Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 449 -
होम ब्लॉग पेज 449

बुलन्दशहर : प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या करने वाली महिला अरेस्ट

बुलन्दशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के चोला क्षेत्र में प्रेमी संग मिल कर पति की हत्या करने वाली महिला को पुलिस ने बुधवार को प्रेमी समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बुधवार को बताया कि धमेड़ा नारा गांव निवासी सुनीता ने 27 नवंबर को अपने पति पवन कुमार की दुर्घटना में मृत्यु होने की सूचना देते हुए थाना खुर्जा देहात पर अज्ञात में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था।

उन्होने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि चोला क्षेत्र निवासी इन्द्रपाल से सुनीता के अवैध संबंध थे जिसकी जानकारी पवन को हो गई थी। इस कारण इंद्रपाल ने सुनीता के साथ मिल कर लोहे के पाईप से ताबड़तोड़ हमला कर पवन की हत्या कर दी थी तथा शव को सड़क दुर्घटना दिखाने के उद्देश्य से थाना खुर्जा देहात क्षेत्र मे रोड़ पर डाल दिया था। पुलिस ने इस मामले में इन्द्रपाल और सुनीता को बुधवार को आला कत्ल पाइप सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रेलवे के कैरिज कारखाने को उर्जा संरक्षण में प्रथम पुरस्कार से नवाजा

0

अजमेर। राजस्थान में उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर स्थित रेलवे के कैरिज कारखाने को आज उर्जा संरक्षण में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया।

भारत सरकार द्वारा आज उर्जा संरक्षण दिवस के मौके पर राष्ट्रीय उर्जा संरक्षण पुरस्कार 2022 के लिए अजमेर के कैरिज कारखाने को बड़ी औद्योगिक इकाई सरकारी भवन श्रेणी में उर्जा संरक्षण के लिए प्रथम पुरस्कार दिया गया। पुष्ट जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विजय शर्मा तथा प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अमिताभ को प्रदान किया।

अजमेर कारखाने के कैरिज एवं लोको प्रशासनिक भवन पर 192.23 ॉच क्षमता के सोलर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं। सत्र 2021-22 में अजमेर कैरिज एवं लोको कारखाने के प्रशासनिक भवन में ऊर्जा खपत के लिए सौ प्रतिशत नवीनीकृत स्रोत सोलर उर्जा का प्रयोग करते हुए 3411 यूनिट उर्जा की बचत के लिए उक्त पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

इसके अलावा ऊर्जा संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए भी उत्तर पश्चिम रेलवे को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पांच पुरस्कार भी मिले हैं। नागौर को रेलवे स्टेशन श्रेणी में प्रथम, दौसा को भी रेलवे स्टेशन श्रेणी में द्वितीय तथा सरकारी बिल्डिंग श्रेणी में क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया है।

माउंट आबू मॉनिटरिंग कमिटी के तीन ऐसे निर्णय जिसे जानकर खिल जाएंगे चेहरे

0
माउंट आबू मोनिटरिंग कमिटी के सचिव एवं जिला कलेक्टर सिरोही डॉ भँवरलाल।

सिरोही। लंबे अर्से से इंतजार के बाद नवगठित की गई माउंट आबू मोनिटरिंग कमिटी की बैठक में तीन ऐसे निर्णय हुए हैं जिसे जानकर पिछले तीन दशकों से जर्जर भवनों के उद्धार का इंतजार कर रहे माउंट आबू के लोगों की बांछे खिल जाएंगी। बैठक की अध्यक्षता सुधीर जैन ने की थी।

समिति के सचिव एवं जिला कलेक्टर डॉ भँवरलाल ने सबगुरु न्यूज को बताया कि बैठक में परसों महिला और जर्जर भवन का छज्जा गिरने से हुए हादसे को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय किया गया है कि पीडब्ल्यूडी और नगर परिषद के इंजीनियरों की संयुक्त तकनीकी रिपोर्ट से किसी भवन को जर्जर और जनहित में हानिकारक माना जाता है तो उस स्थिति में उंस भवन को पुनर्निर्माण की अनुमति दी जा सकेगी। इसके लिए शर्त यही होगी कि भवन मालिक को उसी प्लिंथ एरिया और ऊंचाई में उस भवन का पुनर्निर्माण करना होगा।

