हस्ताक्षर हैं। इस साल मैंने इसी रैकेट से खेलते हुए रोलां गैरो एवं अमरीकी ओपन के रूप में दो ग्रैंड स्लैम जीते।

उल्लेखनीय है कि स्वियातेक ‘द ग्रेट ऑर्केस्ट्रा ऑफ क्रिसमस चैरिटी’ नामक संगठन के साथ मिलकर काम कर रही हैं, जो पोलैंड में बाल चिकित्सा और बुजुर्गों की देखभाल के लिये धन जुटाता है। स्वियातेक के रैकेट की नीलामी से अर्जित होने वाली धनराशि सेप्सिस नामक बीमारी के इलाज के लिये इस्तेमाल की जाएगी।

स्वियातेक ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि आप इस साल नीलामी को पसंद करेंगे। हमारा संयुक्त उद्देश्य महत्वपूर्ण है। द ग्रेट ऑर्केस्ट्रा ऑफ क्रिसमस चैरिटी पोलैंड के अस्पतालों में सेप्सिस से लड़ने के लिये धन एकत्र कर रहा है।

स्वियातेक ने इससे पहले रूस के आक्रमण से प्रभावित यूक्रेन के लोगों के लिये धन जुटाने की खातिर अन्य टेनिस खिलाड़ियों के साथ मिलकर 23 जुलाई को क्रेको में एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। नीले और पीले रिबन वाली टोपी के साथ स्वियातेक यूक्रेन के लिये अपने समर्थन के बारे में मुखर रही हैं।

स्वियातेक ने 2022 में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए दो ग्रैंड स्लैम सहित आठ खिताब जीते। इसी साल उन्होंने लगातार 37 मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाते हुए महिला टेनिस रैंकिंग में शीर्ष स्थान भी हासिल किया।

देश से नफरत मिटाने की जरुरत : राहुल गांधी

0

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार पर सच्चाई को छुपाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह देश में डर का माहौल पैदा कर नफरत फैला रही है और इस माहौल को खत्म करने की सख्त जरूरत है।

गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली पहुंचने पर ऐतिहासिक लाल किला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शनिवार को कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार डर और नफरत फैला रही है लेकिन वह भारत जोड़ो यात्रा के जरिए डर खत्म करने एवं देश को जोड़ने का काम करेंगे और नफरत का माहौल को खत्म करने के लिए वह प्यार की दुकान खोलेंगे।

उन्होंने कहा कि देश की सरकार को दो उद्योगपति अडानी तथा अंबानी चला रहे हैं। रेल, हवाई अड्डे, बन्दरगाह हवाई सब कुछ इन उद्योगपतियों के हाथों में चला गया है और उसके कारण छोटे कारोबारियों का काम ठप हो गया है। रेलवे से लेकर सारी कंपनियां अडानी और अंबानी के कब्जे में है और वे ही देश की सरकार चला रहे हैं। छोटा व्यापारी तथा छोटा कारोबारी और किसान परेशान है लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सच नहीं बोलते हैं और वह सच को छिपाते हैं। उनका कहना था कि चीन देश का सबसे बड़ा प्रतिद्वंदी है। भारत का मुकाबला चीन से है लेकिन श्री मोदी चीन को लेकर भी झूठ बोलते हैं और कहते हैं कि चीनी सेना ने भारत की जमीन पर कब्जा नहीं किया है जबकि सच्चाई यह है कि चीन भारत के दो हज़ार वर्ग किलो मीटर क्षेत्र पर कब्जा कर चुका है।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ नफरत और डर फैलाने का काम कर रही है और सच को छुपाया जा रहा है। यहां तक कि उनकी छवि खराब करने के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च के जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि देश में नफरत का माहौल नहीं है, बल्कि नफरत फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मैंने यात्रा में देखा है, देश में कहीं नफरत नहीं है। मैं केरल से दिल्ली तक पैदल चलकर आया हूं लेकिन कहीं कोई नफरत का माहौल नजर नहीं आया। हजारों किलोमीटर चल करके आ गए हैं और रास्ते में जगह-जगह गाय, कुत्ते, बिल्ली सब दिखे लेकिन कहीं कोई हिंसा का माहौल नजर नहीं आया लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने युवाओं, किसानों, मजदूरों, कारोबारियों को डरा कर रखा है और युवाओं को कहीं रोजगार नहीं मिल रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब से मैंने किसानों की जमीन का मुद्दा उठाया है, मोदी सरकार मेरे पीछे पड़ गई है और मेरी छवि खराब करने के लिए भाजपा ने हजारों करोड़ पर खर्च कर दिए हैं। देश में सच्चाई को छुपाया जा रहा है लेकिन सच को कभी छुपाया नहीं जा सकता है। देश में डर फैलाया जा रहा है और इससे सबको नुकसान हो रहा है।

उन्होंने लोगों से कहा कि उन्हें डरना नहीं चाहिए। हिंदू धर्म में डर के लिए कहीं जगह ही नहीं है। उन्होंने उपनिषद और अन्य धार्मिक ग्रंथ पढ़ें हैं लेकिन कहीं डर की बात नहीं है, इसलिए हिंदू धर्मावलंबियों को देश में फैलाए जा रहे डर से डरना नहीं बल्कि जो नफरत का माहौल बनाया जा रहा है, उसे मिटाना है। उनका कहना था कि वह नफरत के बाजार में नफरत मिटाने के लिए प्यार की दुकान खोलेंगे। उनका कहना था कि सरकार मेड इन इंडिया की बजाय मेड इन चाइना को बढ़ावा दे रही है।

कांग्रेस नेता ने टीवी न्यूज़ चैनलों पर भी हमला किया और कहा कि टीवी चैनल नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। इनमें 24 घंटे हिंदू-मुस्लिम-हिंदू-मुस्लिम की बहस चलती है और ऐसी बहस चलाकर ये चैनल नफरत फैला रहे हैं।