Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 444 -
होम ब्लॉग पेज 444

भूंगरा गैस त्रासदी को लेकर जोधपुर में सर्व समाज ने निकाली आक्रोश रैली

0

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में भूंगरा त्रासदी के मृतकों एवं घायलों को मुआवजा, मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी सहित अन्य मांगों को लेकर सर्व समाज ने आज जोधपुर शहर में आक्रोश रैली निकाली।

राजपूत समाज सहित सर्व समाज के लोग महात्मा गाँधी अस्पताल के बाहर एकत्रित हुए और दोपहर में आक्रोश रैली के रुप कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। रैली में लोग काले झंडे लिए हुए चल रहे थे और रैली अस्पताल से सोजती गेट, नई सड़क होते हुए अपराह्न लगभग तीन बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची।

रैली के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर लोगों ने कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

बाद में लोग कलेक्ट्रेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता को ज्ञापन देने गया जहां मांगों पर सहमति नहीं बन पाने पर प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर के चैंबर में ही धरने पर भी बैठे।

मारवाड़ राजपूत सभा जोधपुर ने मांग की कि हादसे के मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख एवं घायलों को 25-25 लाख रुपए का मुआवजा मिले। मृतक के एक परिजन को सरकारी नौकरी और घायल के परिवार में एक को संविदा पर नौकरी, अपनी जान देकर घायलों को बचाने वाले सुरेंद्र सिंह को वीरता पुरस्कार एवं परिवार को विशेष सहायता, लोगों को बचाने में अपनी जान गंवाने वाले मेकअप मैन दिलीप सैन के परिजनों के लिए विशेष पैकेज, अनाथ हुए बच्चे रावल सिंह की परवरिश एवं शिक्षा के लिए विशेष सहायता, गैस एजेंसी पर मुकदमा दर्ज कर कंपनी से भी मुआवजा दिलवाया जाए।

उल्लेखनीय है कि गत आठ दिसंबर को जोधपुर जिले के शेरगढ़ स्थित भूंगरा गांव में एक शादी समारोह गैस सिलेंडर विस्फोट में कई लोगों के झुलसने से लगभग तीन दर्जन लोगों की मौत हो गई जबकि करीब बीस लोग अस्पताल में भर्ती है।

मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों को दो-दो लाख और घायलों को एक-एक लाख रुपए की मदद दी गई है लेकिन मारवाड़ राजपूत सभा का कहना है कि इतनी बड़ी गैस त्रासदी में यह मदद बहुत कम है।

छात्राओं से अश्लील वाट्सअप मैसेज भेजने के मामले में कालेज के प्राचार्य निलंबित

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के किशनगढ़ स्थित आरके पाटनी राजकीय महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य पीडी जांगिड़ को आज राज्य के कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने निलंबित कर दिया। आदेश में निलंबन के दौरान उन्हें जयपुर मुख्यालय पर उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

महाविद्यालय छात्राओं के साथ अश्लील व्हाट्सएप मैसेज एवं छेड़खानी के मामलों में पुलिस की गिरफ्त में आए पीडी जांगिड़ को आज किशनगढ़ के उपखंड अधिकारी न्यायालय में पेश किया गया जहां से भी आरोपी जांगिड़ को जेल भेजने के आदेश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि प्राचार्य का कार्य देख रहे पीडी जांगिड़ के खिलाफ कल महाविद्यालय छात्राओं ने मोर्चा खोला था और उसके मंसूबों को बेनकाब कर दिया था। बढ़ता विवाद देखकर शहर थाना पुलिस ने बीते कल ही जांगिड़ को हिरासत में ले लिया था।

भारत जोडो यात्रा का जनता पर कोई असर नहीं पड रहा : सतीश पूनियां

अजमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा है यह भारत जोडो यात्रा नहीं वरन् राजस्थान को मरता छोडो यात्रा है।

