Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 465 -
होम ब्लॉग पेज 465

सीकर में हिस्ट्रीशीटर राजू ठेहट की हत्या, 4 संदिग्ध हत्यारों की पहचानs

सीकर / जयपुर। राजस्थान के सीकर जिले में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजू ठेहट की आज सुबह बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्याकांड में शामिल चार संदिग्धों की पहचान कर ली गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीकर के पिपराली रोड़ पर इस दौरान बदमाशों की गोली से एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई। एक बदमाश ने पीले रंग की कोचिंग ड्रेस पहनी रखी थी और राजू ठेहट को अपने साथ फोटो खींचने के लिए बाहर बुलाया और साथ फोटो खिंचाने के बहाने गोली मार दी।

हमलावर चार लोग बताए जा रहे हैं और गोली मारने के बाद कुछ कदम चलने के पश्चात दौड़कर वापस आए और फिर गोलिया दागी गई। इस दौरान नागौर जिले के एक व्यक्ति के भी गोली लगने से उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि राजू ठेहट हत्याकांड में शामिल पांच संदिग्धों में से चार की पहचान कर ली गई है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पूरे प्रदेश में नाकाबंदी की गई है। उन्होंने बताया कि सीकर में स्थिति शांतिपूर्ण है और स्थिति पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है। इस मामले में जिन चार संदिग्धों की पहचान हुई है उनके नाम अभी उजागर नहीं किए गए है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंखाल कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। सीकर, झुंझुनूं, चूरु, श्रीगंगानगर सहित सीकर से लगते जिलों में पुलिस की कड़ी नाकाबंदी की गई हैं।

इस घटना के बाद वीर तेजा सेना ने सीकर बंद का आह्वान किया हैं और अस्पताल की मोर्चरी के बाहर भीड़ जमा हो गई। लोगों की भीड़ के बाजार घूमकर दूकाने बंद कराने पर बाजार में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद करनी शुरु कर दी। इसके मद्देनजर पुलिस ने शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया हैं और पुलिस के अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

उधर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि आज सीकर में जो घटनाक्रम हुआ, उससे एक बार पुन: सरकार का तंत्र और पुलिस का इंटेलिजेंस नाकाम साबित हुआ, दिन दहाड़े सरे आम सीकर शहर के कोचिंग क्षेत्र में जहां हजारों बच्चों का आना जाना रहता है, ऐसे घटनाक्रम में बच्चों की जान भी जा सकती थी।

बेनीवाल ने कहा कि पूरे मामले में जो वीडियो फुटेज सामने आए उससे यह जाहिर है की अपराधियों में किसी का कोई खौफ नहीं रहा, क्योंकि अपराधी अपना चेहरा दिखाते हुए और फायरिंग करते हुए बेखौफ जा रहे है उससे वो संदेश दे रहे है की हम सरकार और पुलिस के तंत्र से बड़े है। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक ने राज्य के पूरे पुलिस तंत्र को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा में लगा रखा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपना वक्तव्य देना चाहिए।

सबगुरु राशिफल : 3 दिसम्बर शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। मार्गशीर्ष मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 05.34 बजे बाद द्वादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप धार्मिक या शुुुभ प्रसंग में शामिल हो सकते हैं। रिस्की कार्यों से दूर रहें। आपके कार्य सरलतापूर्वक पूर्ण होते रहेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। यह न केवल आपका मन हल्का करेगा, बल्कि आप दोनों के बीच मतभेद दूर करने में भी मदद करेगा। अपने परिवार के साथ रुखा व्यवहार न करें। यह पारिवारिक शान्ति को भंग कर सकता है। संभव है कि कोई आपसे अपने प्यार का इज़हार करे। कामकाज के मोर्चे पर यह एक मुश्किल दिन हो सकता है। प्रभावशाली लोगों के सहयोग आपका उत्साह दोगुना होगा। विवाद, मतभेद और दूसरों की आप में कमियाँ निकालने की आदत को नजरअंदाज करें।

