Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 473 -
होम ब्लॉग पेज 473

ग्वालियर में भाजपा पार्षद शैलेंद्र कुशवाह की पीट पीटकर हत्या

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर के मुरार थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी पार्षद शैलेंद्र कुशवाह की उसके दोस्तों ने पीट पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आज शाम तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शैलेंद्र कुशवाह (40) वार्ड नंबर-3 के पार्षद थे। उनकी पत्नी राधा कुशवाह ने पुलिस को बताया कि कल उनकी मैरिज एनिवर्सरी थी। शाम को पति घर आए। बच्चों ने मैरिज एनिवर्सरी के लिए केक और मिठाई लाने की जिद उनसे कर दी। इस पर वे केक और खाने-पीने का सामान लेने बाजार चले गए। वे केक और सामान लेकर रात दस बजे घर लौटे। इसके कुछ समय बाद राजेश शर्मा, सर्वेश तोमर, विक्की कौशल, विनीत राजावत और धीरज पाल आए। वे बर्थडे पार्टी का कहकर पति को साथ लेकर चले गए।

पार्षद के दोस्त विक्की का कल जन्मदिन था। उसने देर रात पार्टी रखी थी। पार्षद की पत्नी राधा के मुताबिक आरोपी उनको साथ लेकर चले गए। इसके ढाई घंटे बाद पति पर जानलेवा हमले की सूचना मिली। आरोपी राजेश शर्मा सुबह से ही पति के साथ था। पति की एक दिन पहले ही सर्वेश तोमर से लड़ाई हुई थी। तब सर्वेश को मैंने भी समझाया था।

यूं तो सर्वेश से करीब दो-तीन महीने पहले से लड़ाई चल रही थी। यह झगड़ा ढाबे पर खा-पीकर हंगामा करने के कारण हुआ था। दो दिन पहले ही सर्वेश ने दोबारा बातचीत शुरू की थी। पति ने भी अपनी तरफ से बातचीत शुरू की थी।

राधा कुशवाह ने बताया कि रात साढे ग्यारह पति शैलू कुशवाह से बात हुई। तब तक सबकुछ सामान्य था। एनिवर्सरी केक काटने के लिए बुलाने पर पति ने कहा था थोड़ी देर में आ रहे हैं। पति अक्सर रात 12 बजे के बाद ही घर आते थे।

पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में परिजन ने बताया कि रात साढे बारह बजे हमें जानकारी मिली कि पार्षद को वंशीपुरा चौराहे पर राजेश शर्मा, सर्वेश तोमर, विक्की कौशल, विनीत राजावत और धीरज पाल लाठी और सरियों से मार रहे हैं। राधा ने बताया कि वह परिजन के साथ वंशीपुरा चौराहा पहुंचे। वहां पांचों हमलावर पति को पीट रहे थे। हमको आता देखकर सभी भाग गए।

पति शैलेंद्र कुशवाह को घायल हालत में लेकर जिला अस्पताल मुरार पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच कर जयारोग्य हॉस्पिटल रेफर कर दिया, यहां इलाज के दौरान रात ढाई बजे शैलेंद्र कुशवाह की मौत हो गई।

पार्षद शैलेन्द्र कुशवाहा की हत्या की सूचना मिलने पर परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुरार पुलिस थाना का घेराव किया। वहीं, पार्षद समर्थकों ने शहर के व्यस्ततम बारादरी चौराहा पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अब एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, शेष की तलाश कर रही है।

