Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 452 -
होम ब्लॉग पेज 452

घरेलू बाजार में नवंबर में यात्री कारों की बिक्री 29 प्रतिशत बढ़ी

0

नई दिल्ली। कारोबार एवं उपभोक्ताओं की सकारात्मक धारणा की बदौलत इस वर्ष नवंबर में घरेलू बाजार में यात्री कारों की बिक्री पिछले वर्ष की समान अवधि के 100906 इकाई के मुकाबले 28.97 प्रतिशत बढ़कर 130142 इकाई पर पहुंच गई।

ऑटोमोबाइल कंपनियों के संगठन सियाम के मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2022 में घरेलू बाजार में 130142 यात्री कारों की बिक्री हुई, जो नवंबर 2021 में बेची गई 100906 कारों से 28.97 प्रतिशत अधिक है। आलोच्य अवधि में यात्री कारों का निर्यात 29914 इकाई से 25.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 37599 इकाई पर पहुंच गई।

इस दौरान यूटिलिटीज वाहनों की बिक्री भी 1,05,091 इकाई के मुकाबले 32.05 प्रतिशत बढ़कर 1,38,780 इकाई पर पहुंच गई। वहीं, वैन की बिक्री 9,629 से घटकर 7,309 इकाई पर आ गई। इस तरह आलोच्य अवधि में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की कुल बिक्री में 28.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 2,15,626 से बढ़कर 2,76,231 इकाई पर पहुंच गई। इस अवधि में यात्री वाहनों का कुल निर्यात 44,265 से बढ़कर 53,959 इकाई हो गया।

सियाम के अनुसार तिपहिया वाहनों की कुल बिक्री में दुगुना इजाफा हुआ और यह 22,551 से बढ़कर 45,664 इकाई पर पहुंच गया। हालांकि इन वाहनों के कुल निर्यात में 27.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 42,431 से घटकर 30,889 इकाई पर आ गया।

इस दौरान दुपहिया वाहनों की कुल बिक्री में 16.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 10,61,493 से बढ़कर 12,36,190 इकाई हो गई। वहीं, इन वाहनों का कुल निर्यात 3,56,659 के मुकाबले 19.5 प्रतिशत कम होकर 2,87,037 इकाई पर आ गया। इस अवधि में स्कूटरों की बिक्री 3,18,986 से बढ़कर 4,12,832, मोटरसाइकिल की 6,99,949 से बढ़कर 7,88,893 जबकि मोपेड की बिक्री 42,558 से घटकर 34,465 इकाई रह गई।

आलोच्य अवधि में स्कूटरों का निर्यात 24,481 से बढ़कर 25,459, मोपेड का 186 से बढ़कर 492 जबकि मोटरसाइकिल का निर्यात 3,31,992 से कम होकर 2,61,086 इकाई रह गया। इस तरह सभी वाहनों की घरेलू बाजार में कुल बिक्री 12,99,716 के मुकाबले 19.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 15,58,145 इकाई पर पहुंच गई। हालांकि सभी वाहनों के कुल निर्यात में 16.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 4,43,649 से घटकर 3,72,017 इकाई रह गया।

सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में नवंबर 2022 के महीने में बेहतर बिक्री में सकारात्मक उपभोक्ता और व्यावसायिक भावना परिलक्षित हुई है। इसी तरह सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि यात्री वाहनों ने वित्त वर्ष 2022-23 में नवंबर तक सबसे अधिक बिक्री दर्ज की जबकि तिपहिया वाहनों की बिक्री अभी भी 2010-11 के स्तर से और दुपहिया वाहनों की बिक्री 2016-17 के स्तर से कम हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि ब्याज की ऊंची दरें और लंबी अवधि के बीमा प्रीमियम में बढ़ोतरी उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

अश्लील कंटेन्ट केस : सुप्रीम कोर्ट ने राज कुंद्रा की अग्रिम जमानत मंजूर की

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा तथा मॉडल शर्लिन चोपड़ा एवं पूनम पांडेय को अश्लील कंटेन्ट बनाने और उसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दिखाने के मामले में अग्रिम जमानत दे दी।

न्यायमूर्ति के एम जोसेफ और न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना की पीठ ने इस आशय का आदेश पारित किया और तीनों को अग्रिम जमानत की मंजूरी दी। पीठ ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी लोगों को अग्रिम जमानत दी जाती है। उन्हें पुलिस और जांच एजेंसी के साथ सहयोग करना चाहिए।

