Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 469 -
होम ब्लॉग पेज 469

जौनपुर : प्रेम प्रसंग में प्रेमी की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के फरीदपुर गांव में शनिवार देर रात प्रेमिका के घर वालों ने प्रेमी प्रेमी की लाठी- डंडे से पीट कर हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में कई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार जिले में खेतासराय थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव निवासी 19 वर्षीय धनबली बिंद का फरीदपुर गांव की एक किशोरी से तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों का ननिहाल शाहगंज क्षेत्र के एक गांव में है। दोनों काफी समय से एक-दूसरे से मिलते-जुलते भी थे। जब इसकी भनक स्वजन को हुई तो उन्हें समझाया भी गया। इसके बावजूद दोनों चोरी-छिपे मिलते रहते थे।

इसबीच युवती की शादी स्वजनों ने कहीं और तय कर दी तो इसके बाद प्रेमी ने युवती की कुछ आपत्तिजनक तस्वीर भेज दी, जिसके बाद शादी टूट गई। शनिवार की रात युवती ने प्रेमी को घर बुलाया तो पास में घर के कई लोग ताक में लगे थे। गांव पहुंचते ही धनबली को लाठी डंडे और चाकू से कई बार वार करने के बाद उसे पास ही खेत में फेंक दिया।

इसकी जानकारी युवती (प्रेमिका) ने प्रेमी के घरवालों को दे दी। स्वजन और पुलिस घायल प्रेमी को लेकर सीएचसी शाहगंज पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मामले दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हे और पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है।

राजस्थान में गहलोत सरकार 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी : धर्मेन्द्र राठौड़

अजमेर। राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की गहलोत सरकार 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी। राठौड़ आज एक दिवसीय अजमेर प्रवास के दौरान पत्रकारों से औपचारिक बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आज जारी हुए स्थानीय निकाय एवं जिला पंचायत के उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी भारी मतों से विजयी हुए हैं। उपचुनावों में मतदाताओं ने अशोक गहलोत के विकास कार्यों पर मुहर लगाई है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में सरदारशहर उपचुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होगा एवं आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार रिपीट होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में फर्क है और उनकी जुमलेबाजी अब नहीं चलेगी। आम मतदाता जागरूक हो गया है। वह भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठा है।राठौड़ ने आरोप लगाया कि राजस्थान की लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई गहलोत सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा फिर एक बार जोड़-तोड़ पर लग गई हैं। लेकिन उनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।

इससे पहले राठौड़ ने ग्राम मुहमी में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बीरम सिंह रावत के आकस्मिक निधन पर उनके निवास स्थान पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की एवं उनके परिवार जनों को सांत्वना दी।

राठौड़ का अजमेर पहुंचने पर पूर्व विधायक डॉ राजकुमार जयपाल, राजस्थान ललित कला अकादमी की सदस्य ममता चौहान, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान महासचिव शिव कुमार बंसल, नौरत गुर्जर, महेश चौहान, अजय कृष्ण तेंगौर, सर्वेश पारीक, नांदला सरपंच मान सिंह रावत, सुरेंद्र रावत, गुल मोहम्मद, हुमायूं खान, पुनीत सांखला, हरिप्रसाद जाटव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

केन्द्र सरकार के विरूद्ध देश में जन आक्रोश चरम पर है : गोविंद सिंह डोटासरा

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार के विरूद्ध राजस्थान ही नहीं पूरे देश में जन अक्रोश चरम पर है।

डोटासरा ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी भाजपा द्वारा राज्य की कांग्रेस सरकार के विरूद्ध आज जारी जन अक्रोश आरोप पत्र पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के प्रदेश के नेता झूठे तथ्यों के आधार पर राजस्थान की जनकल्याणकारी कांग्रेस सरकार जिसके गुड गर्वनेन्स एवं जनहितकारी फैसलों की सराहना देश ही नहीं विश्व कर रहा है, को बदनाम करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की जनता से ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट जिसके द्वारा प्रदेश की 43 प्रतिशत आबादी को पीने का पानी तथा दो लाख हेक्टयर अतिरिक्त सिंचित भूमि मिलेगी को राष्ट्रीय परियोजना बनाने का वादा किया था, किन्तु प्रदेश से जलशक्ति मंत्री होते हुए भी उक्त वादा केन्द्र की भाजपा सरकार भुला चुकी है।