वर्ल्ड रेलवे टेबल टेनिस चौंपियनशिप 2022 : भारतीय खिलाड़ियों का रहा दबदबा

अजमेर। रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड नई दिल्ली के तत्वावधान में उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ जयपुर की ओर से आयोजित USIC वर्ल्ड रेलवे टेबल टेनिस चौंपियनशिप प्रतियोगिता 2022 में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा साथ ही पुरूष, महिला तथा मिश्रित युगल के फाइनल में जगह बनाई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार महिला युगल सेमीफाइनल मे सुतीर्था मुखर्जी/प्राप्ति सेन (भारत) एवं स्त्रोनादोवा कारोबीना/एस. जाना (चैक गणराज्य) ने अपने मुकाबले जीत कर फाइनल में जगह बनाई। इसी प्रकार पुरूष युगल के सेमीफाइनल में रोनित भाजा/अनुक्रम जैन (भारत) एवं अनिर्बन घोष/अनिर्बन नन्दी (भारत) ने फाइनल में जगह बनाई।

मिश्रित युगल सेमीफाइनल में अनिर्बन घोष/सुतीर्था मुखर्जी (भारत) ने फ्लिबोर ज्बीनेक/ स्त्रोनादोवा कारोबीना (चैक गणराज्य) को 0-3 से एवं अनुक्रम जैन/पोयमंती वैश्य (भारत) ने रोहित भाजा/प्राप्ती सेन (भारत) को 2-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

आज पुरूष एवं महिला एक मुकाबले भी प्रारम्भ हुए। विभिन्न लींग मैचों के बाद आयोजित क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा एवं भारत के रोनित भाजा, अनिबेन नन्दी, अनुक्रम जैन एवं अनिर्बन घोष ने पुरूष एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई।

इसी प्रकार महिला क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सुतीर्था मुखर्जी (भारत), स्त्रोनादोवा कारोबीना (चैक गणराज्य), पोशमंति वैश्य (भारत) एवं प्राप्ति सेन (भारत) ने मैच जीतकर सेमी फाइनल में जगह बनाई।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरूष/महिला एकल के सेमीफाइनल, फाइनल एवं महिला पुरूष तथा मिश्रित युगल के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। तत्पश्चात् समापन व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

सीईसी-ईसी नियुक्ति मामला : सुप्रीमकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट की पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और चुनाव आयुक्तों (ईसी) की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र चयन पैनल का गठन के निर्देश की मांग करने वाली याचिकाओं पर गुरुवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।

न्यायमूर्ति केएम जोसेफ की अध्यक्षता वाली संविधान पीठ ने प्रशांत भूषण, अश्विनी कुमार उपाध्याय और अन्य लोगों की ओर से दायर याचिकाकर्ताओं के बैच और केंद्र से भी विस्तृत दलीलें सुनने के बाद आज अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। .

याचिकाकर्ताओं ने शीर्ष अदालत के समक्ष दावा किया है कि नियुक्तियां कार्यपालिका की सनक और पसंद के अनुसार की जा रही हैं। इसलिए वे सीईसी और ईसी की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र चयन पैनल गठित करने की मांग कर रहे हैं।

न्यायमूर्ति जोसेफ की अगुवाई वाली शीर्ष अदालत की पांच सदस्यीय संविधान पीठ में न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी, न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस, न्यायामूर्ति हृषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार ने सभी संबंधित पक्षों की दलीलें सुनीं।

न्यायालय ने ईसी के रूप में अरुण गोयल की नियुक्ति से संबंधित फाइल का अवलोकन किया और केंद्र से पूछा कि क्या फाइल को जल्दबाजी और हड़बड़ी में मंजूरी दे दी गई है।

केंद्र ने शीर्ष अदालत के बुधवार के आदेश का अनुपालन करने के बाद आज जवाब दाखिल किया था। न्यायालय ने केंद्र सरकार से पूछा था कि गोयल को चुनाव आयोग के रूप में नियुक्त करने में उसने किस तरह की प्रक्रिया का पालन किया है।

सुनवाई के दौरान केंद्र ने कोर्ट के समक्ष कहा कि भारतीय प्रशानिक अधिकारी पूर्व अधिकारी अरुण गोयल को ईसी के रूप में नियुक्त करते हुए उन्होंने सभी नियमों, क़ानून और दिशानिर्देशों का पालन किया गया है। भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले शीर्ष कानून अधिकारीअटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने कहा कि हमने उन्हें (अरुण गोयल) नियुक्त करने में सभी नियमों, विनियमों, कानून और दिशानिर्देशों का पालन किया है। इसमें कोई उल्लंघन नहीं है।