अदालत ने महाराष्ट्र राज्य के वकील की ओर से प्रस्तुत सभी रिकॉर्डों को ध्यान में रखते हुए आरोपी लोगों को अग्रिम ज़मानत की मंजूरी दी। वकील ने शीर्ष अदालत को बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ आरोपपत्र पहले ही दायर की जा चुकी है।

न्यायालय ने सभी आरोपियों को नियमित जमानत के लिए संबंधित मुंबई ट्रायल कोर्ट से संपर्क करने को कहा। महाराष्ट्र पुलिस ने अग्रिम जमानत की दलीलों का विरोध नहीं किया। न्यायालय ने कहा,“ये ऐसे मामले हैं जहां याचिकाकर्ताओं को ट्रायल कोर्ट की ओर से लगाई गई शर्तों के अधीन अग्रिम जमानत की अनुमति दी जानी चाहिए। यदि भविष्य के मामले में उनकी आवश्यकता होती है, तो उन्हें पूरा सहयोग करना चाहिए। ट्रायल कोर्ट को अनिवार्य रूप से इसे एक शर्त के रूप में शामिल करना चाहिए।

न्यायालय ने शुरुआत में सवाल किया कि क्या इस तरह के मामले में जमानत दी जा सकती है। न्यायालय ने पूछा कि इससे समाज को क्या संदेश जाएगा। जब तक आप नियमित जमानत के लिए अदालत नहीं जाते, तब तक हम आपकी रक्षा करेंगे। राज कुंद्रा, पूनम पांडे, शर्लिन चोपड़ा और उमेश कामत ने अपने खिलाफ अश्लीलता की कार्यवाही को खत्म करने का निर्देश देने की मांग की।

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने अश्लील सामग्री बनाने और वित्तीय विचार के लिए इसे ओटीटी प्लेटफार्मों पर प्रसारित करने के लिए आरोपपत्र दायर की है। इन लोगों पर दो उपनगरीय पांच सितारा होटलों में अश्लील वीडियो शूट करने का आरोप लगाया गया है।

कुंद्रा पर ‘हॉटशॉट्स’ नामक ग्राहक-संचालित मोबाइल ऐप का उपयोग करके अश्लील फिल्मों का निर्माण और वितरण करने का आरोप लगाया गया था। कुंद्रा ने हालांकि दावा किया कि कथित सामग्री के निर्माण में उनके सक्रिय रूप से शामिल होने का कोई सबूत नहीं है और उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है।

मधुकर केनी ने 31 अक्टूबर को नोडल साइबर थाने में कुंद्रा, पूनम और शर्लिन तथा कुछ अन्य आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ये आरोपी कथित रूप से अश्लील वीडियो, कामुक, आपत्तिजनक यौन इच्छा संदेश वाली ऑडियो फाइलें और वीडियो इंटरनेट के माध्यम से उसके प्रसारण/प्रदर्शन में शामिल हैं।

पूनम पांडे ने एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड (एओआर) सोयब कुरैशी के माध्यम से शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिसमें दावा किया गया था कि वह आरोपी नहीं, बल्कि एक पीड़िता है। उन्होंने कहा कि 2015 में सरकार की ओर से संदिग्ध सामग्री को पहले ही ब्लॉक कर दिया गया था।

इसके अलावा पूनम ने कहा कि याचिकाकर्ता की वेबसाइटों या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के कामकाज में कोई भूमिका नहीं है। वास्तव में, याचिकाकर्ता ने खुद पीड़ित होने के नाते उन लोगों के खिलाफ उचित कानूनी उपाय किए हैं जो उसे परेशान कर रही हैं।

कांग्रेस की रामगढ़ की विधायक ममता देवी को पांच साल की सजा

रांची। झारखंड में गोला गोलीकांड के आरोपी कांग्रेस की रामगढ़ की विधायक ममता देवी को आज पांच साल की सजा सुनाई गई है। हजारीबाग जिला जज चतुर्थ कुमार पवन की अदालत ने यह सजा सुनाई। विधायक ममता पर 10 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है। इससे पहले अदालत ने 8 दिसम्बर को विधायक ममता देवी को दोषी करार दिया था। इसके बाद उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया था।

उल्लेखनीय है कि विधायक ममता देवी पर 12 दिसम्बर को फैसला होना था, लेकिन कोर्ट के एक वकील की निधन होने के बाद सजा नहीं सुनाया जा सका था और इसलिए आज यह सजा सुनाई गई। एमपी एमएलए की विशेष कोर्ट ने 307, आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में उन्हें दोषी करार दिया था।

