Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 477 -
होम ब्लॉग पेज 477

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने वाव, कांकरेज, असारवा, पेथापुर में संभाली प्रचार की कमान

गांधीनगर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को गुजरात के वाव, कांकरेज, असारवा, पेथापुर में चुनाव प्रचार की कमान संभाली। चुनावी सभाओं के दौरान उन्होंने मतदाताओं का आह्वान किया कि वे उत्साह के साथ मतदान करें। मतदाताओं को हाथ उठाकर भाजपा के पक्ष में वोट देने का संकल्प दिलाते हुए शेखावत ने कहा कि कमल के निशान पर प्रचंड बहुमत की मुहर तक ये हाथ नीचे नहीं झुकेंगे।

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने गुजरात के ढीमा में प्राचीनतम कृष्ण मंदिर में भगवान श्री धरणीधर के आशीर्वाद से चुनाव प्रचार की शुरुआत की। बनासकांठा क्षेत्र के वाव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी स्वरूप ठाकोर की सभा को संबोधित किया।

उन्होंने सभा को मारवाड़ी में संबोधित करते हुए मतदाताओं को हाथ उठाकर भाजपा के पक्ष में वोट देने का संकल्प दिलाया। शेखावत ने कहा कि मोदीजी के गुजरात मॉडल में सर्वधर्म समभाव भी है। यहां सारे धर्म मिलकर विकास का समर्थन करते हैं। गुजरात में भाजपा एक बार फिर इतिहास बनाने जा रही है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांकरेज विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी कीर्ति सिंह बाघेला के लिए प्रचार करते हुए मुझे वातावरण में सबका साथ सबका विकास का विजन दिखा। महाराष्ट्र से मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और लूणी के पूर्व विधायक जोगाराम पटेल भी साथ रहे।

खटाई में पड़ा विवादित पेट्रोल पम्प, ये किया राज्य सरकार ने

सिरोही में निर्माणाधीन विवादित पेट्रोल पंप

सिरोही। सिरोही जिला मुख्यालय पर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के पास बनाए गए पेट्रोल पम्प का भू-रुपांतरण राज्य सरकार ने निरस्त कर दिया है। इस पेट्रोल पम्प का संचालन बंद होने का एकमात्र रास्ता यही था। इसका इशारा सिर्फ और सिर्फ सबगुरु न्यूज ने पहले ही कर दिया था।

इसका भू-उपयोग परिवर्तन गलत तरीके से और राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद दी गई रियायत को दुरुपयोग करते हुए दिया गया था। इस बात को सबगुरु न्यूज ने पहले ही बता दिया था कि पेट्रोल पम्प का भू-रुपांतरण राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। इस प्रकरण को सबगुरु न्यूज ने फरवरी 2022 में पहली बार उजागर किया था।

उल्लेखनीय है कि इसके भू-उपयोग परिवर्तन करने के लिए निकाय स्तरीय एम्पावर्ड कमिटी ने इसे जनहित का मामला मानते हुए राज्य स्तरीय भू-उपयोग परिवर्तन समिति को सिफारिश की थी। इसी के आधार पर सिरोही नगर परिषद बोर्ड ने सिरोही विधायक संयम लोढ़ा की मौजूदगी में बोर्ड की विशेष बैठक आयोजित करके इस भू-उपयोग परिवर्तन को निरस्त करने के लिए प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था।

भू-रुपांतरण करने के लिए ये किया था अधिकारियों ने

इस अनियमितता की जड़ है राजस्थान हाईकोर्ट का वह निर्णय जो गुलाब कोठारी बनाम राजस्थान सरकार के वाद में 12 जनवरी 2017 को दिया गया था। ये वाद मास्टर प्लान के विपरीत शहरी विकास करने को लेकर दायर किया गया था। इसमें राज्य सरकार को ये निर्देशित किया गया था कि व्यापक जनहित के मामले को छोड़कर शेष मामलों में बिना जोनल प्लान के मास्टर प्लान के विपरीत भू-उपयोग परिवर्तन नहीं किया जा सकता है।