सिरसा में नाबालिग बेटी से रेप के दोषी पिता को फांसी की सजा

सिरसा। हरियाणा में सिरसा की एक फास्टट्रैक अदालत ने नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोपी पिता को फांसी और 50 हजार रुपए हर्जाने की सजा सुनाई है।

सरकारी वकील राजीव सचदेवा ने आज इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि महिला थाना सिरसा में निकटवर्ती एक गांव की पीड़िता नाबालिग की शिकायत पर 28 सितंबर 2020 को पोक्सो एक्ट तथा दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई थी। इस मामले में आरोपी को अगले ही दिन 29 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया था।

उन्होंने बताया कि सजा को सत्यापित करने के लिए माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में भेजा जाएगा। फ़िलहाल आरोपी सिरसा जेल में बंद है। सिरसा महिला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुनीता रानी व जांच अधिकारी द्वारा अदालत में चालान पेश कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए और माननीय अदालत के समक्ष पेश किए।

महिला थाना सिरसा में दर्ज पॉक्सो एक्ट मामले में पुलिस द्वारा पेश किए गए अहम तथ्यों व साक्ष्यों तथा बेहतर पैरवी के आधार पर न्यायाधीश प्रवीण कुमार की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने नाबालिग के पिता को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा के साथ-साथ 50 हजार रुपए जुर्माना भरने के भी आदेश दिए हैं।

अहिंसा का सन्देश फैलाने के लिए राज्य सरकार ने बनाया विभाग : अशोक गहलोत

करौली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश और दुनिया में भगवान महावीर की शिक्षाओं को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा है कि सारे विश्व के बुद्धिजीवी भारत की पुरातन संस्कृति का सम्मान करते हैं, जिसका मूल कारण इसमें शान्ति और अहिंसा का निहित होना है।

गहलोत करौली के महावीरजी में पंचकल्याणक महोत्सव एवं महामस्तकाभिषेक समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जहां शान्ति और अहिंसा का वातावरण होता है वहीं ईश्वर का निवास होता है।

उन्होंने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव का झण्डारोहण कर शुभारम्भ करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर की शिक्षाओं से प्रभावित होकर ही महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के विचारों को धारण किया। इन्हीं विचारों से ही देश में स्वतन्त्रता आंदोलन प्रेरित हुआ।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थ स्थल महावीरजी के विकास के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है। श्री महावीरजी में गत वर्षो से शिक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता सहित अन्य क्षेत्रों मे उत्कृष्ट प्रबन्धन के साथ मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया गया है।

गहलोत ने मन्दिर परिसर में बनाए गए म्यूजियम की सराहना करते हुए कहा कि विशिष्ट शैली में निर्मित इस म्यूजियम में बहुत ही सुन्दर मूर्तियों की स्थापना की गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान महावीर की 24 फुट की प्रतिमा की स्थापना पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने महामस्तकाभिषेक व पंचकल्याणक महोत्सव के ध्वजारोहण के पश्चात भगवान श्रीमहावीरजी के मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने पंचकल्याणक व महामस्तकाभिषेक कार्यक्रम की स्मारिका का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव से पूरे प्रदेश में सामाजिक समरसता का संदेश जा रहा है। महोत्सव के तहत होने वाली गतिविधियों में विभिन्न समुदायों की भागीदारी रहती है, जिससे समाज में भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मस्थलों में उनके द्वारा की जाने वाली प्रार्थनाओं के मूल में प्रत्येक मानव के कल्याण की बात होती है। गहलोत ने कहा कि शान्ति, अहिंसा एवं सामाजिक समरसता की स्थापना से ही समाज का विकास सम्भव है।