इस केस में विधायक ममता देवी, राजीव जायसवाल, मनोज पुज्जर, अभिषेक सोनी, बालेश्वर भगत, कुवंर महतो, जादू महतो, आदिल इनामी, दिलदार हुसैन, बासुदेव प्रसाद, सुभाष महतो, कुलेश्वर महतो को दोषी करार दिया गया था। इन सबको दोषी करार दिए जाने के बाद पहले ही जेपी कारावास भेज दिया गया था। नियमों के अनुसार 2 साल से अधिक सजा होने के कारण विधानसभा की सदस्यता से भी ममता देवी को वंचित होना पड़ेगा।

तवांग में घायल हुए छह जवान गुवाहाटी सैन्य अस्पताल में भर्ती

गुवाहाटी। अरूणाचल प्रदेश के तवांग में 9 दिसंबर को चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के साथ हुई झड़प के दौरान घायल हुए भारतीय सेना के छह जवानों को एयरलिफ्ट कर गुवाहाटी के वशिष्ठ स्थित सेना के 151 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि घायल जवानों को नौ दिसंबर की दोपहर तवांग से एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए गुवाहाटी लाया गया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय और चीनी सैनिक के बीच नौ दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर झड़प हुई थी। प्राप्त रिपोर्ट में इस दौरान दोनों देशों के जवान घायल हुए थे।

पीएलए के सैनिकों ने नौ दिसंबर को तवांग सेक्टर में एलएसी को पार किया। इस दौरान भारतीय सैनिकों ने दृढ़ता और दृढ़ तरीके से उनका मुकाबला किया। इस आमने-सामने की लड़ाई में दोनों पक्षों के कुछ कर्मियों को मामूली चोटें आईं। इसके बाद दोनों पक्ष तुरंत पीछे हट गए।गौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख में झड़प के बाद भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच यह पहली कथित झड़प है।

ओडिशा के संबलपुर में 12 वकील अरेस्ट, 29 का लाइसेंस निलंबित

संबलपुर। ओडिशा के संबलपुर में उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने की मांग को लेकर सोमवार को वकीलों का आंदोलन हिंसक हो गया और इस मामले में पुलिस 12 वकीलों को गिरफ्तार किया है।

अदालत के पास दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू की गई और 17 प्लाटून पुलिस बल के जवानों को तैनात कर दिया गया है। आंदोलन के दौरान जिला न्यायाधीश को उनके अदालत कक्ष से घसीटा गया और आंदोलनकारी वकीलों द्वारा अदालत कक्ष में तोड़फोड़ की गई।

संबलपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बी गंगाधर ने बताया कि गिरफ्तारी सोमवार रात सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई और गिरफ्तार किए गए नौ वकीलों को स्थानीय अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद और टीवी न्यूज के वीडियो क्लिपिंग के आधार पर सोमवार की हिंसा के सिलसिले में और गिरफ्तारियां की जाएंगी। इस बीच जिला प्रशासन ने कचेरी छाक में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है और चेतावनी जारी की है कि यदि किसी ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए 17 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया है और यदि आवश्यक हुआ तो और बल की मांग की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि संबलपुर की अदालत में में सोमवार को जनता, अधिवक्ताओं, सिविल सोसाइटी के सदस्यों और यहां तक कि किन्नरों की पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की के बाद अराजक स्थिति पैदा हो गई।

यहां तक कि जिला न्यायाधीश मानस रंजन बारिकको चैंबर से जबरदस्ती घसीटा गया। न्यायाधीश रंजन के चैंबर में काफी संख्या में जनता और अधिवक्ता प्रवेश कर गए और अदालत कक्ष में तोड़फोड़ की।उधर, उच्चतम न्यायालय ने इस घटना को पूरी गंभीरता से लिया है और ओडिशा के पुलिस महानिदेश (डीजीपी) और उत्तरी क्षेत्र के महानिरीक्षक (आईजी) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बुधवार को व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा है।

शीर्ष अदालत ने पहले चेतावनी दी थी कि यदि वकील विरोध करना जारी रखते हैं और अदालतों के कामकाज को पंगु बना देते हैं, तो आंदोलनकारी वकीलों के लाइसेंस रद्द किए जा सकते हैं।इसके बावजूद वकील ने अपने फैसले पर कायम रहे और सोमवार को उग्र आंदोलन किया। प्रदर्शनकारियों ने भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद न्यायाधीशों को अदालत परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया।

बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने हड़ताली वकीलों द्वारा की गई तोड़फोड़ पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सोमवार को 29 अधिवक्ताओं के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से 18 महीने के लिए निलंबित कर दिया और संबलपुर जिला बार एसोसिएशन के सभी सदस्यों को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया।

हिरासत में युवक की मौत के मामले में 9 पुलिस वाले निलंबित

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात जिले के शिवली क्षेत्र में लूट की वारदात के मामले में हिरासत में लिये गये युवक की मौत के सिलसिले में 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पिछली छह दिसंबर को एक व्यापारी के साथ हुई लूट की वारदात के शक में पुलिस ने लालपुर सरैया निवासी बलवंत सिंह (27) को रनिया से हिरासत में लिया था।

पूछताछ के लिए उसे रनिया थाना में बिठाया हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बलवंत के सीने में दर्द हुआ तो पुलिस सोमवार रात तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां इलाज के दौरान बलवंत की मौत हो गई।

जिला अस्पताल पहुंचे बलवंत के बड़े भाई सचिन ने पुलिस पर बलवंत को पीट-पीटकर मार देने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक के साथ कई थानों की फोर्स पहुंच गई और परिजनों को दोषियों के ऊपर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया है।

जिला अस्पताल के डॉक्टर पवन ने बताया कि पुलिस टीम के द्वारा एक युवक को लाया गया था उसके सीने में बहुत दर्द था उसकी स्थिति ठीक नहीं थी जिसके चलते उसे हैलट रेफर किया गया था लेकिन हैलट आने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। युवक को पुलिस टीम लेकर आई थी उस समय युवक के साथ उसके घर का कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।

पुलिस अधीक्षक सुनीति ने बताया कि छह दिसंबर को एक लूट की घटना के खुलासे के लिए एसओजी टीम व पुलिस टीम काम कर रही थी जिसको लेकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ चल रही थी। पूछताछ के लिए बलवंत को बुलाया गया था और वह खुद ही थाने आया था इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई जिसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि परिजनों के द्वारा जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं उन आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल प्रभाव से एसओजी प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।

रसद विभाग ने अजमेर जिले में एलपीजी गैस से भरा टैंकर किया जब्त

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिला रसद विभाग एवं जिला पुलिस की विशेष टीम ने मांगलियावास हाईवे पर एक एलपीजी गैस से भरा टैंकर जब्त किया है।

अजमेर के जिला रसद अधिकारी विनय कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात टीम ने इस टैंकर को जब्त किया। शर्मा ने बताया कि मांगलियावास हाईवे की होटलों पर सिलेंडरों की अवैध रूप से आपूर्ति की जानकारी मिलने पर पुलिस के सहयोग से मांगलियावास हाईवे होटल संयोग के निकट छापामार कार्यवाही की गई जहां से 20000 लीटर एलपीजी गैस से भरा टैंकर तथा 74 सिलेंडर भी जब्त किए गए।

उन्होंने बताया कि मांगलियावास निवासी नरेंद्र जैन व उसका पुत्र अनुज जैन की लिप्तता इसमें सामने आई है जबकि एक ऑटो चालक सहित दो अन्यों से पूछताछ की जा रही है जबकि टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। उसने टैंकर को भी भगा ले जाने का प्रयास किया जिसमें वह सफल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से रिफीलिंग के इस गोरख धंधे का भंडाफोड़ होने से किसी बड़े हादसे को भी निर्मूल कर दिया गया।

कांग्रेस नेता राजा पटेरिया की जमानत याचिका खारिज, पवई जेल भेजा

पन्ना। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया की आज पन्ना जिले की एक अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

पटेरिया को आज सुबह पन्ना पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद भारी गहमागहमी के बीच पवई न्यायालय में पेश किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पवई न्यायालय ने जमानत याचिका खारिज करते हुए पटेरिया को 26 दिसंबर तक के लिए जेल भेज दिया। जेल जाने के पूर्व राजा पटेरिया ने दावा किया कि विचारधारा की उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

इसी बीच राजा पटेरिया के वकील गोविंद नारायण बघेल ने कहा कि उनके मुवक्किल की जमानत के लिए एडीजे कोर्ट में अपील की जाएगी। पटेरिया का दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच प्रधानमंत्री मोदी के बारे में उकसावे वाले शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए थे। पन्ना पुलिस ने आज सुबह पटेरिया को दमोह जिले के हटा से गिरफ्तार कर लिया था।