इस व्यापक जनहित के मामले को ही परिभाषित करते हुए नगरीय विकास एवं आवासन विभाग ने 23 मई 2018 को राज्यपाल की आज्ञा से एक आदेश निकाला। इस आदेश के अनुसार पेट्रोल पम्प को भी आमजन की सुविधा में व्यापक जनहित का माना जाएगा, बशर्ते उस प्रस्तावित पेट्रोल पम्प की दो किलोमीटर की परिधि में ही कोई दूसरा पेट्रोल पम्प नहीं हो।

सिरोही का विवादित पेट्रोल पम्प मास्टर प्लान 2030 के तहत रेजीडेंशियल जोन में पडऩे वाली भूमि में आता है। ऐसे में गुलाब कोठारी के निर्णय से इसका व्यावसायिक भू-उपयोग परिवर्तन नहीं किया जा सकता है। लेकिन, राज्य सरकार के 23 मई 2018 के आदेश के अनुसार इसे जनहित का माना जा सकता है बशर्ते इसकी दो किलो मीटर की परिधि में कोई दूसरा पेट्रोल पम्प नहीं हो।

सिरोही के पेट्रोल पम्प के मामले में इसी नियम को तोड़-मरोड़कर एम्पावर्ड कमिटी ने इस पेट्रोल पम्प के दो किलोमीटर की परिधि में पेट्रोल पम्प होने के बावजूद हजम नहीं होने वाली दलीलें देकर इसे जनहित का मामला बता दिया।

निकाय स्तरीय भू-उपयोग परिवर्तन की जिस एम्पावर्ड कमिटी ने ये निर्णय किया उसके स्थाई सदस्य निकाय के सभापति, आयुक्त, वरिष्ठ अभियंता और वरिष्ठ नगर नियोजन अधिकारी होते हैं। बैठक में आयुक्त ने बताया कि 13 मार्च 2020 को एम्पावर्ड समिति की जिस बैठक में उच्च न्यायालय के आदेश की गली निकाली गई उसमें सभापति, आयुक्त वरिष्ठ अभियंता बैठे थे। उस समय सभापति महेन्द्र मेवाड़ा और आयुक्त शिवपालसिंह राजपुरोहित थे।

जनहित का बताने को ये दी है दलील

एम्पावर्ड कमिटी के बैठक में दो किलोमीटर में तीन पेट्रोल पम्प के पडऩे पर भी नए पेट्रोल पम्प को जनहित की श्रेणी में डालने के लिए जो दलील दी वो स्पष्ट बता रही है कि किस तरह से भू-उपयोग परिवर्तन के लिए झोलझाल किया। इस दलील में बताया कि राजमाता धर्मशाला स्थित पेट्रोल पम्प की दूरी परिधि के 1.02 किलोमीटर व सड़क से दूरी 1.80 किलोमीटर है। यहां सिर्फ पेट्रोल मिलता है डीजल नहीं, इससे जनता को समस्या आती है।

तीन बत्ती चौराहे पर स्थित पेट्रोल पम्प के लिए एम्पावर्ड कमिटी ने दलील दी कि इसकी परिधि से दूरी 750 मीटर है व सडक से दूरी 1.30 किलोमीटर है। यहां पर बडे वाहनों की बहुत भीड़ रहती है, जिससे छोटे वाहनों को दिक्कत होती है।

वही डीटीओ ऑफिस के पहले स्थित पेट्रोल पम्प के लिए दलील दी गई कि इसकी परिधि 1. 85 किलोमीटर और सड़क से दूरी 2.1 किलोमीटर है। इस मार्ग पर बड़े वाहनों का आवगमन रहता है। इसलिए छोटे वाहन नहीं जा पाते।

इसमें यह प्रस्ताव लिया कि प्रस्तावित पेट्रोल पम्प के सामने से जाने वाली सड़क कई सरकारी कार्यालयों से जुड़ती है। इनके वाहन इसी मार्ग से जाते हैं। इस मार्ग पर कालन्द्री तक एक भी पेट्रोल पम्प नहीं है इसलिए इस पेट्रोल पम्प की जनहित में आवश्यकता है।

इनका कहना है….