डोटासरा ने कहा कि प्रदेश से चुने हुए 25 के 25 सांसद मौन हैं, जिस कारण प्रदेश की जनता भाजपा के विरूद्ध आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने 9600 करोड़ रूपए बजट में आवंटित कर परियोजना को प्रारम्भ किया है तथा केन्द्र सरकार द्वारा सहायता ना करने पर भी परियोजना को पूर्ण करने का बीड़ा उठाया है।

उन्होंने कहा कि महंगाई एवं बेरोजगारी कम करने में नाकाम रही केन्द्र सरकार जिसकी आर्थिक नीतियों के कारण अमीर और अमीर बन रहा है तथा गरीब और अधिक गरीब हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन के दौरान 20 करोड़ से अधिक लोग गरीबी की रेखा से नीचे आ गए हैं जिस कारण देश एवं प्रदेश की जनता का भाजपा के खिलाफ आक्रोश समय-समय पर प्रदर्शित होता है।

डोटासरा ने कहा कि कोरोना महामारी जैसी विकराल समस्या के बावजूद राजस्थान सरकार द्वारा युवाओं को 1.32 लाख नौकरियां अब तक दी जा चुकी हैं, एक लाख नौकरियां प्रक्रियाधीन हैं तथा एक लाख नौकरियां देने की घोषणा बजट में की गई है जबकि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के शासन में कुल 5 वर्ष में मात्र डेढ़ लाख नौकरियां ही दी गई थी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की नीतियों के फलस्वरूप प्रदेश में बड़े उद्योगपतियों द्वारा 10.50 लाख करोड़ रूपए से अधिक का निवेश के लिये समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए हैं जिसके परिणामस्वरूप 10 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार की सम्भावनाएं सृजित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा राजस्थान सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनहित में लिये गये फैसलों से बौखलाई हुई है तथा प्रदेश भाजपा के नेता बंद कमरों में बैठकर केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा राजस्थान की जनता से की गई वादाखिलाफी से अनभिज्ञ होकर प्रदेश की लोककल्याणकारी कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की कुचेष्टा कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की जनता भाजपा एवं भाजपा नेताओं के विरूद्ध आक्रोशित है।

भरतपुर : पुरानी रंजिश को लेकर पडौसी ने गोलियां चलाकर की तीन भाईयों की हत्या

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर में कुम्हेर थाना क्षेत्र के सिकरौरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक पड़ोसी द्वारा कुछ बाहरी व्यक्तियों को गांव में बुलाकर तीन सगे भाइयों पर गोलियां चलाकर हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात हुई इस घटना में मृतकों में से एक भाई आरएसी में तैनात था। गोली लगने से मृतकों के परिवार में से ही घायल एक महिला और दो व्यक्ति को गम्भीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में हुए इस तिहरे हत्याकांड के बाद तनाव को देखते भारी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वारदात में मरने वाले तीनों भाईयो के नाम गजेंद्र, समंदर एवं ईश्वर बताए गए हैं जबकि मृतकों में से गजेंद्र की पत्नी के साथ गजेंद्र के बेटे टेनपाल एवं उसके भाई को गोली लगने के बाद गम्भीर हालात में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया है कि सिकरौरा गांव में रहने वाले गजेंद्र के बेटे टेनपाल का 24 नवंबर को उसके पड़ौसी लाखन से झगड़ा हो गया था। गांव के पंचों ने उनमें सुलह भी करवा दी थी लेकिन लाखन ने सुलह के बाद भी देर रात अपने दोस्तों को गांव में बुलाया और गजेंद्र के घर में घुस कर तड़ातड़ फायरिंग कर दी।