अजमेर दौरे पर आए डा पूनियां ने आज मीडिया से बातचीत में कहा भारत जोडो यात्रा का जनता पर कोई असर नही पड रहा। कांग्रेस पार्टी की दशा इसी बात से पता चलती है कि भीड जुटाने के लिए फिल्मी कलाकारों को बुलाना पडता हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि सुनिधि चौहान ..चोरी चोरी दिल लिया रे..गा रही है।

राज्य में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि कमल का फूल और मोदी काम ही सीएम का चेहरा होगा। इस पर सब एकमत हैं।

उन्होंने मुुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आडे हाथों लेते हुए कहा कि उनके गृह जिले में 32 मौत हुई और वे अपनी सरकार के साथ जश्न मना रहे है। उन्होंने राज्य में किसानों – बेराजगारों – युवाओं के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश का नौजवान अवसाद में हैं। भ्रष्टाचार का नंगा नाच चल रहा है।

डा पूनियां जिले की केकडी विधानसभा में जन आक्रोश यात्रा समापन की सार्वजनिक सभा में जाने से पहले अजमेर पहुंचे जहां भाजपाईयों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

दौसा जिले में भारत जोड़ो यात्रा में जन सैलाब उमड़ा

दौसा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा एक दिन के विश्राम के बाद राजस्थान के दौसा जिले के कालाखो से आज सुबह फिर शुरू हुई जिसमें जहां जनसैलाब उमड़ पड़ा वहीं कांग्रेस ने चीन सीमा मामले का मुद्दा उठाया कि इस पर प्रधानमंत्री चुप क्यों है।

सुबह के सत्र में यात्रियों ने सिकंदरा पुलिस स्टेशन के पास तक यात्रा की। इस दौरान स्थानीय लोगों का जबरदस्त हुजूम देखने को मिला। सुबह के सत्र में मुख्य रूप से तीन समूह राहुल गांधी के साथ चला।

यात्रा के सिकंदरा पहुंचने पर दोपहर का विश्राम किया गया और इस दौरान कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश और कांग्रेस के मीडिया तथा पब्लिसिटी के चेयरमैन पवन खेड़ा ने चीन के मुद्दे पर ‘प्रधानमंत्री चुप्पी तोड़ो, भारत जोड़ो’ विषय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

खेड़ा ने कहा कि आज देश, परेशान, आक्रोशित और हैरान है कि आखिर क्यों प्रधानमंत्री चीन के मामले पर कोई जवाब देने को तैयार नहीं हैं। क्यों चीन पर संसद में चर्चा को तैयार नहीं हैं। प्रधानमंत्री और चीन के 20 वर्षों से घनिष्ठ संबंध हैं, जब प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री थे और चीन के राष्ट्रपति, राष्ट्रपति नहीं थे, एक आला पद पर थे, तब से ही उन दोनों के बीच का जो रिश्ता है उन्हीं रिश्तो में एक राज छुपा है। उसी वजह से प्रधानमंत्री अपनी चुप्पी नहीं तोड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में मनमोहन सिंह की सरकार ने चीन के ख़तरे को ध्यान में रखते हुए ‘माउंटेन स्ट्राइक कोर’ बनाने का महत्वपूर्ण केबिनेट डिसीजन लिया था। इसके तहत 90 हजार सैनिकों का एक दस्ता बनाया जाना था। 2013 में यह निर्णय हुआ।

वर्ष 2014 में हमारी सरकार इसका एक डिवीजन बना कर गई, जिसका हेड क्वार्टर पश्चिम बंगाल में है। दूसरा डिवीजन पठानकोट में बनना था लेकिन सरकार बदल गई। चीन परस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ गए। उन्होंने पठानकोट में दूसरा हेड क्वार्टर नहीं बनने दिया। फंड नहीं दिया गया। माउंटेन स्ट्राइक कोर को ठंडे बस्ते में डाल दिया क्या।

इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत जोड़ो यात्रा के क्यों ना जुड़ें अभियान से जुड़ी चौथी फिल्म रिलीज़ की गई। यह फिल्म नफ़रत की समस्या को केंद्र में रखकर बनाई गई है। जिसमें एक दंपत्ति बिना अपना नाम और शहर बताए कहता है – इस शहर से काफी अच्छे रिश्ते बन गए थे लेकिन इस नफ़रत की आंधी में सब खो गए। फिल्म में नफ़रत के ख़िलाफ़ भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया गया है। अंत में सवाल है – जब नफ़रत मिटाने हों तब क्यों न जुड़ें।

इससे पहले यात्रा में पहले ग्रुप में जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के प्रोफेसर शिशुपाल सिंह भादू राहुल गांधी के साथ चले। चलते हुए दोनों के बीच नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर मुख्य रूप से बात हुई। प्रोफ़ेसर भादू ने बताया नई शिक्षा नीति में तीन तरह की यूनिवर्सिटीज का जो प्रावधान किया गया है उसके लिए राज्य सरकारें आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है। पैसों की कमी के कारण राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे मौजूदा विश्वविद्यालयों की स्थिति ही जर्जर है। ऐसे में नए विश्वविद्यालय का दबाव उन पर और बोझ डालेगा।

राहुल गांधी के साथ चलने वाला दूसरा समूह साहित्यकारों का था। इन लोगों ने शिक्षण संस्थानों में फ्री स्पीच पर हो रहे अटैक को लेकर चिंता जताई। तीसरी बातचीत किसानों के एक समूह के साथ थी। किसानों ने भूमि अधिग्रहण कानून में पिछली भाजपा सरकार द्वारा किए गए संशोधन का मुद्दा उठाया। जिससे किसानों को नुक़सान का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा सोमवार को बांदीकुई के बाढ़ नागवास से सुबह शुरू होगी और करीब दस बजे अलवर में प्रवेश कर जाए जहां सुरेर गांव में दोपहर का विश्राम होगा।

पहले टेस्ट में भारत ने बांग्लादेश को 188 रन से रौंदा

0

चटगांव। भारत ने कुलदीप यादव (आठ विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से बंगलादेश को पहले टेस्ट में रविवार को 188 रन से रौंद दिया। भारत ने बांग्लादेश को 513 रन का लक्ष्य दिया, जिसके जवाब में बांग्लादेश पांचवें दिन 324 रन पर ऑलआउट हो गईयी।

बंगलादेश ने दिन की शुरुआत 272/6 के स्कोर से की और भारत को बचे हुए चार विकेट लेने में सिर्फ 50 मिनट लगे। चौथे दिन नाबाद लौटे मेहदी हसन मिराज़ ने मोहम्मद सिराज को चौका लगाकर दिन की शुरुआत की लेकिन दो ओवर बाद सिराज का शिकार हो गए।

मिराज़ का विकेट गिरने के बाद भी कप्तान शाकिब अल-हसन ने आक्रामक खेल जारी रखा, हालांकि पुछल्ले बल्लेबाज विकेट पर समय नहीं बिता सके। शाकिब ने कुलदीप यादव की गेंद पर आउट होने से पहले 108 गेंदें खेलकर छह चौकों और छह छक्कों की बदौलत 84 रन बनाए, जबकि ताइजुल इस्लाम, इबादत हुसैन और खालिद अहमद आपस में सिर्फ 21 गेंदें ही खेल सके।

भारत ने इस जीत की बदौलत दो मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली और उसकी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अब भी बरकरार हैं। सीरीज का दूसरा मैच 22 दिसंबर से ढाका के शेरे बंगला नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।

मांगों को लेकर राहुल गांधी से मिलने किसानों के साथ किरोड़ी लाल मीणा पहुंचे सुरेर गांव