वृषभ :- अपनी दीर्घकालीन योजनाओं के साथ आगे बढ़ो, जैसा कि पहलुओं का दृढ़ संकल्प और संरचना का पक्ष है नई चीजों की कोशिश करने से डरो मत, खासकर जब आप अपने पसंदीदा लोगों के साथ हों। कार्यक्षेत्र में कोई आपसे दुर्व्यवहार कर सकता है। इसलिए तैयार रहें और प्रतिक्रिया न करें। आपकी लगन और मेहनत पर लोग गौर करेंगे और आज इसके चलते आपको कुछ वित्तीय लाभ मिल सकता है। आपकी ऊर्जा का स्तर ऊंचा रहेगा क्योंकि आपका प्रिय आपने लिए बहुत सारी खुशी की वजह साबित होगा। अपने उद्देश्यों की ओर शान्ति से बढ़ते रहें और सफलता मिलने से पहले अपने पत्ते न खोलें।

मिथुन :- आज मन चिंतामुक्त रह सकता है। कार्यों में विघ्न आने से कार्यपूर्ति में विलंब हो सकता है। सहकर्मियों का सहयोग प्राप्त करने में असफल रह सकते है। दांपत्य जीवन में तकरार का वातावरण रह सकता है अतः जीवनसाथी से सम्मानजनक तरीके से आचरण रखें। शाम के समय सफलता मिल सकती है। आपके हंसने-हंसाने का अंदाज आपकी सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा। आपको अपने जीवनसाथी से जुड़ी कोई ऐसी बात पता चल सकती है, जिसे आप कभी नहीं जानना चाहते थे। कार्यक्षेत्र में हिम्मत न हारें। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। आपके खर्चे बजट को बिगाड़ सकते हैं।

कर्क :- आज आपके व्यापार-धंधे में खूब सफलता मिलेगी। आज के दिन आपको राहत महसूस हो सकती है। सुनी-सुनाई बातों पर आंखें मूंदकर यकीन न करें और उनकी सच्चाई को भली-भांति परख लें। किसी के साथ पैसों की लेन-देन को लेकर सफल रहेंगे। देश-विदेश में व्यवसाय करने वालों को फायदा होगा। सब कुछ दोबारा जांचें और दूसरी राय प्राप्त करें, यह गलत समय और भ्रम की स्थिति के रूप में कुछ भी नया शुरू करने का एक अच्छा समय नहीं है, लेकिन पुराने मुद्दों को खत्म करने के लिए यह अच्छी अवधि है।

सिंह :- नौकरी पेशा के लोगों लिए समय अनुकूल है। आज के दिन आप अत्यधिक संवेदनशील रह सकते हैं। कार्यक्षेत्र की बात की जाए तो आज का दिन कार्यक्षेत्र को लेकर आपके लिए अत्यधिक लाभकारी साबित होगा। आर्थिक लाभ की प्राप्ति होगी। किसी की वाणी तथा बर्ताव की वजह से आपके मन को चोट लग सकती है तथा माता के स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आज आप बौद्धिक शक्ति से लेखनकार्य और सृजन कार्य अच्छी तरह से पूरे कर सकेंगे। आपका विचार किसी एक बात पर स्थिर नहीं रहेगा तथा उसमें लगातार परिवर्तन होता रहेगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है। यात्रा-प्रवास हो सके तो न करें।

कन्या :- आज स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही सेहत बिगाड़ सकती है। नकारात्मक विचारों को अपने पर प्रभावी न होने दें। आकस्मिक व्यय होने के संकेत हैं। मध्याह्न के बाद परिस्थिति में कुछ सुधार आ सकता है। स्वभाव में उग्रता रह सकती है। आज के दिन आपको मकान, वाहन, वगैरह के दस्तावेजों को अत्यंत संभालकर रखना होगा। परिवार का माहौल बिगड़े नहीं, इसके लिए वाद-विवाद टालें। माता का स्वास्थ्य बिगड़ेगा। धन-प्रतिष्ठा की हानि होगी। स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। व्यापार धंधे के लिए भावी योजना सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

