Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 472 -
होम ब्लॉग पेज 472

धौलपुर के बाल संप्रेषण गृह से तीन बाल अपचारी फरार

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र में बाड़ी रोड स्थित बाल संप्रेषण गृह से तीन बाल अपचारियों के फरार हो जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।

अभी हाल ही में धौलपुर में सर्राफा व्यापारी के साथ हुई डकैती तथा चोरी और दुष्कर्म के मामले में निरुद्ध ये तीनों बाल अपचारी पानी पीने के बहाने गुरूवार देर रात गार्डों से मारपीट करने के साथ उन्हें बंधक बनाकर फरार हो गए।

बाल अपचारियों के फरार होने की घटना के बाद कोतवाली सदर और निहालगंज पुलिस ने उनकी तलाश में देर रात से लेकर आज सुबह तक नाकाबंदी की लेकिन बाल अपचारियों का अभी कोई पता नहीं चल सका है।

थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने बताया कि फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर रवाना की गई है। गुरुवार को फरार हुए इन तीन बाल अपचारियों में से एक बाल अपचारी पहले भी बाल संप्रेषण गृह से फरार हो चुका है।

बताया गया है कि गुरुवार रात फरार बाल अपचारियों ने बाल संप्रेषण गृह में मौजूद दो गार्डों से पीने के लिए पानी मांगा। मेन गेट पर मौजूद होमगार्ड के जवान राकेश और मुकेश ने ताले की चाबी को टेबल पर रख कर तीनों बाल अपचारियों को जैसे ही पानी पिलाना शुरू किया तो तीनों बाल अपचारियों ने दोनों गार्डों की पिटाई करते हुए उन्हें कमरे में बंद कर दिया और टेबल पर रखी चाबी से मेन गेट का ताला तोड़कर फरार हो गए।

यहां यह भी गौरतलब है कि धौलपुर जिले के बाल संप्रेषण गृह से बीते 5 महीने में 2 बार आधा दर्जन से अधिक बाल अपचारी फरार हो चुके हैं। गत 12 और 13 जुलाई की रात को भी बाल संप्रेषण गृह से 4 बाल अपचारी फरार हुए थे।

टॉम लैथम के तूफान में उड़ा भारत, न्यूजीलैंड 7 विकेट से जीता

0

आकलैंड। विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लैथम (145 नाबाद) और कप्तान केन विलियमसन (94 नाबाद) के बीच 221 रनों की तूफानी भागीदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को भारत के 307 रनों के लक्ष्य को बौना साबित करते हुए तीन एक दिवसीय मैचों की श्रृखंला का पहला मुकाबला आसानी के साथ सात विकेट से अपने नाम कर लिया।

ईडन पार्क की रनो से भरी पिच पर टास हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सात विकेट पर 306 रन बनाए थे जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने 47.1 ओवर के खेल में तीन विकेट पर 309 रन बनाकर विजय लक्ष्य को हासिल कर लिया।

एक समय मेजबान टीम के तीन खिलाड़ी 88 रन पर पवेलियन लौट चुके थे और मैच भारत के पक्ष में जाता दिख रहा था मगर क्रीज पर आए लैथम ने भारतीय गेंदबाजों की बेरहमी से पिटाई करते हुए मैदान के चारों ओर रनों की बौछार कर दी। उनके इस कृत्य में कप्तान विलियम्सन ने भरपूर साथ दिया। नतीजन, भारत द्वारा दिया गया भारी भरकम लक्ष्य ओवर दर ओवर छोटा दिखने लगा और अंतत: 48वें ओवर की पहली गेंद के साथ ही कीवी टीम को जीत का स्वाद मिल गया।