ईडी ने धनशोधन मामले में पूर्व मंत्री अनिल परब के करीबी रिश्तेदार को भेजा समन

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के पूर्व परिवहन मंत्री अनिल परब के करीबी रिश्तेदार सदानंद कदम को धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा है और उनसे अगले सप्ताह पूछताछ की जाएगी। परब इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मंत्रिमंडल में मंत्री थे।

ईडी ने पूर्व मंत्री से मुंबई में 15 जून को धनशोधन के मामले में पूछताछ की थी और इस मामले में उनसे लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी। राज्य में रत्नागिरी जिले के दापोली क्षेत्र में एक रिसॉर्ट के निर्माण में तटीय विनियमन क्षेत्र के प्रावधानों के कथित उल्लंघन से संबंधित धनशोधन संबंधित मामल में परब से पूछताछ की गई थी।

परब को भेजे गए समन में कहा गया है कि ईडी उनके करीबी रिश्तेदार कदम से एंटी मनी लॉन्ड्रिंग (एएमएल) एक्ट के अंतर्गत उनसे पूछताछ करना चाहती है और उनका बयान दर्ज करना चाहती है। पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने ईडी को सूचित किया था कि वह भूमि कदम को बेची गई थी और इस अवैध रिसॉर्ट के लिए कई लोगों ने अधिकारियों से शिकायतें भी की थीं।

वहीं, पिछले मार्च में इस संबंध में आयकर विभाग ने भी छापेमारी की थी और उन्होंने कुछ दस्तावेज भी जब्त किए थे। दस्तावेजों से पता चला कि परब ने 2017 में दापोली में एक करोड़ रुपए में एक जमीन खरीदी थी। इसके बाद यह भी पता चला कि जमीन की रजिस्ट्री 2019 में हुई और 2020 में कदम को 1.10 करोड़ रुपए में बेची गई।

आईटी विभाग को संदेह है कि रिसॉर्ट के निर्माण की लागत लगभग छह करोड़ रुपए आई थी। इससे पहले, ईडी शिवसेना नेता सदानंद कदम और संजय कदम से भी पूछताछ कर चुकी है।

राजस्थान में गुटबाजी को लेकर कठोर निर्णय ले सकती है कांग्रेस

इंदौर। भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में प्रवेश करने से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट में तेज हुई गुटबाजी के बीच कांग्रेस ने कहा है कि स्थिति सुधारने के लिए पहले सुलह समझौते का प्रयास किया जाएगा और बात नहीं बनी तो कठोर निर्णय भी लिए जा सकते हैं।

गहलोत-पायलट के बीच चल रही जबरदस्त गुटबाजी को लेकर यह टिप्पणी आज यहां कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कही। उनका कहना था कि प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के लिए दोनों पक्षों के बीच केंन्द्रीय स्तर पर भी सुलह कराने का प्रयास चल रहा है और यदि पार्टी हित में सुलह नहीं हुई तो कांग्रेस नेतृत्व कड़े फैसले भी ले सकता है।

उन्होंने कहा की पायलट को लेकर गहलोत की टिप्पणी आपत्तिजनक थी। एक वरिष्ठ नेता को युवा और ऊर्जावान साथी के लिए अच्छी टिप्पणी करनी चाहिए। उम्मीद की जानी चाहिए कि संकट का समाधान जल्द निकलेगा।

रमेश ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व राजस्थान के बारे में गंभीरता से विचार कर रहा है और मतभेदों को दरकिनार कर दोनों नेताओं से समझौता करने और पार्टी हित में कदम उठाने का आग्रह किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस समस्या का हल जल्दी निकाल लिया जाएगा।

सबसे ज्यादा दर्शकों की उपस्थिति का रिकॉर्ड बीसीसीआई के नाम

मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल के दौरान एक टी20 मैच में सबसे ज्यादा दर्शकों की उपस्थिति का गिनीज विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है।

बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने रविवार को ट्वीट किया कि 101,566 लोगों ने 29 मई 2022 को गुजरात क्रिकेट संघ के शानदार नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल फाइनल देखकर टी20 मैच में सबसे ज्यादा दर्शकों की उपस्थिति का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, जिसके लिए मुझे बेहद खुशी और गर्व है। इसे संभव बनाने के लिए हमारे प्रशंसकों का बहुत-बहुत धन्यवाद।

उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 का फाइनल नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया था, जिसे देखने के लिए 101,566 लोग उपस्थित हुए थे। गुजरात टाइटन्स ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में अपना पहला खिताब जीतने के लिए राजस्थान को सात विकेट से मात दी थी।

अजमेर : वैन एवं मिनी ट्रक में भिड़ंत, वैन चालक की मौत

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के राष्ट्रीय राजमार्ग-89 गेगल थाना अंतर्गत आज सुबह इंजीनियरिंग विद्यार्थियों से भरी वैन एवं मिनी ट्रक में हुई सीधी भिड़ंत में छह विद्यार्थी घायल हो गए तथा वैन चालक की मृत्यु हो गई।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक किशनगढ़ से अजमेर की ओर आ रही विद्यार्थियों से भरी वैन मिनी ट्रक से टकरा गई। सीधी टक्कर में किशनगढ़ निवासी वैन चालक इमरान (40) की मृत्यु हो गई।

सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने वैन चालक को मृत घोषित कर दिया। बाद में उसके शव को मोर्चरी पहुंचाया गया।

पुलिस निरीक्षक महेंद्रपाल सिंह के अनुसार मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसे में घायल बच्चों का अजमेर के जेएलएन अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सबगुरु राशिफल : 27 नवम्बर रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। मार्गशीर्ष मास, शुक्ल पक्ष, चतुर्थी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 04.25 बजे बाद पंचमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज व्यस्त दिनचर्या के बावजूद स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। आप अपने शरीर को अच्छा कर सकते हैं परन्तु आपको ठंडा खाने से बचना होगा, आप ज्यादा पानी, ताजे फल और सब्जियां लें। समयानुसार व्यायाम करें, टहलें योग भी आपके लिये लाभदायक रहेगा। कोई अच्छी खबर मिल सकती है। नौकरी में अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। नई जिम्मेदारी भी मिलने के योग हैं। आपके काम की गुणवत्ता देखकर आपके वरिष्ठ आपसे प्रभावित होंगे। आज लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का अंत हो सकता है। शुभचिंतकों का हार्दिक सहयोग रहेगा। गिफ्ट मिलने के योग हैं। सांसारिक सुख प्राप्त होगा।

वृषभ :- आज आपको कार्यक्षेत्र में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। कामकाज में मन नहीं लगेगा। पढ़ाई-लिखाई में दिक्कते आएंगी। लंबी यात्रा करने से बचें। जल्दबाजी में निवेश न करें। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। ऐसे कामों में सहभागिता करें जिसमें युवा लोग जुड़े हों। जल्दबाजी में लिया गया फैसला नुकसानदायक साबित हो सकता है। घर में मांगलिक कार्यों का आयोजन हो सकता है। धार्मिक कार्यों में रुचि संभव है। रात्रि का कुछ समय परिवार के साथ बिताएं तो अच्छा रहेगा। आर्थिक तंगी से बचने के लिए अपने तयशुदा बजट से दूर न जाएं।

मिथुन :- आज आपको संभलकर चलना होगा। प्यार के मामले में आज आप गलत समझे जा सकते हैं। कामकाज के मोर्चे पर आपको सबसे स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। अपनी शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रसन्नता बनाए रखने के लिए आज आपको कष्ट का अनुभव होगा। मित्रों, सम्बंधियो से लाभ होगा। उनसे भेंट-उपहार मिलने से आनंद होगा। लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं। डाक्टर की सलाह अवश्य लें। दैनिक व्यापार सुखद रहेगा। आज परिवार में शुभ कार्य हो सकते हैं। आसपास के लोगों और उनकी जरूरतों पर ध्यान दें। परिवार और जमीन-जायदाद के मामलों पर भी ध्यान देना जरूरी है। आज स्त्री पक्ष में लाभदायक स्थिति रहेगी।

