Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 467 -
होम ब्लॉग पेज 467

सत्येंद्र जैन ने वीडियो लीक मामले में अवमानना ​​याचिका वापस ली

नई दिल्ली। धन शोधन मामले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने जेल के सीसीटीवी वीडियो लीक मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में दायर याचिका वापस ले ली है जिसमें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ अवमानना कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

जैन के अधिवक्ता ने विशेष न्यायाधीश विकास ढल से कहा कि तिहाड़ जेल की सीसीटीवी फुटेज मीडिया को लीक होने के मामले में दायर याचिका वापस लेना चाहते है। इसके बाद अदालत ने उन्हें याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में राहत के लिए उचित मंच पर जाएंगे।

अदालत ने कहा कि आरोपी सत्येंद्र कुमार जैन की मेडिकल स्थिति के संबंध में आदेश दिनांक 22 और 23 नवंबर के अनुपालन में रिपोर्ट तिहाड़ जेल नई दिल्ली से अदालत की ईमेल से मिली है। आवेदक के वकील का अनुरोध पर कल इसे मुख्य मामले के साथ पेश किया जाएगा।

उन्होंने तिहाड़ जेल अधीक्षक से आरोपी सत्येंद्र कुमार जैन को कल वर्चुअल माध्यम से पेश करने का निर्देश दिए। विशेष अदालत ने 26 नवंबर को सत्येंद्र जैन की उस अर्जी को खारिज कर दिया जिसमें तिहाड़ जेल में उन्हें उनकी धार्मिक आस्था के अनुसार खाद्य सामग्री मुहैया कराने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

सत्ता विरोधी रुझान को भाजपा ने दिया जन आक्रोश नाम : सतीश पूनियां

डूंगरपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने राज्य की कांग्रेस सरकार को अब तक की सबसे नकारा, निकम्मी, अकर्मण्य, भ्रष्ट और अराजक सरकार करार देते हुए कहा है कि उसकी वादाखिलाफी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बेरोजगारी एवं लगातार जनता की अनदेखी के कारण बने सत्ता विरोधी रुझान को भाजपा ने जन आक्रोश नाम दिया है और जनता की उन्हीं चीजों को मुखर करने के लिए जन आक्रोश अभियान शुरू किया जा रहा हैं।

डा पूनिया सोमवार को डूंगरपुर पार्टी जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के जन आक्रोश अभियान की विधिवत शुरूआत एक दिसंबर को जयपुर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जनआक्रोश रथों की रवानगी से करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे और एक से 14 दिसंबर तक दो करोड लोगों से जनसंपर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो सो विधानसभा क्षेत्रों में 75 हजार किलोमीटर ये रथ चलेंगे और पार्टी के कार्यकर्ता जनता से जनसंपर्क करेंगे।

उन्होंने कहा कि राजनीति में चुनी हुई सरकार की स्थिरता यह बड़ा मुद्दा होता है जहां अस्थिरता होती है उससे प्रदेश के विकास को तकलीफ होती है, कांग्रेस सरकार के अस्थिरता के हालात बने हुए हैं lऐसी अस्थिरता की सरकार के कारण रोजगार को तकलीफ होती है, निवेश को होती है, कानून व्यवस्था को होती है, कांग्रेस की जो नूरा-कुश्ती है, कांग्रेस का जो अंतर्कलह है, कांग्रेस का जो विग्रह है, कांग्रेस का जो अंतर्द्वंद है, कांग्रेस आलाकमान की जो कमजोरी है, कांग्रेस में नेतृत्व का जो झगड़ा है, उन सबके के कारण राजस्थान की जनता को तकलीफ हुई है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में सत्ता बदलती है जन धारणा से, परसेप्शन से, वह परसेप्शन कांग्रेस के खिलाफ है और इस कारण इस बार कांग्रेस की सरकार नहीं आएगी। पूनिया ने कहा कि जनता का सरकार विरोधी रुझान चल रहा है लेकिन इसे खाली सत्ता विरोधी रुझान ही नहीं कहेंगे, यह जनाक्रोश है और इसलिए यह भाजपा का जो जन आक्रोश अभियान है, यह जनता की उन्हीं चीजों को मुखर करने के लिए किया है।