इस मामले में मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेता राजा पटेरिया की जमानत याचिका अदालत द्वारा खारिज किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में इस प्रकार के उकसावे वाले शब्द बोले जाना कोई सामान्य घटना नहीं है और इस मामले में कानून कड़ी कार्रवाई करेगा।

शर्मा ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री के लिए जिन शब्दों का उपयोग किया, वो कोई सामान्य घटना नहीं है। इसको सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानून के तहत उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

पटेरिया के बयान को कांग्रेस ने माना अनुशासनहीनता

मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान को पार्टी संगठन ने अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

पार्टी उपाध्यक्ष और प्रदेश संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर की ओर से आज जारी नोटिस में पटेरिया को संबोधित करते हुए कहा गया है कि उनके द्वारा पन्ना जिले के पवई में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर दिया बयान घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसके साथ ही उनसे तीन दिन में जवाब मांगा गया है कि क्यों न उन्हें पार्टी सदस्यता से निष्कासित कर दिया जाए।

पटेरिया को आज सुबह दमोह जिले के हटा से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने दो दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बारे में उकसावे वाले शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद इस मुद्दे पर राजनीति बेहद गर्म हो गई है।

कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को पन्ना पुलिस ने किया अरेस्ट

पन्ना/दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक बयान देने के मामले में मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को पन्ना जिला पुलिस ने आज सुबह दमोह जिले के हटा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पटेरिया को हटा पुलिस की मदद से सुबह उनके निवास से गिरफ्तार किया गया। पन्ना जिले की पवई पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के लिए अपने साथ लेकर पवई आई।

हटा से विधायक रह चुके राजा पटेरिया का कल से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे मोदी की हत्या करने संबंधी बयान दे रहे हैं। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं आई और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा गृह मंत्री डाॅ नरोत्तम मिश्रा ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा था। कल ही पवई थाने में पटेरिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

पटेरिया का यह वीडियाे एक दो दिन पुराना पवई का बताया गया है, जिसमें वे कुछ लोगों को संबोधित करते हुए मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहने संबंधी बात कहते हुए सुने जा रहे हैं। मामला बढ़ता देख पटेरिया ने एक वीडियो संदेश के जरिए सफाई देने की भी कोशिश की और कहा कि वे मोदी की ‘राजनीतिक हत्या’ की बात कह रहे थे।

सबगुरु राशिफल : 13 दिसम्बर मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। पौष मास, कृष्ण पक्ष, पंचमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 09.21 बजे बाद षष्ठी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि : क्रोध पर संयम रखिएगा। संभव हो तो वाद-विवाद से दूर रहिएगा। परिवारजनों के साथ किसी बात पर विवाद होने की संभावना है। स्वास्थ्य बिगड़ सकता है, जिसमें विशेषकर आँखो को संभालिएगा। अकस्मात की भी संभावना है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में ध्यान रखिएगा। अपनी मानहानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति मन को शांति प्रदान करेंगे।

वृष राशि : आज का दिन आनंदप्रद रहेगा। अगर लक्ष्मीजी की कृपा हुई तो आर्थिक योजनाएं सफल होगी। व्यावसायिक क्षेत्र में भी कुछ काम कर सकेंगे। बाहर के लोगो के साथ संचार अधिक रहेगा। बौद्धिक कार्य करने में रुचि बढेगी। आज सेवा कार्य के लिए भी शुभ दिन है। शारीरिक स्वस्थता और मानसिक प्रफुल्लितता बनी रहेगी।

मिथुन राशि : आज का आपका दिन शुभ है। आप में परोपकार की भावना रहने से अन्य लोगों को सहायता करने के लिए आप उत्सुक रहेंगे। व्यापार में भी आपका आयोजन व्यवस्थित होगा। व्यापार के कारण बाहर कहीं प्रवास हो सकता है। ऊपरी अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। संतानो की पढा़ई-लिखाई तथा स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी।

कर्क राशि : विभिन्न योजनाओं के विषय में अधिक विचार आप को द्विधा में लाकर खडा़ कर देंगे। फिर भी परिवारजनों के साथ अच्छा वातावरण प्राप्त होने से आपकी प्रसन्नता में वृद्धि होगी। दूर स्थित व्यक्ति या संस्था के साथ सम्बंधों में दृढता आएगी, जो कि आगे चलकर लाभदायी रहेगा। अधिक खर्च से बचिएगा। निर्धारित कार्य में अपेक्षाकृत कम सफलता प्राप्त होगी।