उन्होंने बताया कि बैठक में छोटी मोटी मरम्मत के लिए निर्माण सामग्री आबूरोड से लाने की समस्या थी। इससे निर्माण सामग्री की लागत ज्यादा हो जाने की भी समस्या आम आदमी को रहती है। ये मामला सामने आने पर बैठक में ये निर्णय किया गया कि माउंट आबू में ही तीन वेंडरों को निर्माण सामग्री रखने की अनुमति दी जाएगी। तीन ही वेंडरों के आवेदन आते हैं तो कोई दिक्कत नहीं, लेकिन तीन से ज्यादा आवेदन आने पर लॉटरी के माध्यम से तीन वेंडरों का चयन किया जाएगा। इन वेंडरों से निर्माण सामग्री के टोकनों को नियमित रूप से वेरिफाई किया जाएगा।

समिति के सचिव ने बताया कि बैठक में लोगों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 4 गुना 6 फीट नाप का शौचालय बनाने की अनुमति देने का निर्णय हुआ। इसमें एक शर्त ये रहेगी कि शौचालय की ऊंचाई मकान की ऊंचाई से ज्यादा नहीं होगी। इसके अलावा बैठक में 2009 से पहले के निर्माणों की कम्पाउंडिंग करने का प्रस्ताव भी आया।

नए निर्माण पर ये हुआ निर्णय

कलेक्टर ने बताया कि बैठक में नए निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। इसमें ये निर्णय हुआ कि मोनिटरिंग कमिटी के माध्यम से जोनल मास्टर प्लान संशोधन करने के बाद नए निर्माण की स्वीकृति देने पर सहमति बनी। इसमें एनजीटी के निर्णय में शामिल सम्पत्तियों और नालों को शामिल करके नया जोनल प्लान बनाना है। इस काम को एक महीने में पूरा करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में हर महीने मोनिटरिंग कमिटी की बैठक करने का निर्णय किया गया है।

भारत जोड़ो यात्रा में उमड़ा लोगों का हुजूम, राजस्थान मॉडल का हुआ बखान

सवाईमाधोपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली जा रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज 98वें दिन सुबह राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के भाडोती से शुरु हुई और इसमें जहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा वहीं राज्य में कांग्रेस की गहलोत सरकार की जनकल्याणकारी एवं ऐतिहासिक योजनाओं का बखान किया गया।

भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में दसवां दिन है और सुबह के सत्र में भाडोती से सुबह करीब छह बजे पदयात्रा शुरू होने के बाद इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का हुजूम देखने को मिला। यात्रा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कई मंत्री एवं विधायक, पार्टी पदाधिकारियों के अलावा रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर डा रघुराम राजन राहुल गांधी के साथ चले। इस दौरान डा राजन क़रीब दस किलोमीटर तक राहुल गांधी के साथ चले।

यात्रा के बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड पहुंचने पर पूर्वाह्न 11 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया और कांग्रेस सांसद एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने उसे संबोधित करते हुए बताया कि यात्रा के दौरान डा राजन एवं राहुल गांधी के बीच देश की अर्थव्यवस्था एवं मौजूदा आर्थिक स्थिति को लेकर लंबी और गहरी बातचीत हुई। निजी निवेश कैसे बढ़ाया जाए, निर्यात कैसे बढ़ाया जाए, रुपए की गिरती कीमत तथा क्या वाकई भारत की आर्थिक स्थिति उतनी मज़बूत है जितना वित्त मंत्री संसद में दावा करती हैं, जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से बात हुई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लोग आज महंगाई से त्रस्त हैं और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भी महंगाई के ख़िलाफ़ है। राजस्थान सरकार ने लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए कई योजनाएं शुरू की है। राजस्थान ने एक के बाद एक अच्छे फैसले किए और ऐतिहासिक योजनाएं बनाई जिनमें मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना तो लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी तरह इंदिरा रसोई, उड़ान आदि कई ऐसी योजनाएं बनाई जाे पूरे देश में कही नहीं हैं।

किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका कर्ज़ा तो माफ हुआ ही है, इसके अलावा किसान मित्र ऊर्जा योजना के तहत करीब आठ लाख किसानों का बिजली बिल जीरो आया है। गहलोत ने कोरोना पीड़ित परिवारों को दिए गए पैकेज का भी ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य के छह लाख अनाथ बच्चों को भी ढाई हजार रुपया प्रतिमाह दिया जा रहा है। पांच साल तक संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों को स्थाई करने का प्रावधान भी किया गया है।

इन योजनाओं का ज़िक्र करते हुए अशोक गहलोत ने दावा किया कि अगले साल होने वाले चुनाव में इन कामों के आधार पर ही कांग्रेस फिर से सत्ता में वापस आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का जो मॉडल तैयार किया गया है वैसा देश में कहीं नहीं है। राजस्थान में हमने गत चार सालों में ऐसे काम किए हैं जो अब तक किसी राज्य में नहीं हुए। गुजरात मॉडल की बात होती है लेकिन यदि आप गुजरात जाएं तो आपको पता चलेगा कि वहां कोई मॉडल ही नहीं है, सिर्फ मोदीजी की मार्केटिंग है।

पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का वादा किया था, लेकिन वे अब मुकर रहे हैं। राजस्थान से केंद्र में मंत्री भी इसे लेकर सिर्फ़ बयान दे रहे हैं, कोई कदम नहीं उठा पा रहे हैं। लेकिन हम इस परियोजना को रुकने नहीं देंगे। थोड़ा वक्त लगेगा लेकिन इसे पूरा किया जाएगा।

रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि वे गैर भाजपा दलों के साथ भेदभाव नहीं करते। लेकिन पूर्वी राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट एक मिसाल है कि वह जो कहते हैं उसे नहीं करते। प्रधानमंत्री ने ख़ुद इसे दो बार राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का वादा किया था। राजस्थान से राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने इस मुद्दे को संसद में भी उठाया लेकिन प्रधानमंत्री अब अपने वादे से मुकर रहे हैं।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जब से यात्रा राजस्थान में प्रवेश हुई है, सुबह छह बजे से लेकर जब तक यात्रा समाप्त नहीं हो जाती, हजारों लोग राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं। उन्हें सभी अपनी-अपनी समस्याएं बता रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि हमें दो करोड़ रोजगार देने के नाम पर ठगा गया। किसानों की आय दोगुनी करने के नाम पर ठगा गया। हमें लोकतंत्र को मज़बूत करने के नाम पर ठगा गया। हमने सोचा था कि प्रधानमंत्री काम की बात करेंगे लेकिन उन्होंने सिर्फ़ आठ सालों में मन की बात की है और लोकतंत्र को कमज़ोर किया है।

डोटासरा ने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता आंदोलन के समय महात्मा गांधी की यात्राओं को याद किया जाता है उसी तरह राहुल गांधी की यात्राओं को भी याद किया जाएगा। वह लोगों की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर और उनकी आवाज बन कर निकले हैं। हम सभी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।

दोपहर में राहुल गांधी ने श्रम एवं रोजगार के मुद्दों पर श्रमिकों और कई यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इनमें राजस्थान असंगठित मजदूर यूनियन, अरावली निर्माण संघ,पत्थर घड़ाई मजदूर सुरक्षा संघ, उजाला महिला संगठन, आदिवासी अधिकार मंच, सूचना रोजगार अधिकार अभियान, नेशनल हॉकर्स फेडरेशन, मजदूर किसान शक्ति संगठन, इंडियन फेडरेशन फॉर एप बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स, अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ, अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ तथा कुछ अन्य श्रमिक भी शामिल थे।