तुला :- आज के दिन आप चिंता के बोझ से मुक्ति पा लेंगे। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगा। आज के दिन आप परिजनों की तरफ से विशेष ध्यान देने की कोशिश करेंगे। इस समय आपके आर्थिक आयोजन भी पूरे होंगे आपकी इच्छा शक्ति को प्रोत्साहन मिलेगा, क्योंकि आप बहुत पेचीदा हालात से निकलने में कामयाब रहेंगे। भावुक फैसला लेते वक़्त अपनी तार्किकता न छोड़ें। अनुमान नुकसानदेह साबित हो सकता है, इसलिए हर तरह का निवेश करते वक़्त पूरी सावधानी बरतें। आज आपके प्रिय की मनोदशा ज्वार-भाटे की तरह उतार-चढ़ाव भरी होगी।

वृश्चिक :- कभी कभी वैवाहिक जीवन वाकई काफी खीझ पैदा कर सकता है लगता है कि आपके लिए आज कुछ कुछ वैसा ही दिन है। शारीरिक-मानसिक सुख बने रहेंगे। मित्रों और स्वजनों के साथ आज का दिन खूब आनंद और उल्लास से व्यतीत करेंगे। आज मन खुश और शांत रहेगा। जीवनसाथी के प्रति विशेष आकर्षण अनुभव करेंगे, जिससे मधुरता रहेगी। प्रवास की संभावना और आर्थिक लाभ के योग हैं। आज के दिन किसी से छेड़छाड़ या किसी से झगड़ा, वाद-विवाद करने से बचे, इससे भविष्य में आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

धनु :- आपको आज के दिन विशेष रुप से हर प्रकार के कार्य में सफलता प्राप्त होगी लेकिन थोड़ा विलंब भी हो सकता है। धैर्य से काम करें आप अपने तमाम कार्य को जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे आर्थिक आयोजनों में अवरोध दूर होगा। किया गया हर कार्य सफलतापूर्वक पूरा होगा। घर परिवार और निजी जिंदगी से जुड़े कुछ खास काम आज आपके हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सफलता के योग है। कफ्यूजन दूर करने के लिए दिमाग में नया तरीका आ सकता है। विद्यार्थी के लिए आज का दिन अति उत्तम रहेगा। आज आपको अचानक कही यात्रा करने के लिए जाना पड़ सकता है। इसलिए आज तैयार रहे।

मकर :- आज साधारण सी बात दांपत्य जीवन में कलह का कारण बन सकती है। सांसारिक विषयों पर अपने व्यवहार को उदासीन बनाए रखें। वाद-विवाद से बचें। सामाजिक दृष्टि से अपमानित हो सकते हैं। चिंता के भार से स्वास्थ्य को हानि पहुंचेगी। वाद-विवाद से किसी के साथ संघर्ष हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में सावधानीपूर्वक कदम उठाएं। भावनाओं के प्रवाह में बहकर आप कोई अविचारी कार्य न कर बैठें, इसका ध्यान रखें। वाणी और व्यवहार में संयम तथा विवेक बनाए रखने की सलाह है। अपने अतिरिक्त खर्चों पर रोक लगाए नहीं तो आपको भविष्य में बहुत सारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

कुंभ :- आज उधार मांगने वाले लोगों को नजरअंदाज करें। अपनी बातों पर काबू रखें, क्योंकि इसके चलते बड़े बुजुर्ग आहत महसूस कर सकते हैं। बेकार की बातें करके समय बर्बाद करने से बेहतर है कि आप शांत रहें। आज आप अपने आसपास के लोगों के इरादे आसानी से समझ सकते हैं। कोई करीबी व्यक्ति आज आपको बात-बात में खास जानकारी दे सकते हैं। हर चुनौती को अलग करते हुए लगे रहने का समय है। अपने कामकाजी जीवन में अपने संपर्कों का फायदा उठाने में सफल हो सकते हैं। कफ्यूजन की स्थिति कार्यक्षेत्र में निर्मित हो सकती है।

