Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 453 -
होम ब्लॉग पेज 453

कोटा में एक ही दिन में तीन छात्रों ने की आत्महत्या

कोटा। राजस्थान की कोचिंग सिटी कहे जाने वाले कोटा शहर में आज एक ही दिन में तीन कोचिंग छात्रों के आत्महत्या करने का दुर्भाग्यपूर्ण मामला सामने आया है। इनमें दो छात्र तो एक ही राज्य के थे और एक ही हॉस्टल में पास-पास के कमरों में रह रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक हॉस्टल में रहकर मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट की कोचिंग ले रहा छात्र अंकुश यादव आज दोपहर 12 बजे तक भी जब अपने कमरे से बाहर नहीं निकला व उसके साथ के छात्रों के बार-बार खटखटाने के बावजूद उसने दरवाजा नहीं खोला तो शक होने पर छात्रों ने हॉस्टल संचालक को सूचना दी। हॉस्टल संचालक ने मौके पर पहुंचकर जैसे-तैसे कमरे का दरवाजा खोला तो छात्र अंकुश यादव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला वह बिहार के सुपौल का रहने वाला था।

इसी घटना को लेकर जब हॉस्टल में अफरा-तफरी का सा माहौल था, तभी अंकुश यादव के बिल्कुल बगल के कमरे में रहने वाला बिहार के ही गया जिले के छात्र उज्जवल कुमार की बहन हॉस्टल में पहुंची और जब उसने देखा कि इस अफरा-तफरी के माहौल में भी उसका भाई उज्जवल कुमार कमरे से बाहर नहीं निकला है तो उसे कुछ संदेह हुआ। उसने यह बात हॉस्टल संचालक को बताई तो तब तक वहां पहुंच गई पुलिस ने उस छात्र के कमरे का दरवाजा खोला तो हो वह भी अपने कमरे की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। एक ही दिन में एक ही हॉस्टल में एक ही राज्य के दो छात्रों के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से इस हॉस्टल में ही नहीं बल्कि आसपास का माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस अधीक्षक (शहर) केसर सिंह शेखावत और व्रत के पुलिस उप अधीक्षक अमर सिंह राठौड़ भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और वहां के हालात का जायजा लिया। दोनों छात्रों के शव को पोस्टमार्टम के लिए महाराव भीमसिंह अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है।

एक अन्य प्रकरण में कोटा के कुन्हाडी इलाके में आज तड़के एक कोचिंग छात्र ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज तड़के करीब तीन बजे कुन्हाडी थाना क्षेत्र की लैंडमार्क सिटी के एक हॉस्टल में रहने वाले छात्र प्रणव वर्मा (17) के जहर खा लेने की सूचना मिली थी जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब यक वह दम तोड़ चुका था।

सूत्रों ने बताया कि पिछले दो साल से कोटा में रहकर नीट की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र गुना (मप्र) निवासी प्रणव वर्मा ने कल रात को खाना खाया था और अपने कमरे में जाने के बाद माता-पिता से भी फोन पर बात की थी और इस बातचीत के दौरान वह पूरी तरह से स्वस्थ था।

रात करीब 1.30 बजे इसी हॉस्टल में रहने वाला एक अन्य छात्र जब पानी पीने के लिए अपने कमरे के बाहर आया तो उसने प्रणव वर्मा को गैलरी में पड़े देखा जिसकी सूचना दिए जाने के बाद हॉस्टल प्रबंधको ने छात्र को एक निजी अस्पताल लेकर गए लेकिन उसकी मृत्यु हो गई। मृतक छात्र के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है इसलिए आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तवांग में चीन के सैनिकों के साथ झड़प, कुछ सैनिक घायल

0

नई दिल्ली। भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में करीब ढाई वर्ष पहले हुई हिंसक झड़प के बाद गत शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में फिर से आमने सामने का टकराव हुआ जिसमें दोनों पक्षों के कुछ सैनिक घायल हो गए।

सेना के सूत्रों के अनुसार चीन के सैनिकों ने तवांग सेक्टर में भारतीय सीमा में प्रवेश की कोशिश की। भारतीय सैनिकों ने इसका मजबूती के साथ कड़ा विरोध करते हुए उन्हें रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर टकराव हुआ और इस संघर्ष में दोनों के कुछ सैनिक घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार सैनिकों को मामूली चोट आई है।