बातचीत के दौरान इन संगठनों ने राजस्थान सरकार की जनहित वाली नीतियों की सराहना करते हुए राहुल गांधी के समक्ष कुछ मांगें रखीं। राहुल ने उनकी बातें ध्यान से सुनी और साथ बैठे मुख्यमंत्री से उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने सभी को विश्वास दिलाया कि जिन समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सकता है उन्हें तत्काल प्रभाव से किया जाएगा। बाकी के जो मुद्दे संज्ञान में आए हैं उन्हें दो महीने बाद पेश होने वाले बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

बातचीत के दौरान जब ओला, उबर, स्विगी जैसे ऐप के माध्यम से काम कर रहे श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा उठा तब मुख्यमंत्री ने बताया कि इनके लिए राजस्थान सरकार एक ऐप बना रही है। इसके माध्यम से उनके लिए तमाम तरह की सुविधाएं सुनिश्चित की जायेगी और कंपनियां इन पर अत्याचार न कर पाए इसका भी ख्याल रखा जाएगा।

यात्रा के शाम के सत्र में यात्रियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में आसपास के गांव के लोग खड़े थे। शाम में मुख्य रूप से चिटफंड विक्टिम्स का प्रतिनिधित्व करते हुए ऑल इन्वेस्टर्स सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधि और राजस्थान के अल्पसंख्यकों का एक समूह भी राहुल गांधी के साथ चला।

बिहार के सारण में जहरीली शराब पीने से 20 ज्यादा लोगों की मौत

छपरा। बिहार में सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र में कथित जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर बीस हो गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि डोइला गांव में कथित जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कुणाल कुमार सिंह, रामजी साह, विचेंद्र राय, मनोज कुमार सिंह, गणेश राम, अमित रंजन, मुकेश शर्मा, जयदेव सिंह, रमेश राम, चंद्रमा राम, विक्की महतो, भरत राम, गोविंदा राम, मनोज राम, हरेंद्र राम, अजय गिरि, ललन राम, शैलेंद्र राय, दिनेश ठाकुर और प्रेम चंद्रसाह शामिल हैं। शव‌ों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इस संबंध में और जानकारी मिल सकेगी।

इस बीच जिला प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने तथा एहतियाती तौर पर इसुआपुर, मशरख, मढ़ौरा और अमनौर प्रखंडों के सीमावत्ती क्षेत्रों, विशेष रुप से प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जा कर सर्वेक्षण कर समुचित कार्रवाई करने के लिए सर्वेक्षण दल का गठन जिलाधिकारी सारण एवं पुलिस अधीक्षक सारण के संयुक्तादेश जरिए कर दिया गया है। यह सर्वेक्षण दल प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण कर आसूचना संकलन, अफवाहोें का खंडन के साथ-साथ प्रभावित ग्रामों/घरों के परिवारों का सर्वेक्षण करेंगे।

वहीं, जिले में अवैध शराब के निर्माण, भण्डारण, वितरण और बिक्री की जांच करने, इस कार्य हेतु प्रयुक्त स्थलों को चिन्हित करने, शराब के कारोबारियों की जांच करने और शराब की होम डिलीवरी करने वाले व्यक्तियों की जांच और छापामारी करने के लिये पूर्व में समय समय पर छापामारी दल का गठन किया गया है।

अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर छपरा, मढ़ौरा और सोनुपर को आदेश दिया गया है कि माँझी, मशरख, मकेर एवं रसुलपुर के समीप स्थित अन्तर्राज्यीय, अर्न्तजिला चेक पोस्ट का भी संयुक्त रुप से निरीक्षण कर प्रतिवेदन समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सारण घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति एवं व्यवस्थाओं पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

इटली में लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत

0

रोम। इटली के सिसिली में यूरोफाइटर टाइफून लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पायलट की मौत हो गई। इटेलियन अखबार ला रिपब्लिका ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी।

यह विमान मंगलवार को सिसिली के शहर ट्रैपानी में सैन्य हवाई ठिकाने से पांच मील दूर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ला रिपब्लिका ने शुरू में बताया कि वह दुर्घटना में बच गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, 33 वर्षीय पायलट अज्ञात कारणों से दुर्घटना से नहीं बच पाया। जेट के मलबे के चारों ओर लगी आग से बचाव अभियान भी जटिल हो गया था। इतालवी वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने पायलट के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