लैथम ने एक दिवसीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 139.42 के स्ट्राइक रेट से मात्र 104 गेंदों पर 145 रनो की नाबाद पारी खेली। एक दिवसीय करियर में यह उनका सातवां शतक था। अपनी बेमिसाल पारी के दौरान उन्होंने 19 चौके और पांच छक्के लगाए। दूसरे छोर पर उन्हे अपने कप्तान विलियम्सन का भरपूर साथ मिला जिन्होंने रन गति को बढ़ाते हुए 98 गेंदो पर 94 रन बनाए।

कप्तान शिखर धवन ने इस घातक भागीदारी को तोड़ने के लिए अपने गेंदबाजों का भरपूर इस्तेमाल किया मगर शुरूआती ओवरों में असरदार दिख रहे उमरान मलिक (66 रन पर दो विकेेट) और शार्दुल ठाकुर (63 रन पर एक विकेट) के अलावा अर्शदीप सिंह, यजुवेन्द्र चहल और वशिंगटन सुंदर दोनों बल्लेबाजों के आगे असहाय दिखे।

इससे पहले कप्तान शिखर धवन (72) और शुभमन गिल (50) के बीच शतकीय साझेदारी के बाद मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर (80) और संजू सैमसन (36) की जुझारू पारियों की मदद से भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट पर 306 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था।

शिखर और शुभमन की सलामी जोड़ी ने कीवी गेंदबाजी आक्रमण का साहस के साथ सामना किया और पहले विकेट के लिए उपयोगी 124 रन जोड़े जबकि बाद में श्रेयस अय्यर ने नये बल्लेबाज संजू सैमसन के साथ मिल कर 94 रनों की एक महती साझेदारी निभाई जिसकी बदौलत टीम मेजबान को 307 रनो का विजयी लक्ष्य देने में सफल रही।

टी-20 विश्वकप में अपनी शानदार गेंदबाजी की छाप छोड़ने वाले अर्शदीप सिंह और तेज गेंदबाज उमरान मलिक को पहली बार भारत की एक दिवसीय टीम में खेलने का मौका मिला है वहीं न्यूजीलैंड ने क्रिस ब्राउन को अंतिम एकादश में पहली बार शामिल किया था।

विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए विख्यात सूर्य कुमार यादव आज हालांकि नहीं चले और फर्ग्यूसन की गेंद को उड़ाने के प्रयास में विकेट के पीछे लपके गए।

अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच फंसी कांग्रेस

खरगोन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने आज कहा कि राजस्थान में पार्टी को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट दोनों की ही जरुरत है और संगठन को प्राथमिकता देते हुए ही राजस्थान संकट का हल निकाला जाएगा।

रमेश आज मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के सनावद में संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। वे इन दिनों राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सिलसिले में मध्यप्रदेश में हैं।

इस दौरान उन्होंने कहा कि गहलोत पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, जबकि पायलट युवा साथी हैं, ऊर्जावान, लोकप्रिय और पढ़े-लिखे हैं। पार्टी का संगठन सर्वोपरि है। संगठन को प्राथमिकता देते हुए राजस्थान के संकट का हल निकाला जाएगा।

कल से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे गहलोत के साक्षात्कार के संदर्भ में रमेश ने कहा कि उसमें कुछ अप्रत्याशित शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। पर ये स्पष्ट है कि कांग्रेस एक परिवार हैं। हमें गहलोत और पायलट दोनों की जरुरत है।

इसी के साथ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी पार्टी में भय का माहौल नहीं है। कोई तानाशाही नहीं है, पार्टी में आलाकमान है, पर वो तानाशाही के आधार पर फैसला नहीं लेता।

जामा मस्जिद में लड़कियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश वापस

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जामा मस्जिद प्रशासन ने मस्जिद में अकेली लड़कियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले आदेश को आज वापस ले लिया है। इससे पहले जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने अकेली एवं समूह में आने वाली लड़कियों के मस्जिद में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी थी।

उपराज्यपाल वीके सक्सैना ने जामा मस्जिद के शाही इमाम से इस आदेश को वापस लेने का अनुरोध किया था। इसके बाद में शाही इमाम ने अपना फैसला वापस ले लिया। इस फैसले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी थी और महिला अधिकार संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने तीखी आलोचना की थी।

दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने इसे एक शर्मनाक और असंवैधानिक कृत्य बताया था। उन्होंने ट्विटर पर कहा था, जामा मस्जिद में महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाना पूरी तरह गलत है। मैं इस फैसले को लेकर जामा मस्जिद के इमाम को नोटिस जारी कर रही हूं। किसी को भी मस्जिद में महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार नहीं है।

दिल्ली में भागीरथ पैलेस इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में भीषण आग

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के चांदनी चौक स्थित भागीरथ पैलेस इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में गुरूवार रात लगी भीषण आग देर रात तक भड़की रही और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल की गाड़ियों मौके पर मौजूद है और आग को काबू पाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया हालांकि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

अग्निशमन विभाग को रात में साढ़े नौ बजे के करीब आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद आग बुझाने के लिए दमकल की गाडियों के साथ अग्निशमन कर्मियों को मौके पर भेजा गया। आग इतनी भीषण लगी थी कि देखते ही देखते करीब बीस दुकानों में आग फैल गई। इस घटना के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी फैल गई और धुएं के गुब्बार दिखाई दे रहे थे।

उन्होंने आज सुबह कहा कि स्थिति बेहद खराब है। हालांकि आग लगने वाली इमारत का ज्यादातर हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। दमकल की 40 गाड़ियां आग पर काबू करने के लिए लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि आग पर सुबह तक काबू पाया जा सकता है। विस्तृत रिपोर्ट अभी आने की प्रतिक्षारत हैं।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन आज तड़के घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इमारत में आग लगने से धीरे-धीरे ढह रही है। इमारत की दो मंजिले पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक आज कल रात नौ बजकर 20 मिनट पर लगी और साढ़े नौ बजे के करीब उन्हें आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियों और अग्निशमनकर्मियों को आग बुझाने में लगाया गया। इसके अलावा पुलिस और अन्य बल आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करते रहे है। तंग एवं सकरी गलियों की वजह से आग बुझाने में दमकलकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बहरहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। गौरतलब है कि भागीरथ पैलेस राजधानी का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक मार्केट है।

सबगुरु राशिफल : 25 नवम्बर शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। मार्गशीर्ष मास, शुक्ल पक्ष, द्वितीया तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 10.35 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

पार्टी हित में सचिन पायलट से मतभेद सुलझाएं अशोक गहलोत : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में बाधा उत्पन्न करने की गुर्जर समुदाय की चेतावनी संबंधी खबरों को गंभीरता से लेते हुए राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सलाह दी है कि वह पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ मतभेदों को सुलझाने की दिशा में इस तरह से कदम उठाएं कि पार्टी की गरिमा को नुकसान नहीं पहुंचेे।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने गुरुवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि गहलोत वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह पायलट के साथ अपने मतभेदों को इस तरह से दूर करेंगे कि पार्टी की मजबूती कहीं से प्रभावित नहीं हो।

रमेश का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब खबरों में कहा जा रहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान पहुंचेगी तो उसे बाधित किया जाएगा। राजस्थान में यह धमकी देने वाले गुर्जर समुदाय को सचिन पायलट समर्थक माना जाता है। खबर यह भी है कि गुर्जरों को ऐसा नहीं करने के लिए समझाने को लेकर पायलट ने हाथ खड़े कर दिए हैं।

रमेश ने गुरुवार को यहां जारी बयान में कहा कि अशोक गहलोत एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनेता हैं। उन्होंने अपने युवा सहयोगी सचिन पायलट के साथ मतभेदों को लेकर जो भी विचार व्यक्त किए हैं, उन्हें इस तरह से सुलझाया जाएगा जिससे कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी। मौजूदा स्थिति में हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि बेहद सफलता के साथ चल रही भारत जोड़ो यात्रा को अब उत्तर भारत के राज्यों में और भी प्रभावशाली बनाना है।