सूत्रों ने बताया कि टकराव के बाद दोनों देशों के सैनिक उस क्षेत्र से पीछे हट गए। इस घटना के मद्देनजर तवांग सेक्टर में तैनात भारतीय कमांडर ने शांति और मैत्री का माहौल बनाए रखने के लिए चीन के अपने समकक्ष के साथ निर्धारित व्यवस्था के तहत फ्लैग मीटिंग की।

सूत्रों का कहना है कि तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा से लगते कुछ क्षेत्रों में वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर दोनों देशों की अलग-अलग अवधारणा है इसे देखते हुए दोनों सेनाओं के सैनिक अपने-अपने दावे के क्षेत्र में कष्ट लगाते हैं और वर्ष 2006 से यह प्रचलन चला रहा है।

उल्लेखनीय है कि भारत और चीन के सैनिकों के बीच करीब ढाई वर्ष पहले पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा के निकट गलवांन घाटी में हिंसक झड़प हुई थी जिसमें भारतीय सेना के 20 सैनिक शहीद हो गए थे। झड़प में चीन की सेना के भी बड़ी संख्या में सैनिक हताहत हुए थे। दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख में ढाई वर्ष से भी अधिक समय पहले से सैन्य गतिरोध चला आ रहा है।

केकड़ी में करोड़पति बनने के चक्कर मे शिक्षक ने गंवाए लाखों रुपए

केकड़ी। जल्दी करोड़ पति बनने के लालच में एक शिक्षक ने लाखों रुपए गंवा दिए। मामला यह है कि अजमेर रोड केकड़ी निवासी एवं भराई स्कूल में पदस्थापित शिक्षक अशोक मीणा ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया की वह धार्मिक प्रवृत्ति का है और देवगांव गेट बाहर स्थित श्मशान गृह के दिदारनाथ आश्रम के कालीनाथ मंदिर में 2019 से वह रोज जाता था। मंदिर में बने कमरों में सब्जीमंडी निवासी जय प्रकाश शर्मा उर्फ सिद्धांत नाथ अघोरी उर्फ ध्यान योगी सिद्धांत ने अपना उपासना स्थल बना रखा था जहां वह हवन आदि के माध्यम से तांत्रिक क्रियाएं करता था।

14 जनवरी 2020 को सिद्धान्त ने अशोक मीणा को आसन गांव शाहपुर जिला ठाणे महाराष्ट्र निवासी शिवनाथ के बारे में बताया कि वह बहुत बड़ा तांत्रिक है। वह एक ऐसी लकड़ी की पेटी देगा जिसमें से तीन साल तक रोज दस हजार रुपए निकलेंगे। इसके लिए तीन लाख रुपए शिवनाथ के बैंक खाते में डलवाने को सिद्धान्त ने अशोक मीणा को बोला।

इस पर अशोक ने सिद्धान्त के झांसे में आकर विभिन टुकड़ों में शिवनाथ के बैंक खाते में तीन लाख रुपए डलवा दिए। इसके बाद अशोक सिद्धान्त ध्यान योगी व एक अन्य मित्र के साथ शिवनाथ के यंहा जाकर उसकी दी हुई लकड़ी के पेटी लेकर केकड़ी आ गए।

केकड़ी आकर अशोक ने विधि विधान पूर्वक लकड़ी की पेटी की पूजा अर्चना की और पेटी से रोज 10 हजार रुपए निकलना शुरू हो गए। इस बीच 6 दिन तक पेटी से कुल 58 हजार रुपए निकले लेकिन सातवें दिन से पेटी से रुपए निकलना बंद हो गए। इस बाबत अशोक ने सिद्धान्त योगी को बताया तो सिद्धान्त ने शिवनाथ से बात करके अशोक को बताया कि तांत्रिक क्रिया से पेटी को वापस दुरस्त कर लौटने को कहा।

अशोक और सिद्धान्त योगी लकड़ी की पेटी लेकर शिवनाथ के यंहा गए तो शिवनाथ ने कोरोना का कहते हुए मंदिर वापस खुलने के बाद पेटी वापस लौटाने की बात कही और पेटी शिवनाथ ने अपने पास रख ली।

कुछ दिनों बाद सिद्धान्त योगी ने अशोक मीणा को जमीन में गड़ा सोने मिलने की बात कही और कहा कि सोने को शुद्ध करने के लिए जड़ी बूटी खरीदने के लिए शिवनाथ को एक लाख रुपए की जरूरत है। शिवनाथ ने जमीन में मिले सोने का पांच प्रतिशत अशोक मीणा को देने का वादा भी किया। इस पर अशोक मीणा ने ई मित्र के जरिये शिवनाथ के खाते में एक लाख रुपए डलवा दिए।