यूरोफाइटर टाइफून एक यूरोपीय मल्टीरोल चौथी पीढ़ी का फाइटर है जिसे ब्रिटिश, जर्मन, स्पेनिश और इतालवी कंपनियों के एक संघ की ओर से डिजाइन किया गया है और 2003 में परिचालन सेवा में पेश किया गया।

दिल्ली के द्वारका में 17 वर्षीय किशोरी पर तेजाब फेंका

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द्वारका में मोहन गार्डन थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो लोगों ने किशोरी पर कथित तौर पर तेजाब फेंक दिया। इस घटना में झलसी किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और वास्तविक तथ्य तथा अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मोहन गार्डन थाना क्षेत्र में एक लड़की पर तेजाब फेंकने की घटना के संबंध में पुलिस को सुबह करीब नौ बजे पीसीआर कॉल मिली थी। बताया गया कि एक 17 वर्षीय किशोरी पर सुबह साढ़े सात बजे के करीब मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंका।

इस घटना के समय किशोरी अपनी छोटी बहन के साथ थी। उसने अपने परिचित दो लोगों पर शक जताया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है।

वहीं, तेजाब हमले की घटना पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि देश की राजधानी में दो बदमाशों ने एक लड़की पर दिनदहाड़े तेजाब फेंका और भाग गए। क्या किसी को कानून का डर है? एसिड को प्रतिबंधित क्यों नहीं किया जाता है?

उन्होंने कहा कि द्वारका मोड़ के पास एक लड़की पर तेजाब फेंका गया। हमारी टीम पीड़िता की मदद के लिए अस्पताल पहुंच रही है। हम बेटी को न्याय दिलाएंगे। दिल्ली महिला आयोग देश में तेजाब पर प्रतिबंध लगाने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहा है। सरकारें कब जागेंगी?

ईआरसीपी को लेकर लोगों को किया जा रहा है गुमराह : अशोक गहलोत

सवाईमाधोपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को लेकर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में ईआरसीपी पर बोलने के बाद ये लोग घबरा गये हैं और अब लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करने लगे हैं।

गहलोत आज भारत जोड़ो यात्रा के दोपहर विश्राम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने परसों ईआरसीपी पर बोला हैं और इसके बाद कल शेखावत ने जयपुर में ईआरसीपी को लेकर बोले हैं जो वह पहले से ही यह बात बोलते आ रहे हैं और अब लोगों को केवल भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने ईआरसीपी को बहुत बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि इन लोगों को लग रहा है कि ईआरसीपी वाले तेरह जिलों में इस मुद्दे का प्रभाव पड़ेगा, इसलिए ये लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं कि इन जिलों में उनके खिलाफ मुद्दा नहीं बने।

उन्होंने कहा कि ईआरसीपी बहुत बड़ा मुद्दा है और ये लोग आगामी चुनाव में इन तेरह जिलों में साफ हो जाएंगे। उन्होंने अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि केन्द्र सरकार को ईआरसीपी परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शेखावत जो राजस्थान से केन्द्र में मंत्री हैं और प्रदेश से 25 सांसद होने के बावजूद राष्ट्रीय परियोजना को घोषित नहीं करा सके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो बार ईआरसीपी को लेकर अजमेर एवं जयपुर में बयान दे चुके हैं, इसके बावजूद वह ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने के प्रति कोई रुचि नहीं ले रहे हैं जबकि प्रदेश में तेरह जिलों में पेयजल संकट है। उन्होंने कहा कि इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने साढ़े नौ हजार करोड़ रुपए का प्रावधान कर दिया लेकिन केन्द्र से पत्र आ गया कि काम बंद कर दो लेकिन हम इस काम को जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा कि लोग इस तरह की चर्चा करते है कि वर्ष 2024 के बाद मोदीजी चुनाव कराएंगे या नहीं। अगर ऐसा माहौल भी है तो मुझे विश्वास हैं कि देश की जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। लोकतंत्र के कारण मोदीजी का सम्मान होता है। देश में अभी माहौल तनाव एवं हिंसा का है जो खतरनाक माहौल है, इसलिए जिन मुद्दों को लेकर राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं वह चल पड़ी है।