कर्क :- आज आपका आकर्षक बर्ताव दूसरों का ध्यान आपकी तरफ खींचेगा। जिदगी की ओर एक उदार रवैया अपनाएं। आज आपको कार्य सफलता और प्रतिस्पर्धियों पर विजय मिलने से आपके मन में प्रसन्नता छाई रहेगी। आपको अपने कर्यालय या घर पर थोड़ा तनाव महसूस हो सकता है। संभावना है कि आपके आस-पास के लोग गुस्से में रहें जिसका असर आपके मूड पर भी पड़ सकता है। अपने हालात की शिकायत करने और उसे लेकर दुःखी होने से कुछ हासिल नहीं होने वाला। कार्यों में निर्धारित सफलता नहीं प्राप्त कर सकेंगे। दफ्तर के काम में व्यवधान पड़ने की काफी सम्भावना है।

सिंह :- आज आपके कारोबार की बाधा दूर होकर कार्यसिद्धि होगी। गुस्से की भावना आपको हानि पहुंचा सकती है। बीमार व्यक्ति नई चिकित्सा या ऑपरेशन न कराएं। आपको किसी भी कार्य में सफलता मिलेगी। आज के दिन परिवार के साथ संबंध अच्छा रहेगा। यह समय आपके लिए अच्छा रहेगा। बदनामी न हो इसका ध्यान रखें। आत्मविश्वास से अन्य लोगों का ध्यान अपनी ओर खीचेंगे। व्यापार में तरक्की होगी। लेन-देन में सावधानी बरतें। कम बोलकर वाद-विवाद या मनमुटाव दूर कर सकेंगे। स्वास्थ्य खराब हो सकता है। भाग्य से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। कोई बड़ा मौका भी मिल सकता है।

कन्या :- अगर लोग परेशानियों के साथ आज आपके पास आएँ तो उन्हें नजरअंदाज करें और उन्हें अपनी मानसिक शांति भंग न करने दें। रोमांस के लिए बढ़ाए गए कदम असर नहीं दिखाएंगे। आज आप नई चुनौतियों का सामना हिम्मत से करेंगे। पुरानी उलझने सुलझाने की राह आसान होगी। राजकीय मामले पक्ष में हल होंगे। नए अवसरों की तलाश में भटकने से बेहतर है कि जो आप कर रहें है उसे पूरी लग्न व ईमानदारी से करें। जीवन की किसी भी सफलता को प्राप्त करने के लिए कठिनाईयों के रास्ते से गुजरना ही पड़ेगा। विचारों में सकारात्मकता व आशाजनक प्रवृत्ति रखें।

तुला :- आज आपका बौद्धिक कार्यों से धनार्जन होगा। भौतिक साधनों के प्रति झुकाव अधिक होने से उनमें वृद्धि हो सकती है। किसी भी वजह से अगर आपकी मेहनत कम हो जाए तो उसका असर जिंदगी की कई चीजों पर आ जाता है। हाल की घटनाओं से आपका मन बेचैन हो सकता है। आपके काम आसानी से पूरे होने लगेंगे। आज आप अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें। कारोबारी प्रतिस्पर्धा में यदि आगे निकलना है तो विश्लेषण भली-भांति कर लें। आज आपको मित्र वर्ग का सहयोग मिलेगा।

वृश्चिक :- आज भविष्य के लिए अपनी आर्थिक योजना बनाइए और अपनी योजना और लक्ष्य को तय करने का प्रयास करें। कार्य स्थल पर विवाद समाप्त होने से शांति एवं सुख बढ़ेगा। आज रोमांस आपके दिलो-दिमाग पर छाया रहेगा। सावधान रहें, तनावग्रस्त होने की झुल्लाहट आप बेवजह अपने जीवनसाथी पर निकाल सकते हैं। अचानक मिला कोई सुखद संदेश नींद में आपको मीठे सपने देगा। मन में चिंता और व्याकुलता रह सकती है।जीवनसाथी से बिना पूछे योजना ना बनाएं वरना उनकी ओर से नकारात्मक प्रतिक्रिया मिल सकती है।