अशोक मीणा ने इस्तगासे में बताया कि झूठे चमत्कारों व तांत्रिक क्रियाओं के माध्यम से अनेक बार झांसा देकर दोनों सिद्धान्त योगी व शिवनाथ ने बैंक खातों में कुल 14-95 लाख रुपए अनेक बार मे डलवाए और 6-50 लाख रुपए नगद लिए। इसके अलावा सिगरेट, शराब, नारियल, जड़ी बूटी आदि के नाम पर लगभग 20 लाख रुपए अलग से ले चुके हैं। इस्तगासे पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने केकड़ी शहर थाना पुलिस को दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच करने के आदेश पारित किए।

जियो की 5जी टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करेंगे वनप्लस स्मार्टफोन

बेंगलूरू। प्रीमियम स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी वनप्लस ने 5जी स्टैंडअलोन टेक्नोलॉजी के लिए रिलायंस जियो के साथ हाथ मिलाया है।

कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि वनप्लास 10 सीरीज के स्मार्टफोन के साथ वनप्लास 9आर, वनप्लस 8, नॉर्ड, नॉर्ड 2टी, नॉर्ड 2, नॉर्ड सीई , नॉर्ड सीई2 और नॉर्ड सीई 2 लाइट के यूजर अब जियो की 5जी स्टैंड-अलोन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसी तरह, वनप्लस 9 प्रो , वनप्लस 9 और वनप्लस 9 आरटी की भी पहुंच जल्द ही जियो ट्रू 5जी नेटवर्क तक हो जाएगी।

जियो वनप्लस यूजर के लिए एक खास ‘वनप्लस एनीवर्सरी ऑफर’ लेकर आया है। ऑफर के तहत उपभोक्ताओं के 10,800 रुपये तक का कैशबैक मिलेगा। ऑफर 13 से 18 दिसंबर तक मान्य है। पहले 1000 लाभार्थियों को अतिरिक्त लाभ मिलेंगे। उन्हें 1499 रुपये का रेड केबल केयर प्लान और 399 रुपये का जियो सावन प्रो प्लान भी मिलेगा।

वनप्लस इंडिया के सीईओ नवनीत नाकरा ने कहा कि हम भारत में वनप्लस यूजरों के लिए 5जी तकनीक लाने के लिए जियो टीम के साथ साझेदारी करके खुश हैं। 5जी तकनीक का उपयोग करके यूजर्स निर्बाध, तेज इंटरनेट का अनुभव और आनंद ले सकेंगे।

भारतीय उपभोक्ताओं के लिए 5जी तकनीक को और अधिक सुलभ बनाने के लिए जियो और वनप्लस की टीमें सक्रिय रूप से बैकएंड पर एक साथ काम कर रही हैं और प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में अपनी 5जी प्रौद्योगिकी सेवाओं के विस्तार पर काम कर रही हैं।

कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत, 3 घायल

बेंगलूरु। कर्नाटक के बेंगलुरु-मेंगलुरु हाईवे के टिट्टानहोशहल्ली गेट के पास रविवार देर रात एक कार का टायर फटने और डिवाइडर से टकराने के बाद एक अन्य कार से हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि इनोवा कार में सवार हासन निवासी श्रीनिकेवासमूर्ति (74) और तमिलनाडु से आई स्विफ्ट कार में सवार जयंती (60) व प्रभाकर (75) की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि विश्वेश्वर भट्ट (50), इंजीनियरिंग के छात्र अचल, गौतम, केविन, सर्वेश को बीजी नगर के आदिचुनचनागिरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और तीन अन्य को गंभीर हालत के कारण बीजी नगर के आदिचुनचनागिरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब बेंगलूरु से हासन की ओर जा रही इनोवा कार डिवाइडर पार कर दूसरी सड़क पर हासन की ओर आ रही स्विफ्ट कार से टकरा गई।

जिला पुलिस अधीक्षक यतीश ने उस स्थान का दौरा किया और बचाव कार्य का निरीक्षण किया। इस संबंध में बिंदीगानाविले थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

भीलवाड़ा में 82 साल की वृद्धा पट्टे के लिए 20 वर्ष से लगा रही यूआईटी के चक्कर

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में 82 साल की वृद्धा विमला देवी पिछले बीस साल से अपनी जमीन के पट्टे के लिए नगर विकास न्यास के चक्कर लगा रही है और अब इसके लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया है।