गहलोत ने कहा कि बाल्यकाल से ही उन्हें भगवान महावीर की शिक्षाओं से परिचित होने का अवसर मिला। सत्य और अहिंसा की विचारधारा को प्रसारित करने के लिए राज्य में शान्ति एवं अहिंसा विभाग की स्थापना की गई है। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में अहिंसावादी विचारों का व्यापक स्तर पर समावेश करने में विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है।

समारोह में पर्यटन मंत्री विशवेन्द्रसिंह, ग्रामीण व पंचायतराज मंत्री रमेश मीणा, सार्वजनिक निर्माण मंत्री भजनलाल जाटव, हिण्डौन विधायक एवं पूर्व मंत्री भरोसीलाल जाटव, करौली विधायक एवं डांग विकास बोर्ड अध्यक्ष लाखनसिंह, सवाईमाधोपुर विधायक दानिष अबरार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागीय आयुक्त भरतपुर सांवरमल वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर करौली अंकित कुमार सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक करौली नारायण टोगस सहित प्रशासनिक अधिकारी व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

भीलवाड़ा के बड़ला चौराहे पर चली गोलियां, एक युवक की मौत

भीलवाड़ा। राजस्‍थान में भीलवाड़ा शहर के भीड़भाड़ वाला बड़ला चौराहे पर आज फायरिंग की घटना में एक युवक की मौत हो गई तथा उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

एएसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के अनुसार दो भाइयों पर हमलावरों ने एक के बाद एक 3 राउंड फायर किए। इससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से एक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हुसैन कॉलोनी निवासी कमरुद्दीन उर्फ टोनी 22 एवं इसका भाई इब्राहिम पठान 34 गुरुवार दोपहर बड़ला चौराहा से हरणी महादेव रोड़ से गुजर रहे थे। इसी दौरान चौराहा से कुछ दूरी पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायर किए। इसके चलते दोनों युवक घायल हो गये। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से एक की मौत हो गई। सरेआम फायरिंग से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस को सड़क पर गोलियों के चार खोल मिले हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस सीसी टीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई है।

भीलवाड़ा में कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में

भीलवाड़ा में गुरुवार को हुई फायरिंग की घटना के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है और कानून व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) हवा सिंह घुमरिया ने बताया कि भीलवाड़ा में गोलीबारी की घटना को ध्यान में रखते हुए तत्काल पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रख रहे हैं।

उन्होंने बताया कि एहतियातन अजमेर रेंज आईजी को भीलवाड़ा भिजवाया जा रहा है। शहर में स्थिति पूर्णतया नियंत्रण में है। उल्लेखनीय है कि भीलवाड़ा शहर के बड़ला चौराहे के पास दो भाइयों पर फायरिंग कर हमला कर देने से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रीन हाइड्रोजन हब बनने वाला है गुजरात : मोदी

पालनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को कहा कि गुजरात आने वाले दिनों में ग्रीन हाइड्रोजन हब बनने जा रहा है। पेट्रोल डीजल से चलने वाली कारें ग्रीन हाइड्रोजन से चलें हम इस दिशा में काम कर रहे हैं।

मोदी ने आज यहां चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए गुजराती में कहा कि मैं आज पालनपुर आया हूं तो मेरा ध्यान पांच प पर जाता है। इसलिए मैं पांच मुद्दों पर बात करना चाहता हूं। प से पालनपुर है तो प से पर्यटन, पर्यावरण, पानी, पशुधन और पोषण के बारे में बताना चाहता हूं। यह पांच मुद्दे एसे हैं जो शायद चुनाव की चर्चा में नहीं आए होंगे। अब आपके ध्यान में आएगा कि मेरे दिल दिमाग में इस मेरे बनासकांठा के लिए, इस मेरे गुजरात के लिए, इस भारत के लिए कैसा सीधी रेखा का रोड मेप पड़ा है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया में पर्यटन उद्योग सबसे तेजी से बढ़ने वाला उद्योग है। बनासकांठा, पाटन और कच्छ जिलों में पर्यटन का विकास किया गया है। पर्यावरण के मामले में भारत विश्व में आगे बढ़ रहा है। कहा जाता था कि भारत पर्यावरण खराब करेगा। उस छवि को बदलने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में गुजरात ग्रीन हाइड्रोजन हब बनने जा रहा है। पेट्रोल डीजल से चलने वाली कारें ग्रीन हाइड्रोजन से चलने लगें हम उस दिशा में काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा पहले उत्तर गुजरात पानी के लिए परेशान रहता था। भाजपा सरकार में सुजलाम सुफलाम के माध्यम से नर्मदा माता का जल घर-घर पहुंचा है। हम पशुपालन में बहुत काम कर रहे हैं जिसमें पहले दूध का पैसा मिलता था। अब बायोगैस पर काम किया जा रहा है जिससे पशुओं के गोबर और मूत्र से आमदनी हो सके।

