Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 454 -
होम ब्लॉग पेज 454

श्रीलंका सैन्य अधिकारी प्रभात बुलथवटे पर अमरीका ने लगाए प्रतिबंध

0

कोलंबो। अमरीका ने श्रीलंका के वरिष्ठ पत्रकार कीथ नोयाहर के अपहरण और प्रताड़ना मामले में एक अन्य सैन्य अधिकारी मेजर प्रभात बुलथवटे पर प्रतिबंध लगाया है।

डेली एफटी की सोमवार को जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर दुनिया भर में भ्रष्टाचार और मानवाधिकारों के दुरुपयोग के प्रति जवाबदेही के तहत यह कार्रवाई की है।

अमरीका के विदेश विभाग के अनुसार अमरीका ने ‘त्रिपोली प्लाटून’ के नाम से जाने वाली एक खुफिया सेना पलटन के पूर्व प्रमुख बुलथवेट पर प्रतिबंध लगाया है।

विभाग ने कहा कि सैन्य अधिकारी पर मई 2008 में पत्रकार नोयाहर के साथ अत्याचार, अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार तथा सजा से जुड़े मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप है। उन्हें 2008 में वरिष्ठ श्रीलंकाई पत्रकार कीथ नोयाहर के अपहरण और अत्याचार के संदेह में गिरफ्तार किया गया था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले साल अमरीकी विदेश विभाग ने इसी तरह मामले में दो श्रीलंकाई सैनिकों, चंदना हेत्तियाराची और सुनील रत्नायके को मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन के लिए जिम्मेदार ठहराया था।

वर्ष 2020 में अमरीकी विदेश विभाग ने 2009 में लिट्टे के साथ सशस्त्र संघर्ष के अंतिम दौर में युद्ध अपराधों के आरोपों पर श्रीलंका के वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल शैवेंद्र सिल्वा और श्रीलंका सेना के पूर्व कमांडर पर प्रतिबंध लगाए थे।

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने जिम में किया वर्कआउट

0

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने जिम में वर्कआउट किया। शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में शिल्पा जिम में पसीना बहाती हुई नजर आ रही हैं। एक्सरसाइज करते हुए शिल्पा कैप्शन में एक्सरसाइज के फायदे बता रही हैं।

वीडियो के कैप्शन में शिल्पा बताती हैं कि घुटने में चोट के चलते उनके लिए एक्सरसाइज करना बेहद मुश्किल होता है, लेकिन यह कैलोरी कम करने का सबसे बेहतरीन तरीका है।

एक्सरसाइज हमारे पैरों को शेप में लाता है, साथ ही हमारी लोअर बॉडी और ज्यादा मजबूत बनाता है। ये एक्सरसाइज जरूर ट्राई करें, यदि आप अपने पैरों में मजबूती देखना चाहते हैं और मुझे कमेंट में बताएं कि कैसा महसूस हो रहा है।

200 करोड़ के क्लब में शामिल हुई अजय देवगन की दृश्यम 2

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 2,200 करोड़ के क्लब में शामिल हो गयी है। अजय देवगन, तब्बू और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म ‘दृश्यम 2’ 18 नवंबर को प्रदर्शित हुयी है। फिल्म दृश्यम 2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। दृश्यम 2 ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है।

ट्रेड एनालिस् तरण आदर्श ने फिल्म दृश्यम 2 का लेटेस्ट कलेक्शन शेयर करते सोशल मीडिया पर हुए लिखा कि जहां अधिकतर फिल्में पहले सप्ताह में ही दम भर देती हैं वहीं दृश्यम 2 अपना शानदार रन जारी किए है।

चौथे वीकेंड पर फिल्म ने 13.45 करोड़ का कलेक्शन किया है। नई रिलीज के बावजूद फिल्म के प्रदर्शन पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। वीक-4 शुक्रवार 2.62 करोड़, शनिवार 4.67 करोड़, रविवार 6.16 करोड़। कुल-209.75 करोड़। उल्लेखनीय है कि अभिषेक पाठक निर्देशित दृश्यम 2, अजय देवगन की वर्ष 2015 में प्रदर्शित फिल्म ‘दृश्यम’ की सीक्वल है।

तन्मय की मौत पर बोरवेल मालिक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के मांडवी में खुले बोरवेल में गिर जाने से एक बालक की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बोरवेल मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी ने आज बताया कि ग्राम मांडवी में छह दिसंबर की शाम को खेलते वक्त जूनावाड़ी रोड पर स्थित नानकराम चौहान के खेत के खुले बोरवेल में किसान सुनील साहू का पुत्र तन्मय (08) के गिरने से मौत हो गई थी। इस मामले में खेत मालिक नानकराम चौहान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

