Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 456 -
होम ब्लॉग पेज 456

सीकर और नागौर में जन आक्रोश रथयात्रा में पहुंचे सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा है कि भाजपा की जन आक्रोश रथयात्रा अभियान की सार्थकता तभी सार्थक होगी जब प्रदेश की जनता हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के साथ मजबूती से खडी होगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य में वर्ष 2023 और वर्ष 2024 में केन्द्र में प्रचण्ड बहुमत की भाजपा सरकार बनेगी।

डॉ. पूनियां सीकर और नागौर में जन आक्रोश रथयात्रा कार्यक्रमों में ग्राम चौपालों और रात्रि चौपालों को संबोधित करते हुए आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि सभी हिंदुत्व के लिए जीते हैं, भाजपा की जन आक्रोश यात्रा की सार्थकता तभी सार्थक होगी, जब फतेहपुर से लेकर पूरे राजस्थान की जनता हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के साथ मजबूती से खडी होगी और श्री मोदी के हाथ मजबूत होंगे।

उन्होंने सीकर जिले के फतेहपुर-शेखावाटी के कारंगा गांव में जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में क्वालिटी का शहद उत्पादन करने वाला भारत एकमात्र देश है, इस समय बडी संख्या में किसान इसको प्रोफेशन के रूप में अपना रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से किसान, युवा सहित सभी वर्ग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिससे देश का स्वाभिमान बढा है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के स्वाभिमानी नेतृत्व से कार्यकर्ताओं को निश्चित रूप से ताकत मिलना स्वाभाविक ही है, हाल में उनके नेतृत्व में गुजरात में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है और अब राजस्थान में जनमानस पूरे तरीके से 2023 में भाजपा की सरकार बनाने को तैयार है और पूरे प्रदेश में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा को शानदार जन समर्थन मिल रहा है।

डा पूनियां ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी राजस्थान यात्रा पर हैं, क्या उनको यहां कदम रखने से पहले स्वयं द्वारा राजस्थान के किसानों से वर्ष 2018 में किए गए किसान कर्जमाफी के वादे को पूरा नहीं करना चाहिए। बिगड़ी कानून व्यवस्था, अवैध खनन, पेपर लीक, बहन-बेटियों के खिलाफ अत्याचार, भ्रष्टाचार, किसानों-युवाओं से वादाखिलाफी, तुष्टीकरण, यह हकीकत कांग्रेस शासन में राजस्थान की है, क्या राहुल गांधी इन मामलों पर संज्ञान लेंगे।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि हनुमानगढ़ में सरेआम व्यापारी पर फायरिंग की जाती है और पिछने दिनों सीकर में एक बेटी के सामने उनके पिता की हत्या कर दी जाती है, प्रदेश में बदमाश, माफिया और गैंगस्टरों के हौसले बुलंद हैं।

उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी के संज्ञान में नहीं है कि गहलोत सरकार के शासन में तुष्टीकरण की राजनीति चरम पर है, उदयपुर में कन्हैयालाल साहू की हत्या कर दी जाती है, उसके बाद भी बहुसंख्यकों पर निरंतर अत्याचार होते रहे, लेकिन ना मुख्यमंत्री ने बहुसंख्यकों की सुरक्षा की चिंता की और ना आपने मुख्यमंत्री को कहने की हिम्मत दिखाई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस शासन में सरेआम बहुसंख्यकों को प्रताड़ित किया जा रहा है और मुख्यमंत्री वोटबैंक के लिए तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं।

बाड़मेर : गडरा रोड पर छात्रावास भवन की शिलान्यास पट्टिका का लोकार्पण

बाड़मेर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि गत भाजपा सरकार के समय ही गांव-गांव मेें स्कूल खुल चुके थे। अब इन स्कलों में बदलते वैश्विक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा देने की जरूरत है।