पांचवां मुद्दा पोषण के लिए, हमारी संतान खास कर हमारी बेटियों का शरीर स्वस्थ बने उसके लिए काम शुरू किया। हमने चिरंजीवी योजना चलायी। गरीब बालकों को दूध देने की व्यवस्था की। कोरोना महामारी के दौरान 80 करोड़ लोगों को ढाई साल तक मुफ्त अनाज देने की व्यवस्था की गई। पोषण की चिंता हम करते हैं। पोषण के लिए जिन भी क्षेत्रों में काम कर सकते हैं उन सभी क्षेत्रों में हमने काम किया है।

उन्होंने कहा हमें गुजरात और देश के विकास को मजबूत करना है। इसके लिए हमें आपके सहयोग की जरूरत है। बनासकांठा, पाटन, कच्छ पूरे क्षेत्र की समस्याओं को मैं जानता हूं और उनकी हर समस्या को हल करने का हम प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि आपका बेटा दिल्ली में आपके काम के लिए बैठा है लेकिन आप काम नहीं लेते हैं तो मैं क्या करूं। काम करवाने के लिए कमल खिलाना पड़ता है। इस बार जिले के हर प्रत्याशी को बड़ी संख्या में मतदान करके कमल को खिलाना है।

जींद में पति ही निकला हत्यारा, जान लेने से पहले शराब पिलाई थी

जींद। हरियाणा में जींद के गांव शामलो कलां में दो दिन पूर्व मिली महिला मज़दूर की लाश के मामले में महिला का पति हत्यारा निकला है। जुलाना थाना पुलिस ने आरोपी पेरू राम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

पुलिस ने बताया कि 22 नवंबर को रेनू का शव स्टेडियम के निकट मिला था। पास में उसका पति पेरू राम भी शराब के नशे में धुत पड़ा हुआ था। रीना के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान संदेह के दायरे में आने के कारण पेरू राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि पत्नी रीना की हत्या उसने कोहनी तथा घूंसे मारकर की है।

पेरू राम ने बताया कि उसकी पत्नी रीना शराब पीने की आदी थी औैर उसे संदेह था कि शराब पीने के बाद उसकी पत्नी दूसरे लोगों से शारीरिक संबंध बनाती है। घटना वाले दिन दोनों ने दिन में बहुत शराब पी, फिर स्टेडियम के निकट झाड़ियों में जाकर शराब पी और वहीं पर उसने रीना की हत्या कर दी।

ऐसा माना जा रहा है कि पेरू राम ईंट भट्ठे से मिट्टी ढोने वाली हाथ रेहड़ी के जरिए लाश ठिकाने लगाने गया था लेकिन उसने खुद भी इतनी ज्यादा शराब पी ली थी कि थी वह होश खो बैठा और वहीं सो गया।

महाराष्ट्र में नागपुर के एम्स में एमबीबीएस के सात छात्र निलंबित

नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डीन डॉ मृणाल पाठक ने एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के सात छात्रों को छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक डीन ने यह कदम उस घटना के परिप्रेक्ष्य में उठाया है जिसमें इन सात छात्रों ने रात में अपने छात्रावास के कमरे में प्रथम वर्ष के छात्रों को बुलाया था और इसके बाद वहां विवाद शुरू हो गया।