मुख्यमंत्री ने राजस्थान मॉडल की चर्चा करते हुए कहा कि मोदीजी का कोई मॉडल था नहीं नहीं, मॉडल तो हमारा है, देश ही नहीं पूरी दुनियां में इस तरह का कहीं नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने गत चार साल में जो फैसले किए है वे हिन्दुस्तान में कहीं नहीं हुए, एक के बाद एक अच्छे फैसले किए गए जिनकी देश में चर्चा भी हुई। जिनमें महंगाई के दौर चिरंजीवी योजना तो लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं, इसी तरह इंदिरा रसोई, उड़ान योजना अंग्रेजी स्कूल खोलना आदि शामिल हैं।

उन्होंने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग सत्ता में जरुर हैं लेकिन इनकी प्रगति की कोई सोच नहीं हैं, धर्म के नाम सत्ता में आ गए है जो अलग बात है, लोकतंत्र एवं सिद्धांत से राजनीति करना अलग बात है। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी अपनी यात्रा में कह रहे हैं कि प्रिंसीपल, पॉलिसी एवं प्रोगाम बनाओं और संविधान की रक्षा करो।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों का कर्ज भी माफ किया और एक हजार रुपए किसानों को सहायता दी जा रही है इसलिए आठ लाख किसानों का बिजली का बिल माफ हो गया। इसी तरह पयर्टन के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं और पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है। इससे होटलों एवं पर्यटन से जुड़े लोगों को फायदा पहुंचा है।

संविदाकर्मियों स्थाई करने का फैसला किया गया है। राज्य सरकार 15 हजार बच्चों को फ्री कोचिंग करा रही हैं, इनमें कई बच्चे श्री राहुल गांधी से मिले है। कोरोना काल में मृत्यु होने पर सरकार ने जो पैकेज दिए है वह अन्यत्र कहीं देखने को नहीं मिलता। इस तरह राज्य सरकार कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं।

गहलोत ने कहा कि पिछले साल किसानों का अलग से बजट आया है और इस बार बजट में युवाओं, छात्राओं एवं बच्चों के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार ने कोई कमी नहीं रखी है। उन्होंने केन्द्र सरकार से मांग की कि राज्य सरकार के पांच कार्यक्रम ऐसे हैं जिन्हें पूरे देश में लागू करना चाहिए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री दावा करते हैं कि वह गैर भाजपा दलों की राज्य सरकारों के साथ कोई भेदभाव नहीं करते और उनकी सुनते हैं। यह बात सरासर गलत है। राजस्थान की महत्वपूर्ण योजना ईआरसीपी को केंद्र ने अटका रखा है और इस पर राजस्थान के साथ जानबूझकर भेदभाव किया जा रहा है।

ईआरसीपी का मामला चार साल से लंबित हैं और केन्द्र सरकार ने इसे राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं दिया है, ये दावा तो करते है लेकिन वह गलत साबित हुआ है। उन्होंने कहा अब पीएम का मतलब प्राइम मिनिस्टर नहीं रह गया है। पीएम का मतलब अब पैकेजिंग एंड मार्केटिंग हो गया है। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी पर संसद में कई बार मुद्दा उठा लेकिन केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत इस पर चुप है।

रमेश ने राजस्थान सरकार की चिरंजीवी योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य में 90 प्रतिशत लोग चिरंजीवी योजना से कवर है जो किसी राज्य में नहीं है। कर्नाटक, केरल आदि में मुश्किल 40 प्रतिशत कवर हुआ है। राजस्थान चिरंजीवी योजना सभी परिवारों के लिए अस्पताल में आईपीडी औरओपीडी दोनों के लिए हैं।