उन्होंने बताया कि सभी विधानसभाओं में प्रभारी एवं सह-प्रभारी तैनात कर दिए गए हैं, जो मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचा तय करेंगे। इस माध्यम से पांच लाख कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण सक्रिय सहभागिता होने वाली है। उन्होंने कहा कि जन आक्रोश यात्रा की जरूरत क्या है, यह उत्सुकता सबमें है, जन आक्रोश यात्रा का स्वरूप क्या होगा, इसका राजस्थान की राजनिति पर प्रभाव क्या होगा, ऐसे कुछ प्रश्न मन में होते हैं।

वर्ष 1952 के बाद में जब चुनाव हुए उसके बाद राजस्थान में कांग्रेस को शासन करने का अवसर मिला लगभग 50-55 वर्षों तक। उसके बाद 90 के बाद में राजनीतिक रूप से बदलाव आया और धीरे धीरे अल्टरनेट सरकारें बनती रही, कभी भाजपा आयी कभी कांग्रेस आयी, कभी भाजपा और जनता दल और लोकदल की संयुक्त सरकारें बनी, लेकिन राजनैतिक तौर पर जब कोई सरकार लोक कल्याणकारी होने का दावा करती है तो उस सरकार का एक नैतिक कर्तव्य होता है किसी भी प्रदेश की प्रगति के जो कारक और मानक होते हैं उनको आगे विकसित करने का काम करें, लेकिन निराशा हुई।

डा पूनियां ने कहा कि राजस्थान के इतिहास में इस तरीके की नकारा, निकम्मी, अकर्मण्य, भ्रष्ट और अराजक सरकार नहीं देखी, इससे पहले भी कांग्रेस की सरकार थी। साल 2018 में कांग्रेस का जो विग्रह शुरू हुआ, जब राजभवन मेें मुख्यमंत्री की शपथ के बाद भी दो-दो मुख्यमंत्रियों के नारे लगे, उसके बाद लगातार मंत्रिमंडल के गठन को लेकर झगडा, सचिवालय में कमरे किसको कौन सा मिले इसका झगड़ा, गाड़ी किसको कैसी मिले इसका झगड़ा और अततः परिणीति यह हुई की इस विग्रह के कारण राजस्थान की जनता कोरोना का दंश झेल रही थी तो भी यह सरकार या तो भेदभाव कर रही थी या लापरवाही कर रही थी।

यह तो भला हो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिन्होंने समय पर प्रदेशवासियों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध करवाई और एक समर्पित अभियान से राजस्थान के आठ करोड़ लोगों को वैक्सीन उपलब्ध करवाकर उनके जीवन की सुरक्षा की।

सबको एक साथ जोड़ना आरएसएस का सपना : मोहन भागवत

दरभंगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघ चालक मोहन भागवत ने सभी को साथ जोड़कर चलने को संघ का सपना बताया और कहा कि इसकी बदौलत एक ऐसे भारत का निर्माण करना है, जहां सभी राष्ट्र सेवा को समर्पित होंगे ताकि आरएसएस की पट्टी लगाने की जरूरत नहीं रह जाए।

भागवत ने सोमवार को दरभंगा के नागेंद्र झा स्टेडियम में आरएसएस नागरिक एकत्रीकरण को संबोधित करते हुए कहा कि संघ का सपना सभी को एक साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि एक ऐसे भारत का निर्माण करना है, जहां सभी राष्ट्र सेवा करें ताकि आरएसएस के नाम वाली पट्टी हट जाए, आरएसएस वाली पट्टी लगाने की जरूरत न पड़े।