जिसके पास 10 MLA नहीं, वह कैसे CM बन सकता है : अशोक गहलोत

जिसके पास 10 MLA नहीं, वह कैसे CM बन सकता है : अशोक गहलोत

जयपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान पहुंचने से पहले ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान जिसे गद्दार नाम दिया गया हो और जिसके पास दस विधायक नहीं, वह कैसे मुख्यमंत्री बन सकता है के बाद राज्य में मुख्यमंत्री मामला एवं राजनीति फिर गर्मा गई है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आज एक टीवी चैनल को दिए बयान में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर कहा कि जिसके पास दस विधायक नहीं उसे कैसे मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिसने ​​बगावत की हो, जिसे गद्दार नाम दिया गया है, उसे लोग कैसे स्वीकार करेंगे, जो गद्दारी कर चुका है, मैं खुद 34 दिन तक भुगता हूं।

उन्होंने कहा कि इस कारण हम होटल में बैठे रहे और ये सरकार गिरा रहे थे, इसमें केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल थे। धर्मेंद्र प्रधान भी शमिल थे। पायलट के भाजपा से कोई लेना देना नहीं होने के बयान के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरा खेल ही उनका था और वह मना कर नहीं सकते, दस-दस करोड़ रुपए बांटे गए थे इसके सबूत है।

गहलोत ने एक सवाल पर कहा कि आज तो मैं ही हूं यहां पर मुख्यमंत्री। आलाकमान से इशारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि आलाकमान को छोड़ो, इस बारे में उन्हें कोई इंडिकेशन नहीं मिला है।

बालोतरा नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी, दलाल रिश्वत लेते अरेस्ट

बाडमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बाड़मेर जिले के बालोतरा नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी जोधसिंह विश्नोई को उसके दलाल के माध्यम से आज एक लाख रूपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवानलाल सोनी ने बताया कि आयुक्त ने परिवादी की कृषि भूमि के प्लॉट की लीज डीड जारी करने तथा व्यावसायिक पट्टा जारी करने की एवज में अधिशाषी अधिकारी जोधसिंह ने दलाल प्रकाश विश्नोई के माध्यम से परिवादी से एक लाख रूपए की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद आज दलाल प्रकाश परिवादी को लेकर आयुक्त के मकान पर पहुंचा। आयुक्त को एक लाख रूपए की राशि सौंप दी। इसी दौरान आयुक्त ने रिश्वत की राशि सफाई कर्मचारी परसाराम को सौंपी जिसे लेकर वह फरार हो गया।

इसी दौरान पहुंची ब्यूरो टीम ने आरोपी जोधसिंह एवं उसके दलाल को गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो टीम फरार सफाई कर्मचारी की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ल किया।

बीकानेर : मंदिर में 7 साल की बच्ची से गलत हरकत, वृद्ध पुजारी अरेस्ट

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में छतरगढ़ कस्बे में पुलिस ने एक वृद्ध पुजारी को मंदिर में आई सात वर्षीय बालिका से गलत हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक छतरगढ़ के एक मंदिर में कल शाम यह घटना हुई। बालिका खेलते हुए मोहल्ले के ही एक मंदिर में गई थी। उस समय पुजारी अनंतराम (60) मंदिर में अकेला था। वह उसे मंदिर के साथ बने कमरे में ले गया और गलत हरकत करने लगा।

इस बीच बालिका को ढूंढते हुए उसकी मां आ गई। उसने पुजारी को अपनी बेटी से गलत हरकत करते हुए देखा तो शोर मचा दिया। लोगों ने पुजारी को मौके पर ही पकड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई और पुजारी को थाने में ले आई।

देर रात को पीड़ित बालिका की मां द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुजारी अनंतराम निवासी नोखा जिला बीकानेर के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुजारी को आज गिरफ्तार कर लिया गया है।