डॉ. पाठक ने हालांकि 22 नवंबर को जारी निलंबन पत्र में सटीक आरोप का उल्लेख नहीं किया है जिसके लिए इन साथ छात्रों को गंभीर सजा दी गई है। पत्र में लिखा गया है कि यह आपकी द्वारा की गई घोर अनुशासनहीनता और संस्थान के नियमों के उल्लंघन के कारण है। निलंबन की अवधि 23 नवंबर 2022 से 22 मई 2023 तक है।

कुछ फैकल्टी सदस्यों ने इस पर हैरानी जताते हुए कहा कि अगर कोई बड़ा उल्लंघन किया है तो एक या दो महीने का निलंबन स्वीकार किया जा सकता है लेकिन इतनी लंबी सजा छात्रों के करियर को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है।

डॉ पाठक ने कहा कि छात्रों के खिलाफ की गयी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है जिसे रद्द भी किया जा सकता है। उन्होंने इसके पीछे सटीक कारण बताने से इनकार कर दिया। छात्रों को कथित तौर पर बुधवार को कक्षाओं में जाने की अनुमति नहीं दी गई और उन्होंने पार्किंग के स्थान पर अपना समय बिताया।

एम्स नागपुर की निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने कहा कि बड़ी संख्या में कक्षा से बाहर रहना, भोजन बंक करना, भोजनालय में अनुशासनहीनता, साथी छात्रों के खिलाफ आक्रामकता, कॉलेज के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होना और रात में छात्रावास में अनुचित व्यवहार जैसी बातें भले ही सुनने में छोटी लगे लेकिन ये महत्वपूर्ण हैं और बहुत मायने रखती हैं।

उन्हाेंने कहा कि संस्थान सुधारात्मक उपाय करने के लिए प्रोत्साहित करता है और छात्रों के बीच सकारात्मक दृष्टिकोण स्थापित करने में मदद करता है। हम चाहते हैं कि वे न केवल अच्छे डॉक्टर बनें बल्कि अच्छे नागरिक भी बनें। रोजमर्रा की जिंदगी में सही और गलत की समझ पैदा करना जरूरी है। हम उनके मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक कल्याण के बारे में चिंतित हैं।

राजस्थान सरकार ने 22 लाख किसानों का किया कर्जा माफ : अशोक गहलोत

सवाईमाधोपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी नेताओं के राज्य में कांग्रेस सरकार के किसानों का कर्जा माफ नहीं करके वादा खिलाफी करने के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा हैं कि प्रदेश में राज्य सरकार 22 लाख किसानों का 14 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ कर चुकी है।

गहलोत ने आज सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुरसिटी में जिला चिकित्सालय भवन के शिलान्यास एवं विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर उदेई मोड़ पर जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता की सरकार है और हम सभी वादे निभा रहे हैं, हमने किसानों के कर्जे माफ किए हैं और राज्य में किसानों के 14 हजार करोड़ रुपए के 22 लाख लोगों का कर्जा माफ किया है। ये लोग बोलते रहते है कि कर्जा माफ नहीं किया, जबकि हमारे पास रजिस्ट्रर है जिसमें अंकित हैं कि गांव-गांव में कितना कर्जा माफ किया गया हैं।