संघ प्रमुख ने कहा कि आरएसएस समाज को जोड़ने का काम करता रहेगा। उन्होंने तमाम देशवासियो को भी संघ से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि समाज और देश को जोड़ना संघ का काम है। लोग जुड़कर खुद विवेचना करे और खुद फैसला भी करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि खुद उनके भाषण पर भी लोग विश्वास न करे बल्कि संघ से जुड़ वास्तविकता को देखे और पहचान करें।

भागवत ने कहा कि देश में रहने वाले सभी लोग हिन्दू हैं। वर्तमान में वे चाहे जो कुछ है लेकिन जिनके पूर्वज हिन्दू थे वे आज भी हिन्दू ही हैं। उन्होंने कहा कि समय की मांग है भारत विश्व गुरू बने और ऐसा विश्व गुरु बने जिसे कोई आंख न दिखा सके और यदि कोई आंख दिखाए तो उसकी आंखें फूट जाए।

संघ प्रमुख ने कहा कि महिला को मातृत्व शक्ति के नजरिये से देखना चाहिए। महिला कोई उपभोग की चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि दूसरे के धर्म की इच्छा मत करो। साथ ही गलत तरीके से कमाए गए रुपए का परिणाम अंतरी फाड़ कर निकलता है।

बिहार के पूर्व मंत्री और आरएसएस से जुड़े जीवेश मिश्रा ने कहा कि दरभंगा की धरती से जो ऊर्जा का संचार भागवत ने कराया है वह पूरे देश में जाएगा और लोग इससे प्रभावित होकर संगठन से जुड़ देश की सेवा में अपना योगदान देंगे।

अलवर में मन्दबुद्धि नाबालिग से रेप का आरोपी 3 माह बाद अरेस्ट

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के माला खेडा थाना क्षेत्र में मन्दबुद्धि नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि करीब 3 महीने पहले मालाखेड़ा इलाके में एक नाबालिग मंदबुद्धि बालिका को राखी बांधने के बहाने घर बुलाकर दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रभाती लाल जाट (55) निवासी बरखेड़ा थाना मालाखेड़ा को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी पीडिता के रिश्ते में मामा लगता है। 22 अगस्त को राखी बांधने के लिए मामा द्वारा घर बुलाने पर वह अकेली गई थी। उसने मामा की राखी भी बांधी। बाद में मामी के इशारे पर मामा ने बंधक बना शराब पीकर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार बलात्कार किया। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया।

सूचना पर मौके पर पहुंच टीम ने आरोपी को दबोच लिया। अनुसंधान में जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

बागपत में कक्षा 10वीं की छात्रा के साथ रेप करने वाला अरेस्ट

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बिनौली थाना क्षेत्र के एक गांव में परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देकर छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इस क्षेत्र के एक गांव में अल्पसंख्यक समुदाय का युवक कक्षा दसवीं की छात्रा के साथ उसके माता-पिता और भाई को जान से मारने की धमकी देकर एक वर्ष तक गांव की ही एक युवती के सहयोग से नशीला पदार्थ सुंघाकर रेप करता रहा।

स्वजनों ने मामले का पता चलने पर हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं की मदद से बिनौली थाने पर आरोपी आदिल के खिलाफ धारा 376, 328, 506, पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी को रविवार देर शाम माखर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर बागपत न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

श्रद्धा हत्याकांड : दिल्ली में आफताब को ले जा रही पुलिस वैन पर हमला

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में बहुचर्चित श्रद्धा वाकर हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला को ले जा रही पुलिस वैन पर अज्ञात लोगों ने हमला किया जहां उसे पॉलीग्राफ परीक्षण के लिए लाया गया था।

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी इलाके में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के बाहर कुछ हमलावरों के हाथों में कथित तौर पर तलवारें थीं और उन्होंने पुलिस वैन पर हमला किया जिसमें आफताब को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए ले जाया गया था। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने कुछ हमलावरों को हिरासत में लिया है और तलवारें भी बरामद की हैं।

पुलिस ने कहा कि आफताब ने कथित तौर पर अपने लिव-इन पार्टनर श्रद्धा के 35 टुकड़े कर दिए थे और लंबे समय तक उन्हें दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर फेंक दिया था। पुलिस ने आफताब को दिल्ली से गिरफ्तार किया था।