राज्य स्तरीय भू-उपयोग परिवर्तन समिति ने पेट्रोल पम्प का भू-उपयोग परिवर्तन निरस्त कर दिया है। इसकी सूचना नगर परिषद आयुक्त को भेज दी थी और प्रतिलिपि मेरे पास भी आई है।

डॉ भंरवलाल
कलक्टर, सिरोही।

दुमका : भाजपा नेता भागवत राउत की हत्या के मामले में 7 दोषियों को उम्रकैद

दुमका। झारखंड में दुमका की एक सत्र अदालत ने भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य भागवत राउत की चर्चित हत्या से संबंधित छह साल पुराने मामले में सात लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

दुमका के तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश लक्ष्मण प्रसाद की अदालत ने सत्र वाद संख्या 151/2016 (दुमका नगर थाना कांड संख्या 106/2016) से संबंधित मामले में मंगलवार को सजा के बिंदु पर दोनों पक्षों की ओर से बहस सुनने के बाद दोष सिद्ध आरोपी जयपाल उर्फ शिशुपाल राउत, शंभू राउत उर्फ ठेकु राउत,पप्पू राउत, चिंटु उर्फ नारायण हरि, किशोर यादव, मुन्ना दुबे और विप्लव शर्मा को भारतीय दंड विधान (भादवि) की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 20-20 हजार रुपए जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई। जुर्माने की राशि अदा नहीं करने पर सभी को 6-6 महीने के साधारण कारावास की सजा भुगतनी होगी।

वहीं, न्यायालय ने भादवि की धारा 120( बी) एवं 34 के तहत सभी आरोपियों को तीन-तीन साल कारावास और 27 आर्म्स एक्ट के तहत पांच-पांच साल के कारावास के साथ 10-10 हजार रुपए जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है। इस धारा के तहत जुर्माना की राशि अदा नहीं करने पर सभी आरोपियों को तीन माह के अतिरिक्त साधारण कारावास की सजा भुगतनी होगी। इस तरह सभी आरोपियों को जुर्माना राशि के रूप में कुल दो लाख दस हजार रुपए की राशि का भुगतान करना होगा। सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी।

मामले में सरकार की ओर से प्रभारी लोक अभियोजक चम्पा कुमारी ने पैरवी की और बहस में हिस्सा लिया तथा 24 गवाह पेश किए। वहीं, बचाव पक्ष की ओर से कई वरीय अधिवक्ताओं ने बहस में हिस्सा लिया।

प्रभारी लोक अभियोजक से मिली जानकारी के अनुसार लगभग छह साल पूर्व 3 मई 2016 को भाजपा नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य भागवत राउत की उनके घर के समीप महुआडंगाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आनन-फानन में उन्हें दुमका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल में दुर्गापुर रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।

मृतक के पुत्र रविकांत राउत के लिखित आवेदन पर दुमका नगर थाना में कांड संख्या 106/2016 दर्ज किया गया था तथा भादवि की धारा 302,120(बी) ,34 और 27 आर्म्स एक्ट के सभी सात आरोपियों को नामजद आरोपी बनाया गया था। भाजपा नेता भागवत राउत की सरेआम हत्या के बाद शहर में दो दिनों तक जमकर बवाल हुआ था। इसमें जमानत नहीं मिलने की वजह से पप्पू राउत को जेल में ही रहना पड़ा। वहीं 6 अभियुक्त जमानत पर जेल से बाहर थे।

न्यायालय ने गुरूवार को सभी को भादवि की धारा 302, 34, 120 बी और आर्म्स एक्ट के 27 के तहत दोषी करार देते हुए। सभी छह दोष सिद्ध अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था।