धनु :- आज दीर्घावधि निवेश से बचिए। नए संबंध स्थापित करने से पहले गंभीरता से विचार करें। अधिक खर्च होने से हाथ तंग रहेगा। नए कार्यों को प्रारंभ न करें और क्रोध पर संयम रखें। ईश्वर की आराधना तथा नाम-स्मरण से लाभ होगा। ऐसे दोस्तों के साथ बाहर जाएं जो आपके हालात और जरूरतों को समझते हैं। महत्वाकांक्षाएं बढ़ेंगी और आपको कुछ नए मौके मिलने की संभावना है। शत्रु भय रहेगा। साझेदारी में किए गए काम आखिरकार फायदेमंद साबित होंगे। लोगों की दखलअंदाजी वैवाहिक जीवन में परेशानी खड़ी कर सकती है। गुस्सा आना स्वाभाविक है।

मकर :- आज आपका अध्यात्म की ओर आपका रुझान बढ़ेगा। इससे आपको खुशी व संतोष मिलेगा। आज आपको अपने विचारों को स्पष्टता से अभिव्यक्त करने की कोशिश करनी चाहिए। परिवार के सदस्यों का आपके जीवन में विशेष महत्व होगा। आप बेमिसाल विचारों से भरे हैं लेकिन ये विचार अपना महत्व खो देंगे। अगर आप उन्हें सही तरह से व्यक्त ना कर पाएं। आज आपका प्रिय आपके साथ में समय बिताने और तोहफ़े की उम्मीद कर सकता है। आज आप दूसरों को मुश्किल समस्याओं से बाहर निकले का रास्ता भी बताएंगे।

कुंभ :- आज किसी पुराने व्यक्ति से मिलने की सम्भावना है और यह व्यक्ति आपके भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आप किसी ऐसे व्यक्ति से भी मिल पायेंगे जिसके विचार आपसे मिलते हों। कारोबार से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अत्यंत शुभ है किसी बड़ी सफलता प्राप्ति के योग बन रहे हैं। कार्यालय में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। मायके से शुभ समाचार मिलने की संभावना अधिक है। मानसिक रूप से भी आप आनंदित रह पाएंगे। आपका स्वास्थ्य आज अच्छा रहेगा। अपनी नई परियोजनाओं के लिए अपने माता-पिता को विश्वास में लेने का सही समय है।

मीन :- आज का दिन अधिकांश समय धार्मिक गतिविधियों में जाएगा। आर्थिक मामलों में प्रगति होगी। करियर के लिहाज से आज का दिन आपके लिए कुछ सकारात्मक परिवर्तन लेकर आ सकता है। जल्दी ही बीमारी से उबरने की संभावना है। नौकरी और व्यवसाय में प्रयास से सफलता प्राप्त करेंगे। दाम्पत्य जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है, पर धैर्य से काम लें तो सम्बंधों में मधुरता बनी रहेगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। अपनी व्यक्तिगत भावनाएँ और गोपनीय बातें अपने प्रिय से बांटने का सही समय नहीं है।

अजमेर में ललित कला अकादमी की ओर से मृण कला कार्यशाला 28 से

0

अजमेर। राजस्थान ललित कला अकादमी की ओर से 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक तक मृण कला कार्यशाला का आयोजन कचहरी रोड स्थित गुजराती सीनीयर हायर सैकंडरी स्कूल में किया जाएगा। अकादमी सदस्य ममता चौहान ने बताया कि मृण कला में रुचि रखने वाले अजमेर शहर के समस्त विद्यालयों से दो दो छात्र छात्राएं इस कार्यशाला में भाग ले सकेंगे।

यह आयोजन अखिल भारतीय सावित्री बाई फुले समता परिषद और शक्ति टाइल्स एंड स्टोन की सहभागिता से किया जाएगा। कार्यशाला का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक रहेगा। इसमें भाग लेने वाले प्रशिक्षणार्थियों को अकादमी की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कलाविद श्रीराम जायसवाल कार्यशाला का उदघाटन करेंगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7014331237 पर संपर्क किया जा सकता है।