उन्होंने कहा कि कर्जा माफ के लिए केन्द्र की बैंकें सहयोग नहीं कर रही है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी आग्रह किया गया कि जब उद्योगपतियों के पांच हजार, आठ हजार करोड़ का कर्जा माफ हो सकता है तो गरीबों का क्यों नहीं हो सकता हैं, गरीबों के तो एक लाख, दो लाख एवं तीन लाख आदि इतना ही होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा वाले हमारे खिलाफ जनआक्रोश रैली निकाल रहे हैं जबकि देश में भयंकर महंगाई है जो सबसे बड़ा मुद्दा है और लोगों की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है और देश में निवेशक आ नहीं रहे हैं और बाहर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इनके दो करोड़ लोगों को रोजगार देने के वादे का क्या हुआ जबकि राज्य में कांग्रेस सरकार का साढ़े तीन लाख लोगों को नौकरी देने का लक्ष्य के तहत अभी एक लाख 35 हजार को नौकरी दे दी गई हैं और एक लाख 25 हजार नौकरियों की प्रक्रिया जारी हैं और एक लाख की घोषणा बजट में कर रखी है। शायद ही किसी राज्य में इतनी नौकरी मिलती होगी।

गहलोत ने कहा कि वह गुजरात चुनाव में होकर आए वहां लोग शिकायत कर रहे हैं और वहां पर नौकरी नहीं हैं जबकि राजस्थान में पिछले दिनों इनवेस्ट राजस्थान के तहत करीब 11 लाख करोड़ के एमओयू हुए है और राज्य सरकार निजी क्षेत्र में लोगों को रोजगार देने के पूरे प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों और महिलाओं के लिए अलग से योजना बनाई गई हैं और अब अगला बजट आयेगा, प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे सुझाव दे, युवा सुझाव दे सकते है, मै चाहता हूं कि अगले बजट में युवाओं, छात्राओं एवं बच्चों के लिए क्या कर सकते है, वह हमारी सोच हैं। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि प्रदेश में संवदेनशील एवं पारदर्शी शासन देने की हमारी सोच हैं और बजट के लिए अब तक चालीस लाख लोगों के सुझाव मिले हैं।

उन्होंने कि प्रदेश में पानी, बिजली, स्वास्थ्य एवं सड़के आदि किसी भी क्षेत्र में कोई कमी नहीं रखी गई हैं और इस बार बरसात अच्छी हुई और बुवाई भी अधिक हुई हैं, इस कारण बिजली की थोड़ी बहुत तकलीफ भी हो सकती हैें। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रही है, केन्द्र पर दबाव बनाये हुए है कि किसानों को खाद की आपूर्ति होनी चाहिए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी दो-तीन महीने में अगला बजट आ रहा है, निश्चित रहो, सबका ध्यान रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में काम की कोई कमी नहीं रखी और चहुंमूखी विकास हुआ, इस कारण इस बार सरकार के खिलाफ कोई लहर नहीं हैं। हम चाहते हैं कि सरकार रिपीट हो, नई सरकार आती है वह नेगेटेव काम करती है और हमारे सब काम बंद कर देती है। अगर सरकार रिपीट होगी तो वादा है कि इस बार बजट के माध्यम से और भी शानदार योजना के साथ कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान अग्रणीय राज्य बने यह सपना देखकर काम किया जा रहा है।

उन्होंने स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया कि उन्होंने रामकेश मीणा को जिता दिया और हमारी सरकार बचा ली, सरकार बचाना बड़ी बात है, जिस प्रकार भाजपा ने षड़यंत्र किया और 19 विधायकों को मानेसर ले गए हम लोग 34 दिन तक होटलों में रहे। इनका षड़यंत्र कर्नाटक एवं मध्यप्रदेश में सफल रहा और राजस्थान में भी षड़यंत्र किया लेकिन राजस्थान में इनका बस नहीं चला, क्योंकि प्रदेशवासी मेरे साथ थे और इनको मुंह की खानी पड़ी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र कहां जा रहा है, चुनाव जीते कोई राज करे कोई, यह लोकतंत्र नहीं हैं। ये लोग लोकतंत्र की हत्या करना चाह रहे है। यह समझने की जरुरत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान से मंत्री दिल्ली में बैठे हैं, लेकिन उनका राजस्थान से कोई मतलब नहीं हैं। पच्चीस सांसद बन गए राजस्थान से उनका भी राज्य से कोई मतलब नहीं है। इसलिए इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को ही वापस लानी है।