अलवर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत यात्रा के 19 दिसंबर को अलवर में प्रवेश करने से दो दिन पहले ही शनिवार को भारतीय जनता पार्टी सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों के साथ उनकी मांगों को लेकर अलवर के राजगढ़ में प्रदर्शन किया और बाद में राहुल गांधी से मिलने के लिए सुरेर गांव में धरने पर बैठ गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेर गांव में जहां राहुल गांधी के भोजन का इंतजाम किया गया है, उसी स्थान पर डॉ मीणा बड़ी संख्या में युवाओं के साथ धरने पर बैठ गए। इससे पहले मीणा जमीन कुर्की मामले वाले सैकड़ों किसानों को लेकर राजगढ़ पहुंचे। राजगढ़ में मीणा के नेतृत्व में किसानो की कर्ज माफ़ी और बेरोजगारो को रोजगार और शराब ठेको के कोरोना काल के दौरान लगाई गई पैनल्टियों को वसूलने के लिए उनके संपत्तियों को कुर्क करने के आदेश को निरस्त करने की मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया।

बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ हाथों में तख्ती और बैनर लेकर प्रदर्शन कर रही थी तभी उनसे वार्ता करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग राजस्थान के मंत्री टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेसी नेता वहां पहुंचे और उनसे बात की लेकिन बातचीन सफल नहीं हो पाई। इस दौरान भीड़ ने रास्ता जाम कर दिया। बाद में पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। उसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग पैदल कूच करते हुए दौसा की तरफ रवाना हो गए। शाम तक वह सुरेर गांव पहुंचे जहां से राहुल गांधी की यात्रा अलवर जिले में प्रवेश करेगी।

डा मीणा ने बताया कि उनको राहुल गांधी को एक ज्ञापन देना है। जिसमें वर्ष 2018 में चुनावों के दौरान कांग्रेस ने जो वादे किए उन्हें पूरे करने की मांग की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ है, प्रदेश में कानून व्यवस्था बिल्कुल लचर है। भ्रष्टाचार पनपा हुआ है। बेरोजगारों को नौकरियां नहीं मिल रही। उन्होंने बताया कि उनके साथ किसान आए हैं जिनकी जमीनें कुर्क हुई हैं, नोटिस दिए गए हैं।

मीणा ने किसानों के साथ सरेर गांव में धरना देने के बाद पुलिस एवं प्रशासन ने उनसे बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयत्न किया लेकिन कोई बात नहीं बन सकी और डा मीणा और किसान धरने पर बैठे हैं। उल्लेखनीय है कि भारत जोड़ो यात्रा 19 दिसंबर को सुरेर गांव से अलवर जिले में प्रवेश करेगी।

क्रोएशिया ने फीफा विश्व कप में हासिल किया तीसरा स्थान

0

अल रैयान। क्रोएशिया ने मिस्लाव ओर्सिच के निर्णायक गोल से शनिवार को फीफा विश्व कप 2022 के कांस्य पदक मैच में मोरक्को को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।

खलीफा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में जोस्को ग्वार्डिओल ने सातवें मिनट में गोल करके क्रोएशिया का खाता खोला, लेकिन मोरक्को ने नौवें मिनट में अशरफ दारी के गोल से मैच में वापसी कर ली। ओर्सिच ने 42वें मिनट में गोल जमाया जो क्रोएशिया की जीत में निर्णायक साबित हुआ।

विश्व कप 2018 की उपविजेता क्रोएशिया ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट के इस संस्करण में तीसरा स्थान हासिल कर लिया, जबकि मोरक्को चौथे स्थान पर रहा। विश्व विजेता का फैसला रविवार को अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच होने वाले खिताबी मैच से किया जाए।

सबगुरु राशिफल : 18 दिसम्बर रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। पौष मास , कृष्ण पक्ष, दशमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 03.32 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कामकाज में सफलता मिलेगी। आज आपको प्रतियोगिता में आशाजनक परिणाम प्राप्त होंगे। बेवजह किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकते है। नवीन लोगों के साथ मित्रता होगी। नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा रहेगा। आज आपको भूमि, रिअल-एस्टेट या सांस्कृतिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित करने की जरूरत है। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेंगी। पिछले दिनों से चल रही लेन-देन की कोई बडी डील तय हो जाने की खुशी होगी। आज अगर आप किसी की गोपनीय बातें जान गए हो तो वे बातें किसी को भी न बताएं।