शनिवार को जिले के गडरा रोड स्थित श्री हरि सिद्धि शिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित भामाशाह सम्मान और तन सिंह चौहान स्मृति सदन छात्रावास की शिलान्यास पट्टिका के अनावरण के मौके पर आयोजित समारोह में शेखावत ने कहा कि प्रदेश में जब-जब भाजपा सरकार बनी, शिक्षा के क्षेत्र में काफी विकास हुआ। एक समय था, पंचायतों पर ही स्कूल नहीं थे। आज गांव-गांव में स्कूल है, लेकिन हमें यह सोचना होगा कि अब जबकि वैश्विक परिदृश्य बदल चुका है, क्या इसके अनुरूप शिक्षा स्कूूलों में मिल रही है? इसलिए अब बदलते परिवेश के अनुरूप शिक्षा देनी होगी।

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने संतों को भारतीय संस्कृति का ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि इनकी वजह से ही आज हमारी सनातन संस्कृति अक्षुण्ण है, अन्यथा विश्व में कई संस्कृतियां उभरी और समय के साथ काल कवलित हो गई।

समारोह में केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो समाज को शिक्षित करना होगा। समाजसेवी भगवान सिंह रोलसाहबसर ने कहा कि अगला जीवन बाड़मेर में मिले, यहां पर इंसानियत है। ईश्वर हमें सद्बुद्धि दे, ताकि लोक कल्याण में काम आ सके। समारोह में भामाशाहोंं का सम्मान भी किया गया। समारोह को कई वक्ताओं ने सम्बोधित किया।

इस दौरान श्री क्षत्रिय युवक संघ के संरक्षक भगवान रोलसाहबसर, केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, संस्थान के अध्यक्ष पूर्व विधायक हरीसिंह सोढा, सचिव प्रेम सिंह गडरारोड, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, ख्याला मठाधीश गोरखनाथ जी, प्रवीण पुरी महाराज, रावत त्रिभुवन सिंह बाड़मेर, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक तरुण कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कुशाल सिंह सोढा ने स्वागत भाषण दिया। जोगेन्द्र सिंह तनसिंह चौहान व राजेन्द्र सिंह तन सिंह चौहान ने केन्द्रीय मंत्री शेखावत और सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया।

रोलसाहबसर से शिष्टाचार भेंट की

केन्द्रीय मंत्री शेखावत सड़क मार्ग से सुबह बाड़मेर के आलोक आश्रम पहुंचे और श्री क्षत्रिय युवक संघ के संरक्षक भगवान रोलसाहबसर से शिष्टाचार भेंट की। आश्रम में करीब एक घंटे तक रुकने के दौरान क्षत्रिय युवक संघ परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। केन्द्रीय मंत्री शेखावत और संरक्षक रोलसाहबसर के साथ गडरारोड पहुंचे। शेखावत का धवा, बायतु बाड़मेर गडरारोड सहित अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया।

करीब 80 घंटे के बचाव अभियान के बाद भी नहीं बच सकी तन्मय की जान

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के मांडवी में एक खुले बोरवेल में गिरे आठ साल का मासूम जिदंगी की जंग हार गया। तन्मय साहू को सकुशल बचाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीईआरएफ की टीम ने करीब 85 घंटे तक लगातार रेस्क्यू आपरेशन चलाया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

अपर कलेक्टर (एडीएम) श्यामेन्द्र जायसवाल ने आज पत्रकारों को बताया कि सुबह करीब छह बजे तन्मय के शव को बाहर निकालकर करीब सात बजे जिला अस्पताल लाया गया जहॉ दो डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।

एडीएम ने बताया कि तन्मय के शव को जब बाहर निकाला गया तो वह पानी लगने की वजह से गल गया था। प्रारंभिक पोस्टमार्टम से पता चला है कि सीने में जकड़न और पसलियों में चोट लगी थी और उसकी मृत्यु तीन से चार दिन पहले हो चुकी थी। अधिकारियों की मौजूदगी में शव को गांव भेजा गया। अंतिम संस्कार ताप्ती घाट पर किया गया। मुखाग्नि तन्मय के चाचा राजेश साहू ने दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

एडीएम ने बताया कि तन्मय के परिजनों को शासन के नियमों के तहत सहायता राशि दी है। उन्होंने बताया कि घटना के दोषियों पर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। तन्मय साहू मंगलवार शाम को खेलते समय गहरे बोरवेल में गिर कर करीब 39 फीट की गहराई पर फंसा था।