जेल में बंद रेप के आरोपी ने की मंत्री की मसाज, AAP पर भडकी कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि दिल्ली भ्रष्टाचार के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार के जेल मंत्री जिस व्यक्ति से मसाज करा रहे हैं वह दुष्कर्म के आरोप में जेल की सजा काट रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता अल्का लाम्बा ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि सत्येन्द्र जैन आम आदमी पार्टी सरकार में जेल मंत्री हैं और तीन महीने से अधिक समय से जेल में हैं। उनके अपराध इतना संगीन हैं कि न्यायालय लगातार उनकी जमानत को खारिज कर रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार में यह वही मंत्री हैं जिनके लिए खुद केजरीवाल ने भारत रत्न मांगते हैं, तो कभी उनकी तुलना शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी का अपमान करते हुए, उनसे करते हैं। आज सीसीटीवी फुटेज से हुए खुलासे ने साफ कर दिया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री कल तक कह रहे थे कि जेल मंत्री मसाज नहीं ले रहे थे बल्कि फिजियोथैरेपी करा रहे थे लेकिन इन फुटेज से उनकी पोल खुल गई है। इन फुटेज से पता चलता है कि जैन जिस व्यक्ति से मसाज ले रहे थे वह और कोई नहीं बल्कि तिहाड़ जेल में बंद पोक्सो कानून के तहत बाल यौन शोषण यानी बच्चियों के साथ दुष्कर्म का दोषी एक अपराधी है।

लांबा ने कहा कि एक अन्य वीडियो फुटेज में आम आदमी पार्टी के विधायक और गुजरात के प्रभारी गुलाब सिंह यादव पार्टी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा बुरी तरह पिट रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का गुस्सा जायज है क्योंकि जो पार्टी राजनीति में बदलाव के लिए आई थी, धन-बल के इस्तेमाल के खिलाफ आई थी, परिवारवाद के खिलाफ आई थी, आज वही पार्टी, उसी के विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

पैसे लेकर टिकटें बेचने का खेल हो रहा है, एंटी करप्शन ब्रांच द्वारा पकड़े जा रहे हैं, सीबीआई द्वारा रिश्वत लेते हुए पकड़े जा रहे हैं और इन्हीं की पार्टी के कार्यकर्ता जब देख रहे हैं कि समझौते हो रहे हैं, टिकटे बेची जा रही हैं, खरीदी जा रही हैं, हर तरीके के खेल हो रहे हैं, परिवारवाद हो रहा है, तो स्वभाविक है आंदोलन से जुड़े इस कार्यकर्ता का गुस्सा पार्टी के भीतर अपने नेताओं पर इस तरीके से देखने को मिल रहा है।

सोनभद्र में मुस्लिम युवक ने नाम बदल कर हिन्दू युवती को प्रेम जाल में फंसाकर लूटी अस्मत

राजस्थान में सरकार ने धर्मांतरण को रोकने के लिए नहीं लिया कोई एक्शन : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर राज्य में धर्मांतरण को रोकने के लिए कोई कार्यवाही नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस कारण प्रदेश में धर्मांतरण की घटनाओं में एक साथ बढ़ोतरी हुई है।

पूनियां भरतपुर जिले में धर्मांतरण की घटना को लेकर आज यहां मीडिया से बातचीत यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में राजस्थान में धर्मांतरण की घटनाएं पहले होती रही हैं, लेकिन अभी यह लगता है कि बहुत सुनियोजित तरीके से हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का ऐसी घटनाओं के प्रति नजरिया अलग हो सकता है, लेकिन राजस्थान में धर्मांतरण की घटनाओं में एक साथ बढ़ोतरी हुई है और पिछले दिनों जयपुर में भी धर्मांतरण होना बड़ी चुनौतीपूर्ण बात है। उन्होंने कहा कि नीचे धरातल पर विग्रह पैदा करना, देवी देवताओं का अपमान करना, उनके प्रति अनुरक्ति पैदा करना, इस तरीके का उपक्रम लगता है कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह तभी होता है जो इस तरीके के तत्व हैं जो समाज के खिलाफ हैं, धर्म और आस्था के खिलाफ हैं, उनको यह अवसर तब मिलता है जब उन पर सख्ती नहीं होती है। उन्होंने कहा कि उस पर सरकार की तरफ से कोई प्राथमिकता नहीं होती है कि इस तरीके से मतांतरण की घटनाओं को प्रेरित करने वाले कोई एपिसोड होंगे, उनको सरकार, वहां की पुलिस, वहां का प्रशासन किस तरीके से रोकेंगे।