मीन :- आज वही होगा जो आप चाहेंगे। आर्थिक मामलों में मजबूती मिलेगी। आज आप खुद में बदलाव महसूस करेंगे। नौकरी की दिशा में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। नए अवसर पर खुले मन से विचार करना होगा। खुद को किसी भी गलत और गैर जरूरी चीज से दूर रखें, क्योंकि आप उसकी वजह से मुश्किल में फंस सकते हैं। अगर आप किसी विवाद में उलझ जाएं तो तल्ख़ टिप्पणी करने से बचिए। आपका जीवन-साथी थोड़ा अजीब व्यवहार कर सकता है। लेकिन सब्र का बांध न टूटने दें। स्त्री वर्ग अपनी वाणी पर काबू रखें।

बारां में पट्टे के लिए रिश्वत मांगने के मामले में सरपंच जयप्रकाश नामदेव अरेस्ट

कोटा। राजस्थान में बारां जिले की शाहबाद ग्राम पंचायत के सरपंच जयप्रकाश नामदेव को आज भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के कोटा की विशेष शाखा की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

शाहबाद ग्राम पंचायत के सरपंच जयप्रकाश नामदेव पर करीब सात महीने पहले एक कपड़ा व्यापारी से उसकी दुकान का पट्टा बनवाने के बाद रजिस्ट्री करवाने के एवज में पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप था।

इस मामले में करीब सात माह पहले कपड़ा व्यापारी ने भ्रष्टाचार निरोधक विभाग को सरपंच जयप्रकाश नामदेव के खिलाफ लिखित में परिवाद दिया था जिसकी ब्यूरो की विशेष शाखा ने गत अप्रैल माह में ही सत्यापन करा लिया था और चार अप्रैल को सरपंच जयप्रकाश नामदेव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने का जाल बिछाया था।

फरियादी पांच हजार रुपए की रिश्वत की राशि लेकर सरपंच के पास गया भी सही लेकिन सरपंच को शक हो जाने पर उसने यह रिश्वत की राशि नहीं दी और फरार हो गया।

इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने सरपंच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और गत चार नवम्बर को ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग के शासन सचिव ने इस मामले में सरपंच के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियोजन स्वीकृति जारी कर दी थी। इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने 17 नवम्बर को सरपंच को उपस्थित होने के नोटिस दिया था लेकिन वह नहीं आया।

ब्यूरो की विशेष शाखा की टीम ने सरपंच जयप्रकाश नामदेव को आज बारां रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह गुना (मध्य प्रदेश) किसी शादी समारोह में जाने के लिए यात्री गाड़ी पकड़ने रेलवे स्टेशन आया था। ब्यूरो की टीम उसे अपने साथ लेकर कोटा आई है।

जैसलमेर : नाबालिग बालिका एवं युवक ने किया आत्महत्या प्रयास, बालिका की मौत

जैसलमेर। राजस्थान में जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थानान्तर्गत ताड़ान गांव में प्रेम प्रसंग के मामले में नाबालिग बालिका एवं युवक ने आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसमें किशोरी की मौत हो गई जबकि युवक फंदा टूटने से बच गया और नीचे गिरकर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नजदीकी रिश्ते में भाई बहन लगने वाले बालिका एवं एक युवक के बीच में प्रेम प्रसंग के मामले में मंगलवार को दोनों ने संयुक्त रूप से आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसमें 15 साल की बालिका की मृत्यु हो गई जबकि युवक का फंदा टूटने से वह बच गया व नीचे गिरकर फरार हो गया।