रेस्क्यू टीम ने बोर से समांतर 44 फीट गड्ढा खोदा था और तन्मय तक पहुंचने के लिए करीब नौ फीट की सुरंग खोदी गई थी लेकिन तन्मय को जीवित नहीं बचाया जा सका। तन्मय के जिदंगी की जंग हार जाने से हर कोई दुखी है। जिला प्रशासन ने खोदे गए गड्ढे को मशीनों के माध्यम से भरने का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट करेगा बिल्किस बानो की याचिकाओं पर सुनवाई

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय बिल्किस बानो मामले में दायर पुनर्विचार और रिट याचिकाओं पर सुनवाई करने जा रहा है। न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति बेला त्रिवेदी की दो सदस्यीय पीठ पुनर्विचार याचिका पर 12 दिसंबर को जबकि रिट याचिका पर 13 दिसंबर को सुनवाई करेगी।

बिल्किस बानो के साथ दुष्कर्म और उसकी बेटी सहित परिवार के सात लोगों की 2002 में हत्या के 11 दोषियों को समय से पहले ही छोड़ दिए जाने के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन हुए थे और उच्चतम न्यायालय में कई याचिकाएं भी दायर की गई थीं। इस मामले में दाेषियों की रिहाई के बाद बिल्किस ने 30 नवंबर को एक बार फिर से उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और आजीवन कारावास पाए 11 दोषियों को समय से पहले दी गयी रिहाई के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की।

याचिका में बिल्किस ने कहा कि देश के इतिहास में अब तक के जघन्य और अमानवीय कृत्यों में से एक की वह भुगतभोगी रहीं हैं और इस जबरदस्त सदमे से गजुरकर खुद को मजबूत कर उन्होंने दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए 17 साल तक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी।

बिल्किस की ओर से न्यायालय में याचिका दायर करने वाली वरिष्ठ वकील शोभा गुप्ता ने कहा कि वांछित आदेश पाने के लिए न्यायालय को गुमराह करने के इरादे से जानबूझकर तथ्यों को छिपाया गया। दोषियों की रिहाई के प्रकरण का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह रही कि इस जघन्य अपराध की पीड़िता को इस बारे में कोई जानकारी ही नहीं दी गई।

अलवर : नोट का दोगुना करने का झांसा देकर महिलाओं से 8 लाख रुपए ठगी

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के तिजारा क्षेत्र के रायपुर गांव में नोट का दोगुना करने का झांसा देकर महिलाओं से 8 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है।

पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पीड़ित महेंद्र सिंह ने बताया कि रायपुर में 4 माह पूर्व बासा जिला फरीदाबाद हरियाणा में प्रार्थी की पत्नी सीमा कौर, भाभी जंगीरो कौर पत्नी रणजीत सिंह की पैतृक जमीन थी, जिस जमीन बेचान के 30 लाख रूपए हमारे पास आए थे, हमारे परिचित हरपाल सिंह उर्फ सन्द निवासी पाटा बाना नौगांवा जिला बलवर हमारे घर ग्राम आया और कहा कि मुझे दस लाख रूपए उधार चाहिए, जिस पर प्रार्थी ने कहा कि हम तो पंजाब में जमीन खरीद रहे हैं और हमारे पास पैसे नहीं है।

आरोपी हरपाल सिंह ने लालच दिया कि तुम दस लाख रूपए मुझे उधार दे दो, तुम्हे दोगुने रुपए दे दूंगा। पीड़ित की भाभी एवं पानी ने इन लोगों की बातों पर विश्वास कर लिया और इन लोगों को आठ लाख रुपए, जिनमें 500-500 रुपए के नोटों की 16 गडिड्यां दे दी।

आरोपियों ने तांत्रिक विद्या का ढोंग करते हुए उसके बाद एक काले कपड़े में पोटली बांध दी और कहा कि इस पोटली को दस दिन बाद खोलना और इस बारे में 10 दिन तक अपने पतियों या किसी भी घर के सदस्य या बाहर के परिचितों को कोई जानकारी मत देना वरना जिन्दाब तुम्हारे किसी भी पति की जान ले सकते हैं। किसी से नहीं कहा तो ये पैसे डबल हो जाएंगे और उसके बाद ये लोग हमारे से चले गए।