वृषभ :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुंचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

मिथुन :- आज का दिन आपके लिए लाभदायी रहेगा। खानपान का ध्यान रखें। समस्याओं का निराकरण होगा। व्यापार में प्रगति होगी। राजकाज से लाभ होगा। कार्य में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार को लेकर चल रही बातचीत एक नाजुक दौर में है, धैर्य रखें, और बहुत सोच-समझकर ही कदम आगे बढ़ाएं। जो चीज आपके लिए शौक भर थी, वह भी धनोपार्जन का मार्ग बन सकती है, लेकिन वहीं धन आने का कोई पुराना और भरोसेमंद जरिया धीरे-धीरे अपना ठिकाना बदल लेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है।

कर्क :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करना पड सकता है। मित्रों व अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। रोजी व रोजगार में किया गया निवेश लाभप्रद रहेगा। कुछ लोगों के जीवन में नये अवसर आयेंगे जिन्हे नजरअंदाज न करें अन्यथा बाद में आत्मग्लानि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। आज दूसरों की बातों को इधर से उधर करने से बचें। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। परिजनों का सहयोग करना पडेगा। मन चलायमान रहेगा।

सिंह :- आज नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। सम्बन्धों के प्रति त्याग से ही मधुरता आयेगी। परिवार में माहौद सुखद रहेगा। मन परेशान रहेगा, परन्तु कोई गलत निर्णय नहीं हो पायेगा। किसी अच्छे व्यक्ति की सलाह प्राप्त होगी। समस्या का निराकरण होगा। घर परिवार में वैचारिक मतभेद कम होने से जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। पहले की अपेक्षा आर्थिक स्थिति में मजबूती आयेगी। महिलायें सन्तान के प्रति अति संवेदनशीलता न रखें।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाये रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जायेगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा।

तुला :- आज परिवार में किसी से चल रहा मन-मुटाव खत्म हो जाएगा। संतान पक्ष की सफलता आज आपकी खुशियों को दोगुना कर देगी। किसी कीमती वस्तु की खरीददारी हो सकती है। घरेलू समस्याओं का निराकरण होगा। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहेगा। आज आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। आज आपको मन में आए नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं। आज का दिन बढ़िया रहेगा। मान-सम्मान और पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। किसी नये कार्य की शुरूआत हो सकती है।

वृश्चिक :- आज आप अपने नए काम में किसी करीबी जानकार की मदद ले सकते हैं, आपको फायदा जरूर होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा होगा। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। राजकाज में सफलता मिलेगी। मुकदमे में विजय के प्रबल योग हैं। काफी दिनों से चली आ रही किसी समस्या का समाधान होगा। आप जिस काम को काफी दिनों से टाल रहे हैं, उस अधूरे काम को आज पूरा करने के लिये भी दिन ठीक है। उगाही के लिए अच्छा दिन है। मित्रों और परिवारजनों के साथ आनंद प्राप्त होगा। शारीरिक और मानसिक लाभ के लिए ध्यान व योग फायदेमंद साबित होंगे।

धनु :- आज आप कम समय में काम को पूरा करने की कोशिश में कामयाब होंगे। आज बड़ा लाभ होगा। दुष्ट जन हानि पहुंचा सकते हैं। दिन की शुरुआत में थोडा समय धर्म में दें। आज किसी असहाय की मदद जरूर करें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें, अन्यथा उलझ सकते हैं। जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पडेगा। कठिन परिश्रम से लाभ होगा। स्वास्थ्य में हीनता रहेगी। स्वजनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पायेगा। नौकरी में संभलकर रहें। साथियों का सहयोग कम मिलेगा। ननिहाल पक्ष की तरफ से चिंताजनक समाचार आएगा।

