Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 447 -
होम ब्लॉग पेज 447

अजमेर में सम्मेद शिखर मामले में सकल जैन समाज ने कलेक्ट्रेट घेरा

0

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में झारखंड राज्य के मधुबन स्थित जैन समाज के आस्था के केंद्र सिद्धभूमि सम्मेद शिखर मामले में आज सकल जैन समाज ने विशाल रैली का आयोजन किया।

अजमेर के दिगंबर एवं श्वेताम्बर जैन समाज की ओर से संयुक्त रूप से राष्ट्रीय स्तरीय सम्मेद शिखर तीर्थ बचाओ आंदोलन के तहत यहां भी विरोध प्रदर्शन किया गया। जैन समाज के सैंकड़ों लोग जिनमें पुरुष-महिला, बुजुर्ग एवं युवा सभी शामिल रहे ने स्थानीय छोटा धड़ा जैन मंदिर से विशाल रैली का आयोजन किया। समाज के लोग जैन ध्वज की पताका लिए तथा हाथों में पट्टिका लिए चल रहे थे।

रैली नसियां जी से प्रारंभ होकर मुख्य बाजारों आगरा गेट, नया बाजार, चूड़ी बाजार, पृथ्वीराज मार्ग, कचहरी रोड होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची जहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन के साथ जिला कलेक्टर अंशदीप को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय पर्यटन मंत्री तथा झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन देकर सम्मेद शिखर जी को पर्यटन स्थल एवं वन्य अभ्यारण्य घोषित किए जाने की अधिसूचना को अनुचित बताते हुए निरस्त करने की मांग की गई। साथ ही जैन समाज की आस्था के इस केंद्र सिद्धभूमि को ‘राष्ट्रीय जैन तीर्थ क्षेत्र’ घोषित करने की भी मांग की गई।

ज्ञापन में बताया कि इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल बनाने से अवांछित गतिविधियों की संभावनाएं बढ़ जाएगी जिससे देश विदेशों में बैठे जैन समुदाय की आस्था को गहरा आघात लगेगा। उल्लेखनीय है कि सरकार ने सम्मेद शिखर जी को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने की अधिसूचना जारी की है जिससे पूरे देश भर का जैन समाज आक्रोशित है। इसी क्रम में 18 तारीख को लाल किले पर राष्ट्रीय स्तर की महारैली 21 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान तथा एक जनवरी से प्रधानमंत्री के नाम पोस्ट कार्ड लिखे जाने का महाअभियान शुरू होगा।

फायरिंग के मामले में गिरफ्तार लेडी डॉन रेखा को पुलिस लाई करौली

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर संभाग के करौली में पिछले दिनों अंजनि माता मंदिर के पास एक छात्र पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आई लेडी डॉन रेखा को पुलिस आज करौली लेकर आई।

करौली पुलिस इस मामले में तीन युवक एवं एक युवती को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है लेकिन लेडी डॉन रेखा फरार होकर जयपुर में रह रही थी जिसे करौली पुलिस की सूचना पर जयपुर की रामनगरिया पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी रेखा के खिलाफ करौली, कुड़गांव सहित जयपुर में 3 मुकदमे दर्ज हैं। लेडी डॉन रेखा मीना कुडगांव थाना क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर के घर पर फायरिंग और उसके बाद धमकी भरा वीडियो वायरल करने के कारण चर्चा में आई थी। उस पर लोगों को सोशल मीडिया पर गाली-गलौंच भरे धमकी के वीडियो भेजने के भी आरोप है।

जयपुर : स्कॉर्पियो धधकी, आग बुझाने पर भीतर मिली युवक की जली लाश

0

जयपुर। प्रदेश की राजधानी में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक खड़ी कार में युवक का जला शव मिलने से सनसनी फैल गई। कार में लगी आग पर फायर बिग्रेड ने काबू पाया तो उसके भीतर युवक का जला हुआ शव मिला। मृतक की शिनाख्त ना होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