गत आठ नवंबर को मुंबई के थाना माणिक पुर के कर्मचारियों ने एक महिला के लापता होने के संबंध में दिल्ली के महरौली थाना में रिपोर्ट दी। उक्त लापता महिला छतरपुर पहाड़ी इलाके में आफताब के साथ रह रही थी और इलाके से लापता हो गई थी। पुलिस ने कहा कि इसलिए नौ नवंबर को महरौली थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

जहरा एस खान के नए गाने फकीरन का हिस्सा बनी मौनी रॉय

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी राय गायिका ज़हरा एस खान के गाना फकीरन में नजर आएंगी। टी सीरीज़ बैनर का नया ट्रैक फकीरन 30 नवम्बर को रिलीज़ होने के लिए तैयार है। इस गाने को ज़हरा एस खान ने अपनी दमदार आवाज़ से स्वरबद्ध किया है, और तनिष्क बागची ने गाने के म्यूजिक के साथ गाने के बोल भी लिखे हैं। इस गाने में मौनी रॉय नजर आएंगी।

ज़हरा एस खान ने कहा कि मुझे लगता है कि मौनी को इस अदभुत ट्रैक का हिस्सा बनाना सबसे अच्छा निर्णय था। जब मैं इस गाने की रिकॉर्डिंग कर रही थी तब मेरे दिमाग में यही चल रहा था कि मौनी इस गाने के साथ जस्टिस करेंगी। वे इस टीम का अदभुत हिस्सा हैं और हमें पूरा भरोसा है की उन्होंने इस गाने के साथ पूरा जस्टिस किया है।

मौनी रॉय ने कहा कि मैंने ज़हरा के सभी गाने सुने हैं और हर बार, मुझे लगता है कि उनकी आवाज़ में एक नयापन और यूनिक टेक्सचर है। जब मुझे पता चला कि मैं इस गाने का हिस्सा बनने जा रही हूं तो मैं बहुत उत्साहित थी।

अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों कांग्रेस के ‘एसेट’ : राहुल गांधी

इंदौर। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रहे विवाद को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज कहा कि दोनों नेता पार्टी के ‘एसेट’ (पूंजी) हैं।

राहुल गांधी आज अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान इंदौर के करीब बरौली में संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राजस्थान संकट के संदर्भ में कहा कि किसने किसी के बारे में क्या कहा, वे इस विषय में नहीं जाना चाहते। इस के साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान के दोनों नेता कांग्रेस के ‘एसेट’ हैं।

गांधी की यात्रा मध्यप्रदेश के बाद राजनीतिक हलचल का केंद्र बन रहे राजस्थान की सीमा में चार दिसंबर को प्रवेश करेगी। इस संदर्भ में पूछे गए सवाल पर गांधी ने कहा कि इन सभी चीजों का उनकी यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

गहलोत का कुछ दिन पहले एक साक्षात्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वे सचिन पायलट के खिलाफ अप्रत्याशित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुनाई दे रहे थे। गांधी इसी संदर्भ में प्रतिक्रिया दे रहे थे।

आईआईटी-मद्रास के छात्रों ने लाॅन्च की देश की पहली इलेक्ट्रिक फॉर्मूला रेसिंग कार

चेन्नई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के छात्रों ने सोमवार को देश की पहली इलेक्ट्रिक फॉर्मूला रेसिंग कार लॉन्च की। कार ‘आरएफ 23’ को पूरी तरह से छात्रों के समूह ‘टीम रफ्तार’ ने बनाया है, जिसकी डिजाइन, निर्माण और परीक्षण में लगभग एक वर्ष का समय लगा है।

प्रदर्शन को लेकर छात्रों का अनुमान है कि इसकी रफ्तार और चक्कर पूरा करने में पुराने ईंधन वाले इंजन के मॉडल के मुकाबले वृद्धि देखी जा सकती है, क्योंकि इलेक्ट्रिक इंजन से इसे ज्यादा ताकत मिलती है।