पुलिस ने घटना स्थल से लड़के का जैकेट एवं हाथ के जुराब बरामद किए हैं। बुधवार को पुलिस ने नाबालिग बालिका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द किया। इस मामले का मुकदमा महिला पुलिस थाना में दर्ज किया गया हैं जिसमें पुलिस ने दोनों एंगल से मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि युवक शिवराम मेघवाल एवं एक नाबालिग बालिका रविवार से अपने घर से गायब थे, जिन्हें परिजन पूरे दिन ढूंढ रहे थे। मंगलवार को ताड़ाना के पास एक खेत में रेतीले टीले पर नाबालिग बालिका का शव खेजड़ी लटका हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने फंदा लगाया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि युवक ने पतली रस्सी से फंदा लगाने का प्रयास किया है, वहीं बालिका ने अपनी चुन्नी से आत्महत्या का प्रयास किया। युवक के फंदे की पतली रस्सी के होने के कारण वजन पड़ते ही टूट गई। युवक मौके से ही फरार हो गया। वहीं बालिका की मौके पर ही मौत हो गई।

हनुमानगढ़ जंक्शन में परिवहन उप निरीक्षक 90 हजार की घूस लेते अरेस्ट

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जंक्शन में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज शाम परिवहन विभाग के उपनिरीक्षक बलवान को परिवादी से 90 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गरफ्तार किया।

ब्यूरो के सूत्रों के अनुसार हनुमानगढ़ जिले में संगरिया के एक ट्रांसपोर्टर ने ब्यूरो में शिकायत की कि परिवहन उप निरीक्षक बलवान द्वारा उसे मासिक बंधी दिए जाने के लिए परेशान किया जा रहा है।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज हनुमानगढ़ जंक्शन में सिविल लाइंस में सब इंस्पेक्टर बलवान को अपने किराए के मकान में ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक से 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।

एसीबी के सूत्रों के अनुसार इस ट्रांसपोर्ट कंपनी के कई ट्रक चलते हैं। रास्ते में इन ट्रकों की चेकिंग और चालान नहीं काटने की एवज में सब इंस्पेक्टर बलवान संचालक से डेढ़ लाख की मासिक बंधी मांग रहा था। बाद में वह एक लाख रुपए मांगे लगा, लेकिन फिर 90 हजार रुपए में सहमत हो गया।

गिरफ्तार किया गया सब इंस्पेक्टर बलवान जिले में ही नोहर तहसील क्षेत्र के गांव का अरड़की का निवासी है। हनुमानगढ़ में एसीबी चौकी के डीएसपी रविंद्रसिंह उनके पैतृक मकान की सर्चिंग कर रहे हैं, जबकि सीआई गुरमेल सिंह की टीम उसके हनुमानगढ़ सिविल लाइन स्थित किराए के मकान की सर्चिंग कर रही है। आरोपी को कल श्रीगंगानगर में एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

सैमसंग करेगी 1000 इंजीनियरों की नियुक्ति

नई दिल्ली। उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी सैमसंग इंडिया अपने शोध एवं विकास (आरएंडडी) इंस्टीट्यूट के लिए लगभग 1000 इंजीनियरों को नियुक्त करने की योजना बना रही है।

कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि ये युवा इंजीनियर 2023 में कंपनी में शामिल होंगे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, इमेज प्रोसेसिंग, आईओटी, कनेक्टिविटी, क्लाउड, बिग डेटा, बिजनेस इंटेलिजेंस, प्रेडिक्टिव एनालिसिस, कम्युनिकेशन नेटवर्क्स, सिस्टम ऑन ए चिप (एसओसी) और स्टोरेज सॉल्यूशंस पर काम करेंगे।

सैमसंग कंप्यूटर साइंस और उससे संबंधित सभी ब्रांच, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), इलेक्ट्रॉनिक्स इंस्ट्रूमेंटेशन, एंबेडेड सिस्टम और कम्युनिकेशन नेटवर्क जैसे कई क्षेत्रों से इंजीनियरों की भर्ती करेगा। इसके अलावा सैमसंग मैथमेटिक्स और कंप्यूटिंग और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग जैसे विषयों से भी हायरिंग करेगा।