सतीश पूनियां ने कहा कि इसके प्रति राज्य सरकार ने कई वर्षों से ना कोई एक्शन लिया, ना कोई प्लान बनाया, यह चिंताजनक है कि इस तरीके की घटनाओं से समाज में निराशा पैदा होती है, मनोबल गिरता है और विग्रह भी पैदा होता है।

तिहाड़ जेल में सत्येन्द्र जैन बलात्कारी से कराते हैं मसाज : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैद जेल मंत्री सत्येंद्र जैन पर एक बलात्कार के आरोपी से मालिश कराने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि यदि आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल में जरा सी भी संवेदनशीलता बची है तो वह अपने मंत्रिमंडल से जैन को अविलंब बर्खास्त करके जनता से माफी मांगें।

भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आज भाजपा दिल्ली प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यदि केजरीवाल में थोड़ी भी संवेदनशीलता बची है तो पांच महीने से जेल में बंद सत्येन्द्र जैन को मंत्री पद से अविलम्ब बर्खास्त करें। मीडिया में जारी सत्येन्द्र जैन के मसाज वीडियो के तथ्यों के खुलासे के बाद अरिवंद केजरीवाल जनता से फ़ौरन माफी मांगें।

उन्होंने कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘तेरे हाथ पर खून का कोई कतरा तो नहीं, पर सब कहते हैं तूझसे बड़ा कातिल भी कोई नहीं।’ उन्होंने कहा कि सत्येन्द्र जैन की जेल में मसाज करने वाला कोई थेरेपिस्ट नहीं , बल्कि द रेपिस्ट है, जनता जिसको रेपिस्ट कह रही है, केजरीवाल उसे थेरेपिस्ट बता रहे हैं। जनता जब किसी को अधिकार देती है तो उससे जवाबदेही की भी अपेक्षा रखती है। केजरीवाल जी में यदि थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

भाटिया ने कहा कि भाजपा पीड़ित बच्ची को अपनी बच्ची समझती है, इस कारण चुपचाप नहीं बैठेगी। उन्होंने आप के नेता से कई सवाल पूछे। केजरीवाल पीड़ित बच्ची के साथ खड़े हैं या अभियुक्त के साथ, केजरीवाल भ्रष्टाचार के आरोपी और एक बच्ची से बलात्कार मामले के अभियुक्त को संरक्षण देने वाले मंत्री सत्येन्द्र जैन को बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे हैं, बच्ची के बलात्कारी को आखिर क्यों संरक्षण दिया जा रहा है तथा यदि केजरीवाल एक जनप्रतिनिधि और मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारियां नहीं निभा पा रहे हैं तो वह मुख्यमंत्री पद से अविलंब इस्तीफा क्यों नहीं दे देते।

प्रवक्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी वास्तव में आम लोगों की पार्टी नहीं, बल्कि अराजक अपराध पार्टी है। इनके बड़े राजनेता और मंत्री जेल में बंद हैं और भ्रष्टाचारी, अपराधियों एवं बच्ची के बलात्कारी को संरक्षण भी दे रहे हैं। पीड़ित बच्ची और उसके परिवार का दर्द शायद केजरीवाल अपना दर्द नहीं समझते हैं, वे नहीं चाहते हैं कि पीड़ित बच्ची को इंसाफ मिले।