जयसिंहपुरा खोर थाना एसएचओ सत्यपाल यादव ने बताया कि जयपुर-दिल्ली हाईवे पर मानबाग के पास एक मोटर गैराज है। मोटर गैराज के बाहर पिछले काफी समय से रोड किनारे एक स्कॉर्पियो खड़ी है। सुबह करीब 7:30 बजे इस कार में आग लग गई। कार में लगी भीषण आग की सूचना पाकर फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। दमकल ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझाने के बाद दमकलकर्मियों को कार की पिछली सीट पर एक युवक का जला हुआ शव पड़ा दिखा। कार में लगी आग के कारण शव बुरी तरह से जल चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिटी एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस प्रथम दृष्टया मान रही है कि खड़ी कार की पिछली सीट पर कोई युवक बैठा होगा। सर्दी से बचने के लिए उसने कोई चीज जलाई, जिससे कार में आग लग गई। कार में आग लगने से वह जिंदा लग गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने हत्या की बात से भी इंकार नहीं किया है।

रोमांचित कर देता है विजय दिवस का स्मरण : कर्नल गोविन्द स्वर्णकार

0

अजमेर। हर साल 16 दिसम्बर 1971 के दिन को हम विजय दिवस के रूप में मनाते हैं। वास्तव में इसकी कहानियां और संस्मरण हर देशवासी को रोमांचित और गौरवान्वित करने वाले हैं। इसी दिन भारतीय सेना के अभूतपूर्व शौर्य के सामने 93000 सशस्त्र सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। यह बात पूर्व सैनिक परिषद् चित्तौड़ प्रान्त के अध्यक्ष कर्नल गोविन्द स्वर्णकार ने पुष्कर रोड स्थित आदर्श विद्या निकेतन विद्यालय में विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि यह जीत भारत के लिए न केवल एक ऐतिहासिक जीत है बल्कि इसकी कहानियां भारत की वर्तमान और भावी पीढ़ी को विजय का विश्वास लेकर विश्व पटल पर सिर उठाकर भारत मां की जय जयकार करने की प्रेरणा देने वाली है।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद् अजमेर के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी मिश्रा कहा की विजय दिवस दुनिया के सामने इस बात का प्रमाण है कि भारत दुनिया का इतिहास और भूगोल बदलने का सामर्थ्य रखता है साथ ही उन्होंने इस युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों को भी स्मरण किया।

धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेन्द्र उबाना ने कहा कि हमारे पूर्व सैनिकों ने हमें जीता हुआ भारत तैयार करके सौपा है। अमृत काल की ओर बढ़ते भारत को ओर अधिक शक्ति संपन्न करके विकसित राष्ट्रों की सूची में खड़ा करने में प्रत्येक भारतीय को अपनी भूमिका सैनिक भाव से सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में 1971 युद्ध में भाग लेने वाले भगवान सिंह, कृष्णमुरारी मिश्रा, राधेश्याम पारीख, राधेश्याम वर्मा सहित भारतीय सेना के 15 पूर्व सैनिक का सम्मान विद्या भारती संस्थान अजमेर के मंत्री जयसिंह राठौर एवं स्थानीय विद्यालय के सचिव योगेश गौड़ ने तिलक लगाकर एवं उपरना ओढाकर किया। कार्यक्रम में कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों सहित विद्यालय के समस्त आचार्य सम्मिलित हुए। संचालन आचार्य पुखराज शर्मा ने किया।

भारत ने परमाणु सक्षम अग्नि-5 मिसाइल का परीक्षण किया

नई दिल्ली। चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर बढ़ते तनाव के बीच भारत ने 5,500 से अधिक किलोमीटर की नोटिफाइड आपरेशनल रेंज वाली अग्नि-5 अंतरमहाद्वीपीय परमाणु सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया।

मिसाइल का परीक्षण गुरुवार को ओडिशा के तट से दूर अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। राजधानी कटक के साथ-साथ कुछ अन्य उत्तर पूर्वी राज्यों में कई लोगों ने सोशल मीडिया पर मिसाइल के आसमान में उड़ने के वीडियो पोस्ट किए। अग्नि 5 मिसाइल हल्के वारहेड के साथ लगभग पूरे चीन अपनी मारक सीमा में ले लेती है और यह लगभग 8000 किलोमीटर तक की यात्रा कर सकती है।