सिंह राशि : आप का मन अनिर्णायक स्थिति में रहेगा। मन द्विधा में रहेगा। अधिक भावुकता भी मन को अस्वस्थ बनाएगी। माता के प्रति अधिक भावनात्मक रहेगें। बौद्धिक चर्चा का प्रसंग उपस्थित होगा, लेकिन वाद-विवाद को टालिएगा। स्वजनों या स्नेहीजनों के साथ तनाव का प्रसंग उपस्थित होगा। दिया हुआ उधार और अटका हुआ पैसा वापस मिलने के प्रबल योग हैं लेकिन अब किसी को उधार न दें।

कन्या राशि : आज का दिन बहुत अच्छी तरह से बीतेगा। शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे। परिवारजनों के साथ अच्छा वातावरण प्राप्त होने से आपकी प्रसन्नता में वृद्धि होगी। लक्ष्मीदेवी की कृपा आप पर बनी रहेगी। मित्रों और स्नेहीजनों के साथ समय बीतेगा। संतान की पढा़ई-लिखाई तथा स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी। अधिक खर्च से बचिएगा।

तुला राशि : आज भाईयों से लाभ होगा। बौद्धिक तथा लेखनकार्य से जुडी़ हुई प्रवृत्ति में आप सक्रिय रहेंगे। साहित्य में नवीन सृजन करने का योजना भी कर सकेंगे। आप को हर कार्य में सफलता प्राप्त होगी। प्रतिस्पर्धी पर विजय प्राप्त होगी। संबंधों में भावनाओं की प्रधानता रहने से संबंध सुखदायी रहेंगे। भाग्य में वृद्धि होने के प्रसंग उपस्थित होंगे। सामाजिक व आर्थिकरूप से सम्मान प्राप्त होगा।

वृश्चिक राशि : आज का दिन आपके लिए लाभदायी और शुभफल प्राप्त करने वाला सिद्ध होगा। सांसारिक सुख प्राप्त होगा। विवाहोत्सुकों के लिए विवाह प्रस्ताव का योग है। व्यावसायिक क्षेत्र में भी विशेष लाभ होगा। उच्च पदाधिकारी आपके कार्य से प्रसन्न होंगे। मित्रों के साथ नए प्रोजेक्ट पर चर्चा होगी। पुरानी गलती का प्रायश्चित करने का प्रयास करेंगे। सामाजिक स्तर पर नई जिम्मेदारी मिल सकती है।

धनु राशि : वैचारिक स्तर पर विशालता और वाणी की मधुरता से अन्य लोगों को प्रभावित कर पाएंगे और साथ-साथ उनके साथ संबंधों में भी संवादिता रख पाएंगे। बैठक या चर्चा-विचारणा में भी आपको सफलता मिलेगी। परिश्रम का अपेक्षित परिणाम न मिलने पर भी उस क्षेत्र में आप आगे तो अवश्य बढ सकेंगे। पाचनतंत्र से संबंधित कष्ट होने की संभावना अधिक है, इसलिए संभव हो तो घर के खाने को प्राथमिकता दें।

मकर राशि -आज का दिन मध्यम फलदायी होगा। बौद्धिक तथा लेखनकार्य से जुडी़ हुई प्रवृत्ति में आप सक्रिय रहेंगे। साहित्य में नवीन सृजन करने का योजना भी कर सकेंगे। परंतु फिर भी मानसिक उद्वेग से आप परेशान रह सकते हैं। स्वास्थ्य की दृष्टि से कुछ थकान या आलस्य का अनुभव हो सकता है। व्यावसायिक रुप से नई विचारधारा अपना सकेंगे। व्यर्थ के खर्च से दूर रहिएगा।

कुंभ राशि : आज आप निषेधात्मक कार्य तथा नकारात्मक विचारों से दूर रहने को प्राथमिकता दें। आज आप को अधिक ही विचार सताएंगे। परिणाम स्वरुप आपको मानसिक थकान का अनुभव होगा। क्रोध अधिक मात्रा में न हो जाए इसका संयम रखिएगा। ध्यान और आध्यात्मिकता आपके मन को शांति प्रदान करेंगे।

मीन राशि -आज के दिन मनोरंजन और आनंद-प्रमोद में आप डूबे रहेंगे। कलाकार, लेखक आदि को अपनी प्रतिभा प्रकट करने का अवसर मिलेगा। व्यवसाय में भागीदारी के लिए उत्तम समय है। स्वजनों, मित्रों के साथ आनंद ले सकेंगे। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता आएगी। समाज में ख्याति मिलेगी।