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज रक्षक ही भक्षक बनकर बलात्कार जैसे जघन्य अपराध करने वाले अपराधी का सुरक्षा कवच बन गए हैं। तभी तो उस अपराधी को केजरीवाल के मंत्री जेल में अपने पास रखते हैं। दरअसल, यह प्रोटेक्शन मसाज है, अर्थात जेल में बंद मंत्री को जो मसाज देगा, केजरीवाल जी उसे संरक्षण देंगे। कुछ दिन पूर्व, जेल में बंद एक ठग और अभियुक्त की चिट्ठी सार्वजनिक होती है जिसमें लिखा होता है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इशारे पर मंत्री सत्येन्द्र जैन प्रोटेक्शन मनी मांगते हैं, जिसके बदले जेल में सुख-सुविधा और सुरक्षा देने का वादा करते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल होने के नाते जनता के प्रति अपने जवाबदेही और जिम्मेदारियां निभा रही है, ना कि राजनीति कर रही है। तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल के मंत्री सत्येन्द्र जैन का मसाज कराने को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा बीमार व्यक्ति का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए कहना बेहद घटिया राजनीति है।

सोनभद्र में मुस्लिम युवक ने नाम बदल कर हिन्दू युवती को प्रेम जाल में फंसाकर लूटी अस्मत

सोनभद्र में मुस्लिम युवक ने नाम बदल कर हिन्दू युवती को प्रेम जाल में फंसाकर लूटी अस्मत

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मुस्लिम युवक को छद्म नाम से एक हिंदू युवती को प्रेम जाल में फंसा कर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पीड़ित युवती के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि डाला छठ पूजा के दौरान सोनू अंसारी ने अपना नाम बदलकर पहले उसकी पुत्री से जान पहचान बनाई और उसके बाद शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने लगा। विरोध करने पर सोनू ने उसे शादी का झांसा दिया।

विवाह का दवाब बनाने पर सोनू ने अपना असली नाम युवती को बताया जिसके बाद परेशान युवती ने पूरी घटना परिजनों को बताई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू किया।

ओबरा थाना प्रभारी मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह आरोपी सोनू अंसारी (24) निवासी रेलवे कालोनी के पीछे थाना ओबरा को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। विधिक कार्यवाही के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया है।

लखीमपुर खीरी में कार पुलिया से गिरी, पांच की मौत

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले मे मंगलवार को एक कार के पुलिया के नीचे गिरने से तीन शिक्षकों समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिलाधिकारी महेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर से सवारी लेकर आ रही जाइलो कार भीरा-पलिया मार्ग पर अटरिया रेलवे क्रासिंग के पहले एक पुलिया पर पलट कर नीचे गिर गई। इस हादसे में राजकिशोर (54), विनय (40), उमेश गंगवार (36), हरनाम (31), यती उल्ला खां (64) की मृत्यु हो गई जबकि प्रशान्त, अनुराग, अजय राठी व अन्य दो घायल हो गए।

मृतकों में तीन शिक्षक भी बताए जा रहे हैं जबकि घायलों काे पलिया स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया गया है। डीएम व एसपी ने स्वास्थ्य केन्द्र पलिया पहुंचकर घायलों का हाल जाना तथा घटना की जानकारी ली।

मेघालय : हिंसक झड़प में असम के वन रक्षक समेत 5 की मौत

शिलांग। असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले की सीमा से सटे मेघालय के पश्चिमी जयंतिया हिल्स जिले के मुकरोह गांव में मंगलवार सुबह ग्रामीणों और असम पुलिस के बीच झड़प हुई जिसमें असम के वन रक्षक समेत 6 नागरिकों की मौत हो गई।

मेघालय के मुख्य सचिव डोनाल्ड फिलिप्स वाहलांग ने कहा कि तीन नागरिकों और असम के एक वन रक्षक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य नागरिक की मौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय रास्ते में हो गई।