गहरे बोरवेल में गिरे तन्मय साहू को बचाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीईआरएफ की टीम ने करीब 85 घंटे तक लगातार रेस्क्यू आपरेशन चलाया था, लेकिन तन्मय को बचाया नहीं जा सका था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के अनुरूप जिला प्रशासन ने तन्मय के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में चार लाख रूपए का चेक दिया था।

आईसीसी ने जॉस बटलर को चुना नवंबर का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

0

दुबई। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज और सीमित ओवर कप्तान जॉस बटलर को नवंबर माह का सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर चुना गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आईसीसी ने बताया कि बटलर ने हमवतन आदिल रशीद और पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी को पछाड़कर यह खिताब हासिल किया।

बटलर ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 49 गेंदों पर ताबड़तोड़ 80 रन बनाये और एलेक्स हेल्स के साथ 170 रन की नाबाद साझेदारी करके अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया। बटलर ने फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भी 26(17) रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी मदद से इंग्लैंड अपना दूसरा टी20 विश्व कप जीत सकी।

बटलर ने खिताब जीतने के बाद कहा कि मुझे नवंबर का सर्वश्रेष्ठ आईसीसी खिलाड़ी चुनने के लिये मैं प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। यह पुरस्कार मेरे टीम के साथियों के प्रयासों की वजह से है। यह क्रिकेट का सबसे अविश्वसनीय महीना था, जिसके परिणाम में हमने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप जीता।

उन्होंने कहा कि यह क्रिकेट के उन सबसे अच्छे महीनों में से एक है जिनमें मैं शामिल रहा हूं। विश्व चैंपियन बनने के लिए टीम का नेतृत्व करना बहुत खास था।

भोपाल स्कूल बस रेप मामला : बस चालक को तिहरा आजीवन कारावास

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एक नामी निजी स्कूल बस में साढ़े तीन साल की एक मासूम छात्रा से दुष्कर्म के दोषी ठहराए गए बस चालक को राजधानी की एक अदालत ने तिहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। घटना की दूसरी आरोपी बस की आया उर्मिला साहू को 20 साल की सजा हुई है।

लोक अभियोजन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी हनुमत जाटव (32) को तिहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। आया उर्मिला को 20 साल की कैद हुई है। भोपाल स्थित एक नामी निजी स्कूल की साढ़े तीन वर्ष की मासूम के साथ दुष्कृत्य के सनसनीखेज मामले में अदालत ने शनिवार को दोनों आरोपियों को दोषी पाया था।

विशेष न्यायालय की न्यायाधीश शैलेजा गुप्ता ने इसी वर्ष सितंबर माह की इस घटना के सिलसिले में दोनों आरोपियों को दोषी पाया। स्कूल की साढ़े तीन वर्ष की छात्रा के साथ स्कूल बस में दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई थी। इस मामले में बस चालक हनुमत जाटव (32) और उर्मिला साहू को आरोपी बनाया गया था। अदालत ने शीघ्र ही मामले की सुनवाई कर दोनों को दोषी पाया।

अभियोजन के अनुसार आठ सितंबर को दिन में बालिका स्कूल से घर स्कूल बस से पहुंची थी। उसका स्कूल यूनीफार्म बदला हुआ होने पर माता पिता काे शक हुआ और उन्होंने इस मामले की पड़ताल की। तब पता चला कि बालिका के साथ बसचालक ने बस में ही रेप किया है। इस कार्य में बस में मौजूद उर्मिला साहू ने मामले को दबाने का प्रयास किया। स्कूल संचालक से बस के वीडियो फुटेज भी मांगे गए, लेकिन परिजनों को गुमराह करने का प्रयास किया गया।

मामला मीडिया में भी आया और अभिभावकों ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। इस मामले में पुलिस ने विशेष कार्य बल (एसआईटी) का गठन किया था। एसआईटी ने इसकी शीघ्रता से जांच कर सबूत जुटाए और दोनों आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र पेश किया। इस मामले की विशेष लोक अभियोजक मनीषा पटेल रहीं।

सरकार एक साल में करेगी 10 लाख लोगों की नियुक्ति : धर्मेंद्र प्रधान

नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि सरकार विश्वविद्यालयों तथा अन्य विभागों में खाली पदों पर भर्ती की तैयारी कर रही है और एक साल के भीतर 10 लाख से ज्यादा पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

प्रधान ने लोकसभा में पूरक प्रश्न के जवाब में यह जानकारी देते हुए बताया कि 30 फ़ीसदी पद अभी खाली पड़े हुए हैं और उसको भरने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार की योजना एक साल के अंदर 10 लाख नियुक्ति देने की है और इसमें शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर भर्तियां होने वाली है।

उन्होंने कहा कि पिछले साल में 2000 में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति हुई है उसमें कोरापुट केंद्रीय विश्वविद्यालय में भी भर्ती हुई है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद तथा मालापुरम में भी अलीगढ़ विश्वविद्यालय के विस्तार केंद्र खोले गए हैं लेकिन पिछली सरकार ने 2011 में यह घोषणा की और सपने दिखाए लेकिन उस दिशा में काम नहीं किया जिसके कारण इस काम को आगे बढ़ाने में दिक्कत हो रही है

शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने एक अन्य सवाल पर कहा कि आदिवासी विश्वविद्यालय में सभी समुदायों के बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं जिनमें आदिवासी तो होते ही हैं दूसरे समुदाय के बच्चे भी नियमित रूप से पढ़ते हैं।

बाड़मेर : 20 साल की मूक बधिर लड़की से गैंगरेप के दो आरोपी अरेस्ट

बाड़मेर। राजस्थान में बाडमेर जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में बकरियां चराने गई मूकबधिर बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने बताया कि आरोपी सुनील विश्नोई (21) निवासी गांव कोजा एवं भजन लाल बिश्नोई (27) निवासी गांव मीठड़ा को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गत 24 नवंबर को 20 वर्षीय मूक-बधिर बालिका के साथ अज्ञात द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने के संबंध में थाना धोरीमन्ना पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तकनीकी टीमों एवं डॉग स्क्वाड टीम से भी साक्ष्य जुटाए गए। प्रकरण में बालिका के बोल और सुन नहीं पाने तथा घटना का कोई भी चश्मदीद गवाह नहीं होने की वजह से अज्ञात आरोपियों को नामजद करना पुलिस के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती थी।

पुलिस टीमों द्वारा प्रकरण में बारीकी से अनुसंधान कर तकनीकी व आसूचना से कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए अज्ञात दोनों आरोपियों को नामजद कर आरोपी सुनील विश्नोई व भजन लाल बिश्नोई को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई।

हनुमान बेनीवाल को जान से मारने की धमकी देने का आरोपी अरेस्ट

नागौर। राजस्थान में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी ने बताया कि इस मामले में आरोपी रामदेव जाट (30) निवासी सुदरासन थाना मौलासर जिला नागौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से उक्त घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

जोशी ने बताया कि गत सात दिसंबर को डीडवाना थाने के कॉन्स्टेबल रिछपाल ने थानाधिकारी राजेश कुमार को सूचना दी कि रामदेव रामू नाम की फेसबुक आईडी से कुख्यात गैंगस्टर राजू ठेठ की मौत के बाद सांसद हनुमान बेनीवाल की हत्या करने की धमकी दी गई है। इस पर थाना डीडवाना पर मुकदमा दर्ज कर जांच थानाधिकारी खूनखुना बनवारी लाल को सौंपी गई।

थानाधिकारी खुनखुना बनवारी लाल मय टीम द्वारा तकनीकी साधनों का इस्तेमाल कर आरोपी की पहचान के बाद अभियुक्त रामदेव जाट को सांसद को सोशल मीडिया पर धमकी देने के आरोप में हैदराबाद के तेलंगाना से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है और पूछताछ की जा रही है।

स्वदेशी जागरण मंच की पहल पर जयपुर में शुरू होंगे रोजगार सृजन केंद्र

0

जयपुर। सामाजिक, शैक्षिक व आर्थिक संगठनों द्वारा संचालित स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत जयपुर में रोजगार सृजन केन्द्र शीघ्र स्थापित करने का निर्णय आज बरकत नगर स्थित प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र पर स्वदेशी जागरण मंच की महानगर कार्यकारी बैठक में लिया गया।

बैठक में रोजगार सृजन केन्द्र के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार हेतु उपलब्ध प्रशिक्षण, सरकारी योजनाए, स्वरोजगार हेतु आवश्यक पुंजी की व्यवस्था के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। जो युवक व्यवसाय नहीं करना चाहते उन्हें उपलब्ध रोजगार के संबंध मार्गदर्शन के साथ साथ प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

स्वदेशी जागरण मंच के जयपुर प्रान्त के सह संयोजक व स्वावलंबी भारत अभियान के प्रान्त समन्वयक लोकेन्द्र सिंह ने बताया की दिनांक 25 दिसंबर से जयपुर में रोजगार सृजन केन्द्र शुरू करने की योजना है।

उन्होंने बताया की केंद्र का उदघाटन स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संघटक सतीश कुमार करेंगे। जयपुर प्रान्त में वर्तमान में सीकर, सांगानेर, दौसा, सवाई माधोपुर में रोजगार सृजन केन्द्र कार्यरत हैं।

बैठक में प्रान्त सह विचार प्रमुख वेदप्रकाश गोयल, कोष प्रमुख अवधेश शर्मा, महानगर संयोजक डॉ कैलाश, सह संयोजक विनोद शर्मा, डॉ विष्णु, श्याम सैनी, महिला प्रमुख डॉ पुनिता व्यास, स्टार्ट अप प्रमुख महेश शर्मा, डॉ बसन्त, डॉ राहुल सहित स्वदेशी जागरण मंच, जयपुर महानगर के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।