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने इसे ‘ऐतिहासिक मील का पत्थर बताते हुए ट्विटर पर लिखा कि मिसाइल रक्षा क्षेत्र में बहुत बड़ी उपलब्धि है और राष्ट्रीय सुरक्षा को काफी हद तक मजबूत करेगी क्योंकि यह 5400 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर सकती है।

उच्च स्तर की विश्वसनीयता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए अग्नि-5 मिसाइल ‘कॉम्पैक्ट एवियोनिक्स ’से लैस है। इसमें उड़ान के दौरान होने वाली गड़बड़ी के लिए खुद को गाइड करने की क्षमता है। इससे पहले इस साल जून में, भारत ने 4,000 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली इंटरमीडिएट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-4 का सफल परीक्षण किया था।

जोधपुर गैस सिलेंडर विस्फोट हादसा : मृतकों की संख्या 28 पहुंची

0

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में शेरगढ़ क्षेत्र के भूंगरा गांव में विवाह समारोह में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट हादसे में दो लोगों के और दम तोड़ देने से इसमें मरने वालों की संख्या 28 पहुंच गई वहीं पीड़ितों के परिजनों एवं समाज के लोगों ने मुआवजा आदि की मांगों को लेकर अस्पताल परिसर में गुरुवार से धरना शुरू कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में झुलसे एक महिला सहित दो लोगों की महात्मा गांधी अस्पताल में और मृत्यु हो जाने पर इस हादसे में अब तक 28 लोगों की जान जा चुकी है और अस्पताल में अभी करीब दो दर्जन लोग भर्ती है।

हादसे में मृतकों एवं घायलों के परिवार वाले एवं समाज के लोग अस्पताल परिसर में दोपहर से धरना शुरू कर दिया है। इन लोगों की मांग है कि मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और आश्रित को सरकारी नौकरी तथा घायलों को 25 लाख रुपए की सहायता दी जाए।

धरने में शेरगढ़ विधायक मीना कंवर, विधायक पुखराज गर्ग सहित कई लोगों ने भाग लिया। मीना कंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर पीड़ितों के लिए विशेष पैकेज देने की मांग की है। इसी तरह राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हादसे से प्रभावित परिवारों को विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की है।

धरने में शामिल ओम बन्ना टाइगर फोर्स के माधु सिंह ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। मारवाड़ के 36 कौम के लोग यहां धरने में पहुंचे हैं। हमारी मांगों को जब तक लिखित में आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक शव नहीं उठाएंगे। बहुत शर्म की बात है कि यह बड़ी और दुखद घटना हुई और लाख डेढ़ लाख के मुआवजे की बातें हो रही हैं। जब तक मांग के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जाएगा, धरना जारी रहेगा, चाहे कितने भी दिन लगे। उल्लेखनीय है कि गत आठ दिसंबर को भूंगरा गांव में शादी समारोह में गैस सिलेंडरों के फटने से करीब 55 लोग झुलस गए थे।

सबगुरु राशिफल : 16 दिसम्बर शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। पौष मास, कृष्ण पक्ष, अष्टमी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 03.02 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलाएगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएं बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बाँटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

नए साल से पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर में स्मार्टफोन पर प्रतिबंध

पुरी। ओडिशा में पुरी स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर के अंदर नए साल से स्मार्टफोन पर प्रतिबंध रहेगा। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति की गुरुवार को यहां हुई बैठक में 12वीं सदी के मंदिर में स्मार्टफोन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता गजपति दिव्यसिंह देब ने की। बैठक में सभी पदाधिकारी एवं सेवादारों ने भाग लिया।