सैमसंग इंडिया में ह्यूमन रिसोर्स के प्रमुख समीर वाधवन ने कहा कि नवाचार और अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी पर ध्यान केन्द्रित करने के साथ सैमसंग के शोध एवं विकास केंद्रों का लक्ष्य भारत के टॉप इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट से नए टैलेंट को हायर करना है, जो बड़े बदलाव लाने वाले नवाचार, प्रौद्योगिकी, उत्पाद और डिजाइनों पर काम करेंगे। इसमें भारत केंद्रित इनोवेशन भी शामिल हैं, जो लोगों के जीवन को और भी बेहतर बनाएंगे। यह डिजिटल इंडिया का मजबूत बनाने के हमारे विजन के अनुरूप है।

दिल्ली के बाद कर्नाटक में भी लिव-इन पार्टनर की हत्या से सनसनी

बेंगलूरु। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की सनसनीखेज हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि कर्नाटक की राजधानी बेंगलूरु में भी एक ऐसी ही घटना में नेपाल की मूल निवासी कृष्णा कुमारी की घर के अंदर दीवार से सिर पीट पीटकर हत्या किए जाने के मामले से सनसनी फैल गई है।

रिपोर्ट के अनुसार बेंगलुरु पुलिस ने बुधवार को शहर के होरमावु इलाके में तीखी बहस के बाद घर के अंदर एक दीवार से अपने लिव-इन पार्टनर का सिर पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में संतोष धामी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मृतक की पहचान बेंगलूरु में रहने वाली नेपाल की मूल निवासी कृष्णा कुमारी के रूप में हुई है।

यह घटना दिल्ली के सनसनीखेज हत्याकांड के ठीक बाद हुई है जिसमें आफताब अमीन पूनावाला ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वकार का गला घोंट दिया और उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए। श्रद्धा की हत्या मई में हुई थी लेकिन यह घटना हाल ही में सामने आई।

कृष्णा कुमारी एक सैलून में ब्यूटीशियन का काम करती थी और आरोपी संतोष धामी के साथ रहती थी। बुधवार को दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और संतोष ने गुस्से में कुमारी को घसीट लिया और उसका सिर घर के अंदर दीवार से दे मारा। कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ ही घंटों में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों पिछले कई सालों से बेंगलूरु के होरमावु इलाके में साथ रह रहे थे।

पूर्वी डिवीजन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) भीमाशंकर एस गुलेड ने कहा कि एक महिला कृष्णा कुमारी को उसके लिव-इन पार्टनर संतोष धामी ने मार डाला, क्योंकि उसने तीखी बहस के बाद बेंगलुरु के होरामावु में उसका सिर दीवार से जोर से टकरा दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कहा है कि जल्द ही और खुलासा किया जाएगा।

गुड़गांव : विवाहिता से रेप के दोषी मकान मालिक को 10 साल की कैद

गुड़गांव। हरियाणा में गुड़गांव की एक अदालत ने एक विवाहित महिला से बलात्कार के आरोप में मकान मालिक को दोषी करार देते हुए 10 साल के कैद की सजा सुनाई है।

अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राहुल बिश्रोई की अदालत ने इसी के साथ दोषी पर 15 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है जो भुगतान न करने पर दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

अभियोजन पक्ष के अनुसार पीड़िता ने पिछले साल 22 नवंबर को भौंडसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मकान मालिक विजय ने उसके साथ जबरदस्ती की थी। घटना के समय उनका पति काम पर गया हुआ था और बच्चे ट्यूशन पर गए थे, जिससे घर में वह अकेली थी।

शिकायत के अनुसार पीड़िता ने बताया कि बाद में आरोपी ने उसके पति के साथ भी मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपी विजय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 376 (2) (एन) और 506 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