मकर :- आज आपकी आकर्षक छवि मनचाहा परिणाम देगी। परिजनों के साथ होने वाली गलतफहमी से बचें। व्यर्थ में धन खर्च होगा। दिन सामान्य रहेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। राजपक्ष से संतुष्टि होगी। मानसिक उचाट और दुविधा के कारण महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे। रोमानी नजरिए से वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा दिन है। आत्मसम्मान में वृद्धि होगी। संतान से शुभ समाचार मिलेंगे। परिवारिक कार्य में भागदौड़ रहेगी। जरुरत से ज्यादा जज्बाती होना आपका दिन बिगाड़ सकता है।

कुंभ :- आज आपको काफी आरक्षित और सावधान रहने की जरूरत है। क्योकि कुछ लोग आपके रास्ते में बाधा बनने की कोशिश कर सकते हैं। रूके हुए कार्य में प्रगति होगी। व्यापार से लाभ होगा। नये मित्र बनेंगे। प्रसन्नता का समाचार मिलने का योग है। वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त होगा। आज आपको अपनी विशेषता के लिए खूब तारीफ मिलेगी। आपकी ऊँची बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। व्यक्तिगत संबंध संवेदनशील और नाजुक रहेंगे। ऐसे लोगों से साथ जुड़ें जो स्थापित हैं और भविष्य के रुझानों को समझने में आपकी मदद कर सकते हैं। मानसिक तनाव का शिकार हो सकते हैं।

मीन :- आज प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। दिनचर्या अच्छी रहेगी। धन का लाभ होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा हो सकता है। प्रियजन से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आज आपके कामकाज में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती है। घर में किसी को स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कते हो सकती है। घर में उल्लास का माहौल आपके तनावों को कम कर देगा। जीवनसाथी का बिगड़ता स्वास्थ्य आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

राहुल गांधी ने सेना को पहुंचाई ठेस : गजेन्द्र सिंह शेखावत

भीलवाड़ा। केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने सेना को ठेस पहुंचाई हैं।

शेखावत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी के परदादा के जमाने में चीन भारत की हजारों किलोमीटर जमीन हड़प गया और उन्होंने जाकर दूतावास में समझौता किया था और राजीव गांधी फाउण्डेशन ने उनसे एक करोड़ 35 लाख रुपए लिएये थे। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस बताये उन पैसों का उन्होंने क्या किया फिर सवाल करें।

सिंह ने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार है। इसमें एक इंच जमीन पर भी न चीन घुस सकता है और न कोई और। उन्होंने कहा कि हमने सर्जिकल स्ट्राइक से संदेश दिया कि हम भारत के अन्दर और बाहर भी देश विरोधी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अभी भारत की सेना ने चीन बॉर्डर पर जिस तरह पराक्रम दिखाया, उससे पहले डोकलाम पर दिखाया तब भी सेना का अपमान किया और अभी भी अपमान किया।

सर्जिकल स्ट्राइक के समय में अपमान किया था। सिंह ने कहा कि इनकी आदत है सेना के सम्मान को ठेस पहुंचाना। उन्होंने बिलावल भुट्टो के बयान को लेकर कहा कि मदमस्त हाथी चलता है तो पीछे कुछ लोग भौंकते रहते है।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को जयपुर में प्रेस कांफ्रेंस में केन्द्र की मोदी सरकार पर चीन सीमा मामले में अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और सरकार सो रही हैं।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को जयपुर में प्रेस कांफ्रेंस में केन्द्र की मोदी सरकार पर चीन सीमा मामले में अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और सरकार सो रही हैं।

राहुल गांधी हमेशा की है सेना की हौसलाफजाई

त्वांग में सेना को लेकर दिए गए बयान के चलते सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के निशाने पर आए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का बचाव करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि गांधी एक सच्चे राष्ट्रभक्त है और उन्होने सेना की हमेशा हौसलाफजाई की है।