टीम रफ्तार का लक्ष्य विश्व की बेहतरीन फॉर्मूला छात्र समूह बनते हुए देश में लगातार नवाचार और स्थिर तकनीक के साथ फॉर्मूला छात्र संस्कृति को बढ़ावा देना है। टीम रफ्तार में विभिन्न पाठ्यक्रमों के 45 छात्र शामिल हैं और यह आईआईटी मद्रास के सेंटर फॉर इनोवेशन की प्रतिस्पर्धा टीम है।

अपनी इस कार के साथ टीम भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना चाहती है। टीम रफ्तार आरएफ 23 को दुनिया के मशहूर फॉर्मूला छात्र कार्यक्रम यानी फॉर्मूला स्टूडेंट जर्मनी में अगस्त 2023 में ले जाने का विचार कर रही है, जहां दुनिया भर की सर्वश्रेष्ठ टीमें हिस्सा लेती हैं।

आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी कामाकोटि ने आरएफ 23 से पर्दा उठाते हुए संवाददाताओं से कहा कि ईंधन से इलेक्ट्रिक वाहनों पर आना आवश्यक है। हमें वैश्विक रुझान स्वच्छ परिवहन को ध्यान में रखते हुए कार्य करने होंगे। उन्होंने कहा कि कोयंबटूर में कारी मोटर स्पीडवे पर होने वाले फॉर्मूला भारत कार्यक्रम में टीम हिस्सा लेगी जिसका आयोजन जनवरी 2023 में होगा।

आईआईटी मद्रास की टीम रफ्तार की प्रसंशा करते हुए फैकल्टी एडवाइजर प्रो सत्यानारायण शेषधारी ने कहा कि रफ्तार एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनेगा जो भविष्य के नवाचारों जैसे बिना चालक की गाड़ी और मोबाइल तकनीक से जुड़े निर्माण करेगा।

टीम रफ्तार के कप्तान कार्तिक करुमांची ने कहा कि हमारा प्रारंभिक कार्य एक सुरक्षित, कारगर और भरोसेमंद वाहन का निर्माण करना है। हम इस लक्ष्य के करीब वर्तमान में उद्योग में आ रही समस्याओं पर विचार कर पहुंचे और इस कड़ी में तकनीकी सुझाव प्रदान कर रहे हैं।

अलवर : सुबह घूमने के दौरान महिला कांग्रेस नेता के साथ छेडछाड का प्रयास

अलवर। राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में महिला कांग्रेस की नेता के साथ आज सुबह घूमने के दौरान बाइक सवार युवक ने छेड़छाड़ कर दी और वह नीचे जमीन में गिरते हुए बाल बाल बच गई।

घटना के समय तो बाइक सवार युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गया लेकिन उसके बाद वह युवक बाइक लेकर दुबारा आया तब उन्होंने अपने हाथ में पत्थर उठा लिया। घटना होने के बाद महिला नेता शिकायत देने के लिए थाने पहुंची।

सूचना पर पुलिस ने जिस जगह उनके साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी हुई वहा पहुंच कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे लेकिन कुछ नही मिला। उसके बाद पुलिस अब कंट्रोल रूम अभय कमांड सेंटर पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे चेक करने में लगी हुई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

महिला कांग्रेस नेता ने बताया कि वह रोजाना सुबह 6 बजे अपने घर से घूमने के लिए जाती है आज रोजाना की तरह सुबह वह घूमने जा रही थी तभी पीछे से बाइक सवार एक युवक उनके पीछे आया और छेड़छाड़ कर बदतमीजी कर फरार हो गया जिससे वह नीचे जमीन पर गिरते हुए बच गई।

इसके बाद वह अरावली विहार थाना पर पहुंची और पूरे मामले को लेकर पुलिस को अवगत कराया और एक शिकायत पुलिस को दी गई जिस पर पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार युवक को तलाश करने में जुटी हुई है।