रायबरेली में प्रेम प्रसंग के चलते विवाहिता की हत्या, आरोपी अरेस्ट

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली के भदोखर इलाके में प्रेम प्रपंच के चलते एक विवाहिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपी को घटना के चंद घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात भदोखर इलाके में एक महिला का शव मिला था जिसकी शिनाख्त मिल एरिया के छजलापुर निवासी नीलू साहू (30) के तौर पर की गई थी। मृतका के शव पर धारदार हथियार से गला रेतने के निशान मिले जिससे अंदाजा लगाया गया कि महिला का अपहरण करके उसकी हत्या कर दी गई है। शव को मिल एरिया से दूर भदोखर इलाके के सुनसान जगह में शव फेंका गया है।

पुलिस को मृतका के पति ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी के डीह के रहने वाले राजेश साहू से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजेश साहू को आज सुबह मालिकमऊ इलाके में धर दबोचा जब वह किराए के कमरे से भागने की फिराक में था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतका का पति आर्थिक रूप से कमजोर था इसलिए नीलू उसका आर्थिक रूप से शोषण कर रही थी और बराबर पैसे मांगती थी मना करने पर वह उसे बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। इन कारणों से वह आर्थिक और मानसिक रूप से काफी तनाव में था, इसलिए उसने मृतका को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उसे राशन कार्ड बनवाने के बहाने धोखे से भदोखर इलाके में धारदार हथियार से उसका गला रेत कर हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त किया गया धारदार हथियार बांका खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल आदि बरामद की गई है। पुलिस ने अपहरण व हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

अलजाइमर की दवा बनाने की दिशा में मिली एक महत्वपूर्ण कामयाबी

लंदन। ब्रिटेन के अलजाइमर्स रिसर्च के एक हालिया शोध को अलजाइमर की प्रभावी दवाई बनाने की दिशा में मिली अभी तक की सबसे महत्वपूर्ण कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इस शोध से दिमाग की इस लाइलाज बीमारी से लोगों को बचाने के लिए अभी तक के हुए शोधों की नाकामयाबी के बीच उम्मीद की एक किरण नजर आई है।

अभी तक इस बीमारी में दी जाने वाली दवाई लैकानेमैब का मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य पर थोड़ा बहुत ही असर नजर आता था। इसके अलावा बीमारी के शुरूआती दौर में ही यह दवाई मरीजों के लिए कुछ फायदेमंद नजर आती है।

नवीनतम शोध के बाद आई दवाई अलजाइमर की बीमारी की चपेट में आने वाले मरीज के दिमाग में बनने वाले बीटा एमीलॉयड पर हमला करती है। अभी तक इस मामले में चिकित्सा क्षेत्र में पर्याप्त निराशा रही है और इस नई उम्मीद की किरण को एक प्रभावीशाली टर्निंग पॉइंट के रूप में देखा जा रहा है।

प्रो़ जॉन हार्डी ने कहा कि इस बीमारी से निपटने को एमीलॉयड को निशाना बनाए जाने का यह आइडिया 30 साल पहले के दुनिया के जाने माने शोधकर्ताओं का है। यह ऐतिहासिक और बेहद सकारात्मक शोध है जिसे अल्झाइमर्स से निपटने की शुरूआत के रूप में देखा जा रहा है।

एडिनबर्ग यूनीवर्सिटी की प्रो़ तारा स्पाईर्स जोंस ने कहा कि यह परिणाम बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि काफी समय से हम पूरी तरह से असफल हो रहे हैं। अभी तक अलजाइमर के मरीजों को हम केवल वे दवाइयां दे रहे हैं जिनसे उनके दिखाई दे रहे लक्षणों को मैनेज करने में मदद मिले लेकिन हकीकत में बीमारी पर इससे कोई प्रभाव या बदलाव नहीं हो रहा।