पूर्व मंत्री और अवध क्षेत्र के प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे ने शनिवार को यहां कहा कि राहुल गांधी एक सच्चे राष्ट्रभक्त राज नेता है, उनका कहना है कि आज की तारीख में चीन की हिम्मत ही नही होनी चाहिए थी कि वह भारत की ओर टेढ़ी आंखों से देख सके। उन्होंने हमेशा सेना की हौसला अफजाई की है और उन्हें क्या हर देश वासी को भारतीय सेना पर गर्व है लेकिन मौजूदा सरकार नही चाहती है कि सरकार की किसी नीति पर कोई अंगुली उठाये।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में पाकिस्तान को भारत ने मुंह तोड़ जवाब देते हुए पूर्वी पाकिस्तान को एक अलग देश बांग्लादेश में तब्दील कर दिया लेकिन मौजूदा सरकार केवल जुमलेबाजी के अलावा कुछ ठोस नही करती है। आज राहुल गांधी पर जिस तरह से जवाबी हमले किए जा रहे हैं यह केवल मौजूदा सरकार अपनी कमजोरी को छिपाने के लिए कर रही है। भारतीय सेना पर हर भारतवासी को गर्व है और उसकी क्षमता पर किसी को कोई संदेह नही है।

सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो की याचिका खारिज की

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने 2002 के गुजरात सांप्रदायिक दंगों के दौरान सामूहिक दुष्कर्म-हत्या के लिए दोषी ठहराए गए 11 लोगों की आजीवन कारावास की सजा पर राज्य सरकार को फैसला करने का निर्देश देने के शीर्ष अदालत के फैसले पर समीक्षा करने की बिलकिस बानो की याचिका खारिज कर दी है।

दंगों में अपने परिवार के कई लोगों की जान गंवाने वाली दुष्कर्म पीड़िता बिलकिस बानो ने शीर्ष अदालत के इस साल 13 मई के फैसले को चुनौती दी थी। न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी की अध्यक्षता वाली पीठ ने 13 दिसंबर को बिलकिस बानो की समीक्षा याचिका को खारिज की। इस संबंध में उच्चतम न्यायालय ने बिलकिस बानो की वकील शोभा गुप्ता को एक आधिकारिक संदेश भेजकर जानकारी दी है।

न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी ने इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। अपनी समीक्षा याचिका में बिलकिस बानो ने शीर्ष अदालत से अपने उस आदेश को पलटने की मांग की थी, जिसमें उसने दोषियों की सजा में छूट की याचिका पर गुजरात सरकार से विचार करने को कहा था।

याचिकाकर्ता बिलकिस ने अपनी समीक्षा याचिका में कहा था कि अपराध की शिकार होने के बावजूद उसे दोषियों की सजा में छूट या समय से पहले उनकी रिहाई की ऐसी किसी प्रक्रिया के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। साथ ही याचिका में यह भी कहा गया था कि दोषियों की सजा में छूट का आदेश पूरी तरह से कानून की अनदेखी करता है। यह भी कहा गया है कि इस जघन्य मामले में सजा में छूट पूरी तरह से सार्वजनिक हित के खिलाफ होगी और सामूहिक सार्वजनिक अंतरात्मा को झकझोर देगी।

इसके अलावा अदालत का यह फैसला पूरी तरह से पीड़िता (जिसके परिवार ने सार्वजनिक रूप से उसकी सुरक्षा के लिए चिंताजनक बयान दिए हैं) के हितों के खिलाफ है। गुजरात सरकार ने 11 दोषियों को 15 अगस्त 2022 को रिहा कर दिया था, जिन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। मामले में सभी 11 आजीवन कारावास के दोषियों को 2008 में उनकी सजा के समय गुजरात में प्रचलित सजा में छूट की नीति के अनुसार रिहा कर दिया गया था।

मार्च 2002 में गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। वडोदरा में जब दंगाइयों ने उनके परिवार पर हमला किया तब वह पांच महीने की गर्भवती थीं।