रिपोर्ट में कहा कि उसके बाद प्रार्थी ने पंजाब जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए पैसे देने बाबत अपनी भाभी एवं पत्नी से कहा कि पैसे लाकर आओ तो प्रार्थी की भाभी एवं पत्नी ने उक्त मुलजिमान के द्वारा की गई घटना के बारे में बताया और कहा कि तुम पोटली में से पैसे ले लो, उसके बाद प्रार्थी ने जाकर पोटली को खोला तो 2000-2000 रुपए उसमें नकली नोटों की 8 गडियां रखी हुई थी, यानि सोलह लाख रूपए रखे हुए थे।

पीड़ित ने कहा कि हमने वो पैसे चैक किए तो वो पैसे नकली थे, डबल करने का झांसा देकर प्रार्थी की पत्नी एवं भाभी को बहला फुसलाकर अपने आपको बेजा फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से एवं प्रार्थी को नुकसान कारित करने के उद्देश्य से आपराधिक षडयंत्र रचते हुए छलकंपटपूर्वक बेईमानी करते हुए असल आठ लाख रुपए विश्वास में लेकर हडप कर लिए और नकली सोलह लाख रूपए के नोट दे गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रेम में पागल बहन ने सगे भाई की करवाई हत्या, प्रेमी संग अरेस्ट

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौडगढ़ जिले के गंगरार में एक युवक का सिर कटा शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में मृतक की सगी बहन उसके प्रेमी एवं एक बाल अपचारी सहित चार को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि कसबे में किले की पहाड़ी के पीछे स्थित एक कुएं से पुलिस को एक युवक का धड़ मिला था और दूसरे दिन सिर भी मिल गया जिसकी शिनाख्त मधयप्रदेश के मन्दसौर जिले के गरोठ निवासी महेंद्र रायका के रूप में हुई। मृतक हाल गंगरार के समीप भटखेड़ा स्थित अपने ननिहाल में मां तथा दो बहनों के साथ रहकर ट्रक चलने का काम करता था।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज़ कर जांच की तो पता चला कि मृतक की बहन तनु उर्फ़ तनिष्का का प्रेम प्रसंग गंगरार निवासी महावीर धोबी के साथ था जिस पर भाई महेंद्र को आपत्ति थी और हांल ही उसकी सगाई उज्जैन में कर दी थी और फ़रवरी में शादी भी तय कर दी। तनु ने यह बात अपने प्रेमी को बता भाई को रास्ते से हटाने की बात कही।

गत 16 नवम्बर को तनु ने एक रिश्तेदारी में कोटा से चित्तोड़ आकर अपने भाई को फोन पर उसे लेने आने की कहा। ये बात योजना अनुसार उसने अपने प्रेमी महावीर को बता दी जिसने रस्ते में ही अपने एक साथी महेंद्र धोबी एवं बाल अपचारी के साथ मिलकर अगवा कर लिया और बिजली के तार से गला घोंट हत्या करने के बाद शव पर वज़नी पत्थर बांध कुए में फेंक दिया। पानी में गलने के कारण सर अलग हो गया था जो दूसरे दिन मिला था वहीँ मृतक ट्रक चलाता था और कई दिनों तक घर नही आता था इसलिए रिपोर्ट भी नही लिखवाई थी।

मुख्य आरोपी तनु एवं महेंद्र ने पुलिस को बताया कि हत्या कर सबूत मिटाने की सारी योजना दृष्यम फ़िल्म देखकर बनाई जिसके अनुसार प्रेमी महावीर ने घटना के दिन अपना मोबाइल बन्द रखा और शव को ठिकाने लगाकर वह मन्दसौर चला गया और वंहा पर अपना मोबाइल ऑन करने के बाद ट्रेन में बैठकर चित्तौड़गढ़ आ गया।

जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तब भी वो खुद को मन्दसौर में होना बताता रहा लेकिन सख्ती के आगे टूट गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया जबकि बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

सिरोही : राज्य सरकार की गलत नीतियों के प्रति आमजन को किया जागरूक

सिरोही में जनाक्रोश यात्रा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया।