असम पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि यह घटना देर रात लगभग दो से तीन बचे हुई जब असम वन रक्षकों ने लकड़ी के लट्ठों से लदे एक वाहन को रुकने का निर्देश दिया। अधिकारी के अनुसार वाहन चालक ने असम वन रक्षकों द्वारा गोली चलाने के बावजूद नहीं रूका और इस कारण उसके वाहन का टायर पंक्चर हो गया।

उन्होंने कहा कि वाहन चालक और खासी समुदाय के दो अन्य लोगों को वन अधिकारियों ने पकड़ लिया और असम पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में, असम पुलिसकर्मी और वन अधिकारी उस ट्रक को वापस लाने के लिए गए।

जब पुलिस और वन अधिकारी वहां सुबह लगभग 7 बजे पहुंचे तो वाहन के आसपास भारी भीड़ जमा दिखी तो वन और पुलिस अधिकारियों ने वाहन छोड़कर वापस आने का फैसला किया।

पनार के आदिवासी ग्रामीणों ने वन और पुलिस अधिकारियों को वापस नहीं लौटने दिया और हिंसक भीड़ ने उनपर डंडों से हमला कर दिया। पुलिस को बचाव में फायरिंग करनी पड़ी। असम पुलिस ने कहा कि तीन नागरिकों और एक वन रक्षक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने अपने आधिकारिक आवास पर गृह मंत्री, मुख्य सचिव और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ आपात बैठक की और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने कहा कि गृह मंत्री रिंबुई जमीनी स्थिति का आकलन करने लिए मुकरोह गांव गए हैं।

सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित

मेघालय सरकार ने मंगलवार को राज्य के पूर्वी हिस्से के सात जिलों में अगले 48 घंटों के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और सभी डेटा सेवाओं को निलंबित करने का आदेश जारी किया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सुबह एक हिंसक झड़प में पांच नागरिकों और एक असम के वन रक्षक के मारे जाने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है।

राज्य के गृहसचिव सिरिल वीडी डेंगदोह ने कहा कि मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के निलंबन का आदेश पुलिस मुख्यालय से मिली रिपोर्ट के बाद दिया गया था। रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम जयंतिया हिल्स के मुक्रोह गांव में अप्रिय घटना से सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है और राज्य के सात जिलों में सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है।

इस सात जिलों में सुबह 10:30 बजे से अगले 48 घंटों के लिए सभी मोबाइल सेवा प्रदाताओं की मोबाइल इंटरनेट सेवाएं और डेटा सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। इस फैसले से पश्चिम जयंतिया हिल्स, पूर्वी जयंतिया हिल्स, पूर्वी खासी हिल्स, री-भोई, पूर्वी पश्चिम खासी हिल्स, पश्चिम खासी हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स जिले में इंटरनेट बंद रहेगा।

त्रिपुरा : कान्वेंट स्कूल के छात्रावास में 7वीं कक्षा की छात्रा से 10 दिन तक रेप

अगरतला। उत्तरी त्रिपुरा में पुलिस ने छात्रावास में एक नाबालिग छात्रा से लगातार 10 दिनों तक कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में सोमवार को एक निजी कान्वेंट स्कूल के कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह घटना कंचनपुर के सेंट पीटर स्कूल में घटित हुई, जहां सातवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा के साथ स्कूल के गैर-शिक्षण कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किया। आरोपी की पहचान उदय राम रियांग के रूप में की गई है।

पुलिस के मुताबिक कथित तौर पर पीड़िता को छात्रावास के कर्मचारियों द्वारा उसके माता-पिता और परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की अनुमति नहीं दी गई थी। यहां तक कि उनसे फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा था। पुलिस ने बताया कि सोमवार को पीड़िता के माता-पिता उससे मिलने हॉस्टल आए तो उसने आपबीती सुनाई।

इसके तुरंत बाद पीड़िता के माता-पिता ने कंचनपुर थाने में उदय राम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376-(2)(1)506-04 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है पीड़िता ने 15 नवंबर को इस मामले की सूचना स्कूल प्रशासन को दी, लेकिन उन्होंने घटना को दबा दिया।