मंदिर के मुख्य प्रशासक वीर विक्रम यादव ने बताया कि प्रबंध समिति ने पिछले सात दिसंबर को हुई छतीशा निजोग बैठक द्वारा पारित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मंदिर में प्रवेश करने से पहले श्रद्धालु, सेवादार, पुलिस और मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी अपना फोन मोबाइल फोन काउंटर में जमा कराएंगे।

इसके अलावा मंदिर निकाय द्वारा स्थापित आदर्श गुरुकुल सोसाइटी ने मंदिर के सेवकों के बच्चों के लिए गुरुकुल शिक्षा परिसर स्थापित करने के लिए बिड़ला एजुकेशन सोसाइटी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। आदर्श गुरुकुल सोसायटी के लिए कस्बे के माटीटोटा क्षेत्र में लगभग 34 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) देबिदत्त बिस्वाल ने प्रबंध समिति को बताया कि श्री जगन्नाथ बाना प्रकल्प को आवंटित चार हजार एकड़ भूमि में से लगभग तीन हजार छह सौ एकड़ जमीन का उपयोग फासी, आसन और धौरा के वृक्षारोपण के लिए किया गया है, जो तीन रथ के निर्माण के लिए आवश्यक है।

मुख्य प्रशासक वीर विक्रम यादव ने कहा कि एसजेटीए ने राज्य के वन विभाग को लगभग 1600 एकड़ मंदिर भूमि में वनीकरण कार्य करने के लिए कहा था। जगन्नाथ बल्लव, भगवान के आनंद उद्यान और गुंडिचा मंदिर की विकास योजना को प्रबंध समिति के समक्ष रखा गया। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू करने का निर्णय लिया गया। यादव ने कहा कि गुंडिचा मंदिर की मरम्मत अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी।

डूंगरपुर : अजमेर डिस्कॉम का सहायक वाणिज्यिक अधिकारी, दलाल रिश्वत लेते अरेस्ट

डूंगरपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने राजस्थान में डूंगरपुर जिले के आसपुर में अजमेर डिस्कॉम के सहायक वाणिज्यिक अधिकारी हंसराज जाट एवं दलाल को आज एक लाख 10 हजार रूपए की रिश्सत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरेम्ब जोशी ने बताया कि परिवादी रोहित पंचाल द्वारा प्रस्तुत शिकायत में कहा कि उसके पिता गणेशलाल के नाम से डिस्कॉम में लघु उद्योग पावर एसआईपी के लिए डिमांड जारी करने की एवज में डिस्कॉम कार्यालय में सहायक वाणिज्यिक अधिकारी हंसराज जाट एवं उसका दलाल बबलू गुर्जर द्वारा एक लाख 30 हजार रूपए की मांग की जा रही है।

ब्यूरो टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया गया जिसमें हंसराज जाट ने कहा कि यह राशि उसके दलाल बबलू गुर्जर को दे दी जाए। इस पर आज ब्यूरो टीम ने ट्रैप का आयोजन किया गया। इसके तहत बबलू गुर्जर को एक लाख 10 हजार रूपए दिए। इसके बाद ब्यूरो टीम ने बबलू गुर्जर एवं डिस्कॉम कार्यालय से हंसराज जाट को गिरफ्तार कर लिया।

रामलला की सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर 4 महिला सिपाही निलंबित

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामजन्मभूमि परिसर में रामलला विराजमान की सुरक्षा में कोताही बरतने के आरोप में चार महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि राम जन्मभूमि पर रामलला विराजमान की सुरक्षा में तैनात चार महिला कांस्टेबलों को ड्यूटी के दौरान मस्ती करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसको गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज ने चारों महिला सिपाहियों को आज निलंबित कर दिया।

उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद कांस्टेबल कविता पटेल, कामिनी कुशवाहा, कशिश सहनी और संध्या सिंह को पहले पुलिस लाइन पर भेजा गया और मामले की जांच के आदेश दिए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि बुधवार को महिला कांस्टेबलों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें उनमें से एक बॉलीवुड संगीत की धुन पर डांस कर रही थी जबकि अन्य तीन उसकी जय-जयकार कर रहे थे।