सिरोही। जनाक्रोश यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कृष्णगंज मंडल की ज्जन चौपाल में नेता प्रतिपक्ष मुख्य वक्ता प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए नकारा और निकम्मा बताया।और आम जन से सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ बिगुल फूंकने का आह्वान किया।

प्रतिपक्ष नेता ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार करते हुए इनके युवराज की यात्रा पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि गांधी परिवार ने कभी हिंदू समाज का सम्मान नहीं किया, राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दाढ़ी, बाल बढ़ाने व तिलक लगाने से कोई साधु संत नहीं बनता है,इसके लिए उनके जैसे कर्म करने पड़ते है और आम जन से किए वादों पर खरा उतरना पड़ता है।

कटारिया ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए सरकार के 4 सालों को कुशासन व जंगलराज बताते हुए कहा कि अपनी आंतरिक लड़ाई में जूझ रही कांग्रेस ने राज्य की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया है और उसे भगवान भरोसे छोड़ दिया है। कटारिया ने गहलोत सरकार पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाकर कहां की इन्होंने प्रत्येक वर्ग के साथ कुठाराघात किया है।

कटारिया ने गुजरात में मिली अपार सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि अब जनता सब जान चुकी है। जनता ने गुजरात में कांग्रेस का सूपड़ा साफ किया है उसी तरह राजस्थान में आने वाले चुनावों में यहां से भी सुपड़ा साफ करेगी।

हिमाचल में कांग्रेस से पटखनी और दिल्ली एमसीडी में झाड़ू के भाजपा की सफाई का जिक्र किए बिना सिर्फ गुजरात के परिणामों का जिक्र करते हुए कांग्रेस की दुर्दशा पर तंज कसकर कटारिया ने कहा कि गुजरात में इनका झाड़ू लग चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनता के पैसों की बर्बादी की है इसलिए जनता को मुनीम अच्छा रखना चाहिए जो जनता का भला करें।

कटारिया ने कहा कि कांग्रेस आज खत्म हो रही है और भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है निश्चित रूप से देश की जनता अब जागरूक हो चुकी है। कटारिया ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वोट के लिए इन्होंने आपस में लड़ाने का काम किया है।

कटारिया ने लोगों से अपील करते हुए मतदान से पूर्व जागरूक रहने का आग्रह किया और कहा कि राज जनता का है जनता चाहे उसे सत्ता दे सकती है आप मुल्क के मालिक हो। प्रतिपक्ष नेता ने सभी से राज्य कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का आकलन करने का आग्रह कर कहा जिस प्रकार प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हुए हैं और महिला अत्याचार, एससी एसटी वर्ग पर जुल्म की घटनाएं बढ़ी तथा चोरी, लूटपाट और माफियाओं, अपराधियों को खुलेआम छूट मिली है इससे जनता दहशत में है। आमजन की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही। भाजपा जन आक्रोश यात्रा के माध्यम से लोगों का दुख दर्द सुन रही है और उन समस्याओं को संकलित करके उनके समाधान के प्रयास करेगी।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी चिराग रावल ने बताया कि जन चोपाल कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नारायण पुरोहित, पूर्व राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, पूर्व जिला अध्यक्ष लुंबाराम चौधरी, जन आक्रोश यात्रा के विधानसभा सयोजक दिलीप सिंह मांडानी, मंडल अध्यक्ष कुपाराम देवासी ने भी जन चोपाल में संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे।

इस अवसर पर सिरोही प्रधान हसमुख कुमार, जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री रक्षा भंडारी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष गणपत सिंह राठौड़, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोपाल माली, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष अमराराम प्रजापत, सिरोही विधानसभा विस्तारक दिलीप दवे, अरुण ओझा, महिपाल चारण, हितेश ओझा, दीपेंद्र सिंह, लोकेश खंडेलवाल, जीतू गर्ग, आगरा राम चौधरी, नरपत राव, वालाराम लोहार, हिम्मत रावल, बसंत प्रजापत, जबर सिंह चौहान, नारायण कुमावत, हमीरा राम मेघवाल, चौगा राम लोहार, बिग सिंह, मोहब्बत सिंह, कला राम देवासी, हमीरा राम गवारिया, अशोक सेन, बाबू सिंह माकरोड़ा, सरूपा राम देवासी, कालूराम मेघवाल, हीराराम देवासी, वीरा राम चौधरी, कपूर पटेल, शैतान सिंह परमार, हेमलता पुरोहित, दमयंती डाबी, भेराराम देवासी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अजमेर : रेल कोशल विकास योजना प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित

0

अजमेर। रेल कौशल विकास योजना के अन्तर्गत वर्ष 2022-23 के आगामी बैच के लिए अजमेर कारखाना समूह की ओर से लोको कारखाना एवं कैरिज कारखाना में नवयुवकों/नवयुवतियों के लिए 3 सप्ताह के प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशिनिष्ट और वैल्डिंग ट्रेड सम्मिलित है। प्रशिक्षण के लिए इन ट्रेड में प्रमाण-पत्र धारक होना अनिवार्य नहीं है। प्रशिक्षण शुल्क देय नहीं है और प्रशिक्षणार्थी को अपने रहने खाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। प्रशिक्षणार्थी को हाई स्कूल उत्तीर्ण और उम्र 18 से 35 वर्ष होना चाहिए।

आवेदन 20 दिसंबर 2022 तक किया जा सकेगा। प्रशिक्षण हेतु आवेदन ऑन लाइन ही किया जायेगा। ऑफलाइन माध्यम द्वारा कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण हेतु आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाईट www.railkvy.indianrailways.gov.in विजिट करना होगा।

सहारनपुर में 12 वर्षीय बालिका से रेप के दोषी को 20 साल की कैद

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर की एक अदालत ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को दोष सिद्ध होने पर 20 साल की कैद और 52 हजार रूपए जुर्माने की सजा सुनाई है।

सहायक शासकीय अधिवक्ता मेघराज सैनी ने शनिवार को बताया कि मंड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला खाताखेड़ी निवासी रिजवान ने घर के पड़ोस में रहने वाली 12 वर्षीय बालिका के साथ छह माह तक दुष्कर्म किया। बालिका के तीन-चार माह का गर्भवती होने पर पिता ने जब उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया तो इस घटना का खुलासा हुआ।

पीड़िता ने परिजनो को बताया कि रिजवान उसे डरा-धमकाकर और उसकी वीडियो बनाकर और पिता की हत्या करने की धमकी देकर उसके साथ छह माह से लगातार दुष्कर्म करता रहा। अपर सत्र न्यायाधीश पोक्सो एक्ट कल्पना पांडे ने दोषी को 20 साल की सजा और 52 हजार रूपए का आर्थिक दंड लगाया।

जोधपुर जिले में गैस सिलेंडर फटने के हादसे में मृतकों का आंकड़ा 11 पहुंचा

जोधपुर। राजस्थान में जोधपुर जिले के शेरगढ़ क्षेत्र के भुंगरा गांव में शादी समारोह में रसोई गैस सिलेंडर फटने के हादसे में 4 और लोगों के दम तोड़ देने से मृतकों की संख्या बढ़कर 11 पहुंच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में गंभीर रुप से झुलसे लोगों में एक महिला एवं दो बच्चों सहित चार लोगों के और दम तोड़ देने से इसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 पहुंच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चों की मृत्यु हो चुकी है।

भुंगरा गांव में एक घर में विवाह समारोह में गुरुवार दोपहर को रसोई गैस सिलेंडर फटने से हुए हादसे में दो बच्चों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी जबकि 9 लोगों ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

हादसे के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल जाकर हादसे के घायलों की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने घायलों के उपचार के बारे में जानकारी ली और चिकित्सकों को घायलों के समुचित इलाज के लिए निर्देश दिए। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी और उनके परिजनों से मिले।इनके अलावा आज सुबह भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह भी घायलों से मिले।

भुंगरा गांव में हुए हादसे के मृतकों का पिछले तीन दिन से लगातार अंतिम संस्कार किया जा रहा हैं और गांव में मातम छा गया है और इस गमगीन माहौल में हर किसी के आंख में आंसू है।