विमला देवी पट्टे के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि बीस साल से वह पट्टे के लिए यूआईटी के चक्कर लगा रही है लेकिन उसे पट्टा नहीं मिल पाया है।

भीलवाड़ा में गुलमण्डी पाटोदिया गली में रहने वाली विमला देवी खण्डेलवाल ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि उसने वर्ष 2002 में नगर विकास न्यास में अपने भूखण्ड के लिए पट्टा बनाने का आवेदन किया था।

न्यास ने 11 हजार 333 रुपए जमा कराने का नोटिस दिया पर स्थिति ठीक नहीं होने से वह केवल आठ हजार रुपए जमा करा पाई। बाद में कई बार शेष राशि जमा कराने के लिए नगर विकास न्यास से संपर्क साधा लेकिन वहां उसे किसी ने संतोषप्रद जवाब नहीं मिला।

हाल में मुख्यमंत्री की योजना को लेकर उसने फिर नगर विकास न्यास से संपर्क किया। फाइल भी निकलवाई। इस पर उसे एक बार फिर ले आउट प्लान प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। ले आउट प्लान भी न्यास में जमा करा दिया गया। इसके बावजूद उसे पट्टा नहीं मिल पाया है।

विमला देवी ने बताया कि वह विधवा है और जब वह 60 साल की थी तो उसने भूखण्ड के पट्टे के लिए आवेदन किया था। अब वह जिन्दगी के अन्तिम पड़ाव में है लेकिन उसे पट्टे की आस है कि उसके जीते जी पट्टा मिल जाए।

इटली में गोलीबारी, प्रधानमंत्री की मित्र सहित 3 महिलाओं की मौत

रोम। इटली की राजधानी रोम में एक व्यक्ति के एक कैफे में गोलीबारी करने से यहां की नई प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की मित्र सहित तीन महिलाओं की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।

इटली के ला रिपब्लिका अखबार की रिपोर्ट के अनुसार इस घटना के दौरान, कैफे के अंदर मौजूद लोग एक स्थानीय ब्लॉक की रेजिडेंट्स कमेटी के हिस्से के रूप में बैठक कर रहे थे और समिति की उपाध्यक्ष लुसियाना सिओर्बा फिडेन भी कैफे में मौजूद थीं।

उसी दौरान एक हमलावर कैफे के अंदर आकर चिल्लाया कि मैं तुम सबको मार दूंगा और अगले ही पल उसने अपनी पिस्तौल से ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। हमलावर को कैफे में मौजूद अन्य लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस हमले में तीन महिलाओं की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घायलों में दो महिला और दो पुरुष हैं, इनमें से एक की हालत गंभीर है।

प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने मारी गई महिलाओं में से एक का नाम निकोलेटा गोलिसानो बताया जो उनकी मित्र थीं। इसके अलावा, अन्य मृतक महिलाओं में एलिसाबेट्टा सिलेंज़ी और सबीना स्पेरंडियो हैं। बीबीसी द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया कि रोम के मेयर रॉबर्टो गुआल्टिएरी ने इस हमले को हिंसात्मक बताया। रिपोर्ट में कहा गया है कि समिति के कुछ बोर्ड सदस्यों के साथ हमलावर का पिछला कुछ विवाद रहा है।

भूपेंद्र पटेल दूसरी बार ली गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ

गांधीनगर। गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद सोमवार को राज्य में नई सरकार के गठन में भूपेंद्र पटेल ने लगातार दसूरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटेल के साथ 16 और विधायकों को मंत्री-पद की शपथ दिलाई गई।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर में नए सचिवालय के पास हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित समारोह में श्री पटेल को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री पटेल के बाद शपथ लेने वाले सदस्यों में बलवंत सिंह राजपूत, काबूभाई देसाई, राघवजी पटेल, कुंवरभाई मोहनभाई बवालिया, डॉ कुबेर डिंडोर, भानूबेन बाबरिया, पुरुषोत्तमभाई उद्धवजी भाई सोलंकी, बच्चूभाई खबाड, मुकेशभाई जीनाभाई पटेल, ऋषिकेष पटेल, नरेश पटेल, जगदीश विश्वकर्मा, हर्ष सांघवी, प्रभुल्ल पन्शेरिया, भीखूसिंहजी चतुरसिंहजी परमार और कुवरजीभाई नरसिंहभाई हलपति शामिल है।

पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा भाजपा शासित विभिन्न प्रदेशकों के मुख्यमंत्री विशेष रूप से गांधीनगर आए थे।

यहां पहुंचने वाले मुख्यमंत्रियों और दूसरे राज्यों के नेताओं में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, वहां के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शामिल भी थीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समारोह में शामिल हुए।

गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से 156 सीटें जीत कर अपना नया रिकार्ड बनाया है। राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी लगातार सातवीं बार जीती है। इस बार के चुनाव में कांग्रेस 17 सीटों पर जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। आम आदमी पार्टी पांच सीटों पर जीत के साथ गुजरात विधान सभा में पहली बार कदम रख रही है।

पटेल ने घाटलोडिया विधानसभा सीट पर 1.92 लाख मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें पिछले साल सितंबर में विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद राज्य की कमान सौंपी गई थी।

धन शोधन मामले में कोर्ट में पेश हुई एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज 200 करोड़ रुपये के घन शोधन प्रकरण में सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में सोमवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश हुईं। न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई 20 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी।

दिल्ली पुलिस ने 30 नवंबर को मुंबई की पिंकी ईरानी को गिरफ्तार किया, जो चंद्रशेखर की करीबी सहयोगी बताई जाती हैं और उन्हें बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से मिलवाया।

इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने आरोप लगाया है कि पिंकी ईरानी ने सुकेश को एक बिजनेस टाइकून के रूप में चित्रित किया और आरोपी सुकेश चंद्रशेखर से संपर्क करने के लिए बॉलीवुड की कुछ हस्तियों को सुविधा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही उसने पैसे की राशि का निपटान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिल्ली पुलिस ने चंद्रशेखर, उनकी पत्नी लीना मारिया पॉल और अन्य सहित 14 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के विभिन्न प्रावधानों के तहत अदालत के समक्ष आरोप पत्र दायर किया है।

पुलिस के अनुसार फर्नांडीज ने कहा कि वह सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी मामले में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी देना चाहती है। दिल्ली पुलिस ने चंद्रशेखर के खिलाफ रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों शिविंदर सिंह और मालविंदर सिंह की पत्नियों से कथित रूप से 200 करोड़ की धोखाधड़ी करने के अलावा कई मामलों में उनके खिलाफ चल रही जांच के लिए मामला दर्ज किया है।

अभियोजन पक्ष ने कहा कि आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने शिविंदर की पत्नी अदिति सिंह और मालविंदर की पत्नी जपना सिंह को अपने पतियों की जमानत हासिल करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी क्योंकि वह केंद्रीय कानून मंत्रालय के एक अधिकारी के रूप में खुद को प्रस्तुत कर रहा था। दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी मामले में कथित भूमिका के लिए चंद्रशेखर और उनकी अभिनेता पत्नी लीना मारिया पॉल को गिरफ्तार किया है।

बूंदी : नाबालिग छात्रा को अगवा कर गैंगरेप मामले का एक आरोपी अरेस्ट

बूंदी। राजस्थान के बूंदी जिले में करवर थाना पुलिस ने पांच महीने पहले नाबालिग छात्रा से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि इस मामले में आरोपी एवं क्षेत्र के माणी निवासी गोलू मीणा (19) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यादव ने बताया कि गत 17 नवंबर को पीड़ित नाबालिग छात्रा के पिता ने आरोपी गोलू मीणा, हितेश मीणा, आकाश मीणा एवं लव कुश के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट में बताया गया था कि चार महीने पहले उसकी नाबालिग बेटी सुबह सात बजे अपने घर से स्कूल जा रही थी। रास्ते में ये तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और उसका मुंह को रुमाल से बंद कर इंद्रगढ़ ले गए।

वहां उसके साथ गैंगरेप कर अपने मोबाइल से वीडियो और फोटो बनाया और मां बाप और किसी को बताने पर उन्हें जान से मार देने की धमकी दी। आरोपियों ने बाद में पिता के मोबाइल पर बेटी के अश्लील फोटो भेज कर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर पूरे परिवार को जान से मार देने की धमकी दी।

इस रिपोर्ट पर पोक्सो एक्ट एवं आईपीसी की संबंधित धाराओं में नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की गई और टीम गठित नामजद आरोपी गोलू मीणा को दस्तयाब किया गया। मामले में गोलू को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।