कोटा : अज्ञात वाहन की टक्कर से कार पलटी, दो युवकों की मौत

0

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले के कैथून थाना क्षेत्र में एक कार को टक्कर मारे जाने से उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीती रात्रि को कोटा से चार युवक भानु प्रताप सिंह, मुकेश, दीपेंद्र, चक्रवीर एक ढाबे पर खाना खाने के लिए कैथून थाना क्षेत्र में हाइवे गए थे। वापसी में मध्यरात्रि के आसपास लौटते समय ताथेड़ पुलिया के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी जिससे उनकी कार पलट गई।

इस हादसे में दो युवक भानु प्रताप सिंह और मुकेश की एक घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनके साथी दीपेंद्र एवं चक्रवीर को कोटा लाकर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

सूत्रों ने बताया कि मृतक भानु प्रताप सिंह मूल रूप से हिंडोली का रहने वाला था और वह अपनी सास की तबीयत खराब होने पर उनसे मिलने कोटा आया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

भीलवाड़ा में ग्राम विकास अधिकारी, दलाल 24000 रूपए रिश्वत लेते अरेस्ट

भीलवाड़ा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों ने भीलवाड़ा जिले में ग्राम पंचायत ऊंखलिया के ग्राम विकास अधिकारी हरीशंकर को परिवादी से 24 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के सूत्रों के अनुसार परिवादी देवरिया निवासी हनुमान ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसके भाई लक्ष्मण, लवकुश एवं अन्य व्यक्ति कैलाश, घनश्याम एवं वेदराज के 5 पुश्तैनी पट्टे जारी करने रजिस्ट्री करवाने की एवज ग्राम विकास अधिकारी हरिशंकर से मिले तो उसने 13 दिसंबर को इस काम के बदले 24 हजार रुपए की रिश्वत की डिमांड की गई।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद ब्यूरो टीम ने परिवादी को ग्राम विकास अधिकारी हरिशंकर के पास भेजा गया। हरिशंकर, अपने एक साथी रामकुमार के साथ ऊंखलिया रोड़ स्थित रुपाहेली चौराहे पर मिला। जहां परिवादी से 24 हजार रुपए की रिश्वत की राशि ग्राम विकास अधिकारी हरिशंकर ने साथी रामकुवांर को दिलवा दी। रामकुमार ने यह राशि लेकर अपने कमीज की उपर की जेब में रख दी।

उधर, परिवादी का संकेत पाकर पहुंची एसीबी टीम ने हरिशंकर और उसके साथी रामकुमार को दबोच लिया। साथ ही रामकुमार के कुर्ते की जेब से रिश्वत राशि के 24 हजार रुपए बरामद कर लिये। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ताश के पत्तो पर दांव लगाते पांच जुआरी अरेस्ट

भीलवाडा के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ताश पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते पांच जुआरियो को गिरफ्तार कर आठ हजार पचास रूपये के साथ ही जुआ सामग्री भी जब्त की है। थानाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि मुखबीर की सूचना पर पुलिस टीम सरकारी स्कूल के पास पहुंची, जहां स्कूल के पीछे 5 लोग बैठे थे। उनके बीच ताश पत्ते एवं नोट पड़े दिखे। पुलिस ने घेरा डालकर पकडा। पुलिस ने मौके से ताश के पत्ते एवं दांव पर लगे 8 हजार 50 रुपए जब्तकर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

भीलवाडा में स्थापित की जाएगी गांधी की तीन प्रतिमाएं

भीलवाडा शहर के सौन्दर्यकरण के साथ ही नगर विकास न्यास अब तीन स्थानों पर महात्मा गांधी की प्रतिमा भी स्थापित करेगी। नगर विकास न्यास की विशेषाधिकारी रजनी माधीवाल ने बताया कि न्यास परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा की तरह ही तीन और प्रतिमाएं स्थापित करेगी। इनमें एक प्रतिमा जिला कलक्टर कार्यालय परिसर में, दूसरी स्मृति वन में और तीसरी प्रतिमा महात्मा गांधी अस्पताल के पार्क में स्थापित की जाएगी। इनमें फव्वारे भी लगे होंगे। न्यास ने इस योजना को अन्तिम रूप दे दिया और जल्दी ही प्रतिमाएं स्थापित कर दी।